सुल्तानपुर टाइम्स |
- समाज में सकारात्मकता फैलाने वाली लेखनी की जरूरत - पवनपुत्र बादल
- ज्ञानवापी मामला कोर्ट ने सर्वे रिपोर्ट देने के लिए दिया दो दिन का समय
- खुलासे से आश्वस्त फोटोग्राफर एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक का जताया आभार
- डीएम व सीडीओ ने जूनियर हाईस्कूल दूबेपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण
- सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया निर्देश बच्चों का कोरोना टीकाकरण अभियान तेज करें
- पत्नी को पता ही नहीं चला, हो गया है तलाक
- जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में जन समस्याओं का किया निस्तारण
- पकड़े गए प्रेमियों का ग्रामीणों ने करवाया विवाह
- आर्मी हेडक्वार्टर साउथ कमांड में 10वीं, 12वीं पास के लिए वैकेंसी
- केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में 31 मई तक पंजीकरण फुल
- सीएम योगी के ट्वीट से मिले संकेत,इलाहाबाद, फैजाबाद के बाद अब लखनऊ का बदलेगा नाम
| समाज में सकारात्मकता फैलाने वाली लेखनी की जरूरत - पवनपुत्र बादल Posted: 17 May 2022 05:50 AM PDT सुलतानपुर हिंदी सलाहकार समिति विदेश मंत्रालय भारत सरकार के सदस्य व राष्ट्रधर्म पत्रिका के प्रबंधक डॉ. पवनपुत्र बादल ने आज यहां कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिये ऐसी लेखनी की जरूरत है जो भारत को भारत से जोड़ने में मददगार हो। ऐसी लेखनी हो जो समाज को एक नई और सकारात्मक दिशा दें। आज की जरूरत है कि सकारात्मक और प्रेरणादाई खबरें जरुर लिखी जाय। विश्व संवाद केंद्र काशी एवं प्रचार विभाग की ओर से महर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान सममरोह में 'आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका' विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। नगर के दुल्हन मैरिज हॉल में आयोजिए इस कार्यक्रम को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित करते हुए डॉ बादल ने कहाकि 'महर्षि नारद ने लोककल्याण और लोकमंगल का काम किया। यह भारत की परंपरा भारत के मूल में है। औपनिवेशिक ताकतों द्वारा भारत की सनातन परम्पराओं को बिगाड़ने की गहरी साजिश की गई। जिसके कारण हम नारद के चरित्र को ठीक से समझ नहीं पाये। उन्होंने कहाकि भारत की संस्कृति सनातन अध्यक्ष हमें जोड़ने का काम करती है। एक षड्यंत्र के तहत भारत के तन ,मन, संस्कति से हमें दूर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब आंधी आती है तो हम घर के दरवाजे को अच्छे से बंद करने का प्रयास करते हैं ताकि आंधी की हवा के साथ गंदगी घर के अंदर प्रवेश न कर सके ठीक उसी प्रकार हमें समाज मे गन्दगी ना आने का प्रयास करना चाहिए। इससे पहले संघ विभाग संघचालक डॉ.रमाशंकर मिश्र ने प्रस्तावना रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया। जिले के वरिष्ठ पत्रकार व हिंदुस्तान के उप संपादक दिनेश दुबे ने कहाकि आंख मूंद कर पत्रकारों पर भरोसा करने वालों की संख्या सर्वाधिक है। यह भरोसा कायम रहे इसलिए हमें सतर्क और सजग रहना होगा। साथ ही देश काल और संस्कृति से जनता कैसे जुड़े इस पर भी मीडिया जगत को सोचना होगा। अध्यक्षता कर रहे राणा प्रताप डिग्री कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ इंद्रमणि कुमार ने कहाकि आज की पत्रकारिता अगर सत्ता,बाजार और सौंदर्य लिप्सा से मुक्त नहीं हुई तो देश के सामने अनेक तरह के खतरे खड़े हो जायेंगे। इस मौके पर जिले के पांच पत्रकार संगठनों के जिला अध्यक्षों पत्रकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अवधेश शुक्ला, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष दर्शन कुमार साहू, उपजा के जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी, भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के जिला अध्यक्ष अनुराग द्विवेदी व सुलतानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव को अंगवास्त, प्रतीक चिन्ह व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रामराजी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की संगीत आचार्य रोली श्रीवास्तव के संयोजन में अंजलि यादव, सौम्या मिश्रा, गरिमा मिश्रा, कशिश मौर्य, त्रयम श्रीवास्तव ने गीत के साथ सरस्वती वंदना ,स्वागत गीत की शानदार प्रस्तुति दी। संचालन वरिष्ठ पत्रकार सत्य प्रकाश गुप्ता व आभार ज्ञापन विभाग प्रचार प्रमुख एडवोकेट विनोद कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में प्रख्यात चिकित्सक डॉ ए के सिंह, डॉ पवनेश मिश्र, जिला प्रचार प्रमुख व शासकीय अधिवक्ता शेषमणि, नगर प्रचार प्रमुख रविंद्र प्रताप सिंह, विभाग प्रचारक अजीत जी, अजय कुमार सिंह, पत्रकार दयाशंकर गुप्ता, विजय पाण्डेय , ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह 'रवि' , कृष्ण चंद्र पाठक, श्याम चंद्र श्रीवास्तव , सुरेश मौर्य, जितेंद्र मिश्रा ,इन्द्रनारायण तिवारी समेत अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे । |
| ज्ञानवापी मामला कोर्ट ने सर्वे रिपोर्ट देने के लिए दिया दो दिन का समय Posted: 17 May 2022 05:44 AM PDT लखनऊ ज्ञानवापी मस्जिद विवाद मामले में वाराणसी सिविल कोर्ट ने सर्वे और वीडियोग्राफी की रिपोर्ट पेश करने के लिए दो दिन का और समय दे दिया है। अब इस मामले में कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। वहीं इससे पहले कोर्ट कमिश्नर अजय मिश्रा को मामले से हटा दिया गया है।उन पर आरोप है कि उन्होंने सर्वे और वीडियोग्राफी से संबंधित जानकारी मीडिया में लीक की। इसके बाद उन पर ये कार्रवाई की गई है। अब अन्य कोर्ट कमिश्नर और प्रशासन को कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने के लिए दो दिन का समय और मिल गया है।अजय मिश्रा और अजय प्रताप सिंह के खिलाफ विशेष आयुक्त विशाल सिंह ने कोर्ट में लिखित शिकायत की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि अजय मिश्रा और सिंह दोनों ही इस पूरी कार्रवाई में सहयोग नहीं कर रहे हैं।इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि अजय मिश्रा मस्जिद के सर्वे के दौरान अपने साथ एक निजी फोटोग्राफर को भी परिसर में ले गए थे। इसी फोटोग्राफर ने फोटो और अन्य सूचनाएं मीडिया में लीक कर दीं।वहीं मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि इस मामले की सुनवाई निचली अदालत में चल रही है। ऐसे में जरूरी है कि जिला अदालत के फैसले का इंतजार किया जाए।उच्चतम न्यायालय में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी परिसर के सर्वेक्षण के खिलाफ ज्ञानवापी मस्जिद प्रबंधन की याचिका पर सुनवाई जारी है। एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के बीच शीर्ष अदालत मामले की सुनवाई कर रही है क्योंकि वाराणसी की एक अदालत ने सोमवार को वहां के जिला प्रशासन को उस परिसर के अंदर सर्वेक्षण स्थल को सील करने का निर्देश दिया।जहां सर्वेक्षण दल को कथित रूप से शिवलिंग मिला है। |
| खुलासे से आश्वस्त फोटोग्राफर एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक का जताया आभार Posted: 17 May 2022 05:16 AM PDT सुलतानपुर पखवारे भर पूर्व लगभग तीन लाख की कैमरे की लूट के बाद पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को पकड़ कर जेल भेजने की कार्रवाई की। इस सफलतापूर्वक खुलासे पर सुल्तानपुर फोटोग्राफर एसोसिएशन ने आज डीआईजी /पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन मिश्रा को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया एसओजी टीम का जताया आभार।पीड़ित फोटोग्राफर सुनील शर्मा ने अपने दोनों कैमरे वापस मिलने पर खुशी जताई और कहा कि एसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच प्रभारी अकरम खान व उनकी सर्विलांस टीम ने बहुत कम समय में मामले का खुलासा कर दिया।दो बदमाशों को भेजा गया जेल। क्या था मामला❓ तमंचा सटाकर तीन लाख का कैमरा छीना था करीब 15 दिन पूर्व बर्थडे में शूटिंग के लिए दो हजार एडवांस देकर बहाने से धोखे से विनोवपुरी मोहल्ला बुलाया और सुनसान पाकर तमंचा सटाकर हुई थी दो कीमती वीडियो कैमरों की लूट।पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ कोतवाली नगर में दर्ज हुआ था मुकदमा। अन्नपुर्णा होटल मालिक के हमलावरों को जेल भेजने पर जताया एसओजी का आभार एसपी ऑफिस सम्मान करने पहुंचे फोटोग्राफरों ने बस स्टेशन स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय की मालिक पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी पर भी धन्यवाद ज्ञापित किया।फोटो ग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि जनपद में घटी ज्यादातर घटना का खुलासा एसओजी टीम सफलतापूर्वक कर रही । जिससे असल लुटेरों और बदमाशों के पकड़े जाने पर कानून व्यवस्था का कड़ा संदेश बदमाशों तक पहुंचता है। लूट हो या छिनैती बदमाशों के गिरेबां तक पहुँचे एसओजी की टीम एसपी ऑफिस पहुँचे कैमरामैन की टीम ने पुलिसिंग की चर्चा कर अपडेट होने का प्रमाण दिया तो वहां मौजूद पुलिस स्टाफ भी मुस्कुरा बैठे। छायाकारों ने कहा कि जिले की एसओजी टीम ने लंभुवा में अध्यापक की लूटी हुई बुलेट बरामद किया, निकट कोतवाली देहात थानांतर्गत फ्रेंचाइजी चलाने वाले बृजेश पाठक से 50 हजार की लूट का खुलासा किया,भटमई मार्ग से लूटी मोटरसाइकिल बरामदगी व बरौंसा के करीब करीब डेढ़ लाख लूट के मामले में अभियुक्त जेल की हवा कहा रहे हैं। इस से बदमाशों में खौफ कायम होता है,और जनता में विश्वास। |
| डीएम व सीडीओ ने जूनियर हाईस्कूल दूबेपुर का किया आकस्मिक निरीक्षण Posted: 17 May 2022 04:53 AM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जूनियर हाईस्कूल दूबेपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित छात्रों के ज्ञान में संवर्धन हेतु उनका मार्ग निर्देशन किया गया।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्कूल की उपस्थिति पंजिका एवं भ्रमण पंजिका, कार्यालय के अभिलेख, जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में स्थित पुष्ट वाटिका की साफ-सफाई कार्य, स्कूल के प्रांगण में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को स्थापित करना, स्कूल की छत की पुट्टी/पुताई कार्य तथा स्कूल के प्रांगण में पोषण वाटिका के निर्माण कार्य हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर विकास खण्ड अधिकारी दूबेपुर, ग्राम पंचायत सचिव दूबेपुर आदि उपस्थित रहे। |
| सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया निर्देश बच्चों का कोरोना टीकाकरण अभियान तेज करें Posted: 17 May 2022 04:22 AM PDT लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अधिकारियों को 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए चल रहे कोविडरोधी टीकाकरण अभियान को तेज करने का निर्देश दिया और कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना होगा। मंगलवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी पात्र बच्चों का जल्द से जल्द टीकाकरण कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 12 से 14 साल तक के आयुवर्ग में बड़ी संख्या में बच्चे अभी टीका नहीं ले सके हैं, इसलिए इस अभियान को तेज करने की जरूरत है।सीएम योगी ने कहा कि अधिक संक्रमण दर वाले जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाने की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति संतोषप्रद है, किंतु बच्चों के टीकाकरण अभियान को और तेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 32 करोड़ नौ लाख से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक खुराक लग चुकी है, जबकि 90% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है।सीएम ने कहा कि प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी नागरिक टीकाकवर से वंचित न रहे तथा बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर टीकाकरण केंद्रों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कोरोना के उपचाराधीन मरीज1024 हैं और विगत 24 घंटों में 70 हजार से अधिक परीक्षण किए गए और 129 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 202 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। बुंदेलखंड में भी नए केस मिल रहे हैं। अधिक संक्रमण दर वाले जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाया जाने की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू की जाए। |
| पत्नी को पता ही नहीं चला, हो गया है तलाक Posted: 17 May 2022 04:21 AM PDT
लखनऊ आगरा जिले में तलाक देने का एक अजीब मामला प्रकाश में आया है। इसमें महिला को पता ही नहीं चला कि उसके पति ने उसे तलाक दे दिया है। तलाक के बाद भी वह साथ रह रहा था। दो साल बाद दूसरे जिले में ट्रांसफर होकर जाने के बाद उसने दूरी बढ़ा ली। बीते दिनों इंस्टाग्राम पर पति को दूसरी महिला के साथ देखने पर वह ससुराल व कोर्ट पहुंची तो यह राज खुला। अब पीड़िता ने महिला थाने में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, बताया कि उसके साथ धोखा हुआ है। थाना शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी फरवरी 2017 में थाना मलपुरा क्षेत्र के युवक के साथ हुई थी। पति सरकारी नौकरी करता था और वह शादी के समय दिल्ली में नौकरी कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद वह भी पति के साथ दिल्ली रहने लगी। पति का ट्रांसफर आगरा हुआ तो वह भी साथ में आगरा आ गई। दोनों ने शादी की वर्षगांठ और एक-दूसरे का जन्मदिन मनाया। पति ताजमहल दिखाने ले गया और शॉपिंग भी कराई।इसके बाद पति का ट्रांसफर दिसंबर 2021 में गुवाहाटी हो गया। वह पति को छोड़ने दिल्ली एयरपोर्ट तक गई। इसके बाद छुट्टियों पर आकर पति ने उसे मायके छोड़ दिया। इसके बाद पति का व्यवहार अचानक बदल गया। फोन उठाना बंद कर दिया और मैसेज के जवाब भी नहीं दिए। पीड़िता ने बताया कि इसी बीच उसने पति को दूसरी महिला के साथ इंस्टाग्राम पर देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई। वह ससुराल पहुंची तो ससुराल वालों ने घर में नहीं घुसने दिया। बताया कि 2019 में ही तलाक हो चुका है। पीड़िता ने जब कोर्ट जाकर जानकारी की तो पता चला कि पति ने उसे धोखा देकर तलाक ले लिया है। महिला थाना ने बताया कि 10 दिन पहले जब पीड़िता पति के खिलाफ शिकायत करने आई थी तब तक उसे पता नहीं था कि पति ने उसे तलाक दे दिया है। जांच में पता चला कि पति ने धोखे से पत्नी को तलाक देकर दूसरी शादी कर ली है। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा। |
| जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में जन समस्याओं का किया निस्तारण Posted: 16 May 2022 11:32 PM PDT सुलतानपुर शासन से प्राप्त निर्देशानुसार जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन में आये जन सामान्य की कोविड -19 की टेस्टिंग कराने के पश्चात सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रो को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण हेतु प्रेषण करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का ज्यादा से ज्यादा भला हो सके। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन सहित जनता दर्शन में आये जन सामान्य उपस्थित रहे। |
| पकड़े गए प्रेमियों का ग्रामीणों ने करवाया विवाह Posted: 16 May 2022 11:17 PM PDT सुलतानपुर एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। तो वहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। वो लोग दोनों को कोर्ट लेकर गए वहां दोनों की शादी करवाई। इसके बाद मंदिर में विधि-विधान से दोनों का विवाह करवाया गया। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चलता आ रहा है। मामला जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बमरौली गांव की रहने वाली संयोगिता (21) का अपने ही गांव के सूरज (22) के साथ अफेयर था। दोनों के बीच प्यार हुआ और वो परवान चढ़ने लगा। अक्सर दोनों कहीं ना कहीं छिपकर मिलते थे। इस बात की चर्चा दोनों के घरों से लेकर गांव तक में आम हो गई। लेकिन शादी के लिए दोनों परिवार की रजामंदी नहीं होने से दोनों एक नहीं हो पा रहे थे।संयोगिता ने सूरज को घर के पास मिलने के लिए बुलाया। सूरज पहुंचा और दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। तभी ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीण संयोगिता और सूरज को लेकर कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे और शादी करवाई। फिर दोनों को लेकर मंदिर में आए। जहां भगवान को साक्षी मानकर सूरज ने संयोगिता की मांग में सिंदूर भरा और जिंदगी भर साथ रखने का वचन दिया। |
| आर्मी हेडक्वार्टर साउथ कमांड में 10वीं, 12वीं पास के लिए वैकेंसी Posted: 16 May 2022 11:16 PM PDT नई दिल्ली अगर आर्मी में भर्ती होकर देश सेवा करने का जज्बा है तो इंडियन आर्मी आपको यह बेहतरीन मौका दे रही है। इंडियन आर्मी हेडक्वार्टर साउथ कमांड, BOO-V ने 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए सफाईवाली, सफाईवाला, ड्राइवर, ऑर्ड जीडीई, लोअर डिवीजन क्लर्क यानी LDC सहित ग्रुप सी के विभिन्न पोस्ट पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन रिलीज किया है। इच्छुक और एलिजिबल कैंडिडेट 14 जून 2022 के अंदर एप्लीकेशन फॉर्म भरकर भेज सकते हैं।सफाईवाला, सफाईवाली, ड्राइवर - 10वीं पास, LDC के लिए 12वीं पास के साथ कंप्यूटर टाइपिंग जरूरी है। इंग्लिश में 35 वर्ड प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए। वहीं हिंदी में टाइपिंग स्पीड 30 वर्ड प्रति मिनट की होनी चाहिए।कैंडिडेट की एज 18 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। रिजर्व्ड कैटेगरी के कैंडिडेट के लिए सेंट्रल गवर्नमेंट के नियमानुसार एज में छूट दी जाएगी।कैंडिडेट्स का सिलेक्शन लिखित एग्जाम और स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।एग्जामिनेशन पेपर का नेचर ऑब्जेक्टिव बेस्ड मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन का होगा। लिखित एग्जाम के क्वेश्चन पेपर अंग्रेजी और हिंदी लैंग्वेज में होंगे। लेकिन, इंग्लिश लैंग्वेज के क्वेश्चन सिर्फ इंग्लिश में ही होंगे। LDC के पद के लिए 12वीं स्तर तक के क्वेश्चन और सफाईवाली, ड्राइवर ऑर्ड जीडीई पोस्ट के लिए 10वीं स्तर तक के क्वेश्चन होंगे।इच्छुक और एलिजिबल कैंडिडेट 100 रुपए के पोस्टल ऑर्डर के साथ ऑफलाइन एप्लीकेशन फॉर्म डाक द्वारा भेज सकते हैं। |
| केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में 31 मई तक पंजीकरण फुल Posted: 16 May 2022 10:33 PM PDT
लखनऊ केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में दर्शन करने के लिए 31 मई तक वहन क्षमता के अनुसार पंजीकरण फुल हो चुके हैं, जबकि बदरीनाथ धाम में 20 मई और गंगोत्री धाम में 25 मई के बाद पंजीकरण उपलब्ध हैं। केदारनाथ धाम में अब तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने अब धामों की वहन क्षमता के अनुसार पंजीकरण की व्यवस्था की है। बिना पंजीकरण के तीर्थयात्रियों को रोका जा रहा है। जिससे धामों में क्षमता से अधिक श्रद्धालु पहुंचने से अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े। सरकार ने केदारनाथ धाम के लिए 13 हजार, बदरीनाथ धाम के लिए 16 हजार, गंगोत्री के लिए आठ हजार और यमुनोत्री धाम के लिए पांच हजार प्रतिदिन संख्या तय की है। अब धामों की वहन क्षमता के अनुसार ही यात्रियों का पंजीकरण किया जा रहा है। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में दर्शन करने के लिए इस माह तक पंजीकरण उपलब्ध नहीं है, जबकि बदरीनाथ धाम जाने के लिए 20 मई और गंगोत्री धाम में 25 मई के बाद पंजीकरण उपलब्ध है। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार तक केदारनाथ में दो लाख और बदरीनाथ धाम में 1.60 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। |
| सीएम योगी के ट्वीट से मिले संकेत,इलाहाबाद, फैजाबाद के बाद अब लखनऊ का बदलेगा नाम Posted: 16 May 2022 10:32 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का नाम बदलने के अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्वीट से लखनऊ का नाम बदले जाने की अटकलें लगने लगीं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट में लिखा, 'शेषावतार भगवान श्री लक्ष्मण जी की पावन नगरी लखनऊ में आपका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन…'आपको बता दें कि सीएम योगी ने यह ट्वीट अमौसी एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए खींची गई फोटो को टैग करते हुए किया है। इस ट्वीट के बाद यह सवाल उठने लगा है कि लखनऊ का नाम लक्ष्मण जी के नाम पर किया जा सकता है। यह अटकलें इसलिए भी लगाई जा रही हैं, क्योंकि इससे पहले लखनऊ का नाम बदलकर लखनपुरी, लक्ष्मणपुरी और लखनपुर करने की मांग उठाई जा चुकी है। आपको बता दें कि योगी सरकार ने इससे पहले कई जगहों के नाम बदले हैं। इलाहाबाद और फैजाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और अयोध्या किया जा चुका है। हालांकि सीएम के आधिकारिक ट्विटर हैंडिल से इसी तस्वीर के साथ किए गए ट्वीट की भाषा बदली हुई है। इसमें उन्होंने इस ट्वीट में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वागत की बात लिखी है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |












