सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, January 26, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या नौ हुई, आबकारी निरीक्षक समेत दो निलंबित

Posted: 26 Jan 2022 03:07 AM PST


लखनऊ उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच जहरीली शराब ने तांडव मचाया है। रायबरेली में महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शराब पीने से कुछ ही घंटों में नौ लोगों की मौत हो गई है। मंगलवार की देर शाम से शुरू हुई मौत का सिलसिला बुधवार की दोपहर तक जारी रहा। दो दर्जन से ज्यादा लोगों की तबीयत खराब है। सभी को सीएचसी से रेफर किया गया है जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव,  पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस व प्रशासन के आलाधिकारी गांव पहुंच कर जांच में जुट गए। जिला प्रशासन ने इस मामले में आबकारी निरीक्षक एवं एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा जिला आबकारी अधिकारी राजेश्वर मौर्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। एडीएम प्रशासन ने बुधवार को बताया कि पहाड़पुर स्थित सरकारी शराब के ठेके पर जहरीली शराब पीने से अब तक नौ लोगों की मौत हो गयी है। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस ठेके का लाइसेंस धीरेंद्र सिंह के नाम है। उन्होंने बताया कि ठेके पर मंगलवार देर शाम कुछ लोगों ने शराब खरीद कर पी थी। कुमार ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्तियों को महाराजगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। शराब पीने वाले कुछ अन्य लोगों की हालत बाद में बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।उन्होंने बताया अब तक नौ लोग की मौत हो चुकी है। कुछ अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। जहरीली शराब पीकर मरने वालों में पंकज (28), सरोज (40), रामसुमेर (40), गजोधर (46), वंशिलाल (50), सुखरानी (60) और चंद्रपाल (50) समेत दो अन्य के अब तक मरने की आधिकारिक सूचना मिली है। जबकि कुछ अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुमार ने बताया कि ठेके का लाइसेंस धारक फरार है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जिला प्रशासन ने सरकारी ठेके या किसी भी स्थल से 'विंडीज़' नामक ब्रांड की देशी शराब के सेवन पर रोक लगाते हुए जिला कंट्रोल रूम से एक हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया है।

इसमें कहा गया है कि अगर किसी ने विंडीज ब्रांड की देशी शराब का सेवन किया है तो वह तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र जाकर अपनी स्वास्थ्य जांच करा ले। जनपद रायबरेली की जनता से अपील है कि सरकारी ठेके अथवा अन्य किसी स्थल से प्राप्त विंडीज देसी शराब का सेवन ना करें। 05352203320,9454418979,9454418981 पर सम्पर्क करे अतः अग्रिम आदेशों तक इसका सेवन ना करें।

73 वां गणतंन्त्र दिवस राष्ट्रीय पर्व जिले में गरिमापूर्ण, हर्षोंल्लास एवं सादगी के साथ मनाया गया

Posted: 26 Jan 2022 02:35 AM PST


सुलतानपुर जिले में 73वां गणतंन्त्र दिवस राष्ट्रीय पर्व गत वर्ष की भांति गरिमापूर्ण ढ़ंग से, कोविड-19 गाइड लाइन व आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए हर्षोंल्लास एवं सादगी के साथ मनाया गया, जिसमें झण्डा फहराना, राष्ट्रगान, संविधान संकल्प, महापुरूषों/महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, छात्र/छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित स्कूली बच्चों का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने प्रातः 9ः30 बजे पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, व सलामी तथा पुलिस परेड निरीक्षण किया और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अपने सम्बोधन में जनपद वासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गणतंत्र/लोकतंत्र को और मजबूत बनाने की बात कही।

उन्होंने भारत के महान स्वतंत्र सेनानियों, अमर शहीदों को याद करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत व संघर्ष का परिणाम है कि आज हम गणतंत्र दिवस एक उत्सव के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान कर वोट प्रतिशत को शत-प्रतिशत तक लाने का प्रयास करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, धर्म-निरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द्र की भावना को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिये जाने की बात कही। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र द्वारा शान्ति का प्रतीक कबूतर व गुब्बारे छोड़े गये। पुलिस अधीक्षक द्वारा 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों/कर्मियों को संविधान संकल्प दिलाया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सभी परेड कमाण्डरों का परिचय प्राप्त किया गया तथा उन्हें पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसी के साथ-साथ परेड कमाण्डर सहित सभी कमाण्डरों को सील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी व पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक द्वारा कोविड-19 के दौरान विशेष योगदान के लिये मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी तथा डॉ0 गोपाल रजक को स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया।   पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी को स्मृतिचिन्ह भेंट किया । राष्ट्रीय पर्व पर पुलिस लाइन में विद्यालय के छात्र/छात्राओं द्वारा 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन  अनिल द्विवेदी ने किया।

   इसके पूर्व 73वें गणतंन्त्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स सहित विभिन्न कार्यालयों में सम्बन्धित कार्यालयाध्यक्षों द्वारा प्रातः 8ः30 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, संविधान संकल्प व महापुरूषों/महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर गत वर्ष की भांति हर्षोंल्लास एवं सादगी के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया।कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को संविधान का संकल्प दिलवाया तथा अधिकारियों/कर्मचारियों व जनपदवासियो को इस राष्ट्रीय पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

  कलेक्ट्रेट में आयोजित विचार गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) बी0 प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) मनोज कुमार पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन व उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, उप जिलाधिकारी कहकशॉ अंजुम सहित उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों तथा समाज सेवी व्यक्तियों द्वारा संविधान पर चर्चा एवं आजादी कैसे मिली पर प्रकाश डाला गया। कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण से पूर्व जिलाधिकारी श्री गुप्ता द्वारा डॉ0 राम मनोहर लोहिया व चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।  राष्ट्रीय पर्व पर जिले के नगर/ग्रामीण क्षेत्रों में प्रातःकाल विभिन्न विद्यालयों में कोविड-19 गाइड लाइन व आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए 73वें गणतंत्र दिवस के उत्सव को शांतिपूर्वक व सादगी के साथ मनाया गया। शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 10ः00 बजे प्राचार्य/ प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, ऑनलाइन निबन्ध प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया ।   जिला सैनिक एवं कल्याण विभाग द्वारा सेवानिवृत्त सैनिकों के कल्याणार्थ कार्यक्रम/विचार गोष्ठी का आयोजन कर भूतपूर्व सैनिकों/आश्रितों का सम्मान किया गया। जिले के शहरी/ग्रामीण क्षेत्रों में सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य एवं  स्वच्छता, आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।  इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी सहित सम्भ्रान्त नागरिकगण व विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक/अध्यापिकाएं, अभिभावकगण, छात्रा/छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Posted: 26 Jan 2022 02:02 AM PST


सुलतानपुर आज गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर परेड ग्राउण्ड रिजर्व पुलिस लाइन  में सुव्यवस्थित ढंग से सादगी व उत्साहपूर्वक रैतिक परेड का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी  रवीश गुप्ता जनपद  ने कार्यक्रम में शिरकत किया। पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गयी तत्पश्चात परेड का निरीक्षण कर परेड के मंच से गुजरने पर "दाहिने देख" की कार्यवाही का अभिवादन स्वीकार किया गया। परेड में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की टोलियां, आपात सेवा 112 की दो पहिया व चार पहिया पीआरवी, स्वाट टीम, श्वान दल, दंगा नियंत्रण वाहन, फायर सर्विस , कोविड-19 फाइट टीम, मिशन शक्ति टीम आदि शामिल रहीं। 

पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक शपथ-पत्र का वाचन कर परेड में शामिल टोलियों को संविधान की शपथ दिलाई । तत्पश्चात मुख्य अतिथि जिलाधिकारी व पुलिस उपमहानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक द्वारा शांति एवं सद्भावना के प्रतीक स्वरूप आकाश में गुब्बारे व कबूतर छोड़े गए।तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा अपने सम्बोधन में परेड की सराहना करते हुये जवानों के जज्बे का उत्साहवर्धन कर 21000 रु0 से पुरुस्कृत किया ।

परेड कमाण्डरगणों 1. क्षेत्राधिकारी बल्दीराय  राजाराम चौधरी, 2. प्रतिसार निरीक्षक  इन्द्रसेन सिंह, 3. उ0नि0 आनंद गौतम, 4. उ0नि0 यादुवेन्द्र सोनकर, 5. व0उ0नि0 दयाशंकर मिश्र, 6. उ0नि0 मृदुल मयंक पाण्डेय, 7. उ0नि0 शरद दुबे, 8. उ0नि0 चित्रा सिंह को प्रशस्ति-पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया ।जिलाधिकारी, पुलिस उपमहानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक  मुख्य विकास अधिकारी  व अपर पुलिस अधीक्षक  द्वारा जिला पुलिस में उत्कृष्ट कार्य करके अपना गौरव बढाने वाले पुलिस उपाधीक्षक  शिवम कुमार मिश्र, प्र0नि0 को0नगर राम आशीष उपाध्याय, उ0नि0 कालिका प्रसाद थाना मोतिगरपुर, थानाध्यक्ष बंधुआकला उ0नि0 रविन्द्र सिंह, प्र0नि0 गोसाईगंज श्री संदीप कुमार राय, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस मो0 अकरम, उ0नि0 परमात्मा सिंह स्वॉट टीम, उ0नि0 कृष्ण प्रसाद, थानाध्यक्ष धनपतगंज श्री मनोज कुमार शर्मा, प्रभारी यातायात  अनूप कुमार सिंह, प्र0नि0 लम्भुआ नर्वदेश्वर तिवारी, थानाध्यक्ष धम्मौर सुनील कुमार पाण्डेय, थानाध्यक्ष कूरेभार  श्रीराम पाण्डेय, प्र0नि0 महिला थाना  मीरा कुशवाहा, थाना धनपतगंज म0आ0 राज कुमारी गुप्ता, म0रि0चौकी लम्भुआ उ0नि0 चित्रा सिंह, मु0आ0 अनुराग सिंह सर्विलांस टीम, मु0आ0 निर्भय सिंह सर्विलांस टीम, आ0 दुर्गादत्त दीक्षित सर्विलांस टीम, मु0आ0 समरजीत सरोज स्वॉट टीम, आ0 तेजभान स्वाट टीम, अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय म0आ0 दीपा पटेल, आ0 राजू सिंह, मु0आ0 राकेश कुमार राय, उ0नि0 राम प्रकाश सिंह, बल्दीराय क्षेत्राधिकारी कार्यालय मु0आ0 वीरेन्द्र सिंह, जयसिंहपुर क्षेत्राधिकारी कार्यालय मु0आ0 अभिजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी कादीपुर कार्यालय मु0आ0 राजकुमार, सम्मन सेल म0आ0 शशिप्रभा, आईजीआरएस म0आ0 प्रतिभा कुशवाहा, चौकी प्रभारी सीताकुण्ड उ0नि0 कमलेश कुमार यादव, डीसीआरबी आ0 घनश्याम मिश्रा, महिला सहायता प्रकोष्ठ म0आ0 प्रियंका अवस्थी, मनिटरिंग सेल आ0 विश्वजीत सिंह, विशेष जॉच प्रकोष्ठ आ0 सुरेश पटेल, साइबर सेल आ0 सूरज पटेल, मीडिया सेल आ0 रविन्द्र कुमार, आ0 अनिल रंजन क्राइम ब्रांच, म0आ0 प्रतिभा पटेल लोक शिकायत प्रकोष्ठ, जनपद के पीआरवी वाहन पर तैनात रहकर सूचना मिलने के बाद जल्द से जल्द मौके पर पहुँचकर जनमानस को मदद पहुँचाने के सम्बन्ध में मु0आ0 आम प्रकाश मिश्र, आ0 वंश पाल, आ0चा0 दीपक भारती, मु0आ0 रविन्द्रनाथ सिंह यादव, आ0 रामभज राजभर, मु0आ0 धर्मदेव वर्मा, आ0 आशीष ओझा, हो0गा0चा0 सत्यनारायण प्रजापति, महिला आरक्षी खुशबू सिंह पुलिस लाइन, महिला आरक्षी प्रिया पाल पुलिस लाइन को प्रशस्ति-पत्र देकर उत्साहवर्धन व सम्मानित किया।

डाँग स्कावड द्वारा डीएम व एसपी  को पुष्प भेंट कर सलामी दी गयी व डाँग स्कावड द्वारा माँक ड्रिल कर पेड़ के पीछे छिपे हुये जवान को पकड़कर सबके समक्ष प्रस्तुत किया । जिस प्रदर्शन पर पूरा परेड ग्राउण्ड तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा । मुख्य अतिथि ने भी डाँग स्कावड की सराहना कर उत्साहवर्धन किया । अन्त में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरुस्कृत किया गया। इस अवसर पर  जिला जज, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका अध्यक्ष व अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा अपनी गरिमामयी उपस्थिति से परेड में सम्मिलित जवानों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


तीसरे, चौथे और पांचवें चरण की सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी तय

Posted: 26 Jan 2022 12:05 AM PST

 


लखनऊ भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 16, चौथे चरण की 20 और पांचवें चरण की 59 सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में तीन घंटे से अधिक समय तक चली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई।भाजपा ने तीसरे चरण की 59 में से 16, चौथे चरण की 59 में से 20 सीटों पर प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए हैं। इनमें लखनऊ की 9 सीटें भी शामिल हैं। गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश  प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्रीडॉ. दिनेश शर्मा और महामंत्री संगठन सुनील बंसल की मौजूदगी में 23 और 24 जनवरी को हुई कोर कमेटी की बैठक में तीसरे, चौथे और पांचवें चरण की सीटों के लिए प्रत्याशियों के चयन पर मंथन किया गया।जातिगत समीकरण, सर्वे रिपोर्ट, संगठन की रिपोर्ट के आधार पर कोर कमेटी ने प्रत्याशियों का पैनल केंद्रीय चुनाव समिति  के लिए प्रस्तुत किया। मंगलवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा के बाद सौ से अधिक सीटों पर प्रत्याशियों का चयन किया गया। वहीं, कुछ सीटों पर निर्णय लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अधिकृत किया गया। कुछ मौजूदा विधायकों और मंत्रियों की सीटें बदली जा सकती हैं। वहीं, करीब 20 फीसदी तक मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 26 या 27 जनवरी को उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है।

आजम खान जेल से ही करेंगे पर्चा दाखिल

Posted: 25 Jan 2022 10:57 PM PST

 


लखनऊ विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने सांसद आजम खान  को रामपुर  के स्वार विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है।आजम खान सीतापुर जेल से ही पर्चा दाखिल करेंगे। एमपी-एमएलए कोर्ट ने आजम खान को जेल से ही पर्चा दाखिल करने की अनुमति दे दी है और कोर्ट का आदेश फैक्स के जरिए जेल प्रशासन को भेज दिया गया है।दरअसल आजम खान ने अपने वकील के द्वारा नामांकन की अनुमति के लिए कोर्ट में दाखिल की थी अर्जी।जिसके बाद कोर्ट ने अनुमति दे दी। अब आजम खान सीतापुर जेल से ही नामंकन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। रामपुर में दूसरे चरण में वोटिंग है और 28 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख है।बता दें कि आजम फिलहाल रामपुर से सांसद हैं और वह फरवरी 2020 से जेल में बंद हैं।उनके खिलाफ करीब 100 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जहरीली शराब पीने से एक महिला समेत 6 लोगों की मौत

Posted: 25 Jan 2022 10:49 PM PST

 


लखनऊ रायबरेली जिले में महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में चुनाव और सहालग का मौसम लोगों की जान पर बन आया यहां जहरीली शराब  पीने से 6 लोगों की मौत हो गईवहीं डेढ़ दर्जन लोग गंभीर रूप से बीमार बताए जा रहे हैंजहरीली शराब से चार लोगों की मौत खबर मिलने पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के साथ पूरा प्रशासनिक अमला स्वास्थ्य टीम के साथ गांव पहुंच गया हैप्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम महराजगंज कोतवाली में पड़ने वाले पहाड़पुर गांव में जहरीली शराब पीने से मौत हो गई इनकी पहचान पूरे छत्ता मजरे पहाड़पुर निवासी 60 वर्षीय बंशीलाल व 65 वर्षीय सुखरानी, 40 साल के सरोज यादव और राम सुमेर के नाम से हुई हैवहीं गांव के ही 35 वर्षीय जितेंद्र उर्फ पंकज सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है जिनका इलाज सीएचसी महराजगंज में चल रहा है यहां जहरीली शराब पीने से कई और लोगों की हालत गंभीर होने की सूचना है जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैशराब से हुई मौत के बाद गांव पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मामले की जानकारी ली जिसमें यह सामने आया कि मंगलवार को गांव के ही एक घर में शुभ कार्यक्रम था जिसमें मौजद लोगों ने पास के देसी शराब के ठेके से खरीदकर शराब पी जिसके बाद लोगों की तबियत बिगड़ने लगी और चार लोगों की मौत हो गई वहीं डेढ़ दर्जन लोगों की हालत गंभीर है, जिनका इलाज चल रहा हैगांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच की और जिन्होंने उसी ठेके से शराब पी थी उन सभी को एहतियात के तौर पर अस्पताल पहुंचाया फिलहाल जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला लखनऊ मंडल के कमिश्नर रंजन कुमार आईजी लक्ष्मी सिंह  पहुंचे रायबरेली के पहाड़पुर गांव मृतकों के परिजनों से कर रहे मुलाकात। 

सपा ने 39 प्रत्याशियों की सूची की जारी

Posted: 25 Jan 2022 08:40 AM PST


लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने 39 और उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है।

महज एक दिन पहले ही सपा ने 159 उम्मीदवारों की लिस्ट  जारी की थी। इसमें अखिलेश यादव  समेत कई बड़े नेताओं के नाम थे।

गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं

Posted: 25 Jan 2022 07:08 AM PST


 

गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं

Posted: 25 Jan 2022 07:07 AM PST


 

गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं

Posted: 25 Jan 2022 07:06 AM PST


 

सफाई कर्मी की विधवा ने DPRO पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप; अधिकारी ने आरोप को किया खारिज

Posted: 25 Jan 2022 06:54 AM PST


सुलतानपुर जिले में एक सफाई कर्मी की विधवा मृतक आश्रित कोटे में नौकरी पाने के लिए दस सालों से भटक रही है। दलित विधवा का आरोप है कि जिला पंचायत राज अधिकारी ने उसके साथ छेड़छाड़ किया है। महिला ने इसकी शिकायत एससीएसटी आयोग समेत तमाम उच्च अधिकारियों से की है। इस बाबत जिला पंचायत राज अधिकारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है।आपको बता दें कि मामला दुबेपुर ब्लॉक के एक गांव का है। यहां का रहने वाला दलित सफाई कर्मी का गंभीर बीमारी के चलते 2012 में निधन हो गया था। तब से उसकी विधवा पत्नी नौकरी के लिए जिला पंचायत राज विभाग के ऑफिस का चक्कर लगा रही थी। आरोप है कि बीते नवंबर माह में महिला को जिला पंचायत राज आधिकारी आरके भारती ने अपने घर बुलाया और  जबरन उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे। महिला ने विरोध किया तो आरके भारती ने उसका हाथ पकड़ लिया किसी तरह महिला वहां से भाग निकली। इस बात से नाराज जिला पंचायत राज अधिकारी ने उसे नौकरी न देने की धमकी दे डाली। पीड़ित महिला ने जिला पंचायत राज अधिकारी की करतूत की शिकायत एससीएसटी आयोग समेत तमाम आलाधिकारियों से की है। इसी बात को लेकर आज एक जांच टीम कलेक्ट्रेट पहुंची और पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया।उधर दलित विधवा के आरोपों को जिला पंचायत राज अधिकारी आर के भारती ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने  पत्रकारों से  कहा कि इस महिला का नियुक्ति प्रत्यावेदन निरस्त  किया जा चुका है। इसी बात को लेकर वो उन पर आरोप लगा रही है। डीपीआरओ के अनुसार महिला की रिकॉर्डिंग उनके पास है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला ने उनसे कभी मुलाकात नहीं की है। साथ ही वो महिला भी कभी ऑफिस नहीं आई है।

डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Posted: 25 Jan 2022 06:48 AM PST


सुलतानपुर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट परिसर व तहसील सदर में ''12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस'' के अवसर पर मतदाता शपथ, स्कूली बच्चों द्वारा रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता, मतदाता जागरूकता गीत, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कर सशक्त लोकतंत्र के लिये मतदाता साक्षरता कार्यक्रम जिला मुख्यालय सहित तहसील व ब्लाकों में आयोजित किया गया। 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में आज पूर्वान्ह 11 बजे जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलायी गयी। 12वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम "Making Elections Inclusive, Accessible and Participative" ''चुनावों को समावेशी, सुगम और सहभागी बनाना'' है। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) बी0प्रसाद, उप जिलाधिकारी सदर  द्वारा सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। केश कुमारी राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, मतदान के लिये प्रेरित करने सम्बन्धी गीत, रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता की  प्रस्तुति की गयी।  

तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि 25 जनवरी को मतदाता दिवस मनाकर युवा मतदाताओं एवं भावी मतदाताओं को मतदान के लिये जागरूक करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने एक वोट की कीमत की महत्ता को बताते हुए कहा कि अक्सर लोग कहते हैं कि मेरे एक वोट न देने से क्या हो जायेगा, तो मैं बताना चाहूँगा कि एक वोट से सरकार बनती व बिगड़ती है। भारतीय लोकतंत्र में यह घटना पूर्व में घटित भी हो चुकी है इसलिए अपने एक वोट की कीमत को समझते हुए सभी लोग मतदान में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोटर आईडी बनवा लेने से मतदान में प्रतिभाग नहीं कर पायेंगे, वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराना भी जरूरी है तभी आप मतदान के लिये अर्ह माने जायेंगे। जिलाधिकारी द्वारा  रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता, मतदाता जारूकता गीत प्रस्तुत करने वाली छात्राओं की प्रसंशा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया ।

उपस्थित छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी तथा निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ठ सेवा करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सम्मानित किया।अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) बी0 प्रसाद ने अपने सम्बोधन में मतदाता दिवस मनाये जाने के उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि आप सभी मतदान प्रक्रिया में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके। शासन द्वारा नीति निर्माण मंे आप सब की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जिला विकास अधिकारी डॉ0 डी0आर0 विश्वकर्मा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर संक्षिप्त व सारगर्भित विचार रखते हुए मजबूत लोकतंत्र के लिये सभी से मतदान प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा ट्रेनिंग प्रक्रिया में जिला विकास अधिकारी के योगदान की सराहना व प्रशंसा की गयी।  उप जिलाधिकारी सदर सी0पी0 पाठक ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने हेतु वर्ष 2011 से 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने मतदान के प्रति सभी से अपेक्षा की कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तथा बिना किसी प्रलोभन के निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। कार्यक्रम के समापन अवसर पर तहसीलदार विदुषी सिंह द्वारा सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन शैलेश कुमार सिंह अध्यापक केशकुमारी विद्यालय ने किया।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी कार्यालयों में सम्बन्धित कार्यालयाध्यक्षों द्वारा पूर्वान्ह 11 बजे मतदाता शपथ अपने अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को दिलायी गयी। इसी प्रकार  तहसीलों/ब्लाकों में मतदाता शपथ सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा दिलाया गया।

आगरा से चुनावी बिगुल फूकेंगी मायावती 2 फरवरी को

Posted: 25 Jan 2022 03:56 AM PST


लखनऊ बसपा सुप्रीमो मायावती 2 फरवरी को आगरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इसकी जानकारी मंगलवार को पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने ट्वीट कर दी।
पार्टी महासचिव ने ट्वीट कर बताया कि अवगत कराना है कि दिनांक 2 फरवरी 2022 को बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आगरा में कोविड नियमों का पालन करते हुए जनसभा को  संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा कि जनसभा का समय एवं स्थान तथा आगामी जनसभाओं की सूचना मीडिया बंधुओ को शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।उत्तर प्रदेश चुनाव में अब तक मायावती उतनी ज्यादा सक्रिय नहीं रही हैं जितना कि बाकी राजनीतिक दल। हालांकि, उनके मजबूत वोट बैंक को देखते हुए अब भी फर्क पैदा करने वाला माना जा रहा है। वह लगातार ट्विटर पर सक्रिय हैं।

यूपी में का बा..पार्ट-2

Posted: 25 Jan 2022 03:55 AM PST

 


 लखनऊ सांसद व भोजपुरी स्टार रवि किशन के गाने 'यूपी में सब बा' के बाद बिहार की लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के 'यूपी में का बा..' ने भी तहलका मचा कर रख दिया है। नेहा अब इस गाने का पार्ट-2 भी लेकर आई हैं, जिसे उन्होंने मंगलवार को लांच कर दिया है। इससे पहले नेहा ने यूपी में का बा..पार्ट-1 गाकर इंटरनेट पर सनसनी मचा दी थी। इस गाने की वजह से नेहा को काफी ट्रोल भी किया जा रहा है। उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं। यह बात नेहा सिंह राठौर ने खुद लाइव आकर बताई है। अक्सर अपने चुटीले और व्यंगात्मक अंदाज के लिए सुनी जाने वाली नेहा, यूपी में का बा..पार्ट-2 में और भी ज्यादा आक्रामक नजर आ रही हैं। पहले पार्ट के बाद लोग उनसे सवाल कर रहे थे कि सिर्फ योग सरकार से ही सवाल क्यों पूछ रही हैं।नेहा ने पार्ट-2 में किसानों के मुद्दे व दागी नेताओं का जिक्र किया है। उन्होंने यह भी सवाल किया है कि क्या यही रामराज्य है। वह गाती हैं- 'खेती के पूंजी जर गइलें, गन्ना सब संढ़वां चर गइलें, भर सिवाने हुल-हुल भईसा लखे दांत बा.. यूपी में का बा...कुल के दीपक हर दल में है ऐसन कारामत बा...नेता नगरी के असली चिट्ठा अबकी खुलत जात बा... रेप अपहरण नेता जी के जाहिर मिजाज बा... का हो भैया, का हो बहनी इ हे रामराज बा... होटल से खाना मंगवा के घुरहू घरे खाले, घुरहू के पसीना महकत रहे कहे में ना जला ले.... यूपी में का बा।

वोट डालना है जिम्मेदारी,राज्यपाल ने लोगों से की वोट डालने की अपील

Posted: 25 Jan 2022 03:07 AM PST


 लखनऊ मतदाता दिवस के मौके पर शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया गया। आज मंगलवार को प्रदेश के सभी प्रमुख सरकारी विभागों में कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भी कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पहली बार वोट करने वाले युवाओं को उनका मतदाता कार्ड दिया गया। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा समय में प्रदेश में 15 करोड़ 2 लाख तक मतदाता हैं। बीते कुछ महीनों में इसमें करीब 30 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। ये सब युवा मतदाता हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि लाइसेंस शस्त्र को जमा कराएं, सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ इंटरनेट मीडिया पर नजर रखने की जरूरत है । इसमें असामाजिक तत्व मतदान को प्रभावित कर सकते हैं । उन्होंने कहा कि हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हमारे आस-पास अगर कोई मतदाता नहीं बन पाया है तो उसका नाम सूची में डाला जा सके । उन्होंने कहा कि इस बार किसी भी स्थिति में वोट प्रतिशत 70 फीसदी को पार करना है । हमारे एक वोट से कोई परिवर्तन नहीं होगा ये एक गलत सोच है । प्रदेश के सभी नागरिकों को अपने मतदान का प्रयोग शत प्रतिशत करना चाहिए ।मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि 2007 में जहां 46 फीसदी मतदान किया गया था। पिछले चुनाव में यह संख्या 61 फीसदी तक पहुंच गई थी। हालांकि अभी भी करीब 40 फीसदी लोग मतदान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब आप अच्छी सरकार चाहते हैं तो ये वह वक्त है कि अपने घर में न बैठे। छुट्‌टी ना मनाएं बल्कि जिस दिन आपके यहां चुनाव हो तो उसमें शत प्रतिशत हिस्सा लें । 

विधानसभा चुनाव :PPE किट पहनकर किया नामांकन

Posted: 25 Jan 2022 03:06 AM PST

 


लखनऊ शाहजहांपुर में आज संयुक्त विकास पार्टी के प्रत्याशी वैद्यराज किशन ने PPE किट पहनकर और हाथ में सैनिटाइजर लेकर नामांकन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि PPE किट पहनने का मकसद लोगों और EVM मशीन को संक्रमण से बचाना है। अगर उनकी जीत होती है तो महंगाई को खत्म कर दिया जाएगा। फिर बताएंगे कि एक विधायक की क्या पावर होती है।  वैद्यराज किशन नगर पालिका वार्ड मेंबर से लेकर राष्ट्रपति तक का चुनाव लड़ चुके हैं। इससे पहले वैद्यराज किशन अर्थी पर लेटकर, घोड़े पर बैठकर, दूल्हा बनकर, भैंसे पर बैठकर, यमराज बनकर अपना नामांकन करा चुके हैं।वैद्यराज किशन सदर सीट से संयुक्त विकास पार्टी के प्रत्याशी हैं। सदर सीट से ही भाजपा के कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना विधायक हैं। सुरेश खन्ना अबकी 9वीं बार सदर सीट से चुनावी ताल ठोंक रहे हैं। वहीं वैद्यराज किशन भी सुरेश खन्ना के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। लोग बताते हैं कि वैद्यराज किशन हर चुनाव अलग-अलग तरीकों से नामांकन कराने के लिए जाने जाते हैं। बता दें कि वैद्यराज किशन वार्ड मेंबर से लेकर राष्ट्रपति का चुनाव समेत करीब 19 चुनाव लड़ चुके हैं।लेकिन अभी तक उनको एक बार भी जीत नहीं मिल सकी है। 

लोकतंत्र का आधार है मतदान' - प्रो.डी.के.त्रिपाठी

Posted: 25 Jan 2022 02:33 AM PST


सुलतानपुर मतदान लोकतंत्र का आधार है । अपना यह अधिकार व कर्तव्य हर मतदाता पू्र्ण करे इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है ।' यह बातें राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी.के.त्रिपाठी ने कहीं ।वे महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।

समारोह में हिंदी विभागाध्यक्ष इंद्रमणि कुमार ने कहा कि अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा बनाए रखना हर मतदाता का दायित्व है। इस अवसर पर प्राचार्य ने एन एस एस के स्वयंसेवकों व उपस्थित लोगों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता शपथ दिलवाई । समारोह का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमाधिकारी डॉ.हीरालाल यादव ने किया । यहां डॉ.नीतू सिंह , रीमा सिंह, रवि सिंह , धीरेन्द्र कुमार मिश्र धीरू ,विनय सिंह , दिलीप कुमार सिंह व मनोज कुमार सिंह सहित एन एस एस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे ।

Post Bottom Ad

Pages