| आजमगढ़: देश में श्रीलंका जैसे हालात पैदा हो सकते हैं - अबू आसिम Posted: 15 May 2022 08:23 AM PDT सपा नेता ने केंद्र व राज्य सरकार और आरएसएस पर हमला बोला
देश बचाने के लिए नफरत नहीं भाईचारा फैलाने की जरूरत - महाराष्ट्र सपा अध्यक्षआजमगढ़: समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी का रविवार को सठियांव मे स्वागत विधायक अखिलेश यादव ने किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी नेता ने केंद्र के साथ राज्य सरकार और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने नफरत फैलाने और देश को तोड़ने का आरोप भाजपा पर लगाने के साथ ही लोगों से अपील किया कि देश को बचाना है तो जागना होगा। महाराष्ट्र के सपा नेता अबू आसिम मऊ जनपद के बन्दी कला गांव मेंं एक वैवाहिक समारोह मे शामिल होने कार से जा रहे थे। सठियांव पहुंचने पर दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे विधायक अखिलेश यादव व समर्थकों ने सपा कार्यालय में उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के अध्यक्ष अबु आसिम आजमी ने कहा कि आरएसएस के लोग मुसलमानों को बदनाम कर नफरत फैला रहे है। देश को तबाह व बर्बाद करने का आरोप मुसलमानों पर लगा रहे हैं। इतिहास को तोड़ मरोड़कर पेश कर रहे हैं। देश को तोड़ने के लिए नफरत फैला रहे हैं। देश को बचाने के लिए नफरत नहीं अमन चैन और भाईचारा फैलाने की जरूरत है। देश टूटेगा तो हिन्दू -मुसलमान सभी लोग बर्बाद होंगे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मोदी और अमित शाह अम्बानी अडानी को आगे बढ़ा रहे हैं। देश में हालात ठीक नहीं है। चौपाल लगा कर देशवासियों को जगाने की जरूरत है। कहा कि मैं नहीं बल्कि देश के अर्थशास्त्रियों का कहना है कि देश में श्रीलंका जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। इसलिए देश को बचाना है। आगामी लोकसभा के मध्यावधि चुनाव के बारे में पार्टी के बारे में पूछने पर टाल गए और कहा कि मेरी कुछ कहने की हैसियत नहीं है। इसके बारे हमारे मुखिया राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी बता सकते हैं। इस अवसर विधायक अखिलेश यादव,जियाउल्लाह अंसारी, बहादुर यादव, अम्बार अदीवी, रमेश गोंड,च न्दन यादव आदि लोग मौजूद रहे। वहीं उन्होंने कई अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। |
| आजमगढ़: माफिया कुंटू सिंह के पट्टीदार के नाम संचालित गैस एजेंसी गोदाम कुर्क Posted: 15 May 2022 07:55 AM PDT पट्टीदार के नाम की एजेंसी का संचालन करता था माफिया,भारी संख्या में फोर्स ने की कार्रवाई
आजमगढ़: माफिया कुंटू सिंह की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आपराधिक कृत्य से धन अर्जित कर छपरा सुलतानपुर में ली गई गैस एजेंसी को प्रशासन ने रविवार को कुर्क कर लिया। इस दौरान तहसीलदार और कोतवाल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई पूरी की। इस मामले में सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात रही। जिलाधिकारी विशाल भरद्वाज के आदेश पर तहसीलदार सगड़ी ने माफिया ध्रुव कुमार सिंह कुंटू के आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से पट्टीदार के नाम छपरा सुलतानपुर में संचालित भारत गैस एजेंसी के भवन और गोदाम को रविवार को कुर्क कर लिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी। प्रदेश स्तर पर चिह्नित माफिया कुंटू सिंह निवासी छपरा सुलतानपुर, जीयनपुर ने अपराध से अर्जित धन से अपने पट्टीदार उमेश सिंह व अंकिता सिंह के नाम से संयुक्त रूप से छपरा सुलतानपुर में भवन और गोदाम बनाया गया था, जिसमें गैस एजेंसी चलती थी। प्रशासनिक जांच में यह सामने आया कि माफिया होने के कारण कुंटू सिंह अपने नाम पर गैस एजेंसी नहीं ले सकता, जबकि उक्त गैस एजेंसी का संचालन गुप्त रूप से माफिया ही करता था। उसके प्रभाव और दहशत के कारण आसपास में गांव के लोगों को कोई नया कनेक्शन नहीं दिया जाता और न ही कोई एजेंसी ले पाता है। एजेंसी से होने वाला लाभ गुप्त रूप से माफिया कुंटू सिंह के पास ही जाता था, जिसका उपयोग वह मुकदमा की पैरवी और गवाहों को धमकाने में करता था। प्रदेश के अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सरकार द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल भरद्वाज ने 12 मई को तहसीलदार सगड़ी और प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली जीवनपुर को उक्त संपत्तियों को नियमानुसार कुर्क करने का आदेश दिया था। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में तहसीलदार अभिषेक कुमार सिंह और कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने रविवार को फोर्स के साथ कुर्की की कार्रवाई की।
|
| आजमगढ़: बरदह गैस सिलेंडर हादसे में दो महिलाओं ने तोड़ा दम Posted: 14 May 2022 11:54 PM PDT बरदह के सैय्यद बहाउद्दीनपुर गांव में गैस रिसाव से लगी आग में 06 झुलसे थे
आजमगढ़: जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सैय्यद बहाउद्दीनपुर गांव में शनिवार की सुबह सिलेंडर में आग लगने से छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। जिसमें गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं की रविवार भोर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में तरन्नुज (51) पत्नी नौशाद और सोफिया (62) पत्नी हनीफ हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को इलाज के लिए जौनपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान इन दोनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं ने आज सुबह दम तोड़ दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते लगी थी आग बरदह थाना क्षेत्र में रहने वाले परिवार मोहम्मद हनीफ के परिवार के लोग शनिवार की सुबह चाय बना रहे थे। सिलेंडर लीक होने के कारण जैसे ही महिला ने माचिस जलाई आग लग गई । जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों में सोफिया (62) पत्नी नौशाद, तरन्नुम (51) पत्नी हनीफ, इकरा (8) और जोया(12) पुत्री तौफीक(12), अब्दुर्रहमान(34) पुत्र बिस्मिल्लाह हैं। जिनमे से दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया चार का अभी उपचार चल रहा है। |