दिव्य रश्मि न्यूज़ चैनल |
- स्वर कोकिला लता मंगेशकर को लिट्रा पब्लिक स्कूल ने दी श्रद्धांजलि
- वर्तमान वित्तीय वर्ष में सभी विभाग अधिकाधिक राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करें - बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष बिहार राज्य योजना पर्षद
- मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर रेल सह सड़क पुल की पहुंच पथ परियोजना का किया लोकार्पण
- रूपेश पाण्डेय के हत्यारे को कठोर सजा मिले
- गोवर्द्धन मठ पुरी पीठ के जगदगुरु शंकराचार्य के नाम पर फर्जीवाड़ा का प्रयास पुरी पीठ परिषद ने पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
- शनिवार 12 फरवरी 2022 का दैनिक पंचांग एवं राशिफल - सभी १२ राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन ? क्या है आप की राशी में विशेष ? जाने प्रशिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. प्रेम सागर पाण्डेय से |
- देश की युवापीढी को गर्त में ले जानेवाले ‘वेलेंटाइन डे’ पर रोक लगाने हेतु सरकार ठोस कदम उठाए ! - राष्ट्रप्रेमियों की मांग
| स्वर कोकिला लता मंगेशकर को लिट्रा पब्लिक स्कूल ने दी श्रद्धांजलि Posted: 11 Feb 2022 08:44 AM PST स्वर कोकिला लता मंगेशकर को लिट्रा पब्लिक स्कूल ने दी श्रद्धांजलि जितेन्द्र कुमार सिन्हा स्वर कोकिला लता मंगेशकर को लिट्रा पब्लिक स्कूल प्रांगण में 11 फरवरी ( शुक्रवार) को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सामाजिक संस्था सामयिक परिवेश तथा सांस्कृतिक संस्था कलांगन ने भी भाग लिया और सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी में अवस्थित लिट्रा पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में सामयिक परिवेश की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता मेहरोत्रा, सचिव विभा सिंह, लोक गायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत और संस्था के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। मेलोडी क्वीन लता मंगेशकर को कालातीत करार देते हुए संस्था के अध्यक्ष ममता मेहरोत्रा ने कहा कि अपने गीतों के माध्यम से वह सदैव हमारे बीच उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में उन्होंने ऐ मालिक तेरे बंदे हम गीत गाकर लता दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोक गायिका नीतू कुमारी नवगीत ने कार्यक्रम में रहे ना रहे हम महका करेंगे बन के कली,बनके सबा… गीत पेश किया। अर्चना आर्यन ने कार्यक्रम में हे गंगा मैया तोहे पियरी चढ़ाइबो, निशा सिंह ने जो वादा किया वह निभाना पड़ेगा, पूनम भूषण ने बहुत दूर है में चले जाना है,देवयानी दुबे ने मेरे वतन के लोगों और विभा सिंह ने प्यार का नगमा है गीत गाकर लता मंगेशकर को अपनी अपनी श्रद्धांजलि दी। मीनू गुप्ता ने भी लता मंगेशकर के गीत गाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में दिव्या यादव और अंजली कुमारी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| Posted: 11 Feb 2022 08:33 AM PST वर्तमान वित्तीय वर्ष में सभी विभाग अधिकाधिक राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करें - बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष बिहार राज्य योजना पर्षद पटना, 11 फरवरी 2022:-आज दिनांक 11.02.2022 को माननीय उपाध्यक्ष योजना पर्षद, श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा सूचना भवन स्थित सभागार मे पथ निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक मे विभागों द्वारा अद्यतन प्रगति पर प्रस्तुतिकरण दी गई। माननीय उपाध्यक्ष द्वारा समीक्षा के क्रम में विभागों को निदेश दिया गया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में अधिकाधिक राशि की उपयोगिता सुनिश्चित करें। राज्य में अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं इनकी प्रस्तुति तथा रिपोर्टिंग समुचित ढंग से की जाए, इसके लिए मानक प्रपत्रों को तैयार करने की आवश्यकता है। माननीय उपाध्यक्ष द्वारा योजना पर्षद के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि योजना पर्षद, योजनाओं के सूत्रण, अनुश्रवण परामर्श तथा नीति निर्धारण हेतु सर्वोच्च अधिकार प्रदत्त संस्था है, जिसका कार्य योजनाओं का सूत्रण, दीर्घकालीन योजनाओं का दिशा निर्धारण, समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करना तथा राज्य सरकार को विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रम, परियोजना आदि की तैयारी हेतु दिशा निर्देश देना है। माननीय उपाध्यक्ष योजना पर्षद द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पश्चात् विभागों से आंकड़े प्राप्त कर उनका विश्लेषण तथा अध्ययन योजना पर्षद द्वारा किया जाएगा। समीक्षा बैठक में योजना पर्षद के माननीय सदस्य श्री अशोक मिश्रा, प्रधान सचिव श्री संदीप पौण्डरीक, तथा परामर्शी श्री सी0 के0 अनिल, श्री उदय सिंह कुमावत एवं श्री अभिषेक सिंह उपस्थित थे। हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर रेल सह सड़क पुल की पहुंच पथ परियोजना का किया लोकार्पण Posted: 11 Feb 2022 08:21 AM PST मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर रेल सह सड़क पुल की पहुंच पथ परियोजना का किया लोकार्पण
पटना, 11 फरवरी 2022:- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार श्री नितिन गडकरी ने आज सम्मिलित रूप से मुंगेर में 696 करोड़ रुपये की लागत से 14.5 किलोमीटर लंबे एन0एच0 333 बी के अंतर्गत गंगा नदी पर रेल सह सड़क पुल की पहुंच पथ परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना के लोकार्पित होने से मुंगेर-खगड़िया के बीच की दूरी 100 किलोमीटर एवं मुंगेर-बेगूसराय के बीच की दूरी 20 किलोमीटर कम हो गयी है। इस अवसर पर मुंगेर के माधव किता, चंडिका स्थान स्थित लाल दरवाजा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में आप सभी इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए हैं इसके लिए मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार और देश में पिछले 2 साल से जबकि पूरी दुनिया में 3 साल से कोरोना संक्रमण का प्रकोप है इसलिए हम सबको हमेशा सचेत रहने की जरुरत है। अभी पूरे बिहार में कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस की संख्या घटकर 1 हजार 659 हो गई है जबकि मुंगेर जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या मात्र 13 है। कोरोना की तीसरी लहर के दौरान इससे संक्रमित मरीज बहुत कम समय में ठीक हो जा रहे हैं। आप सबों से मेरा आग्रह है कि कोरोना टीका का दोनों डोज जरुर लें। अब 15 साल के सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है इसलिए कोई छूटे नहीं, इसका विशेष ख्याल रखें। कोरोना से सभी को सजग रहने की जरुरत है। आपस में दूरी बनाकर रखें और मास्क का उपयोग अवश्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुंगेर में गंगा रेल सह सड़क पहुंच पथ का लोकार्पण हुआ है, इससे लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। इस अवसर पर यहां काफी संख्या में उपस्थित लोगों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े लोगों का मैं ह्रदय से अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रद्धेय श्रीकृष्ण बाबू के नाम पर मुंगेर गंगा रेल सह सड़क पुल का नाम श्रीकृष्ण सेतु रखा गया है। 26 जनवरी 2002 को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी ने इसका शिलान्यास किया था। उसके एक दिन पहले 25 जनवरी को यहां आकर हमने इसका मुआयना किया था। उस समय हम श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी की सरकार में रेल मंत्री थे। केंद्र से अनुमति मिलने के बाद हमलोगों ने प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी से इसका शिलान्यास करने का अनुरोध किया था। शिलान्यास के समय यहां के लोगों ने काफी खुशी व्यक्त की थी। उस समय हमने कहा था कि खुशी के इस अवसर पर रात में सभी लोग अपने घरों में दीया जलाकर खुषी का इजहार करें। शिलान्यास के दिन 26 जनवरी 2002 को यहां के लोगों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाकर अपनी खुशी का प्रकटीकरण किया था। पहले मुंगेर कमिश्नरी के लोगों को गंगा नदी से गुजरकर अपना सभी काम करना पड़ता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। लोकार्पण समारोह में उपस्थित लोगों से अनुरोध करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मुंगेर गंगा रेल सह सड़क पुल बनाने की स्वीकृति मिली थी तो आप सबने अपने घरों में दीपावली मनाया था इसलिए आज उद्घाटन के इस अवसर पर पुनः अपने-अपने घरों में दीया जलाकर अपनी खुशी का इजहार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण बिहार में जो काम चल रहे हैं, हुए हैं और होनेवाले हैं, उन तमाम योजनाओं के बारे में श्री नितिन गडकरी जी ने विस्तृत रुप से जानकारी दी है। इसके लिए मैं उन्हें विशेष तौर पर बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में आप लोगों ने सरकार बनवाकर हमें काम करने का मौका दिया। प्रारंभ से ही हमलोग विकास का काम कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित सभी क्षेत्रों में विकास का काम तेजी से किया जा रहा है। पहले हमलोगों ने बिहार के सुदूरवर्ती इलाकों से पटना पहुंचने के लिए 6 घंटे का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे हासिल करने के बाद अब 5 घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बड़ी संख्या पुल-पुलियों एवं सड़कों को निर्माण कराया जा रहा है। केंद्र सरकार की योजनाएं भी चल रही है। राज्य सरकार की तरफ से संपूर्ण बिहार में जिन पुलों एवं सड़कों को निर्माण कराया जा रहा है, वह आप सबों को मालूम है। राज्य सरकार ने अब तक 54 हजार करोड़ रुपये खर्च कर सड़कों की कनेक्टिविटी बेहतर की है। श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी की सरकार में हमने इन सब कार्यों को लेकर निर्णय लिया गया था, जो अब पूरे किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने घोरघट पुल का भी उद्घाटन किया है। इसके शुरु होने से मुंगेर से भागलपुर जाने का रास्ता काफी सुगम हो गया है। इसके निर्माण में काफी बाधाएं उत्पन्न हुई थी। बड़ी खुशी की बात है कि इस पुल का उद्घाटन होने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। मुंगेर गंगा रेल सह सड़क पुल के एप्रोच पथ का निर्माण कार्य 1 दिसंबर 2018 से प्रारंभ हुआ था। निर्माण कार्य में कई दिक्कतें समाने आ रही थी। वर्ष 2019 में आकर हमने इसका मुआयना किया था, एरियल सर्वे भी किया था। यहां टोपो लैंड था, जहां काफी संख्या में लोग बसे हुए थे। राज्य सरकार ने इस संबंध में निर्णय लेकर यहाॅ बसे लोगों को 58 करोड़ रुपये मुहैया कराकर उन्हें दूसरी जगहों पर बसने के लिए राजी किया। एप्रोच पथ में एक कब्रिस्तान भी पड़ रहा था जिसके लिए दूसरी तरफ जगह दी गई। इसे लोगों ने स्वीकार कर लिया। इस काम को पूरा करने में सभी लोगों ने काफी सहयोग किया। मुंगेर के जिलाधिकारी को मैं धन्यवाद देता हूं कि रुके हुए काम को उन्होंने त्वरित गति से पूरा कराया। आज इसका उद्घाटन भी हो गया, इससे आवागमन में काफी फायदा होगा। यहां के लोग भी अब आसानी से पटना पहुंच सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 में गन्ना से इथेनॉल बनाने के लिए 21 हजार करोड़ का प्रस्ताव हमलोगों को प्राप्त हुआ था। इस संबंध में हमलोगों ने तत्कालीन केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था लेकिन केंद्र से मंजूरी नहीं मिली। उस समय के केंद्र सरकार के द्वारा गन्ना से चीनी बनाने का हवाला दिया गया और इस खाद्य सुरक्षा से जोड़ा गया। 10 दिसंबर 2020 को कोईलवर में सोन नदी पर बने नये पुल के उद्घाटन के अवसर पर भी हमने कहा था कि गन्ना से इथेनॉल बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिले इसके लिए हमलोग वर्ष 2007 से प्रयास कर रहे थे। अब केंद्र सरकार ने निर्णय ले लिया है और विशेष इथेनॉल नीति 2021 लागू की गई है। इससे बिहार में उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। यदि प्रारंभ में ही केंद्र से मंजूरी मिल जाती तो बिहार में उद्योगों को बढ़ावा मिलता। अब तक 187 करोड़ लीटर वार्षिक इथेनॉल उत्पादन क्षमता वाले 29 इकाईयों के आवेदन आये हैं। केन्द्र ने 35.28 करोड़ लीटर उत्पादन क्षमता हेतु 17 इकाईयों को चयनित किया है। उद्योग मंत्री श्री शाहनवाज हुसैन जी बराबर दिल्ली जाकर बिहार में हो रही विकास कार्यों की चर्चा करते रहते हैं। बिहार में मक्का का उत्पादन तीनों सीजन में बहुत ज्यादा होता है, यहां उत्पादित मक्का दूसरे राज्यों में जाता है। केंद्र सरकार द्वारा अगर मक्का से इथेनॉल बनाने की भी अनुमति मिलती तो बिहार को काफी फायदा मिलता। पेट्रोल-डीजल में इथेनॉल का मिश्रण किया जाता है। इसलिए मक्का से इथेनॉल बनाने की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास करना चाहिए। इससे बिहार में उद्योग बढ़ेगा जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में मक्का का उत्पादन अधिक होता है और यहां खपत न के बराबर है इसलिए बिहार का इथेनाॅल क्रय क्षमता बढ़ाने का जरूरत है। श्री शाहनवाज साहब को कहेंगे कि बिहार का वार्षिक इथेनॉल क्रय का 125 करोड़ लीटर का कोटा कम से कम निर्धारित करा दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री नितिन गडकरी जी ने बिहार में हो रहे और होने वाले जिन कार्याे का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया है उसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं। देश के विकास में बिहार का महत्वपूर्ण योगदान हो, यह हमारी इच्छा है। एन0डी0ए0 की सरकार ने बिहार के विकास के लिए काफी काम किया है। बिहार में आबादी का घनत्व अन्य राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। एक वर्ग किलोमीटर में बिहार में जितनी आबादी है उतनी देश के किसी अन्य राज्य में नहीं है, इसलिए बिहार पर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। बिहार क्षेत्रफल के मामले में 12वें स्थान पर है, जबकि आबादी के मामले में तीसरे नबंर है। बिहार का पहले प्रजनन दर 4.3 था जो अब घटकर 3 हो गया है। श्रद्धेय अटल जी सरकार के समय से ही हमलोगों का नितिन गडकरी जी से व्यक्तिगत एवं पुराना संबंध है। इन संबंधों को भूले नहीं। हम सब मिलकर देश और बिहार के विकास के लिए मिलकर काम करें। बिहार के पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन जी आपके पास जाकर यहां के एक-एक काम के बारे में बतायेंगे, ये आपके विभाग का काम काफी बेहतर ढ़ंग से कर रहे हैं। ऩई पीढ़ी के लोगों की बातों पर आप ध्यान देंगे तो काफी प्रगति होगी। बिहार के विकास कार्य के लिए आपने जो सुझाव दिया है उसके लिए मैं पुनः आपको धन्यवाद देता हूं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी 2002 की तरह ही आप सभी अपने-अपने घरों में आज उद्घाटन के दिन भी दीया जलाइयेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों हाथ उठाकर अपनी सहमति दी। कार्यक्रम की शुरूआत में अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण श्री प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को पुष्प-गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान गंगा नदी पर मुंगेर में बने रेल सह सड़क पुल (श्रीकृष्ण सेतु) पर आधारित लघु फ़िल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर बने रेल-सह-सड़क पुल के निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देनेवाले मुंगेर जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ जल्ला रेड्डी सहित अन्य अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मुंगेर में गंगा नदी पर बने रेल-सह-सड़क पुल के उद्घाटन के पूर्व राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 80 के कि0मी0 94वें में घोरघट स्थित मणि नदी के ऊपर उच्च स्तरीय आर0सी0सी0 पुल एवं पहुँच पथ का उद्घाटन किया। लोकार्पण समारोह को उपमुख्यमंत्री एवं मुंगेर जिले के प्रभारी मंत्री, श्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री श्रीमती रेणु देवी, पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन, पंचायती राज मंत्री श्री सम्राट चैधरी, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संबोधित किया, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार श्री नितिन गडकरी, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री श्री गिरिराज सिंह, सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग एवं नागरिक विमानन राज्यमंत्री, जनरल वी0के0 सिंह एवं सांसद श्री राकेश सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक श्री प्रणव कुमार, विधायक श्री ललित मंडल, विधायक श्री राजीव कुमार सिंह, पूर्व मंत्री श्री मोनाजिर हसन, पूर्व मंत्री श्री शैलेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद श्री संजय प्रसाद, जदयू जिलाध्यक्ष मुंगेर श्री संतोष सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुंगेर श्री राजेश जैन, विकासशील इंसान पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री अरविंद कुमार निषाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण श्री प्रत्यय अमृत, आयुक्त मुंगेर प्रमंडल श्री प्रेम सिंह मीणा, पुलिस उपमहानिरीक्षक मुंगेर प्रक्षेत्र श्री संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी मुंगेर श्री नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक मुंगेर श्री जगन्नाथ जल्ला रेड्डी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| रूपेश पाण्डेय के हत्यारे को कठोर सजा मिले Posted: 11 Feb 2022 08:14 AM PST रूपेश पाण्डेय के हत्यारे को कठोर सजा मिलेसरस्वती पूजा जैसे पावन अवसर पर एक ब्राह्मण युवक रूपेश पाण्डेय की मॉब लॉन्चिंग कर जघन्य हत्या कर देना एक अत्यंत दुःखदायी घटना है। इस घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर कठोरतम दण्ड दिया जाय ताकि इसकी पुनरावृत्ति न हो। सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने आज इस संदर्भ में माननीय प्रियंक कानूनगो,राष्ट्रीय अध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग,भारत सरकार से दूरभाष पर बात चीत कर रूपेश पांडेय हत्याकांड पर विस्तृत चर्चा की जिसपर माननीय मयंक कानूनगो ने बताया कि झारखंड सरकार से विस्तृत जाँच रिपोर्ट आने के पश्चात आगे की कार्यवाई की जाएगी।माननीय कानूनगो से बात-चीत के क्रम में उपाध्याय को यह भी भरोषा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में जो भी आवश्यकता होगी आयोग गंभीरता से कार्यवाई करेगी,उपाध्याय के माँग पर उन्होंने यह भी भरोषा दिया जरूरत पर पीड़ित परिवार से आयोग कि टीम के साथ एवं स्वयं मिलने आएंगे।महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को कड़ी सजा देने की झारखंड सरकार से भी मांग की है।यह जानकारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने दी। हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| Posted: 11 Feb 2022 07:39 AM PST गोवर्द्धन मठ पुरी पीठ के जगदगुरु शंकराचार्य के नाम पर फर्जीवाड़ा का प्रयास पुरी पीठ परिषद ने पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग कीपूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरी पीठ का पीठाधीश्वर यानी शंकराचार्य के पदनाम पर फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। अधोक्षजानंद देव तीर्थ नामक एक व्यक्ति द्वारा पुरी का शंकराचार्य बताकर पटना और देवघर में कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने की सूचना प्राप्त हुई है। इस सबंध में एक कथित पत्र के आधार पर पुरी पीठ परिषद की ओर से पुलिस-प्रशासन से विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की गई है। उक्त पत्र श्री आद्य शंकराचार्य धर्मोत्थान संसद के कथित सचिव रामकृपाल की ओर से जारी किया गया है। बिहार और झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को एक साथ संबोधित उक्त पत्र में पुरी पीठ के कथित शंकराचार्य अधोक्षजानंद देव तीर्थ के प्रयागराज से 13 फरवरी की सुबह पटना पहुंचने की सूचना दी गई है। पटना से देवघर और वापस पटना लौटकर यहां कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रयागराज लौटने की सूचना दी गई है। उक्त पत्र में कथित पुरी शंकराचार्य को यात्रा पर्यन्त दो वीआईपी कार, पुलिस एस्कॉर्ट, पायलट, पीएसओ, हाउसगार्ड आदि प्रबंध करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ पुरी पीठ परिषद की बिहार इकाई ने शुक्रवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुरी पीठ परिषद की ओर से राज्य के मुख्य सचिव, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और पटना के डीएम-एसएसपी को पत्र दिया गया है। पुरी पीठ परिषद की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आद्य शंकराचार्य धर्माेत्थान संसद नाम की जिस संस्था के लेटर हेड पर कथित पत्र जारी किया गया है वह कथित संस्था 2008 में मथुरा से निबंधित दर्शायी गई है। जबकि पुरी पीठ समेत चार पीठों की स्थापना आद्य शंकराचार्य द्वारा सनातन धर्म के पुनरुत्थान के लिए ईसा पूर्व 484 में किया गया था। इसी शंकराचार्य परंपरा में 145 वें क्रम में स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती चार अप्रैल 1992 से पुरी के जगद्गुरु शंकराचार्य पद पर आसीन हैं। सनातन धर्म के धर्म गुरु के रुप में मान्य शंकराचार्य का पट्टाभिषेक एक मान्य परंपरा और प्रक्रिया से होता है। ऐसे में बिना पद रिक्त हुए किसी अन्य व्यक्ति के स्वयंभू शंकराचार्य होने का दावा हास्यास्पद और घोर आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि उक्त पत्र की पुरी पीठ परिषद कोई पुष्टि नहीं कर रहा। लेकिन यदि इस तरह के फर्जी शंकराचार्य के पदनाम का अवैध इस्तेमाल कर कोई कार्यक्रम होता है तो ऐसी गतिविधियोें से करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की भावनाएं आहत होंगी। पुरी पीठ परिषद ने सनातन धर्मावलंबियों से ऐसे फर्जी शंकराचार्य का बहिष्कार करने की अपील करते हुए शासन-प्रशासन से ऐसे फर्जी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की। उड़ीसा उच्च न्यायालय ने लगाई थी रोक पीठ परिषद के बिहार प्रांत अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में उड़ीसा उच्च न्यायालय ने पूर्व में एक आदेश पारित कर शंकराचार्य के पदनाम के दुरुपयोग पर रोक लगाई थी। इस अवसर पर पीठ परिषद की बिहार इकाई के संरक्षक अमर अग्रवाल ने कहा कि अनधिकृत व्यक्ति द्वारा शंकराचार्य के पदनाम का इस्तेमाल सीधे तौर पर फर्जीवाड़ा है और राज्य पुलिस-प्रशासन को ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अमित कुमार पाण्डेय ने कहा कि उड़ीसा उच्च न्यायालय का पूर्व का आदेश सभी स्थानों के लिए मान्य है। यदि कोई व्यक्ति उड़ीसा में पुरी पीठ के शंकराचार्य पदनाम का अवैध उपयोग नहीं कर सकता तो फिर बिहार अथवा किसी अन्य प्रदेश में कैसे कर सकता है? इस अवसर पर आदित्यवाहिनी के विवेक विकास, संजय सहाय, सुयश कुमार, अरूण सिंह, अनुज कुमार, अक्षय अग्रवाल, शैलेश तिवारी आदि उपस्थित थे। आद्य शंकराचार्य ने की थी चार पीठों की स्थापना आद्य शंकराचार्य ने भारतवर्ष के चार धार्मिक केंद्रों में मठों की स्थापना की थी। पूर्व में ऋग्वेद से संबंधित पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठ की स्थापना पुरी में की गई। पश्चिम में द्वारिकापुरी, उत्तर में बद्रीनाथ और दक्षिण में श्रृंगेरी में मठों की। चारों पीठों के आचार्य को शंकराचार्य की पदवी से विभूषित किया गया। आद्य शंकराचार्य ने पुरी में पद्मपाद महाभाग को पहला शंकराचार्य के पद पर प्रतिष्ठित किया। बिहार के ही हैं पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती बिहार के मधुबनी जिला के हरिपुर बख्शीटोल में 30 जून 1943 को जन्मे जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती 200 से अधिक ग्रन्थों और पुस्तकों की रचना कर चुके हैं। इनमें वैदिक गणित पर लिखी किताब समेत कई पुस्तकों के आधार पर दूनिया के अनेक देशों में शोध हो रहे हैं। आईआईटी, आईआईएम, इसरो, भाभा एटॉमिक रिसर्च इंस्टिच्युट समेत विज्ञान के प्रमुख संस्थानों में स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती के प्रबोधन कार्यक्रम हो चुके हैं। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| Posted: 11 Feb 2022 05:26 AM PST शनिवार 12 फरवरी 2022 का दैनिक पंचांग एवं राशिफल - सभी १२ राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन ? क्या है आप की राशी में विशेष ? जाने प्रशिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. प्रेम सागर पाण्डेय से |शनिवार 12 फरवरी 2022 का दैनिक पंचांगतिथि एकादशी दिन 03:56:26 🔅 नक्षत्र आर्दा समस्त दिन /रात्रि 🔅 करण : विष्टि 04:29 बव 04:29 🔅 पक्ष शुक्ल 🔅 योग विश्कुम्भ 08:38 🔅 वार शनिवार ☀ सूर्य व चन्द्र से संबंधित गणनाएँ 🔅 सूर्योदय 06:27 🔅 चन्द्रोदय 01:43 🔅 चन्द्र राशि मिथुन 🔅 सूर्यास्त 05:40 🔅 ऋतु शिशिर ☀ हिन्दू मास एवं वर्ष 🔅 शक सम्वत 1943 प्लव 🔅 कलि सम्वत 5123 🔅 दिन काल 11:13 🔅 विक्रम सम्वत 2078 🔅 मास अमांत माघ 🔅 मास पूर्णिमांत माघ ☀ शुभ और अशुभ समय ☀ शुभ समय 🔅 अभिजित 11:41:32 - 12:26:27 ☀ अशुभ समय 🔅 दुष्टमुहूर्त 06:27 - 07:12 🔅 कंटक 11:41 - 12:26 🔅 यमघण्ट 02:41 - 03:26 🔅 राहु काल 09:15 - 10:39 🔅 कुलिक 07:12 - 07:56 🔅 कालवेला या अर्द्धयाम 01:11 - 01:56 🔅 यमगण्ड 01:28 - 02:52 🔅 गुलिक काल 06:27 से 07:51 ☀ दिशा शूल 🔅 दिशा शूल पूर्व ☀ चन्द्रबल और ताराबल ☀ ताराबल 🔅 भरणी, रोहिणी, मृगशिरा, आर्द्रा, पुनर्वसु, आश्लेषा, पूर्वा फाल्गुनी, हस्त, चित्रा, स्वाति, विशाखा, ज्येष्ठा, पूर्वाषाढ़ा, श्रवण, धनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, रेवती ☀ चन्द्रबल 🔅 मेष, मिथुन, सिंह, कन्या, धनु, मकर 🌹विशेष ~ जया एकादशी व्रत (सभी के लिए)। 🌹 पं. प्रेम सागर पाण्डेय् नक्षत्र ज्योतिष वास्तु अनुसंधान केन्द्र नि:शुल्क परामर्श - रविवार शनिवार 12 फरवरी 2022 का दैनिक राशिफलमेष (Aries): आज का दिन आपके लिए लाभदायी है। व्यापार में अपेक्षित सफलता मिलने की संभावना है। आय में वृद्धि होगी। आनंद-प्रमोद और मनोरंजक प्रवृत्तियां दिनभर चलती रहेंगी। घर को सजाने की व्यवस्था में भी परिवर्तन आज करेंगे। वाहन सुख भी मिलेगा। सामाजिक प्रसंग में कहीं बाहर जाने का प्रसंग उपस्थित होगा। रमणीय स्थान पर प्रवास का आनंद ले सकेंगे। शुभ रंग = पींक शुभ अंक : 5 वृषभ (Tauras): आज के दिन व्यापार को विकसित करने की ओर अधिक ध्यान देंगे। कार्य सफलता मिलने में विलंब हो सकता है। कहीं बाहर जाने की संभावना उपस्थित हो सकती है। पदोन्नति हो सकती है। आप की कार्यपद्धति से उच्च अधिकारीगण भी आप पर प्रसन्न रहेंगे। पिता और बड़ों से लाभ की आशा है। शुभ रंग = नीला शुभ अंक : 3 मिथुन (Gemini): खान-पान में आज विशेष ध्यान रखें। नकारात्मक विचारों को मन से निकाल दें। अनैतिक और अप्रमाणिक कार्य विपत्ति में डाल सकता है। आकस्मिक प्रवास का योग अच्छा है। मध्याहन के बाद मानसिक अवस्था में कमी आएगी। लेखन या साहित्यिक प्रवृत्ति में विशेष रुची रहेगी। व्यापार में विकास होने से नई योजनाएं अमल में आएगी। ऊपरी अधिकारियों के साथ वाद-विवाद में न पड़ें। शुभ रंग = श्याम शुभ अंक : 3 कर्क (Cancer): किसी के साथ आज भावनात्मक संबंध से बंध सकते हैं। आनंद-प्रमोद तथा मनोरंजक प्रवृत्ति से मन प्रफुल्लित रहेगा। मध्याहन के बाद आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। वाहन चलाते समय ध्यान रखें और क्रोध पर संयम रखें। वाणी उग्र न हो जाए इसका भी ध्यान रखें। नए कार्य को प्रारंभ करने के लिए आज का दिन अच्छा नहीं है। शुभ रंग = आसमानी शुभ अंक : 7 सिंह (Leo): व्यापार के विस्तार के लिए धन का आयोजन कर सकते हैं। व्यवसायियों को लाभ होगा। धन प्राप्ति का प्रबल योग है। ब्याज,दलाली आदि के द्वारा आय में वृद्धि होने की संभावना है। आर्थिक रूप से आय होने से आर्थिक कष्ट दूर हो जाएगा। अच्छे वस्त्र और अच्छे खान-पान से मन प्रफुल्लित रहेगा। छोटे प्रवास या पर्यटन का योग है। शुभ रंग = पीला शुभ अंक : 9 कन्या (Virgo): वस्त्राभूषणों की खरीदी आप के लिए रोमांचक और आनंददायी रहेगी। कला के प्रति आप की अभिरुची रहेगी। व्यापार में विकास होने से मन में आनंद रहेगा। व्यवसाय में समय अनुकूल रहेगा। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगें। शुभ रंग = पींक शुभ अंक : 5 तुला (Libra): आज का दिन आप के लिए मध्यम फलदायी रहेगा। स्थावर संपत्ति सम्बंधित दस्तावेज करने हेतु सावधानी बरतें। माता के स्वास्थ्य के विषय में चिंता रहेगी। परिवार में तकरार न हो इसका ध्यान रखें। मध्याहन के बाद स्वस्थ अनुभव करने पर सृजनात्मक प्रवृत्तियों की ओर ध्यान जाएगा। विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल है। शुभ रंग = नीला शुभ अंक : 3 वृश्चिक (Scorpio): आज का दिन व्यवसायियों के लिए अनुकूल है। गृहस्थ जीवन में उलझे हुए प्रश्नों का निराकरण मिलेगा। स्थावर संपत्ति से जुड़े मामलों का हल निकलेगा। भाई- बहनों के साथ संबंधो में प्रेम बना रहेगा। मध्याहन के बाद कार्य में प्रतिकूलताओं में वृद्धि होगी। शारीरिक और मानसिक रूप से बेचैनी रहेगी। सामाजिक क्षेत्र में अपयश प्राप्त होगा। परिजनों के साथ मतभेद हो सकता है। धन की हानि के योग हैं। शुभ रंग = हरा शुभ अंक : 6 धनु (Sagittarius): वाणी और वर्तन पर संयम रखने से अन्य लोगों के साथ मनमुटाव के प्रसंगो को टाल सकेंगे। आध्यात्मिक विचार और प्रवृत्तियों में आज दिनभर मन लगा रहेगा। फिर भी विद्यार्थियों के पढ़ने-लिखने में एकाग्रता रखनी पड़ेगी। मध्याहन के बाद चिंता निवारण करने के उपाय मिलने से मानसिक शांति का अनुभव होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थता बनी रहेगी। शुभ रंग = उजला शुभ अंक : 4 मकर (Capricorn): व्यवसायिक क्षेत्र में अनुकूल वातावरण मिलेगा। प्रत्येक कार्य बिना विघ्न के संपन्न होगा। गृहस्थ जीवन में उग्र वातावरण बना रहेगा। आध्यात्मिक प्रवृत्ति में आप की अभिरुचि रहेगी। कार्यालय में आप का प्रभाव बना रहेगा। मन पर नकारात्मक विचार छाए रहेंगे। निर्णय शक्ति का अभाव रहेगा। घर के कार्यों के पीछे धन का खर्च होने की संभावना है। शुभ रंग = श्याम शुभ अंक : 6 कुंभ (Aquarius): धार्मिक कार्य अथवा धार्मिक यात्रा के पीछे धन खर्च होगा। कोर्ट-कचहरी के कार्य में सफलता प्राप्त होगी। पूण्य कार्य के पीछे धन का व्यय होगा। ईश्वर की आराधना आप के मन को शांति प्रदान करेगी। मध्याहन के बाद आप के प्रत्येक कार्य सरलतापूर्वक संपन्न होंगे। गृहस्थ जीवन में संवादिता बनी रहेगी। शारीरिक स्वास्थ्य भी बना रहेगा। शुभ रंग = नीला शुभ अंक : 3 मीन (Pisces): शेयर-सट्टे की प्रवृत्ति से आज आप को आर्थिक लाभ होगा। विवाहोत्सुकों को योग्य पात्र मिलेगा। व्यवसायिक क्षेत्र में भी लाभ होगा। जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। किसी मनोहर स्थल पर प्रवास हो सकता है। मित्रों से भी लाभ मिलेगा। मध्याहन के बाद किसी कारणवश मानसिक रूप से चिंतित रहेंगे। आय की अपेक्षा खर्च की मात्रा अधिक होगी। शुभ रंग = गुलाबी शुभ अंक : 8 प्रेम सागर पाण्डेय् ,नक्षत्र ज्योतिष वास्तु अनुसंधान केन्द्र ,नि:शुल्क परामर्श - रविवार , दूरभाष 9122608219 / 9835654844 हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| Posted: 11 Feb 2022 05:21 AM PST देश की युवापीढी को गर्त में ले जानेवाले 'वेलेंटाइन डे' पर रोक लगाने हेतु सरकार ठोस कदम उठाए ! - राष्ट्रप्रेमियों की मांगहिन्दू जनजागृति समिति द्वारा वाराणसी में जिलाधिकारी को ज्ञापन ! वाराणसी - पूरे विश्व में सर्वाधिक युवाशक्ति भारत में है | किंतु कई वर्षों से १४ फरवरी 'वेलेंटाइन डे' के रूप मे मनाने की पाश्चात्यों की कुप्रथा भारत में भी प्रचलित हो गई है | व्यवसायिक लाभ के लिए प्रेम के नाम पर पाश्चात्यों की इस विकृत संकल्पना के कारण युवा पीढी भोगवाद और अनैतिकता की गर्त में जा रही है | इस दिन होनेवाली पार्टियों में युवक-युवतियों में मद्यपान, धूम्रपान, मादक पदार्थों का सेवन, एक पक्षीय प्रेम में लडकियों की छेडछाड और हिंसक कृत्यों आदि अनुचित प्रकारों में प्रचंड वृद्धि हुई है | इस दिन संतति प्रतिबंधक साधनों की बिक्री में बडी मात्रा में होती वृद्धि अनैतिक संबंधों की वृद्धि दर्शाती है | लडकियों को प्रभावित करने के लिए तेज गति से वाहन चलाने से दुर्घटनाएं होना तथा 'लव जिहाद' की घटनाएं भी होती है | इन सभी अनुचित कृत्यों पर प्रतिबंधात्मक उपाय प्रशासन करे, इस दृष्टि से हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा आज जिलाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन दिया गया | ज्ञापन देते समय अधिवक्ता अरूण कुमार मौर्य, अधिवक्ता संजीवन यादव, अधिवक्ता अमोद प्रकाश त्रिपाठी, अधिवक्ता विनोद पांडेय, अधिवक्ता के.के. सिंह, अधिवक्ता अजय मिश्रा तथा हिन्दू जनजागृति समिति के श्री. प्रमोद गुप्ता, श्री. धीरज सेठ तथा अन्य उपस्थित थे | संक्षेप में 'वेलेंटाइन डे' के कारण विद्यालय-महाविद्यालय के परिसर में कानून-व्यवस्था तथा शैक्षणिक वातावरण बिगाडनेवाली स्वैराचारी और भोगवादी वृत्ति दिनोंदिन बढते जा रही है | इसके कारण होनेवाली घटनाओं का अतिरिक्त तनाव पुलिस और प्रशासन पर भी आ रहा है | वर्तमान स्थिति में भारत में प्रति १८ मिनट पर एक बलात्कार हो रहा है | महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के भयानक आंकडे इस संदर्भ में प्रतिबंधात्मक उपायों की नितांत आवश्यकता दर्शाते हैं | भारतीय समाजव्यवस्था उत्तम बनी रहे तथा अनैतिक कृत्यों के कारण होनेवाले अनाचारों पर रोक लगाने के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित युवापीढी का उद़्बोधन करने की भी आवश्यकता है | *इस * *दृष्टि से समिति की ओर से आगे दी मांगें की गईं - * १. १४ फरवरी को पुलिस के विशेष दल गश्ती दल नियुक्त कर महाविद्यालय परिसर में अनाचार करनेवाले असामजिक तत्वों को नियंत्रण में लेना, द्रुत गति से वाहन चलानेवालों पर कार्यवाही करना आदि उपाययोजनाएं की जाए | २. 'वेलेंटाइन डे' के निमित्त महिलाओं पर होनेवाले अत्याचारों की मात्रा को देखते हुए ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विद्यालय-महाविद्यालय के परिसर में 'मार्गदर्शक सूचनाएं' निर्देशित की जाए | हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag |
| You are subscribed to email updates from दिव्य रश्मि समाचार. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |