प्राइमरी का मास्टर ● इन - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, March 9, 2022

प्राइमरी का मास्टर ● इन

प्राइमरी का मास्टर ● इन


फतेहपुर LIVE : अंततः 118 शिक्षकों के वेतन के एरियर भुगतान का हुआ आदेश, देखें आदेश

Posted: 09 Mar 2022 04:59 AM PST

फतेहपुर : अंततः 118 शिक्षकों के वेतन के एरियर भुगतान का हुआ आदेश, देखें आदेश


 फतेहपुर : बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी पाने के बाद पहले वेतन के लिए शिक्षक जूझे थे। वहीं, तीन साल से एरियर भुगतान के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे थे। लंबे समय से की जा रही प्रतीक्षा अंततः खत्म हो गई है।


8 मार्च की तारीख में  68,500 के 104 और 12,460 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 14 शिक्षक, शिक्षिकाओं का अवशेष (एरियर) भुगतान किया गया है। बीएसए संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि 118 शिक्षक, शिक्षिकाओं का एरियर भुगतान का आदेश दिया गया है। छह माह के कार्यकाल में 800 के आसपास एरियर भुगतान कराया गया है।


छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल, बजट करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की घोषणा

Posted: 08 Mar 2022 11:38 PM PST


छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल, बजट करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की घोषणा



छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बजट पेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की घोषणा की। कहा कि पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग की जा रही थी।  हालांकि इसका लाभ अगले साल से मिलेगा। 


मुख्यमंत्री बजट पेश करने के लिए गोबर से बने सूटकेस लेकर निकले हैं। इस पर 'गोमय वस्ते लक्ष्मी' लिखा हुआ है।


बजट के पहले सीएम का फेसबुक पोस्ट

बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री अपने बजट भाषण में पुरानी पेंशन योजना की बहाली से जुड़ी  घोषणा की हैं। वित्त विभाग ने इसकी शुरुआती कवायद पूरी कर ली है। वित्त विभाग का शुरुआती अनुमान है कि पुरानी पेंशन योजना लागू होने से अगले एक दशक तक सरकार पर वित्तीय बोझ नहीं आने वाला। उल्टे 1680 करोड़ रुपए सालाना की बचत होगी। यह वह राशि है जो सरकार अंशदायी पेंशन यानी नई पेंशन योजना में अपने पास से देती है। 


नई पेंशन योजना 2004 से लागू हुई है। उसके बाद भर्ती हुए सरकारी कर्मचारियों की संख्या तीन लाख 30-40 हजार बताई जा रही है। ये कर्मचारी 2030-32 के बाद ही रिटायर होंगे। तब सरकार पर उनके देयकों का बोझ पड़ेगा। प्रदेश भर के कर्मचारी संगठन जोर-शोर से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी पुरानी पेंशन की बहाली बड़ा मुद्दा था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कई विधायकों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है।

UP Board exam 2022 : लिखित परीक्षा के बाद होगी प्रयोगात्मक परीक्षा

Posted: 08 Mar 2022 05:24 PM PST

UP Board exam 2022 : लिखित परीक्षा के बाद होगी प्रयोगात्मक परीक्षा 



यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 की प्रयोगात्मक परीक्षा इस बार लिखित परीक्षा के बाद संपन्न होगी। दरअसल माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी शैक्षिक कैलेंडर की निर्धारित तिथि पर प्रयोगात्मक परीक्षा कोरोना संक्रमण और विधानसभा चुनाव के चलते संपन्न नहीं हो पाई। ऐसे में बोर्ड ने लिखित परीक्षा के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में प्रयोगात्मक परीक्षा 12 अप्रैल के बाद संपन्न होंगी। 


माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक विनय कुमार पांडेय ने बताया कि पूर्व में लिखित परीक्षा के बाद प्रयोगात्मक कराई गई है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से लिखित परीक्षा से पहले ही प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न करा ली जाती थी। इस बार शैक्षिक कैलेंडर के मुताबिक फरवरी में प्रयोगात्मक परीक्षा निर्धारित थी। लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल बंद रहे और फिर विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के चलते प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं हो पाई। ऐसे में अब लिखित परीक्षा के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। 



शैक्षिक कैलेंडर की निर्धारित तिथि पर ही शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा 

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से सत्र 2021-22 का शैक्षिक कैलेंडर जारी किया गया था। इसमें यूपी बोर्ड सत्र 2022 की परीक्षाएं मार्च के चौथे सप्ताह से शुरू होने की तिथि निर्धारित थी। अब बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। मार्च के अंतिम सप्ताह में ही शुरू हो रही हैं। बस प्रयोगात्मक परीक्षा निर्धारित तिथि पर नहीं हो पाई। जो अब लिखित परीक्षा के बाद संपन्न होगी। 

बीएड प्रवेश परीक्षा में कई अभ्यर्थियों के खाते के गलत विवरण से रुकी शुल्क वापसी, 13 मार्च तक डिटेल कर सकेगें अपडेट

Posted: 08 Mar 2022 05:13 PM PST

बीएड प्रवेश परीक्षा में कई अभ्यर्थियों के खाते के गलत विवरण से रुकी शुल्क वापसी, 13 मार्च तक डिटेल कर सकेगें अपडेट


 लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से हुई संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2021-23 में कई अभ्यर्थियों का बैंक खाता विवरण गलत भर गया था, जिसकी वजह से उनका शुल्क वापस नहीं भेजा जा सका। मंगलवार को विश्वविद्यालय ने ऐसे अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.lkouniv.ac.in/article/en/bed-2021 पर अपलोड कर दी है। इन सभी को 13 मार्च तक ई-मेल के माध्यम से अपने खाते का सही विवरण विश्वविद्यालय को भेजना होगा।


बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की राज्य समन्वयक प्रो. अमिता बाजपेयी ने बताया कि इस बार बीएड 2021-23 में कुछ अभ्यर्थियों को किन्हीं कारणों से महाविद्यालय में सीट आवंटित नहीं हो पाई है। ऐसे अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की गई है। ऐसे अभ्यर्थियों को उनके द्वारा जमा किया गया अग्रिम शुल्क, उनके बैंक खाते में वापस किए जाने का प्रविधान है। इन अभ्यर्थियों में से 337 ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिनसे आनलाइन आवेदन पत्र में बैंक खाता विवरण भरने में त्रुटि हो गई है। फलस्वरूप इनके खातों में अग्रिम शुल्क 51,250 की राशि वापस नहीं की जा सकी है। सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपना अथवा अपने माता-पिता के बैंक खाते के संबंध में विवरण उपलब्ध कराएं।


ये देना होगा विवरण : खाताधारक का नाम (अभ्यर्थी स्वयं अथवा उसके माता-पिता), खाता संख्या, आइएफएससी कोड, बैंक का नाम व शाखा का पता स्पष्ट रूप से ईमेल refundjeebed2021@gmail.com पर जल्द भेज दें। खाते से संबंधित निरस्त चेक अथवा बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्पष्ट फोटो। अपने उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2021-23 के प्रवेश पत्र की प्रतिलिपि अनिवार्य रूप से ईमेल पर संलग्न कर 13 मार्च तक अनिवार्य रूप से भेजना होगा, जिससे अभ्यर्थियों को अग्रिम शुल्क की सुरक्षित वापसी की जा सके।

उच्च शिक्षण संस्थानों को अब अपनानी होगी ABC स्कीम, इस स्कीम में छात्रों की पढ़ाई का क्रेडिट रहेगा जमा

Posted: 08 Mar 2022 05:01 PM PST

उच्च शिक्षण संस्थानों को अब अपनानी होगी ABC स्कीम, इस स्कीम में छात्रों की पढ़ाई का क्रेडिट रहेगा जमा


नई दिल्ली: छात्रों को उच्च शिक्षा की पढ़ाई कभी भी बीच में छोड़ने और शुरू करने का विकल्प मुहैया कराने वाली एकेडमिक बैंक आफ क्रेडिट (एबीसी) स्कीम को अब सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को अपनाना होगा।


शिक्षा मंत्रलय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इस दायरे में आने वाले सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से इसके अमल में तेजी दिखाने को कहा है। 


अभी इस दायरे में सिर्फ उन्हीं संस्थानों को रखा गया है, जो उच्च शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता को जांचने वाली संस्था नैक (नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडेशन काउंसिल) की रैंकिंग में 'ए' श्रेणी में है या फिर एनआइआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क) की रैंकिंग में शीर्ष सौ संस्थानों में शामिल हैं। शिक्षा मंत्रलय ने यह पहल उस समय की है, जब इस दायरे में आने वाले उच्च शिक्षण संस्थानों का इस स्कीम से जुड़ने को लेकर रुझान कम है। अब तक करीब दो दर्जन उच्च शिक्षण संस्थान ही इससे जुड़े हैं।



अधिकारियों की मानें तो यह स्कीम तभी सफल होगी, जब इससे ज्यादा से ज्यादा संस्थान जुड़ेंगे। इस स्कीम में बैंक खाते की तरह उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिला लेने वाले प्रत्येक छात्र का एक एकेडमिक खाता खुलेगा, जिसमें उसकी पढ़ाई का पूरा ब्योरा व उसका क्रेडिट स्कोर दर्ज रहेगा। इसके आधार पर वह किसी भी कोर्स में दाखिला ले सकेंगे।

शिक्षा मंत्रलय और यूजीसी ने संस्थानों को तेजी से जुड़ने के दिए निर्देश, इस स्कीम में छात्रों की पढ़ाई का क्रेडिट रहेगा जमा

यूपी बोर्ड की इंटर तथा हाई स्कूल की परीक्षाएं 24 मार्च से, परीक्षा स्कीम जारी, देखें

Posted: 08 Mar 2022 04:38 PM PST

यूपी बोर्ड की इंटर तथा हाई स्कूल की परीक्षाएं 24 मार्च से,  परीक्षा स्कीम जारी, देखें


उत्तर प्रदेश में सोमवार को विधानसभा का चुनाव समाप्त होने के बाद मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड ने भी अपना कार्यक्रम जारी कर किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद 24 मार्च से इंटरमीडिएट तथा हाई स्कूल की परीक्षा का आयोजन करेगा।


उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद करीब दो वर्ष बाद विश्व की सबसे बड़ी परीक्षा का आयोजन करेगा। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण बीते दो बार से परीक्षा का आयोजन नहीं किया गया था। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पाण्डेय ने प्रेस कांफ्रेंस में परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया है। हाईस्कूल की परीक्षा 12 कार्यदिवस और इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 कार्यदिवस में होगी। 


इस बार इसमें कुल 51,92,689 परीक्षार्थी इसमें सम्मिलित होंगे। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं के लिए बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 24 मार्च 2022 से किया जाएगा। जहां, कक्षा 12 की परीक्षाएं 20 अप्रैल तक चलेंगी तो वहीं हाई स्कूल की परीक्षाएं 11 अप्रैल 2022 को ही समाप्त हो जाएंगी। यूपी बोर्ड से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं के छात्र-छात्राएं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) की आधिकारिक वेबसाइट, upmsp.edu.in पर टाइम-टेबल पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं।


बोर्ड परीक्षा की कक्षा दस की परीक्षा में 27 लाख 83,742 तथा इंटर में 23 लाख 91,841 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। इस बार कक्षा नौ तथा 11 में 58 लाख 70,938 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें कक्षा नौ में 31 लाख 29,815 तथा कक्षा 11 में 26 लाख 78,123 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।  


🔴 यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा 2022 कार्यक्रम

24 मार्च- हिंदी
26 मार्च- गृह विज्ञान
28 मार्च - कला
30 मार्च- कंप्यूटर
01 अप्रैल - अंग्रेजी
04 अप्रैल- सोशल साइंस
06 अप्रैल- विज्ञान
08 अप्रैल -संस्कृत
11 अप्रैल- गणित


🔵 यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2022 कार्यक्रम

24 मार्च - हिंदी
26 मार्च - भूगोल
28 मार्च - गृह विज्ञान
30 मार्च - कला
01 अप्रैल- अर्थशास्त्र
04 अप्रैल - कंप्यूटर
06 अप्रैल - अंग्रेजी
08 अप्रैल - रसायन शास्त्र/इतिहास
11 अप्रैल - शारीरिक शिक्षा
13 अप्रैल - गणित/जीव विज्ञान
15 अप्रैल - भौतिकी
18 अप्रैल - समाजशास्त्र
19 अप्रैल - संस्कृत
20 अप्रैल - नागरिक शास्त्र


Post Bottom Ad

Pages