सुल्तानपुर टाइम्स |
- यूपी में तलाकशुदा बेटी भी फैमिली पेंशन की हकदार
- MLC चुनाव सुल्तानपुर में 15 बूथों पर अमेठी में 13 बूथों पर मतदान शुरू
- सीएम योगी के कार्यालय का Twitter अकाउंट हैक
- डीएम ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्टेशनरी, मतपत्र, मतदाता सूची आदि का लिया जायजा
- 10 अप्रैल से 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए कोरोना वायरस टीके की एहतियाती खुराक निजी टीकाकरण केंद्रों पर उपलब्ध
- गैंगरेप के आरोपियों ने बुलडोजर के डरकर से किया सरेंडर
- जुआरी पति ने पैसे के लालच में पत्नी को दोस्तों के सामने परोसा
- आश्रम के अंदर खड़ी कार में मिला युवती का शव, 4 दिन से थी लापता
- पेपरलेस होगा यूपी विधानसभा का पहला सत्र
- UP के स्टूडेंट्स को जल्द मिलेगा टैबलेट और स्मार्टफोन
- इंडोनेशिया में सोना हुआ पाम-ऑयल
- गेस्ट हाउस पर छापा, 4 युवक और 5 युवतियां मिलीं
- युवती के परिवार को फंसाने के लिए युवक ने रची अपने अपहरण की कहानी
| यूपी में तलाकशुदा बेटी भी फैमिली पेंशन की हकदार Posted: 08 Apr 2022 10:25 PM PDT लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने तलाकशुदा बेटी के हित में बड़ा फैसला लिया है।सरकार ने तय किया है कि किसी सरकारी सेवक/पेंशनभोगी या उसकी पत्नी/पति की तलाकशुदा पुत्री को तब भी पारिवारिक पेंशन स्वीकृत होगी जब उसके पिता/माता के जीवित रहते तलाक की कार्यवाही सक्षम न्यायालय में दायर कर दी गई थी और उनकी मृत्यु के बाद तलाक हुआ हो। शर्त यह होगी कि ऐसी तलाकशुदा पुत्री पारिवारिक पेंशन की पात्रता की अन्य सभी शर्तें पूरी करती हो। वित्त विभाग ने गुरुवार को इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया है।अभी तक यह व्यवस्था थी कि किसी सरकारी सेवक/पेंशनभोगी या उसकी पत्नी/पति पर आश्रित उसकी तलाकशुदा पुत्री तभी पारिवारिक पेंशन की हकदार होती थी जब उसका तलाक पिता/माता के जीवित रहते हो गया हो। इससे पहले केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण ने कहा है कि तलाक के बाद बेटी माता-पिता की फैमिली पेंशन पाने की हकदार है। कैट ने महिला (बेटी) के हक में फैसला देते हुए फैमिली पेंशन को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों और नियमों को भी स्पष्ट किया है। कैट ने केंद्र सरकार और उत्तर रेलवे की उन दलीलों को सिरे से ठुकरा दिया।जिसमें कहा गया था कि माता-पिता की मौत के बाद तलाक का फैसला होने पर बेटी फैमिली पेंशन पाने की हकदार नहीं होती है।बता दें कि केंद्र सरकार ने जुलाई 2017 में यह व्यवस्था की थी कि किसी सेवानिवृत्त कर्मचारी/पेंशनभोगी पर आश्रित उसकी तलाकशुदा पुत्री तब भी पारिवारिक पेंशन की हकदार होगी जब उसके तलाक की कार्यवाही उसके पिता/माता के जीवित रहते सक्षम न्यायालय में दायर कर दी गई थी और तलाक उनकी मृत्यु के बाद हुआ हो। राज्य सरकार ने ऐसे मामलों में केंद्र की व्यवस्था को लागू करने का फैसला किया है। |
| MLC चुनाव सुल्तानपुर में 15 बूथों पर अमेठी में 13 बूथों पर मतदान शुरू Posted: 08 Apr 2022 09:29 PM PDT सुलतानपुर जिले में पहली बार शैलेंद्र प्रताप सिंह 1990 में जनता दल से विधान परिषद सदस्य चुने गए। फिर वर्ष 1996 और 2003 में भी वो विधान परिषद सदस्य चुने गए। इस बीच उन्होंने प्रतापगढ़ में कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह के संपर्क में होने के कारण समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वर्ष 2004 में सपा से लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया, जिसमें उन्हें बहुजन समाजवादी पार्टी के मोहम्मद ताहिर खां ने पराजित कर दिया। शैलेंद्र प्रताप को 1,59,754 वोट मिले थे। वर्ष 2010 में उन्होंने पुनः विधान परिषद का चुनाव लड़ा मगर बसपा की लहर में उन्हें अशोक सिंह से हार का सामना करना पड़ा। उधर 2016 के चुनाव में शैलेंद्र सिंह ने फिर से विधान परिषद का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कराई थी।2022 में भाजपा ने शैलेंद्र सिंह को एमएलसी का प्रत्याशी बनाया है ।सुल्तानपुर में 15 बूथों पर 2220 वोटर हैं। इसमें धनपतगंज ब्लॉक में 147 वोट व बल्दीराय में 156, कुड़वार में 177 और कूरेभार में 191 वोट हैं। इसके अलावा जयसिंहपुर में 189, दोस्तपुर में 135, मोतिगरपुर में 96, अखंडनगर में 161, करौंदिकला में 91 और कादीपुर में 143 वोट हैं। यहां सपा के अरुण वर्मा और भाजपा के राज प्रसाद की भूमिका अहम होगी। इसी तरह सपा जिलाध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव के क्षेत्र में पीपी कमैचा में 140, लंभुआ में 157, भदैया में 149 वोट हैं। वही दुबेपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 216 वोट हैं। इसमें सपा प्रत्याशी का पार पाना आसान नहीं होगा। जबकि जिला पंचायत में बने मीटिंग हॉल में 72 वोट हैं।उधर अमेठी के 13 बूथों पर आज मतदान होगा। अमेठी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर ब्लॉक में 77, भादर ब्लॉक में 118, भेंटुआ ब्लॉक में 99 और अमेठी नगर पंचायत व ब्लॉक मिलाकर 129 वोट हैं। जगदीशपुर विधानसभा में बाजार शुकुल ब्लॉक में 136, जगदीशपुर ब्लॉक में 193, मुसाफिरखाना ब्लॉक में 134 वोटर हैं। वहीं गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में गौरीगंज ब्लॉक में 142, शाहगढ़ ब्लॉक में 79, जामो ब्लॉक में 151 मतदाता हैं। ठीक इसी तरह राज्यमंत्री मयंकेशवर शरण सिंह के तिलोई विधानसभा में तिलोई ब्लॉक में 141, सिंहपुर ब्लॉक में 159 और बहादुरपुर में 116 मतदाता हैं। सपा प्रत्याशी शिल्पा को चुनाव जीतने के लिए अमेठी के साथ सुल्तानपुर के वोटरों की भी जरूरत होगी। |
| सीएम योगी के कार्यालय का Twitter अकाउंट हैक Posted: 08 Apr 2022 09:07 PM PDT लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऑफिस का ट्विटर हैंडल शुक्रवार देर रात हैक हो गया। हैकर्स ने सीएम ऑफिस के ट्विटर @CMOfficeUP का सबसे पहले बायो और फिर प्रोफाइल पिक्चर बदल दी। रात करीब 12:34 बजे ट्विटर हैंडल हैक करने के बाद हैकर्स ने एक के बाद एक 50 से ज्यादा पोस्ट किए। आधी रात सीएम ऑफिस का टि्वटर हैंडल हैक होने की सूचना मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया।हैकर ने ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक्चर में जहां सीएम योगी की फोटो की जगह एक एनिमेटेड फोटो लगा दी। इसके बाद बायो से जहां 'ऑफिशियल ट्विटर हैंडल ऑफ चीफ मिनिस्टर ऑफिस उत्तर प्रदेश' लिखा था। इसके बाद ब्ल्यूबेजर नाम के ट्वीटर हैंडल के स्क्रीनशॉट को जिफ फॉर्मेट में शेयर किया गया। इस स्क्रीनशॉट वाले ट्वीट को प्रोफाइल में पिन ट्वीट भी किया गया ताकि यह सबसे ऊपर दिखाई दे।।सीएम ऑफिस का ट्विटर हैंडल हैक होने की खबर मिलते ही पूरी ब्यूरोक्रेसी आधी रात को एक्टिव हो गई। तुरंत साइबर एक्सपर्ट की मदद ली गई और हैक होने के करीब 25 मिनट बाद 1.10 बजे ट्विटर हैंडल को रिस्टोर किया गया। इसमें सबसे पहले प्रोफाइल में योगी की फोटो को लगाया गया। उसके बाद बायो को अपडेट किया गया। इसके बाद हैकर्स द्वारा किए गए सारे ट्वीट डिलीट किए गए। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सीएम ऑफिस का ट्विटर अकाउंट @CMOfficeUP को हैक करने का प्रयास किया गया था। इनके द्वारा कुछ ट्वीट पोस्ट किए थे। जिसको तुरंत रिकवर कर लिया गया था। साइबर एक्सपर्ट्स द्वारा प्रकरण की जांच के बाद जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। |
| डीएम ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्टेशनरी, मतपत्र, मतदाता सूची आदि का लिया जायजा Posted: 08 Apr 2022 06:10 AM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी/रिटर्निंग आफिसर रवीश गुप्ता के कुशल निर्देशन में 11-सुलतानपुर स्थानीय प्राधिकारी द्विवार्षिक निर्वाचन-2022 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाने हेतु विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पद के चुनाव के लिये शुक्रवार की अपरान्ह में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। जिलाधिकारी/रिटर्निंग आफिसर द्वारा पोलिंग पार्टियों के रवानगी के समय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान निर्वाचन सामग्री/स्टेशनरी, मतपत्रों, मतदाता सूची, वाहन व्यवस्था, लॉ एण्ड आर्डर आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गयी तथा सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कर ली जायें, ताकि 09 अप्रैल को होने वाले मतदान में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश पोलिंग पार्टियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट आदि को दिये तथा यह भी निर्देश दिया कि शनिवार को प्रातः 08 बजे से मतदान प्रारम्भ कर दिये जायें और अपने-अपने क्षेत्र में निरन्तर भ्रमणशील रहकर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तथा पारदर्शी ढंग से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करायें। ज्ञात हों कि अमेठी व सुलतानपुर में कुल 3895 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें सुलतानपुर से 2220 व अमेठी के 1675 मतदाता होंगे। एमएलसी चुनाव 09 अप्रैल को प्रातः 08 बजे से सायं 04 बजे तक जनपद सुलतानपुर के 15 मतदान केन्द्रों पर सम्पन्न कराया जायेगा। अमेठी व सुलतानपुर के कुल 28 मतदान केन्द्रों की मतगणना 12 अप्रैल को प्रातः 08 बजे से सरदार बल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन, नगर पालिका परिषद सुलतानपुर(पं0 राम नरेश त्रिपाठी सभागार के पीछे) सम्पन्न होगी।अपर जिलाधिकारी(प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी0 प्रसाद की अध्यक्षता में 11-सुलतानपुर स्थानीय प्राधिकारी द्विवार्षिक निर्वाचन-2022 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये जाने हेतु सभी पोलिंग पार्टियों/ जोनल मजिस्ट्रेट/स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी को मतदान शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग सम्पन्न कराये जाने हेतु निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कहकशॉ अंजुम, जिला सूचना अधिकारी धीरेन्द्र कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश बाजपेयी सहित सभी सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे। |
| Posted: 08 Apr 2022 05:51 AM PDT
नई दिल्ली केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज शुक्रवार को कहा कि 10 अप्रैल से 18 साल से ऊपर के लोगों के लिए कोरोना वायरस टीके की एहतियाती खुराक निजी टीकाकरण केंद्रों पर उपलब्ध होगी। मंत्रालय ने कहा कि जिन लोगों की आयु 18 साल से अधिक है और जिन्हें टीके की दूसरी खुराक लगे नौ महीने हो चुके हैं, वह निजी टीकाकरण केंद्रों पर एहतियाती खुराक के पात्र होंगे। इसके साथ ही मंत्रालय ने यह भी कहा कि पात्र आबादी के लिए टीके की पहली व दूसरी खुराक और स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रमि मोर्चे को कर्मचारियों व 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए एहतियाती खुराक के लिए सरकारी टीकाकरण केंद्रों के जरिए चल रहा मुफ्त टीकाकरण अभियान इसी तरह जारी रहेगा और इसकी रफ्तार को भी और तेज किया जाएगा।इससे पहले बताया गया था कि कोरोना वैक्सीन लगवा चुके लोग अपने कोविड-19 वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट में हुई गलतियों को कोविन पोर्टल पर अब ठीक कर सकेंगे। स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव ने बताया था कि नए अपडेट में कोविन पोर्टल में एक ऐसी सुविधा दी जाएगी जिसके द्वारा टीकाकरण प्रमाणपत्रों पर नाम, जन्म वर्ष और लिंग में अनजाने में हुई त्रुटियों को सुधारा जा सकेगा। |
| गैंगरेप के आरोपियों ने बुलडोजर के डरकर से किया सरेंडर Posted: 08 Apr 2022 04:46 AM PDT
लखनऊ बाबा के बुलडोजर ने अपराधियों को खौफ में ला दिया है। गुरुवार को अंबेडकर नगर जिले में गैंगरेप के पांच आरोपियों ने बुलडोजर के डर से थाने में जाकर खुद को कानून के हवाले किया। पांचों आरोपी जिउली गांव में नाबालिग लड़की से रेप के बाद फरार हो गए थे। परिजनों के साथ थाने पहुंचे आरोपियों ने हाथ जोड़कर एसएचओ के सामने माफी मांगी।पुलिस ने जांच में पहचान होने के बाद आरोपियों के घर जाकर सरेंडर की चेतावनी दी थी। बुलडोजर के साथ पहुंची पुलिस ने घरवालों से कहा था कि यदि आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया तो घर पर बुलडोजर चला दिया जाएगा। इसका असर भी दिखा और सभी खुद चलकर थाने पहुंच गए।बुलडोजर अभियान को 'डेंजर प्लान' बताते हुए अंबेडकर नगर पुलिस ने ट्वीट किया । सामूहिक दुष्कर्म की घटना में संलिप्त वांछित अभियुक्तों ने अंबेडकरनगर पुलिस की बुलडोजर की कार्यवाही के डर से थानें में आकर किया आत्मसमर्पण।पुलिस के मुताबिक, 29 मार्च को जैतपुर थाना क्षेत्र के जिउली गांव में छह व्यक्तियों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया था। |
| जुआरी पति ने पैसे के लालच में पत्नी को दोस्तों के सामने परोसा Posted: 08 Apr 2022 04:40 AM PDT
लखनऊ बरेली जिले में जुआरी पति ने रुपयों के लालच में पत्नी के जिस्म का सौदा कर दिया। पत्नी का आरोप है कि उसे दोस्तों के साथ वेश्यावृत्ति में धकेलने की कोशिश की। महिला को बदायूं में बंधक बनाया। जहां उसे महिला पुलिस हेल्पलाइन के जरिए मुक्त कराया गया। थाना सुभाषनगर में पति समेत 8 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।सुभाषनगर की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब 19 साल पहले हुई थी। पति ने शादी के बाद उसके जेवर, रुपये जुआ में उड़ा दिए। महिला का मंगलसूत्र बेच दिया। इसके बाद रुपए लेकर उसे दोस्तों के सामने परोसना शुरू कर दिया। वेश्यावृत्ति में धकेल दिया। बाद में 20 जनवरी को बदायूं के कुंवर गांव इलाके में उसका सौदा कर दिया। कुंवर गांव में उसे बंधक बनाकर रखा गया। उसने इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन और जिला प्रोबेशन अधिकारी को दी। इस पर पुलिस की एक टीम ने उसे वहां से मुक्त कराया। मामले की तहरीर सुभाषनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद महिला SSP ऑफिस पहुंची। SSP के आदेश पर सुभाषनगर थाने में पति समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।महिला ने आरोप लगाया कि पति उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा था। रुपए छीन लेता था जेवर बेच दिये। वह अपने बच्चों के कारण चुप रही। पति ने बच्चों को भीख मंगवाने और मकान बेचने की धमकी दी। उसकी वजह से वह जुल्म सहती रही। लेकिन जब पति ने उसे दूसरे के हाथ बेच दिया। तब उसने पुलिस में जाकर कार्रवाई का कदम उठाया। |
| आश्रम के अंदर खड़ी कार में मिला युवती का शव, 4 दिन से थी लापता Posted: 07 Apr 2022 11:45 PM PDT लखनऊ गोंडा जिले में आश्रम के अंदर खड़ी एक कार में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवती बीते 4 दिनों से लापता था। शहर कोतवाली क्षेत्र के बेमौर गांव के पास आशाराम आश्रम है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आश्रम के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने हत्या के बाद शव को छुपाने की आशंका जाहिर की है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम आश्रम और गाड़ी की जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि यह लड़की अपने घर से चार दिन पहले गायब हो गई थी। जिसका शव आसाराम बापू के आश्रम में कई दिनों से खड़ी कार से मिला है। कार के अंदर से दुर्गंध आने पर आश्रम के कर्मचारी ने गाड़ी खोलकर देखा तो उसके अंदर से शव बरामद मिला।जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल और आश्रम को सील कर दिया है और जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से हत्या कर शव छिपाए जाने का मामला लग रहा है।पुलिस ने बताया कि कार के अंदर से बदबू आने पर आश्रम के चौकीदार ने जब उस कार को खोल कर देखा तो उसके अंदर शव मिला। जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार और आश्रम को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। |
| पेपरलेस होगा यूपी विधानसभा का पहला सत्र Posted: 07 Apr 2022 11:31 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा के सत्र का नजारा अब बदला नजर आएगा। दरअसल इस बार विधायक कागज-पेन लेकर नहीं बल्कि टैबलेट से विधानसभा में सवाल पूछेंगे और अपने क्षेत्र के मुद्दों को उठाएंगे। टैबलेट में पूरा ब्योरा दर्ज होगा। यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश विधानसभा के पहले सत्र से ही लागू होगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा सचिवालय में नागालैंड की तर्ज पर ई-विधान प्रोजेक्ट शूरू किया जा रहा है। इस प्रॉजेक्ट के तहत विधानसभा सत्र के दौरान हर विधायक की सीट पर टैबलेट लगाए जाएंगे। विधानसभा सद्स्य के क्षेत्र क्रमांक के आधार पर इस टैबलेट में सारा कंटेंट उपलब्ध होगा और सदन का एजेंडा लोड होगा।मुख्यमंत्री,संसदीय कार्य मंत्री और नेता प्रतिपक्ष के लिए विशेष टैबलेट लगाए जाएंगे। इस पर सभी विधायकों के सवाल और सरकार के मंत्रियों के जवाब का ब्योरा सेव रहेगा। इसका ट्रायल विधानसभा के पहले सत्र में ही किया जाएगा।इसके लिए केंद्र की योजना के तहत काम हो रहा है। नेशनल ई विधान एप्लिकेशन एक तरह का सॉफ्टवेयर है। वन नेशन वन एप्लिकेशन के तहत देश के विभिन्न राज्यों में यह व्यवस्था लागू हो रही है। देश के सभी राज्यों की विधानसभा इससे जुड़ने के बाद संसद और राज्यों की विधानसभा डिजिटली जुड़ जायेंगे।यह टैबलेट विधायकों की सीट पर ही काम करेंगे। दूसरी जगह बैठने पर नहीं काम करेंगे।इस टैब में प्रश्नकाल में होने वाले सवाल और उनके लिखित जवाब लोड होंगे।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि यह व्यवस्था शूरू हो रही है। इसके लिए विधायकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। |
| UP के स्टूडेंट्स को जल्द मिलेगा टैबलेट और स्मार्टफोन Posted: 07 Apr 2022 11:27 PM PDT लखनऊ यूपी के करीब 9 लाख मेधावी छात्र-छात्राओं को जल्द ही स्मार्टफोन और टैबलेट मिलने वाला है। चुनाव से पहले बीजेपी ने छात्रों से यह वादा किया था जिसे अमली जामा पहनने में प्रशासन जुट गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों के लिए इस महत्वाकांक्षी योजना को 100 दिन की कार्ययोजना में भी शामिल किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिला स्तर पर इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक इंतजाम शुरू किया जाए। बता दें छात्रों के लिए फ्री टैबलेट और समर्टफोन योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में शुमार है।मुख्यमंत्री अपने किए गए इस वादे को जल्द से जल्द पूरा करना चाहते हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक़ जिला स्तर पर छात्रों को चिन्हित करने का काम भी शुरू हो गया है।जल्द ही छात्रों को चिन्हित कर उन्हें स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किया जाएगा। योजना के पहले चरण में 9 लाख छात्रों को स्मार्टफोन और टेबलेट बांटे जाएंगे। |
| इंडोनेशिया में सोना हुआ पाम-ऑयल Posted: 07 Apr 2022 11:24 PM PDT
नई दिल्ली इंडोनेशिया कच्चे पाम-ऑयल का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक है। इसके बावजूद वह पाम-ऑयल संकट से जूझ रहा है।आलम ये है कि वहां पाम-ऑयल की कीमतें की सोने की तरह हो गई हैं। मार्च-2022 में वहां 1 लीटर ब्रांडेड रिफाइंड पाम-ऑयल की कीमत 22,000 रुपए (इंडोनेशियाई मुद्रा) तक जा पहुंची है। जबकि बीते साल मार्च में इसी उत्पाद की कीमत 14,000 रुपए तक थी। इंडोनेशिया में पाम-ऑयल की इन आसमान छूती कीमतों का असर पूरी दुनिया पर दिख रहा है। स्वाभाविक रूप से भारत पर भी क्योंकि इंडोनेशिया दुनिया के तमाम देशों को सबसे अधिक सीपीओ का निर्यात भी करता है। जाहिर तौर पर अन्य वनस्पति तेलों पर भी प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही आम आदमी पर भी क्योंकि वनस्पति तेल हर घर के खान-पान का अभिन्न हिस्सा हैं। डोनेशिया के सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार, साल-2020 के दौरान देश में 4.48 करोड़ टन सीपीओ का उत्पादन हुआ। इसमें 60% उत्पादन निजी कंपनियों ने किया।शेष 34% आम किसानों और बाकी 6% सरकारी कंपनियों ने। मतलब देश के कुल सीपीओ उत्पादन में लगभग पूरा निजी कारोबारियों, किसानों की है। जानकार बताते हैं कि घरेलू और वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए इन्हीं कारोबारियों ने इंडोनेशिया में पाम-ऑयल का संकट खड़ा किया है। वहां के व्यापार मंत्री मुहम्मद लुत्फी खुद हाल ही खाद्य-तेल माफिया को इस संकट का जिम्मेदार बता चुके हैं। |
| गेस्ट हाउस पर छापा, 4 युवक और 5 युवतियां मिलीं Posted: 07 Apr 2022 10:39 PM PDT लखनऊ फिरोजाबाद जिले के जीसी जैन अतिथि गृह गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान संचालक ने पुलिस टीम से अभद्रता कर दी। सूचना पर अफसर पहुंचे और कमरे की तलाशी ली गई। कमरों में 4 युवक और 5 युवतियां मिलीं। पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक सुनील जैन, उसके पुत्र प्रिंस व 4 युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। संचालक के विरुद्ध देर शाम केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आसपास के लोगों ने पूछताछ में बताया कि अतिथि गृह पहुंचने वाले युवक और युवतियों को 500 रुपये के हिसाब से कमरा दिया जाता था। पुलिस ने CCTV कैमरे की रिकॉडिंग को भी कब्जे में ले लिया है। जिससे यह पता चल सके कि अतिथिगृह पर किन-किन लोगों को आना जाना था। रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर निवासी सुनील जैन का शीतल खां रोड पर जीसी जैन अतिथिगृह नाम से गेस्ट हाउस है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रसूलपुर शिवभान सिंह राजावत ने बताया कि दोपहर 2 बजे सूचना मिली कि होटल में गलत कार्य हो रहा है। बाहर से लड़के लड़कियां आकर रुके हैं। वह मय फोर्स अतिथि गृह पहुंचे और दस्तावेज मांगे। इस पर संचालक ने अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, CO CITY के साथ उत्तर और रामगढ़ थाना प्रभारी के साथ महिला थानाध्यक्ष भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल के कमरों को चेक किया तो कमरों में युवक-युवतियां मिले। युवतियों के परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। अतिथि गृह संचालक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने अभिलेखों को पूरा न करने के साथ ही अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। संचालक को जेल भेजा जाएगा। युवकों के खिलाफ शांतिभंग की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। |
| युवती के परिवार को फंसाने के लिए युवक ने रची अपने अपहरण की कहानी Posted: 07 Apr 2022 10:33 PM PDT
लखनऊ आगरा जिले में युवती के परिजनों को फंसाने के लिए एक युवक ने अपने अपहरण की कहानी रच डाली। पुलिस की जांच में उसके खेल का पर्दाफाश हो गया। युवती ने भी उसके खिलाफ बयान दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद युवक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र का रहने वाला सागर उर्फ तौहीद 25 मार्च को लापता हुआ था। उसका ऑटो घर के पास खड़ा मिला था। उसकी चप्पलें पास में पड़ी थीं। मामले की जानकारी पर परिजन थाने पहुंचे थे। उन्होंने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की थी।एक युवती के परिजनों के खिलाफ शिकायत की। बाद में युवती भी लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बेटी को बहला फुसलाकर अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली। सागर राजस्थान में छिपा हुआ था। पुलिस उस तक पहुंच गई।थाना एत्माददौला के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवेचना में पता चला कि आरोपी ने अपने अपहरण की झूठी कहानी बनानी की योजना बनाई थी। मगर, सफल नहीं हो सका। पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर कार्रवाई की गई। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |

















