| आजमगढ़: प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण पर चला एडीए का बुलडोजर Posted: 25 Apr 2022 08:28 AM PDT
एडीए ने हरितपट्टी क्षेत्र में बने विद्यालय के भी ध्वस्तीकरण का दिया आदेश
आजमगढ़: सिधारी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित क्षेत्र मेें हुए अवैध निर्माण को एडीए(आजमगढ़ विकास प्राधिकरण) ने सोमवार को जेसीबी से गिरवा दिया। एडीए सचिव ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और आजमगढ़ महायोजना 1985-2011 के निर्धारित वनीकरण क्षेत्र में अनीस खान ने निर्माण कराया था, जो उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि विपक्षी को नोटिस जारी कर सुनवाई का पूरा मौका दिया गया था। इसके साथ ही शहर से सटे हाफिजपुर ग्रामसभा में कृषि हरितपट्टी क्षेत्र में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए विद्यालय निर्माण कराए जाने की शिकायत विकास प्राधिकरण में की गई थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए शिकायत की स्थलीय जांच एडीए के सहायक अभियंता द्वारा की गई। आरोप सत्य पाए जाने पर इस मामले की सुनवाई करते हुए एडीए सचिव ने निजी विद्यालय की संचालिका मुन्नी देवी को दोषी करार देते हुए विद्यालय भवन को ध्वस्त कराने का आदेश जारी किया है। सचिव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 30 दिन के अंदर उक्त अनधिकृत निर्माण को स्वयं ध्वस्त कराएं अन्यथा एडीए द्वारा की गई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के समस्त व्यय की वसूली शैक्षिक संस्था से की जाएगी। |
| आजमगढ़: वाहनों के कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान Posted: 25 Apr 2022 07:59 AM PDT
दीदारगंज थाना क्षेत्र के मार्टीनगंज बाजार के मध्य स्थित दुकान में हुई घटना
कर्मचारी व मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाईआजमगढ़: जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मार्टीनगंज बाजार के मध्य स्थित वाहनों के कबाड़ की दुकान में सोमवार की दोपहर में लगी भयंकर आग ने जमकर तबाही मचाई। इसमें रखा कई लाख का सामान राख हो गया। कर्मचारी व लगभग दो दर्जन मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान मचाई। दमकल की तीन गाड़ियों के घंटों मशक्कत के बाद आग को काबू में किया गया। एसडीएम व तहसीलदार भी मौके पर डटे रहे। बीडी गुप्ता की मार्टीनगंज बाजार से सटी हुई कबाड़ की बड़ी दुकान है। यह पुराने वाहनों के साथ ही बड़े पैमाने पर जले मोबिल की भी खरीदारी करते हैं। वाहनों को काटकर उसका पार्ट अलग-अलग बेचते हैं। सोमवार की दोपहर में एक वाहन को मजदूर कटर से काट रहे थे। इसी बीच निकली चिगारी ने वहां रखे मोबिल को पकड़ लिया। देखते ही देखते आग पूरे दुकान में फैल गई। कर्मचारी व मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। आसमान में काले धुएं के गुबार छा जाने से बाजार के लोगों की परेशानी बढ़ गई। अगल-बगल के लोग टुल्लू पंप आदि से आग को काबू करने में जुट गए। सूचना पाते ही दमकल की तीन गाड़ियां थोड़ी विलंब से पहुंचीं जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों के सहयोग से आग को काबू करने में फायर ब्रिगेड के जवान लग गए। एसडीएम अनिल चतुर्वेदी, तहसीलदार हेमंत कुमार व चौकी प्रभारी मनीष उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए थे। तीन घंटे के बाद किसी तरह आग को नियंत्रित किया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि कबाड़ के दुकानदार के पास लाइसेंस था। घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित ने बताया कि कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। |
| आजमगढ़: नगर में होगी अपनी दुकान, बिना ब्याज 78 हजार ऋण, 10 हजार अनुदान Posted: 25 Apr 2022 06:40 AM PDT अनुसूचित जाति के बीपीएल श्रेणी के लिए योजना, ऐसे करें आवेदन
आजमगढ़ : अनुसूचित जाति के बीपीएल श्रेणी के परिवारों के लिए नगरीय क्षेत्र दुकान निर्माण योजना संजीवनी साबित होगी। ऐसे परिवार के पास यदि व्यवसायिक स्थल पर भूमि उपलब्ध है, तो उन्हें स्वयं के दुकान निर्माण के लिए दो किस्तों में 78 हजार रुपये सरकार देगी। यह धनराशि लाभार्थी के खाते में सीधे भेजी जाएगी। सरकार 10 हजार रुपये अनुदान देगी, साथ ही 68 हजार रुपये बिना ब्याज का ऋण होता है, जिसे 120 समान मासिक किस्तों में जमा करनी होगी। योजनाओं के लाभ के लिए 10 मई तक आवेदन कर सकते हैं।जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास)विनोद कुमार सिंह ने बताया कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के पात्र अनुसूचित जाति के व्यक्ति अपने विकास खंड में वीडीओ, एडीओ समाज कल्याण या बीडीओ और नगरीय क्षेत्र के पात्र व्यक्ति जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास)/जिला प्रबंधक उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेट कार्यालय राहुल नगर मड़या में किसी कार्यालय स्टाफ से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मोबाइल नंबर 9450256614, 6307237951 व 8543836062 पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। |
| आजमगढ़: पुलिस लाइन की बाउंड्री के पास से हटाया गया अतिक्रमण,मचा हड़कंप Posted: 25 Apr 2022 05:57 AM PDT पुलिस ने लाउडस्पीकर से दी चेतावनी, हटा लें सामान नहीं तो जप्त कर मुकदमा होगा
आजमगढ़: शहर की सड़कों की फुटपाथ पर पटरी दुकानदारों के साथ ही वाहनों के कब्जे के चलते पैदल चलने वाले राहगीरों का आना-जाना दुभर हो जाता है। जाम के चलते जहां हादसे की संभावना बनी रहती है वहीं कभी कभार विवाद की भी स्थिति हो जाती है। इसको लेकर कई बार तमाम सवाल खड़े हो चुके हैं। सड़क सुरक्षा/ यातायात सप्ताह के दौरान चलाये जा रहे अभियान में सड़कों पर चलने वाले लोगों को तथा वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। अब फुटपाथ खाली कराने को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को दिन में पुलिस लाइन के आसपास तमाम गुमटी लगा, पटरी पर दुकान सजा कर बैठे लोगों को शहर कोतवाली पुलिस ने लाउडस्पीकर से हिदायत देते हुए फरमान सुनाया कि शहर कोतवाली के आसपास के तमाम दुकानें सड़कों पर फुटपाथ पर लगाए हैं वे उसे जल्द से जल्द हटा लें, अन्यथा की स्थिति में पटरी और फुटपाथों पर लगी दुकानों के सामानों को जप्त कर लिया जायेगा। साथ ही मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। पुलिस की चेतावनी के बाद पटरी दुकानदारों में हड़कंप मच गया। लोग अपने अपने दुकानों को उठाकर ले जाने की जुगत में लगे हुए थे। |
| आजमगढ़: कार्य में शिथिलता पर एसओ मेहनाजपुर लाइन हाजिर Posted: 25 Apr 2022 05:50 AM PDT चोरी की घटनाओं पर अंकुश न लगा पाने के साथ निरोधात्मक कार्यवाही में मिली सुस्ती
आजमगढ़ : क्षेत्र में चोरी की घटना पर अंकुश न लगा पाने के साथ निरोधात्मक कार्रवाई में सुस्ती पर थाना प्रभारी मेहनाजपुर सुरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि थाना क्षेत्र में वाहन चोरी एवं अन्य चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रभारी द्वारा गुंडा एक्ट, मोटर व्हेकल एक्ट व अन्य निरोधात्मक कार्रवाई की संख्या पिछले वर्षों के सापेक्ष कम रही है। इससे प्रतीत होता है कि प्रभावी नियंत्रण में रुचि नहीं ली जा रही थी। इसलिए थाना प्रभारी मेहनाजपुर को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया। |
| आजमगढ़: अघोषित विद्युत कटौती से मचा हाहाकार, सड़क पर उतरी जनता Posted: 25 Apr 2022 04:01 AM PDT फूलपुर तहसील के अंबारी के आसपास क्षेत्रों में खराब विद्युत आपूर्ति को लेकर उपजा आक्रोश
आजमगढ़: फूलपुर तहसील के अंबारी के आसपास क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सही ढंग से ना होने को लेकर नाराज लोगों ने सोमवार को अंबारी बाजार में प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र विद्युत आपूर्ति सही नहीं की गई, तो मंगलवार को माहुल-अहरौला रोड को जाम किया जाएगा। इस दौरान लोगों ने जमकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार यादव एवं शफीक अहमद के नेतृत्व में बाजार वासियों ने विरोध प्रदर्शन अंबारी बाजार के शाहगंज रोड स्थित ट्रांसफार्मर के पास किया। बाजारवासियों का आरोप है कि फूलपुर विद्युत उपकेंद्र द्वारा अंबारी फीडर की आपूर्ति एक हफ्ते से अन्यत्र की जा रही है। अंबारी के आसपास बाजारों एवं दर्जनों गांवों में मात्र तीन से चार घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लोग भीषण गर्मी में बिलबिला रहे हैं और विभाग बेखबर बना हुआ है। इस अवसर पर सत्येंद्र कुमार यादव, लालमन बिन्द , कमलेश यादव , अवधेश जायसवाल , संजय जायसवाल, उदयभान यादव, जयप्रकाश, गुडू अग्रहरि, सुनील आदि रहे। |
| आजमगढ़: ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत,मचा कोहराम Posted: 25 Apr 2022 03:53 AM PDT टेंपो से उतरकर सड़क पार करने के दौरान बेकाबू वाहन ने रौंदा
आजमगढ़: बेटा मां को लेकर अपने ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था कि रास्ते में हादसा हो गया और दोनो की मौत हो गई। टेंपो से उतरकर सड़क पार करने के दौरान बेकाबू वाहन रौंदते हुए भाग निकला। जब तक लोग पास पहुंचकर अस्पताल भेजने की तैयारी करते तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया था। इस मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करते हुए विधिक कार्रवाई में जुट गई है। जिले के बरदह थाना अंतर्गत गोरखपुर- प्रयागराज हाई-वे पर ग्राम राजेपुर में पासिका गेट के सामने सोमवार सुबह छह बजे ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे की भनक लगते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। इलाकाई पुलिस घटनास्थल पर पहुंच विधिक करवाई में जुट गई थी।आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम मिर्जा जगदीशपुर निवासी मनीष यादव (22) पुत्र तिलकधारी व तिलकधारी की पत्नी आशा (50) वर्ष आटो रिक्शा से तड़के ही कहीं जा रहे थे। टेंपो के पासिका मोड़ पर पहुंचने पर मां- बेटा उतरकर सड़क पार कर रहे थे कि तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। कुछ माह पूर्व तिलकधारी की मौत होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत दयनीय हो गई थी। तीन भाइयों में सबसे छोटा मनीष स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। मां बेटे की मौत से पूरे गांव के लोग परेशान हो उठे। गांव में कोहराम मच गया तो स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। किसी ने घटना की जानकारी थाने पर दी, तो पुलिस मौके जा पहुंची। हालांकि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। गांव के लोगो का कहना था कि मनीष अपनी मां को लेकर ननिहाल उनके स्वजन से मिलवाने ले जा रहा था, लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। |