सुल्तानपुर टाइम्स |
- PM मोदी पूर्वांचल को समर्पित करेंगे चिकित्सा का सबसे बड़ा मंदिर
- कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- 7 साल की बच्ची की हत्या,5 दिनों से थी लापता
- मथुरा, काशी, अयोध्या में अलर्ट
- बॉर्डर पर बच्चा पैदा हुआ तो नाम रखा बॉर्डर
- सीएम योगी ने कहा आध्यात्मिक पर्यटन का एक नया केंद्र होगी काशी
- बॉक्स में मिला युवती का अर्धनग्न शव
- 8 दिसम्बर को निवर्तमान सरकार्यवाह भैय्या जी जोशी करेंगे संघ के विभाग कार्यालय का लोकार्पण
- छात्रा से सरेराह छेड़छाड़, तेजाब डालने की दी धमकी, पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज
- ट्रेन में सो रही थी लड़की, खींची चादर
| PM मोदी पूर्वांचल को समर्पित करेंगे चिकित्सा का सबसे बड़ा मंदिर Posted: 05 Dec 2021 10:18 PM PST लखनऊ पूर्वांचल के लोगों की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की सबसे बड़ी उम्मीद को पूरा करने वाला मंदिर बन कर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात दिसम्बर को गोरखपुर एम्स को नागरिकों को समर्पित करने वाले हैं। पूर्वांचल ही नहीं, बिहार एवं पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के लोगों के लिए भी यह चिकित्सा संस्थान वरदान सिद्ध होने वाला है, जिन्हें दिल्ली एम्स की फुटपाथों पर सर्द रातों, चुभती गर्मी और तूफानी बारिश में भीगकर अपने नम्बर का इंतजार करने को मजबूर होना पड़ता है।दशकों के राजनीतिक परिदृश्य को अगर देखें तो सिर्फ दो राजनेताओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्व में स्थित इस पिछड़े क्षेत्र के लोगों की कराह सुनी और समझी है। 1998 से लगातार गोरखपुर से सांसद रहे गोरखपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल के लोगों की वेदना तथा गोरखपुर में एम्स स्थापित करने की मांग अनेक बार संसद में उठाई मगर उनकी आवाज 2014 में सुनी गई, जब देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभाली। गोरखपुर में एम्स मुख्यमंत्री योगी की वर्षों की लोक तपस्या का प्रतिफल है।गोरखपुर एम्स के शुरू होने से उच्च चिकित्सा सेवाओं के लिए पूरे क्षेत्र के लोगों को दिल्ली, मुम्बई में भटकना नही पड़ेगा और न ही महंगे निजी कॉरपोरेट हॉस्पिटल में जाने को मजबूर होना पड़ेगा।कई सर्वे और स्टडीज साबित करती हैं कि स्वास्थ्य पर होने वाले खर्चों की वजह से एक बहुत बड़ी जनसंख्या गरीबी रेखा के नीचे चली जाती है। पिछड़ा पूर्वांचल क्षेत्र भी इसी चक्रव्यूह में फंसा हुआ था। अब एक नई उम्मीदों का आकाश पूर्वांचल वासियों के सामने है। चिकित्सा और शिक्षा को नई ऊंचाई प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी ने 22 जुलाई 2016 को गोरखपुर एम्स का शिलान्यास किया था।करीब ₹1012 करोड़ की लागत वाले तथा 112 एकड़ में विस्तृत इस चिकित्सा संस्थान में ओपीडी का उद्घाटन फरवरी 2019 को किया गया और इस समय 16 सुपरस्पेशलिटी विभागों की ओपीडी शुरू हो चुकी है। उद्घाटन के बाद 300 बेड का अस्पताल पूरी तरह से कार्य करना शुरू कर देगा। इसे 750 बेड तक विस्तारित करने की योजना है।स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरसता पूर्वांचल दशकों से राजनीति उपेक्षा का शिकार रहा। करीब चार दशकों तक जापानी इंसेफेलाइटिस यहां के हजारों बच्चों को हर वर्ष निगलता रहा। सरकारें बदलती रहीं मगर किसी ने सुध तक नहीं ली। नवजात शिशुओं को खोने की अपार पीड़ा की लड़ाई योगी ने सांसद के रूप में संसद से ले कर सड़क तक लड़ी पर तत्कालीन नीति निर्माताओं के कानों तक आवाज नहीं पहुँची। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते ही परिदृश्य बदलने लगा। उन्होंने इंसेफेलाइटिस के खिलाफ न सिर्फ जंग छेड़ी, बल्कि समन्वित प्रयासों से इस महामारी पर नियंत्रण कर लिया गया। केंद्र सरकार ने पूरा सहयोग दिया और यह पूर्वांचल के लोगों केलिए बहुत बड़ा सुअवसर है कि प्रधानमंत्री मोदी सात दिसम्बर को गोरखपुर के बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज में स्थापित रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर की नौ लैब्स को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये लैब्स जापानी इंसेफेलाइटिस के कारगर परीक्षण और शोध पर कार्य करेंगी। यह राज्य स्तरीय वायरस प्रशिक्षण लैब कोविड-19 की जांच और शोध के साथ अन्य विषाणुजनित बीमारियों पर पर शोध कार्य करेगा।अब प्रदेश में दो एम्स संचालित हैं। एक गोरखपुर में और दूसरा रायबरेली में। वर्ष 2007 में रायबरेली एम्स की स्वीकृति मिली लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव की वजह से इसके संचालन में देरी हुई। मोदी-योगी की जोड़ी बनते ही प्रदेश में स्थापित दोनों एम्स विश्वस्तरीय मानक से सुसज्जित हुए और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा के नए युग की शुरुआत हुई। इस जोड़ी को ही एम्स के संचालन का श्रेय जाता है। वहीं जिस बीमारी के आहट मात्र से ही पूरा परिवार हिल जाता हो, उस कैंसर के इलाज के लिए वाराणसी में देश का दूसरा बड़ा कैंसर हॉस्पिटल 'महामना कैंसर संस्थान' भी मरीजों के इलाज के लिए खोल दिया गया है।2017 में प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद से स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया गया। योगी सरकार आज 'एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज' के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश के 59 जनपदों में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील है। 16 जनपदों में PPP मॉडल पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।प्रदेश में पहले आयुष विश्विद्यालय महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का गोरखपुर में शिलान्यास किया गया और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है। लोगों को चिकित्सा पर होने वाले खर्चों से राहत देने के लिए प्रदेश में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) में 6 करोड़ 47 लाख लोगों को बीमा कवर दिया गया है। इसके साथ ही 42.19 लाख लोगों का मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में बीमा कवर सुनिश्चित किया गया है।चिकित्सा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्वास्थ शिक्षा पर भी योगी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में एमबीबीएस की 938 सीटें बढ़ाई गईं हैं तथा केंद्र सरकार से 900 सीटें बढ़ाए जाने की अनुमति शीघ्र मिलने की सम्भावना है। एमडी एवं एमएस में 127 सीटों की वृद्धि की गई है। चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है। इसके साथ ही 1104 भारतीय जन औषधि केन्द्रों के माध्यम से सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।योगी सरकार के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज नेशनल इंस्टिट्यूशनल रैकिंग फ्रेमवर्क ( एनआईआरएफ ) की इंडिया रैंकिंग में एसजीपीजाई 5वें, बीएचयू 7वें, केजीएमयू, लखनऊ 9वें तथा एएमयू 15वें स्थान पर है।योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कोरोना महामारी का बेहतर प्रबंधन किया, टीकाकरण में भी अग्रणी भूमिका में है। 16 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज तथा 5 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड टीके की दोनों डोज का सुरक्षा कवच प्रदान करने वाला देश का प्रथम राज्य बन गया है।प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी के लोककल्याण की प्रतिज्ञा का ही सुफल है कि आज उत्तर प्रदेश अपने लोगों को उनके नजदीक ही उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में सफलता हासिल कर रहा है।राजनीति, गोरखपीठ के संतों के लिए सिद्धि नहीं, बल्कि लोक-साधना का माध्यम है। उन्होंने राजनीति को लोक सेवा, लोककल्याण का माध्यम बनाया है। उत्तर प्रदेश के 24 करोड़ लोग इसे पूरी शिद्दत से महसूस भी कर रहे हैं। |
| कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत Posted: 05 Dec 2021 09:45 PM PST सुल्तानपुर बल्दीराय थाना क्षेत्र में आज सुबह 4:30 से 5:00 के बीच में कार की टक्कर से बाइक सवार 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बल्दीराय पुलिस के अनुसार, हलियापुर-कुड़वार मार्ग पर चक्कारी भीट गांव के निकट अनियंत्रित गति से जा रही ब्रेजा कार की टक्कर से बाइक सवार एक महिला व एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई,दुर्घटना में घायल 8 वर्ष की बच्ची ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक कुड़वार थाना क्षेत्र के भंडरा गांव के निवासी हैं,मृतक युवक विनोद कुमार निषाद (20) पुष्पा देवी(36) आरती (8) पुत्री प्रेमचंद के रूप में शिनाख्त हुई है। |
| 7 साल की बच्ची की हत्या,5 दिनों से थी लापता Posted: 05 Dec 2021 09:35 PM PST
लखनऊ प्रयागराज जिले में पांच दिनों से लापता 7 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। बच्ची के चेहरे को तेजाब से जलाया गया था। मऊआइमा के बेनीपुर गांव की बच्ची का शव रविवार शाम झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके शरीर पर ऊपर के कपड़े नहीं थे। फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से फॉरेंसिक सबूत इकट्ठा किए गए हैं। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी परिवार समेत फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।बच्ची के पिता ने बताया कि 30 नवंबर को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसी समय अचानक लापता हो गई। काफी देर जब बच्ची घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना दी। पिता ने बताया कि उनका पड़ोसी से जमीन का विवाद चल रहा है। उन्होंने उसी पर बच्ची की हत्या करके शव को झाड़ियों पर फेंकने का आरोप लगाया है। शक इसलिए भी है क्योंकि जिस दिन बच्ची लापता हुई थी उसी दिन से आरोपी परिवार समेत फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।बच्ची का शव क्षत-विक्षत था और चेहरा बुरी तरह से झुलसा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया। हालांकि, मऊआइमा पुलिस का कहना है कि बच्ची के चेहरे पर तेजाब डाला गया या जानवरों ने नोचा है, हत्या से पहले बच्ची के साथ रेप हुआ या नहीं, हत्या कब की गई, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सारी बातें साफ हो पाएगी। घटना वाली रात से पड़ोसी परिवार गायब है। जिसकी तलाश की जा रही है। |
| मथुरा, काशी, अयोध्या में अलर्ट Posted: 05 Dec 2021 09:23 PM PST
लखनऊ अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की 29वीं बरसी पर आज अयोध्या, काशी, मथुरा में अलर्ट है। शहर में पुलिस के अलावा, पीएसी, आरएएफ और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। हर गतिविधि पर खुफिया विभाग भी नजर बनाए हैं।एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि किसी भी शहर में कोई नया आयोजन नहीं होगा। रैली, पदयात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। कानून न मानने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।अयोध्या के एस एसपी ने कहा कि शहर में 6 दिसंबर को कड़ी सुरक्षा की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में सिविल पुलिस, पीएससी और कई एजेंसियां लगी हैं। बाहर से आने वाले सभी वाहनों को चेक किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि परंपरा से हटकर कोई भी आयोजन न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।विवादित ढांचा गिराए जाने की बरसी को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र की आबादी वाले इलाकों में रविवार शाम से ही पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। बता दें कि 6 दिसंबर को प्रत्येक वर्ष दालमंडी, हड़हा, बेनिया और इनके आसपास के इलाकों के कई दुकानदार स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखते हैं। इन सभी इलाकों में फोर्स को लगातार गश्त करते रहने के लिए कहा गया है।उधर, पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने बताया कि किसी भी नए आयोजन की इजाजत नहीं दी गई है। कमिश्नरेट की फोर्स को कहा गया है कि वह अतिरिक्त सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। मथुरा में 145 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। आसमान से लेकर जमीन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से श्रीकृष्ण जन्मस्थान, शाही ईदगाह और आसपास के इलाकों में नजर रखी जा रही है। शहर में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 14 पुलिस उपाधीक्षक, 40 इंस्पेक्टर, 1400 कॉन्स्टेबल के अलावा 10 कंपनी पीएसी और 16 कंपनी आरपीएफ तैनात की गई हैं। वहीं, एलआईयू, आईबी भी हर गतिविधि पर नजर रखे है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। |
| बॉर्डर पर बच्चा पैदा हुआ तो नाम रखा बॉर्डर Posted: 05 Dec 2021 09:20 PM PST
नई दिल्ली पंजाब के अटारी बॉर्डर पर ढाई महीने से फंसे पाकिस्तान के एक हिंदू परिवार में बच्चे के जन्म लेने पर उसका नाम 'बॉर्डर' ही रख दिया है ताकि परेशानी के इस दौर को जिंदगी भर याद रखा जा सके। यह परिवार 99 लोगों के दल में शामिल है, जो वीजा की गड़बड़ी के कारण भारत में ही अटके हुए हैं।कोरोना से पहले अपने रिश्तेदारों को मिलने और हिंदू मंदिरों के दर्शन के लिए 99 हिंदुओं का एक दल भारत पहुंचा था। ये सभी पाकिस्तानी नागरिक हैं, लेकिन वीजा की अवधि खत्म होने और जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण वापस अपने देश नहीं जा पा रहे हैं। इसी कारण ढाई महीने से उन्होंने भारत-पाकिस्तान को जोड़ने वाले अमृतसर के अटारी-वाघा बॉर्डर पर डेरा लगाया हुआ है। इसी डेरे में 2 दिसंबर को एक बच्चे ने जन्म लिया है।बच्चे के पिता पाकिस्तान के रहमिया के गांव राजनपुरा निवासी बालम राम ने बताया कि 2 दिसंबर को उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने आसपास के गांव के लोगों से मदद ली। लोगों ने उनकी पत्नी को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई। पराए देश और बॉर्डर पर परिस्थितियों को देखकर उन्होंने अपने बेटे का नाम ही बॉर्डर रखने का फैसला लिया। बालम राम ने बताया कि उनका बेटा बड़ा होकर बॉर्डर नाम के बारे में पूछेगा, लेकिन वह इसके लिए तैयार हैं। उसे भी पता चलना चाहिए कि उसका जन्म किन परिस्थतियों में और कहां हुआ।डेरे में रह रहे लोगों ने बताया कि पाकिस्तान में एजेंटों की गलती के कारण आज वे सभी यहां फंसे हुए हैं। उनके पासपोर्ट पर 25 दिन का वीजा लगाया गया था, इसकी वैलिडिटी 3 महीने की थी। लेकिन एजेंट ने उन्हें गलत जानकारी देकर बता दिया कि वीजा तीन महीने का है। तीन महीने पूरे होने के बाद जब वापस जाने का समय आया तो उन्हें बॉर्डर पार नहीं करने दिया गया। इसके बाद सभी राजस्थान अपने रिश्तेदारों के पास चले गए।बालम राम ने बताया कि इमिग्रेशन अधिकारी दस्तावेज पूरे ना होने के कारण उन्हें पाकिस्तान नहीं जाने दे रहे। अब उनके घर बॉर्डर का जन्म हो गया है। इसलिए अब उसके दस्तावेज और सर्टिफिकेट और पासपोर्ट भी उन्हें बनवाना होगा। इसके बाद ही पूरा परिवार पाकिस्तान जा पाएगा। |
| सीएम योगी ने कहा आध्यात्मिक पर्यटन का एक नया केंद्र होगी काशी Posted: 05 Dec 2021 02:30 AM PST
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार दोपहर को बनारस रेल इंजन कारखाना स्थित सभागार में कहा कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद वाराणसी आध्यात्मिक पर्यटन का एक नया केंद्र होगा। सदियों के बाद 13 दिसंबर को काशी में एक ऐतिहासिक आयोजन के हम सभी साक्षी बनेंगे। इस दौरान काशी पर देश और दुनिया भर के लोगों की निगाहें रहेंगी। इसलिए ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर काशी से एक बड़ा संदेश जाना चाहिए।शहर की साफ-सफाई से लेकर साज-सज्जा तक भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता बारीकी से ध्यान दें। संगठन के स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन से समन्वय बनाकर आयोजन को इस तरह से सफल बनाएं कि उसकी चौतरफा प्रशंसा हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित कराएं। लोकार्पण से पहले और उसके बाद एक माह तक काशी में उत्सव जैसा माहौल दिखाई देना चाहिए। गंगा घाटों से लेकर शहर की सड़कों, गलियों और मुहल्लों में काशी विश्वनाथ धाम के इतिहास और उसके नवनिर्माण की गाथा जन-जन को सुनाई जाए।विदेशी हमलावरों ने हमारी संस्कृति और सभ्यता को छिन्न-भिन्न करने का कई बार असफल प्रयास किया था। लेकिन, आज एक नया भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में अपना विशेष स्थान बना रहा है। काशी में होने वाला आयोजन अयोध्या से भी भव्य और दिव्य हो, हमें ऐसा सामूहिक प्रयास करना है। |
| बॉक्स में मिला युवती का अर्धनग्न शव Posted: 05 Dec 2021 02:36 AM PST
लखनऊ मेरठ के खरखोदा में 22 साल की युवती का शव गन्ने के खेत के किनारे एक बक्से में बंद मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवती का शव अर्धनग्न हालत में मिला है। पुलिस मान रही है कि दूसरे स्थान पर हत्या कर युवती का शव फेंका गया है। आशंका है कि दरिंदे ने दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या की। फिर लाश को ऐसे तोड़ा-मरोड़ा कि वह बॉक्स में समा जाए। आज रविवार को खरखौदा थाना क्षेत्र के अतराडा गांव में बंद बक्सा मिला। जिसके बाद खेत मालिक ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। युवती के चेहरे व गले पर भी चोट के निशान मिले हैं।फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस पर रखवा दिया है। पुलिस युवती के शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।जिस तरह से युवती का अर्धनग्न हालत में शव मिला है। गले पर चोट के निशान हैं। ऐसे में पुलिस मान रही है कि हो सकता है कि युवती की दुष्कर्म के बाद कहीं दूसरे स्थान पर हत्या कर शव को फेंका गया हो।पुलिस अधीक्षक देहात का कहना है कि युवती का शव मिला है। अभी शव की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस युवती के शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पोस्टमॉर्टम कराकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। |
| 8 दिसम्बर को निवर्तमान सरकार्यवाह भैय्या जी जोशी करेंगे संघ के विभाग कार्यालय का लोकार्पण Posted: 04 Dec 2021 10:58 PM PST सुलतानपुर अयोध्या- प्रयागराज राजमार्ग पर शहर के नजदीक स्थित कस्बा, महाराणा प्रताप द्वार के पास बने सुल्तानपुर विभाग के नवनिर्मित आरएसएस कार्यालय का आधुनिक भवन पूर्वांचल की गतिविधियों का केंद्र होगा।आगामी 8 दिसंबर को मध्यान्ह 1:00 बजे संघ के निवर्तमान सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भैय्या जी जोशी) संघ भवन का लोकार्पण करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सुल्तानपुर विभाग के नवनिर्मित कार्यालय का नाम प्रो. राजेंद्र सिंह "रज्जू भैया" सदन रखा गया है।शहर के कस्बा में करीब 8 महीनों से संघ भवन का निर्माण चल रहा है।आरएसएस के आधुनिक भवन के निर्माण का कार्य 24 अप्रैल 2021 से प्रारंभ हुआ ,17 फरवरी 2021 को भूमि पूजन किया गया था।8 महीनों में पांच मंजिला इमारत बनकर तैयार हो गई है। संघ के आधुनिक भवन में लिफ्ट की व्यवस्था के साथ लगभग दो दर्जन कमरे,चार सौ लोगों का मीटिंग हाल,कॉन्फ्रेंस रूम व 50 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है।अयोध्याधाम,प्रयागराज, सुल्तानपुर,अमेठी , प्रतापगढ़ के बीच स्थित बना संघ का आधुनिक कार्यालय पूर्वांचल की गतिविधियों का केंद्र होगा।सुल्तानपुर में बने भव्य कार्यालय में आरएसएस की बड़ी और महत्वपूर्ण बैठकें व प्रशिक्षण आयोजित होंगे।शनिवार को विभाग प्रचारक अजीत जी, समाजसेवी राजेश पांडे,रूपेश सिंह, विजय सिंह रघुवंशी, शशिकांत पांडे, श्याम बहादुर पांडे, अरुण द्विवेदी आदि ने संघ के विभाग कार्यालय पर लग रहे टेंट व अन्य तैयारियों का जायजा लिया। 8 दिसंबर को लोकार्पण के दिन हजारों स्वयंसेवकों व लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। |
| छात्रा से सरेराह छेड़छाड़, तेजाब डालने की दी धमकी, पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज Posted: 04 Dec 2021 10:49 PM PST लखनऊ पीलीभीत शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा 11 की छात्रा के साथ रास्ते में छेड़छाड़ करने, साथ ना चलने पर उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी देने और लड़की के ऊपर तेजाब डालकर जला देने की धमकी देने के मामले में पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के आदेश पर थाना सुनगढ़ी में बरेली के एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।शहर के पीड़ित छात्रा के पिता ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि, उनकी 16 वर्षीय बेटी शहर के एक स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा है। छात्रा पहले बरेली में पढ़ती थी। बरेली के मोहल्ला होली चौक सूरत थाना प्रेमनगर निवासी गंगाराम का 27 वर्षीय पुत्र अंशुल सागर रास्ते में रोक कर अश्लील भाषा का प्रयोग कर उसे परेशान करता था। साथ ही धमकी देता था कि वह उसको उठाकर ले जाएगा। बेटी ने अंशुल की शिकायत की तो लड़की के पिता ने अंशुल को ऐसा ना करने को कहा तब अंशुल ने लड़की के पिता के साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। जिससे परेशान होकर उसने अपनी बेटी का नाम बरेली से कटवा कर शहर के स्कूल में लिखवा दिया। बताया कि आए दिन अंशुल पीलीभीत पहुंच जाता है और उनकी बेटी को रास्ते में रोककर परेशान करता है। साथ चलने को कहता है। फोन करके उनकी बेटी से अश्लील बातें करता है।2 दिसंबर को स्कूल जाते समय अंशुल ने उनकी बेटी को गांधी स्टेडियम रोड पर रोका और साथ चलने को कहा कि अगर वह साथ नहीं जाएगी तो उसके मां-बाप को जान से मार देगा और उसे तेजाब से जला देगा। बताया कि इस वजह से वह स्कूल न जाकर घर वापस आ गई और सारा घटनाक्रम बताया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अंशुल सागर के खिलाफ थाना सुनगढ़ी में पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। |
| ट्रेन में सो रही थी लड़की, खींची चादर Posted: 04 Dec 2021 10:48 PM PST लखनऊ मेवाड़ एक्सप्रेस में यात्रा कर रही युवती से डाक विभाग के कर्मचारी ने अश्लील हरकत की। शिकायत पर कर्मचारी को उदयपुर जीआरपी ने गिरफ्तार कर मथुरा जीआरपी के हवाले किया है। पीड़िता ने मथुरा जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।नई दिल्ली निवासी युवती उदयपुर में रहकर पढ़ाई कर रही है। वह शुक्रवार रात दिल्ली से उदयपुर जाने के लिए मेवाड़ एक्सप्रेस के एस-6 कोच में सवार हुई। ट्रेन जब मथुरा जंक्शन पहुंची तो कोच में सवार खुशीराम पुत्र दिलबाग निवासी उचाना मंडी जिंद हरियाणा ने युवती के साथ अश्लील हरकत कर दी। ट्रेन के रवाना होने के बाद पूरे रास्ते खुशीराम युवती से अभद्र हरकतें करता रहा। यहां तक कि जब युवती सो गई, तो उसने उसकी चादर खींच ली। ट्रेन जब उदयपुर स्टेशन पर रुकी तो युवती ने खुशीराम के खिलाफ उदयपुर जीआरपी थाने में तहरीर दी। इस पर जीआरपी ने उसे धर दबोचा।मामला मथुरा जंक्शन से जुड़ा होने के कारण उदयपुर जीआरपी खुशीराम को लेकर शनिवार सुबह मथुरा जीआरपी थाने पहुंची। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय खरवार ने बताया कि मेवाड़ एक्सप्रेस में युवती के साथ यात्री ने तब अश्लील हरकत की जब ट्रेन मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी थी। उदयपुर जीआरपी ने आरोपी को पकड़ा और मथुरा लाई। युवती ने उदयपुर में ही तहरीर दी थी। इस आधार पर खुशीराम के खिलाफ अश्लील हरकत करने का मुकदमा दर्ज किया है। खुशीराम डाक विभाग में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर उदयपुर में तैनात है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |