प्राइमरी का मास्टर ● इन - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, November 22, 2021

प्राइमरी का मास्टर ● इन

प्राइमरी का मास्टर ● इन


एडेड माध्यमिक कॉलेज शिक्षकों का GPF खाता होगा ऑनलाइन

Posted: 21 Nov 2021 05:12 PM PST

एडेड माध्यमिक कॉलेज शिक्षकों का GPF खाता होगा ऑनलाइन


सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों के जीपीएफ (जनरल प्रोविडेंट फंड) खाते ऑनलाइन होंगे। इससे पूरे उत्‍तर प्रदेश के 4500 से अधिक स्कूलों में एक अप्रैल 2005 के पूर्व नियुक्त तकरीबन 30 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों को लाभ होगा।

वे अपने खाते ऑनलाइन देख सकेंगे और जरूरत के अनुरूप निकासी या लोन ले सकेंगे। अब तक स्कूलों के कार्यालय में ही जीपीएफ की इंट्री होती है। लेकिन अधिकांश स्कूलों में यह अपडेट नहीं रहता और शिक्षकों को जानकारी नहीं हो पाती।


एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के एनपीएस खातों का रखरखाव ऑनलाइन होता है। पीपीएफ और ईपीएफ खातों की सूचना भी ऑनलाइन उपलब्ध है। विशेष सचिव जयशंकर दुबे ने शिक्षा निदेशक माध्यमिक को ऑनलाइन व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया है।


भ्रष्टाचार रोकने को होगी ई-फाइलिंग
भ्रष्टाचार रोकने के लिए शिक्षा विभाग के कार्यालयों में ई-फाइलिंग की भी व्यवस्था होगी। विशेष सचिव ने शिक्षा निदेशक को निर्देश दिए हैं। साथ ही 23 जुलाई 2002 के शासनादेश के अनुसार प्रत्येक पटल (काउंटर) पर अधिकतम चार दिन में फाइल निस्तारण की व्यवस्था करने को भी कहा है।


UP Scholarship 2021 : 16 लाख से अधिक छात्रों को मिलेगी फीस भरपाई-वजीफा

Posted: 21 Nov 2021 05:00 PM PST

UP Scholarship 2021 : 16 लाख से अधिक छात्रों को मिलेगी फीस भरपाई-वजीफा

UP Scholarship 2021: चालू शैक्षिक सत्र में इस बार पिछले सत्र के मुकाबले करीब 16 लाख अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और फीस भरपाई की सुविधा मिलेगी। पिछले शैक्षिक सत्र में कोरोना संकट के चलते 39 लाख छात्र-छात्राओं को ही छात्रवृत्ति और फीस भरपाई की सुविधा मिल पाई थी। इनमें अनुसूचित जाति-जनजाति, सामान्य वर्ग के गरीब, ओबीसी और अल्पसंख्यक छात्र-छात्राएं शामिल हैं।


समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक पीके त्रिपाठी ने बताया कि यह पहला शैक्षिक सत्र होगा, जब कक्षा 11-12 और ऊपर की कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को दो चरणों में छात्रवृत्ति-फीस भरपाई राशि बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। कक्षा-9-10 के छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से ही छात्रवृत्ति दी जाएगी। पहले चरण में 40 प्रतिशत राशि राज्यांश के रूप में समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से मिलेगी। दूसरे चरण में 60 प्रतिशत राशि केन्द्रांश के रूप में केन्द्र से खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

40 लाख को 27 दिसंबर तक मिलेगी रकम

संयुक्त निदेशक ने बताया कि पहले ऑनलाइन आवेदन करने वाले 15 लाख छात्र-छात्राओं के ब्यौरे का सत्यापन हो रहा है। यह काम 25 नवम्बर तक चलेगा। 30 नवम्बर से इनके बैंक खाते में राशि भेज दी जाएगी। इसके बाद 29 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को 27 दिसम्बर तक राशि दी जाएगी। इसमें करीब 40 लाख छात्र-छात्राएं पात्र होंगे। इस तरह इस सत्र में 55 लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति-फीस भरपाई की राशि दी जाएगी।

UPTET Admit Card 2021: यूपीटीईटी की वेबसाइट के चलते एडमिटकार्ड डाउनलोड करने को आवेदक परेशान

Posted: 21 Nov 2021 04:17 PM PST

UPTET Admit Card 2021: यूपीटीईटी की वेबसाइट के चलते एडमिटकार्ड डाउनलोड करने को आवेदक परेशान


      (डायरेक्ट लिंक) ☝️


उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लाखों उम्मीदवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनकी परेशानी की वजह बनी यूपी डीईएलईडी की वेबसाइट की तकनीकी खामियां। जिस समय में यूपी टेट उम्मीदवारों को अपनी तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मेहनत करनी चाहिए थी, उस महत्वपूर्ण समय में ये युवा उम्मीदवार यूपी टेट के प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने के लिए कई घंटे से मशक्कत कर रहे हैं।



दरअसल, उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा, यूपी टेट यानी यूपी डीईएलईडी के प्रवेश-पत्र 19 नवंबर, 2021 काे आधिकारिक वेबसाइट updeled.gov.in पर जारी किए गए थे। मगर, कुछ ही घंटों में भारी दवाब और उम्मीदवारों की अधिक संख्या के कारण यह वेबसाइट डाउन यानी ठप हो गई थी। जिसे अभी तक रिकवर नहीं किया जा सका है। कई उम्मीदवारों ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की है।


      (डायरेक्ट लिंक) ☝️

अटेवा पेंशन शंखनाद रैली : शिक्षकों-कर्मियों ने नई पेंशन योजना की वापसी को लेकर भरी हुंकार, राजधानी की सड़कों पर उमड़ी भीड़

Posted: 21 Nov 2021 04:33 PM PST

अटेवा पेंशन शंखनाद रैली : शिक्षकों-कर्मियों ने नई पेंशन योजना की वापसी को लेकर भरी हुंकार, राजधानी की सड़कों पर उमड़ी भीड़


● 'राजधानी की सड़कों पर शिक्षक/कर्मचारियों की उमड़ी भीड़

● 'नई पेंशन नीति को वापस लेने पर अड़ा अटेवा


कृषि कानूनों की तरह नई पेंशन योजना भी वापस ले सरकार


लखनऊ। ऑल टीचर्स इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के बैनर तले प्रदेश भर से जुटे कर्मचारियों शिक्षकों ने रविवार को ईको गार्डन में पुरानी पेंशन बहाली के लिए शंखनाद रैली की कर्मचारियों ने कहा कि जिस तरह सरकार ने कृषि कानूनों को वापस लिया है, उसी तरह नई पेंशन योजना को भी वापस लेकर पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए। निजीकरण भी रोका जाए।

अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने कहा कि नई पेंशन योजना से शिक्षकों-कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। इसलिए सरकार को पुरानी पेंशन योजना बहाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निजीकरण से युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह ने भी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। महामंत्री रामराज दुबे ने कहा कि निजीकरण की व्यवस्था से युवाओं का भविष्य चौपट हो रहा है।

 फ्रंट अगेंस्ट न्यू पेंशन स्कीम इन रेलवे के राजेंद्र पाल ने कहा रेलवे को बेचा जा रहा है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रैली को चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रधान महासचिव अशोक कुमार, डिप्लोमा फार्मासिस्ट संघ के अध्यक्ष संदीप बडोला, सिंचाई विभाग के राम लाल यादव, ड्राइंग स्टाफ एसोसिएशन के अमित कुमार, श्रम एवं सेवायोजन कर्मचारी परिषद के महामंत्री अमित कुमार यादव, पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के राजेंद्र श्रीवास्तव, लविवि से संबद्ध महाविद्यालयों के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय व उप्र लेखपाल संघ के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

सीएम से वार्ता के लिए अड़े पदाधिकारी

कर्मचारी मांग को लेकर सीएम व मुख्य सचिव से वार्ता कराने की मांग कर रहे थे। कर्मचारियों के रोष को देखते हुए इंको गार्डन में बड़ी संख्या में पुलिस व आरपीएफ को तैनात किया गया था। जो भी कर्मी रैली में जा रहा था, उसे बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था। दोपहर लगभग तीन बजे कर्मचारियों ने सीएम को ज्ञापन देने के लिए निकलने की घोषणा कर दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीसीपी ख्याति गर्ग ने आननफानन में कर्मचारी नेताओं को दो दिन के अंदर मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री से वार्ता का भरोसा दिलाया और नेताओं से ज्ञापन लेकर कर्मचारियों को शांत कराया।




लखनऊ : अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय बंधु ने कहा है कि सरकार ने तीन किसान बिल को हितकर न मानते हुए जिस तरह वापस लिया है, उसी प्रकार नई पेंशन योजना कर्मचारियों के लिए पूरी तरह फ्लाप साबित हुई है। इसलिए सरकार तुरंत इसे वापस लेकर पुरानी पेंशन योजना बहाल करे। इससे जीवन भर सरकारी सेवा करने वाले शिक्षक कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।


इको गार्डेन पार्क में रविवार को पेंशन शंखनाद रैली में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा जहां एनपीएस से लोगो का भविष्य खराब हो रहा है, वहीं निजीकरण से युवाओं का वर्तमान खराब किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह ने कहा कि प्रदेश ही नहीं देशभर में नई पेंशन योजना से रिटायर्ड कर्मचारियों के परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के राजेंद्र पाल, चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रधान महासचिव अशोक कुमार व डिप्लोमा फार्मासिस्ट संघ के संदीप बडोला ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी और वृद्धावस्था का सम्मान है।


पुरानी पेंशन बहाली के लिए रविवार को शिक्षक/कर्मचारियों की भीड़ उमड़ पड़ी, चारबाग स्टेशन से लेकर बस अड्डों पर रात से ही शिक्षक व कर्मचारियों का आवागमन जारी रहा। संचालन प्रदेश महामंत्री डा. नीरजपति त्रिपाठी ने किया। रैली को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, पीडब्ल्यूडी के महामंत्री रामराज दूबे, श्रम एवं सेवायोजन कर्मचारी परिषद के महामंत्री अमित कुमार यादव, उप्र पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के रामेंद्र श्रीवास्तव, लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय के अध्यक्ष डा. मनोज पांडेय, उप्र लेखपाल संघ के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, लखनऊ विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राकेश यादव, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के महेंद्र सिंह, नर्सेज संघ की सीमा शुक्ला आदि ने भी संबोधित किया।

Post Bottom Ad

Pages