आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, May 28, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: ब्लैकमेल कर हड़पा था युवती का धन व आभूषण, दो गिरफ्तार

Posted: 28 May 2022 06:28 AM PDT


अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर की थी वसूली,निजामाबाद पुलिस ने पकड़ा

आजमगढ़: निजामाबाद थाने की पुलिस ने एक युवती की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए उससे नकदी व आभूषण वसूलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।निजामाबाद क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के रघुनाथपुर ग्राम निवासी अभिषेक तिवारी उर्फ हैप्पी पुत्र हरिहर एवं अजय तिवारी उर्फ टंकी पुत्र शिवाश्रय तिवारी ने उसकी पुत्री का अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए उससे नकदी व जेवर ऐंठ लिया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शनिवार की सुबह दोनों आरोपियों को क्षेत्र के बढ़या मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।

आजमगढ़: रविन्द्र यादव पुनः बने आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष

Posted: 28 May 2022 06:18 AM PDT


पार्टी नेताओं ने जिलाध्यक्ष का फूल-मालाओं से लाद, मिठाई खिलाकर स्वागत किया

आजमगढ: आज दिनांक 28.05.2022 को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के द्वारा श्री रविन्द्र यादव को पुनः जिलाध्यक्ष आजमगढ़ बनाये जाने पर पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं मे खुशी की लहर है। शनिवार को पार्टी के नेताओं ने जिलाध्यक्ष का फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
शनिवार को सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी राजेश यादव ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के द्वारा पुनः जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर बधाई दी। उन्होने जिलाध्यक्ष का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान जिलाध्यक्ष रविन्द्र यादव ने पुनः जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी ने जो मुझ पर पुनः विश्वास जताया है। उस भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करूगा साथ ही जिले में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूगा। इस मौके पर अनुराग यादव, गोविन्द दूबे, उमेश यादव, राजेश सिंह, तनवीर रिजवी, गौरव यादव, अमरनाथ यादव, मुकेश राजभर, बलवंत यादव, अभिषेक सिंह, इरसाद अहमद,विक्की सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आजमगढ़: खड़े ट्रक में पिकअप जा भिड़ी, 06 घायल में 04 गंभीर

Posted: 28 May 2022 05:11 AM PDT


गंभीरपुर बाजार में भोर में चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

आजमगढ़: गंभीरपुर बाजार में शनिवार की भोर में पांच बजे खड़े ट्रक में पिकअप जा भिड़ी, जिससे उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से सभी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जौनपुर के खुज्जी मोड़ निवासी मायाशंकर की ससुराल बिंद्रा बाजार कस्बे में है। शुक्रवार को साले के पुत्र पंकज का तिलकोत्सव था, जिसमें शामिल होने के लिए मोनिका, सुष्मिता, अनुराग, हरिवंश के साथ आए थे। पिकअप मोनू चला रहे थे। कार्यक्रम होने के बाद शनिवार की भोर में पांच बजे घर लौट रहे थे। गंभीरपुर में अचानक चालक को झपकी आ गई और पिकअप पहले से खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। आपातकालीन कक्ष में तैनात डा. शैलेंद्र विमल ने मोनू, अनुराग, मायाशंकर और हरिवंश की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

आजमगढ़: वेंडिग जोन में स्थापित किए जाएंगे पटरी दुकानदार

Posted: 28 May 2022 04:52 AM PDT


अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित होने वाले पटरी दुकानदारों के लिए काम शुरू

शहर में चार स्थानों पर वेंडिंग जोन स्थापित करने की योजना

आजमगढ़ : सड़क सुरक्षा माह में अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित होने वाले पटरी दुकानदारों को बसाने के लिए प्रशासन ने प्रारंभिक कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। व्यापार मंडल के लोगों से बातचीत और उनकी सहमति से फुटपाथ वालों को वेंडिग जोन में स्थापित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, एएसपी यातायात सुधीर जायसवाल और अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को पुरानी जेल के सामने की जमीन का निरीक्षण किया। उसके बाद गो-आश्रय स्थल के आसपास की भूमि को देखा। पटरी व्यापारियों के समायोजन के लिए पुरानी जेल के सामने, गोशाला, ठंडी सड़क और सिधारी क्षेत्र में भूमि चिह्नित की जा रही है। आजाद भगत सिंह ने बताया कि प्रशासन की मंशा है कि ठेले और फुटपाथ वालों की आजीविका पर असर न पड़े और शहर को जाम से भी निजात मिल जाए। इसके लिए प्रारंभिक कार्ययोजना बनाई गई है। भूमि को चिह्नित करने के बाद व्यापार मंडल और पटरी व्यवसायियों के साथ बैठक कर उनकी सहमति से वेंडिग जोन का निर्धारण कर दुकान लगवाई जाएगी।एएसपी यातायात ने बताया कि शहर की सड़कें काफी संकरी होने और सड़क किनारे दुकान लगने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होती है। अगर इन दुकानदारों को वेंडिग जोन में स्थापित कर दिया जाएगा, तो समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शहर के चार स्थानों पर भूमि चिह्नित करने का काम चल रहा है। इसमें इस बात का अध्ययन किया जा रहा है कि कहां पर कितने लोगों को स्थापित किया जा सकता है और उन्हें कहां कितना स्थान दिया जाए।

आजमगढ़: जेल में नियम के अनुसार बंदियों को मिले सुविधाएं - डीएम

Posted: 28 May 2022 04:42 AM PDT


डीएम विशाल भारद्वाज व एसपी अनुराग आर्य ने जेल की व्यवस्था जांची

आजमगढ़: मंडलीय कारागार का मासिक औचक निरीक्षण करने शनिवार की सुबह पहुंचे जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बंदियों से जेल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। भोजनालय व अस्पताल के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई बेहतर करने का निर्देश जेल प्रशासन को दिया। जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों की बीमारी व दवाओं की उपलब्धता के बारे में पूछताछ की। डीएम ने कहा कि जेल नियम के अनुसार ही बंदियों को सुविधाएं प्रदान की जाएं। प्रत्येक बंदी के साथ सामान्य व्यवहार किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने इनामी व गैंगस्टर के आरोप में निरुद्ध बंदियों के अपराध के बारे में जानकारी ली। कहा कि प्रशासन जेल प्रशासन को हर स्तर से सहयोग देने के लिए तत्पर है। किसी तरह की दिक्कत होने पर तत्काल सूचित करें। बंदियों से मिलने आए लोगों की विधिवत जांच कर अंदर भेजने का निर्देश दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार, जेलर रविद्र नाथ, एडिशनल एसपी शैलेंद्र लाल, डिप्टी जेलर श्रीधर यादव, नीलम, आनंद कुमार आदि मौजूद थे।

आजमगढ़: बार के सहयोग से मजबूत होगी न्याय व्यवस्था: जिला जज

Posted: 28 May 2022 04:37 AM PDT


नवागत जिला जज व प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक का अधिवक्ताओं ने स्वागत किया

आजमगढ़: आजमगढ़ : दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के सभागार में नवागत जिला जज जितेंद्र सिंह व प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक अशोक कुमार सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधिवक्ताओं ने स्वागत किया। जिला जज ने कहा कि यह बड़ा अच्छा अवसर है कि मैं और अशोक कुमार सिंह ने नौकरी की शुरुआत एक साथ की और अब दोनों लोग जनपद में एक साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ राहुल सांकृत्यायन, अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध व कन्हैया मिश्र जैसे महान लोगों की धरती है। बार के सहयोग से न्याय व्यवस्था मजबूत की जा सकती है। कोर्ट के अंदर सफाई, गर्मी में पेयजल की व्यवस्था का ध्यान रखा जाएगा। बार और बेंच के बीच सहयोग बनाए रखने की उन्होंने सभी से अपेक्षा की। प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश अशोक सिंह ने कहा कि कार्य करने में सभी लोगों के बीच मेरे द्वारा पारदर्शिता लाई जाएगी। सभी से मुझे सहयोग की अपेक्षा है। प्रारंभ में दीवानी बार के सभी पूर्व अध्यक्ष ने स्वागत करते हुए सम्मान किया। उसके बाद शिव गोविंद यादव, बृजेश नंदन पांडेय, अरुण कुमार श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा ने अपनी बातें रखीं। समारोह की अध्यक्षता बार के अध्यक्ष दयाराम यादव एवं संचालन मंत्री राजेश सिंह पराशर ने किया।

आजमगढ़: नौकरी के नाम पर 6.40 लाख की धोखाधड़ी

Posted: 28 May 2022 03:04 AM PDT


आरोप! जालसाजो ने पीड़ितों को फर्जी नियुक्ति पत्र दे ड्यूटी भी करवाई थी

आजमगढ़: जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के टंडवा गांव में नौकरी के नाम पर 6.40 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया। जालसाजो ने पीड़ितों को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया था। ड्यूटी भी करवाई थी। पीड़ित रविंदर यादव पुत्र राम सूरत ने आरोप लगाया कि उसके गांव के कुछ लोगों ने चार साल पूर्व जालसाजी कर सफाई कर्मी और एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लिए। बस्ती जनपद में सफाईकर्मी के पद पर नियुक्ति पत्र दिया और मस्टरोल के नामपर सादे कागज पर हस्ताक्षर बनवाये। करीब दो महीना बीत जाने पर सैलरी नहीं मिली। पीड़ित ने डीपीआरओ कार्यालय से जानकारी ली । इसके बाद फर्जी नियुक्ति का भंडाफोड़ हुआ। पीड़ित आरोपियों से रुपए की मांग कर रहा है आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे हैं । पुलिस अधीक्षक से मिलकर रविंद्र ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

आजमगढ़: बच्चों के साथ होने वाले अपराधों पर लगाएं अंकुश

Posted: 27 May 2022 05:55 AM PDT


पुलिस लाइन में महिला एवं बाल अपराधों पर रोकथाम के लिए बैठक हुई

आजमगढ़ : पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को महिला एवं बाल अपराधों पर रोकथाम के लिए बैठक की गई। इस मौके पर अपराध के साथ ही मानव तस्करी पर रोक लगाने पर चर्चा हुई। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात व नोडल अधिकारी सुधीर जायसवाल ने कहा कि न्यायालय द्वारा पाक्सो केस के जुनैद बनाम राज्य के निर्णय में दिए गए निर्देशों का पालन किया जाय। पाक्सो एक्ट की विवेचना संबंधी बारीकियों, मेडिकल केयर एवं आयु निर्धारण परीक्षण संबंधी तथ्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। कहा कि गुमशुदा बच्चों की बरामदगी तत्काल की जाय। थानों के बाल कल्याण अधिकारी, एनजीओ सीडब्ल्यूसी, चाइल्ड लाइन आदि के सदस्य मौजूद थे।

आजमगढ़: तीसरे वेतन समझौते की मांग,बीएसएनएल कर्मियों ने प्रदर्शन किया

Posted: 27 May 2022 02:46 AM PDT


वेतन संशोधन को लेकर सरकार भेदभाव कर रही है - आनंद कुमार सिंह

आजमगढ़: शुक्रवार को दोपहर के भोजन के समय बीएसएनएल सी डाट कार्यालय आजमगढ़ में अधिकरियों व कर्मचारियों के संयुक्त संगठन एआइयूबी के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। सभी अधिकारी कर्मचारी एक साथ लामबंद होकर एक सुर से तीसरे वेतन समझौते को लागू करने की मांग कर रहे थे। एआइयूबी के कनवेनर बीएसएनएल ईयू के जिला सचिव आनंद कुमार सिंह ने बताया कि गैर-कार्यकारियों की वेतन संशोधन वार्ता बिना किसी सुधार के चल रही है। अधिकारियों का वेतन संशोधन कोल्ड स्टोरेज में रखा गया है। वहीं, कंपनी के शीर्ष अधिकारी यानी सीजीएम , पीजीएम , जीएम , आदि को पहले ही सातवें वेतन आयोग के माध्यम से अपने वेतन संशोधन और सभी भत्तों का संशोधन मिल चुका है। सरकार गैर-कार्यपालकों और कार्यपालकों से बिना वेतन संशोधन के कैसे काम करने की अपेक्षा करती है? हमें सरकार को जोर देकर कहना होगा कि यह भेदभाव जारी नहीं रह सकता। श्री सिंह ने कर्मचारियों अधिकरियों को संबोधित करते हुए कह कि सभी संगठन आगे आए और कड़े आंदोलनों कै लिए तैयार रहें। अपनी मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रहेगा। आगे चलकर यदि हमारी मांगो पर प्रशासन व सरकार गंभीर नहीं होती है तो हम संसद तक मार्च का आयोजन करेंगे। सभी सांसदों को उनके क्षेत्र में अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन दिए जाने जाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने ने बीएसएनएल को सीघ्र 4 जी सेवा के लिए स्पेक्ट्रम आवंटन की अपनी मांग दुहराई। धरने में अवनी सिंह अवनीश सिंह शिव शंकर मौर्य अजय राय हरिदरस राय. गुलाब राय प्रशांत यादव , अरविंद उपाध्याय , विनोद कुमार यादव, वैष्णो सिंह, वैभव सिंह , वैभव सिंह, गुलाब कुमार मौर्या, अभिनव द्विवेदी, सुनील गुप्ता, तौफीक आलम, अजय राय, देवेश यादव, संदीप , अविनाश मौर्य , हरिहर विश्वकर्मा आदि लोग शामिल थे।

आजमगढ़: बगैर कागज के दौड़ रहे आठ वाहन सीज

Posted: 27 May 2022 02:32 AM PDT


देर रात तक पुलिस ने जिले के 68 स्थानों पर वाहन तलाशी अभियान चलाया

आजमगढ़: यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी लिए प्रतिदिन वाहनों की सघन तलाशी लेने के लिए अभियान चलाया जा रहा। गुरुवार की देर रात तक चले चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के 68 स्थानों पर वाहन तलाशी अभियान चलाई। इस दौरान कुल 1757 वाहनों को रोककर उन्हे चेक किया गया। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट की गाडी चलाने, यातायात के नियमों का पालन न करने व नवयुवको द्वारा मोटरसाईकिल पर तीन सवारी चलने तथा बिना हेलमेट के चलने वाले 548 वाहनों का चालान किया गया। जकि बगैर कागजात के मौजूद आठ वाहनों को सीज कर दिया गया। इसमें शहर कोतवाली पुलिस 2, थाना सिधारी 2, थाना बिलरियागंज 2 और थाना अहरौला से 2 वाहन को सीज किया गया है।

आजमगढ़: साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Posted: 27 May 2022 02:12 AM PDT


धोखे से OTP ले निकाला दो लाख 25 हजार, ठगी के पैसे से खरीदा आईफोन


आजमगढ़ : जिले की पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले के साइबर थाने में मनोज मौर्य ने सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेरे बैंक के खाते से दो लाख 25 हजार रूपए बिना मेरी जानकारी के निकाल लिया है। पीड़ित यह पैसा अपनी जमीन बेंचकर खाते में रखा था। पीड़ित की शिकायत पर इस मामले में धारा 419, 420 भादवि व 66 सी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच में एसपी साइबर क्राइम त्रिवेणी सिंह जिले के एसपी अनुराग आर्य ने तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए मामले की विवेचना शुरू कराई तो पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रोहित मौर्या पुत्र सर्वजीत मौर्या निवासी मुस्तफाबाद और अजय मौर्या पुत्र नवमी मौर्या निवासी मुस्तफाबाद निवासी थाना जहानागंज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछतॉछ में इस बात को स्वीकार किया है कि हम लोग लोगों के मोबाइल से धोखे से OTP प्राप्त कर लेते हैं। उसके बाद फर्जी मोबाइल नंबर से Mobikwik वॉलेट की आईडी बनाकर पैसा अपने दोस्त अजय मौर्या के बैंक खातो में ट्रान्सफर करके निकाल लेते है। उसी पैसे से amazon से Apple Iphone 13 भी ख़रीदा है और पैसा मेरे बैंक खातो में है जो पुलिस द्वारा फ्रीज़ करा दिया गया है। पुलिस रोहित मौर्या व अजय मौर्या के खाते की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अभी तक इन दोनों साइबर ठगों ने और कितने लोगों के साथ फ्राड किया है। आरोपियों के कब्जे से खरीदा हुआ आईफोन व अपराध में प्रयुक्त फोन बरादम किया गया है। आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है जहां से जेल रवाना किया जाएगा।

आजमगढ़: राजकीय मेडिकल कालेज को मिले 23 और जूनियर डाक्टर

Posted: 26 May 2022 09:18 PM PDT


मेडिकल कालेज में जूनियर डॉक्टरों की संख्या अब 89 हो गई

आजमगढ़: चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कालेज व सुपर फैसिलिटी अस्पताल को 23 जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर मिले हैं। इसके लिए बुधवार की सुबह 10 से शाम छह बजे तक साक्षात्कार लिया गया। प्रदेश भर से 96 डाक्टर विभिन्न संस्थानों से साक्षात्कार के लिए आए थे। अब तक राजकीय मेडिकल कालेज में 66 जूनियर डाक्टर कार्यरत थे। अब 23 डाक्टरों को मिलाकर संख्या 89 हो गई। साक्षात्कार के लिए प्रधानाचार्य आरपी शर्मा के नेतृत्व में बनाई गई पांच सदस्यीय टीम में चिकित्सा अधीक्षक एमके गुप्ता, बाल रोग विभाग अध्यक्ष दीपक पांडेय, नेत्र विभाग के अध्यक्ष मोहम्मद अरशद तथा डा. राजीव कुमार गौतम शामिल रहे।

आजमगढ़: दो संसदीय उपचुनावों में 50 फीसद ही रही है सीट बचाने की गुंजाइश

Posted: 27 May 2022 05:46 AM PDT


लोकसभा उपचुनाव में साइकिल की राह चुनौतियों भरी होगी....

आजमगढ़ : उपचुनाव में साइकिल की राह चुनौतियों भरी होगी ...। इसलिए भी कि संसदीय उपचुनाव के आंकड़ों में 50 फीसद ही रही है सीट बचाने की गुंजाइश। वर्ष 1978 में उपचुनाव की वजह बने दिग्गज रामनरेश मुख्यमंत्री बनकर भी जनता पार्टी को सीट वापस दिलवा नहीं पाए थे, जबकि 2008 में सीएम रहीं मायावती ने रमाकांत को हटाया तो अकबर अहमद डंपी को जिता बसपा की सीट बरकरार रखी। ऐसे में उपचुनावों में फिफ्टी-फिफ्टी रहा जीत-हार का आंकड़ा, अबकी किस करवट बैठेगा कहना मुश्किल है। बहरहाल, आंकड़ों में तस्वीर चाहे जो हो, अधिसूचना के बाद बढ़ी चुनावी हलचल के बीच चुनावी चाणक्य सक्रिय हो उठे हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ से सांसद चुने गए थे। उन्होंने अपने पिता एवं सपा सुप्रीमो रहे मुलायम सिंह यादव की सीट पर दावेदारी की थी। उन दिनों जनता में उत्साह था, लिहाजा मोदी लहर में भी भाजपा की राह मुश्किल हो गई थी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में करहल सीट से जीतने के बाद अखिलेश ने आजमगढ़ से नाता तोड़ लिया।
भारत निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी की तो तीसरे उपचुनाव में सांसद चुनने की चर्चा सुर्खियां बन गईं। लाजिमी भी कि वर्ष 1977 में जनता पार्टी की लहर में आजमगढ़ के दिग्गज रामनरेश यादव कांग्रेस के चंद्रजीत यादव को 1,37,810 मतों से पराजित कर सांसद बने थे, लेकिन उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया, तो 1978 के उप चुनाव में जनता पार्टी के रामबचन यादव (95,944 मत) कांग्रेस की मोहसिना किदवई (1,31,329 मत) से हार गए थे। मोहसिना का प्रचार करने इंदिरा गांधी आई थीं। वर्ष 2008 में उपचुनाव की स्थिति बनी जब वर्ष 2004 में बसपा के टिकट पर सांसद बने रमाकांत यादव की नजदीकियां सपा से बढ़ीं। बसपा ने उनकी सदस्यता समाप्त कराई।
सपा ने उपचुनाव में पूर्व मंत्री बलराम यादव को टिकट दे दिया, तो भाजपा ने रमाकांत को मैदान में उतार दिया था। बसपा ने अकबर अहमद डंपी को उतार पूरी ताकत झोंक दी और सीट 52,368 मतों के अंतर जीत ली। उस समय सपा को 1,53,671 मतों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। अब अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के बाद तीसरी बार उपचुनाव होने जा रहा है। विधानसभा चुनाव के नतीजे पर गौर करें तो सपा के लिए माहौल सुखद है, लेकिन विधान परिषद चुनाव के परिणाम उतने ही दुखदाई रहे हैं। बीते विधानसभा चुनाव में साइकिल की सरकार भी नहीं बन पाई। ऐसे में आशंकाएं गहरा रहीं कि ढाई लाख से ज्यादा मतों के अंतर से भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ को हराने वाले अखिलेश अपना गढ़ बचाने के लिए किस योद्धा काे मैदान में उतारते हैं।

Post Bottom Ad

Pages