सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, May 18, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


सरकार ने कहा जो सक्षम वो करें राशन कार्ड सरेंडर

Posted: 18 May 2022 05:26 AM PDT

लखनऊ मुफ्त राशन योजना को लेकर अब राज्य में लोगों के बीच एक उलझन की स्थिति बनी हुई है। बांदा जिले के जिलाधिकारी का एक आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें ये कहा गया है कि जिनके पास मोटरसाइकिल, पक्का घर, कृषि योग्य भूमि, रंगीन टीवी और निश्चित व्यवसाय है वे सरकार की ओर से दी जा रहे मुफ्त राशन के पात्र नहीं हैं।साथ ही उन्होंने आदेश में कहा है कि समस्त कार्ड धारकों को ये निर्देश दिए गए है कि वे 7 दिन के अंदर अपना राशन कार्ड समर्पित कर दें नहीं तो राशन कार्ड के सत्यापन के दौरान अपात्र पाए जाने वाले लोगों से गेहूं 24 रुपये प्रति किलो, चावल 32 रुपये किलो, खाद्य तेल, चना और नमक की वसूली भी बाजार दर के हिसाब से की जाए।इसके बाद लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई साथ ही कई जिलों के गांवों में भी ये संदेश डुगडुगी बजा कर दिया गया। हालांकि अब खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा ने इस स्थिति को साफ किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल जनता से ये अपील कर रही है कि जो लोग सक्षम हैं और जिन्हें मुफ्त राशन नहीं चाहिए वे मुफ्त राशन सरकार से न लें और अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से जिनको जरूरत है उन तक मुफ्त राशन पहुंच सकेगा।वहीं सतीश शर्मा ने कहा कि सरकार ने अपील की है कि जिनके पास चार पहिया वाहन हैं, आरटीआई फाइल करते हैं, 5 एकड़ से ज्यादा जमीन है वे लोग सरकार की ओर से दिए जा रहे मुफ्त राशन को न लें और उन लोगों के लिए इसे छोड़ें जिन्हें इसकी जरूरत है। उन्होंने बताया कि एक बड़ी संख्या में लोग ऐसे भी सामने आए हैं जो अपना राशन कार्ड सरेंडर कर रहे हैं। वहीं कई हजार लोगों ने नए राशन कार्ड के लिए भी अप्लाई किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जहां तक बात वसूली की है तो अभी सरकार की ओर से सिर्फ आग्रह किया जा रहा है अपील की जा रही है। लोग किसी भी तरह के भ्रम में न रहें। उन्होंने कहा कि ऐसा भ्रम विपक्ष भी न फैलाए।सरकार लोगों से अपील कर रही है वहीं दूसरी तरफ कुछ जिलों में जिलाधिकारियों की तरफ से गांवों में डुगडुगी बजवा कर ये संदेश दे दिया गया है कि यदि अपात्र मिले तो सामान की बाजार दर के हिसाब से वसूली की जाएगी। इसको लेकर ग्रामीणों के बीच काफी उलझन की स्थिति बन रही है। लोग इस बात को लेकर परेशान हैं कि क्या पहले लिए गए सामान के लिए भी सरकार वसूली करेगी। हालांकि खाद्य मंत्री ने इस बात को पूरी तरह से अब साफ कर दिया है कि सरकार फिलहाल ऐसा कुछ नहीं कर रही है और ये सिर्फ अपील की गई है।

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या, CCTV फुटेज से खुल गया राज

Posted: 18 May 2022 04:50 AM PDT


लखनऊ गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके में छोटेलाल की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी रीमा को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया और बताया कि प्रेमी के बारे में जानकारी होने की वजह से हत्या की थी। प्रेमी रामदरश पहले ही आत्मसमर्पण कर चुका है।  एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर घटना का पर्दाफाश किया। एसपी नार्थ के मुताबिक, पत्नी रीमा ने सब्बल से हमला कर छोटेलाल को मौत के घाट उतारा था, फिर मौत को हादसा बताकर मामले को रफा-दफा करना चाहती थी। पुलिस भी उसकी बातों में आ गई थी, लेकिन बाद में एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।घटना बीते 6 मई की रात की है। जंगल डुमरी नंबर 2 के खपड़हवा गांव निवासी छोटेलाल की हत्या की गई थी। उसकी लाश 7 मई की सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे देशी शराब की दुकान के सामने मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत हुई थी। जहां लाश मिली थी, वहीं देशी शराब के ठेके के सामने पत्नी रीमा दुकान चलाती थी।पत्नी ने लाश मिलने के बाद दुर्घटना में मौत होना बताया था। तब पुलिस ने भी इसे दुघर्टना मान लिया था। लेकिन, मामले में तब नया मोड़ आया था, जब अच्छेलाल समेत उसके दो भाई हैदराबाद से आए और पुलिस को तहरीर देकर अपनी भाभी रीमा व उसके प्रेमी रामदरश पर हत्या का आरोप लगाए। बाद में बेटे की तहरीर पर पुलिस ने रामदरश और रीमा पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। रामदरश ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया था। मंगलवार को आरोपी को पुलिस ने जेल भेजा।एसपी के मुताबिक, आरोपी पत्नी रीमा ने पूछताछ में बताया कि पति उसके प्रेम में बाधा डाल रहा था। लिहाजा, उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 6 मई की रात खाना खाने के बाद वह पति के साथ टहलने गई और देशी शराब की दुकान के पास साजिश के तहत प्रेमी रामदरश भी आ गया। इसके बाद रामदरश ने बर्फ तोड़ने वाले सब्बल से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी मामले को दुर्घटना दिखाने के लिए लाश वहीं सड़क पर ही छोड़ दिया। इसके बाद वे लोग अपने-अपने घर जाकर सो गए। सुबह जब लाश मिली तो उसे रीमा ने दुर्घटना में मौत होना बता दिया। रीमा ने बताया कि हत्या में प्रयोग किया गया सब्बल रामदरश अपने साथ लेता गया।दरअसल, 7 मई की सुबह छोटेलाल की लाश सड़क किनारे मिली थी। उस समय सामने आए एक CCTV में हत्या से पहले छोटेलाल रात 12 बजे एक महिला संग टहल रहा था। वह महिला और कोई नहीं, बल्कि पत्नी रीमा ही थी। हत्या से पहले जमीन के बैनामा को लेकर रीमा से छोटेलाल का विवाद हुआ था। पत्नी ने उस समय बताया था कि झगड़ा कर वह टहलने के लिए घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे।


SDM ने बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जा कराया खाली

Posted: 18 May 2022 03:44 AM PDT


सुलतानपुर जिले में उपजिलाधिकारी जयसिंहपुर अरविन्द कुमार ने बिरतिहा रामपुर, तहसील जयसिंहपुर में तालाब और खलिहान की जमीन पर बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जा खाली कराया  तथा एक सरहंग व्यक्ति जो बाधा पहुचा रहा था

उसको 151 के अंतर्गत थाना भेजकर जेल भेजने की कार्यवाही की । उपजिलाधिकारी ने बताया कि गाटा संख्या 366 तालाब पर जैसराज, इदरीश, दल सिंगार एवम अन्य का कब्जा था। वहीं 363 गाटा संख्या खलिहान के नाम से सरकारी जमीन थी, जिस पर दल सिंगार और खदेरू का पक्का मकान कतरैं रखकर कब्जा किया गया था, जिसको बुलडोजर चलवाकर खाली करवा दिया गया। मौके पर एसडीएम जयसिंहपुर/एसएचओ मोतीगरपुर मय फोर्स, आर.आई,लेखपाल राजस्व टीम आदि उपस्थित रहे। 

मुम्बई, कोलकाता व अहमदाबाद में भी जल्द खुलेंगे ओडीओपी के शोरूम -डा0 नवनीत सहगल

Posted: 17 May 2022 10:39 PM PDT


लखनऊ जल्द ही देश की राजधानी दिल्ली सहित पांच महानगरों में उत्तर प्रदेश के हुनर की विविधता नजर आएगी। राज्य सरकार वहां एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) का शोरूम खोलने जा रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के नवी मुंबई स्थित उत्तर प्रदेश भवन, कोलकाता के गरिया हाट स्थित दक्षिणायन शॉपिंग कॉम्पलेक्स और अहमदाबाद के अंबाबादी में भी ओडीओपी के शोरूम खोले जाएंगे। गुजरात में नर्मदा तट पर स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भी उत्तर प्रदेश के ओडीओपी उत्पाद शान बढ़ाएंगे।सरकार के पास इन सभी शहरों के बीचों-बीच जगह उपलब्ध है। इनमें गंगोत्री शोरूम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार इनका नवीनीकरण कराकर इनमें ओडीओपी के भी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी। दिल्ली के कनॉट प्लेस में जहां ओडीओपी उत्पादों के लिए शोरूम खुलना है, वहां 4000 वर्गफीट से अधिक जगह उपलब्ध है और कार्य भी प्रगति पर है। अहमदाबाद में यूपी सरकार के पास 3000 वर्गफीट तथा नवी मुंबई में 1000 वर्गफीट जमीन उपलब्ध है, जहां ओडीओपी शोरूम खोलने की तैयारी है। इसके अलावा देश के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और प्रदेश के ऐसे सभी स्थानों पर ओडीओपी शोरूम खोलने की है जहां सरकार के पास पहले से जगह उपलब्ध है।अपर मुख्य सचिव, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, डा0 नवनीत सहगल बताते हैं कि ओडीओपी शोरूम बड़े परिसरों में खोलने की तैयारी है, ताकि वहां प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा जिलों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा सकें। शोरूम में आने वालों के लिए 100 से अधिक जायके में मुजफ्फरनगर का गुड़, बच्चों के लिए झांसी के खिलौने, कन्नौज का विश्व प्रसिद्ध इत्र, बनारस की रेशमी साड़ियों के अलावा लखनऊ के चिकन के कपड़े, मुरादाबाद के पीतल के उत्पाद, हाथरस की खुशबूदार हींग के साथ तमाम प्रकार के विकल्प उपलब्ध होंगे। लोग प्रदेश के हर जिले के खास उत्पाद से परिचित हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ओडीओपी मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में है। इसके जरिए स्थानीय हुनरमंदों के हुनर की पहचान और मुकम्मल होगी। स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार उपलब्ध होंगे। जगह-जगह ओडीओपी शोरूम खुलने से यूपी के जिलों के खास उत्पादों की अच्छी ब्रांडिंग होगी। प्रदेश के कई स्थानीय उत्पाद देश-दुनिया में ब्रांड बनकर उभरे रहे हैं।

प्रेमिका को बगीचे में बुलाया और फिर प्रेमी ने कर दी हत्या

Posted: 17 May 2022 09:41 PM PDT

 


 लखनऊ महाराजगंज जिले में 15 मई को सुबह सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव के सिवान में मिले अज्ञात युवती के शव का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवती की हत्या कर उसके शव को किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी ने ही फेंका था।उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वह अपने प्रेमी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी और वह है कि शादी से लगातार इनकार कर रहा था।अब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल और बेल्ट बरामद करते हुए सलाखों के पीछे भेज दिया है।घटना का खुलासा करते हुए एसपी  ने जानकारी दी है कि युवती की हत्या के पीछे उसका प्रमी ही था।प्रेमी ने ही प्रेमिका को बगीचे में बुलाया और गला कसकर हत्या कर दी।उन्होंने बताया कि 15 मई की सुबह महारजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना छेत्र के पिपरा कल्याण गांव के सिवान में हत्या कर एक युवती का शव फेंक दिया गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच पड़ताल शुरू की।पुलिस ने सबसे पहले मृतक युवती की पहचान की जो चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में 21 वर्षीय लड़की के रूप में हुई।घर वालों ने कुछ बात बताई जिस पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि लड़की का ननिहाल सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पतरेंगवा में है।जांच में पता चला कि मृतक लड़की का एक शादी शुदा प्रेमी है।जिससे कई सालों से आपसी सम्बन्ध हैं।ननिहाल में आई लड़की का आरोपी से मोबाइल के जरिये सम्पर्क हुआ और प्यार धीरे धीरे परवान चढ़ने लगा। दोनों के बीच करीब हुए रिश्ते के बाद लड़की यानी प्रेमिका अपने प्रेमी हत्यारोपी मुकेश पटेल के ऊपर शादी का दबाव बनाने लगी. प्रेमी मुकेश पटेल और मृतक लड़की का कई वर्षों से प्रेम सम्बन्ध चल रहा था।पुलिस के मुताबिक आरोपी मुकेश उसको जल्द ही शादी करने का आश्वासन देकर उसके साथ जिस्मानी संबंध बनाता रहा। प्रेमिका इस विश्वास में रही कि उसका प्रेमी उसे अपना लेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।बताया गया कि इस बात से नाराज होकर आरोपी की पहली पत्नी घर छोड़ कर चली गई। इस घटना के बाद प्रेमी मुकेश ने धोखे से प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया और समझाने बुझाने का काम किया। लेकिन शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका को आरोपी ने बेल्ट से गला कसकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। आखिरकार पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

यूपी में नए मदरसों को नहीं मिलेगा सरकारी अनुदान

Posted: 17 May 2022 09:38 PM PDT

 


लखनऊ यूपी सरकार अब राज्य में किसी भी नए मदरसे को अनुदान नहीं देगी।  कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में पूर्व की अखिलेश सरकार के फैसले को पलटते हुए नए मदरसों को अनुदान सूची पर लिए जाने की नीति को समाप्त करने का फैसला लिया है।बता दें कि अखिलेश यादव की सरकार ने अनुदान सूची में शामिल 146 में से सौ मदरसों को शामिल कर लिया था।इसके बाद इन मदरसों का अनुदान भी शुरू कर दिया गया था। जबकि बाकी 46 मदरसों का प्रकरण अभी चल रहा था। इसे लेकर अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि ये मदरसे मानक ही पूरा नहीं कर रहे थे। अब कैबिनेट में इस नीति को ही समाप्त कर दिया गया है तो किसी भी नए मदरसे को अनुदान की सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।धर्मपाल सिंह ने कैबिनेट मीटिंग के बाद पत्रकारों को बताया अरबी-फारसी मदरसों में से वर्ष 2003 तक के आलिया (10वीं) स्तर के स्थायी मान्यता प्राप्त मदरसों को अनुदान सूची पर लिए जाने संबंधी नीति को समाप्त किए जाने का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा गया था। इस प्रस्ताव के अनुमोदित होने के बाद अब किसी भी नए मदरसे को अनुदान सूची पर नहीं लिया जाएगा।'इस समय यूपी में 560 मदरसों को अनुदान मिल रहा है। इसके तहत शिक्षकों गैर शिक्षण कर्मचारियों का वेतन और भत्ता शामिल है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, 3 लोगों की मौत 40 घायल

Posted: 17 May 2022 09:35 PM PDT


लखनऊ मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस आगे चल रहे गिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची नौहझील पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील पहुंचाया। वहां से छह से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी मांट इंद्रनंदन, क्षेत्राधिकारी नीलेश मिश्रा अस्पताल पहुंच कर घायलों के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक
 देहात श्रीशचंद ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर व अन्य मंदिरों के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं की बस बाजना कट से यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़ी। बस में सवार सभी लोग दिल्ली के शाहदरा इलाके के रहने वाले बताए गए। श्रद्धालुओं की बस यमुना एक्सप्रेसवे पर आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। बस का आगे का हिस्सा पूरा तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे बैठे श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आ गईं। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को किसी तरह से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान तीन पुरुष श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया गया। बस में करीब 60 लोग थे। इसमें से ज्यादातर घायल हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जिसमें छह लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की टक्कर में हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है।मुख्यमंत्री  ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

Post Bottom Ad

Pages