न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट |
| तीसरी लहर आई भी तो नहीं होंगे दूसरी जैसे हालात! सरकार ने कहा- ओमिक्रॉन में ऑक्सीजन की जरूरत कम Posted: 24 Dec 2021 05:21 PM PST केंद्र सरकार ने कहा कि ओमिक्रॉन संक्रमण के मामलों के उपचार के दौरान आक्सीजन की जरूरत पड़ने के संकेत नहीं मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि ओमिक्रॉन से सर्वाधिक प्रभावित दक्षिण अफ्रीका और अन्य देशों से प्राप्त सूचनाओं में इस बात की पुष्टि होती है। हालांकि, देश में कोरोना की दूसरी लहर के बाद मेडिकल आक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। देश में ओमिक्रॉन के संक्रमण के चलते तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच यह खबर राहत पहुंचाने वाली है। दरअसल, अब तक जितने भी मामले मिले हैं, उनमें या तो बिना लक्षणों वाले हैं या हल्के लक्षणों के। प्रेस कांफ्रेंस में शुक्रवार को भूषण ने कहा कि देश ने अब तक दो कोरोना लहर का सामना किया है। सितंबर 2020 में जब पहली लहर पीक पर थी तो देश में किसी एक दिन में अधिकतम आक्सीजन की मांग 1000 मीट्रिक टन तक पहुंची थी। लेकिन, मई 2021 में दूसरी लहर के दौरान यह अधिकत 10 हजार मीट्रिक टन तक जा पहुंची थी। उसके बाद सरकार ने बड़े पैमाने पर मेडिकल आक्सीजन की उपलब्धता के इंतजाम किए। देश में 494314 आक्सीजन बेड उन्होंने कहा कि आज 18836 मीट्रिक टन मेडिकल आक्सीजन प्रतिदिन की उपलब्धता देश में है। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के मद्देनजर राज्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। देश में 1810083 कोविड आइसोलेशन बेड, 494314 आक्सीजन बेड, 139300 आईसीयू बेड, 24057 पीडियाट्रिक आसीयू बेड तथा 64796 पीडियाट्रिक बेड का इंतजाम किया गया है। ओमिक्रॉन के मामले डेढ़ से तीन दिन में दोगुना हो रहे भूषण ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि डेल्टा की तुलना में ओमिक्रॉन समुदायों के माध्यम से तेजी से फैल रहा है। इसके मामले डेढ़ से तीन दिन में दोगुना हो रहे हैं। इसमें प्रतिरोधक क्षमता नजरंदाज करने की ताकत भी है। बूस्टर डोज ले लेना इसका समाधान नहीं साथ ही डब्ल्यूएचओ ने यह भी कहा कि बूस्टर डोज ले लेना इसका समाधान नहीं है। कोरोना अनुकूल व्यवहार का पालन करने के साथ-साथ पूर्ण टीकाकरण जरूरी है। साथ ही ओमिक्रोन के उपचार और बचाव का तरीका भी पूर्व की भांति रहेगा। कोरोना संक्रमण के खिलाफ दो तरीके से कार्य करता है प्रतिरोधक तंत्र भूषण ने कहा कि डब्ल्यूएचओ के हवाले से यह भी कहा कि कोरोना संक्रमण के खिलाफ प्रतिरोधक तंत्र दो तरीके से कार्य करता है। एक टीके के कारण शरीर में उत्पन्न न्यूट्रीलाइजिंग एंटीबाडीज संक्रमण को रोकती हैं। समय के साथ-साथ इनकी संख्या घटने लगती है। लेकिन, इसके साथ ही टी सेल के जरिये शरीर का दूसरा प्रतिरोधक तंत्र भी समानांतर रूप से कार्य करता है। अब तक दुनिया के 108 देशों में ओमिक्रॉन के 1.51 लाख मामले इस मौके पर आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि ओमिक्रोन के ज्यादातर मामले बिना लक्षणों वाले और हल्के लक्षणों के हैं। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अब तक दुनिया के 108 देशों में ओमिक्रोन के 1.51 लाख मामले आ चुके हैं तथा 26 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में इससे सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। दुनिया कोरोना की चौथी लहर का सामना कर रही सरकार ने कहा कि विश्व कोविड-19 के चौथे उभार का सामना कर रहा है। संक्रमण की पुष्टि की समग्र दर 6.1 प्रतिशत है। ऐसे में हमें अपनी सतर्कता खासकर साल के अंत में होने वाले उत्सवों के दौरान बनाए रखने की आवश्यकता है। साथ ही सरकार ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों और अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया तथा कोविड संबंधी उपयुक्त व्यवहार और जल्दी टीकाकरण पर जोर दिया। |
| भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान Posted: 24 Dec 2021 05:17 PM PST लम्बे समय तक भारतीय टीम में खेलने के बाद आख़िरकार अब हरभजन सिंह ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। हरभजन सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए इस बारे में जानकारी दी है। भज्जी ने अपने यूट्यूब चैनल पर भी अपने संन्यास की घोषणा की है। हरभजन ने कहा कि 23 साल का सफर खत्म हुआ, अब खेल को अलिवदा। अपने यूट्यूब चैनल पर लाइव आकर हरभजन सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हरभजन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैट्रिक को यादगार बताया। इसके बाद उन्होंने 2007 में जीते टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में जीते वर्ल्ड कप को यादगार माना। अंडर 14 से लेकर आईपीएल तक खेलने वाले सभी खिलाड़ियों का उन्होंने धन्यवाद कहा। इसके अलावा भज्जी ने अम्पायरों, ग्राउंड्समैन और फैन्स का भी शुक्रिया अदा किया। बीसीसीआई अध्यक्ष और सचिव का भी भज्जी ने शुक्रिया अदा किया। हरभजन सिंह ने अपनी पत्नी और बेटी को कहा कि अब मैं आपके साथ ज्यादा समय बिता पाऊंगा। हरभजन सिंह ने कहा कि आगामी समय में किसी भी भूमिका में मैं क्रिकेट से भारत की सेवा करने का प्रयास करूँगा। आपका टर्बनेटर तैयार रहेगा। गौरतलब है कि हरभजन सिंह ने भारतीय टीम के लिए तीनों प्रारूप में खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में भज्जी ने भारतीय टीम के लिए 103 मुकाबलों में 417 विकेट अपने नाम किये। इसके अलावा एकदिवसीय क्रिकेट में 236 मैचों में उन्होंने 269 विकेट अपने नाम किये। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हरभजन सिंह ने 28 मुकाबले खेलकर 25 विकेट अपने नाम किये। इन आंकड़ों को देखकर कहा जा सकता है कि वह किस स्तर के खिलाड़ी रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में भज्जी ने 2 शतकीय पारियां भी खेली हैं। आईपीएल में भज्जी ने मुंबई इंडियंस, केकेआर, चेन्नई सुपरकिंग्स आदि टीमों का प्रतिनिधित्व किया। देखना होगा कि वह एक नए रोल में कब नजर आते हैं। |
| You are subscribed to email updates from न्यूज़ हिमाचली News Himachali | हिमाचल की No. 1 हिंदी वेबसाइट. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |