सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, June 8, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


बाराबंकी में अधीक्षक समेत चार जेल कर्मी निलंबित

Posted: 08 Jun 2022 10:04 PM PDT


लखनऊ  बाराबंकी जेल में हुए नींबू घोटाले में शासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। जेल अधीक्षक व एक डिप्टी जेलर समेत दो बंदीरक्षकों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में मंगलवार को कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बाराबंकी जेल पहुंचकर करीब ढाई घंटे तक जांच की थी। मंत्री का दौरा बेहद गोपनीय रहा था व यहां सभी अफसरों को बाहर करने के बाद मंत्री ने अपनी टीम के साथ जेल में सभी जगहों का हाल देखा। करीब ढाई घंटे रुकने के बाद वह चले गए थे। यहां बंदियों ने जेल कर्मियों पर उत्पीड़न व सही भोजन न देने का भी आरोप लगाया था।

जबकि अन्य कई कमियां सामने आई हैं।
तीन महीने में जेल के बंदियों को पिला दिया 36 क्विंटल नीबू' लाखों रुपये के नींबूू घोटाले की बात सामने आई थी। इसके बाद डीजी जेल आनंद कुमार ने पूरे मामले की जांच डीआईजी जेल प्रशासन संजीव त्रिपाठी से कराई थी। इस बीच पूरे मामले का संज्ञान शासन ने लिया था। इसके बाद यहां पर मंत्री मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे थे। बुधवार को जेल अधीक्षक हरिबक्श सिंह, डिप्टी जेलर आशुतोष मिश्रा व जेल वार्डर राजेश भारती व सुरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इनके निलंबन की पुष्टि डीजी जेल आनंद कुमार द्वारा की गई है। इससे पहले मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति अपने लाव लश्कर के साथ अचानक बाराबंकी जिला जेल पहुंच गए थे। जेल में मंत्री को देख कर्मचारियों व अफसरों में हड़कंप मच गया। जेल पहुंचने पर गेट खुलने के बाद मंत्री सीधे अंदर चले गए। इस दौरान जेल के सभी अफसरों व कर्मचारियों को हिदायत दी गई कि वह अंदर न आएं और बाहर ही कार्यालय में बैठकर मंत्री का इंतजार करें।इसके बाद करीब ढाई घंटे तक मंत्री ने जेल में समस्त बैरक, भोजनालय, कैंटीन, अस्पताल आदि का हाल देखा। महिला बैरक में जाकर महिला बंदियों से भी मंत्री ने बात की। मंत्री ने जेल के विभिन्न बैरकों में रहने वाले कई बंदी व कैदियों को अलग-अलग बुलाकर बात की थी और उनकी समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया था। करीब ढाई घंटे के बाद मंत्री सीधे जेल से बाहर निकले व अपने वाहन पर सवार होकर लखनऊ की ओर चले गए थे। इस दौरान उन्होंने किसी भी अधिकारी और कर्मचारी से न कोई बात की और न यह बताया कि यहां क्या कमी मिली है और क्या कार्रवाई उनके स्तर से की जा रही है।

प्रधान बनने के लिए बदली जाति, खुलासा होने पर डीएम ने पद से हटाया

Posted: 08 Jun 2022 10:02 PM PDT


लखनऊ मैनपुरी जिले के विकास खंड किशनी की ग्राम पंचायत अरसारा के ग्राम प्रधान को जिला मजिस्ट्रेट ने पदच्युत कर दिया है। यह कार्रवाई प्रधान द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र से चुनाव लड़ने के मामले में की गई है। ऐसे में एक बार फिर ग्राम पंचायत अरसारा में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। चुनाव आयोग को भी इसकी सूचना भेजी गई है।
बीते वर्ष संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत अरसारा से राजेश बाबू को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट पर प्रधान चुना गया था। बाद में उनका जाति प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायत की गई थी। शिकायत पर जिला स्क्रूटनी कमेटी की सुनवाई के बाद तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह ने संबंधित अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया था। इसके बाद ग्राम प्रधान ने राज्य स्क्रूटिनी कमेटी में अपील की थी। लेकिन यहां भी कमेटी ने जिला स्तरीय कमेटी के निर्णय को बरकरार रखा। इसी के चलते उप जिलाधिकारी किशनी ने ग्राम पंचायत अरसारा में सत्र शून्य करने की संस्तुति भेजी थी। इसी संस्तुति के आधार पर मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कृष्ण सिंह ने ग्राम प्रधान अरसारा राजेश बाबू को पदच्युत  कर दिया। जिला मजिस्ट्रेट ने पंचायती राज अधिनियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ये आदेश जारी किया है। इसके बाद अब ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान का पद रिक्त हो गया है। यहां अब ग्राम प्रधान के लिए दोबारा चुनाव कराया जाएगा। इस संबंध में पंचायत राज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को भी सूचना भेज दी है। आयोग के निर्णय के अनुसार ही ग्राम पंचायत में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। अरसारा में ग्राम प्रधान के पदच्युत होने के चलते यहां प्रधान का पद रिक्त हो गया है। ऐसे में विकास कार्यों का संचालन भी प्रभावित हो गया है। इससे बचने के लिए चुनाव तक एक ग्राम पंचायत सदस्य को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा ग्राम प्रधान के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नामित किया जाएगा। सदस्य का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में सभी सदस्य मिलकर करेंगे। 

जल्द मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने कहा 15 जून से आएगा मानसून

Posted: 08 Jun 2022 10:00 PM PDT


 नई दिल्ली  देश के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल है ऊपर से गर्म हवा लोगों को काफी परेशान कर रही है। लेकिन अब इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून से मध्य और उत्तर भारत में मानसून आने के आसार हैं और बारिश शुरू होते ही इस गर्मी से राहत मिलेगी।आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा, भविष्यवाणी के मुताबिक 15 जून से बारिश शुरू हो सकती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बारिश होने से धान, मक्का, कपास, सोयाबीन, गन्ना और मूंगफली की फसल बोने में आसानी होगी। भारत में ज्यादातर कृषि मानसून के हिसाब से होती है। पूरे साल की 70 फीसदी बारिश मानसून सीजन में ही होती है। मौसम विभाग के मुताबिक असम, सिक्किम, दक्षिणी पश्चिमी बंगाल, तमिलनाडु, मेघालय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। वहीं इस बार भी उत्तर भारत के क्षेत्रों में अच्छी बारिश के आसार हैं।  बता दें कि इस समय उत्तर भारत भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों को बारिश का इंतजार है। मानसून से पहले की बारिश की कमी के चलते फसलों पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है।मुंबई में गुरुवार को हल्की भारी बारिश हुई, वहीं अब यहां तापमान में गिरावट की संभावना है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि शहर में सुबह-सुबह भारी बारिश हुई। बारिश के कारण कुछ इलाकों में यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभागने भविष्यवाणी की थी कि 9 जून से शुरू होने वाले अगले चार दिनों में महाराष्ट्र में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।

Post Bottom Ad

Pages