Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, November 17, 2021

Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh)

Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh)


MP NEWS- बालाघाट कलेक्टर ने 7 शिक्षकों को सस्पेंड किया

Posted: 17 Nov 2021 01:01 PM PST

बालाघाट
। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है, जो नियमित रूप से दी हुई शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण कर रही है। इस टीम के द्वारा निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के विरुद्ध कलेक्टर द्वारा निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 16 नवंबर को 7 शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है। 

जिला प्रशासन की टीम द्वारा 22 अक्टूबर, 10 नवंबर एवं 13 नवंबर किए गए निरीक्षण के दौरान 07 शिक्षक बिना किसी सूचना के अपने शाला से अनुपस्थित पाए गए थे। जिस पर इन शिक्षकों को कलेक्टर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्वनी उपाध्याय ने बताया कि 22 अक्टूबर को प्रशासन की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में शासकीय प्राथमिक शाला खामी के प्राथमिक शिक्षक आशीष कुमार सर्राटे अनुपस्थित पाए गए थे। 

इसी प्रकार 10 नवंबर के निरीक्षण में प्राथमिक शाला हिरमूटोला के प्राथमिक शिक्षक तुलसीराम कोकोटे, 13 नवंबर के निरीक्षण में माध्यमिक शाला नेवरगांव-ला. के सहायक शिक्षक देवी प्रसाद हलकारे, शिक्षक कृष्ण दयाल बिसेन, माध्यमिक शाला पंचेरा के माध्यमिक शिक्षक क्षितिज चौहान, माध्यमिक शाला मगरदर्रा के प्राथमिक शिक्षक सुखचंद चौहान एवं प्राथमिक शाला सुरिया के प्राथमिक शिक्षक जितेंद्र कुमार पटले बिना किसी सूचना के अपनी शाला से अनुपस्थित पाए गए थे। जिस पर इन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन की टीम को पहले से पता नहीं होता है कि उसे कौन से क्षेत्र की किस शाला का निरीक्षण करना है। टीम के सदस्यों को निरीक्षण पर जाने से कुछ समय पहले बताया जाता है कि उन्हें किस शाला के निरीक्षण पर जाना है। यह टीम निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों की सूची कलेक्टर डा. मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत करती है। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

MP TET VARG-3 Topic- विकास के प्रकार, Types Of Development

Posted: 17 Nov 2021 12:53 PM PST

जैसा कि हमने अपने पिछले टॉपिक- बाल विकास की अवधारणा (concept of child development) में जाना की विकास एक सतत प्रक्रिया है। विकास का अर्थ होता है, सर्वांगीण विकास। जो कि शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, संवेगात्मक, भाषाई, चारित्रिक, नैतिक हर प्रकार का होता है। 

शारीरिक विकास या वृद्धि क्या है - what is physical development

इन सभी प्रकारों में से शारीरिक विकास को हम वृद्धि (Growth) कह सकते हैं और कुछ हद तक मानसिक विकास भी वृद्धि का ही भाग होता है, परंतु शारीरिक विकास एक निश्चित उम्र तक ही होता है। मानसिक विकास, शारीरिक विकास के साथ तो होता ही है, परंतु यह और भी आगे चलता रहता है।

मनोशारीरिक विकास क्या है- what is psycho physical development

शारीरिक विकास के अलावा बाकी के सभी विकास के प्रकार जैसे मानसिक, सामाजिक, संवेगात्मक, भाषाई, चारित्रिक, नैतिक यह सभी मिलाकर मनो शारीरिक यानी साइकोफिजिकल विकास (psycho physical development) कहलाते हैं। जिनका की विकास निरंतर चलता रहता है कभी रुकता नहीं है। 

तो कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि एक सामान्य बालक या बालिका वृद्धि, परिपक्वता, अधिगम और विकास के बाद ही अपने जीवन में आगे बढ़ सकता है।

संबंधित व्याख्यान
MP TET VARG-3 TOPIC- वस्तुनिष्ठ प्रश्न अधिगम 1-2, Multiple Choice Questions ( MCQ)
MP TET VERG-3 TOPIC- अधिगम part-2
MP TET VERG 3- TOPIC अधिगम Learning
MP TET VARG-3 Topic - बाल विकास की अवधारणा, Concept of Child Development
अस्वीकरण: सभी व्याख्यान उम्मीदवारों को सुविधा के लिए सरल शब्दों में सहायता के लिए प्रस्तुत किए गए हैं। किसी भी प्रकार का दावा नहीं करते एवं अनुशंसा करते हैं कि आधिकारिक अध्ययन सामग्री से मिलान अवश्य करें।

सिवनी में पटवारी और दमोह में उच्च माध्यमिक शिक्षक सस्पेंड - MP employees news

Posted: 17 Nov 2021 12:43 PM PST

भोपाल
। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समाधान में लापरवाही के कारण पटवारी को और दमोह में वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना के कारण उच्च माध्यमिक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया गया।

सिवनी में CM HELPLINE के कारण पटवारी रूपेश परतेती सस्पेंड

सिवनी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लखनादौन श्री सिद्धार्थ जैन द्वारा खरीफ गिरदावरी कार्य में लापरवाही बरतने, समय-सीमा में कृषक का खसरा अपडेट न करने तथा सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर तहसील छपारा के पटवारी हल्का नंबर 35/36 के पटवारी श्री रूपेश परतेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 

दमोह में उच्च माध्यमिक शिक्षक श्यामचरण खिरा निलंबित

सागर। सागर संभाग कमिश्नर श्री मुकेश कुमार शुक्ला ने दमोह जिले के विकासखण्ड हटा के हिनौताकलां की शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री श्यामचरण खिरा को शासकीय कर्तव्य निर्वहन में स्वेच्छाचारिता, लापरवाही व उदासीनता बरतने के आरोप पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कमिश्नर श्री शुक्ला ने उक्त कार्यवाही मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम के तहत की है। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

सिवनी में BAC एवं जन शिक्षक नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित- MP govt employees news

Posted: 17 Nov 2021 12:20 PM PST

सिवनी
। जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र सिवनी द्वारा जानकारी दी गई कि सर्वशिक्षा अभियान जिला शिक्षा केन्द्र के अंतर्गत प्रतिनियुक्ति पर विकासखण्ड अकादमिक समन्वयक के 14 एवं जनशिक्षक के 77 रिक्त पद हेतु उच्च श्रेणी शिक्षक / माध्यमिक शिक्षक / अध्यापक संवर्ग से जिला स्तरीय चयन समिति के माध्यम से प्रतिनियुक्ति पर पूर्ण की जाना है जिसके लिए आयु सीमा 52 वर्ष से अधिक न हो। 

अतः इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन संबंधित संकुल प्राचार्य की अनुशंसा सहित कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र में 29 नवम्बर 2021 तक जमा कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी जिला शिक्षा केन्द्र एवं जनपद शिक्षा केन्द्र कार्यालय के सूचना पटल पर तथा एजूकेशन पोर्टल पर देखा जा सकता है।

शिक्षक ने पट्टा प्राप्त कर कॉम्प्लेक्स तान दिया, राजसात

अनुविभागीय अधिकारी लखनादौन द्वारा ग्राम धूमा की खसरा नंबर 507/3 रकबा 0.02 हेक्टेयर भूमि पर ओमकार सिंह पिता गंभीर सिंह यादव शासकीय कर्मचारी शिक्षक निवासी थांवरी द्वारा अवैध रूप से पट्टा प्राप्त कर व्यवसायिक प्रयोजन से उक्त भूमि उपयोग किए जाने के कारण पट्टा निरस्त कर 54 x 40 (2160 वर्ग फुट) में निर्मित पक्के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स को शासन ने अपने आधिपत्य में लेकर शासकीय संरक्षित स्थल घोषित किया गया। 

नायब तहसीलदार धूमा, पुलिस बल, राजस्व विभाग, राजस्व निरीक्षक धूमा, हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव की संयुक्त कार्यवाही के माध्यम से उक्त स्थल को सील कर ग्राम पंचायत धूमा को सौंपा गया। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

Small business ideas- फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाइए, 10 लाख की सब्सिडी

Posted: 17 Nov 2021 12:12 PM PST

यदि आप मध्यप्रदेश में अपना न्यू स्मॉल स्केल बिजनेस शुरू करने के लिए प्लान कर रहे हैं तो यह अवसर आपके लिए अच्छा हो सकता है। आप अपने जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू कर सकते हैं। सरकार की तरफ से इसके लिए बैंक लोन दिलाने में मदद की जा रही है और 1000000 रुपए तक की सब्सिडी भी दी जा रही है।

भारत सरकार की सुक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के विकास के लिये PMFME (प्रधानमंत्री सुक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना) स्कीम के अंतर्गत अपने सुक्ष्म खाद्य उद्यमों को बढ़ाने के लिये 35 प्रतिशत की सब्सिडी (अधिकतम 10 लाख रुपये) के साथ बैंक ऋण पाने के लिये सरकार के पोर्टल www.pmfme.mofpi.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।

मध्यप्रदेश में एक जिला एक उत्पाद अभियान के तहत जिले के लिए निर्धारित किए गए उत्पादों से संबंधित उद्यम के लिए सरकारी योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की जा रही है। जिन जिलों के उत्पाद खाद्य से संबंधित हैं वहां प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री सुक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना का लाभ लेने के लिए कृपया अपने जिले के सहायक संचालक उद्यान से संपर्क करें।

फूड प्रोसेसिंग यूनिट क्या है, स्कोप कितना है 

फूड प्रोसेसिंग का मतलब है कच्चे माल को प्रोसेस करके खाने योग्य बना देना। खेत से आलू निकालकर उसके चिप्स बनाना। आलू के उत्पादन को खेती कहते हैं और आलू के चिप्स बनाने की प्रक्रिया को फूड प्रोसेसिंग। भारत में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री का मार्केट शेयर 32% है। यदि किसान या उसके परिवार का कोई सदस्य फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाता है तो मुनाफा डबल हो जाएगा। डॉक्यूमेंटेशन की प्रक्रिया बिल्कुल वैसी ही है जैसी किसी फर्म अथवा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की होती है।

फूड प्रोसेसिंग यूनिट के कुछ उदाहरण

आलू के चिप्स की यूनिट। 
टोमाटो सॉस की यूनिट। 
सरसों के तेल की मिल। 
सोयाबीन बड़ी बनाने की यूनिट। 
गेहूं से आटा बनाने की फ्लोर मिल। 
अचार और पापड़ बनाने की यूनिट। 
इस तरह की 500 से ज्यादा यूनिट फूड प्रोसेसिंग के अंतर्गत आती है।
कैरियर से संबंधित खबरों एवं जानकारियों के लिए कृपया MP career news पर क्लिक करें.

govt employees news- शिक्षक को ट्रांसफर के 2 साल बाद रिलीव किया, HC द्वारा आदेश निरस्त

Posted: 17 Nov 2021 11:45 AM PST

जबलपुर
। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने उस आदेश को निरस्त कर दिया है जिसके अंतर्गत एक शिक्षक को ट्रांसफर आर्डर जारी होने के 2 साल बाद रिलीव किया गया था। हाईकोर्ट ने 2 साल पहले जारी हुए ट्रांसफर ऑर्डर को भी निरस्त कर दिया है। 

श्री गणेश काकड़े, प्राथमिक शिक्षक का प्रशासनिक ट्रांसफर दिनाँक 9 दिसंबर 2019 को मराठी प्राथमिक शाला श्रमिक बस्ती, लाल बाग, जिला बुराहनपुर से UEGS बिल्लोरी धाना किया गया था परंतु, श्री काकड़े को ट्रांसफर के बाद कार्यमुक्ति नही दी गई थी। अचानक दिनाँक 27 सितंबर 2021 को उन्हें ट्रांसफर आदेश दिनाँक 9 दिसंबर 19 के पालन में 2 वर्ष बाद बिल्लोरी धाना के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया था।

श्री काकड़े द्वारा ट्रांसफर आदेश 09/12/19 एवम कार्यमुक्ति आदेश 27/09/2021 को उच्च न्यायालय जबलपुर के समक्ष चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता शिक्षक श्री गणेश काकड़े की ओर से उच्च न्यायालय जबलपुर में पैरवी करने वाले अधिवक्ता श्री अमित चतुर्वेदी ने बताया है कि कोर्ट का ध्यान बहस के दौरान, इस ओर आकर्षित किया था कि चूंकि श्री काकड़े का प्रशासनिक ट्रांसफर दो वर्ष पूर्व किया गया था। वर्तमान में उस आदेश की वैधता समाप्त हो चुकी है एवं उसके पालन हेतु किसी प्रकार की प्रशासनिक आवश्यकता शेष नही रह गई है। कार्यमुक्ति आदेश दिनांक 27/09/2021 मस्तिष्क के बिना प्रयोग के किया गया है जो कि विधि विरुद्ध है।

हाई कोर्ट जबलपुर ने ट्रांसफर आदेश दिनाँक 09/12/2019 एवं रिलीविंग आदेश दिनाँक 27/09/2021 को निरस्त कर दिया है। अतः श्री गणेश काकड़े, प्राथमिक शिक्षक, मराठी प्राथमिक शाला, श्रमिक बस्ती लाल बाग में कार्यरत रहेंगे। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

इंसान के पेट के अंदर का तापमान कितना होता है, खिड़की वाले पेट की कहानी पढ़िए- सरल Science

Posted: 17 Nov 2021 11:36 AM PST

क्या आप जानते हैं कि मनुष्य के शरीर में भोजन का पाचन कैसे होता है, इसके बारे में पहली बार खोज कब और कैसे हुई। एक स्वस्थ मनुष्य के शरीर का तापमान कितना होता है, यह तो हमको मालूम है परंतु क्या आप जानते हैं कि हमारे पेट के अंदर का तापमान कितना होता है। तो चलिए आज एक कहानी के माध्यम से यही सब जानने की कोशिश करते हैं। 

यह कहानी एक फौजी और एक डॉक्टर की है। उस फौजी का नाम था मार्टिन और डॉक्टर का नाम था बोमेंट और कहानी का नाम है "खिड़की वाले पेट की कहानी (A Stomach with a window)" इस कहानी में ऐसा होता है कि मार्टिंन नाम के फौजी को एक बार गोली लग जाती है, जिसके कारण उसके पेट में घाव हो जाता है। कुछ समय बाद घाव तो ठीक हो जाता है परंतु पेट में एक छेद बन जाता है। जिसमें ट्यूब डालकर खाना भी बाहर निकाला जा सकता है और पेट के अंदर देखा भी जा सकता है कि अंदर क्या हो रहा है। 

उस समय तक यानी 1822 तक वैज्ञानिकों को यह तक मालूम नहीं था कि पेट के अंदर पाचन की क्रिया कैसे होती है, पाचक रस क्या होते हैं, उनका क्या काम होता है, पाचन में कैसे मदद करते हैं ? 

तो फिर मालूम है डॉक्टरों ने क्या किया! उन्होंने मार्टिन के पेट में हो रही हलचल का पता लगाने के लिए उसके पेट से कुछ पाचक रस निकाले और फिर इनको बाहर एक गिलास में  डालकर उसमें मछली के कुछ टुकड़े डाले और उस गिलास को लगभग उसी तापमान पर रखा जितना कि तापमान हमारे पेट के अंदर होता है। यानी कि 30 डिग्री सेंटीग्रेड। और सुबह 8:30 बजे रखे गए इन टुकड़ों को जब 2:00 बजे देखा तो नजर आया कि वह पूरी तरह से घुल चुके थे।

फिर डॉक्टर ने उस पाचक रस में रखा हुआ खाना मार्टिन को खिलाया फिर अलग-अलग भोजन पचने में कितनी देर लगेगी , उसके बारे में भी सोचा। इस तरह डॉक्टर ने मार्टिन के खिड़की वाले पेट के सहारे पाचन के कई रहस्य खोले।

CJM कब मामले को स्थानांतरित कर सकता है, कब नहीं - CrPC section 192

Posted: 17 Nov 2021 11:05 AM PST

दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 191 के अनुसार कोई भी आरोपी अपने अपराध का विचारण या जाँच किसी अन्य मजिस्ट्रेट से करवा सकता है, सवाल यह है कि क्या मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कभी भी आरोपी  के कहने पर  मामले को अन्य न्यायालय को सौप देगा अगर हाँ तो कैसे? जानते हैं। 

दण्ड प्रक्रिया संहिता,1972 की धारा 192 की परिभाषा:-

कोई भी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास मजिस्ट्रेट के पास परिवाद द्वारा कोई अपराधी का मामला सुना जाता है तब वह न्यायिक मजिस्ट्रेट आरोपी के आवेदन पर उसके मामले को उसके अनुसार अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास भेज सकता है।

अगर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किसी प्रथम श्रेणी के मजिस्ट्रेट को सशक्त किया है तब ऐसे मजिस्ट्रेट अपराध का संज्ञान लेने से पूर्व में बिना मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के स्वयं मामले को अन्य न्यायालय भेज सकता है उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की सारी शक्ति प्राप्त होगी।

नोट:- मद्रास हाईकोर्ट ने यह अभिनिर्धारित किया कि यदि कार्यवाही जाँच या विचारण की अवस्था तक पहुंच गयी हैं तो इस अवस्था में अन्तरण(ट्रांसफर) सम्भव नहीं होगा। अर्थात किसी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कोई अपराध का विचारण या जांच शुरू हो गई हो। :- लेखक बी. आर. अहिरवार (पत्रकार एवं लॉ छात्र होशंगाबाद) 9827737665 | (Notice: this is the copyright protected post. do not try to copy of this article) इसी प्रकार की कानूनी जानकारियां पढ़िए, यदि आपके पास भी हैं कोई मजेदार एवं आमजनों के लिए उपयोगी जानकारी तो कृपया हमें ईमेल करें। editorbhopalsamachar@gmail.com

MP NEWS- तम्बू में लग रहा आदिवासी क्षेत्र का हायर सेकेंडरी स्कूल, 485 स्टूडेंट्स के लिए 2 कमरे 3 शिक्षक

Posted: 17 Nov 2021 10:57 AM PST

डिंडोरी
। मध्य प्रदेश के मेहंदवानी विकासखंड अंतर्गत चौबीसा ग्राम में पिछले लंबे समय से स्कूल भवन अपूर्ण होने के कारण तंबू में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है जबकि स्कूल भवन में कमरों की संख्या कम है। इसलिए टेंट के नीचे हाई सेकेंडरी स्कूल का संचालन किया जाता है।

दो कमरों के स्कूल को हायर सेकेंडरी बना दिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहंदवानी विकास खंड के चौबीसा में हाई स्कूल को वर्ष 2018-19 में उन्ययन कर हायर सेकेंडरी स्कूल में तब्दील किया गया था। संस्था में उन्नयन के पूर्व मात्र दो कमरों में class लग रही थीं और उन्नयन के उपरांत भी भवन के नाम पर केवल दो कमरे ही हैं। जबकि छात्र संख्या दुगुनी हो चुकी है। 

मध्यप्रदेश में 485 विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए दो कमरे

जानकारी के मुताबिक उक्त हायर सेकेंडरी स्कूल में दर्ज छात्र संख्या 485 है। पूर्व में कक्ष की कमी के चलते शाला प्रबन्धन द्वारा दो शिफ्ट प्रातः 8:00 बजे से 11:30 तक पहली पारी में कक्षा नवमी और ग्यारहवीं तथा दूसरी पारी में दोपहर 12 बजे से सांय 4:30 तक कक्षा दसवीं के साथ कक्षा बारहवीं के अंतर्गत विभिन्न समूहों की कक्षाएं आयोजित की जा रहीं थीं। लेकिन क्षेत्र में बढ़ती ठंड के कारण ग्रामीण अंचल से पहुँचने वाले छात्रों की समस्या को देखते हुए अब एक ही समय पर सभी कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। यहाँ 3 शिक्षक और 7 अथिति शिक्षक पदस्थ है। मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया MP NEWS पर क्लिक करें.

GWALIOR NEWS- झांसी आगरा एक्सप्रेस कैंसिल, शहर का तापमान 10 डिग्री से नीचे

Posted: 17 Nov 2021 07:37 AM PST

ग्वालियर
। आगरा मंडल के मनिया स्टेशन पर धौलपुर-आगरा खंड के बीच तीसरी रेल लाइन के कार्य के चलते कुछ ट्रेनों का परिचालन रद करना पड़ा है। इसी क्रम में आगरा-झांसी एक्सप्रेस भी दाे दिन रद रहेगी। 

जिससे यात्रियाें काे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार झांसी-आगरा कैंट एक्सप्रेस 18 व 19 नवंबर को रद रहेगी। वहीं आगरा कैंट-झांसी एक्सप्रेस 18 व 19 को रद रहेगी। वहीं आगरा कैंट-झांसी और झांसी- आगरा कैंट 18 व 19 नवंबर को रद रहेगी। 

ग्वालियर का तापमान 10 डिग्री से नीचे

उत्तर से आ रही हवा के चलते बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिसे पर आ गया। इस कारण रात में कंपाने वाली ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिन में भी कंपकपी रहेगी। उत्तरी हवा से दिन में भी सूरज की तल्खी नहीं बढ़ सकेगी। ग्वालियर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा है। सड़कों पर लोग अलाव जलाने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर को नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। ग्वालियर की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया GWALIOR NEWS पर क्लिक करें.

JABALPUR HC NEWS- लोकायुक्त के आदेश पर हाईकोर्ट की रोक, तृतीय-चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से संबंधित था

Posted: 17 Nov 2021 10:50 AM PST

जबलपुर
। मध्य प्रदेश के उच्च न्यायालय ने लोकायुक्त के उस स्थाई आदेश पर रोक लगा दी है जिसमें कहा गया था कि तृतीय श्रेणी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज हुए भ्रष्टाचार के मामलों में खात्मा लगाने से पहले लोकायुक्त की अनुमति अनिवार्य है। भोपाल के सतीश नायक द्वारा लोकायुक्त के आदेश के खिलाफ याचिका दाखिल की गई थी।

हाईकोर्ट ने पूछा- लोकायुक्त ने ऐसा आदेश किस अधिकार से जारी किया

मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की युगलपीठ ने लोकायुक्त, गृह सचिव, डीजीपी विशेष पुलिस स्थापना, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव और अन्य को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में जवाब मांगा है। हाईकोर्ट ने पूछा है कि लोकायुक्त ने इस प्रकार का आदेश किस अधिकार से जारी किया। यदि शासन की ओर से उचित जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता तो लोकायुक्त का आदेश स्थाई रूप से खारिज कर दिया जाएगा।

राजधानी भोपाल निवासी सतीश नायक की ओर से दायर जनहित याचिका में कहा गया कि प्रदेश के लोकायुक्त ने 12 अगस्त, 2021 को स्थाई आदेश जारी किया है कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के भ्रष्टाचार के मामलों में खात्मा लगाने के पहले लोकायुक्त की अनुमति लेना अनिवार्य है। 

अधिवक्ता ध्रुव वर्मा और रोहन हर्णे ने तर्क दिया कि लोकायुक्त के पास केवल सुपरवीजन का अधिकार होता है। किस मामले में खात्मा लगाना है या फिर चालान पेश करना है, यह अधिकार विशेष पुलिस स्थापना के पास होता है। सुनवाई के बाद डिवीजन बैंच ने लोकायुक्त के स्थाई आदेश पर रोक लगा दी। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

JABALPUR HC NEWS- आयुष अधिकारियों की नियुक्ति में गड़बड़ी, नोटिस जारी

Posted: 17 Nov 2021 07:16 AM PST

जबलपुर
। मध्य प्रदेश के उच्च न्यायालय ने हाउस अधिकारियों की नियुक्ति को नियम विरुद्ध बताने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद प्रमुख सचिव एवं उप सचिव आयुष मंत्रालय और MPPSC को नोटिस जारी करके जवाब तलब किया है। अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए शासन के अधिकारियों को 6 सप्ताह का समय दिया गया है।

मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई करके नोटिस जारी किए। रीवा के सेवानिवृत्त आयुष अधिकारी डा. केपी त्रिपाठी की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि आयुष अधिकारी की नियुक्ति के लिए मप्र चिकित्सा परिषद से इंटर्नशिप होना अनिवार्य है। 

डा. प्रमोद कुमार मेहर रीवा और डा. निधि गुप्ता नीमच की नियुक्ति के खिलाफ याचिका

डा. प्रमोद कुमार मेहर रीवा और डा. निधि गुप्ता नीमच ने निजी संस्स्थान से इंटर्नशिप किया था, इसके बाद भी एमपीपीएससी ने उन दोनों को आईएएस अधिकारी के पद के योग्य बताया और डिपार्टमेंट में उन्हें नियुक्ति दे दी। 

इसके साथ ही अनावेदकों का अनुभव प्रमाण-पत्र भी नियमानुसार नहीं है। अधिवक्ता राहुल त्रिपाठी और हितेन्द्र गोल्हानी की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

BHOPAL NEWS- चुनाव से पहले दौड़ेगी मेट्रो ट्रेन, टारगेट फिक्स

Posted: 17 Nov 2021 07:04 AM PST

भोपाल
। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रिय मित्र दिलीप सूर्यवंशी की कंपनी दिलीप बिल्डकॉन द्वारा धीरे धीरे किए जा रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के काम में अब स्पीड दिखाई देगी। चुनावी मौसम शुरू हो चुका है। नगर निगम चुनाव के दौरान मेट्रो प्रोजेक्ट का काम बहुत तेजी से होता हुआ दिखाई देगा और 2023 विधानसभा चुनाव से पहले भोपाल में मेट्रो ट्रेन दौड़ती हुई नजर आएगी। 

एम्स मेट्रो स्टेशन का भूमि पूजन 19 नवंबर को

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने टारगेट फिक्स कर दिया है। 19 नवंबर शुक्रवार को भोपाल में ऐम्स मेट्रो स्टेशन के लिए भूमिपूजन करेंगे। भोपाल में प्राइयोरिटी कारिडोर छह किलोमीटर से अधिक लंबा है। मुख्यमंत्री सचिवालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि भोपाल में दिसंबर 2024 तक मेट्रो का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

भोपाल में वर्ष 2023 तक एम्स से सुभाष नगर का काम पूरा करना है। इसके लिए काम तेजी से चल रहा है। भोपाल में मेट्रो स्टेशन के काम की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। मुख्यमंत्री इसके लिए भूमिपूजन करेंगे। भोपाल की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया BHOPAL NEWS पर क्लिक करें.

INDORE NEWS- कॉलेज छात्रा का प्यार के बदले बलात्कार, लड़का राजस्थान से गिरफ्तार

Posted: 17 Nov 2021 06:52 AM PST

इंदौर
। इंदौर के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ाई कर रही छात्रा को झूठे प्यार में फंसा कर कार में संबंध बनाए और उसका वीडियो रिकॉर्ड करके ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। इस साजिश में लड़के का जीजा भी शामिल था। छात्रा की शिकायत पर इंदौर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी लड़के को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। लड़के का जीजा मध्यप्रदेश के श्योपुर का रहने वाला है।

भंवरकुआं थाना पुलिस के मुताबिक छात्रा ने अप्रैल में शिकायत दर्ज करवाई थी। आदिल से एक शादी समारोह में मुलाकात हुई थी। दोनों में परिचय हुआ और एक दूसरे के नंबर साझा कर लिए और बात शुरु हो गई। आदिल ने शादी का झांसा दिया और छात्रा से शारीरिक संबंध बना लिए। 

पीडि़ता ने कोर्ट में दर्ज करवाए बयानों में बताया कि दुष्कर्म में उसका जीजा मंजूर भी शामिल था। आरोपितों ने कार में उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया था। बदनाम करने की धमकी देकर उससे 30 हजार रुपये भी ले लिए थे। मंगलवार को पुलिस ने आदिल को टोंक से गिरफ्तार कर लिया। मंजूर की श्योपुर में तलाश की जा रही है। इंदौर की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया INDORE NEWS पर क्लिक करें.

Hindi News- अंतरिक्ष में बड़ा एक्सीडेंट टला, भारत और अमेरिका को बड़ा नुकसान होता

Posted: 17 Nov 2021 06:32 AM PST

भोपाल सेंट्रल डेस्क
। यह एक महत्वपूर्ण खबर है। अंतरिक्ष में चंद्रमा के ऑर्बिट क्षेत्र में बड़ा एक्सीडेंट होते होते बच गया। यदि यह एक्सीडेंट हो जाता तो भारत और अमेरिका को बड़ा नुकसान होता है। साथ ही दुनिया भर के वैज्ञानिक और उनके माध्यम से नागरिक अंतरिक्ष के कई रहस्यों को जानने से चूक जाते। 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इसकी जानकारी दी है। इसरो की तरफ से बताया गया कि पिछले महीने विकट स्थिति पैदा हो गई थी। भारत का चंद्रयान-2 और अमेरिका का लूनर रिकोनिसेंस ऑर्बिटर आपस में टकराने वाले थे। इसरो ने इस एक्सीडेंट को बचाने के लिए कड़ी मेहनत की और chandrayaan-2 की ध्रुवीय कक्षा में परिवर्तन किया गया। भारत में अपना chandrayaan-2 उत्तरी ध्रुव से हटाया जिसके कारण हादसा होने से बच गया।

बेहद कम थी दोनों के बीच की दूरी

इसरो ने बताया कि चंद्रयान -2 ऑर्बिटर और नासा के LRO के बीच दूरी बहुत कम हो गई थी। नासा और इसरो दोनों ने इस पर नजर बनाए हुए थे। इसरो ने बताया कि अंत में विश्लेषण में यह पाया गया कि इन दोनों स्पेस ऑब्जेक्ट के बीच रेडियल दूरी 100 मीटर से कम होगी और निकटतम दूरी उपरोक्त समय पर केवल 3 किलोमीटर होगी। भारत की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया Hindi Samachar पर क्लिक करें.

MP BJP NEWS- अटकलें शुरू होते ही वीडी शर्मा दिल्ली पहुंचे, राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले

Posted: 17 Nov 2021 10:51 AM PST

भोपाल
। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में आदिवासी को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त करने की अटकलें शुरू होते ही प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। 

आदिवासियों के वोट के लिए कुर्सी खाली करनी होगी 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिनांक 15 नवंबर 2021 को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन की सफलता के बाद भाजपा का पॉलिटिकल रोड मैप फिक्स हो गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान एवं पार्टी का पूरा फोकस उन 84 सीटों पर होगा जहां आदिवासी मतदाता बहुमत में है। आदिवासी कार्ड का फायदा अन्य 30 सीटों पर भी पड़ेगा जहां आदिवासी मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि आदिवासियों के लिए कई प्रकार की योजनाएं बनाई जा रही है। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि संगठन में भी किसी प्रमुख पद पर आदिवासी नेता को नियुक्त करना पड़ेगा।

कमलनाथ के OBC नहले पर शिवराज का आदिवासी दहला 

कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी आदिवासी सीटों को हमेशा अपने खाते में मानती आई है। 2013 के विधानसभा चुनाव में थोड़ा झटका लगा था परंतु 2018 के विधानसभा चुनाव में रिकवरी हो गई थी। कमलनाथ का पूरा फोकस पिछड़ा वर्ग को वोट बैंक में तब्दील करने पर बना हुआ था बाकी 2023 के विधानसभा चुनाव में आवश्यक पूर्ण बहुमत से ज्यादा सीटें प्राप्त की जा सके लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासी कार्ड खेलकर कांग्रेस की तिजोरी में सेंधमारी कर दी है। मध्य प्रदेश की राजनीतिक खबरों के लिए कृपया MP political news पर क्लिक करें.

GWALIOR NEWS- ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे की भाजपा में इंडिपेंडेंट एंट्री

Posted: 17 Nov 2021 10:51 AM PST

ग्वालियर
। ग्वालियर चंबल संभाग में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति के महाराजा ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया 25 साल की आयु पूर्ण करके 26 साल में प्रवेश करने जा रहे हैं। इस मौके पर उनकी भारतीय जनता पार्टी में इंडिपेंडेंट एंट्री का प्रोग्राम फाइनल किया गया है। बुधवार दिनांक 18 नवंबर 2021 को महाआर्यमन सिंधिया भाजपा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे, इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके साथ नहीं होंगे।

महाआर्यमन सिंधिया अब तक पिता के साथ नजर आते थे 

पिछले महीने तीन दिवसीय प्रवास पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ महाआर्यमन निजी से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रम में साथ रहे थे। एक-एक कार्यकर्ता से केंद्रीय मंत्री ने बेटे की व्यक्तिगत मुलाकात भी कराई थी। उसी समय सब को स्पष्ट समझ में आ गया था कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महा आर्यमन सिंधिया राजनीति की पाठशाला में प्रायोगिक परीक्षा दे रहे हैं। बुधवार के कार्यक्रम से लगता है कि महाआर्यमन सिंधिया अपने पिता की परीक्षा में पास हो गए हैं। अब उनका फाइनल एग्जाम शुरू होने जा रहा है।

महाआर्यमन अपना 26वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। वे दिनभर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच रहेंगे। कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से चर्चा करेंगे और केक भी काटेंगे। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फैसला लिया है कि महाआर्यमन अपना जन्मदिन ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मनाएं। बुधवार दोपहर 3 बजे चेतकपुरी के गार्डन में महाआर्यमन की भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात है। इसमें जिले के अलावा पड़ोसी शहरों से भी कार्यकर्ता आ रहे हैंं। इस कार्यक्रम में पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके साथ नहीं होंगे लेकिन मां श्रीमती प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया उनके साथ रहेंगी।

जयविलास पैलेस में युवराज का कार्यक्रम

सार्वजनिक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से मिलने और केक काटने के बाद जयविलास पैलेस में वह अपने रियासत के लोगों के बीच भी रहेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। इतना ही नहीं जयविलास पैलेस में दिन भर कार्यकर्ताओं के लिए दरवाजे खुले रहेंगे। कार्यकर्ता और नेता विशेषकर सिंधिया समर्थक भाजपाई वहां पहुंचकर महाआर्यमन से मुलाकात करेंगे और केक काटेंगे। ग्वालियर की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया GWALIOR NEWS पर क्लिक करें.

BHOPAL NEWS- महिला डॉक्टर से झूठा प्यार जता 4 महीने तक फायदा उठाया

Posted: 17 Nov 2021 05:23 AM PST

भोपाल
। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक सरकारी अस्पताल में पदस्थ 46 वर्षीय महिला डॉक्टर ने रियल स्टेट कंपनी के 48 वर्षीय कर्मचारी के खिलाफ झूठा प्यार जता कर 4 महीने तक फायदा उठाने की शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया है। 

पुलिस के मुताबिक डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 46 साल की महिला, सरकारी अस्पताल में डॉक्टर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जनवरी 2021 में सोशल मीडिया पर उनकी पहचान सीहोर निवासी अतुल श्रीवास्तव से हुई थी। अतुल ने खुद को भिलाई की एक रियल एस्टेट कंपनी का वर्कर बताया था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। बातचीत होने लगी।

14 जुलाई 2021 को वह मिलने के लिए भोपाल आया था। उसने टीटी नगर के सार्थक होटल में मिलने के लिए बुलाया और उसके साथ होटल में शादी का वादा करके संबंध बनाए। इसके बाद 4 महीने तक लगातार वह फिजिकल रिलेशन बनाता रहा लेकिन अब शादी करने से मना कर दिया है।

महिला डॉक्टर का बेटा 12वीं का स्टूडेंट, आरोपी का परिवार सीहोर में 

पुलिस ने बताया कि महिला का एक बेटा है, जो 12वीं का छात्र है। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी का परिवार सीहोर में रह रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। भोपाल की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया BHOPAL NEWS पर क्लिक करें.

DAVV NEWS- पीएचडी प्रवेश परीक्षा की रिजल्ट लिस्ट जारी सहित 4 समाचार

Posted: 17 Nov 2021 10:51 AM PST

इंदौर।
Devi Ahilya Vishwavidyalaya, Indore द्वारा आयोजित हुई Ph.D. Entrance Examination, DET-2021 की TENTATIVE LIST OF Ph.D. SUPERVISORS AND VACANT SEATS (All Subjects) जारी कर दी गई है। उम्मीदवार ऑफिशल वेबसाइट से लिस्ट की PDF FILE DOWNLOAD कर सकते हैं। 

DAVV ADMISSION- विभाग स्तर काउंसलिंग की तारीख घोषित

अलग-अलग विभागों में शेष रही 125 सीटों को भरने के लिए अब विश्वविद्यालय प्रबंधन आगामी 23 नवंबर से विभाग स्तर की काउंसलिंग करने जा रहा है। दो दिन चलने वाली इस काउंसलिंग के लिए भी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने ग्रुप A, ग्रुप B और ग्रुप C बनाए है। अलग-अलग वक्त पर ये काउंसलिंग विभागों में होगी। इस संबंध में विभागाध्यक्षों को भी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अवगत करा दिया है।

MP COLLEGE NEWS- सभी कॉलेज और हॉस्टल 100% क्षमता के साथ खुलेंगे 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रकार के कॉलेज, कोचिंग संस्थान और हॉस्टल पर कोरोनावायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए प्रतिबंध समाप्त कर दिए हैं। मुख्यमंत्री का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। मध्यप्रदेश में सभी विश्वविद्यालयों से संबंधित कॉलेज एवं हॉस्टल 100% क्षमता के साथ संचालित किए जा सकते हैं। नियमित कक्षाएं एवं सभी प्रकार के आयोजनों के लिए प्रबंधन को स्वतंत्र कर दिया गया है। 

DAVV NEWS- सेमेस्टर की फीस एमपी ऑनलाइन से भरें 

सेमेस्टर फीस भरने के लिए एमपी ऑनलाइन लिमिटेड द्वारा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के लिए बनाए गए वेब पेज की लिंक ओपन कर दी गई है। स्टूडेंट्स एमपी ऑनलाइन पर जाकर सेमेस्टर की फीस जमा कर सकते हैं। फीस जमा करने के लिए Application No/Enroll No का होना अनिवार्य है। मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा से जुड़े समाचारों के लिए कृपया mp college news पर क्लिक करें

MP NEWS- सहकारी बैंक घोटाले में 6 निलंबित, एक बर्खास्त और एक के विरुद्ध FIR

Posted: 17 Nov 2021 04:44 AM PST

भोपाल
। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील में संचालित केंद्रीय सहकारी बैंक घोटाले में एक कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया क्या जबकि अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इसके अलावा छह अधिकारी कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। 

शाखा प्रबंधक श्री अरविंद सिंह तोमर, श्री पी.के. श्रीवास्तव, लिपिक कुमारी शिखा गुप्ता, कुमारी लवली नाडिया, श्री प्रशांत रामपुरिया, श्री राघवेन्द्र पाल और भृत्य श्री देवेन्द्र शर्मा को निलंबित किया गया है। यह सभी अधिकारी-कर्मचारी सहकारिता आयुक्त द्वारा गठित विशेष ऑडिट टीम की जाँच में प्रथम दृष्टया बैंक राशि में हेरा-फेरी और गबन करने के दोषी पाए गए हैं। 

ज्ञातव्य है कि पिछोर शाखा की पूर्व में हुई जाँच में कुछ को दोषी पाया गया और उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इसके बाद प्राप्त शिकायत के आधार पर सहकारिता आयुक्त के द्वारा आडिट के लिए विशेष टीम गठित कर फिर से आडिट करवाया गया। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया Karmchari news MP पर क्लिक करें।

MP IAS मीट की डेट अनाउंस, एसोसिएशन ने सीएम को इनवाइट किया - bureaucracy news today

Posted: 17 Nov 2021 03:44 AM PST

भोपाल
। इंडियन एडमिनिस्ट्रेशन सर्विस के ऑफिसर्स की आईएएस एसोसिएशन द्वारा आयोजित एनुअल फंक्शन IAS MEET की डेट अनाउंस कर दी गई है। एसोसिएशन ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को ऑफिशियल इनविटेशन दिया।

मध्यप्रदेश शासन की ओर से प्रेस को दी गई आधिकारिक सूचना के अनुसार आईएएस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्री आईसीपी केसरी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को तीन दिवसीय आईएएस मीट में आने का आमंत्रण दिया। यह सर्विस मीट 17 ,1 8 और 19 दिसंबर को भोपाल में हो रही है।  ब्यूरोक्रेसी से जुड़ी खबरों एवं गॉसिप के लिए कृपया bureaucracy News पर क्लिक करें.

परिवार फाउंडेशन के चेयरमैन सचिन तेंदुलकर मुख्यमंत्री से मिले 

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद परिवार फाउंडेशन नाम की संस्था चला रहे सचिन तेंदुलकर ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को परिवार फाउंडेशन की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी एवं सहयोग मांगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया है कि मध्य प्रदेश सरकार उनके फाउंडेशन की मदद करेगी। सचिन तेंदुलकर की ओर से इस मुलाकात के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

MP Panchayat Chunav- मध्यप्रदेश में कोरोना प्रतिबंध खत्म, भीड़ लगाने की आजादी

Posted: 17 Nov 2021 06:33 AM PST

भोपाल
। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोनावायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरे प्रदेश में क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों द्वारा लगाए गए सभी प्रकार के प्रतिबंध खत्म करने का ऐलान कर दिया है। यह फैसला त्रिस्तरीय चुनाव पंचायत की अधिसूचना जारी होने से पहले लिया गया। हालांकि 100% वैक्सीनेशन नहीं हुआ है। 

सभी प्रकार के आयोजन किए जा सकते हैं, कोई प्रोटोकॉल नहीं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि COVID19 संकट के चलते मध्यप्रदेश में लागू किए गए सभी प्रतिबंध आज से हटाने का फैसला हमने किया है। कोविड महामारी पर प्रदेश में अभी पूरी तरह से नियंत्रण की स्थिति है। अब समस्त सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन पूरी क्षमता के साथ हो सकेंगे। 

सिनेमा, कोचिंग, कॉलेज और हॉस्टल पहले की तरह खोलिए

सिनेमा हॉल, मॉल, स्विमिंग पूल, क्लब, जिम, योगा सेंटर, रेस्टोरेंट इत्यादि पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जा सकेंगे। स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, कोचिंग क्लासेस भी पूरी क्षमता से संचालित कर सकते हैं। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रमुख निर्देश

अब सामान्य रूप से विवाह समारोह हो सकेंगे, लेकिन परस्पर दूरी और मास्क के उपयोग का ध्यान रखा जाए।
मेलों में दुकान वही दुकानदार लगा सकेंगे, जिन्होंने वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए हैं।
सिनेमा देखने जाने, राशन की दुकान से सामग्री लेने के लिए दोनों डोज अनिवार्य हैं, यह सुनिश्चित करें।
प्रत्येक व्यक्ति द्वारा कोविड अनुकूल व्यवहार आवश्यक है।
मास्क और यथासंभव परस्पर दूरी रखना है और असावधान नहीं होना है।
शिक्षण संस्थाओं और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी दोनों डोज आवश्यक हैं।
शासकीय सेवकों को वैक्सीन के दोनों डोज अनिवार्य हैं। विभाग इसे सुनिश्चित करें।
जिन जिलों में वैक्सीन के दूसरे डोज में कमी देखी गई है, वहाँ गति बढ़ाई जाए।
31 दिसंबर तक प्रदेश में कोविड से बचाव के लिए 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में सभी सहयोग प्रदान करें।

मध्यप्रदेश में 31 दिसंबर तक 100% टीकाकरण का लक्ष्य

इस एलान के साथ सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमें #COVID19 को लेकर सतर्क भी रहना है। बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन जारी रखें, जैसे मास्क लगाना, हाथ स्वच्छ रखना, मामूली लक्षण पर तत्काल जांच आदि। दूसरा टीका सभी अवश्य लगवा लें। 31 दिसंबर तक हम सभी को मिलकर मध्यप्रदेश के सम्पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करना है। मध्य प्रदेश में चुनाव संबंधी समाचार एवं अपडेट के लिए कृपया mp election news पर क्लिक करें.

govt employees news- दो शादी करने वाले कर्मचारी की पेंशन बंद, हाई कोर्ट से राहत नहीं

Posted: 17 Nov 2021 04:45 AM PST

इलाहाबाद
। वरिष्ठ लोक अभियोजक के पद से रिटायर हुए सहारनपुर के मनवीर सिंह की याचिका को खारिज करते हुए उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश शासन द्वारा तय किया गया दंड उचित ठहराया। श्री मनवीर सिंह की पेंशन रोक दी गई है क्योंकि उन्होंने दो शादियां कीं थीं।

श्री मनवीर सिंह हाई कोर्ट में राहत के लिए याचिका दाखिल की थी। 5 सितंबर 1970 को उनकी नियुक्ति सहायक अभियोजन के पद पर हुई थी। डिपार्टमेंटल प्रक्रिया के दौरान प्रमोशन पाते हुए वह वरिष्ठ लोक अभियोजक के पद से 31 दिसंबर 2004 को रिटायर हुए। डिपार्टमेंट को पता चला कि पहली पत्नी के जीवित रहते हुए उन्होंने चुपके से दूसरी शादी की तो उनके खिलाफ जांच की गई और 28 जून, 2005 को उन्हें दंडित किया गया। श्री सिंह ने डिपार्टमेंट के फैसले के राज्य लोक सेवा अधिकरण अधिकरण में अपील की परंतु अधिकरण ने 2 सितंबर, 2021 को केस खारिज कर दिया।

श्री मनवीर सिंह की पहली पत्नी राजेंद्री देवी ने दो शिकायतें की थी। बाद में समझौते के कारण विभागीय कार्रवाई समाप्त कर दी गई। रिकॉर्ड में श्री मनवीर सिंह ने बताया था कि उनके बच्चे नहीं है। 13 जुलाई, 1997 को उन्होंने अर्जी दी कि उसके दो बच्चे हैं। वह नसबंदी कराना चाहता है। कंफ्यूजन को दूर करने के लिए इन्वेस्टिगेशन शुरू की गई और श्री मनवीर सिंह से पत्नी को पेश करने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी को पेश नहीं किया। यह बताया कि राजेंद्री देवी और रजनी देवी दोनों एक ही महिला के नाम है। इस पर जांच अधिकारी ने खुद जाकर राजेंद्री देवी का बयान लिया।

डिपार्टमेंट के रिकॉर्ड में उनकी अधिकृत पत्नी श्रीमती राजेंद्री देवी ने बताया कि वह और रजनी देवी अलग-अलग हैं। उनके बच्चे नहीं हुए थे इसलिए श्री मनवीर सिंह ने दूसरी शादी कर ली। श्रीमती रजनी देवी से उन्हें दो संताने हैं। एक बेटी है और दूसरा बेटा। राजेंद्र देवी ने यह भी बताया कि उनका मायका गाजियाबाद में है और रजनी देवी का बुलंदशहर में।

खुलासा होने के बाद श्री मनवीर सिंह ने दलील दी कि उन्होंने दूसरी शादी नहीं की। श्रीमती रजनी देवी से बताया गया उनका संबंध लीगल नहीं है। इसलिए नियम 29 के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती। इन्वेस्टिगेशन के दौरान अधिकरण के सामने दोनों बच्चों के बर्थ सर्टिफिकेट एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए गए जिसमें पिता की जगह श्री मनवीर सिंह का नाम था। इसी आधार पर अधिकरण ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था।

राज्य लोक सेवा अधिकरण के फैसले के खिलाफ श्री मनवीर सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। न्यायमूर्ति एसपी केसरवानी और न्यायमूर्ति विकास बुधवार की खंडपीठ ने इस मामले में फैसला सुनाया। उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य लोक सेवा अधिकरण के फैसले को उचित ठहराते हुए याचिका को खारिज कर दिया एवं निर्धारित दंड में किसी भी प्रकार की राहत देने से इंकार कर दिया। कर्मचारियों से संबंधित समाचारों के लिए कृपया govt employees news पर क्लिक करें.

शिवराज की सेंधमारी रोकने कमलनाथ ने बैठक बुलाई, प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ना होगा - MP NEWS

Posted: 17 Nov 2021 04:45 AM PST

भोपाल
। विधानसभा चुनाव 2023 की शुरुआती तैयारियों के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बड़ा कार्यक्रम करके कांग्रेस पार्टी के आदिवासी वोट बैंक में जबरदस्त सेंधमारी कर डाली। इसे रोकने के लिए कमलनाथ ने बैठक बुलाई है। मध्य प्रदेश के 22 जिलों के 89 ट्राइबल ब्लॉक के पदाधिकारियों को 24 नवंबर को भोपाल बुलाया गया है।

2018 के चुनाव में आदिवासी बेल्ट में बढ़त मिली थी 

मध्य प्रदेश की 84 विधानसभा में आदिवासी मतदाता सबसे ज्यादा संख्या में है। कांग्रेस पार्टी आदिवासी वोट को अपना वोट बैंक मानती है। हालांकि उसकी मान्यता पहले ही गलत साबित हो गई थी। 2013 के विधानसभा चुनाव में 84 में से 59 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विधायक बने थे लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को आदिवासी बेल्ट में फिर से बढ़त मिल गई थी। भारतीय जनता पार्टी मात्र 34 सीटों पर सिमट गई थी। कमलनाथ ने बड़ी ही चतुराई के साथ सरकार को OBC पॉलिटिक्स में उलझाने की कोशिश की थी लेकिन सब गुड गोबर हो गया। 

कमलनाथ को प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ना होगा

कांग्रेस पार्टी के दोनों प्रमुख पदों (प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष) पर कब्जा करके खुद को पूर्व मुख्यमंत्री कहलाने वाले कमलनाथ को अब प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना होगा। कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही मध्य प्रदेश कांग्रेस में आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष की मांग तेज हो गई थी। अब कमलनाथ के पास आदिवासियों को बनाने के लिए सिर्फ यही विकल्प बचा है। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ना केवल किसी आदिवासी को बिठाना होगा बल्कि योग्य आदिवासी नेता को बिठाना होगा क्योंकि जनजाति के नागरिक अब नेता का चुनाव करना सीख गए हैं। वह सुनने के लिए भीड़ जरूर लगाते हैं परंतु डिसीजन अपने हिसाब से लेने लगे हैं। मध्य प्रदेश में चुनाव संबंधी समाचार एवं अपडेट के लिए कृपया mp election news पर क्लिक करें.

जब बटन, हुक और जिप बन चुके थे तो फिर वेल्क्रो का आविष्कार क्यों किया- GK in Hindi

Posted: 16 Nov 2021 01:45 PM PST

What is Velcro, who invented it and when

स्कूल बैग, खिलौने, जूते और ऐसी कई सारी चीजों को लॉक करने के लिए बटन और हुक का उपयोग मुगल काल से किया जा रहा है। सुविधा और मजबूत पकड़ के लिए जिप (चैन) भी बना दी गई थी। इसके बावजूद वेल्क्रो का आविष्कार किया गया। यह आसानी से चिपक जाता है और मजबूत पकड़ देता है। इन्हें हुक एंड लूप फास्टनर या आम बोल चाल की भाषा में चर-चर भी कहा जाता है। आइए पढ़ते हैं कि वेल्क्रो की खोज किसने और कब की और सबसे बड़ी बात कि इसकी जरूरत क्या थी।

मॉर्निंग वॉक से लौटने के बाद दिमाग में पहला सवाल आया

वेलक्रो की खोज की कहानी 1948 में Switerland की है और इसकी खोज का श्रेय जॉर्ज डी मेसट्रल (George De Mestral) को जाता है परंतु इसकी खोज करने की कहानी बड़ी ही रोचक है और एक प्राकृतिक घटना पर आधारित है। एक दिन जब जॉर्ज मेसट्रल अपने Dog के साथ Walk करके लौटे तो उन्होंने पाया कि उनके डॉग और उनके खुद के कोट के ऊपर कुछ बीज जैसा चिपका है। 

लोग जिसे झंझट समझते हैं वही अविष्कार का कारण बना 

ज्यादातर लोग ऐसी चीजों को झंझट समझ कर निकाल फेंकते हैं और अपने काम में जुट जाते हैं लेकिन George De Mestral ने ऐसा नहीं किया। फटाफट से उन्होंने अपना  माइक्रोस्कोप निकाला और बीजों को बारीकी से देखा तो पता लगा की बीजों में छोटे-छोटे हुक हैं। इन हुकों की मदद से बीज, कपड़ों के रेशों पर अटक गए थे। बस यही देखकर George Mastral को वेल्क्रो बनाने का आइडिया आ गया। कुल मिलाकर इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी परंतु एक घटना के कारण इसका आविष्कार हो गया और आज दुनिया भर में वेल्क्रो का उपयोग किया जाता है।

MORAL OF THE STORY-  सही टाइम पर दिमाग की बत्ती जलना चाहिए

मोरल ऑफ द स्टोरी यह है कि जिंदगी में कभी भी कुछ नया देखने को मिले तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। क्या पता अपन भी कुछ अविष्कार कर डालें। (इसी प्रकार की मजेदार जानकारियों के लिए जनरल नॉलेज पर क्लिक करें) Notice: this is the copyright protected post. do not try to copy of this article (general knowledge in hindi, gk questions, gk questions in hindi, gk in hindi,  general knowledge questions with answers, gk questions for kids, ) :- यदि आपके पास भी हैं कोई मजेदार एवं आमजनों के लिए उपयोगी जानकारी तो कृपया हमें ईमेल करें। editorbhopalsamachar@gmail.com

Post Bottom Ad

Pages