सुल्तानपुर टाइम्स |
- 24 घंटे में अधिशासी अधिकारी ने पार्किंग वसूली के जारी किए 2 निर्देश, पहले लगाई रोक अब दिया वसूली का आदेश
- यूपी बजट 2022 में 5 नए ATS सेंटर बनाने का ऐलान,2 करोड़ छात्रों को मुफ्त स्मॉर्ट फोन और लैपटॉप बांटने का ऐलान
- जयंत चौधरी जाएंगे राज्यसभा, सपा-आरएलडी गठबंधन से संयुक्त प्रत्याशी
- योगी 2.0 का पहला बजट आज,6.10 लाख करोड़ का हो सकता है
- बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक निलंबित
| Posted: 26 May 2022 02:09 AM PDT सुलतानपुर नगरपालिका परिषद वर्तमान समय में सत्ताधारियों की रार में पिस कर रह गई है। इसका प्रमाण यह है कि बुधवार को यहां टैक्सी स्टैंड पर ठेका वसूली पर अधिशासी अधिकारी ने रोक लगाया और 24 घंटे बाद पुनः निर्देश जारी किए कि वसूली की जाएगी। जिसको लेकर अब चर्चाओं का बाजार गर्म है।उल्लेखनीय रहे कि बुधवार को नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने अपर मुख्य सचिव (गृह) व नगर विकास विभाग के आदेशों का हवाला देते हुए सड़क सुरक्षा और बिना अवस्थापना सुविधाओं के संचालित पार्किंग को बंद करने का निर्देश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि इस शासनादेश के तहत नगरपालिका क्षेत्र में संचालित पार्किंग स्टैंड का निरीक्षण किया गया जो मूलभूत सुविधाओं के मानक के अनुरूप नहीं है। इसको लेकर उन्होंने निर्देश दिए थे कि 25 मई से टैक्सी-टैम्पो पार्किंग शुल्क वसूली पर रोक लगाई जाती है। गुरुवार को अधिशासी अधिकारी ने दूसरा पत्र जारी कर कहा है कि पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग वसूली का जो आदेश जारी हुआ था उसे अग्रिम आदेश तक स्थगित किया जा रहा। उन्होंने हवाला दिया है कि अध्यक्ष नगर पालिका बबिता जायसवाल नगर से बाहर हैं इसलिए उनका अनुमोदन नहीं मिला है। दूरभाष पर उन्होंने निर्देश दिया है कि इस आदेश से नगर पालिका को घोर वित्तीय क्षति होगी। ऐसे में इस आदेश को निरस्त कर दें।जिसके बाद इस आदेश को निरस्त किया जा रहा है। |
| Posted: 26 May 2022 12:10 AM PDT लखनऊ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उत्तर प्रदेश सरकार का बजट पेश किया।वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। 186 भू-माफिया जेल में हैं। वहीं 4274 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। खन्ना ने बताया कि प्रदेश में आतंकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मेरठ, बहराइच, आजमगढ़, कानपुर और रामपुर में ATS सेंटर बनाए जाएंगे। वहीं, देवबंद में ATS सेंटर बन रहा है।सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश के 1535 थानों पर महिला हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। इसके साथ ही 2740 महिला पुलिसकर्मियों को 10,370 महिला बीट दी गई हैं।सुरेश खन्ना ने बताया कि यूपी 112 की सेवाओं को और अच्छा बनाने के लिए 730 करोड़ 88 लाख रुपए दिए जाएंगे। प्रदेश में थानों की सुरक्षा के लिए, नए हथियारों की खरीद के लिए 250 करोड़ का बजट दिया जाएगा। वहीं बजट में सेफ सिटी योजना में लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज के लिए 523 करोड़ 34 लाख रुपए दिए जाएंगे।जो नए जिले बने हैं वहां पुलिसकर्मियों के आवास और बाकी दूसरे भवनों के लिए 300 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही सुरेश खन्ना ने बताया कि लखनऊ में उत्तर प्रदेश फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट बन रहा है।बजट पेश करते वक्त सुरेश खन्ना ने कहा था, "युवा शक्ति एवं ऊर्जा समाज के विकास का सशक्त वाहक है। प्रदेश के युवाओं के कौशल को निखारना हमारी प्राथमिकता है ताकि वह रोजगार पा सके।"सरकार के मुताबिक 2020-21 में कैरियर काउंसलिंग के 943 कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें 52 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इसे आगे और बढ़ाया जाएगा।नेशनल कैरियर सर्विस प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर मॉडल कैरियर सेंटर बनाने की योजना का ऐलान किया गया। हालांकि इसके लिए बजट की बात नहीं कही गई।उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत पिछले 4 साल में 7 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षित किया गया। इसमें 3 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया।उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा 2022-23 में लगभग 2 लाख युलवाओं का रजिस्ट्रेशन करके उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी।सुरेश खन्ना ने बताया कि स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिये 1500 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2020 के तहत अगले पांच साल में कम से कम एक तथा कुल 100 इन्क्यूबेटर्स और 10,000 स्टार्टअप्स की स्थापना की जाएगी।वित्त मंत्री ने बताया कि अब तक 47 इन्क्यूबेटर्स कार्यरत हैं तथा 5600 से अधिक स्टार्टअप्स रजिस्टर हो गए हैं।महिलायों के कौशल विकास योजना के लिए 20 करोड़ रुपए प्रस्तावित है।49 निर्माणाधीन राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज जल्द शुरू किए जाएंगे। इन्हें आने वाले समय में पीपीपी मोड में संचालित किया जाता है।प्रदेश में 4 राजकीय आईटीआई संस्थान को मॉडल आईटीआई संस्थान के रूप में विकसित करने की व्यवस्था प्रस्तावित है।सुरेश खन्ना ने ऐलान किया कि अगले पांच साल में 2 करोड़ युवाओं को मुफ्त टैबलेट और स्मॉर्ट फोन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 में 12 लाख छात्रों को स्मॉर्ट फोन और टैबलेट दिए गए थे।युवा वकीलों को कार्य के शुरूआती 03 वर्षों के लिए किताब एवं पत्रिका क्रय करने हेतु आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने के लिये 10 करोड़ रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिये 1500 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से 25 दिसम्बर 2021 से निःशुल्क टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण योजना प्रारम्भ की गई है।पिछले बजट में अमेठी, बलरामपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए 175 करोड़ रुपए जारी किए गए। 13 जिले जिसमें गोण्डा, बिजनौर, सुल्तानपुर, कुशीनगर, लखीमपुर-खीरी, चंदौली, सोनभद्र, बुलंदशहर, औरैया, कानपुर देहात, पीलीभीत और कौशांबी शामिल हैं। यह बन रहे मेडिकल कॉलेज या फिर नए कॉलेज के निर्माण के लिए 1,950 करोड़ रुपए का बजट जारी हुआ।प्रतापगढ़, एटा, हरदोई, फतेहपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, गाजीपुर, मिर्जापुर में 2021 से शिक्षण सत्र शुरू हुआ। इसके लिए 960 करोड़ रुपए जारी किए गए।मैनपुरी, झांसी और अमेठी में बन रहे सैनिक स्कूल और गोरखपुर में एक नया सैनिक स्कूल खोलने के लिए 90 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया था। सरकारी सहायता प्राप्त प्राइवेट विद्यालयों के विकास के लिए 200 करोड़ रुपए बजट में प्रस्तावित थे। |
| जयंत चौधरी जाएंगे राज्यसभा, सपा-आरएलडी गठबंधन से संयुक्त प्रत्याशी Posted: 25 May 2022 10:55 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल से जयंत चौधरी राज्यसभा के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। सपा और रालोद में इसको लेकर सहमति बन गई है।पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर पर प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद एलान किया गया कि गठबंधन की तरफ से जयंत चौधरी राज्यसभा के प्रत्याशी होंगे। वहीं सूत्रों का कहना है कि डिंपल यादव आजमगढ़ से उप चुनाव लड़ सकती है। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के तेजतर्रार नेता रहे कपिल सिब्बल अब सपा के समर्थन से राज्यसभा जाएंगे। बुधवार को उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया।राज्यसभा में उत्तर प्रदेश कोटे की 31 में से 11 सदस्यों का कार्यकाल 4 जुलाई 2022 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन के दूसरे दिन कपिल सिब्बल ने नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पार्टी विधायक और सिब्बल के परिवार के सदस्य मौजूद थे। बाद में राज्यसभा के पूर्व सदस्य और संभल के जावेद अली ने सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया।सिब्बल ने राज्यसभा चुनाव में सपा के समर्थन के लिए अखिलेश यादव का आभार जताते हुए कहा कि वह राज्यसभा में यूपी की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि वह 16 मई को ही कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।राज्यसभा की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है। विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के हिसाब से भाजपा के सात और सपा के तीन राज्यसभा सदस्य चुना जाना तय है। एक सीट के लिए दोनों में संघर्ष हो सकता है। पर बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सिर्फ तीन सीट पर ही उम्मीदवार उतारेगी। इसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा के आठ और सपा के तीन सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन होगा। |
| योगी 2.0 का पहला बजट आज,6.10 लाख करोड़ का हो सकता है Posted: 25 May 2022 10:01 PM PDT लखनऊ योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला बजट बृहस्पतिवार को वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना सुबह 11 बजे विधानसभा में पेश करेंगे। बजट में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए वादों को निभाने पर जोर होगा। वित्त वर्ष 2022-23 के बजट का आकार 6.10 लाख करोड़ रुपये पार करने की संभावना है। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा।पिछला बजट 5,50,270.78 करोड़ रुपये का था। सुरेश खन्ना ने बुधवार को बजट को अंतिम रूप दे दिया। सदन में पेश किए जाने से पहले बजट को कैबिनेट की बैठक में पास कराया जाएगा।सत्ताधारी दल भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 'लोक कल्याण संकल्प-पत्र' जारी किया था। सूत्रों का कहना है कि इस बजट में संकल्प-पत्र के वादों को पूरा करने पर ध्यान दिया जा रहा है। ज्यादातर वादों पर अमल की घोषणा किसी न किसी रूप में किए जाने की उम्मीद है। करीब 6.10 लाख करोड़ रुपये के बजट प्रस्ताव में लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये (पूंजीगत मद) विकास कार्यों और नई योजनाओं के लिए उपलब्ध कराए जा सकते हैं।सरकार का पिछले कार्यकाल के पहले बजट की तरह दूसरे कार्यकाल के पहले बजट का फोकस भी किसानों पर ही रहने की संभावना है। 2017-18 के बजट में किसानों की कर्जमाफी की गई थी।2022-23 के बजट में संकल्प पत्र की सबसे अहम घोषणाओं में शामिल किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली की सौगात दी जा सकती है। इस वादे पर अमल के लिए राज्य सरकार को सालाना करीब 1845 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करना होगा। महिलाओं व युवाओं से जुड़ी कई योजनाओं का भी एलान संभव है। |
| बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक निलंबित Posted: 25 May 2022 10:00 PM PDT लखनऊ योगी सरकार ने बलिया के अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी को निलंबित करते हुए DGP मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया है।एडीजी प्रशासन पीसी मीना ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।इससे पहले अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की तरफ से कार्यालय आदेश जारी किया गया। इसमें ASP को मंडलाधिकारी विशेष शाखा अभिसूचना विभाग की गोपनीय जांच में दोषी पाए जाने का जिक्र है। आदेश में कहा गया है कि ASP बलिया विजय त्रिपाठी बैरिया थाना क्षेत्र स्थित चकिया गांव निवासी विकास कुमार सिंह को खुफिया अधिकारी बताते थे जबकि वह वाराणसी में दवा का व्यवसाय करता है। विकास कभी लोगों को बताता था कि व सचिवालय में है तो कभी बताता था कि वह रॉ में काम करता है।विकास जब भी अपने गांव चकिया आता था तो वह ASP अक्सर उससे मिलने उसके घर जाते थे और उसके घर खाना-पीना भी करते थे। ASP से अपनी नजदीकी होने का धौंस देकर उसके द्वारा पुलिस थानों पर काम कराए जाने की बात भी प्रकाश में आई।शासन की गोपनीय जांच में दो तत्कालीन थानाध्यक्ष नगर संजय सरोज और तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक बैरिया शिव शंकर सिंह ने भी इसकी पुष्टि की. दोनों ने बताया कि ASP विकास को इंटेलीजेंस का अधिकारी बताते थे।जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन ने माना कि प्राइवेट व्यक्ति विकास कुमार सिंह के माध्यम से ASP विजय त्रिपाठी द्वारा धन लाभ की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। आदेश में कहा गया है कि ASP की यह कार्यशैली एवं आचरण पूर्णतया संदिग्ध है। जो राजपत्रित अधिकारी के शासकीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के विपरीत है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |





