आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, May 14, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


*आजमगढ़ लाइव*

Posted: 14 May 2022 08:01 AM PDT

 


आजमगढ़: सहयोग मिला तो भावुक हो उठी बिटिया की शादी में जुटी मां

Posted: 14 May 2022 07:27 AM PDT



प्रयास सामाजिक संगठन एवं भारत विकास परिषद इलीट शाखा ने बिटिया की शादी को मदद दी

आजमगढ़: वंचितों असहायों के सहायतार्थ हेतु निस्वार्थ भाव से सेवा कर रही प्रयास सामाजिक संगठन एवं भारत विकास परिषद की इलीट शाखा ने एक आर्थिक रूप से कमजोर बिटिया की शादी में आ रही अड़चनों को दूरकर मानवता का संदेश दिया। शहर से सटे मोहम्मदल्ला स्थित एक परिषदीय विद्यालय में बतौर रसोईयां सेवारत मिथिलेश बारी ने बिटिया की शादी तय की थी। उन्हें इस महंगाई के दौर में शादी की तैयारियों में आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस बात की जानकारी जैसे ही सामाजिक संगठन प्रयास को हुई तो संगठन आगे आया। शनिवार को मोहम्मदल्ला निवासिनी बिटियां की मां को सहयोग स्वरूप सिंगारदान, साड़ी, आलू, चावल, गिलास, मसाला, मिष्ठान आदि का सहयोग दिया। जनसहयोगी की कड़ी में भारत विकास परिषद इलीट शाखा की पदाधिकारियों द्वारा बिटिया के लिए लहंगा चुन्नी, साड़ी, कपड़ा, तथा अनेक प्रकार के सौन्दर्य से जुड़े सामान को भेंट दिया। वहीं मोहम्मदल्ला विद्यालय परिवार की प्रतिमा राय, माला, संदीप यादव समेत समस्त स्टाफ द्वारा उसे सोने चांदी के आभूषण भी प्रदान किए गए। स्टाफ द्वारा सोने का लॉकेट, कान का झुमका, बिछिया, अंगूठी सहित आर्थिक सहायता प्रदान किया गया। इस अपार सहयोग को पाकर बिटिया की मां भावुक होकर शिक्षिका प्रतिमा राय, माला, संदीप, रणजीत सिंह व समस्त संगठनों का आभार प्रकट करते नहीं थकी रही थी।
इस अवसर पर डॉ वीरेंद्र पाठक, सुनील यादव, अखिलेश कनौजिया, शिव प्रसाद पाठक, शंभू दयाल सोनकर, रामा मौर्या सहित भारत विकास परिषद इलीट शाखा की सचिव शिखा अग्रवाल, लतिका अग्रवाल,मोनिका, रेनू, योगिता, सीमा, सुमन, सौम्या आदि लोग उपस्थित रहीं।

आजमगढ़: सीसीटीवी की निगरानी में शुरू हुई मदरसा बोर्ड की परीक्षा

Posted: 14 May 2022 06:32 AM PDT


जिले में 17 परीक्षा केन्द्रों में 06 इंटर कालेज व 11 मदरसे हैं

आजमगढ़: मदरसा शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी की सीनियर सेकेंडरी, कामिल व फाजिल की परीक्षा शनिवार को कड़ी व्यवस्था के बीच शुरू हुई । नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए बोर्ड की तरफ से कुल 17 परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। शनिवार को पहले दिन प्रथम पाली की सेकेंडरी हाईस्कूल की मुन्सी मौलवी की दीनियात विषय की परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने से पहले सघन तलाशी ली गई। जिले में 17 परीक्षा केन्द्रों में छह इंटर कालेज व 11 मदरसों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह आठ बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो से पांच बजे तक परीक्षा हो रहीं हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक तथा सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाएं गए हैं। परीक्षा में सात सेक्टर मजिस्ट्रेट व पांच सचल दल बनाए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने बताया कि बोर्ड की तरफ से सेकेण्डरी, सीनियर सेकेण्डरी, कामिल व फाजिल की परीक्षा पारदर्शी व नकलविहीन कराने के लिए सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा सम्पन्न कराई जा रही। नकल रोकने के लिए गठित टीम लगातार केन्द्रों का भ्रमण कर रही है।

आजमगढ़: लाइन मरम्मत को लेकर दो पक्षों में विवाद, तीन घायल

Posted: 14 May 2022 06:14 AM PDT



अतरौलिया नगर के दुर्गा मंदिर के समीप लाइन मरम्मत को लेकर हुआ विवाद

पुलिस ने दो नामजद तथा छह अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया

आजमगढ़: अतरौलिया नगर के दुर्गा मंदिर के समीप लाइन मरम्मत को लेकर शुक्रवार की रात आठ बजे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। दो पक्षों के बीच का मामला होने के कारण सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ ने भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
मंदिर के समीप किसी की लाइन खराब हो गई थी। सूचना पर पहुंचा लाइनमैन खंभे पर चढ़कर उसे ठीक कर रहा था कि दूसरे पक्ष के लोग आए और लाइनमैन से पहले अपनी लाइन बनाने का दबाव बनाने लगे। लाइनमैन ने उनकी बातों को अनसुना किया, तो उसे भला- बुरा कहने लगे। यह देख पास ही खड़े रिंकू मोदनवाल तथा उनके एक अन्य साथी ने यह कहते हुए विरोध किया कि एक की लाइन बना लेने दीजिए, उसके बाद जो कहना हो कहिए। यह सुनकर दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए और रिंकू मोदनवाल से मारपीट कर लाठी-डंडा लेकर उपद्रव करने लगे। यह देख आसपास की दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं और लोग अपने घरों में दुबक गए। बीचबचाव करने अन्य लोग आए तो उनसे भी मारपीट हुई। हमले में रिकू मोदनवाल, तपन मद्धेशिया व अमरदीप गुप्त घायल हो गए। सूचना पाकर अतरौलिया थानाध्यक्ष मदन गुप्ता ने फोर्स के साथ पहुंचकर मामले को किसी तरह शांत कराया। घायल रिंकू की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद तथा छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

आजमगढ़: डीजे टेस्टिंग के दौरान करेंट से संचालक की मौत

Posted: 14 May 2022 05:02 AM PDT


फूलपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की घटना

आजमगढ़ : फूलपुर के जगदीशपुर गांव में शनिवार की दोपहर 12 बजे डीजे संचालक की टेस्टिंग के दौरान करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जगदीशपुर गांव निवासी खिचड़ू राम विश्वकर्मा डीजे का काम करते थे। शनिवार को वैवाहिक कार्यक्रम में डीजे बजाने के लिए टेस्टिंग कर रहे थे। संचालक ने जैसे ही जेनरेटर का तार जोड़ा कि करेंट की चपेट में आकर गिर गए। आसपास के लोग उन्हें लेकर आनन-फानन फूलपुर सीएचसी पहुंचे जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।

आजमगढ़: लेखपाल पर दर्ज हुआ दुष्कर्म का मामला

Posted: 14 May 2022 03:04 AM PDT


शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया

आजमगढ़: जिले में कार्यरत एक लेखपाल ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार किया। पीड़ित युवती की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने लेखपाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी। पीड़ित युवती का आरोप है कि बीते दिनों नगर कोतवाली क्षेत्र के एक स्थान पर लेखपाल ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया । विरोध करने पर उसे मारा पीटा । पीड़िता जब शादी के लिए दबाव बनाने लगी तो आरोपी शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने आरोपी लेखपाल के विरुद्ध नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। लेखपाल सहारनपुर जनपद का निवासी है। वह बूढ़नपुर तहसील में तैनात है। शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया की केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही।

आजमगढ़ : गैस सिलेंडर लीकेज से घर में लगी आग, आधा दर्जन झुलसे, रेफर

Posted: 14 May 2022 12:20 AM PDT


बरदह थाना क्षेत्र के सैयद बहाउद्दीनपुर गांव में हुई घटना

आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के सैयद बहाउद्दीनपुर गांव में शनिवार की सुबह गैस सिलेंडर के लीकेज से घर में आग लग गई। जिससे परिवार के आधा दर्जन सदस्य आग से झुलस गए हैं। झुलसे हालत में उन्हें डॉक्टरों ने जौनपुर के लिए रिफर कर दिया।बरदह थाना अंतर्गत सैयद बहाउद्दीनपुर गांव निवासी हनीफ के घर में शनिवार की सुबह लगभग 5 बजे गैस सिलेंडर के लीकेज से घर में आग लग गई। जिसमें परिवार की सोफिया (60) पत्नी हनीफ, तरन्नुम (50) पत्नी नौशाद, इकरा (8), जोया (12) पुत्री तौफीक 12, अब्दुर्रहमान (22) पुत्र बिस्मिल्लाह, लाडली (34) पुत्री बिस्मिल्लाह झुलस गई। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां प्राथमिक उपचार उपरांत गंभीर अवस्था देख डाक्टर ने उन्हें जिला हॉस्पिटल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। वहीं अब्दुर रहमान व लाडली को परिजन अपने निजी वाहन से जौनपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई ग्राम प्रधान आलोक राजभर ने तत्काल उप जिलाधिकारी मार्टीनगंज व 108 पर फोन करके एंबुलेंस बुलाकर के झुलसे लोगों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां घटना के बाद पूरे मोहल्ले में चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम का कहना है कि तरन्नुम, सोफिया, इकरा की हालत गंभीर है ।

आजमगढ़: स्कॉर्पियो में ट्रक ने मारी टक्कर,02 की मौत,02 घायल

Posted: 13 May 2022 11:55 PM PDT


विंध्याचल से दर्शन कर लौट रहे थे, चंदवक बाजार के पास हुई घटना,पुलिस ने भाग रहे चालक को ट्रक समेत पकड़ा

आजमगढ़: विंध्याचल धाम से दर्शन कर लौट रही स्कार्पियो सवार को तेज गति से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में ड्राइवर सहित एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना चंदवक बाजार से 1 किलोमीटर दक्षिण रामदेवपुर गांव के समीप घटित हुई। घटना कर भाग रहे ट्रक को पुलिस ने ड्राइवर सहित पकड़ लिया। स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे, अन्य तीन लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र ग्राम मिर्जा जगदीशपुर से कुछ लोग स्कॉर्पियो से विंध्याचल धाम शुक्रवार की शाम 5:00 बजे दर्शन के लिए गए थे। इस दौरान साथ में गए बच्चे की तबीयत खराब हो गई, इसको ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज के लिए ले जाया गया। बच्चे की तबीयत में सुधार होने के बाद सभी दर्शनार्थी स्कॉर्पियो से वापस घर के लिए चल दिए। शनिवार रात 2:00 बजे चंदवक बाजार से 1 किलोमीटर पहले जैसे ही पहुंचे थे वाराणसी की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ओवरटेक करने के चक्कर में जोरदार टक्कर मार दिया, जिसमें बरदह थाना क्षेत्र ग्राम मिर्जा जगदीशपुर निवासी ड्राइवर यादवेंद्र उर्फ पिंटू यादव 28 वर्ष पुत्र जयप्रकाश यादव, सुनीता 38 पत्नी लालजी यादव ग्राम तीयरी थाना गंभीरपुर की घटनास्थल पर मौत हो गई। यादवेंद्र उर्फ पिंटू दो भाइयों में सबसे बड़ा था, इसके पास एक लड़की 5 वर्ष, एक लड़का 6 महीने का था। सुनीता पत्नी लालजी के दो बेटे थे बेटों की शादी अभी नहीं हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना कर भाग रहे ट्रक ड्राइवर को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़: जनसेवा केंद्र संचालक को लूटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में लगी गोली

Posted: 13 May 2022 09:35 PM PDT



मेंहनगर पुलिस ने लूट की घटना में रेकी करने वाले दो अन्य को भी पकड़ा

लूट के रुपए,मोबाइल, पिस्टल,कट्टा व कारतूस संग बाइक भी बरामद

आजमगढ़: एसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में मेहनगर पुलिस द्वारा शु्क्रवार की रात वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जियासड़ मेंहनगर मार्ग स्थित हटवा गांव के समीप एक बाइक पर दो सवार युवक शेखुपुर की तरफ से मेंहनगर की तरफ आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रूकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायर कर भागने लगे। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूट के कुछ रुपए,मोबाइल व पिस्टल, कट्टा भी बरामद किया है। थाना प्रभारी बसंत लाल यादव ने जब दोनों घायलों से पूछताछ शुरू की तो एक ने अपना नाम विवेक सिंह ग्राम गंजोर थाना मेंहनगर तथा दूसरे ने जौनपुर जिला के ग्राम सरपतहा निवासी पुनीत सिंह बताया। दोनों ने 29 अप्रैल को मेंहनगर थाना क्षेत्र के जन सेवा केंद्र संचालक जितेश सिंह से लूट किए जाने की घटना को स्वीकार किया। बताते चलें कि जन सेवाकेंद्र संचालक जितेश सिंह 29 अप्रैल की दोपहर 11.30 बजे दामा गांव से धरनीपुर रानीपुर स्थित जनसेवा केंद्र जाने के लिए बाइक से निकले थे। गांव से 500 मीटर आगे जाने पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोकते हुए फायर झोंक दिया था। गोली बाइक के अगले चक्के में लगी। बदमाश उनकी पीठ पर टंगे बैग जिसमें डेढ़ लाख रुपये, लैपटाप और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। उन्होंने सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार की रात लगभग सवा आठ बजे पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
इसके पूर्व ही 13.05.2022 को थानाध्यक्ष ने अपनी टीम के साथ चेंकिग में मुखबिर की सूचना पर प्रकाश में आये रेकी करने वाले दो अभियुक्त
सिद्धार्थ सिंह पुत्र छेदी सिंह निवासी सरकी थाना केराकत जनपद जौनपुर और शिवकान्त पाठक उर्फ चन्दन पाठक पुत्र अजय पाठक निवासी करिया गोपालपुर थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ को समय 12.10 pm पर अक्षैबर पुलिया से गिरफ्तार किया था तथा उनके पास से लूट का माल एक अदद लैपटाप, मय चार्जर, व एक अदद बैग रंग लाल, व 8500 रुपये नगद बरामद किया गया था । इन्ही से पूछताछ में जानकारी मिली की की घटना में विवेक सिंह पुत्र राजनरायन सिंह निवासी गंजोर थाना मेंहनगर, आजमगढ़ और पुनीत सिंह उर्फ कुलदीप सिंह उर्फ रजनीश सिंह पुत्र रणवीर सिंह ग्राम भगासा थाना सरपतहा जौनपुर भी शामिल थे जिन्हे मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया।

आजमगढ़: गैंगस्टर में वांछित दो भाई गिरफ्तार,तमंचा व कारतूस बरामद

Posted: 13 May 2022 07:53 AM PDT


बरदह थाना पुलिस ने टॉप 10 के दोनो अपराधियों को भोर में दबोचा

आजमगढ़: बरदह थाना के सब इंस्पेक्टर विपिन कुमार सिंह ने गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे टाप-10 के दो अपराधियों को शुक्रवार की सुबह इशहाकपुर गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया। रात्रि गश्त, चेकिंग व टापटेन वारन्टी वांछित की गिरफ्तारी हेतु पुलिस दल मुक्तीपुर बाजार पहुंचे जहां सूचना मिली कि दो दिन पहले जिन गैंगस्टर के मुल्जिमानो को तलाश थी उनमें से दो लोग अवैध असलहो को साथ इशहाकपुर से इरनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाली पुलिया के पास मौजूद हैं अगर जल्दी किया जाए तो पकड़ा जा सकता है । सूचना पर पुलिस इशहाकपुर गांव को पार करके मुसहर बस्ती के पास पंहुची जहां पर पुलिया पर बैठे दो लोग दिखाई दिये तब तक पुलिया पर बैठे लोगों ने शंका होने पर सराय मोहन की तरफ जाने वाली सड़क पर तेज कदमों से चलना शुरू कर दिया । पुलिस वालों ने हिकमत अली का प्रयोग कर तेज रफ्तार बाइक चलाकर उनके नजदीक पहुंचकर साहस का परिचय देते हुए ललकार कर रोक लिया घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार किये गए अपराधियों में सरफराज अहमद व आफताब आलम पुत्रगण स्व. अकबाल अहमद ग्राम मोहम्मदपुर फेटी थाना बरदह के निवासी हैं। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपित शाहजमां उर्फ नैय्यर के सहयोगी हैं। उनकी रंजिश मुन्ना सिंह से चलती है इसलिए वो असलहा ले कर चलते हैं । गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद दोनों जौनपुर भागने की फिराक में थे।

आजमगढ़: किशोरियों संग छेड़खानी के 03 आरोपी गिरफ्तार

Posted: 13 May 2022 07:27 AM PDT


जीयनपुर क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा देखने जा रही दो किशोरियों संग छेड़खानी व दुर्व्यवहार का मामला

आजमगढ़: जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने किशोरियों के साथ छेड़खानी करने के मुकदमे में वांछित चल रहे तीन आरोपितों को शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की निवासिनी एक किशोरी ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह एक अन्य किशोरी के साथ 11मई की रात में घर से आर्केस्ट्रा देखने के लिए रमेश सिंह के यहां जा रही थी। रास्ते में आरोपितों ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। तत्पश्चात वे उनके साथ छेड़खानी करने लगे। प्रतिरोध करने पर आरोपितों ने मारापीटा और धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दूसरे दिन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। जीयनपुर कोतवाली के सब इंस्पेक्टर सूर्यभान सिंह ने बागखालिस बाजार के समीप से आरोपित राहुल यादव पुत्र छेदी यादव, अजय यादव पुत्र राजेश यादव व अमन कुमार पुत्र सुनील कुमार ग्राम बासुपार बनकट थाना जीयनपुर निवासी को गिरफ्तार कर लिया।

आजमगढ़: अपहृत किशोरी 24 घंटे के अंदर बरामद, 04 आरोपित गिरफ्तार

Posted: 13 May 2022 07:05 AM PDT


मुबारकपुर थाना क्षेत्र से बोलेरो सवार अपहरणकर्ताओं ने  उठाया था

आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र से बोलेरो सवार अपहरणकर्ताओं ने एक किशोरी का अपहरण कर लिया था। इस संबंध में अपहृत किशोरी के परिजन ने 11 मई को मुबारकपुर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। मुबारकपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह व सब इंस्पेक्टर अनुज पांडेय ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार की देर शाम को अपहृत किशोरी को हरैया बार्डर के समीप से बरामद कर लिया। मुबारकपुर थाने की पुलिस ने इस मामले में लिप्त राजू यादव पुत्र राजकुमार यादव ग्राम शेखमौली व उसके तीन अन्य साथी अंकित कुमार पुत्र रामजी राम ग्राम महरूपुर थाना जीयनपुर, सूरज कुमार पुत्र मंगल ग्राम खीरखाट थाना रानीपुर जनपद मऊ व मोहम्मद असलम पुत्र अब्दुल करीम ग्राम मीरपुर रहीमाबाद थाना मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ निवासी को गिरफ्तार कर लिया।

आजमगढ़ : माफिया कुंटू सिंह के पट्टीदार की संपत्ति भी होगी कुर्क

Posted: 13 May 2022 06:02 AM PDT


गैस एजेंसी में लगा है माफिया का अपराध से अर्जित धन - पुलिस

डीएम ने सात दिन में भवन व गोदाम की भूमि कुर्क करने के निर्देश दिए

आजमगढ़: यूपी के टाप-10 के अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह के पट्‌टीदार उमेश सिंह पुत्र राम वृक्ष सिंह की भी संपत्ति कुर्क की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने निर्देश जारी किया है। प्रशासन के अनुसार कुंटू सिंह के पट्‌टीदार उमेश सिंह पर आरोप है कि गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमे में निरुद्ध कुख्यात अपराधी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह के प्रभाव का इस्तेमाल कर गैस एजेंसी का लाइसेंस लिया। गैस एजेंसी का भवन व गोदाम गाटा सं. 919ध/0.812 हे. में से 0.091 हे. भूमि पर स्थित है। जिसके उत्तर पक्की सड़क, दक्षिण चक उमेश, पूरब व पश्चिम चक राजेश का है। गोदाम की कीमत लोक निर्माण विभाग ने आठ लाख नौ हजार रुपए निर्धारित किया है। इस मामले की विवेचना में प्रशासन ने पाया कि कुंटू सिंह ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर आपराधिक कृत्यों द्वारा अनुचित ढंग से अर्जित संपत्ति से इस गैस एजेंसी के भवन व लाइसेंस को लिया गया था और इसमें कुंटु सिंह की काली कमाई भी लगी है।डीएम विशाल भारद्वाज ने धारा 14(1) उप्र गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम 1986 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सम्पत्ति ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह के पट्टीदार उमेश सिंह पुत्र रामवृक्ष सिंह व अंकिता सिंह पत्नी उमेश सिंह के नाम संयुक्त रूप से बनाई गई संपत्ति को एक सप्ताह के भीतर कुर्क करने के निर्देश दिया है। डीएम ने निर्देश दिया है कि तहसीलदार सगड़ी व थाना प्रभारी जीयनपुर इस संपत्ति को कुर्क कराकर रिपोर्ट प्रेषित करें।

आजमगढ़ : प्रधान के साथ दु‌र्व्यवहार, ग्रामीणों ने एसपी से की शिकायत

Posted: 13 May 2022 05:44 AM PDT


फर्जी शिकायत पर प्रधान को कोतवाली में बैठाए रखने का आरोप लगाया

आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र के कोड़र अजमतपुर गांव के ग्राम प्रधान के साथ पुलिस द्वारा हुए दु‌र्व्यवहार से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग के संदर्भ में पत्रक सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान सुनील कुमार मौर्य 11 मई को शादी समारोह के लिए जमीन मालिक की अनुमति से साफ-सफाई करा रहे थे। एक फर्जी शिकायत पर पुलिस प्रधान को कोतवाली लेकर चली आई। जमीन मालिक ने भी पुलिस के समक्ष आकर सफाई की सहमति की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने किसी की नहीं सुनी। वह कोतवाली में प्रधान को छह घंटे तक बैठाए रखी। प्रधान ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति की शिकायत पर कोतवाली पुलिस अब तक दो बार अपमानित करने के लिए थाने में बैठाया है। इस मौके पर सुनील कुमार मौर्य, धीरेंद्र यादव, आसिफ अहमद, संतोष कुमार, अनिल कुमार यादव, अजीत कुमार, हरिराम यादव, रंभा आदि मौजूद थीं।

आजमगढ़: पीडब्ल्यूडी की 100 दिनों की कार्ययोजना की टाइमिंग फिक्स करें: मण्डलायुक्त

Posted: 13 May 2022 04:44 AM PDT


मण्डलीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति से मण्डलायुक्त असंतुष्ट,जताई नाराजगी

आज़मगढ़ 13 मई -- मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने शुक्रवार को अपने कार्यालय के सभागार में आयोजित शासन की सर्वोच्च विकास प्राथमिकाओं से सम्बन्धि कार्यक्रमों एवं कर करेत्तर वसूली एवं अन्य राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपदवार 100 दिनों की जो कार्ययोजना तैयार की गयी है उसे प्राप्त कर सम्बन्धित कार्यों को पूर्ण करने हेतु टाइमिंग फिक्स करें। उन्होंने कहा कि टाइमलाइन आगामी बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए बनाई जाय। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण करने के लिए जो समयावधि निर्धारित की जाये, यथासंभव प्रयास कर कार्य को पहले ही पूर्ण कर लें। उन्होंने आगाह किया कि यदि निर्धारित अवधि में कार्य अपूर्ण रह जाता है तो बाद में बारिश का कोई इश्यू नहीं सुना जायेगा, बल्कि सीधे तौर पर सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जायेगी। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने मण्डल के जनपदों में निर्माणाधीन सेतुओं की समीक्षा के दौरान कहा कि यदि पहुंच मार्ग हेतु भूमि का कोई प्रकरण लम्बित है तो तत्काल उसका निराकरण करा लें। उन्होंने उप परियोजना प्रबन्धक, सेतु निगम को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन सेतुओं के कार्यों में और तेजी लायें। सेतु निगम द्वारा अवगत कराया गया कि गढ़वल पुल में बिजली के पोल अभी तक शिफ्ट नहीं हुए है। मण्डलायुक्त ने इस सम्बन्ध में मुख्य अभियन्ता, विद्युत को तत्काल कार्यवाही कराने का निर्देश दिया।
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त ने स्वास्थ्य विभाग से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा में पाया कि आशाओं द्वारा भरे जाने वाले एचबीएनसी फार्मेट की छपाई जनपद आज़मगढ़ एवं बलिया में विगत कई माह से लम्बित है, जिससे आशाओं का अनाश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। यूनिसेफ के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि तीनों जनपद में बहुत कम आशाओं के पास थर्मामीटर उपलब्ध है, तीनों जनपदों सीएचसी एवं पीएचसी पर भी थर्मामीटर के साथ कई उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा प्रधानमन्त्री सुरक्षित मातृत्व लाभ योजना सहित कई अन्य कार्यक्रमों की प्रगति भी काफी खराब है, आज़मगढ़ एवं बलिया में आशाओं की ट्रेनिंग नहीं हुई है। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने इस स्थिति पर असन्तोष व्यक्त करते हुए एचबीएनसी फार्मेट की तत्काल प्रिन्टिंग कराने के साथ ही कतिपय कार्यों को इंगित करते हुए आगामी बैठक तक अपेक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया तथा तीनों जनपद के सीएमओ को आगाह किया कि यदि इंगित बिन्दुओं पर तत्समय तक सुधार नहीं पाया जाता है तो सम्बन्धित सीएमओ के विरुद्ध नॉट फिट फार सीएमओ की संस्तुति शासन को भेज दी जायेगी।
मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि वर्तमान में आज़मगढ़ में 38 हजार, मऊ में 32 हजार एवं बलिया में 30 हजार मनरेगा मजदूर लगाये गये हैं। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने कहा कि मऊ के सापेक्ष आज़मगढ़ एवं बलिया में कम मजदूर लगाये गये हैं, इसे और बढ़ाया जाये। उन्होंने तीनों जनपदों के सीडीओ को निर्देश दिया कि मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों का निरन्तर निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कार्य कराये जाने हेतु समय अनुकूल है, इसलिए अधिक से अधिक मजदूर लगाकर कार्य करायें ताकि लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित हो सके। मण्डलायुक्त ने बाढ़ नियन्त्रण एवं नहरों की सिल्ट सफाई के समीक्षा के दौरान कहा कि सिल्ट सफाई के सम्बन्ध में कतिपय स्तरों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस सम्बन्ध में उन्होंने अधीक्षण अभियनता, डेªनेज मण्डल को निर्देशित किया कि कार्ययोजना के अनुसार सिल्ट सफाई का लक्ष्य, उसके सापेक्ष प्रगति, अवशेष को पूर्ण करने हेतु निर्धारित समय सीमा आदि का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने बाढ़ नियन्त्रण के सम्बन्ध में आगाह किया कि जहॉ गत वर्षों में बाढ़ हाई थी यदि इस वर्ष वहॉं बाढ़ आती है तो सम्बन्धित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो अधिकारी जहॉं तैनात वहीं रात्रि विश्राम करना सुनिश्चित करें। सभी कार्यालयों में साफ सफाई होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यालयों में मूवमेन्ट रजिस्टर एवं मुलाकाती रजिस्टर को भी अनिवार्य रूप से बनाये जाने पर जोर दिया।
कर करेत्तर वसूली एवं अन्य राजस्वों की समीक्षा के दौरान मण्डल के तीनों जनपदों में 10 बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं किये जाने पर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने नाराजगी व्यक्त किया तथा निर्देश दिया कि बड़े बकायेदारों से वसूली में शिथिलता और लापरवाही बरतने वसूली अमीनों के विरुद्ध कार्यवाही की जाय। इसी प्रकार परिवहन वसूली कम मिलने पर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने असन्तोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि जनपदों में तत्काल प्रवर्तन कार्यों को बढ़ाया जाय। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलों में मुख्य देयों सम्बन्धी पत्रावलियों रख रखाव को तत्काल दुरुस्त कराने हेतु अपर जिलाधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जिलाधिकारी आज़मगढ़ विशाल भारद्वज, जिलाधिकारी मऊ अरुण कुमार, जिलाधिकारी बलिया इन्द्र विक्रम सिंह, अपर आयुक्त/संयुक्त विकास आयुक्त हंसराज, सीडओ आज़मगढ़ आनन्द कुमार शुक्ला, सीडीओ मऊ रामसिंह वर्मा, वन संरक्षक डा. बीसी ब्रम्हा, अपर जिलाधिकारी आज़मगढ़ एबी सिंह, अपर जिलाधिकारी मऊ भानु प्रताप ंिसंह, अपर जिलाधिकारी बलिया राजेश सिंह, डीडीओ बलिया रजित राम मिश्र, मुख्य अभियन्ता, लोनिवि विनोद कुमार श्रीवास्तव, मुख्य अभियन्ता, विद्युत एएन सिंह, सीएमओ आज़मगढ़ डा.आईएन तिवारी, सीएमओ मऊ डा. एसएन दूबे, सीएमओ बलिया डा.एनके पाण्डेय सहित अन्य मण्डलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित थे।

आजमगढ़: लाइसेंस जारी करने से पहले आवेदक से गाड़ी चलवा परीक्षण करें - डीएम

Posted: 13 May 2022 04:28 AM PDT


स्कूली,व्यावसायिक वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र चेक कर लें - डीएम

सड़क सुरक्षा समिति/जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक हुई

आजमगढ़ 13 मई-- जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कल देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति/जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी। उन्होने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस उसी व्यक्ति का जारी किया जाये, जिसको गाड़ी चलाना आता हो तथा जो यातायात नियमों का पालन करना भलीभॉति जानता हो। उन्होने कहा कि लाइसेंस जारी करने से पहले उससे गाड़ी चलवाकर परीक्षण किया जाये तथा सड़क सुरक्षा की जानकारी होना अनिवार्य किया जाये। उन्होने कहा कि यातायात प्रबंधन पर कार्ययोजना तैयार करें। उन्होने कहा कि आटो, टैम्पो, टैक्सी एवं प्राइवेट बसों के लिए जनपद के विभिन्न स्थानों पर पार्किंग के लिए जगह चिन्हित करें। उन्होने कहा कि ईओ नगर पालिका शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्किंग निषेध का बोर्ड लगवायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली वाहनों तथा व्यावसायिक वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र चेक कर लिया जाये। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी स्कूली वाहन बिना फिटनेश प्रमाण पत्र के न चले। उन्होने कहा कि सभी स्कूलों से वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र ले लिया जाये। उन्होने कहा कि विद्यालय प्रबंधक यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके स्कूल वाहन फिट एवं गुणवत्तायुक्त हैं।
जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज ने कहा कि सभी स्कूली बसें निर्धारित क्षमता एवं मानक के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होने कहा कि बसों में क्षमता से अधिक बच्चे न बैठाये जायें, यदि क्षमता से अधिक बच्चे बस में पाये जाते हैं तो उसका चालान करना सुनिश्चित करें तथा प्रबंधक के विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि स्कूली वाहनों के पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल आने वाले बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाये। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि जो छात्र/छात्राएं दो पहिया वाहनों से स्कूल आते हैं, उनमें से कोई भी छात्र/छात्राएं बिना लाइसेंस तथा बिना हेलमेट के स्कूल न आयें। उन्होने कहा कि छात्र/छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बिहार की तरफ से आने वाले वाहनों की विशेष चेकिंग की जाये। उन्होने कहा कि वाहन में निर्धारित सीट के अनुसार ही यात्री हों तथा यदि ओवर लोड सवारी पायी जाये तो तत्काल चालान काटना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि किसी भी दशा में आजमगढ़ जनपद की सीमा के अन्दर ओवर लोड वाहन तथा ओवर लोड सवारी वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर न चलने पाये। उन्होने कहा कि यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी वाहन चालक शराब पीकर वाहन न चलाये। उन्होने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाते समय पकड़े जाने पर तत्काल वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त कर कड़ी कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहॉ पर साइनेज लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटना न हो। जिलाधिकारी ने वाहन मालिकों के अनुरोध पर ईओ नगर पालिका आजमगढ़ तथा एसडीएम सदर को प्राइवेट बस अड्डों पर साफ-सफाई एवं शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि प्राइवेट वाहनों के स्टैण्ड की भी जगह चिन्हित किया जाये। उन्होने कहा कि प्रत्येक दशा में शहर की सफाई एवं ट्रैफिक व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। उन्होने कहा कि आटो/बसों के लिए खड़ा होने का स्थान निर्धारित करें। उन्होने पुलिस विभाग (ट्रैफिक इंस्पेक्टर) को निर्देश दिया कि गलत स्थानों पर गाड़ी खड़ा करने अथवा रोककर सवारी बैठाने पर चालान काटना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाम से मुक्ति के लिए बड़े वाहनों, आटो तथा अन्य वाहनों के जाने पर रोक लगायें। उन्होने कहा कि नगर वासियों को जाम से निजात दिलाने हेतु हर सम्भव उपाय सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि व्यापार मंडल से बातकर सड़कों से अतिक्रमण हटवायें। उन्होने कहा कि दुकानों के आगे फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटवाकर अतिक्रमण मुक्त कर शहर को जाम से निजात दिलायें।
बैठक में परिवहन विभाग, स्कूल प्रबंधक, वाहन मालिक तथा आटो संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आजमगढ़: दो बाईकों की टक्कर में 03 युवकों की मौत, एक गंभीर

Posted: 13 May 2022 03:58 AM PDT


फूलपुर क्षेत्र के पलिया बाजार के पास हुआ दर्दनाक हादसा,परिवारों में मचा कोहराम

आजमगढ़: लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर फूलपुर कोतवाली अंतर्गत पलिया बाजार के समीप शुक्रवार को दिन में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊफरी ग्राम निवासी 22 वर्षीय मनोज उर्फ मोनू पुत्र राजमन तथा 23 वर्षीय अजय उर्फ बनारसी पुत्र रामलौटन यादव दोनों शुक्रवार को दिन में किसी कार्यवश बाइक से शाहगंज की ओर जा रहे थे। बाइक सवार दोनों युवक क्षेत्र के पलिया बाजार स्थित मंदिर के समीप पहुंचे की तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उफरी निवासी मनोज उर्फ मोनू एवं अजय उर्फ बनारसी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल स्थानीय गोबरहां ग्राम निवासी गौरव यादव (24) पुत्र अनिल यादव एवं कृष्ण कुमार (25) पुत्र पलकधारी की हालत गंभीर देख उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। मरणासन्न हालत में रहे गौरव यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं घायल कृष्ण कुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पाकर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां शवों को देखते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुखद बात यह की हादसे में मृत मनोज उर्फ मोनू की बीते 22 अप्रैल को शादी हुई थी और हादसे से एक दिन पूर्व गुरुवार को उसकी पत्नी ससुराल से विदा होकर मायके गई थी। इस घटना से तीनों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आजमगढ़: रायपुर में हेलीकॉप्टर क्रैश में आजमगढ़ निवासी ग्रुप कैप्टन की मौत

Posted: 12 May 2022 10:47 PM PDT


जेपी ग्रुप में एविएशन इंचार्ज थे पूर्व एयरफोर्स कैप्टन अजय प्रकाश श्रीवास्तव

निधन की खबर पर पूरा परिवार दिल्ली रवाना,एलवल स्थित आवास पर सन्नाटा

आजमगढ़: छत्तीसगढ़ के रायपुर में हेलीकाप्टर दुर्घटना में ग्रुप कैप्टन अजय प्रकाश श्रीवास्तव के निधन की खबर मिलते ही शहर के एलवल स्थित आवास पर सन्नाटा छा गया।दोनों बड़े भाई व परिवार के अन्य लोग दिल्ली रवाना हो गए, क्योंकि अंतिम संस्कार दिल्ली में ही होना था। उनकी पत्नी शव लेने के लिए रायपुर पहुंच चुकी थीं। वहां से दो बजे की फ्लाइट से शव लेकर दिल्ली पहुंचेंगी। गुरुवार की शाम को ही अजय के बड़े भाई अरुण प्रकाश श्रीवास्तव व आनंद प्रकाश श्रीवास्तव पटना में आयोजित शादी समारोह से परिवार के साथ लौटे थे।रात साढ़े नौ बजे फोन पर अजय की पत्नी डा. मंजू श्रीवास्तव ने दुखद खबर दी, तो सभी सन्न रह गए।अजय की पत्नी भी भारतीय वायु सेना में डाक्टर थीं और कुछ साल पहले वीआरएस लेकर दिल्ली के द्वारिकापुरी में प्रैक्टिस करती हैं। अधिवक्ता सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के सबसे छोटे पुत्र अजय प्रकाश श्रीवास्तव की प्रारंभिक शिक्षा शहर के वेस्ली इंटर कालेज से वर्ष 1979 में पूरी हुई।उसके बाद सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) के माध्यम से भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए।भारतीय वायु सेना में लंबे समय तक पायलट रहे अजय वर्तमान समय में जेपी ग्रुप के एविएशन इंचार्ज थे और छत्तीसगढ़ राज्य के स्टेट हेलीकाप्टर पर ट्रेनिंग दे रहे थे। इनकी एकमात्र पुत्री पूर्वा श्रीवास्तव व दामाद धीरज भी एयरफोर्स में है।
सबसे बड़े भाई अरुण प्रकाश श्रीवास्तव हाईकोर्ट में, जबकि मझले भाई आनंद प्रकाश श्रीवास्तव दीवानी में प्रैक्टिस करने के साथ डीएवी कालेज के प्रबंधक हैं। परिवार के निकट सूत्रों ने बताया की अभी 05 मई को हो अजय प्रकाश आजमगढ़ आए थे। बीती रात में अजय के निधन की खबर मिलते ही परिवार से जुड़े लोग एलवल स्थित आवास पहुंच गए थे।सुबह साढ़े छह बजे रायपुर जाने के लिए दोनों भाई कार से लखनऊ के लिए रवाना हुए, लेकिन बीच में ही खबर आई कि अजय की पत्नी रायपुर पहुंच गई हैं और शव लेकर दिल्ली पहुंचेंगी तो सभी लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Post Bottom Ad

Pages