सुल्तानपुर टाइम्स |
- मतदाता को रिश्वत या धमकी दी तो मिलेगी जेल,हेल्पलाइन नंबर जारी
- बसपा ने 54 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया
- पति ने पत्नी की नाक काटी, सिपाही के पद पर है तैनात
- उन्नाव में भीषण हादसा,पुलिस की गाड़ी पर पलटा तेज रफ्तार टैंकर,तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत
| मतदाता को रिश्वत या धमकी दी तो मिलेगी जेल,हेल्पलाइन नंबर जारी Posted: 04 Feb 2022 11:42 PM PST लखनऊ विधानसभा चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। यदि मतदाता को कोई रिश्वत या धमकी देता है तो उसके रोकथाम के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं के लिए टेलीफोन व हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं जिस पर मतदाता कॉल कर सीधे शिकायत कर सकता है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 171-ख के अनुसार, कोई व्यक्ति निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी व्यक्ति को उसके निर्वाचक अधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्प्रेरित करने के उद्देश्य से नकद या वस्तु रूप में कोई परितोष देता है या लेता है वह एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों से दण्डनीय होगा।इसके अतिरिक्त, भारतीय दंड संहिता की धारा 171-ग के अनुसार, जो कोई व्यक्ति किसी अभ्यर्थी या निर्वाचक या किसी अन्य व्यक्ति को किसी प्रकार की चोट लगाने की धमकी देता है वह एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों से दंडनीय है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया रिश्वत देने वालों और लेने वालों दोनों के विरूद्ध मामले दर्ज करने के लिए और ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए उड़न दस्ते की टीम गठित की गई है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वह किसी से भी रिश्वत लेने से परहेज करें।यदि कोई व्यक्ति रिश्वत की पेशकश करता है या उसे रिश्वत और निर्वाचकों को डराने या धमकाने के मामलों की जानकारी है तो उन्हें शिकायत टोल फ्री नम्बर 18001805338 पर कॉल करके बताना चाहिए ताकि कार्रवाई की जा सके। |
| बसपा ने 54 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया Posted: 04 Feb 2022 10:23 PM PST लखनऊ आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए ।बहुजन समाजवादी पार्टी ने एक और लिस्ट जारी की है। छठवें चरण की इस लिस्ट में अवध और पूर्वांचल के 54 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया। इसमें अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिले की विधानसभा सीटों से लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई है। इस लिस्ट में बीएसपी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर सदर सीट से ख्वाजा शमसुद्दीन को प्रत्याशी बनाया है। कुशीनगर के फाजिलनगर में संतोष तिवारी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य को चुनौती देंगे। |
| पति ने पत्नी की नाक काटी, सिपाही के पद पर है तैनात Posted: 04 Feb 2022 09:07 PM PST
लखनऊ सीतापुर के नरोत्तम नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात शराब के नशे में पति का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी से मारपीट और गाली-गलौज की। वह इतने पर ही नहीं रुका। उसने पत्नी की नाक को मुंह से काट लिया। बताया जा रहा है कि महिला का पति सिपाही है और वर्तमान में उसकी रायबरेली में ट्रेनिंग चल रही है।घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। साथ ही घायल पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज किया गया। पीड़ित महिला कोमल ने जानकारी देते हुए बताया, उसकी शादी सिधौली थाना क्षेत्र के नरोत्तम नगर मोहल्ले निवासी वीरेंद्र कुमार के साथ हुई है। कल रात करीब 9:00 बजे की बात है। वह घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान पति वीरेंद्र आ गया। वह शराब के नशे में था। घर पर वह किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।पत्नी कोमल ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह और भड़क गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। देखते ही देखते उसने कोमल की नाक काट ली। परिवारीजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया। साथ ही कोमल को इलाज के लिए सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां पर कोमल का प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।पुलिस ने कोमल के पति वीरेंद्र का भी मेडिकल कराया है। परिवारीजनों ने बताया, वीरेंद्र के पिता मुन्नालाल का हाल ही में निधन हो गया था। मुन्नालाल पुलिस विभाग में कार्यरत थे। उन्हीं के स्थान पर वीरेंद्र को पुलिस विभाग में मृतक आश्रित पर सिपाही के पद पर नौकरी मिली है। वर्तमान में रायबरेली में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। |
| उन्नाव में भीषण हादसा,पुलिस की गाड़ी पर पलटा तेज रफ्तार टैंकर,तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत Posted: 04 Feb 2022 09:02 PM PST
लखनऊ उन्नाव में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां ओवरटेक करने के दौरान एक टैंकर आगे चल रही पुलिस की गाड़ी पर पलट गया। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक सिपाही की हालत गंभीर है। मृतकों में दो महिला पुलिसकर्मी और एक पुरुष ड्राइवर है। हादसा उन्नाव-हरदोई मार्ग पर सफीपुर कोतवाली में महदी खेड़ा पुलिया के पास हुआ। हादसे के समय पीछे से आ रहा एक बाइक सवार भी ट्रैंकर से भिड़ गया। उसकी भी हालत गंभीर है।पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात 9 बजे पुलिस की गाड़ी उन्नाव की तरफ जा रही थी। पीछे तेज रफ्तार एक दूध का टैंकर चल रहा था। महदी खेड़ा पुलिया के पास टैंकर ने पुलिस की गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की। आगे सकरी पुलिया देखकर टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे टैंकर अनियंत्रित हो गया। ड्राइवर संभाल नहीं पाया और बगल में चल रही पुलिस की पीआरवी वैन पर टैंकर पलट गया।हादसे में मौके पर हड़कंप मच गया। आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी पर पलटे टैंकर को हटाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं हटा पाए। इसके बाद सफीपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलाया। करीब 40 मिनट बाद क्रेन आई। इसके बाद टैंकर को हटाकर गाड़ी में दबे चारों पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला।हादसे में पुलिस की गाड़ी में बैठी महिला सिपाही शशिकला, रीता कुशवाह और चालक कृष्णेंद्र की मौत हो गई। वहीं, एक सिपाही आनंद गंभीर घायल है। पुलिस ने आंनद को नजदीकी अस्पताल भेजा। जहां से उसे तुरंत हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।पुलिस ने बताया कि घटना के बाद टैंकर चालक मौके से भाग गया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर उसका पता किया जा रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में पुलिसकर्मियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल सिपाही का समुचित उपचार कराने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |