सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Friday, June 10, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत 75 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह सम्पन्न

Posted: 10 Jun 2022 05:37 AM PDT


सुलतानपुर अध्यक्ष, जिला पंचायत ऊषा सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 49 अनुसूचित जाति, 14 अन्य पिछड़ा वर्ग, 01 सामान्य वर्ग तथा 11 जोड़े कुड़वार ब्लाक सहित कुल पंजीकृत 75 जोड़ों/लाभार्थियों का सामूहिक विवाह धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार कराया गया।

इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि रंजीत सिंह,  विधायक सुलतानपुर विनोद सिंह के प्रतिनिधि पुलकित सिंह, ब्लाक प्रमुख बल्दीराय शिव कुमार सिंह, नरेश चन्द्र उपाध्याय, किरन यादव सहित जिला पंचायत सदस्यगण ने नव-दम्पत्तियों को आर्शीवाद देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की।  कार्यक्रम के आयोजक अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत हरिओम नारायन चन्द व जिला समाज कल्याण अधिकारी/नोडल अधिकारी रणविजय सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधिगण एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा नव-विवाहित जोड़ों को आर्शीवाद दिया गया तथा वैवाहिक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान करते हुए सभी नव-दम्पत्तियों के सुखद वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की गयी।    कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में जिला पंचायत अभियन्ता डॉ0 राकेश कुमार यादव, कार्य अधिकारी विनोद कुमार, सुनील कुमार वर्मा, प्रियंका वर्मा, दिनेश कुमार, अवर अभियन्तागण, नेहा यादव, कर अधिकारी, जय प्रकाश सिंह, लेखाकार, राकेश कुमार, संजय पटेल, जावेद आलम खॉ, वरिष्ठ लिपिक, इन्द्रेश कुमार यादव, संजय प्रताप सिंह, अनिल कुमार सिंह, विजय प्रकाश, गोरख प्रसाद यादव, दिनेश कुमार सहा0 राजस्व निरीक्षक सहित आदि का विशेष योगदान रहा। 

प्रयागराज में जुमे के नमाज के बाद पत्थरबाजी

Posted: 10 Jun 2022 05:22 AM PDT

 


लखनऊ पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक तक फूंक डाला। कर्नाटक में नूपुर का पुतला लटका दिया।

झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सहारनपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, उन्नाव, देवबंद समेत कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुए।

सहारनपुर में तोड़फोड़ और प्रयागराज में पत्थरबाजी हुई। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक फूंक डाला। कई जगहों पर हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कश्मीर के श्रीनगर और कई अन्य शहरों में नूपुर शर्मा की टिप्पणी के खिलाफ नारेबाजी की गई। यहां भी प्रदर्शन नमाज के बाद ही शुरू हुए। कई पोस्टर भी दिखे, जिसमें पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने वाले का सिर काटकर लाने की बात भी कही गई।कोलकाता और हावड़ा में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाला का बुरा हश्र करना चाहिए। भीड़ में शामिल लोगों ने दुकानों को बंद कराने को लेकर बवाल भी किया। जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले बरसाने पड़े। हालांकि, प्रदर्शन उग्र होता गया। प्रदर्शनकारियों को संभालने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।

आजादी का अमृत महोत्सव के 75वीं वर्षगॉठ के उपलक्ष्य में आयकर विभाग द्वारा आइकोनिक सप्ताह के तत्वाधान में साइक्लोथान कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Posted: 10 Jun 2022 04:35 AM PDT


सुलतानपुर आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य एवं आजादी के 75वीं वर्षगाठ के आइकोनिक सप्ताह के तत्वाधान में शुक्रवार को आयकर विभाग सुलतानपुर द्वारा साइक्लोथान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सुनील कुमार श्रीवास्तव आयकर (टी.डी.एस.)/नोडल अधिकारी ने की। साइक्लोथान कार्यक्रम प्रातः 07 बजे क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्या ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। अग्रिम आयकर जमा करने हेतु जागरूकता उत्पन्न करने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली आयकर ऑफिस से प्रारंभ होकर घंटाघर चौक होते हुए पुनः आयकर ऑफिस पर समाप्त हुई। इस साइकिल रैली में बड़ी संख्या में आई.एम.ए., मेडिकल एसोसिएशन, स्पोर्ट्स पर्सन, सी.ए. एसोसिएशन, टैक्स बार एसोसिएशन, इनकम टैक्स ऑफिसर तथा रोटरी क्लब ट्रांस गोमती सुल्तानपुर के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।  साइकिल रैली के प्रतिभागियों ने अग्रिम टैक्स जमा करने की तिथि 15 जून 2022 के बारे में टैक्स दाताओं को जागरूक किया तथा टैक्स दाता, देश निर्माता व भरो टैक्स, रहो रिलैक्स जैसे नारों का उद्घोष किया। रोटरी क्लब सुल्तानपुर ट्रांसगोमती के अध्यक्ष जीपी सिंह, आईपीपी संदीप अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अमित बरनवाल, वरिष्ठ रोटेरियन एस.बी. सिंह, विजय सेठ आदि ने घंटाघर चौक पर साइकिल रैली प्रतिभागियों के लिए शीतल पेयजल व मिष्ठान की व्यवस्था की। इस साइकिल रैली में आई.एम.ए.के डॉ. ए. के सिंह, डॉ. वी के शुक्ला, डॉ रूप सिंह राजपूत के अतिरिक्त, जिला क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्य तथा स्टेडियम से जुडे खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सी.ए. एसोसिएशन के संतोष सिंह व सुनील शर्मा के अलावा, टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, एडवोकेट अजय गुप्ता, रवीद्र श्रीवास्तव, ओम प्रकाश सिंह आदि ने साइकिल रैली में हिस्सा लिया। इनकम टैक्स ऑफिस से कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुनील श्रीवास्तव तथा बृजेश राजोरिया के अलावा इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा में भी प्रतिभाग किया। नोडल अधिकारी सुनील श्रीवास्तव ने साइकिल रैली को अग्रिम आयकर जमा कराने की जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा सीए संतोष सिंह ने देश की प्रगति के लिए आयकर को आधार तथा आयकर दाताओं को देश का निर्माता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइकिल चलाने से केवल स्वास्थ्य ही नहीं अपितु पर्यावरण की सुरक्षा भी की जा सकती है तथा ऐसी जागरूकता रैलियां निरंतर करके समाज को जागरूक रखने की शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर आयकर अधिकारी बृजेश राजोरिया, आयकर निरीक्षक आनंद मिश्रा, शिवकांत गुप्ता, इंद्रपाल, कार्यालय अध्यक्ष अमरजीत वर्मा, आशुलिपिक संदीप विश्वकर्मा, अन्य कर्मचारी, सी.ए. संतोष कुमार सिंह, सुनील शर्मा, अधिवक्ता एशोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र श्रीवास्तव साथ ही जिले के प्रतिष्ठित डॉ0 ए.के. सिंह, डॉ0 वी.के. शुक्ल सहित अन्य उपस्थित रहे।    

फिल्म देखकर शराब और गांजे के सिंडिकेट ने तस्करी का अपनाया फंडा

Posted: 09 Jun 2022 09:43 PM PDT

 


लखनऊ चंदन की तस्करी के लिए फिल्म पुष्पा में अल्लू अर्जुन ने जो तरीका दिखाया था, नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले सिंडिकेट ने उसे हकीकत में अपना लिया है। अवैध शराब और गांजे की तस्करी अब इसी तर्ज पर हो रही है। आगरा में पिछले दिनों 35 लाख रुपए की अवैध शराब टैंकर से पकड़ी गई थी। अब दो करोड़ रुपए का गांजा पकड़ा गया है। अकेले आगरा में ऐसे तीन मामले पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने इस बात को कबूल किया है कि उन्हें यह आइडिया पुष्पा फिल्म देखने के बाद आया था।हरीपर्वत पुलिस ने विधान सभा चुनाव से पहले 27 फरवरी को आगरा में टीपी नगर के पास टैंकर से 360 पेटी शराब पकड़ी गई थी। तस्करों ने इसे केमिकल के टैंकर में छिपाया था। पुलिस ने जब टैंकर की बारीकी से जांच की, तो टैंकर के निचले हिस्से में करीब 36 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद हुई। हरियाणा से अवैध शराब लेकर आए तस्कर उसे यूपी में चुनवों में खपाने की तैयारी में थे।सिकंदरा पुलिस ने बीते गुरुवार को मुठभेड़ में तीन तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही करीब दो करोड़ रुपए का गांजा पकड़ा। तस्कर चारकोल के टैंकर में गांजे को छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने चारकोल के टैंकर से 18.20 क्विंटल गांजा बरामद किया। इस मामले में भी पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि उन्होंने पुष्पा फिल्म देखने के बाद इस आइडिया का इस्तेमाल किया।आगरा में एत्माददुद्दौला पुलिस ने शाहदरा क्षेत्र में पिछले दिनों चेकिंग के दौरान 4.72 क्विंटल गांजा कैंटर में ले जाते हुए पकड़ा था। पुलिस शाहदरा क्षेत्र में कैंटर को रोका, तो उसमें से उतरकर दो युवक भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर युवकों को गिरफ्तार कर लिया। कैंटर की चेकिंग की गई तो क्रेटों के नीचे गांजे के बोरे मिले।

जौनपुर में 123 विद्यालयों की खत्म हो सकती है मान्यता

Posted: 09 Jun 2022 09:42 PM PDT

 


लखनऊ जौनपुर जिले में 123 विद्यालयों के खिलाफ मान्यता खत्म करने की कार्यवाई की जा सकती है। शासन से मांगी गई सूचना उपलब्ध कराने में विद्यालयों द्वारा लेट- लतीफी की गई है। जौनपुर में माध्यमिक स्तर के सभी विद्यालयों को 22 बिंदुओं पर जानकारी ऑनलाइन करने का निर्देश दिया गया था। जिनमें से 123 विद्यालयों में अभी तक सूचना तैयार करना ही शुरू नहीं किया है। शुक्रवार 10 जून को माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार बुलाई जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि शासन स्तर से सूचना मांगी गई थी। इस सूचना को ऑनलाइन फीड करना था। उन्होंने बताया कि ईमेल आईडी, वेब पेज, स्कूल में संसाधन, शिक्षकों की संख्या और वेबसाइट जैसे 22 बिंदुओं की जानकारी शासन स्तर से मांगी जा रही है। इन सभी सूचनाओं को 3 जून तक ऑनलाइन करना है। समय बीत जाने के बाद भी 123 विद्यालय ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक सूचना तैयार करना शुरू नहीं किया है।DIOS द्वारा बताया गया कि 123 विद्यालय शासन द्वारा मांगी गई सूचना को ऑनलाइन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में माध्यमिक इस्तर के 641 विद्यालय हैं। 641 विद्यालय में से 150 विद्यालय अशासकीय मान्यता के हैं तो वही 31 राजकीय स्तर के विद्यालय हैं। 274 विद्यालय द्वारा सूचना ऑनलाइन तो की गई है लेकिन कई सेक्शन और कॉलम खाली छोड़ दिए गए हैं। जिसके चलते सूचनाएं ऑनलाइन अपलोड नहीं हो पा रही हैं।

कानपुर में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट

Posted: 09 Jun 2022 09:42 PM PDT

  


लखनऊ 3 जून को भड़की हिंसा के बाद आज जुमे की नमाज के मद्देनजर कानपुर शहर में पुलिस हाई अलर्ट पर है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।17 कम्पनी पीएसी, 3 कम्पनी आरएएफ समेत जिले भर की पुलिस तैनात की गई है। CCTV कैमरों समेत ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।छतों पर भी पुलिस की तैनाती की जा सकती है।एलआईयु, इंटेलेन्स समेत अन्य ख़ुफ़िया एजेंसी भी पल-पल की अपडेट रखेंगीं। उधर शहर काजी ने भी अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और नमाज पढ़कर सभी सीधे अपने-अपने घर जाएं।आज होने वाली नमाज को लेकर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 125 संवेदनशील प्वाइंट्स चिन्हित किए हैं। 150 गलियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।इलाके के संबंधित ASP पल-पल की अपडेट लेते रहेंगे। पुलिस कमिश्नर,ज्वाइंट सीपी लॉ एन्ड आर्डर, ज्वाइंट सीपी मुख्यालय अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार हालात का जायजा लेते रहेंगे। उधर पुलिस कमिश्नर ने जुमे की नमाज को देखते हुए शहर में धारा 144 को बढ़ा दिया है।इसके तहत लोगों को समूह में इकट्ठा होने की इजाजत नहीं होगी।

अमेठी जिले के निरीक्षक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट,क्राइम ब्रांच में है तैनाती,कोर्ट ने अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का दिया आदेश

Posted: 09 Jun 2022 08:42 PM PDT


सुल्तानपुर। 14 वर्षीय किशोरी के गूंगी-बहरी होने का नजायज फायदा उठाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर उसे प्रेग्नेंट करने के आरोप से जुड़े मामले में कई पेशियों से साक्ष्य देने में लापरवाही बरतने वाले क्राइम ब्रांच-अमेठी में तैनात निरीक्षक के खिलाफ स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट की अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। स्पेशल जज पवन कुमार शर्मा ने निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए उनके वेतन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। अदालत ने पुलिस अधीक्षक अमेठी को निरीक्षक भूपेंद्र को 21 जून की तारीख के लिए सभी प्रभार से मुक्त करते हुए साक्ष्य के लिए पेश कराने का आदेश दिया है।मामला जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। जहां के रहने वाले आरोपी मोहन धुरिया के खिलाफ 14 वर्षीय पीड़िता किशोरी के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आरोप के मुताबिक उसकी बेटी की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट है। फिलहाल पीड़िता गूंगी-बहरी होने के कारण अपने साथ वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम बोलकर नहीं बता सकती थी, लेकिन परिजनों के जरिये पूंछने पर उसने लिख कर आरोपी की पहचान बताई और उसकी फोटो भी देखकर  पुष्टि की। इस मामले में आरोपी मोहन धुरिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ और आरोप-पत्र भी दाखिल हुआ। मामले का विचारण स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट की अदालत में चल रहा है। मामले में बीते नौ मई को तत्कालीन जयसिंहपुर कोतवाल भूपेंद्र सिंह को साक्ष्य के लिए तलब किया गया था, जिन्होंने उस दिन अपना मुख्य बयान दर्ज कराया,लेकिन उनकी जिरह शेष रह गई थी। तब से करीब पांच पेशियों से वह लगातार गैरहाजिर चल रहे हैं, जबकि अदालत से उनके खिलाफ बीडब्ल्यू एवं एनबीडब्ल्यू की कार्रवाई भी जारी की गई। मिली जानकारी के मुताबिक भूपेंद्र सिंह मौजूदा समय में अमेठी जिले में क्राइम ब्रांच में निरीक्षक पद पर तैनात है, जिनकी इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पेशल जज पवन कुमार शर्मा ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर अग्रिम आदेश तक उनका वेतन रोकने का आदेश दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक को इस मुकदमे में 21 जून के लिए भूपेंद्र सिंह को गवाही के लिए पेश कराने का आदेश देते बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कोर्ट के इस कड़े रुख से पूर्व नगर कोतवाल भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ गई है।

डीएम व सीडीओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दूबेपुर व ग्राम पंचायत हसनपुर में मनरेगा योजनान्तर्गत बनाये जा रहे तालाब का किया निरीक्षण

Posted: 09 Jun 2022 05:45 AM PDT


सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने  गुरूवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दूबेपुर, विकास खण्ड दूबेपुर का निरीक्षण किया । निरीक्षण के समय अधीक्षक ए0पी0 त्रिपाठी, बी0पी0एम0 दुर्गेश मिश्रा उपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रसव कक्ष, पंजीकरण कक्ष तथा ओ0पी0डी0 का निरीक्षण किया  तथा जॉच हेतु आई 04 गर्भवती महिलाएं, जिनकों आयरन सुक्रोज इन्जेक्शन दिये गये, से वार्ता की ।  तत्पश्चात डीएम व सीडीओ द्वारा ग्राम पंचायत हसनपुर स्थित तालाब का निरीक्षण किया ।

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक व तालाब खुदाई में लगे श्रमिक/ग्रामवासी उपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर तालाब की चौड़ाई की माप करायी गयी, जो सही पायी गयी। उक्त तालाब की प्राक्कलित मापी 50x30x2.97 मी0 प्राक्कलित धनराशि 643810 है। कार्य प्रारम्भ 04.01.2022 को हुआ था तथा इस कार्य में अभी तक रूपये 3,70,581/- की धनराशि व्यय की गयी है। इसके पश्चात डीएम व सीडीओ द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत नवनिर्मित फेज-2 शौंचालय की लाभार्थी श्रीमती सरोजा पत्नी गंगाराम के शौंचालय का सत्यापन किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ओम प्रकाश यादव, ग्राम पंचायत सचिव, मनोज कुमार पाण्डेय, तकनीकी सहायक अरविन्द श्रीवास्तव सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। 

शादी के 15 दिन बाद छोड़ गई पत्नी तो कर ली आत्महत्या

Posted: 09 Jun 2022 05:37 AM PDT

 


लखनऊ एक युवक की केरल की रहने वाली एक युवती से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। बातों का सिलसिला चलता रहा और दोनों के बीच प्यार हो गया। दोनों ने शादी भी कर ली और युवती अपने पति के साथ रहने के लिए उसके घर भी आ गई। लेकिन इसी बीच वो बिना किसी को कुछ कहे 15 दिन बाद चली गई। इस बात से आहत पति ने पंखे से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। अब पुलिस ने मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है। फिलहाल युवती का कुछ भी पता नहीं लग सका है।जानकारी के अनुसार युवक की करीब 7 साल पहले फेसबुक के जरिए युवती से पहचान हुई थी। दोनों की बातचीत का सिलसिला लगातार जारी रहा और दोनों के बीच प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। शादी करने के बाद युवक युवती को अपने घर ले आया और परिवार ने भी महिला का बहू के तौर पर स्वीकार कर लिया। युवती के घर आने के बाद जीवन सामान्य चल रहा था और किसी को कोई परेशानी नहीं थी। घर का माहौल भी सामान्य था। लेकिन अचानक 15वें दिन युवती बिना किसी को कुछ बताए घर से चली गई।देर रात घर से गई युवती के बारे में सभी को सुबह पता चला। घर के लोग युवती की तलाश कर ही रहे थे कि युवक ने बड़ा कदम उठा लिया। उसने अपने कमरे के पंखे से फंदा लगा कर आत्हत्या कर ली। परिजनों को इस बात की जानकारी मिली तो घर में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की तो प्राथमिक तौर पर पता चला कि महिला के घर से चले जाने पर युवक आहत था और उसने आत्महत्या की। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और युवती की भी तलाश की जा रही है।

राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होगा,निर्वाचन आयोग ने जारी किया शेड्यूल

Posted: 09 Jun 2022 05:19 AM PDT


 नई दिल्ली राष्ट्रपति चुनाव का शंखनाद निर्वाचन आयोग ने कर दिया है। देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होगा, जिसमें 4,809 वोट डाले जाएंगे। जरूरी होने पर 21 जुलाई को मतों की गिनती की जाएगी। दिल्ली के विज्ञान भवन में मीडिया से बात करते हुए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान किया। आयोग ने बताया कि  15 जून से अधिसूचना लागू होगी और 29 जून तक नामांकन करने की तारीख रहेगी। 30 जून तक इनकी स्क्रूटनी होगी और उम्मीदवार 2 जुलाई तक अपना नामांकन वापस कर सकेंगे। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और नए राष्ट्रपति को 25 जुलाई तक शपथ लेनी है। ऐसे में यह जरूरी था कि नए राष्ट्रपति का चुनाव 24 जुलाई तक हो जाए। चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान करते हुए इस बात का ध्यान रखा है। बता दें कि 2017 में 17 जुलाई को राष्ट्रपति पद का चुनाव हुआ था, जिसमें रामनाथ कोविंद को चुना गया था। तब एनडीए के कैंडिडेट रहे रामनाथ कोविंद को करीब 65 फीसदी मत हासिल हुए थे। इस बार भी एनडीए आसानी से जीतने की स्थिति में है। हालांकि अब तक सरकार या फिर विपक्ष की ओर से कैंडिडेट का ऐलान नहीं हुआ है।मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि वोट देने के लिए 1,2,3 लिखकर पसंद जाहिर करनी होगी। यदि वोट देने वाले सांसद और विधायक ने पहली पसंद नहीं दी तो फिर वोट को रद्द माना जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव में कुल 4,809 वोट होंगे। कुल वोटों का मूल्य 10 लाख 98 हजार 803 होगा। इस चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मतदान करेंगे। इसके अलावा विधानसभाओं के सदस्य भी मतदान कर सकेंगे। मतदान में लोकसभा एवं राज्यसभा के 776 सांसद और 4,120 विधायक हिस्सा लेंगे। 

भाजपा के सभी नौ उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

Posted: 09 Jun 2022 05:18 AM PDT


लखनऊ उत्तर प्रदेश
विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा के नौ उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप के कोरोना संक्रमित होने के कारण उनके प्रतिनिधि ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा के उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु, जसवंत सैनी, दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा और बनवारीलाल दोहरे ने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद कहा।प्रदेश में 13 विधान परिषद सीटों के लिए नामांकन दाखिल किए गए हैं। जिसमें से भाजपा के नौ और सपा के चार उम्मीदवार हैं। सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय है।

Post Bottom Ad

Pages