सुल्तानपुर टाइम्स |
- 2 लाख का इनामी दिनदहाड़े एनकाउंटर में ढेर
- चार बार के MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह का गायत्री प्रजापति की बहू से होगा मुकाबला, अंतिम दिन दोनों ने भरे पर्चे
- यूपी में सभी विधायकों को अलॉट हुए आवास
- समय से पहले पड़ने लगी गर्मी, मार्च के आखिरी सप्ताह में 39 डिग्री पहुंचने की संभावना
- लेडी डॉन की बहन से इश्क पड़ा भारी
- BJP ने 24 को सभी विधायकों को लखनऊ बुलाया
- गायत्री प्रजापति के परिवार पर अखिलेश यादव का बढ़ता विश्वास,सुल्तानपुर में MLC के लिए पूर्व मंत्री की पुत्र वधू को बनाया उम्मीदवार
- यूपी में अब आलीशान स्कूलों में पढ़ेंगे गरीबों के बच्चे
- यूपी में महिला विधायकों की लग सकती है लॉटरी
| 2 लाख का इनामी दिनदहाड़े एनकाउंटर में ढेर Posted: 21 Mar 2022 04:57 AM PDT लखनऊ UP STF ने सोमवार को दिनदहाड़े दो लाख के इनामी बदमाश मनीष सिंह सोनू को वाराणसी जिले के लोहता क्षेत्र में मार गिराया। मनीष सिंह सोनू का एक साथी मौके से भाग निकला है। उसकी तलाश की जा रही है। दरअसल UP STF की वाराणसी यूनिट मनीष की तलाश में लगातार लगी हुई थी। UP STF की वाराणसी इकाई के एडिशनल एसपी विनोद कुमार सिंह को सोमवार को इनपुट मिला कि मनीष सिंह लोहता क्षेत्र में बनकट रेलवे क्रॉसिंग के समीप मौजूद है तो तत्काल उसकी घेराबंदी की गई। लेकिन खुद को घिरता देख मनीष ने फायरिंग शुरू कर दी।UP STF के डिप्टी एसपी शैलेंद्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर पुनीत सिंह परिहार सहित टीम में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली सीधे मनीष के सीने में जा लगी और वह ढेर हो गया। मनीष सिंह सोनू के पास से 9 mm की कार्बाइन, .38 बोर की पिस्टल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। उस पर साल 2007 से लेकर अब तक वाराणसी सहित पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में 32 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।इनामी बदमाश मनीष सिंह सोनू नवंबर 2020 में मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। 26 नवंबर 2020 की रात वाराणसी पुलिस को सूचना मिली थी कि सरैयां इलाके में 1 लाख का इनामी रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू अपने दोस्त इनामी मनीष सिंह सोनू के साथ मौजूद है।इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आमने-सामने की फायरिंग में रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू मारा गया था। लेकिन, मनीष सिंह सोनू पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकला था। पुलिस ने इसके बाद मनीष सिंह सोनू का काफी पता लगाया लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। |
| Posted: 21 Mar 2022 04:19 AM PDT सुलतानपुर विधान परिषद चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन आज भाजपा-सपा प्रत्याशी ने पर्चा भरा। भाजपा से जहां चार बार के एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह मैदान में उतरे हैं तो वहीं सपा से गायत्री प्रसाद प्रजापति की पुत्र वधू शिल्पा प्रजापति ने पहली बार मैदान में ताल ठोका है। ऐसे में अब सुल्तानपुर का मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। MLC नामांकन के अंतिम दिन सुल्तानपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र चतुर्वेदी के साथ अतिरिक्त सीओ एनएन शर्मा और नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय भी तैनात रहे। भारी ट्रैफिक जाम के बीच पूर्व MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह भाजपा उम्मीदवार के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पर उन्होंने भाजपा विधायक विनोद सिंह सीताराम वर्मा राजेश गौतम और जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के साथ नामांकन किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे भी लगाए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी से पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बहू शिल्पा प्रजापति ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान गायत्री प्रजापति की पत्नी विधायक महाराजी देवी भी उपस्थित रहीं। समाजवादी पार्टी के इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान, जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव, महासचिव मोहम्मद सलाउद्दीन, पूर्व विधायक अनूप संडा, पूर्व विधायक अरुण वर्मा, भगेलू राम मौजूद रहे।पर्चा दाखिले के बाद शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य के सहयोग से चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। समतामूलक समाज की स्थापना ही हमारा उद्देश्य होगा। वही सपा उम्मीदवार शिल्पा प्रजापति ने कहा हम पर विश्वास जताने के लिए हम अखिलेश यादव के प्रति आभार जताते हैं। जनता से उम्मीद है कि हमें भारी मतों से जीत दिलाएगें। इसी क्रम में अमेठी के गौरीगंज से सपा विधायक राकेश सिंह ने कहा कि MLC चुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार शिल्पा प्रजापति जीत दर्ज कराएंगी। जिस तरह समाजवादी पार्टी की जीत होती रही है, उसी तरह से होती रहेगी। उधर भाभी के नामांकन में पहुंची गायत्री प्रजापति की बेटी ने कहा कि MLC चुनाव की रणनीति हम मीडिया को बाद में बताएंगे। |
| यूपी में सभी विधायकों को अलॉट हुए आवास Posted: 20 Mar 2022 11:27 PM PDT लखनऊ उत्तर प्रदेश में नई सरकार के आकार लेने की तैयारियों के साथ ही राज्य संपत्ति विभाग ने भी अपनी तैयारी कर ली है। सभी 403 विधायकों को आवास का आवंटन किया जा चुका है। मंत्री पद की शपथ लेने वालों के लिए बंगले भी तैयार हैं। यूं भी मौजूदा सरकार के मंत्री अपने आवास में रह ही रहे हैं। दोबारा जगह मिलने पर वे वहीं बने रहेंगे। नए लोगों के लिए भी आवास तैयार करा दिए गए हैं, जिनका जरूरत के हिसाब से आवंटन किया जा सकेगा। इसके अलावा राज्य संपत्ति विभाग के पास करीब 200 गाड़ियों का भी बेड़ा है। जरूरत होने पर किराए पर भी गाड़ियां ली जाएंगी।योगी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में सरकारी अमले के साथ ही भाजपा भी जुट गई है। पूरे प्रदेश से लोगों को बुलाने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों के साथ ही भाजपा के संगठनात्मक मंडलों और शक्ति केंद्रों तक का प्रतिनिधित्व दिखेगा। सभी जिलों से सूचियां मांगी गई हैं। समारोह में संघ और विचार परिवार के अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। |
| समय से पहले पड़ने लगी गर्मी, मार्च के आखिरी सप्ताह में 39 डिग्री पहुंचने की संभावना Posted: 20 Mar 2022 10:36 PM PDT
लखनऊ अभी मार्च माह के 20 दिन ही बीते हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश में तापमान आसमान छूने लगा है। समय से पहले ही पारा बढ़ने लगा है। होली के बाद अचानक से मौसम में बदलाव आया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है की तापमान में अचानक से बढ़ोतरी हुई है। इससे मौसम बदल रहा है। मार्च के आखरी सप्ताह तक उत्तर प्रदेश में तापमान 39 डिग्री को पार करने की संभावना है। समय से पहले गर्मी शुरू होने पर गेहूं की फसल की पैदावार पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा।होली के बाद अचानक से तापमान बढ़ा है। दिन में कड़क धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। अप्रैल माह जैसी गर्मी उत्तर प्रदेश में मार्च में ही पड़नी शुरू हो गई है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है की अयोध्या,बनारस,आजमगढ़,सुल्तानपुर लखनऊ,मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, संभल, आगरा, अलीगढ़, मथुरा में भी भी तापमान तेजी से बढ़ा है। 20 मार्च के औसत तापमान की बात करें तो पिछले पांच साल में 20 मार्च 2022 का दिन सबसे गर्म रहा। जहां तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया।मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ शमीम ने बताया की सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक रहेगा। अगले पांच दिन तक औसत यही तापमान का अनुमान है। पछुआ हवा चलेगी। हवा 10 किमी प्रति घंटा के अनुसार चलेगी।मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ शमीम ने बताया की तापमान बढ़ने के कारण मौसम बदल रहा है। मार्च माह में मौसम में एक साथ तापमान में वृद्धि हुई है। रविवार को मौसम बदला बदला हुआ रहा। रविवार को को अधिक तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सोमवार सुबह का तापमान 30 डिग्री को पार गया। जैसे जैसे दिन बढ़ेगा तापमान बढ़ेगा। 30 मार्च के करीब यह तापमान 39 डिग्री की संभावना है। |
| लेडी डॉन की बहन से इश्क पड़ा भारी Posted: 20 Mar 2022 09:50 PM PDT दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपहरण व हत्या के मामले में भगोड़ा लेडी डॉन निधि उर्फ भारती (27) को गिरफ्तार किया है। वह चार वर्ष से फरार चल रही थी। जमानत मिलने के बाद से आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हो रही थी। कोर्ट ने उसे वर्ष 2018 में भगोड़ा घोषित कर दिया था।उस पर अपने साथियों के साथ अपनी बहन के प्रेमी का अपहरण कर उसे चलते ट्रक के सामने फेंकने का आरोप है। इस मामले को आरोपियों ने सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की थी मगर पुलिस जांच में साजिश का पर्दाफाश हो गया था। आरोपी गैंगस्टर राहुल जाट की पत्नी है। राहुल जाट शातिर गैंगस्टर रोहित चौधरी व अंकित गुर्जर (मृतक) का साथी है।स्पेशल सेल DCP के अनुसार इंस्पेक्टर शिव कुमार को गोविंदपुरम, गाजियाबाद में निधि उर्फ भारती की गतिविधियों के बारे में पता लगा था। इसके बाद 19 मार्च को गुप्ता सूचना मिली थी कि निधि गोविंदपुरम, गाजियाबाद स्थित एक कैफे में आएगी।ASP अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर शिवकुमार व एसआई राजेश शर्मा की टीम ने कैफे में 19 मार्च की शाम को घेराबंदी कर गांव सरीफाबाद राजपुर, फारूख नगर लोनी गाजियाबाद निवासी निधि को गिरफ्तार कर लिया।निधि व उसके पति गैंगस्टर राहुल जाट ने नौ साथियों के साथ जीटीबी एंक्लेव से एक अप्रैल, 2015 को सागर उर्फ चुन्नू को अपने घर बुलाकर अपहरण कर लिया था। इन लोगों ने उसे बांधकर बेरहमी से पीटा और बागपत ले जाकर मुख्य सड़क पर चलते ट्रक के सामने फेंक दिया था। ट्रक से कुचलने से सागर की मौत हो गई थी। |
| BJP ने 24 को सभी विधायकों को लखनऊ बुलाया Posted: 20 Mar 2022 09:48 PM PDT लखनऊ यूपी में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। नई सरकार के आकार लेने से पहले BJP के विधायक दल की बैठक 24 मार्च को लोकभवन में होगी। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में गृहमंत्री अमित शाह और रघुवर दास मौजूद रहेंगे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाएगा। फिर 25 मार्च की शाम चार बजे अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में योगी सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा।विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत पाने वाली भाजपा ने अब दूसरी पारी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इकाना स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों को समारोह के लिए खासतौर से सजाया-संवारा जा रहा है। योगी के साथ उनके कई मंत्री भी शपथ लेने वाले हैं। इनमें कुछ पुराने चेहरों के साथ काफी संख्या में नये चेहरों के शामिल होने की संभावना है। पिछले कार्यकाल में खराब प्रदर्शन भी कई मंत्रियों के आड़े आ सकता है जबकि सरकार के एकाध प्रमुख चेहरे संगठन में और संगठन से कुछ को सरकार में भेजा जा सकता है। वर्ष 2024 को ध्यान में रखते हुए बिछाई जा रही इस बिसात में चेहरों का चयन तमाम समीकरणों को साधने के लिहाज से किया जा रहा है। भाजपा ने राज्य की 403 विधानसभा सीटों में 255 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता में वापसी की है। योगी बीते 37 साल में पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार सत्ता में आए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आदि उपस्थित रहेंगे। |
| Posted: 20 Mar 2022 07:12 AM PDT सुलतानपुर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का विश्वास जेल में निरुद्ध पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के परिवार पर बढ़ता जा रहा है। विधानसभा चुनाव में अमेठी सीट से उन्होंने गायत्री की पत्नी महाराजी को टिकट दिया और उन्होंने जीत दर्ज कराई। अब जब विधान परिषद का चुनाव होने जा रहा है तो पार्टी ने सुल्तानपुर से उनकी पुत्र वधू को प्रत्याशी बनाया है। दिग्गज सपाईयों को मात देते हुए जिस तरह गायत्री परिवार ने पहले विधानसभा और अब विधान परिषद का टिकट हासिल किया इससे साफ है कि गायत्री प्रजापति के परिवार का कद सपा प्रमुख के सामने बढ़ गया है। उसकी एक वजह गायत्री की पत्नी महाराजी की अमेठी से जीत भी है। इसलिए की उन्होंने पूरे विरोध के बावजूद अमेठी में पूर्व केंद्रीय मंत्री को पराजित कर जीत दर्ज कराई है। यही कारण है अब जब सुल्तानपुर-अमेठी से MLC चुनाव का टिकट देना हुआ तो सपा ने गायत्री प्रजापति के पुत्र अनिल प्रजापति की पत्नी शिल्पा प्रजापति को दिया है। अनिल प्रजापति करोड़ों के मालिक हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार उनके पास दो करोड़ 28 लाख 39 हजार 591 रुपये हैं।उल्लेखनीय रहे कि अमेठी से तीन किमी दूर परसावां गांव से एक मिट्टी के कुल्हड़ और बर्तन बनाने वाले सुकई राम के घर 16 जुलाई 1963 के दिन गायत्री का जन्म हुआ। गायत्री को मुलायम सिंह यादव के रूप में अपना राजनीतिक गॉडफादर मिल गए। दरअस्ल 90 के दशक से गायत्री प्रजापतियों समेत तमाम पिछड़ी जातियों का झंडा उठाए घूमने लगे। और साल 1993 में विधानसभा चुनाव लड़ गए चुनाव चिह्न बाल्टी मिली थी। गायत्री को 1526 वोट मिले थे। इसके बाद उनकी मुलाकात इटावा के रहने वाले दयाराम प्रजापति से हो गई। सपा से दो बार एमएलसी और मुलायम सिंह के खास दयाराम ने गायत्री की मुलाकात मुलायम सिंह से करवाई। मुलाकात रंग लाई मुलायम वैसे भी प्रदेश में ऐसे पिछड़ी जातियों के लड़कों को ढूंढ रहे थे। 1996 में गायत्री को समाजवादी पार्टी से टिकट दिया वो एक बार फिर अमेठी विधानसभा से लड़े लेकिन फिर हार गए। लेकिन इस बार पिछली बार की तरह नहीं बल्कि उन्हें 25,112 वोट मिले। वो तीसरे नंबर पर रहे। चुनाव कांग्रेस के राम हर्ष सिंह जीते। 36,069 वोट मिला। 2002 के चुनाव में गायत्री को एक बार फिर से मुलायम सिंह का आशीर्वाद मिला। इस बार टिकट मिलने का विरोध भी हुआ इस पर मुलायम सिंह अमेठी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से साफ कह दिया कि गायत्री हमारे लड़के जैसा हैं उसको जिताओ। अब नेताजी की कार्यकर्ताओं ने भले सुन ली हो जनता ने नहीं सुनी। गायत्री लगातार तीसरी बार चुनाव हार गए। 21764 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। चुनाव रानी अमिता सिंह ने जीता बीजेपी से उनको 55949 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के आशीष शुक्ला रहे उन्हें 37184 वोट मिले। लेकिन अगले ही चुनाव 2007 में गायत्री का टिकट कट गया। टिकट राजेश अग्रहरि को मिला वो भी बुरी तरह हारे। अमिता सिंह विधायक बनी। 2012 के चुनाव से पहले 2011 में आगरा में समाजवादी पार्टी का अधिवेशन चल रहा था। रामगोपाल यादव घोषणा करते हैं कि अमेठी के गायत्री प्रसाद प्रजापति ने पार्टी को 25 लाख रुपये डोनेट किए हैं। गायत्री लपक कर मंच पर पहुंचे और मुलायम सिंह के पैर छू लिया। मई में गायत्री का टिकट फाइनल हो गया और गायत्री ने 2012 में इतिहास रच दिया। दो बार की विधायक अमिता सिंह को चुनाव में उन्होंने हरा दिया। गायत्री प्रसाद को 58,390 वोट मिले तो कांग्रेस से अमिता सिंह को 49638 वोट। 2013 में मंत्रीमंडल विस्तार करते हुए सीएम अखिलेश यादव ने गायत्री को सिंचाई विभाग में राज्य मंत्री बना दिया। सिंचाई विभाग के कैबिनेट मिनिस्टर थे खुद शिवपाल यादव हालांकि अखिलेश गायत्री को लेकर इतने खुश नहीं थे. गायत्री को समझ आ गया कुछ और करना पड़ेगा। गायत्री ने इसके बाद मुलायम की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता और उनके पुत्र प्रतीक की परिक्रमा करनी शुरू की। इसका 2013 के जुलाई महीने में फायदा मिला जब गायत्री को खनन विभाग मिल गया। फिर वो इसी डिपार्टमेंट के पहले स्वतंत्र प्रभार और 2014 में कैबिनेट मिनिस्टर बन गए। गायत्री शायद इकलौते मंत्री होंगे जिनका एक ही मंत्रालय में तीन बार प्रमोशन हुआ। इसी बीच गायत्री को मुलायम ने एक सम्मेलन करवाने का काम सौंपा। 17 अति पिछड़ी जातियों का सम्मेलन इसमें प्रजापति जाति भी थी गायत्री 1993 से इसका झंडा उठाए थे। गायत्री ने इस सम्मेलन को मेगा इवेंट बना दिया था। इस सफल कार्यक्रम ने गायत्री का जलवा कायम हो गया। और 2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने गायत्री को स्टार प्रचारक बना दिया। उधर जब गायत्री पर खनन विभाग में अनिमियताओं को लेकर सीबीआई जांच के आदेश तो अखिलेश ने इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कैबिनेट मिनिस्टर के पद से हटा दिया। उसी वक्त यादव परिवार का झगड़ा सामने आया। बर्खास्तगी पर मुलायम नाराज हुए तो इसी दबाव के कारण अखिलेश ने गायत्री प्रजापति को दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया था।इसी बीच 18 फरवरी 2017 को जब विधानसभा चुनाव सिर पर था तभी गायत्री प्रजापति व उसके छह साथियों के खिलाफ लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में रिपोर्ट लिखाई गई। यह रिपोर्ट चित्रकूट की एक पीड़िता की तहरीर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर लिखी गई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि गायत्री के सरकारी आवास पर नशीला पदार्थ चाय में मिलाकर बेहोश करके उसके साथ रेप किया गया था।इसका असर हुआ 27 फरवरी को अमेठी में अपना वोट डालने के बाद से गायत्री फरार हो गए। 2017 का परिणाम आया तो बीजेपी से गरिमा सिंह 63912 वोट पाकर जीती और गायत्री को 58941 वोट मिले। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई अब गायत्री को इसी मामले में उम्रकैद की सजा हुई है।काफी जद्दोजहद के बाद पति गायत्री के लिए इंसाफ मांगने स्वंय उनकी पत्नी महाराजी चुनावी मैदान में उतरी। अमेठी विधान सभा में उन्होंने बेटियों के साथ घूम घूम कर वोट मांगे। जमकर आंसू बहाए 10 मार्च को रिजल्ट आया तो पता चला आंसू रायगा नहीं गए। अमेठी की जनता ने जहां महाराजी को 87242 वोट दिए वही भाजपा प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय सिंह को 59515 वोट ही मिले। इस तरह महाराजी ने यह चुनाव 17727 वोटों से जीत लिया। जबकि कांग्रेस के आशीष शुक्ला को महज 13967 वोट से ही संतोष करना पड़ा। अब जब सुल्तानपुर-अमेठी सीट पर विधान परिषद का चुनाव है तो सपा ने गायत्री की ग्रेज्युएट पुत्र वधू शिल्पा को मैदान में उतारा है। शिल्पा का मायका प्रतापगढ़ जिले में है। |
| यूपी में अब आलीशान स्कूलों में पढ़ेंगे गरीबों के बच्चे Posted: 20 Mar 2022 12:31 AM PDT लखनऊ यूपी में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए खुशखबरी है। अब यूपी के श्रमिक और मजदूरों के बच्चे आलीशान स्कूल में पढ़ाई करेंगे। खास बात यह है कि ये स्कूल तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। यूपी में योगी सरकार की दोबारा सत्ता में वापसी के साथ ही इस रणनीति पर काम तेज हो गया है। ये स्कूल इसी साल अगस्त या सितंबर महीने में बनकर तैयार हो जाएंगे। जानकारी के मुताबिक इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास के साथ- साथ टेबल- कुर्सियां भी स्मार्ट ही होंगी।बता दें कि यूपी के हर मंडल में एक अटल आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं। इन स्कूलों के शुरू होने के साथ ही यूपी में श्रमिक वर्ग के बच्चों की पढ़ाई करने के लिए एक नया अवसर मिलेगा।वे अमीर बच्चों की तरह ही आलीशान स्कूलों में बैठकर पढ़ाई कर पाएंगे। दरअसल यूपी में 18 अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण हो रहा है। इन पर काम तो पहले ही फाइलों में शुरू हो गया था। लेकिन जमीन पर इनकी शुरुआत योगी-2.0 में होगी।खास बात यह है कि इन स्कूलों की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनका निर्माण 12 से 13 एकड़ जमीन में किया जा रहा है।स्कूलों का सही तरह से संचालन करने के लिए हर मंडल में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। समिति में जिलाधिकारी सहित अन्य सदस्य नियुक्त किए जाएंगे।वहीं राज्य सरकार ने निर्णय किया है कि कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को भी अटल आवासीय विद्यालयों में पढ़ने का मौका दिया जाएगा।इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी। चूंकि इन स्कूलों में कक्षा 06 से 12 तक की पढ़ाई होगी। ऐसे में इससे पहले की शिक्षा के लिए उन्हें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा। |
| यूपी में महिला विधायकों की लग सकती है लॉटरी Posted: 20 Mar 2022 12:29 AM PDT
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शाम चार बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार होगा जब कोई मुख्यमंत्री अपना पहला कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार शपथ लेंगे। योगी के साथ दो उप मुख्यमंत्री सहित करीब चालीस से अधिक मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। शासन ने हजारों लोगों की मौजूदगी में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी है। प्रदेश में चल रहे विधान परिषद चुनाव में पहले चरण के लिए 21 मार्च और दूसरे चरण के लिए 22 मार्च नामांकन का अंतिम दिन है। इसी के मद्देनजर पार्टी नेतृत्व ने 25 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह रखा है। 24 मार्च को लोक भवन के सभागार में केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित शाह और सह पर्यवेक्षक रघुवर दास की मौजूदगी में योगी को विधायक दल का नेता का चुना जाएगा।योगी मंत्रिमंडल में पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को बड़ी भूमिका दी जा सकती है। वहीं अंजुला माहौर, गुलाब देवी, अदिति सिंह, प्रतिभा शुक्ला, अनुपमा जायसवाल महिलाओं में कुछ नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते है।शपथ ग्रहण समारोह में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, महामंत्री संगठन बीएल संतोष, सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। सरकार की ओर से विपक्षी दलों के नेताओं को भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा जाएगा। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |