आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, April 16, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आज़मगढ़: बायोमैट्रिक क्लोन कर बैंक खातों से लाखों उड़ाने वाला गिरफ्तार

Posted: 16 Apr 2022 07:14 AM PDT


ग्राहक सेवा केंद्र की आड़ में अब तक 20 लाख रुपये उड़ाए थे 

साइबर थाना पुलिस ने मेहनाजपुर से पकड़ा, लैपटाप,क्लोन फिंगर प्रिन्ट व उपकरण बरामद

आजमगढ़ : ग्राहक सेवा केंद्र की आड़ में लोगों का बायोमैट्रिक क्लानिंग के जरिए बैंक के खाते से रुपये उड़ाने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को साइबर थाने की पुलिस ने मेहनाजपुर तिराहा के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से बने हुए क्लोन फिंगर प्रिन्ट एंव फिंगर प्रिन्ट बनाने के उपकरण आदि बरामद किये हैं। पकड़े गए उक्त अपराधी ने अब तक 165 लोगों का फिंगर प्रिंट तैयार कर उनके खाते से लगभग 20 लाख रुपये उड़ा लेने का जुर्म स्वीकार किया है।
मेहनाजपुर निवासी मोहम्मद गफ्फार खांन साइबर थाना आजमगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराए थे कि उनके बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक के खाते से किसी अज्ञात अपराधी ने आधार कार्ड के माध्यम से फर्जी अंगूठा लगाकर दो लाख रुपये निकाल लिया है। साइबर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल सिंह, सब इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह, आरक्षी मनीष कुमार ने साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ के एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह की मदद से शातिर साइबर अपराधी अहागीर शेख उर्फ़ आदिल पुत्र अली अब्बास को मेहनाजपुर तिराहा के समीप से बाइक से आते समय गिरफ्तार कर लिया। उक्त अपराधी ग्राम शिहुका अबीरपुर थाना मेहनाजपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक लैपटाप, पालीमर कैमिकल (फिंगर प्रिंट तैयार करने हेतु), बायोमेट्रिक स्कैनर, बने हुए फिंगर क्लोन 209 अदद, फिंगर प्रिंट पैड, बटर पेपर, कांच प्लेट पॉलीमर, दो मोबाइल फ़ोन, आधार व पैन कार्ड बरामद किया।
पूछताछ के दौरान बताया अपराध करने का तरीका
गिरफ्तार साइबर अपराधी अहागीर शेख उर्फ़ आदिल ने बताया कि एक साल पहले ग्राहक सेवा केंद्र चलाता था। एक दिन उसके ग्राहक सेवा केंद्र पर राबर्ट्सगंज का रहने वाला अजीत सिंह आया, जो उसे फिंगर क्लोनिंग करना सिखाया । उसके बाद वह ग्राहक सेवा केंद्र पर आये हुए लोगों से उनके अंगूठे का निशान, आधार कार्ड एवं अन्य डिटेल ले लेते है। फिर उसी अंगूठे की निशान को बटर पेपर पर स्कैन कर लेते है। उसके बाद बटर पेपर को रबर पर रखकर थंब इम्प्रेशन मशीन के माध्यम से इम्प्रेश करते है। जिससे उस अंगूठे का निशान रबर या पॉलीमर पर आ जाता है और उस व्यक्ति के अंगूठे का क्लोन फिंगर प्रिंट तैयार हो जाता है। उसके बाद फर्जी AEPS बैंकिंग आईडी से क्लोन फिंगर प्रिंट के माध्यम से आधार कार्ड से लिंक बैंक खातों से रुपये निकाल लेते हैं। इस तरह वह कई लोगो का फिंगरप्रिंट का क्लोन बनाकर बैंकिंग धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ कमाता हैं । उसके द्वारा अब तक 165 लोगों के साथ फ्रॉड कर करीब 15 से 20 लाख रूपये निकाले गये है।

आज़मगढ़: अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ब्लाकवार लगेगा स्वास्थ्य मेला

Posted: 16 Apr 2022 06:58 AM PDT


तिथिवार ब्लाकों का हुआ निर्धारण, जाने किस दिन कहाँ....

आजमगढ़: आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जिले के सभी विकास खंडों में 18 अप्रैल से विशेष स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। 23 अप्रैल तक चलने वाले इन मेलों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियां होंगी। विभिन्न विभाग जानकारी परक सूचनाएं वाले स्टाल भी लगाएंगे। शासन से निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुट गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आइएन तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य मेला के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की ओर से चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। मेले में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिद की जांच, आंख, कान, नाक एवं गले की जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दंत जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया और आंखों की जांच की व्यवस्था होगी। इसके अलावा धूमपान और तंबाकू के सेवन से बुरे प्रभाव की जांच, कैंसर नियंत्रण जागरूकता समेत अन्य विभागों के इलाज संबंधी सेवाएं दी जाएगी। बकौल सीएमओ सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने और लोगों को उससे लाभान्वित करने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एवं मातृ शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की रोकथाम आदि की भी जानकारी दी जाएगी ।
तिथिवार ब्लाकों का हुआ निर्धारण
18 अप्रैल को मिर्जापुर, अजमतगढ़, हरैया, 19 को तहबरपुर, अतरौलिया, मार्टीनगंज, पवई, 20 को रानी की सराय, लालगंज, तरवां, महाराजगंज, 21 को पल्हनी, जहानागंज, कोइलसा, बिलरियागंज, 22 को ठेकमा, मेंहनगर, साठियांव तथा 23 अप्रैल को मोहम्मदपुर, अहिरौला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेला का आयोजन होगा। मेले में स्वास्थ्य विभाग, सहायक आयुक्त खाद्य, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, आयुष, शिक्षा, सूचना एवं प्रसार, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण एवं शहरी विकास विभाग, विकलांग विभाग, आयुष्मान भारत के स्टाल भी लगाए जाएंगे।

आज़मगढ़: मां की दवा लेने गई बेटी की ट्रक के धक्के से मौत

Posted: 16 Apr 2022 06:47 AM PDT



मेंहनगर के सिंहपुर बाजार में ट्रक के धक्के से हुई साइकिल सवार बालिका की मौत

आजमगढ़: मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। भीड़ को देख ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। हादसे के समय बालिका बाजार से मां के लिए दवा लेकर साइकिल से लौट रही थी। सिंहपुर गांव की अंजनी (11) पुत्री स्व. रविद्र राम कक्षा छह की छात्रा थी। उसकी मां विमला देवी को काफी बुखार था। मां को बीमार देख बेटी दवा लेने के लिए साइकिल से बाजार गई थी। वहां से दवा लेकर लौटते समय बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई, जिससे वह गिरकर घायल हो गई। पुलिस आनन-फानन घायल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर ले गई, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मौका पाते ही ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। अंजनी की मौत की खबर सुनते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका एक भाई और दो बहन में सबसे छोटी थी। पिता की तीन साल पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।

आज़मगढ़: धर्म पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोपित गिरफ्तार

Posted: 16 Apr 2022 06:37 AM PDT


सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने पर रानी की सराय पुलिस ने पकड़ा

आज़मगढ़ : रानी की सराय पुलिस ने शनिवार को सोनवारा मोड़ के पास से देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। 15 अप्रैल को एक युवक ने इंटरनेट मीडिया पर सनातन धर्म व देवी देवताओं के खिलाफ अपमान जनक टिप्पणी एक युवक ने कर दिया था। शिकायत पर दारोगा अभिषेक सिंह ने जांच की तो आरोपित कमलेश कुमार निवासी घाटीपट्टी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सका। उपनिरीक्षक फूलचंद यादव ने सोनवारा मोड़ से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इंटरनेट मीडिया पोस्ट पर वायरल हुआ तो सर्विलांस के जरिए आरोपित के बारे में पता चला।

आज़मगढ़: जिले से जल्द लखनऊ के लिए उड़ान शुरू हो जाएगी

Posted: 15 Apr 2022 08:51 AM PDT


उड्डयन विभाग अधिकारियों ने मंदुरी हवाईअड्डे का दौरा किया

आज़मगढ़: रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत जिले में पहले से स्थापित मंदुरी हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रुप में तब्दील करने का कार्य नवंबर 2018 में शुरू हुआ था। यह कार्य मार्च 2020 में ही पूरा हो जाना था लेकिन कोरोना के चलते निर्माण कार्य दो साल लेट हो गया। अब एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शुक्रवार को उड्डयन विभाग की टीम मंदुरी हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंची और सारी तैयारियों का जायजा लिया। एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्रा ने टीम को हवाई अड्डे के निर्माण कार्यो की पूरी जानकारी दिया। इस हवाई अड्डे से जल्द लखनऊ की उड़ान अब शुरू हो सकती है। इसके बाद अन्य जगहों के लिए उड़ान शुरू की जाएगी। वाराणसी से आयी उड्डयन विभाग की टीम ने एयरपोर्ट के सभी बारिकियों को जांचा और टीम भी यहां की तैयारियों से पूरी तरह से संतुष्ट भी नजर आयी। एडीएम प्रशासन अनिल मिश्रा ने बताया कि उड्डयन विभाग की टीम मंदुरी हवाईअड्डे के निर्माण कार्यो से पूरी तरह से संतुष्ट थी थोड़ी बहुत कमियां मिली है, जिसे एक सप्ताह के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद एमओयू पर हस्ताक्षर होगा, ताकि जल्द से जल्द यहां से उड़ान की शुरूआत की जा सके।

आज़मगढ़: मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में बेरोजगार युवाओं को है सुनहरा मौका

Posted: 15 Apr 2022 08:31 AM PDT


कम ब्याज पर स्वरोजगार करने को 25 लाख तक ऋण मिलेगा, 25 प्रतिशत अनुदान भी

आजमगढ़: कम पढ़े लिखे 18 से 40 वर्ष आयुवर्ग के बेरोजगारों के लिए सुनहरा अवसर है। सरकार उक्त आयुवर्ग के हाई स्कूल व उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण बेरोजगार को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये तक ऋण दे रही है। ऋण पर 25 प्रतिशत अनुदान भी है। कोई भी बेरोजगार युवा इस योजना का लाभ उठाकर बेरोजगारी दूर कर सकता है। सहायक आयुक्त उद्योग साहब सरन रावत ने कहा कि सीएम युवा स्वरोजगार योजना लागू की गयी है, जिसके अंतर्गत जिले के शिक्षित युवा बेरोजगारो को उद्योग क्षेत्र में 25 लाख तक की परियोजना एवं सेवा क्षेत्र में 10 लाख तक की परियोजना लागत की इकाइयों को ऋण प्रदान किया जायेगा। इसमें परियोजना लागत का 25 प्रतिशत मार्जिन मनी उपलब्ध होगी। जो उद्यम के दो वर्ष तक सफल संचालन के उपरान्त अनुदान में परिवर्तित हो जायेगी। उन्होने बताया कि सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का दस प्रतिशत एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं विकलांगजनों को पांच प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा। उक्त योजना में आवेदन की आयु 18 से 40 वर्ष, निम्नतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण निर्धारित है। आवेदक किसी भी राष्ट्रीयकृत बैक/वित्तीय संस्था/ सरकारी संस्था आदि का डिफाल्टर नहीं होना चाहिए। आवेदक द्वारा पूर्व में संचालित प्रधानमंत्री योजना, वर्तमान में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्त्रम, मुख्यमंत्री रोजगार योजना आथवा राज्य सरकार द्वारा संचालित किसी अन्य स्वरोजगार योजनान्तर्गत लाभ न प्राप्त किया हो योजना हेतु प्रात्र होगा। पूर्व मेें योजना का लाभ ले चुके अथवा किसी वित्तीय संस्थान का डिफाल्टर योजना के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।

आज़मगढ़: 100 से अधिक बदमाशों पर चला गैंगस्टर एक्ट का हथौड़ा

Posted: 15 Apr 2022 07:12 AM PDT

एसपी अनुराग आर्य

सबसे अधिक शराब व नकल माफिया,पशु तस्करों पर कार्रवाई, 83 सलाखों के पीछे पंहुचे

घर पर पंहुचा बुलडोजर तो भाग कर थाने पहुंचा गैंगस्टर

आजमगढ़: एसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में पुलिस विभाग लगातार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई कर रहा है। जिससे अपराधियों के हौंसले भी पस्त नजर आ रहे हैं। इन दिनों पुलिस के निशाने पर शातिर बदमाश, तस्कर व माफिया हैं। पुलिस की मुठभेड़ में अभी तक 21 बदमाशों के पैर लड़खड़ाए हैं पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी है। बदमाश, माफिया व तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी बड़े पैमाने में हुई है। जनवरी से अब तक जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 21 अभियोग पंजीकृत किए गए तो 101 पर कार्रवाई की गई है। इनमें से 83 आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बदमाश बैकफुट पर नजर आ रहे हैं।
सबसे अधिक शराब माफिया पर कार्रवाई
माहुल बाजार में अपमिश्रित शराब पीने से लोगों की मौत के बाद पुलिस के निशाने पर शराब माफिया रहे। पुलिस ने सात मुकदमों में 34 आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जिसमें 26 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पशु तस्करों के खिलाफ भी पुलिस का कड़ा रुख रहा। नौ मुकदमों में 24 के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हुई है। जिसमें 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। यूपी टेट परीक्षा के पेपर आउट करने के प्रयास में नकल माफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनके खिलाफ दर्ज एक मुकदमें में 22 लोग आरोपित थे। इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा चोरी के चार, मारपीट 12 व गांजा तस्कर के पांच आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।
घर पर पंहुचा बुलडोजर तो थाने पहुंचा गैंगस्टर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर का खौफ अपराधियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। 11 अप्रैल को बरदह थाना क्षेत्र के फतुही गांव में शराब तस्करी एवं गैंगस्टर के फरार चले रहे आरोपित राधेश्याम यादव के घर बुलडोजर पहुंचते ही वह थाने पहुंच गया। खुद एसओ को फोन कर कहा कि मैं थाने में अपने आप को पुलिस के हवाले कर रहा हूं। मेरा घर न गिराया जाए। एसपी अनुराग आर्य का कहना है कि बदमाश, माफिया व तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा रही है। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बनाई गई है। अधिकांश को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार गैंगस्टर के आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आज़मगढ़: असम की हाकी टीम में मान बढ़ा रहे जिले के दो युवा खिलाड़ी

Posted: 15 Apr 2022 06:53 AM PDT

अंगद मौर्य और शिवानन्द मौर्य

12 वीं सीनियर नेशनल हाकी चैंपियनशिप में जलवा दिखा रहे जिले की माटी के दो लाल

आजमगढ़ : जनपद की खेल नर्सरी में तैयार हुए दो युवा असम की हाकी टीम का मान बढ़ा रहे हैं। मिड फिल्डर खिलाड़ी के रूप में दोनों की चीते जैसी तेजी से असम दूसरे मैच में शानदार जीत दर्ज कर पाई है। असम ने गोवा की टीम को 6-0 से हराकर 12 वीं सीनियर नेशनल हाकी चैंपियनशिप में शुरुआती सफर को मजबूत कर डाला है। जिले के बेडुआ गांव निवासी शिवानंद मौर्य व दुधनारा गांव के अंगद मौर्य ने जनपद के सुखदेव पहलवान स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में हाकी का ककहरा सीखा। शिवानंद के पिता शमशेर मौर्य तो इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उन्होंने बेटे की खेल के प्रति रुचि को बचपन में ही भांप लिया था। उन्होंने स्टेडियम से जुड़े अपने दोस्त शेषनाथ से शिवानंद के हुनर को बताया तो करियर की राह खेल के रास्ते भी होकर गुजरने की जानकारी हुई। फिर क्या शिवानंद को स्टेडियम में सुबह-शाम खेलने की छूट मिली तो उन्होंने हाकी को पसंद किया। शिवानंद अपने दोस्त अंगद मौर्य पुत्र शिवचंद मौर्य को भी स्टेडियम ले आए। शिवचंद ने भी स्टेडियम जाने के लिए बेटे का हौसला बढ़ाया। ऐसे में रुचि तो खेल के प्रति दोनों किशोरों में थी ही, फिर राह के सारे रोड़े उनकी परिश्रम के सामने हारते गए। शिवानंद बाद में लखनऊ स्पोर्ट्स कालेज में दाखिला लिया तो अंगद को रामपुर में स्पो‌र्ट्स हास्टल मिल गया। पसीना बहाते गए तो असम राज्य की ओर से खेलने का मौका मिल गया। शिवानंद और अंगद ने बताया कि सात अप्रैल से 12 वीं सीनियर नेशनल हाकी चैंपियनशिप शुरू है। मैं और अंगद 16 खिलाड़ियों की टीम में मिड फिल्डर हैं। दोनों ही लोगों ने बेहतर प्रदर्शन कर टीम को 6-0 से जीत दिलाने में मदद की है। कहा कि लक्ष्य देश के लिए खेलने का है। शिवानंद के फौजी भाई सियाराम मौर्य भी हाकी के खिलाड़ी हैं।

आज़मगढ़: जल्दी ही आसान होगी लखनऊ की राह, दौड़ेंगी 40 नई रोडवेज़ बसें

Posted: 15 Apr 2022 03:46 AM PDT


पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर होगा परिचालन, तीन घंटे में पूरा होगा सफर

08 एसी 'जनरथ' तो 32 सामान्य बसें मिलेंगी- बलिया, मऊ के लोगों को भी होगा लाभ

आजमगढ़ : रोडवेज यात्रियों की राजधानी लखनऊ तक की राह आसान होने जा रही है। आजमगढ़ परिक्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मार्गों से 40 नई बसें लखनऊ के लिए रफ्तार भरेंगी। इसका लाभ आजमगढ़ के अलावा बलिया, मऊ के यात्रियों को भी मिलेगा। ये बसें पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अभी तक लखनऊ पहुंचने के 07 घंटे की राह को तीन घंटे में पूरी करेंगी। बसों के बेड़े में नई बसों के शामिल होने से लखनऊ के अलावा दिल्ली व कानुपर की राह भी आसान हो सकेगी। ट्रैफिक के दबाव संबंधी आंकड़े दर्शाते हुए आजमगढ़ रोडवेज परिक्षेत्र प्रशासन ने बसों की डिमांड भेजी है, जिसके जल्द जमीन पर उतरने की संभावना है।
इन नए मार्गों पर होगा संचालन -
नई बसें पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते बसें रफ्तार भरेंगी। इन प्रस्ताव में नए मार्गों का चयन करते हुए परिचालन योजना को प्रस्तावित किया गया है। इसमें आजमगढ़-लखनऊ-दिल्ली के लिए चार जनरथ, मखनहा-आजमगढ़-लखनऊ-कानपुर के लिए 12, मैरीटार-बलिया-आजमगढ़-दिल्ली के लिए छह, मोर्चा- सूरजपुर-बिल्थरारोड- लखनऊ-कानपुर - दो, गनवारा- आजमगढ़- शाहगंज- लखनऊ-कानपुर दो व मादी-मऊ-आजमगढ़-दिल्ली के लिए छह बसें दौड़ाने का रोडमैप तैयार है।
इन मार्गों पर दौड़ेंगी आठ बसें -
आजमगढ़ क्षेत्रीय परिवहन निगम के वर्तमान में संचालित मार्गों पर भी आठ नई बसें दौड़ाने की तैयारी है। इसमें दोहरीघाट-आजमगढ़-लखनऊ पर छह व आजमगढ़-लखनऊ-कानपुर मार्ग पर दो बसें चलाई जाएंगी।
गरीबों की भी पूरी होगी आस
प्रधानमंत्री पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जनता को बहुत पहले ही समर्पित कर चुके हैं। लेकिन अभी तक इसका लाभ सामर्थ्यवान या निजी वाहन वाले लोग ही ज्यादा उठा पा रहे थे। रोडवेज बसों को परिचालन तकनीकि कारणों से नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब बेड़े में बसें भी होंगी और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर परिचालन शुरू करने की कवायद भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में गरीबों के लिए भी लखनऊ की दूरी कम हो जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक आज़मगढ़ वी के सिंह ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कुछ नए व पुराने रूटों से संचालन के लिए नई बसों की डिमांड की गई है। डिमांड का बाकायदा हमने ट्रैफिक को आधार बताया है। निश्चित रूप से निगम की आय भी बढ़ेगी। यात्रियों के लिए सफर करना आसान हो जाएगा।'

आज़मगढ़: मंडल में वर्षों से जमे 43 दारोगा और नौ इंस्पेक्टरों का तबादला

Posted: 15 Apr 2022 02:05 AM PDT


डीआइजी अखिलेश कुमार ने जारी किया स्थानांतरण आदेश

जिले में सब इंस्पेक्टर छह तो इंस्पेक्टर का पांच वर्ष का होता है कार्यकाल

आजमगढ़ : मंडल के तीनों जिलों में वर्षों से जमे 43 दारोगा और नौ इंस्पेक्टरों काे डीआइजी अखिलेश कुमार ने हटा दिया है। तबादले की जद में आजमगढ़ के 22, मऊ के 13 और बलिया के 17 पुलिस कर्मी आए हैं। इनमें चार का तबादला अनुकंपा के आधार पर हुआ है।
पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए इंस्पेक्टर की एक जिले में अधिकतम तैनाती पांच वर्ष तो दारोगाओं के लिए यह अवधि छह वर्ष की होती है। डीआइजी मुख्यालय से जारी तबादला सूची मुताबिक आजमगढ़ में तैनात दारोगा आशीष कुमार, भरत यादव, अशोक कुमार सिंह, मनीष उपाध्याय, अंजनी सिंह, बृजेश सिंह, मिथिलेश कुमार तिवारी, श्रीकृष्ण, छुन्ना सिंह, बांक बहादुर सिंह, उदयराज यादव, चंद्रशेखर, ज्ञानचंद्र शुक्ल, कमला शंकर गिरी बलिया जिला भेजा गया है। इसके अलावा मऊ जिले से दारोगा अजय त्रिपाठी, अशोक शुक्ला, महेंद्र प्रसाद चौबे बलिया जिला तो मऊ से ही बेचू प्रसाद, बेचू प्रसाद, सच्चिदानंद यादव, उमाकांत शुक्ला, सुरेश सिंह, विनय कुमार सिंह, शिवसागर, रवींद्र नारायण सिंह को आजमगढ़ जिला भेजा गया है। इसके अलावा बलिया जिले से दवेंद्र नाथ दूबे, चंद्रशेखर सिंह, धर्मेंद्र राय, रविंद्र पांडेय, राजनारायण सिंह, जगदीश सिंह, शिवकुमार पांडेय, पंचम यादव, संतोष सिंह, राजेश कुमार पाठक, महेंद्र प्रताप सिंह, अशोक पांडेय को आजमगढ़ तथा बलिया जिले से ही सुरेश चंद्र द्विवेदी, अनिल तिवारी, रामअवध राम को मऊ भेजा गया है। इसी तरह आजमगढ़ से इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार को मऊ, बिंद कुमार, सियाराम यादव को बलिया तो मऊ जिले से पारसनाथ सिंह को बलिया, अानंद सिंह को आजमगढ़, इसी क्रम में बलिया से नंद कुमार तिवारी व शिवशंकर सिंह को आजमगढ़, अनिल सिंह को मऊ से आजमगढ़ व शत्रुग्ध्न कुमार को आजमगढ़ से बलिया भेजा गया है।

Post Bottom Ad

Pages