| आज़मगढ़: लाखों के खाद्यान्न की कालाबाजारी में विपणन निरीक्षक पर केस दर्ज Posted: 05 Apr 2022 07:49 AM PDT एसडीएम की जांच आख्या पर कारण बताओ नोटिस का नहीं दिया था जवाब
फर्जीवाड़ा में शामिल दो अन्य के खिलाफ भी एफआरआर दर्जआजमगढ़: विगत 23 मार्च को विपणन शाखा गोदाम पवई की जाँच उप जिलाधिकारी फूलपुर की अध्यक्षता में जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं जिलापूर्ति अधिकारी आजमगढ़ द्वारा की गयी थी। गोदाम की जाँच में अभिलेखीय व भौतिक स्टाक में 06 बोरी गेहूं व 11 बोरी चावल अधिक पाया गया था। पुनः दिनांक 02 अप्रैल 2022 को जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा पवई गोदाम पर अभिलेखो की जाँच की गयी। जाँच के दौरान कई कमियां प्रकाश में आयी गया है, जिसमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना माह मार्च 2022 की निकासी तक पट्टी संख्या 3213 दिनांक 31 मार्च 2022 में पाया गया कि उचित दर विक्रेता सूर्यनाथ यादव ग्राम मझौरा के चावल आवंटन 19.39 कु0 के सापेक्ष 14.29 कु0 की निकासी की गयी है। 5.10 कु0 की निकासी नहीं की गयी है। इसी प्रकार तक पट्टी संख्या 3223 दिनांक 02 अप्रैल 2022 में श्रीमती सरिता यादव ग्राम डेहरी के चावल आवंटन 32.57.5 कु0 के सापेक्ष मात्र 4.99.4 कु0 चावल का निर्गमन किया गया है। इस प्रकार 27.58.100 कु0 का निर्गमन नही किया है। इसके अतिरिक्त निर्गमन पंजिका में सूर्यनाथ यादव का नाम दिनांक 01 अप्रैल 2022 को 40वें क्रमांक पर अंकित है जबकि तक पट्टी के अनुसार उनके खाद्यान्न (चावल) की निकासी एक दिन पहले दिनांक 31 मार्च 2022 को ही कर दी गयी है। निर्गमन तक पट्टी पर विपणन निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप गौड़ तथा स्टेज 2 ठेकेदार प्रतिनिधि मोहर्रम अली के हस्ताक्षर है। पीएमजीकेवाई निर्गमन पंजिका में दिनांक 30 अक्टूबर 2021 को 12 उचित दर विक्रेताओं की निकासी दर्शायी गयी है। डोर स्टेप डिलेवरी ठेकेदार/प्रतिनिधि के हस्ताक्षर कालम में रामबरन ग्राम कछरा ब्लाक पवई जनपद आजमगढ़ ठेकेदार प्रतिनिधि का जो हस्ताक्षर बनाया गया है, वह पंजिका में अन्य स्थान पर रामबरन के हस्ताक्षर से मेल नहीं खाता है। निर्गमन पंजिका के अवलोकन से स्पष्ट है कि जिस व्यक्ति द्वारा निर्गमन पंजिका में कोटेदारों का नाम व मात्रा अंकित किया गया है, उसी व्यक्ति द्वारा ठेकेदार प्रतिनिधि का फर्जी हस्ताक्षर बनाया गया है। इस संबंध में विपणन निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप गौड़ से पूछ ताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया है कि निर्गमन पंजिका में राजेश कुमार ग्राम हमीरपुर विकास खण्ड पवई जनपद आजमगढ़ द्वारा कोटेदारों के नाम व मात्रा का अंकन किया गया है। ठेकेदार/प्रतिनिधि के हस्ताक्षर कालम में राजेश कुमार द्वारा रामबरन का फर्जी हस्ताक्षर बनाये जाने के संबंध में विपणन निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप गौड़ के द्वारा मौके पर स्पष्ट जबाब नहीं दिया गया, न ही कोई बयान दिया गया। केवल राजेश कुमार व रामबरन का नाम व पता लिखित रूप से बताया गया। उक्त से परिलक्षित हुआ है कि केन्द्र पवई पर कोटेदारों को उनके आवंटन के सापेक्ष सम्पूर्ण खाद्यान्न की निकासी नही की जा रही है तथा विपणन निरीक्षक पवई शैलेन्द्र प्रताप गौंड के संरक्षण में राजेश कुमार ग्राम हमीरपुर विकास खण्ड पवई जनपद आजमगढ़ द्वारा दिनांक 30 अक्टॅबर 2021 को 12 उचित दर विक्रेताओं का 710.01 कु0 पीएमजीकेवाई अनत्योदय तथा पात्र गृहस्थी गेहूँ जिसका वाणिज्यिक मूल्य 1905553.23 लाख है, को अपने फर्जी हस्ताक्षर से निकालकर सम्पूर्ण खाद्यान्न की कालाबाजारी की गयी है। इसके अतिरिक्त 5.10 कु0 तथा 27.58 कु0 पीएमजीकेवाई योजना का चावल जिसका वाणिज्यिक मूल्य 121790.51 रू0 है, की कालाबाजारी प्रकाश में आयी है। इस प्रकार कुल 2027343.74 रू0 मूल्य के खाद्यान्न की कालाबाजारी का प्रकरण प्रकाश में आया है। इस सम्बन्ध में विपणन निरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप गौड़ से लौटती डाक से स्पष्टकीरण माँगा गया था, किन्तु उनके द्वारा दिनांक 04 अप्रैल 2022 तक समय 6 बजे सांय तक स्पष्टीकरण नही दिया गया। जिस पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी फूलपुर माया शंकर को निर्देशित किया है कि उपरोक्त के दृष्टिगत तथा जिलाधिकारी महोदय द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अन्तर्गत अभियोग चलाने हेतु प्रदत्त अनुदमोदन के क्रम में विपणन शाखा गोदाम पवई में अधिक खाद्यान्न पाये जाने, दिनांक 30 अक्टूबर 2021 को 12 उचित मूल्य विक्रेताओ का फर्जी हस्ताक्षर बना कर सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी किये जाने, श्रीमती सरिता यादव ग्राम डेहरी एवं सूर्यनाथ यादव ग्राम मझौरा को कम राशन देकर शेष राशन की कालाबाजारी किये जाने के दोषी पाये जाने के कारण विपणन निरीक्षक पवई शैलेन्द्र प्रताप गौड, राजेश कुमार ग्राम हमीरपुर विकास खण्ड पवई जनपद आजमगढ़ एवं मोहर्रम अली पुत्र कुरबान अली ग्राम मित्तुपुर पवई फूलपुर आजमगढ़ के विरूद्ध सरकारी अभिलेखों में कूटरचना करने तथा सरकारी खाद्यान्न की कालावाजारी करने के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 तथा भा0द0स0 के सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत करायें। जिस पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी फूलपुर माया शंकर द्वारा थाना पवई में उपरोक्त के विरूद्ध उक्त सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत करायी गयी। |
| आज़मगढ़: सांड़ को बचाने के चक्कर में पलटी कार, दो घायल Posted: 05 Apr 2022 07:31 AM PDT रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहिगड़ा के पास हुआ हादसा
आजमगढ़ : रानी की सराय थाना क्षेत्र के सहिगड़ा के समीप मंगलवार को अचानक सड़क पर आए सांड़ को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार गड्ढे में पलट गई। इससे कार सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के चकिया निवासी नन्हे पांडेय (40) व शाहखजुरा निवासी बब्लू सिंह (45) तीन अन्य लोगों के साथ मारुति कार से आजमगढ़ जा रहे थे। दिन के ढाई बजे सहिगड़ा के पास सड़क पर अचानक सांड़ आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो कर गड्ढे में चली गई। अन्य सवार तो बाल-बाल बच गए, जबकि दोनों लोग जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। |
| आज़मगढ़: कातिलाना हमले के आरोपी को सात वर्ष की जेल व जुर्माना Posted: 05 Apr 2022 07:21 AM PDT दो अन्य आरोपी पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त हुए
आजमगढ़ : कातिलाना हमले के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने एक आरोपी को सात वर्ष कारावास तथा 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई, जबकि दो अन्य आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। यह फैसला विशेष सत्र न्यायधीश जैनेंद्र कुमार पांडेय ने मंगलवार को सुनाया। अभियोजन के अनुसार वादी मुकदमा मकसूद अहमद पुत्र सलामतउल्ला निवासी रामपुरसुदी चकराजा, थाना तहबरपुर के भाई मंजूर अहमद (मकबूल) 14 दिसंबर 2018 की रात लगभग नौ बजे घर से खाना खाकर अपनी मड़ई में सोने जा रहे थे। रास्ते में गांव के अली आजम, विरेंद्र शर्मा तथा अखिलेश गुप्ता ने मंजूर अहमद को घेर लिया और अली आजम ने कट्टे से मंसूर अहमद पर फायर कर दिया। घायल मंजूर अहमद को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने जांच करने के बाद तीनों आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित कर दिया। अभियोजन पक्ष की तरफ से मकसूद, मंजूर अहमद, शाहिना परवीन, डा. सर्वेश राज, डा. प्रसून केसरी, विवेचक उमेश चंद यादव, कांस्टेबल कुंज बिहारी, विवेचक अनिल कुमार मिश्र को बतौर साक्षी न्यायालय में परीक्षित कराया गया। दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी अली आजम को सात वर्ष कारावास तथा 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई, जबकि आरोपी वीरेंद्र शर्मा तथा अखिलेश गुप्ता को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से शासकीय अधिवक्ता गोपाल पांडेय तथा वादी के प्राइवेट कौंसिल ओमप्रकाश मिश्रा ने पैरवी की। |
| आज़मगढ़: काउंटिग एजेंट की उपस्थिति में खोला जाएगा बैलेट बाक्स Posted: 05 Apr 2022 07:10 AM PDT विधान परिषद चुनाव- 09 अप्रैल को मतदान और 12 अप्रैल को होगी मतगणना
मतगणना पर्यवेक्षक,सहायक एवं माइक्रो आब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया गयाआजमगढ़: आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश राज्य विधान परिषद के लिए नौ अप्रैल को मतदान और 12 अप्रैल को बेलइसा स्थित एफसीआइ में मतगणना होगी। मंगलवार को नेहरू हाल में मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक एवं माइक्रो आब्जर्वर को मतगणना संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि काउंटिग एजेंट की उपस्थिति में बैलेट बाक्स खोला जाएगा।एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। सहायक नोडल अधिकारी प्रशिक्षण इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने बताया कि सबसे पहले बैलेट बाक्स मतगणना टेबल पर लाया जाएगा। उसकी सील एवं मत पत्र लेखा को चेक करने के बाद काउंटिग एजेंट की उपस्थिति में बैलेट बाक्स खोला जाएगा। बैलेट बाक्स खोलकर सारे मतपत्र निकाल लिए जाएंगे। उसके बाद खाली बैलेट बाक्स को सभी के सामने प्रदर्शित करना है। बैलेट बाक्स से निकाले गए मतपत्रों की गणना के बाद मतपत्र लेखा में मतपत्रों की संख्या से मिलान किया जाएगा। उसके बाद मतपत्र लेखा भाग-2 में मतपत्रों की संख्या को रिकार्ड किया जाएगा। मतपत्रों की गणना के बाद सारे मतपत्रों को आपस में मिला दिया जाएगा। उसके बाद समस्त मतपत्रों की स्क्रूटनिग की जाएगी, जिसमें वैध एवं अवैध मतपत्रों को छांटा जाएगा। वैध एवं अवैध मतों की संख्या का अंकन कारण सहित एनेक्जर 12-डी पर आरओ द्वारा लिखा जाएगा। मतपत्र अवैध करने से पहले सभी एजेंट को मतपत्र देखने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। सभी प्रथम वरीयता प्राप्त वैध मतपत्र प्रत्याशीवार छांटकर मतों की गणना की जाएगी। एडीएम एफआर आजाद भगत सिंह, डीडीओ रविशंकर राय, डीडीसी मधुसूदन दूबे, पीडी केके सिंह, डायट प्राचार्य अमरनाथ राय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, बीएसए अतुल कुमार सिंह, अभिहीत एफएसडीए डा. दीनानाथ यादव, विपुल सिंह आदि थे। |
| आज़मगढ़: बैंक प्रतिष्ठान, कैश वैन एवं ग्राहकों की सुरक्षा के लिए हुआ सेमिनार Posted: 05 Apr 2022 06:46 AM PDT एसपी सिटी ने बैंको व वित्तीय प्रतिष्ठानों के लोगों संग सुरक्षा संबंधी मीटिंग में दिए निर्देश
आज़मगढ़: पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य के निर्देश पर बैंक प्रतिष्ठान, कैश वैन एवं बैंक ग्राहकों की सुरक्षा के संबंध में दिए गए निर्देश के क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल द्वारा जनपद में बैंक/वित्तीय प्रतिष्ठान कैश वैन , बैंक ग्राहकों की सुरक्षा के संबंध में विशेष अभियान के तहत पुलिस लाइन आजमगढ में शहर क्षेत्र के सभी राष्ट्रीय कृत बैंक, प्राइवेट बैंक एवं अन्य फाइनेंसिंग संस्थाओं के प्रबंधकों की एवं पुलिस अधिकारियों की मीटिंग/ सेमिनार आयोजित की गई, जिसमें सभी बैंक प्रबंधकों से बैंकों की सुरक्षा, अन्य वित्तीय संस्थाओं की सुरक्षा, कैश वैन की सुरक्षा एवं बैंक के ग्राहकों के संपत्ति की सुरक्षा के संबंध में विस्तृत रूप से विचार विमर्श कर निर्देश दिए गए। जिसमें महत्वपूर्ण बैंकों में जहां पर पुलिस गार्ड की स्थायी रूप से आवश्यकता हो उन्हें नियमानुसार पत्राचार करने हेतु बताया गया तथा बैंक के अंदर, बैंक के बाहर एवं बैंक के पार्किंग स्थलों के आसपास के क्षेत्र को सी0सी0टी0वी0 से आच्छादित किए जाने के संबंध में सी0सी0टी0वी0 लगाने हेतु निर्देशित किया गया। बैंकों में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम अग्नि व मैग्नेटिक सेंसर युक्त अलार्म लगाने हेतु, फायर एक्सटिंग्विशर, एक्सेस कंट्रोल सिस्टम के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से बताया गया तथा जो भी सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगे उसमें अत्याधुनिक एवं उत्कृष्ट किस्म की रिकॉर्डिंग सिस्टम, नाइट विजन कैमरे से लैस हो। इसमें बैंक के अंदर के समस्त केबिन व बाहर के हिस्सों को कवर किया जाए तथा ऐसे बैंकों को बैंक के आसपास स्थानों को भी ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किए जाने हेतु सभी को उचित निर्देश दिए गए। बैंकों के आसपास पुलिस बल लगाये जाने के अतिरिक्त 112 नंबर पी0आ0वी0 की वाहनो को प्रभावशाली तरीके से व्यवस्थित किए जाने हेतु बताया गया। बैंक के प्राइवेट गार्ड के सुरक्षा के मानकों की चेकिंग के लिए भी समय-समय पर किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। उल्लेखनीय है कि बैंकों में लूट/डकैती/ चोरी की घटना के कारण न केवल राष्ट्र की आर्थिक स्थिति होती है वरन सामान्य असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है। इसलिए बैंकों से संबंधित वित्तीय संस्थाओं को बैंकों के संपत्ति की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं पुलिस तथा बैंक के अधिकारियों को अधिक संवेदनशील होकर कार्य किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। आज की बैठक में राष्ट्रीयकृत एवं अन्य प्राइवेट बैंकों के 23 बैंक प्रबंधक एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सम्मिलित हुए । सभी से सुझाव भी मांगे गए हैं। |
| आज़मगढ़: डीएम के औचक निरीक्षण में बदहाल मिला प्राथमिक विद्यालय Posted: 05 Apr 2022 06:34 AM PDT कायाकल्प योजना के कार्य भी संतोष जनक नही मिले, जताई नाराजगी
एबीएसए पर कार्यवाही और बीएसए को नोटिस देने के दिए निर्देशआजमगढ़ 05 अप्रैल-- जिलाधिकारी श्री अमृत त्रिपाठी ने आज पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुजफ्फरपुर शिक्षा क्षेत्र पल्हनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय की स्थिति काफी जीर्ण-शीर्ण एवं जर्जर अवस्था में पायी गयी। प्राथमिक विद्यालय में कायाकल्प योजना के अन्तर्गत कराये गये कार्य भी संतोष जनक नही पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प योजना के कार्यां की जांच करायी जायेगी। गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मानक के अनुरूप कार्य नही पाये जाने पर एबीएसए के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी तथा बीएसए को कारण बताओ नोटिस जारी किया जायेगा। जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय की खाली जमीन पर स्वयं सहायता समूह द्वारा सब्जी उगाने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि नजदीकी गौशाला से एग्रीमेंट कर गोबर की खाद खरीदें तथा सब्जी से होने वाली आय से गौशाला के निर्माण, चारा, भूसा एवं पानी के लिए सहयोग दें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह, एसडीएम सदर जेआर चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी पल्हनी निलिमा गुप्ता, एक्सीयन पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। |
| आजमगढ़: दूसरे के नाम पर परीक्षा देने वाला आरोपी गिरफ्तार Posted: 05 Apr 2022 06:20 AM PDT पंजिकृत परीक्षार्थी की फोटो स्क्रेच करके उसके स्थान पर परीक्षा दे रहा युवक
आजमगढ़: बिलरियागंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र के बघैला स्थित परीक्षा केंद्र पर सोमवार को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक द्वारा पकड़े गए परीक्षार्थी के विरुद्ध आरोप लगाया गया है कि आरोपी विद्यासागर पुत्र रामधनी निवासी ग्राम सोहरैया हाफिज थाना क्षेत्र जीयनपुर परीक्षा के लिए पंजीकृत परीक्षार्थी की फोटो स्क्रेच करके उसके स्थान पर स्वयं परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के साथ ही अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर लिया। मंगलवार को बिलरियागंज थाने पर तैनात उपनिरीक्षक आकाश कुमार ने उक्त मुकदमे से संबंधित आरोपी विद्यासागर पुत्र रामधनी को गिरफ्तार कर लिया। |
| आज़मगढ़: 05 लाख लेकर रेलवे का फर्जी नियुक्ति पत्र देने में तीन पर मुकदमा Posted: 05 Apr 2022 05:58 AM PDT बिलरियागंज पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गाजीपुर निवासी पिता,दो पुत्रों पर केस दर्ज किया
आजमगढ़: बिलरियागंज थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रेलवे में नौकरी के नाम पांच लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्त पत्र देने के तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपितों की तलाश में जुट गई है। जालसाजों ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया था। बिलरियागंज थाना के होलपुर निवासी चंद्रशेखर ने अपने भाई व भाभी की नौकरी के लिए रामबली राम निवासी नसीरपुर बंगाली का पूरा थाना खानपुर, जिला गाजीपुर को पांच लाख रुपये 2018 में दिया था। नियुक्ति पत्र देने के नाम पर दो साल तक वह इधर-उधर घुमाता रहा। दो साल बाद उसने रेलवे भर्ती बोर्ड मुजफ्फरपुर, बिहार का फर्जी नियुक्ति पत्र उसके भाई जगदीश एवं भाभी शीला देवी पत्नी यशवंत कुमार के नाम से दिया। नियुक्ति पत्र को लेकर जब दोनों कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे तो पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। इसके बाद उससे रुपये की वापस मांग की गई तो वह मारपीट करने लगा। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने वर्ष 2021 में न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश में पुलिस ने रामबली राम व उनके पुत्र सतीश व शैलेंद्र निवासी नसीरपुर बंगाली का पूरा मौथा, खानपुर, गाजीपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। |
| आज़मगढ़: मिनी पीजीआई में एमआरआइ की सुविधा नहीं, सीटी स्कैन मशीन भी खराब Posted: 05 Apr 2022 05:47 AM PDT निर्माण के 16 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक एमआरआइ जांच की सुविधा नही है
आजमगढ़ : वर्ष 2006 में तत्कालीन सपा सरकार ने राजकीय मेडिकल कालेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल का तोहफा दिया। निर्माण के बाद लोगों को लगा कि अब जिले के लोगों के साथ पूरे पूर्वांचल के लोगों को गंभीर रोगों के इलाज के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। आलम यह है कि निर्माण के 16 वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक यहां एमआरआइ जांच की सुविधा नहीं है। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अल्ट्रासाउंड तथा सीटी स्कैन से लेकर एक्स-रे आदि की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन इस समय सीटी स्कैन मशीन भी खराब है।शरीर में किसी रोग की जांच के लिए एमआरआइ को अंतिम विकल्प माना जाता है। इसकी जांच महंगी होने के कारण क्षेत्र के गरीब मरीजों को समस्या होती है। इस जांच को कराने के लिए पांच हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। आम बोलचाल में राजकीय मेडिकल कालेज को लोग मिनी पीजीआइ के ही नाम से जानते हैं। इस बारे में प्रभारी प्रधानाचार्य डा. सतीश कुमार ने मीडिया को बताया कीसीटी स्कैन मशीन ठीक कराने के लिए कंपनी को पत्र लिखा गया है। एमआरआइ की सुविधा तो नहीं है, लेकिन शासन की मंशा है कि जितनी सुविधाएं उपलब्ध हैं, उनका ठीक से क्रियान्वयन हो। एमआरआइ के लिए भी शासन को पूर्व में पत्र लिखा गया या नहीं, इसकी सही जानकारी नहीं है। |
| आज़मगढ़: बलिया प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए अभिभावक संघ ने किया बुद्धि-शुद्धि यज्ञ Posted: 05 Apr 2022 05:22 AM PDT चौथा स्तंभ कहा जाने वाला मीडिया आज काल कोठरी में है- गोविंद दूबे
पेपर आउट होने के मामले में पत्रकारों की गिरफ्तारी के खिलाफ जताया आक्रोशआजमगढ़: बलिया में यूपी बोर्ड परीक्षा के अंग्रेजी का पर्चा आउट होने के मामले में पत्रकारों की गिरफ्तारी के खिलाफ आक्रोश अभी थमा नहीं है। मंगलवार को रैदोपुर दुर्गा मंदिर परिसर में अभिभावक संघ ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। अभिभावक संघ के सचिव गोविंद दूबे के नेतृत्व में अन्य अभिभावक संघ के पदाधिकारी मंगलवार को रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर में पहुंचे। उन्होंने बलिया में पेपर लीक मामले को लेकर बेकसूर पत्रकारों को फर्जी मुकदमे में फंसाने को लेकर नाराजगी जताई। अभिभावक संघ के सदस्यों ने बलिया प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान अभिभावक संघ के सचिव गोविंद दूबे ने कहा कि भारत का चौथा स्तंभ कहे जाने वाला मीडिया आज काल कोठरी में है। आज हम सब उसकी रिहाई के लिए यहां बुद्धि शुद्धि यज्ञ कर रहे हैं। कहा कि बेकसूर पत्रकारों की रिहाई शासन जल्द से जल्द कराएं। यदि शासन इसे संज्ञान में नहीं लेता है तो हम सभी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर भानु प्रताप सिंह, अजय राय, आलोक पाठक,मनीष मिश्रा, अरुण चौरसिया,अरविंद पांडेय, मोहम्मद अफजल, अमित त्रिपाठी, सुजीत मिश्रा, गोल्डी सिंह व अभिभावक महासंघ के अध्यक्ष युधिष्ठिर दुबे भी मौजूद थे। |
| आज़मगढ़: बिना सूचना लम्बे समय से अनुपस्थित रहा आरक्षी बर्खास्त हुआ Posted: 05 Apr 2022 04:54 AM PDT  | | एसपी अनुराग आर्य |
काम करने वालों को पुरस्कार मिलेगा और विभाग के विपरीत काम करने वाले बख्से नही जाएंगे-एसपी
आजमगढ़ : बेहतर काम करने वालों को पुरस्कार और विभागीय अपेक्षा के विपरीत काम करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस कप्तान के तेवर तल्ख हो गए हैं। इससे पहले कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुके एसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही को जांच के बाद बर्खास्त कर दिया है। बर्खास्त सिपाही शैलेंद्र मिश्रा पर बिना अनुमति अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने का आरोप है। इस मामले में जांच के बाद एसपी ने कड़ी कार्रवाई की है। वह पुलिस लाइन में तैनात था। एसपी ने बताया कि आठ जुलाई 2019 को सेशन हवालात ड्यूटी से बिना अनुमति के अनुपस्थित होकर 29 दिसंबर 2020 तक कुल 540 दिवस अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के आरोप की प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी सदर अकमल खां तथा विभागीय जांच क्षेत्राधिकारी सगड़ी महेंद्र कुमार शुक्ला ने की, जिसमें आरोप प्रमाणित हुआ। आरक्षी को सुधरने हेतु अवसर प्रदान किया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। बर्खास्तगी से पहले आरक्षी को कई बार अनुपस्थित रहने के कारण लघु दंड के रूप में छह बार परिनिन्दा, नौ बार अर्थदंड एवं एक बार तीन वर्ष के लिए न्यूनतम वेतन पर दीर्घ दंड से दंडित किया गया, लेकिन आरक्षी के अंदर कोई सुधार परिलक्षित नहीं हुआ। आरक्षी को जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए भर्ती किया गया, उसकी पूर्ति बार-बार बिना अनुमति अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में उसे सेवा से बर्खास्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मैंने कार्यभार ग्रहण करने के दिन ही संदेश दिया था कि अच्छा काम करने वालों को पुरस्कार और विभागीय के साथ जनता की अपेक्षा के अनुसार काम न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। तमाम पुलिस कर्मियों ने अच्छा काम भी किया है। |
| आज़मगढ़: रोडवेज के सामने से ही सवारी बैठा रहे हैं निजी बस ऑपरेटर Posted: 05 Apr 2022 04:46 AM PDT निजी बसों के खड़े होने एवं सवारियां भरने के लिए नरौली पुल के निकट स्थान तय है
सुबह व शाम रोडवेज के सामने सवारियों को ले कर होती है खींचतानआजमगढ़ : निजी वाहन स्वामी रोडवेज के समानांतर व्यवस्था चला रहे हैं। जेब भरने के लिए रोडवेज बस अड्डा के सामने बसें लगाकर भरी जा रहीं हैं। आजमगढ़ से विभिन्न स्थानों के लिए बड़ी संख्या में रोडवेज बस जाती हैं। मसलन, वाराणसी, बलिया, लखनऊ, गाजीपुर, जौनपुर, इलाहाबाद, दिल्ली, गोरखपुर इत्यादि जगहों के लिए रोडवेज बसों की सेवाएं हैं। ट्रैफिक इतना है कि निजी बसें भी बड़ी संख्या में सेवाएं दे रहीं हैं। प्रशासन ने निजी बसों के खड़े होने एवं सवारियां भरने के लिए नरौली पुल के निकट स्थान नियत किया है, जबकि रोडवेज बसों का अपना अलग ठिकाना है लेकिन निजी वाहन चालक अपनी गाड़ियां रोडवेज बस अड्डा के सामने खड़ी कर सवारी लादते हैं। सुबह एवं शाम में तो पूरी अराजकता की स्थिति रहती है। निजी वाहनों के कर्मचारी रोडवेज बस अड्डा पहुंच यात्रियों को अपने साथ ले जाने लगते हैं। रोडवेज कर्मियों ने विरोध किया तो मारपीट की स्थिति बन आती है। दरअसल, वाराणसी के लिए गोरखपुर के लिए सवारी बैठाए तो आजमगढ़ में रोडवेज के पास उतार दूसरी गाड़ी में बैठकर गोरखपुर जाने की बात कहने लगते है। किसी ने विरोध किया तो फिर मारपीट की जाती है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसडी राम ने बताया की प्राइवेट वाहनों के लिए डिपो के सामने सवारी बैठाना प्रतिबंधित है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तीन कर्मचारियों को निगरानी कर निजी बस चालकों की गतिविधियों पर अंकुश के लिए लगाया भी गया है। |
| आज़मगढ़: छह स्थानों पर आग का कहर, लाखों का नुकसान Posted: 04 Apr 2022 09:19 AM PDT सौ बीघा से ज्यादा गेहूं की फसल व गृहस्थी का सामान खाक
एक घर तक भी पहुंचीं लपटें, पालतू जानवरों की हुई मौतआजमगढ़ : जिले के छह स्थानों पर सोमवार को आग ने कहर बरपाया, तो उसमें पछुआ हवा ने घी का काम किया। सौ बीघा से ज्यादा गेहूं की फसल राख हो गई, तो गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।आग की लपट एक घर तक तक पहुंची तो वहां रखी मुर्गियां, बकरियां, भैंस व बैल भी जल मरे। मेहनाजपुर : क्षेत्र के रघुबीरपुर, कूबा और मऊ परासिन गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से भारी नुकसान हुआ। मऊ परासिन में झंझू राम के घर में आग से गृहस्थी के सामान नष्ट हुए तो एक भैंस, 30 मुर्गियां, एक बकरी एवं एक जोड़ी बैल झुलसकर मर गए। इसके अलावा हरिश्चंद्र राम, हरदेव राम, राजेंद्र राम, फिरतू राम, बलवंत राम, रामजीत यादव, हरि यादव, सुखराज, बबलू, राम कुंवर, सुभाष, गिरजा, हरगोविंद, राम लखन, खरपत्तू की गेहूं की फसल खाक हो गई। बिलारमऊ : फूलपुर तहसील क्षेत्र के पलिया अदायी गांव में लगी आग देखते ही देखते धौरहरा और शुक्लपूरा गांव तक फैल गई। आग ने लगभग 78 किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। 50 बीघा से अधिक गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने खुद के ट्यूबवेल का सहारा लेकर आग पर काबू पाया। एसडीएम फूलपुर ज्ञानचंद गुप्ता ने लेखपाल संग पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। दीदारगंज : फूलपुर तहसील क्षेत्र के हड़वा गांव में दोपहर 12 बजे राजीव कुमार सिंह के खेत में आग लगने से डेढ़ बीघा गेहूं की फसल राख हो गई।ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चलाकर आग पर काबू पाया।क्षेत्रीय लेखपाल अजय कुमार यादव ने नुकसान का आकलन किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बगल के किसान सुरेश सिंह की भी दो बिस्वा गेहूं की फसल राख हो गई। मार्टीनगंज : दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव में दोपहर एक बजे आग से 13 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आबादी से सटे होने के कारण ग्रामीणों ने आग पर जल्द ही काबू कर लिया। आग से सुनील सिंह, राम पलट सिंह, शिव भजन सिंह, सोहित यादव, सुभाष यादव, रामाश्रय सिंह, अशोक कुमार का नुकसान हुआ।देर शाम तक कोई सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचा था। |
| आज़मगढ़: 07 अप्रैल तक जिला कारागार में रहेगा माफिया कुण्टू सिंह Posted: 04 Apr 2022 08:51 AM PDT कड़ी सुरक्षा में कासगंज से पेशी पर लाया गया,गैंगस्टर के एक मामले में हो चुकी है सजा
अगली तारीख पर दो अहम मामलों में आ सकता है कोर्ट का फैसलाआजमगढ़: कुख्यात माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू को सोमवार दोपहर गैंगस्टर कोर्ट में पेश किया गया। गैगंस्टर के दो मुकदमें में आज कुंटू व उसके चार साथियों के खिलाफ आरोप का निर्धारण होना था। एक आरोपित के कोर्ट में पेश न होने के कारण सुनवाई टालते हुए विद्वान जज रामानंद ने अगली तिथि सात अप्रैल निर्धारित की है। कोर्ट ने इस दौरान कुंटू सिंह को मंडलीय कारागार में रखे जाने का आदेश भी दिया है। आजमगढ़ के सगड़ी तहसील के छपरा सुल्तानपुर निवासी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह के खिलाफ कुछ दिनों पूर्व ही गैंगस्टर मामले में 10 वर्ष की सजा हुई थी। उस दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उसे सजा दिए जाने की जानकारी दी गई थी। सोमवार को गैंगस्टर के दूसरे मामलों में पूरे गिरोह के खिलाफ आरोप का निर्धारण हाेना था। कुंटू सिंह को पुलिस ने दोपहर में गैंगस्टर कोर्ट में पेश किया, लेकिन सुनवाई की तिथि सात अप्रैल मुकर्रर कर दी गई। विशेष लोक अभियोजक संजय द्विवेदी ने बताया कि 2020 में जीयनपुर पुलिस ने कुंटू सिंह और उसके साथियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में दो मुकदमा दर्ज किया गया। ध्रुव सिंह, शिव कुमार, सुरेंद्र, रिजवान तथा एहसान आरोपी हैं। कुंटू सिंह के अलावा सभी आरोपित जमानत पर सलाखों के बाहर हैं। दोनों मुकदमें में आरोप निर्धारण की कार्रवाई तय होने से ध्रुव सिंह, सुरेंद्र, शिवकुमार व एहसान पहुंचे थे। एक आरोपित रिजवान के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने से आरोप तय होने की कार्रवाई पूरी होने से रह गई। उधर पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू सिंह हत्याकांड में भी सात अप्रैल को फैसला आने की उम्मीद जताई जा रही है। |
| आज़मगढ़: भाजपा नेता ने नगर विकास मंत्री को शहर की समस्याओं पर ज्ञापन सौंपा Posted: 04 Apr 2022 07:55 AM PDT भाजपा जिला महामंत्री सूरज श्रीवास्तव ने मंत्री ए०के० शर्मा से मिलकर शहर की आवश्यकताओं पर ज्ञापन सौंपा
शहर की बदहाल सड़कों,जलजमाव, सफाई व्यवस्था और पार्किंग आदि समस्याओं को उठायाआजमगढ़: रविवार को में नगर विकास मंत्री ए०के० शर्मा से भाजपा जिला महामंत्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय महामंत्री सहजानन्द राय के साथ मिलकर शहर व शहर से सटे हुए इलाकों के विकास के लिए आवश्यक कार्यवाही कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मैंने माननीय मंत्री जी से मिलकर आजमगढ़ शहर की समस्याओं से अवगत कराया की लगभग सभी वार्डों व शहर से सटे हुए गाँव में जलनिकासी की व्यवस्था नही होने के कारण ज्यादातर शहर के वार्ड व ग्राम कोलपाण्डेय,कोलबाजबहादुर, जमालपुर बाजबहादुर, सलेमपुर, हिरापट्टी सहित अन्य क्षेत्र पूरे बारिश के मौसम में बाढ़ व जलजमाव से पीड़ित रहतें हैं, जिसके कारण उन्हें अपना घर छोड़कर अन्य जगहों पर या रैनबसेरों में गुजारा करना पड़ता है, इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर व इन जल जमाव से ग्रसित क्षेत्रों का ठीक प्रकार से सर्वें कराकर यहाँ व सीवर लाइन बिछाने व सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगवाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्हें अवगत कराया कि आजमगढ़ में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण के गठन होने के बाद भी आज तक यहां पर मास्टर प्लान नही बन पाया है जिसके कारण लोगों के मकान के नक्शे/मानचित्र स्वीकृत नही हो रहें हैं, तथा जिनके मकान वैध बन रहे हैं उन्हें भी विकास प्राधिकरण द्वारा नोटिस देकर अनावश्यक परेशान किया जाता है तथा अवैध मकान बिना रोकटोक के बनते जा रहें है, आजमगढ़ शहर क्षेत्र के विकास के लिए यहां का मास्टर प्लान जल्द से जल्द लागू कराने के लिए अनुरोध किया व उन्हें अवगत कराया की आजमगढ़ नगर क्षेत्र की सभी सड़के क्षतिग्रस्त हैं, बरसात से पहले शहर के अन्दर की सभी सड़कों की लेपन ,मरम्मत व जहाँ ज्यादा क्षतिग्रस्त हो वहां नई सड़क बनवाने की अत्यंत आवश्यक है जिससे जनमानस को यातायात में कठिनाई का सामना न करना पड़े।आजमगढ़ नगर में नालियों की गहराई/नाली की तल से सफाई कार्य कराएं जाने की आवश्यकता है तथा शहर में सफाई कार्य ठीक प्रकार से नही हो रहा है, समय से सफाई न होने के कारण सड़क पर कूड़ा फैला रहता है। कर्मचारियों व ठीकेदारों की मिलीभगत से सफाईकार्य ठीक प्रकार से नही हो रहा है पिक हॉवर 10 बजे के बाद कार्य होने से शहर जामग्रस्त रहता है। शहर के बीचोबीच स्थित पुरानी जेल की जमीन काफी ज्यादा है यहां पर शहर के विकास के लिए मल्टीस्टोरी/बहुमंजिला पार्किंग, ठेले खोमचे वालों के लिए मिनी मार्केट, स्विमिंग पूल सहित अत्याधुनिक पार्क, इंडोर स्टेडियम बनाएं जाने की आवश्यकता है , कई बार आश्वासन मिलने के बाद भी आजतक यहाँ पर विकास कार्य नही हुआ,पुरानी जेल की जमीन शहर के बीच खंडहर बनकर पड़ी हुई है उसका विकास कार्य कराने के लिए अनुरोध किया। मंत्री ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ही कार्यवाही का आश्वासन दिया। |
| आज़मगढ़: कमिश्नर और डीएम ने ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ का शुभारम्भ किया Posted: 04 Apr 2022 07:07 AM PDT
कोविड के कारण कक्षा 01 व 02 नही पढ़ पाए बच्चों को स्पेशल क्लास दे सामान्य स्तर पर लाएंगे- विजय विश्वास पंत
आजमगढ़ 04 अप्रैल-- मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद श्रावस्ती में स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ किया। इसी क्रम में कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय उकरौड़ा शिक्षा क्षेत्र पल्हनी में आयुक्त आजमगढ़ मण्डल आजमगढ़ विजय विश्वास पंत एवं जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने मॉ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर ''स्कूल चलो अभियान'' का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त ने बताया कि करीब 2 साल तक कोरोना महामारी के कारण बच्चों का पठन-पाठन काफी प्रभावित हुआ है। लेकिन उसके बावजूद भी जनपद आजमगढ़ में करीब 29 हजार बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में बढ़ा है। उन्होने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन तभी बढ़ता है जब अभिभावक समझते हैं कि निजी विद्यालयों की अपेक्षा परिषदीय विद्यालयां में भी अच्छे अध्यापकों के माध्यम से पठन-पाठन में काफी इजाफा हो रहा हैं और हमारे बच्चों की पढ़ाई अच्छी हो सकती है। उन्होने कहा कि कोरोना के कारण करीब 2 सालों से बच्चों का पठन-पाठन काफी प्रभावित होना एक चैलेन्ज है कि किस तरह जिन बच्चों ने क्लास 1 एवं 2 को मिस किया है, उनको उस स्तर तक कैसे लाया जाय। उन्होने कहा कि जो बच्चे पढ़ाई से पिछले 1 या 2 साल से नही जुड़ पाये हैं, उनको स्पेशल क्लासेस देकर उनको सामान्य स्तर पर लायेंगे। उन्होने कहा कि शिक्षा से ही मानव जीवन का भविष्य उज्ज्वल है। मण्डलायुक्त ने बताया कि काफी विद्यालयों को कायाकल्प योजना से जोड़ा गया है एवं इस सत्र में यही प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक विद्यालयों को कायाकल्प योजना से जोड़ा जाय। मण्डलायुक्त ने प्रधानाचार्या को बुलाकर पूछा कि किस तरह से बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन होगा एवं किसी प्रकार गुणवत्तायुक्त शिक्षा दी जायेगी। उन्होने कहा कि मै 15 दिन बात फिर आउंगा एवं बच्चों के नामांकन की संख्या व गुणवत्तायुक्त शिक्षा के बारे में जानकारी लूंगा। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने कहा कि अध्यापक छात्रों को अपना बच्चा समझकर पढ़ायें, बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होने बताया कि हर तीसरे महीने में अभिभावकों के साथ बैठक करनी चाहिए, जिससे बच्चों के सुधार के बारे में जानकारी प्राप्त हो। उन्होने कहा कि जिस गांव से कम बच्चे स्कूल आते हैं, उन गांवों में जाकर अभिभावकों को प्रेरित करें एवं बच्चों का नामांकन करायें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अध्यापकों को बताया गया है कि जिस नक्षत्र में पैदा हुए हैं, उस नक्षत्र का पौधा लगायें। उन्होने अध्यापकों से कहा कि हर महीने बच्चों को 10 प्रश्न दिये जायें, जिसका उत्तर बच्चे खुद लिखेंगे एवं एक वर्ष पूरा होने पर अध्यापक द्वारा अधिक प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्रों को एक वर्ष का प्रश्नोत्तर पुस्तिका बनाकर उन बच्चों को देकर प्रोत्साहित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपाल एवं सभी अधिकारी हर गांव में भ्रमण कर जो बच्चे स्कूल नही जा पा रहे हैं, उन कारणों का पता लगाकर उन बच्चों को गोद लें और स्कूल भेजें। जिलाधिकारी ने अध्यापकों से कहा कि 04 अप्रैल से लेकर 30 अप्रैल 2022 तक अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन करायें, कोई बच्चा नही छूटने पाये। इसी के साथ मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा स्कूल का भ्रमण किया गया एवं स्कूल में सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने अधिक अंक पाने वाले छात्र प्रियांशु यादव, राजनन्दनी, जिया, अभिषेक प्रजापति, अंजली भारती, चन्दा चौहान आदि को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी को बैच, मोमेण्टों एवं कैप पहनाकर स्वागत किया गया। कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाचार्या ने ग्राम प्रधान को बैच और कैप लगाकर स्वागत किया। इसी के साथ ही जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट दिखाया गया।
|
| आजमगढ़: दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे दो लोग पकड़े गए Posted: 04 Apr 2022 06:53 AM PDT केंद्र व्यवस्थापकों ने दोनो छात्र और उनकी जगह परीक्षा देने वालो के खिलाफ तहरीर दी
सभी परीक्षा केंद्रोें पर बढ़ाई गई है सख्ती : डीआइओएसआजमगढ़ : यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए सख्त कदम उठाया जाने के बावजूद व्यवस्था को तार-तार करने में नकल माफिया लगे हैं। हाईस्कूल की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए दो व्यक्ति पकड़े गए। केंद्र व्यवस्थापकों ने स्थानीय थाने में जिन दोनों छात्रों और उनके स्थान पर परीक्षा देने वाले चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। सगड़ी तहसील के बिलरियागंज थाना अंतर्गत कमला देवी इंटर कालेज व जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट क्षेत्र में सोमवार को हाईस्कूल की प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। बिलरियागंज थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी कमला देवी इंटर कालेज में एक युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए बैठा था। केंद्र व्यवस्थापक को शक हुआ तो उसने युवक का प्रवेश पत्र चेक कर दिया। गहन जांच करने पर परीक्षा दे रहे छात्र फर्जी पाया गया। यह जानकारी होते ही केंद्र व्यवस्थापक ने बिलरियागंज थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी है। जबकि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट के पास एक विद्यालय में एक युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए गया था। जांच के दौरान केंद्र व्यवस्थापक ने उसे पकड़ लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. प्रवीण कुमार उपाध्याय ने बताया कि कमला देवी इंटर कालेज बिलरियागंज में एक छात्र की जगह दूसरा छात्र परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। केंद्र व्यवस्थापक से रिपोर्ट लेकर बोर्ड को भेजी जाएगी। जिले में परीक्षा पूरी तरह नकल विहीन कराई जा रही है। अब सभी परीक्षा केंद्रोें पर सख्ती बढ़ाई जा रही है। |
| आज़मगढ़: पेट्रो पदार्थो के मूल्य में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाला मार्च Posted: 04 Apr 2022 06:41 AM PDT कलेक्ट्रेट पर धरना देकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़: महंगाई, सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी मूल्य के वृद्धि में सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। विरोध में कांग्रेसियों ने आजमगढ़ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश राजभर के नेतृत्व में मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंच राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। कार्यकारी अध्यक्ष रमेश राजभर ने महंगाई पर सरकार को घेरते हुये कहा अच्छे दिनों की बात करने वाली बीजेपी सरकार गरीब और मध्यम वर्ग के अच्छे दिन तो नहीं ला सकी लेकिन यह सूट बूट वाली सरकार अपने पूंजीपति मित्रों के अच्छे दिन लाने मे सफल है। सरकार गरीब और मध्यम वर्ग को लूट कर पूजीपतियों की जेब भरने का काम कर रही है जिसे कांग्रेस पार्टी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी जबतक सरकार महंगाई पर तत्काल अंकुश नहीं लगाती तबतक सड़कों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजीत कुमार राय ने धरने को संबोधित करते हुए कहा बीजेपी की डबल इंजन सरकार सभी मोर्चों पर पूरी तरह से फेल है। धर्म और जाति के नाम पर बीजेपी सत्ता में आती है। आम आदमी के समस्याओं से बीजेपी सरकार का कोई लेना-देना नहीं होता। जब तक चुनाव थे तब तक पेट्रोलियम पदार्थों एलपीजी के मूल्य मैं वृद्धि नहीं की गयी जब चुनाव समाप्त हुये तबसे लगातार डीजल पेट्रोल और एलपीजी के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि हो रही है गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कांग्रेश आम आदमी की पीड़ा को नजरअंदाज नहीं कर सकती। सरकार यदि तत्काल महंगाई पर अंकुश नहीं लगाती है कांग्रेस पार्टी जनांदोलन के लिए बाध्य होगी। धरने प्रदर्शन में अजीत राय, मुन्नू यादव, अमर बहादुर यादव, विशाल दुबे, अरविंद जायसवार, शुभम राय, नवनीत राय, सुधाकर पाठक, मिंटू यादव, मनोज भारती, हर्षित राय, अरुण राय, रमेश सरोज, चंदन सरोज, तेज बहादुर यादव, मुन्नू मौर्य, मो. आमिर, जावेद , शैलेंद्र सिंह, यदुनाथ सिंह, राना खातून, राजबली राम आदि शामिल रहे। |
| आज़मगढ़: प्रतापगढ़ में वरिष्ठ सहायक की मौत पर जिले के तहसील कर्मियों में भी उबाल Posted: 04 Apr 2022 05:11 AM PDT धरना दे कर मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय मांग पत्र डीएम को सौंपा
एक सप्ताह के अंदर आरोपित एसडीएम की गिरफ्तारी की मांग कियाआजमगढ़: प्रतापगढ़ जिले की तहसील लालगंज के वरिष्ठ सहायक सुनील कुमार शर्मा के मौत के मामले में एसडीएम ज्ञानेंद्र सिंह यादव को बर्खास्त करने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट व जिले के सभी तहसीलों के कर्मचारियों ने आवाज बुलंद की। कार्य बहिष्कार के साथ ही कार्यालयों में तालाबंदी की। जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट भवन के भूतल में धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। मांग किया कि एसडीएम ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह यादव की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए। मृतक सुनील कुमार शर्मा के आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए और आश्रितों को तत्काल नौकरी दी जाए। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के बैनर तले धरनारत पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि प्रतापगढ़ की तहसील लालगंज के एसडीएम ने वरिष्ठ सहायक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। शाम को जिला अस्पताल में जाकर छाती व गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस प्रकरण में वहां के जिला अस्पताल के सभी डाक्टर एवं मुख्य चिकित्साधिकारी भी पूर्ण रूप से सहभागी हैं। घटना के संबंध में एसडीएम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। किसी भी अधिकारी को अपने कर्मचारी से मारपीट और हिंसक वारदात करने का अधिकार नहीं है। कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर तालाबंदी के बाद धरनारत कर्मचारियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर आरोपित एसडीएम की गिरफ्तारी कर तीनों मांगे पूरी न होने पर प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार अग्रिम आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्षता कृपानरायन लाल श्रीवास्तव व संचालन संगठन के सचिव प्रवीण कुमार राय ने किया। |
| आजमगढ़: विधायक व यूबीआई आरएम ने वक्रांगी ग्राहक सेवा केन्द्र का किया उद्घाटन Posted: 04 Apr 2022 04:49 AM PDT
सठियांव बाजार में यूनियन बैंक से सम्बद्ध वक्रांगी ग्राहक सेवा केंद्र की सेवा शुरू हुई
केंद्र पर बैंकिंग एवं सरकारी योजनाओं सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगीआजमगढ़: सठियांव बाजार स्थित वक्रांगी ग्राहक सेवा केंद्र (संबद्ध यूनियन बैंक ऑफ इंडिया) का शुभारंभ सोमवार को भव्य समारोह के बीच यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर मनोज शर्मा व क्षेत्रीय विधायक अखिलेश यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आरएम मनोज शर्मा ने वक्रांगी केंद्र के प्रबंधक विकास यादव को शुभकामना देते हुए कहाकि इस केंद्र के खुल जाने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग में करने में काफी आसानी होगी। विधायक अखिलेश यादव ने शुभकामना देते हुए कहाकि उनके स्तर से केन्द्र को हर तरह का सहयोग प्राप्त होगा वहीं इस केंद्र से क्षेत्र के लोगों को पैसे के लेनदेन एवं सरकारी योजनाओं सहित तमाम सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री चंद्रदेवराम यादव 'करैली', सुभाषचन्द्र सिंह पत्रकार, श्याम नारायण चौहान, डॉ. रमेश मौर्य, इफ्तेखार खान काशीपुरी, रामहर्ष नेता, हरिश्चंद्र राम, रामदवर राम, सूबेदार यादव, रामदरस यादव, नंदलाल यादव, श्रीकांत यादव, विशाल यादव सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। |
| आज़मगढ़: सीएम योगी के करीबी रहे एमएलसी यशवंत सिंह भाजपा से निष्कासित Posted: 04 Apr 2022 04:05 AM PDT
एमएलसी चुनाव में बेटे विक्रांत सिंह रिशू को निर्दल चुनाव लड़ाना भारी पड़ा
बड़ी कार्रवाई, छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किए गएआजमगढ़ :आजमगढ़- मऊ स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्र से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अरुण कुमार यादव के विरुद्ध अपने बेटे विक्रांत सिंह उर्फ रिशू को चुनाव लड़ाना भाजपा एमएलसी यशवंत सिंह को भारी पड़ गया। संठगन ने उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। इस लिहाज से पूर्वांचल में भाजपा की ओर से यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। एमएलसी यशवंत सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खास माने जाते रहे हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव में भाजपा ने फूलपुर के पूर्व विधायक अरुण कुमार यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया, तो यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह रिशु ने निर्दल पर्चा दाखिल कर दिया। शुरुआत में लगा कि विक्रांत पर्चा वापस ले लेंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। अलबत्ता चुनाव में ताकत झोंकी जाने लगी, जिसके बाद भाजपा संगठन की ओर से एमएलसी यशवंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की आशंका जताई जाने लगी थी। दरअसल, भाजपा ने अरुण को चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत लगाते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, गोरखपुर प्रांत के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय को चुनाव प्रभारी बनाते हुए चुनाव जिताने का जिम्मा सौंप दिया। एक दिन पूर्व ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए के शर्मा भी कार्यकर्ताओं से रूबरू होेने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं में यह कहते हुए जोश भरा कि यही अवसर जब हम एमएलसी चुनाव जीतकर सपा से बदला ले पाएंगे। यहां से आप सभी एक प्रतिनिधि भेजें, तो जनपद का विकास मिल-जुलकर वृहद तरीके से किया जाएगा। इसी बीच कई तरह की रिपोर्ट संगठन में पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी ने विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश महामंत्री /मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल ने इस आशय का पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन), क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा, गोरखपुर क्षेत्र तथा जिलाध्यक्ष भाजपा आजमगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। भाजपा के लालगंज जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय ने इसकी पुष्टि की है। |
| आजमगढ़: एसपी ने 05 फरार आरोपितों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया Posted: 04 Apr 2022 01:14 AM PDT फरार अपराधियों में दो जीयनपुर और अन्य मऊ, तरवां और मेहनाजपुर के निवासी
आजमगढ़: जिले में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान अभियान के क्रम में जिला पुलिस अब सरकार गठन के बाद से ही अपराधियों पर सख्ती करने के मूड में है। पुलिस के अनुसार अब जिले में अपराधियों को ठौर बनाने का मौका कतई नहीं दिया जाएगा। जिले के चर्चित अपराधियों को चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है। अब जिले में कार्रवाई के तहत पहली बार फरार अपराधियों पर इनाम की रकम को बढ़ाकर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। जिले के पांच फरार अपराधियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। फरार अपराधियों में दो जीयनपुर और बाकी मऊ, तरवां और मेहनाजपुर के निवासी हैं। आजमगढ़ जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने पूरी तरह से कमर कस ली है। खुद पुलिस अधीक्षक चुनाव के बाद से ही तेवर में दिख रहे हैं। हर दिन फरार आरोपितों के बारे में समीक्षा के बाद कार्रवाई का निर्देश दे रहे हैं। अभी पिछले दिनों माहुल शराब कांड में छह आरोपितों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित करने के बाद विभिन्न मामलों में फरार चल रहे पांच और आरोपितों की गिरफ्तारी पर 25- 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इस बाबत अब पुलिस की टीमें आरोपितों को घेरने की तैयारी में जुट गई हैं। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि हत्या, हिंसा, आपराधिक षड्यंत्र इत्यादि घटना करने वाले विजय यादव उर्फ सचिन निवासी ग्राम हसनपट्टी, कोतवाली जीयनपुर, मोहम्मद रिजवान निवासी समुद्रपुर, कोतवाली जीयनपुर के अलावा दुर्ग विजय सिंह निवासी भदीड़, कोतवाली मोहम्मदाबाद, जनपद मऊ, अभिषेक सिंह उर्फ भोनू निवासी खुटहन, थाना तरवां तथा अरविंद कश्यप निवासी चकिया कसयवन, थाना मेंहनाजपुर काफी दिनों से फरार चल रहे हैं। उनके ऊपर इनाम घोषित किया गया है। साथ ही संबंधित थानों को उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। |
| आजमगढ़: गजब! जीजा से लिया ऐसा बदला, असमंजस में पड़ी पुलिस भी Posted: 04 Apr 2022 12:18 AM PDT
जीजा को साला बना युवक ने लिया बहन को भगा ले जाने का बदला
आजमगढ़: जिले में ऐसी बदले की घटना सामने आई है कि पुलिस के सामने भी कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। दरअसल पहले एक युवक की बहन को दूसरा युवक भगा ले गया और शादी कर ली। इस बात को भाई किसी तरह पचा ले गया और कहीं शिकायत और कार्रवाई नहीं की। लेकिन, कुछ दिनों के बाद अपने जीजा की बहन को वह बदले में भगा ले गया और अब जीजा की तिलमिलाहट कुछ यों है कि वह अपनी बहन को वापस लाने के लिए थाने से लेकर हर चौखट पर बौखलाया घूम रहा है। पूरा मामला आजमगढ़ में रानी की सराय कस्बे का है। जहां एक युवक की बहन को दूसरा युवक लेकर फरार हो गया और शादी कर ली। उसके खिलाफ युवती के भाई ने काेई कार्रवाई तो नहीं की, लेकिन ऐसा बदला लिया, जो कस्बे में चर्चा का विषय बन गया है। युवक ने बहन को भगाकर ले जाने वाले यानी उसके जीजा की बहन काे भगाकर उससे शादी कर ली। इस तरह दोनों युवक आपस में जीजा और साला दोनों ही पद वाले हो गए हैं। इस बदले की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच खूब चर्चा हो रही है। मामले की सूचना थाने में भी दी गई है, लेकिन पुलिस अब दोनों के वापस आने का इंतजार कर रही है। मामले की पोल तब खुली जब फरार युवती ने खुद फोन कर युवक की बहन को सूचना दी। कस्बे में किराये के मकान में लंबे समय से बिहार के विभिन्न जनपदों के लोग परिवार सहित रहकर जीविकोपार्जन करते हैं। एक पखवाड़ा पूर्व बिहार निवासी युवक प्रेमजाल में फंसाकर एक युवती के साथ कस्बे में ही अपने जीजा के साथ रह रहा था। इसी बीच युवक की बहन भी अपने जीजा के यहां आ गई। एक सप्ताह पूर्व ही आई युवती लापता हो गई। जीजा ने खोजबीन के साथ सूचना पुलिस को दी और तलाशने की गुहार लगाई। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने युवती के मिले मोबाइल पर काल डिटेल के आधार पर स्थानीय युवकों पर दबाव बनाना शुरू किया। तीन दिन पूर्व गायब युवती ने फोन कर बताया कि उसने बिहार में ही अपने प्रेमी के साथ विवाह रचा लिया है। युवती के मिलने की सूचना पर जीजा ने तो राहत की सांस ली लेकिन बहन को लेकर फरार होने वाले युवक की बहन से ही शादी रचाने की घटना चर्चा का विषय बन गई है। वहीं जीजा ने दबी जुबान में अपने साले के द्वारा खुद से बदला लेने के लिए बहन से शादी की बात कही है। इस तरह अब दोनों आपस में जीजा और साले के डबल रिश्ते में आ गए हैं। क्षेत्र में इस बदले की घटना की खूब चर्चा हो रही है। |
| आज़मगढ़: यूबीआइ के मैनेजर को रिश्वत लेते सीबीआइ ने दबोचा Posted: 03 Apr 2022 08:15 PM PDT
10 लाख लोन के बदले डेढ़ लाख रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता उस भवन के मालिक हैं, जिसमें संचालित की जा रही शाखाआजमगढ़ : यूनियन बैंक की शाखा चितारा महमूदपुर के प्रबंधक सर्वेश कुमार यादव को सीबीआइ की लखनऊ टीम ने शनिवार को दोपहर रिश्वत लेते पकड़ लिया। प्रबंधक के खिलाफ उस भवन के मालिक ने ही शिकायत दर्ज कराई, जिसमें यूबीआइ की शाखा संचालित की जाती है। चितारा महमूदपुर गांव निवासी अतुल कुमार गुप्ता के मकान में ही यूनियन बैंक की शाखा है। उन्होंने कारोबार के लिए 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था। आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने ऋण की धनराशि उनके खाते में स्थानांतरित करने के लिए डेढ़ लाख सुविधा शुल्क की डिमांड की। उनके कई प्रयास के बाद भी बात नहीं बनी तो मामला एंटी करप्शन कार्यालय तक जा पहुंचा। चूंकि मामला यूबीआइ से जुड़ा था, लिहाजा सीबीआइ का सहारा लेना पड़ गया। शनिवार की शाम सीबीआइ टीम पहुंची तो पहले अतुल अकेले बैंक प्रबंधक के पास अंतिम प्रयास करने गए। वहां बातचीत में 60 हजार रुपये में बात तय हो गई। अतुल देर शाम रुपये लेकर पहुंचे तो प्रबंधक ने रुपये पकड़ लिए। पहले से अलर्ट अधिकारियों ने उन्हें पकड़कर रुपये बरामद कर लिए। दीदारगंज पुलिस का कहना है कि हमारे यहां कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऋण से संबंधित मामले में बाहर की टीम बैंक प्रबंधक को जरूर पकड़कर ले गई है। |
| आज़मगढ़: जनवादी लेखक संघ का नौवां राज्य सम्मेलन सम्पन्न Posted: 03 Apr 2022 05:41 AM PDT
"हमारा समय और सांझी संस्कृति, हस्तक्षेप की जरूरत" विषय पर हुआ विमर्श
अपने जैसों के साथ सीमित न रहकर विरोधी विचारधारा के साथ भी बैठने की जरूरत- असगर वजाहतआज़मगढ़: 02 अप्रैल 2022 को जनवादी लेखक संघ का नौवां राज्य सम्मेलन का शुभारंभ गरुण सभागार, गरूण होटल, आजमगढ़ में हुआ। "हमारा समय और सांझी संस्कृति, हस्तक्षेप की जरूरत" विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असगर वजाहत , राष्ट्रीय अध्यक्ष जलेस और उदघाटनकर्ता संजीव कुमार, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव, जलेस रहे। इस अयोजन में एकत्रित लेखकों वा विचारकों ने समाज को एक सार्थक दिशा देने के लिए विचार विमर्श किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जनवादी लेखक संघ के संस्थापक सदस्य साहित्यकार स्व. मारकंडेय सिंह की पुत्री व जनपद की सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ स्वस्ति सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का प्रारंभ संकल्प समूह ने अपने जनगीतो के माध्यम से किया। हिंदी व उर्दू के प्रसिद्ध लेखक असगर वजाहत ने सिर्फ अपने जैसों के साथ सीमित न रहकर विरोधी विचारधारा के साथ भी बैठने की जरूरत की बात कही । उनका कहना है राजनीति कभी भी सांस्कृतिक विकास नहीं चाहती क्योंकि यह पक्ष तर्क को मजबूत करता है। इस कार्यक्रम में अन्य विचारकों ने भी अपने महत्वपूर्ण विचार रखे। प्रथम सत्र के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुति जांघिया लोक नृत्य द्वारा की गई। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में काव्य पाठ व मुशायरा का अयोजन किया गया। जिसमें पूरे प्रदेश से आए कवियों और शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत की।इस कार्यक्रम में जलेस के प्रदेश सचिव जेलस ईकाई आजमगढ़ की सचिव सोनी पांडेय, उपाध्यक्ष अरुण मौर्य व आरसी चौहान, कोषाअध्यक्ष कंचन मौर्य , अजय गौतम आदि लोग शामिल रहे। |