सुल्तानपुर टाइम्स |
- ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
- यूपी 10 करोड़ से अधिक कोविड का टेस्ट करने वाला देश में पहला राज्य
- नेहरू युवा केंद्र ने आयोजित किया युवाओं का प्रशिक्षण
- मसाज पार्लर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने किया 6 को गिरफ्तार
- खुल सकता है स्कूल और कॉलेज
- पेट्रोल पंप संचालक से हुई 220000 की लूट
- ओवैसी को भी मिल गई Z कैटेगरी सिक्योरिटी
- जनसभा में बोले अमित शाह- उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से 300 पार करेगी
- NDA ने 11 विधानसभा सीट पर घोषित किए प्रत्याशी
- नामांकन रद्द होने पर टॉवर पर चढ़ा युवक
- इसौली से जीत के लिए विधायक अबरार की शरण में पहुंचे सपा प्रत्याशी ताहिर खान
- ओवैसी के काफिले पर फायरिंग मामले में एक गिरफ्तार
- विधान सभा सामान्य निर्वाचन,एक प्रत्याशी ने किया नामांकन
- तेज रफ्तार रोडवेज बस खाई में गिरी,12 यात्री घायल
- सिलेंडर और कुकर से किए प्रहार, फिर भी न मरी पत्नी तो उठाई चाकू
- यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी
- सांसद का चार दिवसीय दौरा आज से
- कांग्रेस ने 27 नामों की लिस्ट जारी की
- फेसबुक पर युवती से दोस्ती फिर शादी का झांसा देकर रेप
- सर्द हवाओं के साथ पश्चिमी और पूरब के क्षेत्र में बारिश होने की संभावना
| ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर पुलिस ने कसा शिकंजा Posted: 04 Feb 2022 06:07 AM PST सुलतानपुर पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आज कोतवाली नगर के अंतर्गत बस अड्डा तिराहा पर पुलिस बल के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की इस दौरान गाड़ी पर लगी ब्लैक फिल्म लगे वाहनों को रोककर फिल्म उतरवाई ।एसपी ने जनता के लोगो को यातायात नियमों प्रति जागरुक करते हुए बताया कि चार पहिया वाहन चलाते समय साइड मिरर को ठीक करना, सीट बेल्ट लगाना, दो पहिया वाहन चलाये समय हेलमेट पहनना, तथा शीत ऋतु में पड़नें वाले कोहरे से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु वाहनों में रेट्रोरिफ्लेक्टर टेप लगाने साथ साथ उनसे यातायात नियमों का पालन करने जैसे-नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने आदि के संबन्ध में बताया । |
| यूपी 10 करोड़ से अधिक कोविड का टेस्ट करने वाला देश में पहला राज्य Posted: 04 Feb 2022 03:48 AM PST लखनऊ अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने आज बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 2,02,895 सैम्पल की जांच की गयी। कोरोना संक्रमण के 3,807 नये मामले आये हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश 10 करोड़ से अधिक कोविड का टेस्ट करने वाला देश में पहला राज्य है। प्रदेश में अब तक कुल 10,02,50,419 सैम्पल की जांच की गयी हैं। कल विभिन्न जनपदों से आरटीपीसीआर जांच हेतु 1,02,328 सैम्पल भेजे गये। उन्होंने बताया कि विगत 24 घण्टों में 8,817 लोग तथा अब तक कुल 19,78,525 लोग कोविड-19 से ठीक हुए हैं। उन्होने बताया कि प्रदेश में कोरोना के कुल 36,411 एक्टिव मामले है तथा 34,829 लोग होम आइसोलेशन में है। उन्होने बताया कि कोविड की इस लहर में कोविड-19 से संक्रमित होने वाले अधिकतर लोग घर में ही रहकर ठीक हो रहे है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों के घर में जाकर उनके हालचाल ले रही है तथा उन्हें मेडिसिन उपलब्ध करा रही है। श्री प्रसाद ने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। प्रदेश में कल 03 फरवरी, 2022 को एक दिन में 13,16,676 वैक्सीन की डोज दी गयी है। उन्होने बताया कि प्रदेश में कल तक 18 वर्ष से अधिक लोंगों को कुल पहली डोज 14,87,29,095 दी गयी जो उनकी अनुमानित संख्या का 100 प्रतिशत से अधिक है। 18 वर्ष से अधिक लोंगों को कुल दूसरी डोज 10,55,34,301 दी गयी जो उनकी अनुमानित संख्या का 71.59 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग को कुल पहली डोज 1,01,98,578 तथा दूसरी डोज 1,61,386 दी गयी है। कल तक 15,98,417 प्रीकॉशन डोज दी गयी है। कल तक कुल 26,62,21,777 वैक्सीन की डोज दी गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में टेस्ट पॉजिटिव दर में गिरावट आ रही है। संक्रमण दर घटकर कल 2.23 प्रतिशत तक आ गई है।श्री प्रसाद ने बताया कि सभी लोग अपना कोविड टीकाकरण अवश्य करवाये। कोविड संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नही हुआ है। इसलिए सभी लोग कोविड अनुरूप आचरण करे। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन 18001805145 पर सम्पर्क करे। |
| नेहरू युवा केंद्र ने आयोजित किया युवाओं का प्रशिक्षण Posted: 04 Feb 2022 03:36 AM PST सुलतानपुर सकारात्मक जीवन शैली सफलता का मूलमंत्र है । इसकी शुरुआत तन और मन को स्वस्थ रखने से होती है। देश का नवयुवक अगर सकारात्मक हो जाय तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।' यह बातें युवा चिंतक व राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने कहीं । वे बल्दीराय ब्लाक के संततुलसीदास सत्यदेव इंटर कालेज पूरबगांव में नेहरू युवा केन्द्र द्वारा आयोजित स्वस्थ व सकारात्मक जीवन पर युवाओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित कर रहे थे ।ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने कहा कि युवा उर्जा से भरा होता है । इसको सही दिशा देने की जरूरत है । आज युवाओं में अवसाद निराशा कुंठा इसलिए बढ़ रही है क्योंकि हमारी जीवनशैली नकारात्मक हो गई है । जीवन में संतुलन आवश्यक है । शरीर मन और वाणी का यदि उचित उपयोग नहीं किया गया तो यह समस्या पैदा करेगा । उन्होंने बताया कि अति चिंतन अति स्मृति और अति कल्पना ये तीनों समस्याएं पैदा करती हैं । इसलिए इनसे बचना चाहिए ।विशिष्ट अतिथि योगगुरू सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है । नियमित योग व्यायाम करते रहने से हम शारीरिक समस्याओं को नियंत्रित कर सकते हैं।सौहार्द बरनवाल ने कहा देश प्रेम की भावना हमें आगे ले जाती है । राष्ट्र से जुड़कर ही युवा प्रगति कर सकता है ।कार्यक्रम का संचालन एन वाई के लेखा एवं कार्यक्रम पर्वेक्षक दिनेश मणि ओझा व आभार ज्ञापन प्राचार्य गुरु प्रसाद तिवारी ने किया । कार्यक्रम में जिला मास्टर ट्रेनर सुनील दत्त तिवारी ने युवाओं को योग प्रशिक्षण दिया । साथ ही मतदाताओं को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता शपथ दिलवाई गई । इस अवसर पर पूर्व बैंक अधिकारी सुखदेव तिवारी , नेशनल यूथ वालंटियर मुकेश कुमार , अजय मिश्र व विजय आदि उपस्थित रहे । |
| मसाज पार्लर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने किया 6 को गिरफ्तार Posted: 04 Feb 2022 02:42 AM PST लखनऊ में बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। गोमतीनगर पुलिस ने मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार का धंधा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपित युवतियों को बंधक बनाकर रखे थे। पार्लर में काम करने वाले एक लड़की किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकली और पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर इस मामले का खुलासा किया। शिकायत के आधार पर पुलिस आयुक्त ने टीम गठित कर बताई गई जगह पर छापा मारा, तो बात सच निकली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। गुरुवार को एसीपी गोमतीनगर श्रेता श्रीवास्तव ने टीम के साथ गोमतीनगर विस्तार स्थित पीकेजी पार्लर में छापा मारा और छह युवकों को गिरफ्तार किया। पार्लर से आठ युवतियों को बरामद किया गया है।एसीपी गोमतीनगर ने बताया कि पार्लर में लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर बुलाया जाता था। इसके बाद उन्हें वहीं बंधक बनाकर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल कर मोटी रकम वसूला जाता था। आरोपियों के चंगुल से निकल कर चिनहट निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि छह महीने पहले उसे पार्लर से नौकरी का ऑफर आया था और वहां जाने पर उसे बंधक बना लिया गया। इसके बाद विराम खंड दो स्थित एक मकान में लेकर गए और गलत काम करने का दबाव बनाया। मकान में कई और लड़कियां पहले से मौजूद थीं। उन्हें भी बंधक बनाकर रखा गया था। पीड़िता ने बताया कि युवतियों को ड्रग्स और नशे का इंजेक्शन दिया जाता था, जिससे कि वह बेहोश हो जाएं। लग्जरी गाड़ियों में संचालक आते थे और लड़कियों को लेकर अपने ग्राहक के पास ले जाते थे।अलग-अलग राज्यों से युवतियों को नौकरी का झांसा देकर बुलाया जाता था। पीड़िता ने बताया कि ग्राहकों को वापस लड़कियों को उनके ठिकाने पर छोड़ने की हिदायत दी जाती थी। अधिकतर गिरोह में शामिल युवक लड़कियों को लाने व ले जाने का काम करते थे। पुलिस ने पार्लर से अनिल कुमार, उदय पटेल, पीके, छोटू, राजकुमार और ऋतिक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले पुलिस चौकी में शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पता लगा रहा है। |
| Posted: 04 Feb 2022 01:06 AM PST नई दिल्ली कोरोना की तीसरी लहर में आ रही गिरावट को देखते हुए साथ ही देश में स्कूल के शिक्षकों और अन्य स्टाफ के 95 फीसद से अधिक का संपूर्ण टीकाकरण हो जाने के चलते, केन्द्र ने राज्यों को स्कूल खोलने पर फैसला लेने की सलाह दी है। हालांकि स्कूल खुलने पर कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करना अनिवार्य होगा। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस संबंध में राज्यों के विचार-विमर्श कर नयी गाइडलाइन जारी कर दी गयी है। इस नयी गाइड लाइन के मुताबिक स्कूल में छात्रों की फिजिकल उपस्थिति के लिए अभिभावकों की सहमति की अनिवार्यता को हटा दिया गया है। अब राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन को इस संबंध में फैसला लेने की छूट दे दी गई है। उन्होंने साफ किया कि नई गाइडलाइंस के अनुसार स्कूल खोलने का फैसला लेने के लिए राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन स्वतंत्र हैं।नीति आयोग के सदस्य और टीकाकरण पर टास्कफोर्स के प्रमुख डाक्टर वीके पाल ने कहा कि कोरोना के कारण बच्चों की पढ़ाई का बहुत नुकसान हो चुका है। यह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बिना स्कूलों को खोलना पहले संभव नहीं था, लेकिन अब शिक्षकों व स्टाफ में अधिकांश के टीकाकरण होने के कारण स्कूलों को खोला जा सकता है। |
| पेट्रोल पंप संचालक से हुई 220000 की लूट Posted: 04 Feb 2022 02:10 AM PST सुलतानपुर अपाची सवार असलहाधारियों ने लूट की बड़ी दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया है।करौंदीकला थाना क्षेत्र के दसगरपारा स्थित मार्ग पर दिनदहाड़े दो असलाधारियों ने पैसा जमा करने जा रहे पेट्रोल पंप के मालिक से रुपयों भरा बैग छीन लिया। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज दिनांक 04.02.2022 को समय करीब 12.00 बजे अनिल कुमार पुत्र सज्जन प्रसाद नि0ग्राम तसगरपारा थाना करौंदीकला अपनी बाइक से अपने आदित्य सेवा केन्द्र पेट्रोल पम्प के 2,20,000 रू0 पैसो को एक सफेंद पोलिथीन में रख कर इंडियन बैक ब्रान्च पीपी नगला में जमा करने जा रहे था कि सामने से एक सफेद अपाचे गाडी विना नम्बर प्लेट पर 02 व्यक्ति सवार आये और अनिल कुमार को असलहा दिखाकर बाइक रोकवा दी और पैसो से भरी पोलिथिन लेकर भाग गए । अभी तक पीड़ित द्वारा लिखित तहरीर प्रा्प्त नही हुई । मौके पर पुलिस बल मौजूद है व आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। आज दिनांक 04.02.2022 को थाना करौंदीकला क्षेत्रान्तर्गत हुई घटना का पुलिस उपमहानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कहा कि जल्द ही घटना में लिप्त दोषियों की गिरफ्तार कर लूट की घटना का शीघ्र अनावरण किया जाएगा। |
| ओवैसी को भी मिल गई Z कैटेगरी सिक्योरिटी Posted: 03 Feb 2022 11:51 PM PST
लखनऊ उत्तर प्रदेश के हापुड़ में हमले के बाद गृह मंत्रालय ने असदुद्दीन ओवैसी को Z कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है। अब ओवैसी के सुरक्षा घेरे में सीआरपीएफ के जवान रहेंगे। यानी, ओवैसी की Z कैटेगरी सिक्योरिटी में अब 4 से 6 NSG कमांडो और पुलिस कर्मियों समेत 22 जवान तैनात रहेंगे। पुलिस दो हमलावरों शुभम और सचिन को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर सकती है।सूबे के एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि सांसद के धर्म विरोधी भड़काऊ भाषणों और 2013-14 के दौरान अयोध्या के राम मंदिर को लेकर ओवैसी की टिप्पणी से आहत होकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में थाना बादलपुर (ग्रेटर नोएडा) दुरियाई के रहने वाले सचिन और थाना नकुड़ (सहारनपुर) गांव सापला बेगमपुर के रहने वाले को शुभम गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से एक-एक अवैध पिस्टल व ऑल्टो कार बरामद की गई है। इस मामले में ओवैसी के प्रतिनिधि यामीन ने थाना पिलखुवा में जानलेवा हमला और 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।ओवैसी मेरठ और किठौर में पदयात्रा करने के बाद 3 फरवरी की शाम साढ़े पांच बजे NH-24 से दिल्ली लौट रहे थे। हापुड़ जिले में पिलखुवा थाना क्षेत्र के छिजारसी टोल प्लाजा पर पहले से खड़े दो युवकों ने ओवैसी की कार पर फायरिंग कर दी। उनकी कार में तीन गोलियां लगीं। ओवैसी बाल-बाल बच गए। |
| जनसभा में बोले अमित शाह- उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से 300 पार करेगी Posted: 03 Feb 2022 11:11 PM PST लखनऊ गृह मंत्री अमित शाह ने गोरखपुर में कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में फिर से नया इतिहास बनने जा रहा है। योगी जी के नामांकन के साथ ही भाजपा उत्तर प्रदेश में 300 के पार फिर से पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश की महान जनता ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी 300 से अधिक सीटों के साथ हमें बहुमत दिया।फिर भाजपा ने योगी आदित्यनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाया।आज उत्तर प्रदेश के इतिहास में फिर से एक बार भाजपा इतिहास दोहराने जा रही है।2014, 2017 और 2019 तीनों चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने मोदी जी के नेतृत्व में यूपी के विकास का रास्ता तैयार कर प्रचंड बहुमत दिया है। योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में नामांकन से पहले कहा कि भाजपा अपने सहयोगी को साथ लेकर उत्तर प्रदेश में अपने वर्चस्व को दिखाएगी। उत्तर प्रदेश में पांच साल में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम किया है। उत्तर प्रदेश और देश के अंदर भाजपा सरकारों के बारे में कोई भी नकारात्मक टिप्पणी नहीं कर सकता। गरीब को मकान मिल जाना, शौचालय मिल जाना, बिना भेदभाव सभी की आस्था का सम्मान और सुरक्षा मिलना एक बड़ी बात थी। इन पांच सालों में भाजपा संगठन और सरकार ने मिलकर ये परिणाम दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने गोरखपुर में कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में फिर से नया इतिहास बनने जा रहा है। योगी जी के नामांकन के साथ ही भाजपा उत्तर प्रदेश में 300 के पार फिर से पहुंचेगी। |
| NDA ने 11 विधानसभा सीट पर घोषित किए प्रत्याशी Posted: 03 Feb 2022 10:34 PM PST
लखनऊ प्रयागराज की 12 विधानसभा सीट पर धीरे-धीरे तस्वीर साफ हो रही है। राष्ट्रीय जन तांत्रिक गठबंधन यानी NDA ने 11 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतार दिया है। जिसमें 7 सीटों पर भाजपा, 3 पर अपनादल एस व 2 पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी किस्मत आजमायेंगे। वहीं भाजपा के शहर उत्तरी सीट पर अभी भी प्रत्याशी तय करने को लेकर माथापच्ची चल रही है। पार्टी सूत्रों की माने तो 6 फरवरी को प्रत्याशी की घोषणा की जा सकती है।भाजपा ने प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों में से 7 सीटों शहर पश्चिमी से सिद्धार्थनाथ सिंह, शहर दक्षिणी से नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेजा से सीटिंग विधायक नीलम करवरिया, फूलपुर से सीटिंग विधायक प्रवीण कुमार पटेल वहीं फाफामऊ से गुरु प्रसाद मौर्य व कोरांव से आरती कोल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। वही शहर उत्तरी के प्रत्याशी को लेकर पार्टी में माथापच्ची चल रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो 6 या 7 फरवरी को पार्टी उम्मीदवार तय कर देगी। वहीं भाजपा ने अपने सहयोगी दल अपना दल एस को तीन सीटें दी हैं।जहां अपना दल एस ने प्रतापपुर से कैप्टन करन सिंह, बारा से पूर्व विधायक वाचस्पति व सोरांव से डॉक्टर जमुना प्रसाद सरोज को उम्मीदवार तय कर दिया है। इसके अलावा एक अन्य सहयोगी दल निषाद पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतार दिया है। हंडिया से पूर्व विधायक प्रशांत सिंह व करछना से पीयूष रंजन मैदान में हैं। गौरतलब है कि प्रशांत सिंह हंडिया के पूर्व विधायक स्वर्गवासी महेश नारायण के बेटे हैं। स्वर्गवासी महेश नारायण समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में 2002 यूपी विधानसभा चुनाव में हंडिया विधानसभा से विधायक बने।यूपी विस 2022 में टिकट कटने के बाद प्रशांत सिंह सपा से त्यागपत्र दे दिया। जिसके बाद आज निषाद पार्टी ने हंडिया विधानसभा से प्रशांत सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया। |
| नामांकन रद्द होने पर टॉवर पर चढ़ा युवक Posted: 03 Feb 2022 10:33 PM PST लखनऊ झांसी में नामांकन पत्र रद होने पर एक युवक शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने सदर सीट से एक फरवरी को नामांकन किया था। दो फरवरी को आरओ ने फार्म पूरा भरा न होने का हवाला देते हुए नामांकन रद कर दिया था।अब उसकी मांग है कि नामांकन पत्र को दुरुस्त कर उसे चुनाव लड़ने की स्वीकृति दी जाए। सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। युवक नीचे नहीं उतर रहा है। करीब दो घंटे से युवक टावर पर चढ़ा है।शहर के पास गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी पवन यादव (35) पुत्र जयसिंह यादव पहले निजी कंपनी में जॉब करते थे। मां सरस्वती ने बताया कि 5 साल से बेटे पवन को नेतागिरी का शौक हो गया। नौकरी छोड़कर वह नेताओं के साथ रहने लगा। 1 फरवरी को पवन ने झांसी सदर सीट से निर्दलीय नामांकन किया था। 2 फरवरी को नामांकन रद हो गया था। पवन का कहना है कि तीन फरवरी को वह अपनी बात रखने के लिए आरओ के पास जा रहा था। इलाइट चौराहे पर खड़ी पुलिस ने उसे जाने नहीं दिया। इसके बाद शुक्रवार को वह अपनी कॉलोनी के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने पवन को समझाने की कोशिश की। वह जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। बाद में प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस को घर भेजकर मां सरस्वती को बुलवाया। मां ने भी पवन को नीचे उतरने के लिए बोला। वह नीचे नहीं उतरा। इसके बाद मां मौके से घर चली गई। बोली वह बचपन से ही जिद्दी है।मोबाइल टावर चढ़ने से पहले पवन ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा पोस्ट की। बहन ने पोस्ट पढ़कर मां को कॉल करके जानकारी दी। परिजनों ने पवन को टावर से नीचे उतरने के लिए काफी कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। पवन के 11 साल की बेटी व 7 साल का बेटा है। पिता रेलवे से रिटायर है और बड़ा भाई अलग रहता है। |
| इसौली से जीत के लिए विधायक अबरार की शरण में पहुंचे सपा प्रत्याशी ताहिर खान Posted: 03 Feb 2022 07:39 AM PST सुलतानपुर इसौली विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद ताहिर खान अपनी जीत के लिए विधायक अबरार अहमद की शरण में पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना। बता दें कि तीन दिन पूर्व ही अखिलेश यादव ने मोदी लहर में जीतने वाले सीटिंग विधायक अबरार अहमद का टिकट काटकर ताहिर को टिकट दिया था। अबरार ने 2017 से पहले 2012 में भी इसौली से जीत दर्ज कराया था। आज वो सपा महासचिव सलाहुद्दीन व सपा नेता मोहम्मद रिजवान उर्फ पप्पू के साथ विधायक के घर पहुंचे थे। दरसल कल विधायक का एकाएक स्वास्थ गड़बड़ गया था। वहीं टिकट पाकर बुधवार को सुल्तानपुर पहुंचे सपा प्रत्याशी ताहिर खान ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वो अच्छे हैं और उन्होंने विधायक अबरार अहमद को अपना परिवार बताया। हम उनकी दुआओं और सबके आशीर्वाद से जिस तरह लाखो वोट से जीतकर लोकसभा में 2004 में गया था वैसे ही जीतूंगा। गौरतलब रहे कि जिले की पांच सीटों में सपा ने काफी विचार-विमर्श के बाद सबसे आखिर में इसौली सीट का टिकट फाइनल किया। लेकिन जितना विरोध प्रत्याशी को लेकर इस सीट पर है शायद ही अन्य चारों सीट पर हो। वो भी यह स्थिति तब है जब सपा का यहां से हैट्रिक चांस है। ऐसे में वर्तमान की स्थिति अगर 27 फरवरी तक रही तो सपा की साइकिल रेस में हार जाएगी। |
| ओवैसी के काफिले पर फायरिंग मामले में एक गिरफ्तार Posted: 03 Feb 2022 07:12 AM PST लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी खींचतान के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर फायरिंग मामले में यूपी पुलिस एक्शन में आ गई है।यूपी पुलिस ने असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर फायरिंग मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। यूपी पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा है कि पुलिस को इस मामले में अहम सुराग मिले हैं,जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा होगा। हापुड़ के पिलखवा में छिजारसी टोल बैरियर के पास ओवैसी के काफिले पर हमले के मामले में मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने इस घटना पर कहा कि एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया गया है।आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके बाद मामले पर पुलिस खुलासा करेगी। बता दें कि ओवैसी ने खुद दावा किया है कि जब वह दिल्ली की ओर रवाना हो रहे थे, तब उनकी कार पर तीन-चार राउंड फायरिंग हुई है।छिजारसी टोल प्लाजा पर ओवैसी के काफिले पर फायरिंग की घटना को लेकर हापुड़ के एसपी दीपक भूकर ने जानकारी दी है कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से अवैध असलहा भी बरामद हुआ है।आरोपियों को पकड़ने के लिए 5 टीमें बनाई गईं हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।बताया जा रहा है कि ओवैसी मेरठ से दिल्ली की ओर रवाना हो रहे थे, तभी छिजारसी टोल प्लाजा पर उनके काफिले पर फायरिंग हुई।फायरिंग करने वाले तीन-चार की संख्या में थे, जो फरार हो गए।ओवैसी की कार पर बुलेट के भी निशान हैं। बताया जा रहा है कि काफिले की एक-दो गाड़ी पंक्चर हो गई है।फिलहाल, ओवैसी के काफिले पर हमले की खबर सुनते ही उत्तर प्रदेश पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है।पुलिस छिजारसी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गई है। |
| विधान सभा सामान्य निर्वाचन,एक प्रत्याशी ने किया नामांकन Posted: 03 Feb 2022 04:54 AM PST सुलतानपुर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु जनपद के 189-विधान सभा क्षेत्र सदर (जयसिंहपुर) निर्वाचन क्षेत्र के लिये आज रिटर्निंग आफिसर/उप जिलाधिकारी अरविन्द कुमार के समक्ष जनपद में निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के तीसरे दिन 189-विधान सभा क्षेत्र सदर (जयसिंहपुर) से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अरूण कुमार वर्मा पुत्र कमला कान्त द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया । जनपद में निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के तीसरे कार्य दिवस में कुल 18 नामांकन पत्र राजनैतिक/गैर राजनैतिक दलों द्वारा क्रय किये गये। 187-विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र इसौली से कुल 5 नामांकन पत्र, 188-सुलतानपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से कुल 4 नामांकन पत्र, 189-विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सदर (जयसिंहपुर) से 3 नामांकन पत्र, 190-लम्भुआ विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से कुल 3 नामांकन पत्र, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से सीताराम वर्मा पुत्र शिवनाथ वर्मा, निर्दलीय प्रत्याशी अजयदीप वर्मा पुत्र शालिक राम वर्मा, शादाब अंसारी पुत्र लियाकत अली द्वारा नामांकन पत्र क्रय किया गया तथा 191-कादीपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से कुल 03 नामांकन पत्र, जिसमें 02 नामांकन पत्र निर्दलीय प्रत्याशी द्वारा तथा 01 नामांकन पत्र आम आदमी पार्टी से सुरेश चन्द्र पुत्र राम अजोर द्वारा क्रय किये गये। इस प्रकार तीसरे कार्य दिवस में कुल 18 नामांकन पत्र राजनैतिक/गैर राजनैतिक दलों द्वारा क्रय किये गये।* प्रथम दिन 30, दूसरे दिन 21 तथा तीसरे कार्य दिवस में 18 नामांकन पत्र, इस प्रकार कुल 69 नामांकन पत्र राजनैतिक/गैर राजनैतिक दलों द्वारा खरीदा गया। |
| तेज रफ्तार रोडवेज बस खाई में गिरी,12 यात्री घायल Posted: 03 Feb 2022 03:55 AM PST
लखनऊ पीलीभीत जिले में नेशनल हाईवे 730 पर बिठौरा गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। इनमें 6 की हालत गंभीर है।ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची गजरौला थाना पुलिस रेस्क्यू अभियान चला रही है।जानकारी के मुताबिक एक रोडवेज बस पीलीभीत की तरफ से यात्रियों को लेकर गोला जा रही थी। इस दौरान बिठौरा गांव के पास पहुंचते ही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी बस में बैठे यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर तेज में बस चल रहा था, जिससे बस में सवार करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। इस दौरान यात्रियों ने बताया कि रोडवेज बस चालक तेज गति से बस चला रहा था। अनियंत्रित होकर बस खाई में पलट गई। मामले पर जानकारी देते हुए गजरौला थानाध्यक्ष ने बताया है कि हादसे के दौरान बस चालक की मौत हो गई है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। |
| सिलेंडर और कुकर से किए प्रहार, फिर भी न मरी पत्नी तो उठाई चाकू Posted: 03 Feb 2022 03:54 AM PST दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से गुरुवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को छोटे से शक में ऐसी मौत दी जिसके बारे में सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यही नहीं इसके बाद आरोपी पति ने खुद को पुलिस के हवाले भी कर दिया।जानकारी के अनुसार गोविंदपुरी थाना इलाके में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर थाने में सरेंडर कर दिया। आरोपी ने खुद को सरेंडर करते वक्त पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी पर शक था कि उसके किसी और से अवैध संबंध थे जिसके चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।आरोपी ने पुलिस को बताया कि पहले उसने पत्नी के सिर पर सिलेंडर व कुकर से वार किए। लेकिन जब उसने पाया कि अभी पत्नी की मौत नहीं हुई है तो आरोपी ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह पुलिस के पास आत्मसमर्पण के लिए पहुंच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है। |
| यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी Posted: 02 Feb 2022 11:38 PM PST लखनऊ संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा (प्रीलिम्स)- 2022 का नोटिफिकेशनजारी कर दिया है। आईएएस, आईपीएस, आईआरएस, आईएफएस अफसर बनने का ख्वाब संजो रहे युवा www.upsc.gov.in या www.upsconline.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 22 फरवरी 2022 है। इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा में 861 वैकेंसी निकाली गई हैं। सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा 5 जून 2022 को होगी। सिविल सेवा के साथ-साथ भारतीय वन सेवा परीक्षा का भी नोटिफिकेशन जारी किया गया है। वन सेवा मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स पास करना होगा। यानी दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रीलिम्स एग्जाम कॉ़मन होगा। भारतीय वन सेवा परीक्षा में 151 वैकेंसी निकाली गई है। |
| सांसद का चार दिवसीय दौरा आज से Posted: 02 Feb 2022 11:11 PM PST सुल्तानपुर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी चार दिवसीय दौरे पर गुरुवार 3 फरवरी को देर शाम जिले में पहुंच रही है।सांसद के संसदीय क्षेत्र पहुंचने पर सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता जोरदार स्वागत करेगे। इसके बाद सांसद मेनका संजय गांधी शास्त्रीनगर आवास पर कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात करने के बाद रात विश्राम करेंगी।सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया की सांसद श्रीमती गांधी आज गुरुवार 3 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे सड़क मार्ग से आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस - वें होते हुए वाया हैदरगढ़ , जगदीशपुर मुसाफिरखाना 5:00 बजे संसदीय क्षेत्र पहुंचेंगी।सांसद श्रीमती गांधी 4 फरवरी से 6 फरवरी अपराह्न 3:00 बजे तक संसदीय क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनता से रुबरु होते हुए आयोजित ग्राम चौपालों को संबोधित करेंगी।सांसद श्रीमती गांधी 4 फरवरी से 6 फरवरी तक प्रातः 7 बजे से 9:30 बजे तक जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जन-शिकायतों का निस्तारण भी करेंगी।सांसद श्रीमती गांधी 6 फरवरी को अपराह्न 3:00 बजे के बाद सड़क मार्ग से लखनऊ -आगरा एक्सप्रेस-वे होते हुए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। |
| कांग्रेस ने 27 नामों की लिस्ट जारी की Posted: 02 Feb 2022 10:30 PM PST
लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार देर रात 27 नामों की लिस्ट जारी की है। पार्टी ने लखनऊ पूर्व से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। इस सीट से पंकज तिवारी की जगह केकेसी छात्र संघ के अध्यक्ष रह चुके मनोज तिवारी को टिकट दिया है। वहीं, रायबरेली से डॉ. मनीष सिंह चौहान को मैदान से उतारा है। इसके अलावा, सिराथू से डिप्टी सीएम केशव मौर्या के खिलाफ पार्टी ने सीमा देवी को टिकट दिया है। पार्टी ने 27 नामों में 11 महिलाओं को टिकट दिया है।इसके अलावा, बाराबंकी से रूही पटेल को पार्टी ने टिकट दिया है। वही, करनैलगंज से त्रिलोकी नाथ तिवारी, मेंहदावल से रफीका खातून, खलीलाबाद से डॉ. अमरेंद्र भूषण, नौतनवा में सदा मोहन उपाध्याय, मिर्जापुर से भगवान दत्त उर्फ राजन पाठक को टिकट दिया है। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की सहयोगी दल निषाद पार्टी ने 6 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। चौरी चौरा से सरवन निषाद, हंडिया से प्रशांत सिंह राहुल, करछना विधानसभा से पियूष रंजन निषाद, सैदपुर से सुभाष पासी, मेंहदावल से अनिल कुमार त्रिपाठी, सुल्तानपुर सदर जयसिंहपुर से राज प्रसाद उपाध्याय राज बाबू को उम्मीदवार बनाया है। |
| फेसबुक पर युवती से दोस्ती फिर शादी का झांसा देकर रेप Posted: 02 Feb 2022 09:50 PM PST
लखनऊ कानपुर डीएवी कॉलेज का एक असिस्टेंट प्रोफेसर ग्वालटोली थाने की पुलिस के लिए मोस्ट वांटेड बन गया है। उसने फेसबुक से युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद उसे शादी का झांसा देकर महीनों रेप किया। शादी से मुकर जाने पर युवती ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ ग्वालटोली थाने में रेप और गर्भपात की एफआईआर दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से प्रोफेसर फरार चल रहा है। कोर्ट ने उसके खिलाफ बुधवार को एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया है।सरेस बाग गड़रियनपुरवा निवासी युवती ने बताया कि मूल रूप से वाराणसी निवासी डीएवी कॉलेज के प्रोफेसर रवि कुमार और उसकी फेसबुक के जरिए 18 नवंबर 2019 को दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। 21 दिसंबर 2020 को प्रो. रवि ने उन्हें मिलने के लिए कानपुर मर्चेंट चेंबर हॉल सिक्का चौराहा स्थित अपने फ्लैट पर बुलाया। इस दौरान मांग में सिंदूर भर दिया और शादी होने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। यह सिलसिला लगातार चलता रहा और वह गर्भवती हो गई। शादी का दबाव बनाने पर प्रोफेसर ने जबरन दवाएं खिलाकर गर्भपात करा दिया। 23 जुलाई को रवि से मिली और हाथ जोड़ा, पैर पकड़ा और शादी के लिए लाख मिन्नतें की, लेकिन वह नहीं माना और छोड़कर चला गया।दोनों के बीच झगड़े के दौरान रवि ने धमकी दी कि अगर तुमने कुछ किया तो तुम्हारा अश्लील वीडियो वायरल करके बदनाम कर दूंगा। इसके बाद युवती ने 5 जनवरी 2022 को प्रोफेसर से आजिज होकर ग्वालटोली थाने में रेप और गंर्भपात करने की एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद से प्रोफेसर फरार चल रहा है। ग्वालटोली थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि फरा चल रहे प्रो. रवि के खिलाफ कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू जारी कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। |
| सर्द हवाओं के साथ पश्चिमी और पूरब के क्षेत्र में बारिश होने की संभावना Posted: 02 Feb 2022 09:50 PM PST
लखनऊ उत्तर प्रदेश में पहाड़ों पर अचानक गलन बढ़ने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बुधवार को पहाड़ों पर बर्फ गिरने के बाद मैदानी इलाकों में अचानक से रात के समय और अधिक ठंडी बढ़ गया। सर्द हवाएं चलने लगीं। रात में अचानक कोहरा बढ़ गया और विजिबिलिटी काफी कम हो गई। गुरुवार सुबह से लखनऊ, वाराणसी और सहारनपुर में बूंदाबांदी होने लगी। सीतापुर में ओले गिरे हैं। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले 4 फरवरी तक सर्द हवाओं के साथ पश्चिमी और पूरब के क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी बिजली की गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल, अमरोहा, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, कासगंज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा लखनऊ में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |