UTTRAKHANDKAADITYA - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Friday, August 28, 2020

UTTRAKHANDKAADITYA

UTTRAKHANDKAADITYA


एम्स निदेशक की भविष्यवाणी, दिसम्बर 2021 तक रह सकता है कोरोना

Posted: 28 Aug 2020 04:59 PM PDT

एम्स निदेशक प्रोफेसर रविकांत

जितेंद्र सिंह सजवाण
ऋषिकेश।
कोरोना का प्रभाव आने वाले साल दिसंबर 2021 तक रह सकता है। लिहाजा इस महामारी के संग हमको रहने की आदत डालनी होगी। दरअसल यह  भविष्यवाणी किसी ओर ने नहीं बल्कि एम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने की है। शुक्रवार को दुनियाभर के 250 विशेषज्ञों के सामने वेबीनार को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
एक ओेर दुनिया में अलग-अलग देश कोविड19 की वैक्सीन बनाने का दावा कर रहे हैं। वहीं एम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रोफेसर रविकांत का अजीबोगरीब बयान सामने आया है। जबकि इसके उलट अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य तौर पर कोविड19 के संबंध में अपनी प्रतिक्रियाएं  दी हैं। वेबीनार को संबोधित करते हुए एम्स ऋषिकेश के निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने कहा कि कोविड19 दिसंबर 2021 तक रह सकता है। शुक्रवार को दुनियाभर के 250 विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को चाहिए कि वह मनोरंजन से जुड़े उपकरणों व सकारात्क वीडियो संदेश आदि माध्यमों से स्वयं को जोड़कर अपनी दिनचर्या को व्यस्त रखें। कहा कि कोविड काल में हमें शारीरिक के संग मानसिक तौर पर भी स्वस्थ रहना होगा। इसके अलावा यूके की नेशनल हेल्थ सर्विस से जुड़ी मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ एमएन चावला ने कोविड काल में नियमित तौर पर ध्यान व व्यायाम को अपनाने की सलाह दी। निदेशक यूसर्क डॉ दुर्गेश पंत ने बताया कि माता-पिता भावनात्मक तौर पर बच्चों को समझें। आउटरीच सेल के नोडल अधिकारी डॉ संतोष कुमार ने सुझाव दिया कि महिलाओं को एकाकीपन दूर करने के लिए पारिवारिक सदस्यों को शामिल करना चाहिए। इससे वह तनाव कम कर सकते हैं।

खस्ताहाल सड़कों के विरोध में उतरी एनएसयूआई और युवा कांग्रेस -काली पट्टी बांध किया प्रदर्शन, मरम्मत न होने पर आंदोलन के लिए चेताया

Posted: 28 Aug 2020 07:24 AM PDT

विस्थापित मार्ग में क्षतिग्रस्त सड़क में हुए जलभराव के ऊपर खड़े होकर प्रदर्शन करते कांग्रेसी

ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में खस्ताहाल मार्गों के विरोध में एनएसयूआई व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं। शुक्रवार को वीरभद्र के समीप विस्थापित मार्ग में क्षतिग्रस्त सड़क और उसमें हुए जलभराव के ऊपर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़कों की शीघ्र मरम्मत न होने पर कार्यकर्ताओं ने उग्र आंदोलन के लिए चेताया है।
शुक्रवार को विस्थापित मार्ग में जलभराव वाली जगह पर प्रदर्शन करते हुए पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ऋषिकेश क्षेत्र की सड़कें बदहाल हालत में हैं। जिस कारण यहां कई बार गम्भीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ऋषिकेश में सांसद, विधायक व मेयर सभी भाजपा के हैं। साथ ही प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद ऋषिकेश क्षेत्र की स्थिति दयनीय बनी हुई है। देश का युवा बेरोज़गार है। कहा कि प्रदेश सरकार व स्थानीय विधायक से मांग है कि ऋषिकेश की कई सड़कें पानी से लबालब हैं। इस कारण यहां चलने की स्थिति नहीं है, तो क्यों ना मछली पालन करवाकर रोज़गार ही दें। कहा कि सरकार शीघ्र कोई समाधान निकालकर सड़कों की मरम्मत कराए। अन्यथा मजबूर होकर उग्र आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक जाटव, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव गौरव सिंह राणा, दीपक भारद्वाज, विनोद सकलानी, अभिजीत रावत, यश अरोड़ा, रोहित सोनी, हिमांशु जाटव, गौरव झा, देव बोहरा, अमन शर्मा, ऋषभ जैन, नीरज चौहान, परितोष, मधुर शर्मा, जयराम सेमवाल, लकी सिंह, सुरेंद्र रावत, कमल सिंह, अंकित कुमार, सौरभ राणा आदि उपस्थित थे।

लसेर में हो पटवारी की स्थाई नियुक्ति

Posted: 28 Aug 2020 06:29 AM PDT

पट्टी क्वीली के राजस्व उपनिरीक्षक को ज्ञापन सौंपते ग्राम भुटली के प्रधान

नरेंद्रनगर/ऋषिकेश
नरेंद्र नगर विधानसभा में ग्राम भुटली के प्रधान आशीष रणाकोटी ने पटवारी चौकी लसेर में राजस्व उप निरीक्षक को स्थाई रूप से तैनात करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने राजस्व उपनिरीक्षक क्वीली को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार गजा से कार्रवाई करने की सिफारिश भी की है।
बृहस्पतिवार को राजस्व उपनिरीक्षक क्वीली कुशलानंद उनियाल को सौंपे गए ज्ञापन में आशीष राणा कोटी ने बताया कि साल भर से अधिक समय बीतने के बावजूद पालकोट पट्टी की पटवारी चौकी लसेर में राजस्व उपनिरीक्षक की स्थाई तैनाती नहीं हो पाई है। जिस कारण ग्रामीणों को अपने छोटे बड़े कार्य करवाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बताया कि तहसील गजा में लगातार इंटरनेट की असुविधा बनी हुई है। इस कारण जनता को किसी भी ऑनलाइन आवेदन को करने में परेशानी हो रही है। साथ ही पट्टी पालकोट के भुटली, लसेर, नैल, रणाकोट, भदनी, निगर आदि गांवों से गजा तहसील जाने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसमें गरीब जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। कहा की जल्द ही पटवारी चौकी लसेर में राजस्व उपनिरीक्षक की तैनाती कर खाता खतौनी एवं अन्य आवेदनो  की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चालू किया जाए। अन्यथा मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

स्मैक के नशे ने तीन युवकों को बनाया मोबाइल लुटेरा -लूटे मोबाइलों को सस्ते दामों में बेचकर खरीदते थे स्मैक, पुलिस ने पकड़ा

Posted: 28 Aug 2020 04:33 AM PDT

पकड़े गए मोबाइल लुटेरे।

ऋषिकेश।
नशे की लत को पूरा करने के लिए चंद्रेश्वर नगर और शीशम झाड़ी के तीन युवक मोबाइल लुटेरे बन गए। लूटे गए मोबाइलों को सस्ते दामों में बेच कर यह लोग स्मैक खरीदते थे। बृहस्पतिवार शाम को पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार किया। साथ ही इनके कब्जे से पांच मोबाइल भी बरामद किए।
बृहस्पतिवार को चंद्रमोहन सिंह पोखरियाल निवासी मित्र विहार, ढालवाला ने पुलिस को एक तहरीर दी। इसमें उसने बताया कि बीती बुधवार रात करीब सवा आठ बजे वे अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी बीच   उनके पीछे से दो बाइक सवार युवक आए और झपटा मारकर उनका फोन छीना। जिसमें वह कामयाब भी हुए। तीनों बाइक की रफ्तार तेज कर वहां से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मोबाइल लूट में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसमें उन्होंने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी टीवी कैमरों की फुटेज चेक की। इसके बाद बृहस्पतिवार रात को मनसा देवी फाटक पास चेकिंग के दौरान पुलिस की टीम ने बाइक में सवार तीन युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। इन मोबाइल के बारे पूछने पर उन्होंने बीते दिनों की गई लूट की घटना के बारे में बताया। साथ ही अपना जुर्म भी कबूला। बताया कि हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान हिमांशु पुत्र वीरेंद्र शर्मा, अनुराग पुत्र गिरीश निवासी धोबीघाट, चंद्रेश्वर नगर और जितेंद्र पुत्र कन्हैया लाल निवासी शीशम झाड़ी के रूप में हुई है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया की तीनों युवक स्मैक के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने लिहाज से तीनों गिरोह बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।

महापौर के हस्तक्षेप के बाद शिवाजी नगर घर बचाओ धरना समाप्त

Posted: 28 Aug 2020 03:58 AM PDT



योजनाओं के चलते किसी के आशियाने को नही देंगे उजड़ने- महापौर


ऋषिकेश 28 अगस्त। शिवाजी नगर घर बचाओ संघर्ष समिति के बेनर तले चल रहा धरना महापौर अनिता ममगाई के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को समाप्त हो गया। धरने पर बेठी मात्रृ शक्ति एवं तमाम आंदोलनकारियों ने धरने को समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए महापौर का आभार जताया। साथ ही विश्वास जताया कि विकास की राह में उन्हें अब अपने आशियानों से वंचित नही होना पड़ेगा।
शुक्रवार की महापौर अनिता ममगाई ने शिवाजी नगर घर बचाओं संघर्ष समिति के बेनर तले आंदोलनरत लोगों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि नमामि गंगे योजना के नाले टेपिंग योजना को क्षेत्रवासियों के लिए विनाश की योजना किसी सूरतेहाल मे नही बनने दिया जायेगा। तिनका तिनका जोड़कर गरीबों ने अपने घर बसाये हैं। उन गरीबों के घर योजनाओं की भेंट न चढ़े, इसके लिए उन्होंने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के अधिकारियों से बात की है। उन्हें स्पष्ट आदेशित किया गया है कि उक्त योजना को मूर्त रूप देने के लिए एडवांस से एडवांस तकनीक का इस्तेमाल किया जाये, ताकि नुकसान कम से कम हो। जिसकी जद में आने वाले लोग इसे बर्दाश्त कर संके।महापौर की तमाम बातें गौर से सुनने और उनके आश्वासन पर आंदोलनकारी धरने को समाप्त करने को तैयार हो गये। मौके पर पार्षद जयेश राणा, पार्षद विजेंद्र मोघा, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद लव कांबोज, पार्षद गुरविंदर सिंह, सुभाष वाल्मीकि, सुरेंद्र, सुमन मंडल आदि मौजूद रहे।

कोतवाली पुलिस ने तेज रफ्तार बाइक से फोन झपटने वाले तीन शातिर दबोचे, 5 मोबाइल बरामद, बाइक सीज

Posted: 28 Aug 2020 03:46 AM PDT


ऋषिकेश 28 अगस्त। कोतवाली पुलिस ने तेजी से बाइक चलाकर मोबाइल छीनने वाले तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में उपयुक्त मोटरसाइकिल को वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते गुरुवार को मित्र विहार, ढालवाला निवासी चंद्रमोहन सिंह पोखरियाल ने तहरीर दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को रात्रि लगभग 08:13 बजे मैं फोन पर बात करते हुए कमरे पर जा रहा था। इतने में यात्रा बस अड्डा कंपाउंड से मेरे पीछे दो बाइक सवार युवक आए और मेरा फोन छीन कर रफूचक्कर हो गए। जिनके पास हीरो की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थी। जिस पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 392 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का विश्लेषण कर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जिसके आधार पर गुरुवार रात्रि को ही मनसा देवी फाटक व खांड गांव के बीच चैकिंग के दौरान
एक मोटरसाइकिल में सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोका गया। सख्ती से चेकिंग करने पर इनके पास से बरामद पांच मोबाइलों के विषय में पूछताछ की गई। जिस पर इन्होंने बताया कि उक्त मोबाइल हमने ऋषिकेश के काले की ढाल, श्यामपुर, थाना रायवाला क्षेत्र में भूपतवाला आदि जगहों पर पैदल चलते हुए व्यक्तियों से छीने हैं। कोतवाली में पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि इनमें से एक मोबाइल छीनने पर कोतवाली ऋषिकेश से मुकदमा भी पंजीकृत हुआ है। जिस पर इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान हिमांशु पुत्र वीरेंद्र शर्मा निवासी धोबी घाट, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, अनुराग पुत्र गिरीश राजपूत निवासी धोबी घाट, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश व जितेंद्र पुत्र कन्हैया लाल निवासी शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती के रूप में की गई है। इसके अलावा चोरी के दौरान उपयुक्त की गई मोटरसाइकिल संख्या UK14-F-7985 को सीज किया गया है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को समय से न्यायालय में पेश किया जाएगा। बरामद मोटरसाइकिल को वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है। बताया कि हिमांशु पूर्व में आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है।


पूछताछ विवरण:
पूछताछ करने पर तीनों युवकों ने बताया कि हम स्मैक के नशे के आदी हैं। जिसके लिए रोज काफी पैसे की आवश्यकता पड़ती है। इसलिए हम लोग मौका देख योजना बनाकर अपनी मोटरसाइकिल का प्रयोग कर, ऐसे व्यक्ति जिनके हाथ में मोबाइल पकड़ा हो झपट्टा मारकर / छीन कर भागं जाते हैं। और सस्ते दाम में बेच कर प्रतिदिन अपने नशे की जरूरत को पूरा करते हैं।

कोविड-19 से बचाव को एसडीआरएफ ने किया लोगों को जागरूक

Posted: 28 Aug 2020 02:37 AM PDT



ऋषिकेश 28 अगस्त। एसडीआरएफ की टीम ने ढालवाला क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री वर्कर्स, स्थानीय व्यक्तियों एवं दुकानदारों को कोविड-19 के संबंध में जागरूक किया। साथ ही सभी लोगों को कोरोना वारियर्स एप भी डाऊनलोड करवाया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ टीम ने बताया कि प्रॉपर मास्क लगाएं व सामाजिक दूरी को अवश्य ध्यान में रखें। किसी भी वस्तु को छूने के बाद हाथों को सेनीटाइज करें या साबुन से अच्छे से धुले। अपने हाथों से कार्य के दौरान मुँह को बिल्कुल न छुएं। किसी भी स्थान पर न छींके और न ही थूकें। घरों में जाकर कमरे में अपने जूते-चप्पल न ले जाएं। कपड़ों को वाश करें या धूप में सुखाएं। अपने मोबाइल, पर्स, गाड़ी की चाबी को सेनेटाइजर करें। ठंडी चीज खाने से बचें, योगा करते रहें, इम्युनिटी बढ़ाये, घरों में बुजुर्ग व बच्चों का विशेष ध्यान दें।
फैक्ट्री संचालको को भी बताया कि किसी भी वर्कर्स में सिम्टम्स मिलते है तो तुरंत ही टेस्ट करवाएं। शासन प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें। इस दौरान हाथों को धुलने के तरीके भी बताए गए। एसडीआरएफ  टीम में उप निरीक्षक कवीन्द्र सजवाण, उप निरीक्षक प्रमोद रावत, मातबर सिंह, आशीष रावत, मनीष उनियाल, यशबत सिंह शामिल थे।

पदोन्नति में ढांचागत सुविधाएं दिए जाने को प्रयोगशाला सहायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से लगाई गुहार

Posted: 28 Aug 2020 12:17 AM PDT



ऋषिकेश 28 अगस्त। पदोन्नति में ढांचागत सुविधाओं के अनुसार  लाभ दिये जाने की माँग को लेकर शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत प्रयोगशाला सहायक के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से भेंटकर एक ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि शैक्षिक योग्यता के आधार पर लैब सहायकों  के प्रमोशन किए जाएं। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि प्रयोगशाला सहायकों का कार्यभार तो बढ़ता जा रहा है, लेकिन कार्य दायित्व के अनुसार पदोन्नति ढांचा नहीं बनाए जाने से प्रयोगशाला सहायक अति अल्प वेतन पाकर पूरे सेवाकाल में शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रुप से शोषित होकर इसी पद से ही सेवानिवृत्त होने को मजबूर है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से इस संबंध में यथोचित कार्यवाही करने का आग्रह किया।जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में  प्रयोगशाला सहायकों की समस्या के समाधान के लिए उच्च शिक्षा मंत्री से चर्चा वार्ता करेंगे और निश्चित रूप से समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में कार्य करने वाले  प्रयोगशाला सहायकों के साथ अन्याय नहीं होगा, बल्कि उनकी जायज मांगों पर विचार किया जाएगा। मौके पर काशीनाथ घोष, महिपाल सिंह, गणेश कंसवाल, दीपक शाह, हर्ष देव, यशोदा देवी, रूप सिंह, राहुल कुमार आदि उपस्थित रहे।

Post Bottom Ad

Pages