सुल्तानपुर टाइम्स |
- मां के जन्मदिन पर उनसे मिलने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी , मां के पैर धोए फिर पानी आंखों से लगाया
- आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ने की अधिसूचना जारी
- बच्चों को बेचने वाले गिरोह का खुलासा,6 महिलाएं समेत 8 लोग गिरफ्तार
- बदमाशों ने गोली मारकर बाइक लूटी
- सुल्तानपुर में जुमे की नमाज पर अलर्ट रही पुलिस
- यूपी बोर्ड 18 जून को जारी करेगा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परिणाम
| मां के जन्मदिन पर उनसे मिलने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी , मां के पैर धोए फिर पानी आंखों से लगाया Posted: 17 Jun 2022 10:55 PM PDT
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी मां हीराबेन के जन्मदिन पर अहमदाबाद पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने अपनी मां के पैर धोए, उसके बाद उस पानी को आंखों से लगाया। मोदी ने अपनी मां के साथ बैठकर पूजा की, उन्हें शॉल ओढ़ाया और उनका आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री मोदी की मां ने भी जन्मदिन पर मिलने पहुंचे बेटे का मुंह मीठा कराया।प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन आज 100वें साल में प्रवेश कर रही हैं। मोदी शनिवार को पावागढ़ में महाकाली के दर्शन कर विरासत वन में लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वडोदरा रवाना होंगे। वहां 'गुजरात गौरव अभियान' कार्यक्रम के अंतर्गत 21 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा लागत वाली विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम में वे 'मुख्यमंत्री मातृशक्ति योजना' की शुरुआत करेंगे।गुजरात सरकार ने महिला की गर्भावस्था से लेकर मातृत्व के पहले 1000 दिनों तक माता और शिशु दोनों को पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराने तथा उनकी पोषण स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री मातृशक्ति योजना' की घोषणा की है। |
| आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ने की अधिसूचना जारी Posted: 17 Jun 2022 10:04 PM PDT नई दिल्ली केंद्र सरकार ने आधार को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए अधिसूचना जारी कर दी। सरकार ने शुक्रवार को इस आशय की चार अधिसूचनाएं जारी कीं। इसके तहत आधार को मतदाता सूची से जोड़ने के अलावा सेवा मतदाताओं के लिए मतदाता सूची को लैंगिक निष्पक्ष बनाने, युवा मतदाताओं को साल में एक के बजाय चार बार मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का मौका मिलेगा। साथ ही आयोग अब चुनाव संबंधी सामग्री के भंडारण और सुरक्षा बलों व चुनाव कर्मियों को ठहराने के लिए किसी भी इमारत की मांग कर सकता है। यह अधिसूचना संसद द्वारा पारित निर्वाचन संशोधन कानून 2021 के तहत जारी की गई है।विधि मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्विटर पर लिखा, चुनाव आयोग से परामर्श के बाद इस संबंध में चार अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने एक चार्ट भी साझा किया है, जिसमें कहा गया है कि इससे एक ही व्यक्ति के एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाएगा। रिजिजू ने कहा कि अब जो युवा पहली जनवरी या 1 अप्रैल या एक जुलाई या पहली अक्तूबर को 18 साल पूरा करेगा वह तुरंत मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का आवेदन दे सकता है। |
| बच्चों को बेचने वाले गिरोह का खुलासा,6 महिलाएं समेत 8 लोग गिरफ्तार Posted: 17 Jun 2022 10:03 PM PDT
दिल्ली पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर छह महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान दिल्ली की नीतू, सोनिया, विनीत और मीना, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली रेखा अग्रवाल और मोनी बेगम जबकि हरियाणा की रहने वाली पिंकू देवी और दिग्विजय सिंह के रूप में हुई है। दिल्ली महिला आयोग के एक काउंसलर की शिकायत पर रविवार को मामला दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक, अपनी शिकायत में काउंसलर ने बताया कि शनिवार को उसे सूचना मिली कि फोन करने वाले ने तीन दिन के बच्चे को अपने दोस्त के जरिए बेच दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक जांच के दौरान तकनीकी निगरानी की मदद से इस मामले में नीतू और उसके साथियों की भूमिका सामने आई। पुलिस को पता चला कि नीतू ने पिछले साल अक्टूबर में मदन मोहन मालवीय नगर अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था।सोनिया ने 27 अक्टूबर को उसे वहां से छुट्टी दिलवाई और संगम विहार स्थित अपने आवास पर ले गई।अगले दिन, मीना के माध्यम से नीतू ने अपने बच्चे को 5 लाख रुपये में गाजियाबाद के प्रताप विहार में स्थित एक नर्सिंग होम में बेच दिया। दिल्ली में इन दिनों बच्चों की तस्करी के मामले बढ़ गए हैं।बीते अप्रैल महीने में भी दिल्ली में बच्चों के बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था।यह गिरोह बच्चे को किडनैप करके उसे बेच देता था। दिल्ली के रोहिणी इलाके में नवजात शिशुओं की तस्करी में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ कर चार महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहिणी के बलजीत विहार निवासी इकरत (30) और मोहम्मद सद्दान (50), कंझावला निवासी रेणु (28) तथा गाजियाबाद की मोनी बेगम (30), रेखा (46) और योगेश (36) के रूप में हुई थी। |
| बदमाशों ने गोली मारकर बाइक लूटी Posted: 17 Jun 2022 09:51 PM PDT सुल्तानपुर में निमंत्रण खाकर लौट रहे तीन युवकों से तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल की लूट हुई है। बदमाशों ने विरोध करने पर तमंचे से फायर झोंक दिया। जिसमें एक युवक के हाथ में गोली लगी है। जिला अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली अंतर्गत किशनदास का पुरवा निवासी संजीत पुत्र बलराम यादव, सूरज पुत्र राकेश और राहुल पुत्र राम सजीवन शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले के पट्टी में एक निमंत्रण में बाइक से गए थे। देर रात तीनों बाइक से निमंत्रण से लौट रहे थे कि कुड़वार थाना क्षेत्र के रायापुर सरैया विसेन अलीगंज हाइवे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवर टेक कर उन्हें रोका। पीड़ित युवाओं ने बताया कि बदमाशों ने मोबाइल व बाइक लूटने का प्रयास किया। जिस पर तीनों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी।इस बीच बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया और गोली जाकर सीधे राहुल नाम के युवक के हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश बाइक लूटकर फरार हो गए। वही घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने राहुल को भर्ती कर लिया है। डॉक्टर द्वारा पुलिस को भी घटना के बाबत सूचना दी गई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित युवाओं का बयान दर्ज किया। मामले में अब कुड़वार पुलिस जांच कर रही है। |
| सुल्तानपुर में जुमे की नमाज पर अलर्ट रही पुलिस Posted: 17 Jun 2022 08:12 AM PDT सुल्तानपुर में जुमे के मौके पर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा पूरे अमले के साथ शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटे रहे। इस बीच पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्रा बाइक पर बैठकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते देखे गए। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कहा कि पिछले सप्ताह राज्य में जुमे की नमाज के बाद छोटी मोटी घटनाएं हुई थी। उसको संज्ञान लेकर के जनपद में कही पर शांति भंग न हो इसके लिए पूरे सप्ताह प्रयास किया गया। सभी लोगो से बातचीत की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में रोज फ्लैग मार्च किया गया। आज भी सुबह से पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। सेक्टर ड्यूटी मुस्तैद की गई। सभी का सहयोग मिला और शांति के साथ नमाज अदा कर ली गई है। जिलाधिकारी ने कहा कुछ लोगो ने सोशल मीडिया पर प्रयास किया तत्काल कप्तान ने उन लोगो के खिलाफ कार्रवाई करके उससे सभी पक्षों में निष्पक्षता का एक मैसेज गया है। वही पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन कुमार मिश्र के निर्देशन में थाना क्षेत्र अंतर्गत मस्जिदों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई। सभी सीओ, कोतवाल, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी द्वारा पर्याप्त पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमणशील रहते हुए सर्व समुदाय के धर्मगुरुओं से वार्तालाप कर शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील गई। सोशल मीडिया सेल टीम द्वारा भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट व वीडियो बयान जारी करने, साजिश रचने व माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर लगातार पैनी नजर भी रखी गई। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की जरूरत नहीं है इससे आपका नुकसान ही होगा। किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करे पुलिस चुस्ती व मुस्तैदी से अपना काम करेगी। |
| यूपी बोर्ड 18 जून को जारी करेगा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परिणाम Posted: 17 Jun 2022 06:21 AM PDT लखनऊ यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम इस बार 18 जून यानी शनिवार को जारी होगा। दोपहर 2 बजे पहले हाई स्कूल के परिणाम आएंगे, ठीक 2 घंटे बाद यानी 4 बजे इंटरमीडिएट के रिजल्ट भी जारी होंगे। शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव ने दोपहर बाद सूचना जारी कर दी।इससे पहले बुधवार को टीम 9 बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को बोर्ड रिजल्ट जारी करने से पहले रिजल्ट की तारीख स्टूडेंट्स और अभिभावकों को बताने के निर्देश दिए। तभी से कहां जा रहा था कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2022 का रिजल्ट कभी भी जारी कर सकता है। बोर्ड परीक्षा रिजल्ट की डेट्स का औपचारिक ऐलान भी आज हो गया। इस बार हाई स्कूल परीक्षा में 27 लाख 81 हजार 654 और इंटरमीडिएट में 24 लाख 11 हजार 35 स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ था। इनमें से हाई स्कूल में 25 लाख 25 हजार 7 और इंटरमीडिएट में 22 लख 50 हजार 742 स्टूडेंट्स बोर्ड एग्जाम में शामिल हुए। बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य पूरा करा लिया है और परीक्षा परिणाम को अंतिम रूप दे रहा है।बोर्ड रिजल्ट्स यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in, upresults.nic.in और upmspresults.up.nic.in पर देख सकेंगे। यहाँ पर 10वीं और 12वीं दोनों के परिणाम उपलब्ध होंगे। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |










