भाजपा-बसपा के अंदरूनी गठबंधन समेत जिला प्रशासन को कोसा
अल्पसंख्यक मतदाताओं को भी चेताया की बसपा के फेर में कब तक रहेंगे
आजमगढ़: आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में मतगणना के ठीक बाद अपनी मामूली मतों से हार के बाद सपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय पंहुचे spa प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने निराश कार्यकर्ताओं में जोश भरने की एक आखरी कोशिश की । भरी सड़क पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं समेत समर्थकों को दिलासा देते हुए कहा कि कोई भी ऐसी पार्टी नही है जो चुनाव ना हारी है। हार जीत लगी रहती है। उन्होंने अपनी हार के लिए भाजपा और बसपा में हुए गुप्त गठबंधन और जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया। साथ ही उन्होंने बसपा को भाजपा की बी टीम बता अल्पसंख्यक मतदाताओं को चेताया।
1984 तक हुए नौ चुनावों में कांग्रेस के छह उम्मीदवार सांसद बने थे...देखें पूरी सूची..
आजमगढ़ : 69-संसदीय क्षेत्र के लिए 18 लाख 38 हजार 930 लोगों ने अपना 20वां सांसद चुनने के लिए अपना अमूल्य वोट दिया। यहां से सांसद रहे सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव के इस्तीफा देने के कारण यह सीट खाली हुई थी, जो 19 वें सांसद थे। इतिहास को जानें तो यहां के पहली बार 1952 में सीताराम अस्थाना कांग्रेस से चुनाव लड़े और जीतकर दिल्ली जा पहुंचे। उसके बाद सन 1984 तक आजमगढ़ में कांग्रेस की पकड़ मजबूत रही। हालांकि, 1984 तक हुए नौ चुनावों में कांग्रेस के छह उम्मीदवार सांसद बन पाए थे। उसके बाद जनता दल, बसपा और सपा का उदय हुआ तो आजमगढ़ की पहचान सपा-बसपा के गढ़ के रूप में हुई, जिस तमगे को बाद में विभिन्न चुनावों में सफलता-दर-सफलता दर्ज कर सपा ने झटक लिया। हालांकि, संसदीय चुनाव में सर्वाधिक छह बार अपने सांसद जिताने वाली कांग्रेस के बाद चार जीत बसपा, तीन सपा और एक भाजपा के नाम दर्ज थी। अबकी सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और बसपा से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली में 20वां सांसद कौन बनेगा इसका फैसला जनता ने ईवीएम में दे दिया था, लेकिन अब भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ विजेता बन कर सामने आ गए हैं। आंकड़ों के आईने में देखिए, किस दल के प्रत्याशी ने कब पाई सफलता :
लहर के असर से दूर कुछ मतदाताओं ने केवल अपनो को दिया वोट
असहमत वोटरों ने भी दिखाया दम, नोटा में पड़े 5369 वोट
आजमगढ़ : चुनाव के बाद मतगणना पूरी होने के साथ परिणाम भी घोषित हो गया और संसदीय क्षेत्र के इतिहास में दूसरी बार कमल खिल गया, लेकिन जीत-हार के अंतर से दो गुना वोट झटकने में निर्दल व अन्य दलों के प्रत्याशी सफल रहे। जीत का अंतर तो 10 हजार से भी कम था, जबकि 20,971 वोट निर्दल व अन्य दलों के प्रत्याशियों ने हासिल कर लिया। वहीं इसी में नोटा पर पड़े 5369 वोट जोड़ दें जीत हार का अंतर के लगभग तीन गुना वोट टॉप प्रत्याशियों के खिलाफ गया। परिणाम पर नजर डालें तो अखिल हिंद पार्टी की अमरावती को 1743, जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) के जयनाथ चौहान को 1952, प्रगतिशील समाज पार्टी के धीरज श्रीवास्तव को 2935, मौलिक अधिकार पार्टी के रविंद्र नाथ शर्मा को 2597, सरवर पार्टी के सरवर अली को 1519 मत प्राप्त हुआ। इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशी अंबरीष कुमार विजयता 1515, पंकज कुमार यादव 1249, रमाकांत यादव 2535, राजीव तलवार 2549 तथा वीरेंद्र कुमार निषाद को 2377 लोगों ने पसंद किया। अब निर्दल व अन्य दलाें के प्रत्याशियों को मिले मत के कारणों पर गौर करें, तो यही संकेत मिलता है कि आज भी तमाम मतदाता ऐसे हैं जो किसी लहर के असर से दूर रहकर अपने स्तर से वोटों के दान का फैसला लेते हैं। उन्हें मालूम है कि जीतने के बाद उनके पास वही आएगा, जो उनका अपना होगा।
निरहुआ को 312768 तो धर्मेंद्र यादव को 304089 वोट मिले
बसपा के गुड्डू जमाली भी जम कर लड़े,मिले 266210 वोट
आजमगढ़: सदर लोकसभा सीट की पांचों विधानसभा में कुल 18,38,930 वोटों में से 49.48 फीसद पर मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया था। शुरुआती रुझानों में धर्मेंद्र यादव ने खासी बढ़त बना ली थी लेकिन बीच में निरहुआ भी ऊपर नीचे होते रहे। दोपहर से निरहुआ एक बार जो आगे हुए तो फिर कुछ उतार चढ़ाव के साथ उनकी बढ़त निर्णायक होती गई। वहीं बसपा के शाह आलम गुड्डू जमाली शुरुआत से ही तीसरे स्थान पर बने रहे , उनको भी जमकर वोट मिले। जिसके चलते सपा के वोटों में खासा बंटवारा हो गया था। शाम चार बजे तक स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही दिनेश लाल यादव निरहुआ की जीत की आधिकारिक घोषणा का इंतजार शुरू हो गया था। लेकिन साढ़े तीन बजे ही निरहुआ ने सोशल मीडिया पर अपनी जीत की घोषणा कर जनता व कार्यकर्ताओं का आभार जता दिया था।
विरासत में मिली सियासत के दंभ का अंत होना ही था : दिनेश लाल यादव
आजमगढ़: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे की वजह से खाली हुई आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत हासिल कर ली है। रोमांचक मुकाबले में उन्होंने समाजवादी पार्टी उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को हराने में सफलता प्राप्त की है। लंबे समय के बाद आजमगढ़ में निरहुआ ने कमल खिलाने में सफलता हासिल की है। जबकि यहां की दसों विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के ही विधायकों का कब्जा है। भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने मतगणना के गहमा-गहमी के बीच दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अपनी बढ़त निर्णायक होते देख अपने अधिकारिक फेसबुक और ट्वीटर एकाउंट पर आजमगढ़वासियों को बधाई दी है। लिखा है कि जनता ने कमाल कर दिया। यह साबित भी कर दिया कि विरासत में मिली सियासत के दंभ का अंत निश्चित होता है। यह संभव हो सका है, देवतुल्य जनता के आशीर्वाद की बदौलत। ऐसे में आजमगढ़ में हमारी जीत जनता की विजय होगी। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, उसका मैं ऋणी हो गया हूं। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और आपके भरोसे को समर्पित है। इस बार चुनाव प्रचार में समाजवादी पार्टी के दिग्गजों ने खूब प्रचार तो किया लेकिन अखिलेश यादव ने चुनाव प्रचार से पूरी तरह से दूरी बनाए रखी। वहीं भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही नहीं तमाम मंत्री और विधायकों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों ने जमीन पर उतर कर पार्टी के लिए चुनाव प्रचार किया था। वहीं भोजपुरी कलाकार के समर्थन में पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री मानो आजमगढ़ उतर आई और निरहुआ के समर्थन में जमकर रोडशो और चुनाव प्रचार किया।
स्ट्रॉन्ग रूम में जाने की अनुमति न मिलने पर की नोकझोंक
आजमगढ़ : सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने प्रशासन ने ईवीएम बदलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहाकि मुझे स्ट्रांग रूम में नहीं जाने दिया जा रहा है। आरओ के टेबल भी अभी तक तैयार नहीं किए हैं। मुझे स्ट्रांग रूम में नहीं जाने दिया जा रहा है। हो-हल्ला मचने पर वह स्ट्रांग रूम के पास से बाहर आ गए। उनसे सुरक्षाकर्मियां की काफी नोकझोंक हुई। उससे पूर्व मतगणना स्थल पर पहुंचे धर्मेंद्र यादव बेहद उत्साहित नजर आ रहे थे। उन्होंने दम भरा कि जीतेंगे हम ...। आजमगढ़ की जनता ने हमारे लिए चुनाव लड़ा है। हमने एक पखवाड़े के कम समय में ही जान लिया था, आजमगढ़ की जनता समझदार है। यहां का संगठन मजबूत है, एक-एक कार्यकर्ता खुद का चुनाव समझ पूरी ताकत झोंके रहा। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार में न आने की बात पर कहा कि वे इस बात से आश्वस्त थे कि आजमगढ़ की जनता सपा के साथ है, वह मुझे जिता रही है। लोकसभा उपचुनाव के नामांकन वाले दिन धर्मेंद्र यादव के आजमगढ़ पहुंचने पर सपा ने उनके चुनाव लड़ने का पत्ता खोला था। उससे पूर्व कई चेहरों के नाम सामने आए और कटते रहे। हालांकि, स्थानीय दिग्गज इस बात का दावा करते रहे थे कि लड़ेगा तो कोई नेता जी (मुलायम सिंह यादव) के परिवार का ही व्यक्ति।
डीएम और एसपी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर जांची तैयारियां
आजमगढ़ : आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव की 26 जून को होने वाली मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। डीएम विशाल भारद्वाज एवम एसपी अनुराग आर्य ने निरीक्षण कर सभी तैयारियो और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बताया की मतगणना स्थल पर पूरी तरह से त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा में होगा। सड़क से लेकर मतगणना स्थल तक विशेष चौकसी बरती जाएगी। भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए जवानों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। मतगणना कर्मचारियों से लेकर वीआइपी लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मतगणना के दौरान बाहर सड़क पर भी पुलिस बल गश्त पर रहेंगे। -पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए है। मतगणना स्थल पर पहली कतार में पैरामिलिट्री के जवान होंगे। उसके बाद दो चक्र में पीएसी व पुलिस के जवान लगाए गए हैं। मतगणना स्थल के बाहर सिविल पुलिस तैनात रहेगी। अनाधिकृत व्यक्ति को मतगणना स्थल के आसपास भी नहीं आने दिया जाएगा। किसी को कोई समस्या न हो, इसके लिए पुलिस की टीमें गश्त करती रहेंगी।
मछरहट्टा के भू-स्वामी को नोटिस देने और ताल का फौव्वारा ठीक कराने के निर्देश
आजमगढ़ : विशेष सचिव नगर विकास व नोडल अधिकारी आजमगढ़ मंडल अमित सिंह बंसल ने शनिवार को मुबारकपुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्डों का औचक निरीक्षण किया। थाने के पास तालाब का बंद फौव्वारा और मछरहट्टा के आसपास बिखरी पालीथिन देख नाराजगी जताई। मछरहट्टा के भू-स्वामी को नोटिस भेजने और ताल का फौव्वारा ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वार्डों में पहुंचकर आवास, स्व निधि योजना, नाली की सफाई आदि के बारे में जानकारी ली। पुरा खिजिर, अलीनगर आदि वार्डों में निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह, डूडा के परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, नगर पालिका के जेई महावीर प्रसाद भारती, वरिष्ठ लिपिक राजन चौधरी ने अमित सिंह बंसल के ज्यादातर सवालों के संतोषजनक उत्तर दिए, लेकिन अधिकारी जैसे ही मरहट्टा के पास पहुंचे, तो वहां बिखरी पालीथिन को देखकर नाराज हो गए। थाने के पास पहुंचे, तो तालाब का सुंदरीकरण देख संतोष जाहिर करने के साथ पूछा कि फौव्वारा चलता है कि नहीं। इस पर बताया गया कि फौव्वारा इस समय बंद है। इस पर उन्होंने से चालू कराने, लाइट की व्यवस्था, चारों तरफ लोगों को बैठने के लिए बेंच व बच्चों को खेलने आदि की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद नगर के अधिकतर हिस्से के पानी की निकासी के के लिए बने तीन दरिया पुल की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजनाओं को हर गरीबों तक पहुंचाएं और प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता की जांच के बाद ही किसी को उसका लाभ दें।
26 जून को सुबह 08 बजे से 14 टेबल पर चक्रवार गणना होगी
आजमगढ़ 25 जून-- आज नेहरू हाल के सभागार में 95 काउंटिंग पार्टियों के कुल 380 मतगणना कर्मियों तथा 20 मतगणना संकलन पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना प्रातः 8ः00 बजे से प्रारंभ होगी, 14 टेबल पर चक्रवार गणना होगी। मतगणना केंद्र पर मोबाइल पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।प्रशिक्षण में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इं0 कुलभूषण सिंह ने बताया कि मतगणना पार्टी में एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक माइक्रो ऑब्जर्वर तथा एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होंगे। बूथवार टेबल पर कंट्रोल यूनिट लाई जाएगी, सबसे पहले कंट्रोल यूनिट के केरिंग केस के ऊपर लगे एड्रेस टैग को चेक करके यह देखना है कि यह उसी बूथ की मशीन है, जिसकी गणना होनी है। कंट्रोल यूनिट पर लगे पिंक पेपर सील, ग्रीन पेपर सील, एड्रेस टैग चेक करना है तथा काउंटिंग एजेंट को भी सभी सेल ठीक है, दिखाना है। तत्पश्चात चाकू से ग्रीन पेपर सील काटने के पश्चात रिजल्ट सेक्शन के एड्रेस टैग को काटकर बड़ी खिड़की खोलकर स्पेशल टैग सील चेक करके कंट्रोल यूनिट को ऑन करेंगे तथा छोटी खिड़की पर रिजल्ट सेक्शन के ऊपर हरे अण्डाकार कागज के सील को फाड़ते हुए उंगली से रिजल्ट बटन दबाएंगे। प्रत्याशीवार वोट 17-सी भाग-2 पर नोट किया जाएगा। इस अवसर पर नोडल अधिकारी, डायट प्राचार्य अमरनाथ राय, डायट लेक्चरर आशुतोष, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
ऊचेगांव-छतवारा मार्ग पर कियारा गांव के समीप हुआ हादसा
आजमगढ़: ऊचेगांव-छतवारा मार्ग पर कियारा गांव के समीप शुक्रवार की रात बाइक से घर लौट रहे युवक की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पिकअप सहित चालक को पकड़कर सिधारी पुलिस के हवाले कर दिया। सहबाजपुर गांव निवासी नीरज राजभर इस वर्ष इंटर की परिक्षा पास किए थे। शुक्रवार को दिन में अपने चचेरे भाई गोलू राजभर के साथ बाइक से मुबारकपुर के गुलउर गांव में अपने जीजा सरवन से मिलने के लिए गए थे। रात लगभग आठ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे कि कियारा गांव के समीप सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां आपातकालीन कक्ष में तैनात डाक्टर राघवेंद्र सिंह ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थे।
भाजपा ने आपातकाल में संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित किया
आजमगढ़: भारतीय जनता पार्टी लालगंज के द्वारा आपातकाल में संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष व लालगंज के पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह ने उपस्थित होकर लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित किया। इन अवसर पर मुख्य अतिथि नरेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का सबसे दुःखद व काला अध्याय था आपातकाल, कांग्रेस सरकार ने सत्ता में बने रहने के लिए देशवासियों पर आपातकाल थोपा था, इस दूसरी आजादी के आंदोलन में जिन लोगों ने संघर्ष किया था उनका बहुत ही अतुलनीय योगदान है देश में लोकतंत्र को बचाने में। भारतीय जनता पार्टी आज उन्ही लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित कर रही है, जिन्होंने इस दूसरी आजादी के आंदोलन में बहुत सी यातनाएं सही व जेल की कोठरियों में महीनों तक पड़े रहें। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय ने कहा की भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित करने का कार्य करती है, उनकी पेंशन को बढ़ाकर बीस हजार प्रतिमाह करने का कार्य योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने किया है। आज इन्ही सेनानियों के कारण भारत में लोकतंत्र इतना मजबूत है। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक शेर बहादुर सिंह, संचालक जिला महामंत्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। लोकतंत्र रक्षक सेनानी बालमुकुंद गुप्ता,सुभाष चंद्र राय,सत्यप्रकाश दीक्षित, गौरी शंकर सोनकर,छेदीलाल गुप्ता,डॉ रामकुमार सोनी को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र व निज़ामाबाद की विश्व प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी भेटकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा योगेंद्र राय, जिला मंत्री डॉ शैलेन्द्र नाथ यादव, जिला मंत्री सुनील सिंह डब्बू, अजय यादव, , मण्डल अध्यक्ष अनुपम पाण्डेय, गगन कश्यप, जिला कार्यसमिति सदस्य रणविजय राय मनोज, केशरी नारायण राय,रामनाथ यादव, प्रवीण सिंह पिंटू,आशुतोष राय,संकल्प श्रीवास्तव सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
56 बकाएदारों के कनेक्शन कटे, एक लाख की वसूली हुई, अहरौला के सजनी गांव में हुई मॉर्निंग रेड
आजमगढ़: विद्युत चोरी को रोकने हेतु श्री सैयद अब्बास रिज़वी, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल द्वितीय, आजमगढ़ के निर्देशन में आज दिनांक 25.06.2022 को प्रातः 07:00 बजे से विद्युत वितरण खण्ड-चतुर्थ (फूलपुर), आजमगढ़ के अन्तर्गत ग्राम-सजनी, पोस्ट- सुखीपुर, अहिरौला में पुलिस प्रवर्तन दल आजमगढ़ एवं विद्युत विभाग की टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। मौके पर 18 लोगों को विद्युत चोरी करते पकड़े जाने पर उन पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया। 09 अदद् कनेक्शनों का भार बढ़ाया गया। मौके पर 05 अदद् अनमीटर्ड कनेक्शनों पर मीटर लगाये गये। कुल 65 कनेक्शनों की चेकिंग की गयी, जिसमें 56 उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाये पर काटे गये। मौके पर बकायेदार उपभोक्ताओं से लगभग 1.00 लाख की वसूली की गयी। मॉर्निंग रेड की कार्यवाही के दौरान श्री रामपाल सिंह यादव अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-चतुर्थ, आजमगढ़ श्री विनोद कुमार, उपखण्ड अधिकारी- फूलपुर, आजमगढ़ श्री राधेश्याम यादव उपखण्ड अधिकारी- पवई, आजमगढ़, श्री जयशकर वर्मा, अवर अभियन्ता श्री गुजन यादव अवर अभियन्ता, श्री मनोज कुमार अवर अभियन्ता, श्री शोमनाथ राम, अवर अभियन्ता श्री संजय कुमार अवर अभियन्ता श्री संजीव कुमार अवर अभियन्ता, श्री राकेश यादव, प्रभारी प्रवर्तन दल आजमगढ़ श्री मनोज सिंह अवर अभियन्ता, प्रवर्तन दल एवं विद्युत / प्रवर्तन दल के कर्मचारी तथा पुलिस बल थाना-अहिरौला, आजमगढ़ भी उपस्थित थे। यह अभियान लगातार चलता रहेगा। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि विद्युत चोरी से बचे विद्युत कनेक्शन के लिए किसी भी जन सेवा केन्द्र पर आवेदन कर विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर सकते है। पुराने संयोजन पर यदि मीटर नहीं लगा है तुरन्त मीटर लगवा लें, जिसका कोई शुल्क देय नहीं है। यह भी सूचनीय है कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को विद्युत बिल के भुगतान में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से एकमुश्त समाधान योजना (OTS Scheme) भी चलाई जा रही है। यह योजना समस्त भार के घरेलू उपभोक्ताओं, समस्त भार के निजी नलकूप उपभोक्ताओं तथा 5 कि०वा० विद्युत भार तक के वाणिज्यिक श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए है, जिसमें दिनांक 30.04.2022 तक के 100 प्रतिशत सरचार्ज की माफी की जा रही दिनांक 30.04.2022 तक का मूलधन रूपया एक लाख तक है, तो बकाया भुगतान छः किश्तों में तथा एक लाख से अधिक बकाया होने की दशा में उपभोक्ता 12 किश्तों में भी भुगतान कर ''एकमुश्त समाधान योजना " का लाभ प्राप्त कर सकते है। यह योजना 30.06.2022 तक लागू रहेगी।
भंवरनाथ मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का प्रथम दिन
आजमगढ़: जो शिव का नहीं वह किसी काम का नहीं, वह मनुष्य शव के समान है जिसके हृदय में शिव के प्रति आस्था-भक्ति ना हो। यह बातें बाबा भंवरनाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार से आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा की प्रथम दिन अयोध्या से पधारे युवा संत प्रेम मूर्ति सर्वेश जी महराज ने कही।अयोध्या धाम से पधारे डॉ रामविलास वेदांती जी के शिष्य सर्वेश जी महराज ने कहा कि मंदिर परिसर की सेवा करने से मनुष्य की सात पीढ़ियां तर जाती हैं, लेकिन सेवा अगर स्वार्थ से की गई हो तो सब कुछ व्यर्थ है। एक वही है जो सब कुछ जानता है उससे कुछ भी छुपा नहीं है। ना ही से कुछ बताने की जरूरत है ना ही कुछ जताने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर राघव की कृपा ना हो तो हमें मंदिर, सत्संग, कथा में जाने का अवसर प्राप्त ही नहीं हो सकता। जब प्रभु की कृपा प्राप्त होती है तभी हम सत्संग, कीर्तन व भगवान की सेवा का अवसर प्राप्त होता है। हमें जब कभी कथा, सत्संग में जाने का अवसर प्राप्त हो तो पूरे परिवार के साथ इष्ट मित्रों के साथ जाना चाहिए। सर्वेश जी महाराज ने कहा कि आज की भागदौड़ की जिंदगी में भगवान के लिए भी समय निकालना अति आवश्यक है। क्योंकि जब तक जीवन है काम समाप्त नहीं हो सकता। इसलिए कुछ समय प्रभु के लिए भी निकालना चाहिए, जिन्होंने आपको यह सुंदर मनुष्य का जीवन दिया है हमें उसका पिता के आभारी होना चाहिए। इसीलिए पूजा-पाठ जप-तप भजन, कीर्तन, कथा, सत्संग में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। कथा में प्रथम दिन डॉ सलमानी, विपिन सिंह डब्बू डॉजे एन सिंह, जन्म सिंह, अमरदेव सिंह, अनिल सिंह, मेटा सिंह, रवि पांडे, किशन, डॉ दिनेश शर्मा, राजेश रंजन आदि सहित सैकड़ों भक्त गण उपस्थित रहे।
सफारी गाड़ी से 12 लाख का गांजा,एक तमंचा, कारतूस, इलेक्ट्रानिक तराजू,07 मोबाइल बरामद
आजमगढ़ : गांजा तस्करों के बड़े गिरोह का राजफाश हुआ है। वाहन चेकिंग के दौरान गोरखपुर के रास्ते आजमगढ़ की ओर आ रही सफारी कार सवार दो महिलाओं समेत चार तस्कर पुलसि के हत्थे चढ़े हैं। सफारी से 79.530 किलो गांजा, एक तमंचा, कारतूस, इलेक्ट्रानिक तराजू इत्यादि बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर यादवेंद्र पांडेय व प्रभारी सर्विलांस सेल राजकुमार सिंह शनिवार की सुबह लाटघाट पुल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफारी को सिपाहियों ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार को तेज कर दी। आशंका होने पर पुलिस पीछे दौड़ी, लेकिन तभी सफारी अचानक बंद हो गई। उसमें से निकलीं दो महिलाएं समेत चार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। गिरफ्तार युवकों में राहुल अटौली थाना बड़हलगंज, गोरखपुर, अमन तिवारी निवासी शहबाजपुर थाना कासिमाबाद, गाजीपुर, रूपाली बर्मन पिल्लांजी गलान्दिहाबी थाना उदलगुरी असम व रमेला नरजारी निवासी बल्लागान थाना उदलगुरी असम के निवासी हैं। सिपाहियों ने गाड़ी चेक किया तो उसमें से बोरे में भरा गांजा, 8100 रुपये, सात मोबाइल इत्यादि समान बरामद हुए। पुलिस सफारी को सीज कर तस्करों से पूछताछ में जुट गई हैं। मसलन, गिरोह में कितने सदस्य हैं, गांजे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी। एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि गिरोह काफी दिनों से तस्करी कर रहा था। असम से गांजा लाकर आजमगढ़ व आस-पास के जिलों में आपूर्ति की जाती थी। महिलाओं की इसमें भूमिका भरपूर रहती है।
वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर हुआ हादसा, ओबरा से त्रयोदशाह से लौट रहे थे लोग
आजमगढ़: वाराणसी-अजामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जबरदस्त हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगाें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक की हालात गंभीर बताई गई है। गंभीरपुर पुलिस रात में ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद हादसे की वजह जानने में जुट गई है। बिंद्राबाजार निवासी आलोक नाथ के जीजा दीपक कुमार की ओबरा में त्रयोदशाह कार्यक्रम था। आलोक के स्वजन के अलावा उनके पिता के दोस्त कोदई यादव वजीरमलपुर (गंभीरपुर) का परिवार दो कार से ओबरा गया था। शुक्रवार की रात दोनाें परिवार के लोग घर लौट रहे थे कि गोमाडीह के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार आलोक नाथ, उनके पड़ोसी रामवृक्ष प्रजापति के बेटे उमेश प्रजापति की मौके पर मौत हो गई, जबकि अंकित सिंह निवासी रानीपुर रजमो पहिलेपुर, कोदई यादव लेखपाल, उनकी बेटी दीपशिखा यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। चालक ट्रक लेकर हादसे के बाद भाग निकला है। पुलिस ने हादसे का केस दर्ज कर लिया है। पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जानने के बाद स्वजन से मिल उनको ढाढ़स बंधाया। ओबरा से दोनों कार एक साथ चली थीं। दूसरी कार रात में दो बजे बिंद्राबाजार पहुंच गई। स्वजन एक कार का कुछ देर इंतजार किए, लेेकिन विलंब होने से अनहोनी की आशंका मन में गहराने लगी। मां निर्मला देवी ने बेटे आलोक के मोबाइल पर फोन किया ताे डायल 112 की पुलिस ने कार एक्सीडेंट की जानकारी दी। मां बदहवास हुईं, तभी दो के मरने की भी जानकारी मिल गई। इसके बाद तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। आलोक की पत्नी अंतिमा भी अचेत पड़ गईं। बिंद्राबाजार के लाेगों का कहना है कि हादसे की जड़ में कार्यदायी संस्था की लापरवाही है। गोमाडीह के पास मार्ग को वन-वे कर दिया गया है, लेकिन वहां कोई संकेतक नहीं लगाने के कारण कार एवं ट्रक विपरीत दिशा में दौड़ पड़े, लिहाजा आमने-सामने की टक्कर हो गई। हालांकि, यह बात तो स्वजन और स्थानीय लोग कह रहे थे, लेकिन हादसे की सच्चाई तो पुलिस की जांच में ही पता चल सकेगा।
दोहरीकरण व नान-इंटरलाक कार्य किए जाने के कारण हुआ रूट डायवर्ट हुआ
आजमगढ़: उत्तर रेलवे के बाराबंकी-अयोध्या कैंट-अकबरपुर-जफराबाद जंक्शन खंड पर खेतासराय-मेहरावां-मेहगावां स्टेशनों के दोहरीकरण व नान-इंटरलाक कार्य किए जाने के कारण गोदान व ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन किया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 24, 26, 27, 29 जून एवं एक जुलाई को चलने वाली 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-मऊ के रास्ते चलाई जाएगी। गोरखपुर से 24, 26, 28, 29 जून, एक एवं तीन जुलाई को चलने वाली 11056 गोरखपुर- लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मऊ-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज रामबाग-प्रयागराज जंक्शन के रास्ते जाएगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 23, 25, 28, 30 जून एवं दो जुलाई को चलने वाली 11059 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-मऊ के रास्ते से जाएगी।छपरा से 25, 27, 30 जून एवं 02 जुलाई, को चलने वाली 11060 छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मऊ-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज रामबाग-प्रयागराज जंक्शन के रास्ते गुजरेगी। सूरत से 23, 24, 26, 27, 29, 30 जून एवं एक जुलाई, को चलने वाली 19045 सूरत-छपरा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाराणसी जंक्शन-वाराणसी सिटी-मऊ के रास्ते चलेगी। छपरा से 24, 25, 26, 28, 29 जून, एक, दो एवं तीन जुलाई को चलने वाली 19046 छपरा- सूरत- एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मऊ-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन के रास्ते चलाई जाएगी।