सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Sunday, May 15, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


इस नई बीयर को पीकर भूल जाएंगे शराब

Posted: 14 May 2022 11:12 PM PDT


लखनऊ शौकीनों के लिए कंपनियों ने अब नई बीयर बाजार में उतार दी है। अब एक बोतल बीयर पीने पर दोगुना नशा होगा। यह प्रयोग बीयर पीने वाले उन लोगों को पसंद आ रहा है, जो शराब से कम पर बीयर से थोड़ा ज्यादा नशा चाहते हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस नई बीयर के खरीदारों में नई उम्र के लोग ज्यादा हैं। अब तक आठ डिग्री अल्कोहल वाली ही बीयर बाजार में उपलब्ध थी। आठ डिग्री वाली केन की कीमत बाजार में 110 रुपये से लेकर 130 रुपये तक है, जबकि बोतल 150 रुपये के आसपास है। एक केन के बाद दूसरा केन पीने के लिए पैसे दोगुने खर्च करने होते हैं। ऐसे में शौकीनों के लिए कंपनी ने बाजार में 15 डिग्री अल्कोहल वाली बीयर उतार दी है। इसकी कीमत एक बोतल के बराबर है। ऐसे में एक बोतल के बराबर खर्च करने वालों को नशा दोगुना हो रहा है।फिलहाल दो ब्रांड में ऐसी बीयर उतारी गई है। आबकारी विभाग के अफसरों का कहना है कि इस डिग्री की बीयर लगभग 20 साल पहले बाजार में आती थी। लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था। बाजार की मांग को देखते हुए अब लंबे समय बाद इतने अल्कोहल वाली बीयर उतारी गई है। आमतौर पर प्रयागराज में हर रोज 70 हजार बोतले बिकती हैं। अफसरों का कहना है कि नई 15 डिग्री वाली बीयर की 15 हजार बोतल हर रोज बिक रही है। 

3 फीट की दुल्हन को मिला 3.5 फीट का दूल्हा

Posted: 14 May 2022 10:38 PM PDT

 


लखनऊ रामपुर में यूट्यूब ने अनूठी जोड़ी मिला दी। दूल्हे की हाइट 3.5 फीट है, तो दुल्हन की 3 फीट। लड़की के परिवार वालों को 10 साल से बेटी की हाइट के बराबर के लड़के की तलाश थी। यू ट्यूब ने उनकी इस तलाश को पूरा कर दिया। शनिवार रात दोनों का निकाह हो गया।शाहबाद के मोहल्ला फर्राशान के रहने वाले नबील खान लकड़ी के व्यापारी हैं। उनकी 29 साल की बेटी तहसीन की लंबाई तीन फीट है, जिसकी वजह से उसकी शादी नहीं हो रही थी। वह यह सोचने भी लगे थे, कि उनकी बेटी की हाइट के बराबर दूल्हा मिलेगा भी नहीं, लेकिन तभी यू ट्यूब पर उनकी नजर एक लड़के पर पड़ी जो कम हाइट का था, उन्हें पता निकालकर संपर्क किया। संभल के 34 साल के मोहम्मद रेहान बताते हैं कि नबील खान के परिवार ने एक साल पहले उन्हें देखा था। संपर्क किया, दोनों परिवारों को ही रिश्ता पसंद आया।नबील खान के 5 बच्चे हैं। बेटी तहसीन चौथे नबंर की है। सभी की हाइट पांच फीट से ज्यादा है। केवल तहसीन की हाइट महज 3 फीट है। कम हाइट की वजह से रिश्ते नहीं आ रहे थे, जिसकी वजह से पूरा परिवार परेशान रहता था। दोनों के घर वाले दस साल से शादी के लिए रिश्ता खोज रहे थे।संभल के सरायतरीन के रहने वाले मोहम्मद रेहान पहले टिक-टॉक पर अपना वीडियो बनाते थे, जहां कम समय में ही फेमस हो गए। टिक-टॉक बंद हुआ तो यूट्यूब पर वीडियो बनाने लगे। एक साल पहले यूट़्यूब पर इनका वीडियो नबील खान ने देखा तो संपर्क किया।

उत्तराखंड STF को गैंगस्‍टर यशपाल तोमर की 3 हसीनाओं की तलाश

Posted: 14 May 2022 10:37 PM PDT

 


लखनऊ उत्तराखंड STF को शीतल, रेशमा और किरन नाम की उन लड़कियों की तलाश है। जो गैंगस्‍टर यशपाल तोमर के इशारे पर हनी ट्रैप में भोले भाले लोगों को फंसाती थीं। यही नहीं जो लोग युवतियों के इशारे पर चले उनकी संपत्ति तोमर के पास पहुंच गई और जो नहीं चले वो आज भी जेलों में बंद हैं। वैसे अब तक गैंगस्‍टर की 200 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्‍त को चुकी है।बहरहाल अरबों की संपत्ति बनाने वाले जेल में बंद गैंगस्टर यशपाल तोमर मामले में अब STF उसका साथ देने वाले लोगों की तलाश कर रही है। जिसमें शीतल, रेशमा और किरन नाम की लड़कियां भी शामिल हैं।जिन्होंने हनी ट्रैप मामले में लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाया है। इसमें से शीतल ने यूपी के अलग अलग थानों में 7 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाये हैं, तो रेशमा ने ऋषिकेश में दुष्‍कर्म का एक मुकदमा और किरन ने राजस्थान में दो अलग अलग मामलों में लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। यही नहीं ये तीनों फर्जी मुकदमे दर्ज करवाने के बाद आज तक किसी को नहीं मिली हैं।यशपाल तोमर ने फर्जी मुकदमों में फंसा कर यूपी, हरियाणा, दिल्ली, और उत्तराखंड में विवादित जमीनों को हड़पने में कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ी।इसके साथ वह अपराध की दुनिया का बेताज बादशाह बन बैठा। दरअसल यशपाल तोमर की नजर हमेशा उन संपत्तियों पर रहती थी जिन पर कुछ विवाद चल रहा हो।इसके लिए वह एक पक्ष को पकड़ कर दूसरे पक्ष पर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाता था। इसमें उसका साथ देने वाली कुछ हसीन बालाओं को आगे किया जाता था। इसके बाद वह लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनकी संपत्ति पर या तो कब्जा करता था या फिर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाता था।इन हसीन बालाओं ने पीड़ि‍ता बनकर उत्तराखंड, यूपी और राजस्थान में करीब 12 दुष्‍कर्म के मुकदमे दर्ज करवाये हैं।वहीं इस मामले में SSP STF का कहना है कि फिलहाल अरबों की संपत्ति का मालिक गैंगस्टर यशपाल तोमर हरिद्वार जेल मे बंद है। वहीं उसकी 200 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति मेरठ पुलिस, गौतमबुद्ध नगर पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ ने कुर्क कर ली है। हालांकि अभी STF को तौमर का साथ देने वाली तीनों लड़कियों की तलाश है।

जम्मू जेल में बंद 44 कैदी नैनी जेल में शिफ्ट

Posted: 14 May 2022 10:32 PM PDT


लखनऊ जम्‍मू जेल में जन सुरक्षा कानून के तहत बंद 44 बंदियों को भारी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है। इस दौरान सभी को विशेष विमान से जम्मू पुलिस के जवानों द्वारा प्रयागराज लाया गया।अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने बताया कि जम्मू जेल से 44 बंदियों को आज नैनी सेंट्रल जेल लाया गया। इन्हें विशेष विमान से जम्मू पुलिस के जवानों द्वारा प्रयागराज लाया गया।

स्थानांतरण की इस प्रक्रिया में प्रयागराज पुलिस के कर्मी भी तैनात थे।इसके साथ अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने बताया कि प्रयागराज में वरिष्ठ जेल अधीक्षक की उपस्थिति में इन बंदियों को जेल में प्रवेश करा दिया गया है और बाकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके साथ कहा कि कैदियों को एक जगह से दूसरी जगह भेजा जाना एक सामान्य प्रक्रिया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीएन पांडेय ने बताया कि जम्मू से लाए गए ये कैदी वहां के पीएसए के तहत निरुद्ध हैं। वहीं इन सभी कैदियों को जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।

मुझे गांवों में जाकर लोगों के दुख दर्द बांटने में मिलती है खुशी : मेनका संजय गांधी

Posted: 14 May 2022 09:45 PM PDT


सुलतानपुर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने संसदीय क्षेत्र दौरे के दूसरे दिन शनिवार को सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय,ब्लाक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह व नवनीत सिंह की मौजूदगी में मोतिगरपुर ब्लॉक में 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित एक सड़क मार्ग, ब्लॉक कार्यालय गेट एवं अभिलेखागार कार्यालय का लोकार्पण किया।

श्रीमती गाँधी ने हमजाबाद,दियरा,महमूदपुरजंगल,बाघसराय,श्रीरामपुर लमौली सहित एक दर्जन गांवों में जन चौपाल के माध्यम से जन समस्याओं का राजस्व अधिकारियों व पुलिस के माध्यम से निस्तारण भी किया। सांसद श्रीमती गांधी ने मुंडका दिल्ली में भीषण अग्निकांड में मारे गए 27 लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। श्रीमती गांधी ने जन चौपालों को संबोधित करते हुए कहा मैं एक मां के रूप में आप की सेवा करने आती हूं। मेरा मकसद है कि जो लोग मेरे पास नहीं पहुंच सकते हैं मैं उनके पास पहुंचकर उनके दु:ख-दर्द को बांटने का काम करूं। श्रीमती गांधी ने हमजाबाद में जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि वह चाहती हैं कि गांव में जमीनी विवाद खत्म हो और लोगों में खुशी का माहौल हो।सांसद श्रीमती गांधी ने बताया कि उन्होंने गांव के जमीनी विवादों को निपटाने के लिए जिलाधिकारी रवीश कुमार से लेखपालों को गांव में बैठकर जमीनी विवादों को निपटाने के लिए रोस्टर जारी करने को कहा है। जो जल्द ही जारी होगा ।उन्होंने कहा लेखपालों के गांव में न बैठने के कारण जमीनी विवाद को लेकर पुलिस पर काफी बोझ पड़ा है।अगर लेखपाल गांव में बैठकर ईमानदारी से काम करें तो जमीनी व राजस्व संबंधी विवाद खत्म किये जा सकते हैं। श्रीमती गांधी ने हमदाबाद के प्रधान अनिल सिंह द्वारा बताए जाने पर कि उनके गांव में लेखपाल नहीं हैं उन्होंने तत्काल एसडीएम जयसिंहपुर से दूरभाष पर वार्ता कर लेखपाल नियुक्त करने के लिए कहा।हमजाबाद में ही बिरईपुर गांव के लोगों ने बताया कि गांव के तालाब पर दबंग लोग कब्जा करके पक्का निर्माण कर रहे है।उन्होंने एसडीएम जयसिंहपुर से बात की और कहां तालाब को कब्जा करना गंभीर प्रकरण है।उन्होंने एसडीएम को जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।  यहां पर उन्होंने प्रधानों से कोरोना कॉल में किए गए अनुभव व कार्यों को एक किताब में सजोने की बात  कही।अन्य चौपालों में उन्होंने कहा मैं बड़े-बड़े काम तो करती ही हूं लेकिन मैं लोगों के व्यक्तिगत कार्यों पर तीव्र नजर रखती हूं। इसके बाद श्रीमती गांधी शहर के क्षत्रिय भवन सभागार में पहुंचकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पांडे के संयोजन में आयोजित त्रैवार्षिक अधिवेशन व शिक्षा उन्नयन गोष्ठी कार्यक्रम में सम्मिलित हुई। यहां पर उन्होंने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए कहा शिक्षक देश के भविष्य का निर्माणकर्ता होता है।उन्होंने कहां मैं स्वयं भी शिक्षा में बहुत रुचि रखती हूं। उन्होंने शिक्षकों को सीख देते हुए कहा जिस तरह मैं महीने में 6 दिन आती हूं। मुझे गांवों में गरीबों के बीच जाकर दु:ख दर्द को बांटने में खुशी मिलती उसी तरह शिक्षक भी खुशी-खुशी छोटे-छोटे बच्चों को पढ़ाने में रुचि ले और अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें।श्रीमती गांधी ने विकास भवन के प्रेरणा सभागार में नगर में 25 पार्क बनाने को लेकर अहम बैठक की। पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल के संयोजन एवं पलक सिंह,सभासदों, नगर पालिका व वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित बैठक में श्रीमती गांधी ने कहा मैं सुल्तानपुर को हरा भरा सुंदर शहर बनाना चाहती हूं। उन्होंने कहा मैनें 3 महीने में 25 बड़े व 300 छोटे-छोटे पार्क जिसमें आकर्षक, महकदार व छाया देने वाले पेड़ लगाए जाएंगे और इन पार्को का नाम होगा सुखवन। उन्होंने कहा मैंने 1 साल में एक लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है।इन चीजों से जमीन की कीमतें भी कई गुना बढ़ जाती हैं।सांसद मेनका संजय गांधी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा सरकार द्वारा एक मार्च 2020 के बाद कोरोना के कारणों से माता या पिता की आकस्मिक मौत के शिकार हुए लोगो के बच्चो को ढाई हजार रुपए से लेकर 4000 रूपए तक की छात्रवृत्ति की योजना की सराहना की है। उन्होंने बताया ऐसे लाभार्थी बच्चो के सत्यापन के लिए उपजिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।आज विभिन्न कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, डॉ.सीताशरण त्रिपाठी, सुमन सिंह, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार,प्रवीन कुमार अग्रवाल ,पूर्व जिला महामंत्री शशिकांत पांडे, श्याम बहादुर पांडे, विजय सिंह रघुवंशी, राजेश पाण्डे, बॉबी सिंह, विनोद सिंह,अरुण द्विवेदी, संदीप प्रताप सिंह,शेष कुमार सिंह, बबलू पांडे, हरिशंकर वर्मा,सभासद रमेश सिंह टिन्नू,शेष कुमार सिंह, प्रदीप यादव,रतनेश तिवारी, आकाश जायसवाल, प्रवीण मिश्रा,अमोल बाजपेई,अजय सिंह, मनीष जायसवाल, दिनेश चौरसिया,विजय सेक्रेटरी, बिनोद पांडे, आत्मजीत सिंह टीटू, अजय पाण्डे,सज्जाद खान, अफजल अंसारी, प्रीति शर्मा, राकेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।

डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस पर पहुंचकर सुनी जन समस्याएं तथा निस्तारण हेतु सम्बन्धित को दिये निर्देश

Posted: 14 May 2022 04:38 AM PDT


सुलतानपुर उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में माह मई के द्वितीय शनिवार को आज जनपद के सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र ने थाना गोसाईगंज में थाना दिवस पर आये जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर उसके निस्तारण का निर्देश सम्बन्धित को दिये। उन्होंने थाना कार्यालय में आवेदित ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त कर ससमय निस्तारण के दिशा निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में भूमिधरी विवाद से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्रों का राजस्व व पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौका मुवायना कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण कराने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने अवैध रूप से सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही किये जाने के सख्त निर्देश दियेे। इस अवसर पर 40 जन शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए मौके पर डीएम व एसपी द्वारा 15 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया।  पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों को अविलम्ब सम्बन्धित रजिस्टर पर अंकित कर कृत कार्यवाही हेतु सम्बन्धित थानाध्यक्ष्य को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण क्षेत्र से आने वाली जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा उनसे अच्छा व्यवहार बरतें। इसी प्रकार जनपद के समस्त थानों पर थाना सामाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं को सुनकर यथासम्भव निस्तारण किया गया।तत्पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा ग्राम सिरवारा में बन रहे पुलिस मालखाना का आकस्मिक निरीक्षण कर क्षेत्रीय लेखपाल से पैमाइश मौके पर कराते हुए निर्देशित किया इस मालखाने को ससमय तैयार किया जाये, ताकि इसका सदुपयोग किया जा सके। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जयसिंहपुर, राजस्व अधिकारी, थानाध्यक्ष गोसाईगंज, पुलिस कर्मी, राजस्व कर्मी सहित फरियादीगण आदि उपस्थित रहे।

पांच बेटियों को छोड़कर तीन लड़कों की मां को भगा ले गया पति

Posted: 14 May 2022 04:23 AM PDT


लखनऊ उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में अपने पति की हरकतों के चलते महिला थाने पहुंच गई। यहां पति के कारनामे के बारे महिला ने पुलिस को बताया तो सभी सन्न रह गए। महिला बोली उसका पति काफी समय तक गायब रहता था। उसकी पांच बेटियां हैं लेकिन वह बेटे की मांग करता है। उसका पति पहले भी कई बार भाग चुका है। महिला ने बताया कि रिश्तेदारी की विधवा महिला से उसके पति का चक्कर चल रहा है। उसके तीन बेटे हैं। अब उस महिला को लेकर पति भागा है। पत्नी ने महिला थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अर्जुन नगर की रहने वाली महिला नर्सिंग कॉलेज में शिक्षिका है। वहीं पति एमआर है।पत्नी का आरोप है कि सास और पति की जिद थी कि बेटे को जन्म दूं। लेकिन बेटे के चक्कर में पांच बेटियां हो गईं जबकि पति को बेटा चाहिए। पांच बेटियों के जन्म के बाद मैं काफी कमजोर हो गई थी। एनिमक हो गई जिसके चलते बच्चा पैदा करना मेरे लिए मुश्किल था। मैंने फैमिली प्लानिंग कराई। इसी बीच पति के रिश्ते की एक विधवा महिला से संबंध हो गए। हमारी शादी को 20 साल हो गए। वहीं पति के संबंध लगभग सात साल से महिला से हैं।पहले पति सप्ताह में दो-दो तीन-तीन दिन गायब रहता था। विरोध करने पर दो महीने के लिए गायब हो गया। अब वह उस महिला को लेकर फरार हो गया है। बेटियों को लेकर मैं अकेली रह रही हूं। बड़ी बेटी ने इस समय 10वीं की परीक्षा दी है। महिला का कहना है कि यह तीसरी बार पति फरार हुआ है। पहले परिजनों के माध्यम से इसको ढूंढ कर लाया गया था। एसओ महिला थाना का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद ही कार्यवाही की जाएगी।

अपात्र राशन कार्ड धारकों से सरकार बाजार भाव के हिसाब से वसूली करेगी

Posted: 14 May 2022 04:23 AM PDT


 लखनऊ यदि आप अपात्र हैं और आपने राशन कार्ड बनवाकर उस पर राशन लिया है तो आपसे वसूली हो सकती है। इस बाबत सभी जिलों में सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया है। जिलाधिकारियों ने यह चेतावनी भी जारी करनी शुरू कर दी है कि ऐसे लोगों से गेहूं और चावल की बाजार की दर से वसूली की जाएगी।शासन ने प्रदेश भर में फिर से राशन कार्डों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं। जनवरी 2021 से अप्रैल 2022 तक इस बाबत अभियान चलाया गया था जिसमें 8,03,355 राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए जबकि 11,64,845 नए राशन कार्ड बनाए गए। अब फिर से अभियान शुरू हुआ है।खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू ने इस बाबत सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान को गंभीरता से चलाएं। लोगों से अपील करें कि यदि अपात्र हैं तो अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दें। उधर जिलाधिकारियों ने पत्र जारी कर दिए हैं कि ऐसे अपात्रों से वसूली होगी।24 रुपये प्रति किलो गेहूं और 32 रुपये प्रति किलो चावल या फिर बाजार की दर तय कर वसूली की जाएगी। यह भी कहा गया है कि राशन कार्ड सरेंडर करने वाले इसकी रसीद अवश्य ले लें ताकि आगे जांच में यह दिखा सकें कि उन्होंने अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दिया है।

सिंचाई के लिए किसानों को मिल सकती है मुफ्त बिजली की सौगात

Posted: 13 May 2022 09:33 PM PDT

 


लखनऊ प्रदेश के आगामी बजट में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली की बड़ी सौगात मिल सकती है। यह भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र की पहली घोषणा थी। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार इसे अमलीजामा पहनाने की तैयारी हो रही है। इस पर आने वाले खर्च का आकलन भी कर लिया गया है। आकलन के अनुसार, इससे सरकार पर सालाना 1845 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इससे कुल 2.38 करोड़ किसान परिवार लाभान्वित होंगे। वर्तमान में प्रदेश सरकार किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए रियायती दरों पर बिजली देती है। यह सब्सिडी 11,500 करोड़ रुपये सालाना रहती है। इसमें से करीब 8 हजार करोड़ रुपये किसानों को रियायती दरों पर बिजली देने में खर्च होते हैं।पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का आकलन है कि सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह से मुफ्त करने पर हर वर्ष 1845 करोड़ रुपये और खर्च करने होंगे। इस अतिरिक्त राशि की भरपाई प्रदेश सरकार को करनी होगी। अगर यह प्रावधान लागू हो जाता है तो सिंचाई के लिए बिजली मद में किसानों को करीब 10 हजार करोड़ रुपये की सालाना सब्सिडी मिलेगी।

स्कूल से लौट रही टीचर को लिफ्ट देकर किया रेप, वीडियो भी बनाया

Posted: 13 May 2022 09:33 PM PDT


लखनऊ शाहजहांपुर में चौक कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की शिक्षिका ने गैर समुदाय के युवक पर दुराचार करने, वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नामजद मुकदमा चौक कोतवाली में दर्ज कराया गया है। पांच लोगों को नामजद किया गया है। शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वह कांट क्षेत्र के एक गांव में प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत है। विद्यालय में गांव का आमिर आता जाता था, इसलिए उसे जानती पहचानती थी। चार मई को अपने स्कूल से किराए वाली गाड़ी से बरेली मोड़ पर उतरी। जैसे ही ई-रिक्शा पर बैठने के लिए बढ़ी। तभी आमिर बिना नंबर प्लेट की बोलेरो गाड़ी से आ गया। आमिर ने कहा कि तुम्हें घर छोड़ देंगे। फिर आमिर ने नशा सुंघाकर मोहल्ला बिजलीपुरा स्थित एक मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बनाई। होश में आने पर जान से मारने की धमकी दी।शिक्षिका का कहना है कि अब आमिर के परिवार वाले धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहे हैं। वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। पता चला है कि आमिर ने उसकी फोटो लगाकर कूटरचित आधार कार्ड भी बनवा लिया है। सभी से जान माल का खतरा बना हुआ है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

हार न लाने से नाराज हुई दुल्हन,बारात बिना दुल्हन ही लौट गई

Posted: 13 May 2022 08:47 PM PDT


लखनऊ दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया लेकिन दुल्हन के लिए हार नहीं ले गया। रस्मों के वक्त इसी बात पर मामला बिगड़ गया। लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। गांव में पंचायत सब बेनतीजा रहा। बारात बिना दुल्हन ही लौट गई।नीमगांव कोतवाली क्षेत्र के गांव ढखिया बुजुर्ग से बारात इसी इलाके के एक गांव में गई थी। बताया जाता है कि बारात गांव पहुंचे ही लड़की पक्ष के लोगों ने जमकर स्वागत सत्कार कर जल पान कराया। इसके बाद द्बारचार के लिए बरात तैयार हो गयी। बरात लेकर दूल्हा लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंच गया। विवाह की तैयारी शुरू हो गयी। चारों तरफ दोनों पक्षों में खुशी का माहौल था। गांव की तमाम महिलाएं व पुरुष घर से बाहर तक मौजूद थे। दूल्हे के पिता ने बताया मौके पर मौजूद दुल्हन के पिता चढ़ावे में हार लाने की बात कही। दूल्हा यहां से झुलनिया, झाले सहित करीब 80 हजार के जेवर लेकर गया था। पर हार पर बात बिगड़ गई। गांव में पंचायत शुरू हो गई। पर लड़की का बाप मानने पर तैयार नहीं हुआ। रात भर पंचायत चली लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। सुबह बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। दोनों ही पक्षों ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी है।

दिल्ली में कॉमर्शियल बिल्डिंग में आग से 27 लोगों की मौत

Posted: 13 May 2022 08:46 PM PDT

 


दिल्ली के मुंडका में तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई। इनमें फायर ब्रिगेड के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। शाम को लगी आग देर रात तक बुझाई जा सकी। बिल्डिंग में कई कंपनियों के ऑफिस, CCTV कैमरों का गोदाम और फैक्ट्री चल रही थी। शुरुआत में आग पहले फ्लोर पर लगी थी।पश्चिमी दिल्ली के मुंडका की चार मंजिला इमारत में लगी आग ने 27 लोगों की जिंदगी लील ली। 13 मई को शाम करीब 4.30 बजे बिल्डिंग में आग लगना शुरू हुई और जल्द ही आग ने पूरी इमारत को गिरफ्त में ले लिया। रात 10 बजे के बाद ही आग पर काबू पाया जा सकता है। दिल्ली पुलिस के एडिशनल CP वेस्ट समीर शर्मा ने बताया कि अब तक इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। बिल्डिंग के मालिक की तलाश जारी है। हमने बिल्डिंग ऑपरेट करने वालों से डॉक्यूमेंट की मांग की है हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग में 80-100 लोग काम किया करते हैं। हमारी जांच जारी है और हम जल्द ही और गिरफ्तारियां भी करेंगे।इमारत की पहली मंजिल पर CCTV की फैक्ट्री और गोदाम है। यहां शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने भीषण रूप धारण कर लिया था और पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई। फैक्ट्री में काफी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे, जिसमें बड़ी तादाद में महिलाएं थीं। इमारत में प्रवेश और निकास एक ही होने से बचाव कार्य जल्द शुरू नहीं हो सका। जगह काफी कंजस्टेड होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी परेशानी आई।

अब अपने गांव में ही मिलेगी जॉब, उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग ने खाली पदों के लिए जारी किया नोटिफिकेशन

Posted: 13 May 2022 08:45 PM PDT


लखनऊ उत्तर प्रदेश में 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका है। उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग कई जिलों में पंचायत सहायक/ अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर DEO पद पर बंपर भर्ती 2022 करने जा रहा है। डिपार्ट्मेंट द्वारा 9 मई 2022 को जारी विज्ञापन सं.2255/2018-6/203/2021022 माध्यम से ग्राम पंचायतों में खाली पड़े कुल 2783 खाली पदों को भरा जाएगा।उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग ने अपने आधिकारिक वेबसाइट http://panchayatiraj.up.nic.in/ पर एप्लीकेशन फॉर्म और खाली पदों का डिटेल्स जारी कर दी है। आवेदन प्रक्रिया 18 मई से शुरू होगी और 9 जून 2022 तक चलेगी। इच्छुक और योग्य कैंडिडेट को वेबसाइट पर दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म के साथ रिलेटेड डॉक्यूमेंट की कॉपी अपनी ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय या डिस्ट्रिक्ट पंचायत राज अधिकारी के ऑफिस में निर्धारित तारीख तक खुद जाकर या डाक के जरिए भेजना होगा।डिस्ट्रिक्ट पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, विकास खंड कार्यालय और ग्राम पंचायत कार्यालय में मिले आवेदनों को 4 से 9 जून 2022 के बीच संबंधित ग्राम पंचायत को भेजा जाएगा। इसके बाद, 12वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। इस पोस्ट के लिए किसी भी कैंडिडेट को कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। फाइनल मेरिट लिस्ट 18 जून से 25 जून तक जारी किए जाएंगे। ग्राम पंचायत द्वारा सिलेक्टेड कैंडिडेट को 26 जून से 28 जून 2022 तक जॉइनिंग लेटर दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद में 75 अमृत सरोवर का होगा विकास-सांसद

Posted: 13 May 2022 06:09 AM PDT


सुलतानपुर  प्रधानमंत्री  की प्रेरणा से भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 के अन्तर्गत 5000 अमृत सरोवर के निर्माण हेतु प्रत्येक जनपद में 75 अमृत सरोवर निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में 75 अमृत सरोवरों का निर्माण मनरेगा और वित आयोग की धनराशि से कन्वर्जेंस के माध्यम से किया जाएगा । सांसद  मेनका संजय गाँधी की अध्यक्षता में विकास भवन के प्रेरणा सभागार में आज बैठक आयोजित की गयी।सांसद द्वारा बैठक में सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के निर्देशानुसार अमृत सरोवर को रमणीक स्थल के रूप में विकसित व अनुरक्षित के सम्बन्ध में जारी विस्तृत दिशा निर्देश के अनुरूप जनपद में जिला पंचायत द्वारा कम से कम 05 अमृत सरोवरों का निर्माण पूर्ण करायेगी एवं प्रत्येक क्षेत्र पंचायत अपने विकास खण्ड में कम से कम 03 अमृत सरोवरों का विकास मनरेगा/केन्द्रीय वित्त आयोग/राज्य वित्त आयोग की धनराशि से करायेंगे। समस्त अमृत सरोवरों के रख-रखाव की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होगी। उन्होंने कहा कि जीर्णोंद्धार कराये जा रहे तालाबों में तालाब खुदाई 03 स्टेप में, इनलेट एवं आउटलेट, तालाब के चारो तरफ टहलने हेतु वांकिग पथ, तालाब के चारो तरफ वृक्षारोपण, तिरंगा झण्डा रोहण की व्यवस्था, अमृत सरोवर पर उचित गहराई तक सीढ़ियों का निर्माण, तालाब के किनारे बैठने हेतु बेंच का निर्माण व तालाब के चारो तरफ फेसिंग कराया जाय।   जिलाधिकारी रवीश गुप्ता द्वारा सांसद  का जनपद में आगमन पर स्वागत करते हुए अमृत महोत्सव के अवसर पर जनपद में 75 अमृत सरोवर के विकास के सम्बन्ध में चिन्हांकन सूची प्रस्तुत की। उन्होंने सांसद को आश्वस्त किया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में सांसद द्वारा दिये गये सुझाव के अनुरूप जनपद में अमृत सरोवर का विकास सम्बन्धित अधिकारियों के माध्यम से कराया जायेगा। बैठक के अन्त में जिलाधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।  इस अवसर पर  विधायक जयसिंहपुर राज बाबू उपाध्याय, मा0 विधायक कादीपुर राजेश गौतम, मा0 विधायक लम्भुआ सीताराम वर्मा, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) मनोज कुमार पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल, परियोजना निदेशक (डी.आर.डी.ए.) राम उदरेज यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी आर.के. भारती सहित भाजपा पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।    

दूसरी शादी करने जा रहा दूल्हा गिरफ्तार

Posted: 13 May 2022 04:34 AM PDT

 


लखनऊ आगरा जिले  में पहली पत्नी से तलाक लिए बिना दूसरी शादी करने जा रहे युवक को हवालात की हवा खानी पड़ गई। पहली पत्नी से तो विवाद बढ़ ही गया और दूसरी दुल्हन के परिजनों ने दबाव बनाकर उसके छोटे भाई से दुल्हन की शादी करवा दी। पुलिस दूल्हे को थाने ले आई है।पुलिस के मुताबिक, ताजगंज क्षेत्र के नगला मंशा निवासी रक्षेंद्र की शादी 2012 में थाना सदर क्षेत्र निवासी रेखा से हुई थी। रक्षेंद्र प्राइवेट नौकरी करता है। 2014 में उनके एक पुत्री हुई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद जब दोबारा रेखा गर्भवती हुई तो ससुराल वालों ने झगड़ा शुरू कर दिया और उसका अबॉर्शन करवा दिया। इसके बाद 2017 में रेखा ने पति के खिलाफ महिला थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने दिल्ली में भी एक मुकदमा दर्ज कराया। दोनों मुकदमे कोर्ट में विचाराधीन हैं।गुरुवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज इन में रक्षेन्द्र बिना पहली पत्नी को तलाक दिए हुए दूसरा विवाह करने जा रहा था। शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो चुकी थीं और दोनों पक्ष के रिश्तेदार भोजन आदि कर चुके थे। फेरों की तैयारी की जा रही थी, लेकिन शादी की जानकारी होते ही रेखा के परिजन अपने समर्थकों के साथ होटल पहुंच गए और हंगामा कर दिया।पहली पत्नी के परिजनों द्वारा हंगामा करने पर मौके पर पुलिस आ गयी। पहली पत्नी द्वारा साक्ष्य देने के दौरान रक्षेन्द्र कोई जवाब नहीं दे पाया तो पुलिस उसे पकड़ कर थाना ताजगंज ले आई। सारी रात उसे हवालात में काटनी पड़ी।रक्षेन्द्र का सच सामने आने पर जब पुलिस उसे थाने ले गयी तो नई दुल्हन के परिजनों ने रक्षेन्द्र के परिवारीजनों से झगड़ा शुरू कर दिया और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर दी। मामले में पंचायत के बाद दुल्हन की शादी रक्षेन्द्र के भाई से करवा दी गयी। अब रक्षेन्द्र अपनी होने वाली पत्नी का जेठ बन गया है।

पति को मारने के लिए पत्नी ने प्रेमी संग मिल रची 'चूर्ण' वाली साजिश

Posted: 13 May 2022 04:33 AM PDT

 

लखनऊ गाजियाबाद  जिले में 'पति-पत्नी और वो' का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है।जिसे जान पुलिस भी हैरान है।गाजियाबाद में 1 मई को राकेश नाम के शख्स की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है और मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी ने पति को मारने के लिए लवण भास्कर चूर्ण वाली साजिश रची थी और फिर प्रेमी की मदद से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।दरअसल 1 मई को राकेश नाम के व्यक्ति की लाश घर में मिली थी। राकेश की पत्नी कुसुम ने राकेश के परिवार को बताया था कि बीमार होने के चलते अचानक राकेश की मौत हो गई है। इसके बाद राकेश की लाश को उसके पैतृक गांव बुलंदशहर ले जाया गया।लेकिन शक होने पर राकेश के परिवार वालों ने राकेश का पोस्टमार्टम कराया। बस फिर क्या था रिपोर्ट सामने आते ही राज खुल गया।मामले में आज यानी शुक्रवार को पुलिस ने मृतक राकेश की पत्नी कुसुम और उसके साथ दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि कुसुम का पिछले कुछ समय से मनोज नाम के प्रॉपर्टी डीलर से अवैध संबंध चल रहा था।जिसके चलते पत्नी कुसुम ने पति राकेश के लवण भास्कर चूर्ण में नशे की दवाई मिला दी थी और बाद में प्रेमी की मदद से गला घोट कर उसकी हत्या कर दी थी।पुलिस की मानें तो आरोपी पत्नी ने इस मामले को नेचुरल डेथ दिखाने के लिए काफी कोशिश की थी। मगर सफलता हाथ नहीं लगी।परिवार को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ और पोस्टमॉर्टम करवाया गया। तब जाकर आरोपी पत्नी की काली करतूत सामने आई।पुलिस ने जब दबिश देकर पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। पत्नी की चाल जान पुलिस भी हैरान रह गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी कुसुम के अलावा, उसके प्रेमी प्रॉपर्टी डीलर मनोज और उसके साथी को भी गिरफ्तार किया है।

डीएम ने जनता दर्शन में जन समस्याओं का किया निस्तारण

Posted: 13 May 2022 01:06 AM PDT


सुलतानपुर शासन से प्राप्त निर्देशानुसार जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में  जनता दर्शन में आये जन सामान्य की कोविड -19 की टेस्टिंग कराने के पश्चात सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।    जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रो को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण हेतु प्रेषण करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर  करना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का ज्यादा से ज्यादा भला हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस अवसर पर  अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बी0 प्रसाद सहित जनता दर्शन में आये जन सामान्य  उपस्थित रहे। 

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी चलने की संभावना

Posted: 12 May 2022 11:49 PM PDT

 


लखनऊ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी 24 घंटों में तेज हवाओं के चलने, तो कहीं आंधी आने की संभावना है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बारिश के कोई आसार नहीं है।अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, बस्ती, गोरखपुर समेत कई जिलों में बीते तीन दिनों से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को सबसे ज्यादा उमस रही। इससे लोग बेहाल नजर आए। उत्तरी पूर्वी दिशा से चल रही हवा से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गई। तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार लोगों को आने वाले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी से निजात नहीं मिलेगी। आने वाले दिनों में एक बार फिर तापमान में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रो अमर नाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं और आंधी चल सकती है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ा राहत मिलेगी। बारिश के कोई आसार नहीं है। गौरतलब है कि अयोध्या समेत विभिन्न जनपदों में 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान दर्ज किया गया। वहीं रात में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा है। मौसम विभाग की माने तो रात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।

निराश्रितों, गरीबों, पात्र वृद्ध किसानों को यूपी सरकार 12 हजार रुपए वार्षिक दे रही है पेंशन

Posted: 12 May 2022 10:50 PM PDT


लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार समाज के गरीबों, किसानों, असहायों, निराश्रितों के विकास के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाकर उनकों हर तरह की सहायता कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार का समाज कल्याण विभाग बुजुर्गों व किसानों के लिए वृद्धावस्था/किसान पेंशन योजना चला रही है। इस योजनान्तर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे स्त्री-पुरूष जिनकी वार्षिक आय ग्रामीण क्षेत्र में 46080 रू0 व शहरी क्षेत्र में 56460 रू0 तक के असहाय, वृद्ध गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले लोग पेंशन पाने के पात्र हैं। इस आयु एवं आय सीमा के अन्तर्गत आने वाले वृद्ध किसान भी पात्र होते हैं। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले बुजुर्गों को प्रदेश सरकार पेंशन देकर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।प्रदेश सरकार की वृद्धावस्था/किसान पेंशन योजनान्तर्गत लाभार्थियों का चयन ग्रामीण स्तर पर ग्राम पंचायत की खुली बैठक मेें होता है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को भेजा जाता है। इस योजनान्तर्गत लाभ पाने के लिए आवेदन ऑनलाइन भी किया जाता है। ऑनलाइन आवेदन करते समय लाभार्थी का फोटो, जन्म/आयु प्रमाण पत्र, पहचान प्रमाण पत्र (वोटर आई0डी0/आधार कार्ड/राशन कार्ड) बैंक पासबुक की फोटोकापी, निवास व आय प्रमाण पत्र लगाना पड़ता है। प्रदेश सरकार अब सभी पेंशन के पात्रों के आवेदन ऑनलाइन भरने पर बल दे रही है। ऑनलाइन आवेदन करने से आवेदन पत्र सम्बंधित कार्यालय में समय से व निश्चितता के साथ पहुंचता है। इस प्रक्रिया से आवेदन पत्र प्राप्त होने की निश्चितता रहती है। पेंशन के प्राप्त प्रस्ताव को जांचोपरान्त मंजूर करते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा सम्बंधित लाभार्थी के बैंक खाते में 1000 रू0 प्रतिमाह की दर से पेंशन भेजी जाती है। उसी तरह शहरी क्षेत्रों में सम्बंधित उपजिलाधिकारी/सिटी मजिस्टेªेट के माध्यम से आनॅलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों का चयन करते हुए समाज कल्याण विभाग को पात्रों की सूची व आवेदन पत्र भेजे जाते हैं, जहां से उन्हें प्रतिमाह रू0 1000 की दर से सालाना 12000 रू0 पेंशन दी जा रही है।वृद्धावस्था/किसान पेंशन योजनान्तर्गत 60 वर्ष से 79 वर्ष तक की आयु के पेंशनरों को रू0 1000 प्रतिमाह की दर से दी जा रही पेंशन में रू0 800 राज्यांश एवं 200 रू0 केन्द्रांश होता है। इसी प्रकार 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वृद्धजनों को दी जा रही 1000 रू0 की पेंशन का रू0 500 राज्यांश व 500 रू0 केन्द्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है।प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का ध्येय है कि प्रदेश के सभी पात्रों को इस पेंशन योजना का लाभ मिले। यही कारण है कि जहां वर्ष 2017-18 में 3747321 लाभार्थी थे वही वर्ष 2021-22 में 56 लाख लाभार्थी हो गये हैं। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पात्र 18.53 लाख नवीन पेंशनरों को लाभान्वित किया जा रहा है। सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन देने के लिए सरकार ने वर्ष 2021-22 में 427752.59 लाख रूपये व्यय किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने कोरोना काल में सभी पेंशनार्थियों को एडवांस में पेंशन भिजवाया था, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की आर्थिक समस्या नहीं आई। सरकार की इस योजना से प्रदेश के निःसहाय, निराश्रित, सभी पात्र गरीबों का लाभान्वित किया जा रहा है। एक वर्ष में 12,000 रूपये पाकर पेंशनार्थियों को आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर हुए हैं।

संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के PF में करोड़ों का घपला

Posted: 12 May 2022 10:27 PM PDT

 


लखनऊ स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मियों के भविष्य निधि (PF) में करोड़ों रुपये का घालमेल हो गया है। आउटसोर्सिंग एजेंसियों ने कर्मचारियों के मानदेय से PF की कटौती की लेकिन उस रकम को खाते में जमा नहीं किया। लखनऊ सहित 25 जिलों में यह प्रकरण सामने आ चुका है। ऐसे में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. वेदब्रत सिंह ने सभी CMO व CMS को मामले की पड़ताल करने का निर्देश दिया है।स्वास्थ्य विभाग में कोविड 19 व अन्य कार्यक्रमों के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसियों के जरिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इन एजेंसियों का चयन जिला स्वास्थ्य समिति करती है जिसके अध्यक्ष संबंधित जिलों के जिलाधिकारी हैं। प्रदेश भर में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की संख्या 15 हजार से अधिक है। इनके मानदेय से PF कटौती होती है। पर आउटसोर्सिंग एजेंसियों ने मानदेय भुगतान करते वक्त कर्मचारी के हिस्से की PF रकम की कटौती तो कर ली, लेकिन उसे खाते में जमा नहीं किया। लखनऊ में इस तरह का मामला सामने आया तो कर्मचारियों में खलबली मच गई। अब हर जिले में इस तरह का मामला खुल रहा है। खास बात यह है कि कई मुख्य चिकित्साधिकारियों ने एजेंसियों को नोटिस जारी करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक सहित अन्य उच्चाधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी, लेकिन सभी इस मुद्दे पर मौन हैं। उधर, कर्मचारी संगठन लगातार शिकायतें कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि एजेंसियां कर्मचारियों के खाते में जमा होने वाली रकम को दूसरे काम में लगाती हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो कुछ रकम खाते में जमा कर देती हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की मिलीभगत से यह खेल लगातार चलता रहता है।लखनऊ के एक कर्मचारी ने ईपीएफओ खाते का विवरण निकाला तो पता चला कि उसके  खाते में फरवरी और अप्रैल की रकम जमा है, लेकिन मार्च 2021 से अब तक के अन्य माह की रकम जमा नहीं की गई है। गोरखपुर में कार्यरत कर्मचारी को मार्च से सितंबर 2021 का बकाया जमा किया गया है। इसके बाद नहीं जमा किया गया है। फर्रुखाबाद के कर्मचारी की सितंबर 2021 से अब तक की रकम नहीं जमा की गई है। बरेली में भी इसी तरह का खेल हुआ है।लखनऊ में 200 से अधिक कर्मचारियों की रकम पीएफ खाते में जमा नहीं की गई है। कर्मचारियों की शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों का मार्च से भुगतान रोक दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि पहले हर कर्मचारी के PF खाते में बकाया राशि जमा की जाए। तभी आगे का भुगतान किया जाएगा। साथ ही यह चेतावनी दी है कि 15 मई तक बकाया रकम जमा नहीं की गई तो कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह संतकबीरनगर के मुख्य चिकित्साधिकारी ने 11 मई को जिले में कार्यरत एजेंसी को नोटिस जारी किया है। निर्देश दिया है कि तीन दिन के अंदर कटौती एवं भुगतान का विवरण दिया जाए।सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि जिन एजेंसियों ने ईपीएफ खाते में रकम जमा नहीं की है, उससे बात करके रकम जमा कराएं। कई एजेंसियों को नोटिस भी जारी किया गया है। एजेंसियों को हर हाल में कर्मचारियों की रकम जमा करनी होगी।डॉ. वेदब्रत सिंह महानिदेशक स्वास्थ्य

यूपी के मंत्रियों के साथ 16 मई को मीटिंग करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

Posted: 12 May 2022 10:24 PM PDT


लखनऊ 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के सभी मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे।योगी कैबिनेट में शामिल सभी मंत्रियों को RT-PCR कराने के लिए बोला गया है। दरअसल भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 16 मई को नेपाल के लुंबिनी में एक कार्यक्रम प्रस्तावित है।उनका विमान कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेगा और वह यहां से हेलीकॉप्टर से लुंबिनी पहुंचेंगे। यहां से वापसी के समय वह लखनऊ आएंगे और उत्तर प्रदेश के सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।इसके बाद रात्रिभोज में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास 5 कालीदास मार्ग पर प्रधानमंत्री के सम्मान में इस रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।  योगी 16 मई को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। इसके बाद वह गोरखपुर पहुंचेंगे और यहीं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में कुशीनगर जाएंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के दृष्टिगत सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वे अपनी कोरोना संक्रमण की जांच करा लें उन्हें 16 मई की सुबह तक अपनी कोरोना जांच रिपोर्ट देनी होगी। कोरोना जांच रिपोर्ट 48 घंटे से पुरानी नहीं होनी चाहिए। 

होटल में पुलिस ने अचानक की छापेमारी,आपत्तिजनक हालत में 5 जोड़े गिरफ्तार

Posted: 12 May 2022 10:34 PM PDT

 


लखनऊ जौनपुर जिले में पुलिस ने एक होटल में छापेमारी की कार्रवाई कर बड़ा खुलासा किया है। होटल के कमरे में आपत्तिजनक हालत में 5 जोड़े को गिरफ्तार किया है। जबकि होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।जलालपुर पुलिस ने वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर दरवेशपुर गांव के पास स्थित होटल में छापेमारी के बाद पांच जोड़े युवक- युवतियों को गिरफ्तार किया है। होटल को सील कर दिया गया।पांचों जोड़ों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। होटल मालिक का कहना है कि सभी खाना खाने आए थे। खाने से पहले कमरों में नहाने गए थे।इस मामले में होटल के मैनेजर राम आसरे यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। होटल मालिक का कहना है कि होटल में ठहरे सभी लोग बालिग थे। सभी को नियमानुसार होटल में कमरा बुक करने के बाद दिया गया था।केराकत के CO ने बताया कि गुरुवार को क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि जलालपुर कस्बे से सटे लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर दरवेशपुर गांव में स्थित खुशी होटल में महिला पुलिस को मौके पर बुलाकर छापेमारी की।होटल में पांच जोड़े आपत्तिजनक हालत में पाये गये। उधर पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद सभी 11 लोगों के विरुद्ध देहव्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। होटल को सील कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।वहीं होटल में छापेमारी की कार्रवाई की सूचना मिलते ही जिले के अन्य होटल संचालकों में खलबली मची हुई है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान का किया औचक निरीक्षण

Posted: 12 May 2022 08:44 AM PDT


लखनऊ यूपी के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ एवं शिशु कल्याण मत्री  ब्रजेश पाठक ने आज गुरुवार को गोमतीनगर स्थित राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में मेडिसिन स्टोर पर दवाईयों की उपलब्धता एवं उनके रख-रखाव क़ा निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्टोर में विगत 05 वर्षों में 248668 वैधता समाप्त दवाओं का ब्योरा पाया गया, जिन्हें सम्बन्धित कम्पनियों को वापस किया जाना चाहिए था। संस्थान द्वारा ऐसा न करने पर  उपमुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित को फटकार लगायी।

साथ ही सचिव, चिकित्सा शिक्षा  जी0एस0 प्रियदर्शी की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित करते हुए शीघ्र जांच पूर्ण करनें के निर्देश दिये गये।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि लोहिया संस्थान में हॉस्पिटल रिवाल्विंग फण्ड के तहत दवाओं की खरीद की जाती है। यह दवाएं मरीजों को सस्ती दर पर मिलनी चाहिए थी परन्तु न ही समय पर मरीजों में यह दवाएं बांटी गयी और न ही एक्सपॉयर दवाएं समय से कम्पनी को लौटायी गयी। दवाओं के एक्सपॉयर होने से सरकारी धन का दुरूपयोग हुआ है। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सर्वर रूम में बन्द पड़े कम्प्यूटर एवं प्रिंटर पर धूल जमी पाये जाने पर सम्बन्धित को फटकार लगाते हुए साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से मिल कर चिकित्सा व्यवस्था एवं उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को परिवार का सदस्य मान कर उनकी देखभाल की जायें एवं बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सेवायें प्रदान की जायें। संस्थान में पीने का पानी, स्ट्रेचर एवं व्हील चेयर आदि की समुचित व्यवस्था रखते हुए उन्हें साफ-सुथरा एवं क्रियाशील रखा जाय। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान संस्थान में चल रहे भोजन वितरण का भी जायजा लिया ।

सीडीओ की अध्यक्षता में ग्रामीण चौपाल का हुआ आयोजन

Posted: 12 May 2022 08:24 AM PDT


सुलतानपुर  मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में विकास खण्ड दूबेपुर के ग्राम पंचायत करौंदिया देहात में आयोजित ग्रामीण चौपाल में लाभार्थीपरक योजनाओं एवं जन कल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित ग्रामीणों के समस्याओं की जनसुनवाई की गयी, जिसमें सम्बन्धित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित लाभार्थी उपस्थित रहे।

डीएम व सीडीओ ने ग्राम पंचायत बरौंसा में जल निगम द्वारा निर्मित पानी की टंकी व सामुदायिक शौंचालय का किया औचक निरीक्षण

Posted: 12 May 2022 05:28 AM PDT


सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से विकास खण्ड जयसिंहपुर के ग्राम पंचायत बरौंसा के कपूरपुरवा ग्राम में ठोस तरल अवशिष्ट प्रबंधन को लेकर निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान ठोस कूड़े कचरे का टैंक कच्चे गडढ़े का बना होने के कारण जिलाधिकारी द्वारा खण्ड विकास अधिकारी जयसिंहपुर को निर्देशित किया गया कि ठोस तरल अवशिष्ट प्रबन्धन हेतु पक्के टैंक का निर्माण कराया जाय तथा प्रत्येक घर का सर्वे सघन रूप से कर प्लान तैयार किया जाय।

तदनुसार कार्यवाही कराकर स्वच्छ बनाया जाय, जिससे ग्राम पंचायत में स्वच्छता अनवरत रूप से बनी रहे। ग्राम पंचायत बरौंसा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राज्य वित्त आयोग व मनरेगा कन्वर्जेंस से निर्मित सामुदायिक शौंचालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौंचालय के अन्दर लगाये गये नल, पानी, फर्श, दरवाजे आदि का जायजा लिया तथा साफ-सफाई के निर्देश दिये।तत्पश्चात डीएम व सीडीओ द्वारा बरौंसा ग्राम पंचायत में जल निगम द्वारा बनाये गये पानी की टंकी का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी के परिसर में साफ-सफाई न होने तथा टंकी में पानी नहीं होने तथा स्टैण्ड पोस्ट में पानी की सप्लाई न होने के कारण केयर टेकर मनराज गौड़ को निर्देशित किया गया कि टैंक किसी भी दशा में खाली न रहे, जिससे ग्राम वाशियों को पानी की दिक्कत का सामना न करना पड़े, परिसर की साफ-सफाई अवश्य करा लें। ज्ञात हो कि उक्त पानी की टंकी से 24 मजरो में पानी सप्लाई किया जाता है।   जिलाधिकारी द्वारा खण्ड विकास अधिकारी जयसिंपुर को निर्देशित किया गया कि वर्तमान में पानी की टंकी जल निगम के पास है, जिसे ग्राम पंचायत को हैण्डओवर कर दिया जाय, जिससे टंकी का संचालन सुचारू रूप से होता रहे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि पानी की टंकी को हैण्ड ओवर करने की सूचना मेरे कार्यालय को अवश्य दी जाय। इस अवसर पर जिला पंचायतराज अधिकारी आर.के. भारती, विकास खण्ड अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सहित आदि उपस्थित रहे।

Post Bottom Ad

Pages