आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, June 20, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: जीत के बाद वोट के कर्ज को ब्याज सहित वापस करूंगा - केशव प्रसाद मौर्य

Posted: 20 Jun 2022 07:03 AM PDT



समाजवादी पार्टी का मतलब समाप्त वादी पार्टी,अब आजमगढ़ से भी समाप्त होगी - डिप्टी सीएम

अखिलेश यादव को पता चल गया है की कमल खिलाने वाला है इसीलिए वो नही आ रहे है - केशव प्रसाद

आजमगढ़: सदर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के पक्ष में मुबारकपुर विधानसभा के शाहगढ़ में सभा करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जीत के बाद वोट के कर्ज को ब्याज सहित वापस करूंगा। उन्होंने जनसभा में कहा कि आजमगढ़ और रामपुर में कमल खिलने वाला है। रामपुर में रामराज आने वाला है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सपा पर जम कर हमलावर रहे। कहा कि अखिलेश यादव को पता है कि वो हार रहे है इसलिए वो नहीं आ रहे है। सपा गुंडों माफियाओं की संरक्षक पार्टी है और अखिलेश यादव उसके सरदार है। जब बड़े भाई अखिलेश साढ़े तीन वर्षों में कुछ नहीं कर पाए तो धर्मेंद्र क्या कर पाएंगे। बदायूं के सांसद को हराकर हम लोगों ने वापस घर भेज दिया।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मालूम हो गया है कि आजमगढ़ में कमल खिलने वाला है। इसलिए वे यहां नहीं आ रहे हैं।  यह उपचुनाव डेढ़ साल के लिए हो रहा है। इतने में 15 साल का विकास करने का हम वादा कर रहे हैं। प्रदेश और देश में दूसरा कार्यकाल चल रहा है। नतीजा यह है कि गुंडाें, माफियाओं का सफाया हो चुका है। 2014 में भ्रष्टाचार को समाप्त करने का मोदी जी ने वादा किया था। आज भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि योजना का लाभ आज जनता को मिल रहा है। पूर्व कांग्रेस, सपा और बसपा सरकार योजना का 85 प्रतिशत खुद खा जाती थी और 15 प्रतिशत ही जनता तक पहुंच पाता था। हमारी सरकार में 46 लाख गरीबों का आवास बना है। सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का मतलब समाप्त वादी पार्टी। इस बार आजमगढ़ से यह पार्टी समाप्त होगी और कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री ने एक दिन पहले आजमगढ़ का नाम बदलकर आर्यमगढ करने के कहा है। 2022 का उपचुनाव 2024 का ट्रेलर है।

आजमगढ़: कार की टक्कर से ऑटो रिक्शा चालक की मौत, दो घायल

Posted: 20 Jun 2022 05:50 AM PDT


मंदुरी स्थित नेशनल हाई-वे पर रविवार की रात 11 बजे बजे आमने सामने हुई टक्कर

आजमगढ़: मंदुरी स्थित नेशनल हाई-वे पर रविवार की रात 11 बजे ऑटो रिक्शा और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसमें सवार साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। गश्त पर निकली कप्तानगंज पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवा दिया। अंबेडकर नगर जिले के अलहादपुर थाना के मुस्हापुर गांव निवासी अवनीश कुमार ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार की जीविका चलाते थे। रविवार की शाम अपने गांव के मित्र रामप्रसाद के साथ टांडा से रिजर्व सवारी लेकर आजमगढ़ के मुकेरीगंज आए थे। रात लगभग 11 बजे सवारी छोड़कर दोनों घर लौट रहे थे कि मंदुरी स्थित नेशनल हाई-वे पर अतरौलिया की तरफ से आ रही कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। कार चालक भी घायल हो गया। कप्तानगंज पुलिस ने तीनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डाक्टर ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया, जबकि आटो चालक के मित्र रामप्रसाद की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि कार चालक को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले आई।

आजमगढ़: ट्रैक्टर ट्राली के धक्के से युवक की मौत, मचा कोहराम

Posted: 20 Jun 2022 05:31 AM PDT


बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा के पास बीती रात हुआ हादसा

आजमगढ़: बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहा के पास रविवार की रात मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।  घटना के समय वो अस्पताल में भर्ती मरीज को देखकर घर लौट रहे थे। घटनास्थल पर लोग जब तक मौके जुटते कि चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में लेकर थाने भेजवा दी। जबकि युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।  बिलरियागंज थाना क्षेत्र के देवा बिंदवल ग्राम निवासी 34 वर्षीय रामप्रताप यादव पुत्र फकीर यादव रविवार की शाम वह बिलरियागंज गए थे। अस्पताल में भर्ती एक मरीज को देख कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही जैगहा गांव के पास पहुंचा कि सामने से मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुुंची। टैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। साथ ही युवक के मौत की सूचना उसके घर वालों को दी। मौत की सूचना परिवार में मिलने पर कोहराम मचा गया। राम प्रताप की पत्नी का एक साल पूर्व निधन हो गया था। उसे दो पुत्र हैं 12 साल का पुत्र सत्यम व आठ साल का शिवम है। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो रो कर बेहाल हैं। मृत रामप्रताप की मां राधिका देवी को तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आजमगढ़ : राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल ने बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली को दिया समर्थन

Posted: 20 Jun 2022 04:55 AM PDT



जिले को बाहरी लोगों की राजनैतिक नर्सरी नही बनने देंगे - ओलमा कौन्सिल

अब जिले का नेतृत्व यहां के स्थानीय नेता ही करेंगे : तलहा रशादी

आजमगढ़ : राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल ने आजमगढ़ उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली को समर्थन दे दिया है। इसका एलान गुड्डू जमाली व राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल के पदाधिकारीयों ने सोमवार को आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में किया पार्टी प्रवक्ता तलहा रशादी ने कहाकि राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल इस चुनाव में भाग नही ले रही है और हम तटस्थ थे। पर पिछले चंद दिनों में जिस प्रकार से भाजपा व सपा द्वारा तुष्टीकरण और ध्रुवीकरण का माहौल बनाया जा रहा है और पूरे आजमगढ़ में दोनो दलों के बाहरी नेताओं ने जमघट लगाया हुआ है, इससे एक बार फिर ये साफ है कि सपा-भाजपा दोनों दलों के लिए इस चुनाव में स्थानीय विकास कोई मुद्दा ही नही है। साथ ही बाहरी लोगों को चुनाव लड़ाकर दोनों दल आजमगढ़ को 'पाॅलिटिक्ल टूरिज़्म' का अड्डा बना रहे हैं।
क्या आजमगढ़ में कोई ऐसा नेता नही है, इन दलों के पास जो आजमगढ़ का नेतृत्व कर सके? या ये दोनों दल राहुल सांकृत्यायन व अल्लामा शिब्ली नोमानी की इस सरजमीं को राजनैतिक तौर पर बंजर व बाहरी नेताओं के लिए राजनैतिक नर्सरी बनाना चाहते हैं? उन्होंने सवाल किया कि जिस तरह से आज सपा-भाजपा के सारे बड़े और बाहरी नेता आजमगढ़ में नज़र आ रहे हैं वो तब कहां थे जब बिलरियागंज में हमारी मां-बहनों पर लाठीयां बरस रही थीं या जब कोरोना काल में हमारे लोग ऑक्सीजन के लिए तरस रहे थे। आज चुनाव में सपा-भाजपा के लोग आजमगढ़ की अवाम के मसीहा बन रहे हैं।
इन हालात में आजमगढ़ की अवाम की मांग पर और आजमगढ़ के सम्मान व अस्मिता के लिए पार्टी ने ये फैसला किया है कि इस चुनाव में बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली साहब का समर्थन करेंगे। क्योंकि ये आजमगढ़ के स्थानीय प्रत्याशी हैं जो क्षेत्र की समस्याओं से जमीनी स्तर पर परिचित हैं, ये सदैव लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते हैं। आज आजमगढ की जनता एक साफ सुथरी छवि वाले स्थानीय नेता को अपना प्रतिनिधि बनाना चाहती है ताकि हवा-हवाई बातों के बजाए क्षेत्र का विकास हो सके और उनका नेता उनके सुख-दुख में खड़ा रहे।
उन्होंने कहाकि 2017 के विधानसभा चुनाव में हमने बसपा से रणनीतिक गठबंधन किया था और हमारे सहयोग से बसपा जिले में 4 सीट जीती थी और हम उम्मीद करते हैं कि इस बार फिर जनता उसी तरह हमारा साथ देगी और आजमगढ़ यह उपचुनाव जीतेगा।
प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए गुड्डू जमाली ने कहाकि, मैं राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बड़े भाई मौलाना आमिर रशादी साहब का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने हमे अपना समर्थन दिया। कौन्सिल का जिले में बहुत अच्छा जनादेश है और इनके वोटर पक्के हैं। मैं निश्चिंत हूं कि आज कि इस घोषणा ने हमारी जीत को सुनिश्चित कर दिया है। पिछले दिनों में एक प्रोपेगंडा के तहत लोगों को भ्रमित करने की जो कोशिश की गयी है। जिसके कारण जो लोग भी अब तक थोड़ा बहुत भ्रमित थे। उन सब का भ्रम आज दूर हो जाएगा और हम और मजबूती से जीत की तरफ बढ़ेंगे। मुझे यकीन है कि मैं चुनाव जीत रहा हूं और मैं यही का हूं और यहीं रहुंगा और जीत के बाद भी अपने लोगों की सेवा और विकास में समर्पित रहुंगा।
इस मौके पर बसपा के कॉर्डिनेटर डाॅ. मदन राम, मण्डल प्रभारी अश्विनी कुमार व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वही राष्ट्रीय ओलमा कौन्सिल के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनिल सिंह, यूथ विंग के अध्यक्ष नुरूलहोदा अन्सारी, जिलाध्यक्ष नोमान अहमद, जिला प्रभारी हाजी शकील अहमद, रामकुमार कन्नौजिया व अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आजमगढ़: 21 जून की शाम 06 बजे बंद होगा प्रचार अभियान,क्षेत्र छोड़ देंगे बाहरी प्रचारक

Posted: 20 Jun 2022 04:05 AM PDT


सभी दलों के स्टार प्रचारक जो मतदाता नही हैं निर्वाचन क्षेत्र में नही रह सकते हैं - डीएम

आजमगढ़ 20 जून-- जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल भारद्वाज ने जनपद में अवस्थित समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, 69-आजमगढ़ लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में मतदान दिनांक 23 जून 2022 को सम्पन्न होगा। आयोग के निर्देशानुसार मतदान समाप्त होने के 48 घण्टे पूर्व अर्थात दिनांक 21 जून 2022 को सायं 06 बजे के उपरान्त प्रचार अभियान समाप्त हो जायेगा। जिसके क्रम में आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रचार अभियान समाप्त होने के उपरान्त सभी राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारक, राजनैतिक पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ता जो निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं है, निर्वाचन क्षेत्र में उपस्थित नहीं रह सकते है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न कराने हेतु जनपद के सभी राजनैतिक दलों, निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों से अपेक्षा किया है कि उनके समर्थन में स्टार प्रचारक, पार्टी पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता जो भी जनपद में अवस्थित 69-आजमगढ़ लोक सभा के अन्तर्गत आने वाली विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता नहीं है, को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाने हेतु अवगत करा दिया जाये। उक्त के दृष्टिगत दिनांक 21 जून 2022 को सायं 06ः00 बजे के उपरान्त जनपद में अवस्थित समस्त गेस्ट हाउस, लॉज, कल्याण मण्डपम, कम्युनिटी हाल आदि में सघन अभियान चला कर ऐसे लोगों की उपस्थिति की सघन जॉच करायी जायेगी तथा उन्हें निर्वाचन क्षेत्र से बाहर कराया जायेगा।

आजमगढ़: मृत दंपती के स्वजन से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

Posted: 20 Jun 2022 02:48 AM PDT


पारा गांव के मौर्य दंपती की अपहरण के बाद हत्या हुई थी

परिवार को मिलेगी सुरक्षा, जमीन पर दिलाया जाएगा कब्जा

आजमगढ़ : जिले के पारा गांव के मौर्य दंपती की अपहरण के बाद हत्या को लेकर पहले दिन से गंभीर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को उनके घर पहुंचकर बच्चों व परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शासन की ओर से 25 लाख का चेक उनके पहुंचने से पहले ही फूलपुर के एसडीएम ज्ञानचंद्र गुप्ता ने दिया।
आंबेडकर नगर जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर रामगढ़ में दिन के 12.50 बजे हेलीकाप्टर से उतरकर उन्हें भियांव ब्लाक में अमृत सरोवर का शिलान्यास करने जाना था, लेकिन वहां जाने से पहले उनका काफिला पारा गांव पहुंच गया। यहां आधा घंटा तक दंपती के बच्चों शिवम, प्रिया और खुशी के साथ परिवार के अन्य लोगों से बातचीत की।
परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ से कहा कि जिस जमीन को इंद्रपाल ने खरीदा था उस पर आज ही परिवार को कब्जा दिलाना सुनश्चित करें। साथ ही कहा कि दोषियों के साथ किसी तरह की रियायत नहीं बरती जाती चाहिए। अगर इस तरह की शिकायत मिली तो उचित नहीं होगा। परिवार से मिलने के बाद उप मुख्यमंत्री भियांव ब्लाक के लिए रवाना हो गए।
पारा गांव के इंद्रपाल मौर्य और उनकी पत्नी शकुंतला मौर्या 14 जून की सुबह 10 बजे अपने घर से शाहगंज (जौनपुर) आंख की दवा लेने व दुकान के लिए सामान की खरीदारी करने के लिए निकले थे। दवा लेने के बाद घर पर फोन करके तीन बजे तक लौटने की बात कहे थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। रात में फोन उठा तो बोले कि मैं बहुत मुसीबत में हूं। फोन उधर से कट कर दिया गया। दूसरे दिन बुधवार सुबह भतीजे प्रदीप कुमार मौर्य ने अहरौला थाने में तहरीर देकर दो लोगों पर अपहरण की आशंका जताई थी। तीसरे दिन 16 जून को जनता इंटर कालेज अंबारी के सामने झाड़ी में दोनों का शव और बाइक मिली थी।

आजमगढ़: राज्य विश्वविद्यालय में भरे जाएंगे व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के परीक्षा फार्म

Posted: 19 Jun 2022 08:22 PM PDT


एडमिशन के लिए फार्म आनलाइन जारी कर दिया गया

बीएससी कृषि, बीबीए, बीसीए, एलएलबी के परीक्षा फार्म उपलब्ध

आजमगढ़: उच्च शिक्षा के लिए पूर्वांचल के छात्रों के पास बेहतर मौका है। अब आजमगढ़ जिले में विवि में एडमिशन के लिए फार्म आनलाइन जारी कर दिया गया है। इसमें बीएससी कृषि, बीबीए, बीसीए, एलएलबी के परीक्षा फार्म आज से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। नई शिक्षा नीति के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तारीख 25 जून तय हुआ है। वहीं आगामी सत्र में रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने पर विचार हो रहा है।
इस बाबत महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में नई राष्ट्रीय नीति-2020 के परीक्षा फार्म के बाद अब अन्य पाठ्यक्रमों जैसे बीएससी कृषि, बीबीए, बीसीए, एलएलबी आदि के परीक्षा फार्म 20 जून अपराह्न बाद से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://msdsu.ac.in एवं https://msdsuonline.in पर उपलब्ध होंगे।
अभी तक नई शिक्षा नीति के अंतर्गत 40 हजार से अधिक परीक्षा फार्म बिना किसी व्यवधान के भरे जा चुके हैं। नई शिक्षा नीति के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तारीख 25 जून है।
कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के नए भवन का निर्माण तीब्र गति से चल रहा है। इस वर्ष के अंत तक प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। अागामी सत्र में कई ऐसे पाठ्यक्रम शुरू करने पर विचार किया जा रहा है, जिससे आजमगढ़ व मऊ जिले के छात्रों को राेजगार के अधिक से अधिक अवसर मिल सके। इसी क्रम में विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट https://msdsu.ac.in का शुभारंभ हो चुका है। जिसके माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। वेबसाइट पर विश्वविद्यालय से संबंधित संपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध हैं।
संबद्धता प्राप्त सभी महाविद्यालयों को परीक्षा संबंधी लागिन फासवर्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं। महाविद्यालय व छात्र वेबसाइट को रोजाना देखेें, जिससे की उन्हें विश्वविद्यालय से संबंधित संपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हो सकें। किसी समस्या की स्थिति में ईमेलmsdsu@helpenable.com या हेल्पलाइन नंबर-9219186105 / 9219198748 पर संपर्क करे। विश्वविद्यालय की तरफ से त्वरित निवारण किया जाएगा।

आजमगढ़: गुड्डू जमाली लोकल प्रत्याशी हैं बाकी सपा व भाजपा के बाहरी - उमाशंकर सिंह

Posted: 19 Jun 2022 08:04 AM PDT


बसपा से गंठबंधन कर चुनाव जीते अखिलेश यादव मंझधार में छोड़ कर चले गए

उपचुनाव में जीत दर्ज करके बसपा का नया उदय होगा - विधायक रसड़ा

आजमगढ़ : अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद हो रहे लोकसभा का उपचुनाव रोचक मोड़ पर पहुंच गया है। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली की जीत सुनिश्चित करने के लिए बसपा का कैडर मजबूती से लगा हुआ है तो वही बसपा के नेता भी गुड्डू जमाली के साथ कदम से कदम मिलाकर दिन रात एक किए हुए हैं। आज बहुजन समाज पार्टी के बलिया जिले के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह ने शहर के सिधारी क्षेत्र स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता कर उप चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली यहां के लोकल प्रत्याशी हैं बाकी सपा के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव और भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ बाहरी प्रत्याशी हैं इसलिए जनता ने मन बना लिया है इस बार गुड्डू जमाली को ही जिताना है। उन्होंने कहा कि जनता के मन में यह मलाल है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव यहां से चुनाव जीते आजमगढ़ के विकास में सरकार रहते भी उन्होंने कुछ नहीं किया और 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन होने के बाद चुनाव जीते अखिलेश यादव ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, मझधार में छोड़ कर चले गए। मतदाताओं का गुस्सा समाजवादी पार्टी को भारी पड़ेगा। बहुजन समाज पार्टी को सपा द्वारा भारतीय जनता पार्टी की बी टीम कहे जाने के सवाल पर बसपा नेता ने कहा कि बसपा नहीं समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी की बी टीम है क्योंकि उपचुनाव में अखिलेश यादव ने बलिहारी बाबू के बेटे सुशील आनंद को पहले प्रत्याशी इसीलिए बनाया की दलित होने के नाते वह बसपा का वोट काट देंगे और भाजपा जीत जाएगी लेकिन विरोध होने पर प्रत्याशी बदल दिया। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद अखिलेश यादव के खिलाफ जांच के कई आदेश हुए लेकिन उसमें अभी तक कुछ नहीं हुआ यह इसलिए की समाजवादी पार्टी भाजपा की बी टीम है। बसपा विधायक ने कहा कि आज आजमगढ़ का यादव समाज धर्मेंद्र यादव के साथ नहीं बहुजन समाज पार्टी के साथ है क्योंकि उसे लग रहा है कि अगर सपा जीत गई तो फिर एक परिवार का दबदबा हमेशा आजमगढ़ में बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की लड़ाई किसी से नहीं है सपा और भाजपा बसपा से लड़ रही हैं दावा किया कि उपचुनाव में धर्मेंद्र यादव लड़ाई से बाहर हो चुके हैं मुकाबला बसपा बनाम भाजपा है।
बसपा नेता ने कहा कि आजमगढ़ लोकसभा के उपचुनाव में जीत दर्ज करके बहुजन समाज पार्टी का नया उदय होगा और 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सरकार बनाएगी।
अग्निपथ योजना को लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में हो रहे हिंसक प्रदर्शन पर बसपा नेता ने कहा केंद्र सरकार को इस योजना को लागू करने से पहले सभी दलों से बात करनी चाहिए थी लोगों को विश्वास में लेना चाहिए था। ऐसा नहीं कर के सरकार ने गलत किया है उन्होंने आंदोलन कर रहे युवाओं से भी अनुरोध किया कि अपनी बात अहिंसक तरीके से रखें हिंसा का प्रयोग ना करें।

आजमगढ़ उपचुनाव में अखिल भारतीय कायस्थ  महासभा ने सपा को दिया समर्थन

Posted: 19 Jun 2022 06:54 AM PDT


कायस्थ समाज से सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई

आजमगढ़: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं चित्रांस महासभा के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक शनिवार को कुर्मीटोला स्थित चित्रांस महासभा के कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में महासभा ने कायस्थ समाज के लोगों से सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव के पक्ष में 23 जून को मतदान करने की अपील की।सपा के वरिष्ठ नेता व एमएलसी आशुतोष सिन्हा व जिलाध्यक्ष नवीन चन्द अस्थाना ने कायस्थ समाज से अपील करते हुए कहा कि आप सबको अपने हर वोट की कीमत को समझना होगा क्योंकि भाजपा ने कायस्थ समाज पर ध्यान देना छोड़ दिया है। लेकिन भारतीय समाज में कायस्थों ने अपनी प्रतिभा और कर्मठता के माध्यम से समाज में न सिर्फ अपनी पहचान बनाई है बल्कि एक भारत का मान बढा़ने में भी समाज की भूमिका अहम रही है। हमारा समाज स्वतंत्रता आन्दोलन से ले कर अब तक समाज के हर क्षेत्र शिक्षण, न्याय, संवैधानिक पद, प्रशासनिक सेवा आदि में हमेशा से अग्रणी रहा लेकिन भाजपा ने कायस्थ समाज को हाशिये पर रख सिर्फ वोट बैंक समझा। लेकिन इसका माकूल जवाब 23 जून को कायस्थ समाज सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव को जीताकर देगा। इलाहाबाद विवि के प्रोफेसर डा. पंकज श्रीवास्तव ने कहाकि आजमगढ़ का विकास सिर्फ समाजवादी पार्टी ने किया। सपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव छात्र जीवन से ही समाज की सेवा कर रहे है। इस बार कायस्थ समाज आजमगढ़ से जीताकर उन्हे संसद भेजने का काम करेगी। प्रणीत श्रीवास्तव हनी ने कहाकि सामाजिक समरसता में जहर घोलने वालों को आजमगढ़ की जनता वोट से चोट करेगी और पूरा कायस्थ समाज कंधे से कंधा मिलाकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव को जीताकर सामाजिक समरसता कायम करने का काम करेगी। बैठक में रामआसरे विश्वकर्मा पूर्व मंत्री, जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव मंत्री, अशोक श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष, अवधेश चन्द श्रीवास्तव महामंत्री, सुधीर कुमार अस्थाना मंत्री, आनन्द स्वरूप श्रीवास्तव उपाध्यक्ष, मनीष श्रीवास्तव मंत्री, राकेश अस्थाना, अमित श्रीवास्तव एड., अतुल श्रीवास्तव प्रधान, सतीश श्रीवास्तव, महावीर श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, शिखर श्रीवास्तव, कृपा श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, विनीत कुमार अस्थाना, सुमित कुमार अस्थाना, सौरभ श्रीवास्त, प्रकाश नरायन, अभय अस्थाना, ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव, अर्जुन श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कायस्थ समाज के लोगों ने भाग लिया।

बुलडोजर और अग्निपथ को लेकर भाजपा को सबक सिखाएं आजमगढ़ के लोग - मायावती

Posted: 19 Jun 2022 08:37 AM PDT


बसपा प्रत्याशी गुड्डू जमाली आजमगढ़ की जनता के बीच ही रहते हैं - बसपा सुप्रीमो

बसपा सुप्रीमो ने सपा पर भी भाजपा के साथ आंतरिक गठबंधन का आरोप लगाया

आजमगढ़: आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच सियासी तीर भी खूब चल रहे हैं। इसी कड़ी में बहुजन समाजपार्टी प्रमुख मायावती ने प्रदेश में प्रदर्शन करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाने और युवाओं के आक्रोश का विषय बने अग्निपथ स्‍कीम को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है। इस दौरान न्यूज एजेंसी से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि आजमगढ़ के लोग बुलडोजर चलवाने और अग्निपथ स्‍कीम जैसी जनविरोधी परियोजना को भाजपा द्वारा लाए जाने का विरोध उपचुनाव में कर सकते हैं। उन्‍होंने भाजपा को सबक सिखाने के लिए बसपा को वोट देने की अपील के साथ ही सपा पर भी भाजपा के साथ आंतरिक गठबंधन का आरोप लगाया है। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव पर बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि लोग बीजेपी के साथ आंतरिक गठबंधन के लिए इस उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को भी दंडित कर सकते हैं। जनता का यह फैसला फिर से दिखाएगा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाजपार्टी समाजवादी पार्टी की तुलना में भाजपा को हराने के लिए अधिक शक्तिशाली दल है। हालांकि, यह उप-चुनाव है, लेकिन लोगों के लिए, यह काफी महत्वपूर्ण मौका भी है। इसके लिए आम जनता के पास उपचुनाव में बेहतर मौका है।
उन्‍होंने कहा कि इस समय देश में हालात काफी चुनौतीपूर्ण हैं और ऐसे हालात में प्रदेश की आम जनता अग्निपथ जैसी जनविरोधी योजनाओं और प्रदर्शन करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाने के तौर तरीकों का उपयोग करने को लेकर आक्रोशित है। ऐसे में आजमगढ़ की जनता के सामने बेहतर मौका है कि वह राज्‍य और केंद्र सरकार के जनविरोधी तौर तरीकों और फैसलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में हराकर सबक सिखा सकते हैं। बताते चलें कि आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव पर बसपा प्रमुख मायावती ने जिले के बसपा नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली पर लोकसभा चुनाव पर दांव लगाया है।मायावती ने बसपा नेता गुडडू जमाली को स्थानीय प्रत्याशी और समाजसेवी भी बताया और कोरोना काल में उनके द्वारा आजमगढ़ के लोगों की निस्वार्थ सेवा की भी प्रशंसा की । वहीं भाजपा की ओर से दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा की ओर से धर्मेंद्र यादव पर दांव लगाया गया है। वहीं भाजपा की ओर से दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा की ओर से धर्मेंद्र यादव पर दांव लगाया है।

आजमगढ़: सपा-बसपा यूपी के विकास के राहु-केतु - योगी आदित्यनाथ

Posted: 19 Jun 2022 02:58 AM PDT



युवाओं के लिए अग्निपथ योजना की पूरी दुनिया स्वागत कर रही है - मुख्यमंत्री

विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी,सीट जिताना आपकी - सीएम योगी

आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव से पूर्व भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जहानागंज और बिलरियागंज में दो जनसभाएं आयोजित की। जिसमें में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। बोले, सपा या बसपा से जितनी दूरी बनाएंगे, उतना ही विकास होगा। देश के युवाओं के लिए अग्निपथ योजना की पूरी दुनिया स्वागत कर रही है पर विपक्ष निशाना साध रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के सांसद(अखिलेश यादव) कोरोना काल में भी नहीं आए, जबकि उस समय जनता कष्ट में थी। जब आए ही नहीं तो सहायता कहां से भेजेंगे? मैंने तीन बार आजमगढ़ का दौरा किया था।
सीएम योगी ने कहा कि जब देश महामारी से जूझ रहा था, अखिलेश मदद करने के बजाए टीका न लगवाने की बात कर लोगों को गुमराह कर रहे थे। मोदी जी ने टीका ही नहीं दिया। राशन के रूप में जीने का सहारा दिया। आजमगढ़ में 35 लाख लोगाें को राशन मिला। सपा में रामदर्शन यादव जैसे कार्यकर्ता की अनदेखी की गई। सपा सिर्फ सैफई को जिम्मेदारी देना चाहती है। सपा, बसपा को जनता ने कई बार मौका दिया, लेकिन जनता को इन्होंने धोखा दिया। इनके एजेंडे में स्वयं का विकास है और गलत कार्य करना है। हमने सिर्फ विकास की बात की और उसे पूरा कर रहे हैं।
सपा के नेता का नाम जहरीली शराब कांड में आया था। उन्हीं का नाम पहले भी जहरीली शराब से माैत मामले में आई थी। मौत मामले में सपा नेता के खिलाफ कोई पहले कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन मेरी सरकार में कार्रवाई होगी। हम जनता को मरते हुए नहीं छोड़ सकते। अलविदा के दिन सड़कों पर नमाज नहीं होगा, तो नहीं हुआ। कोई भी कानून के नियम को तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
हमने गोरखपुर से सीट छोड़ी तो एक कलाकार को चुनाव लड़वाया। वह जीते भी, गोरखपुर का विकास भी हुआ। निरहुआ जीतेगा तो यहां का भी विकास होगा।आपलोग घर जाएंगे, निरहुआ के लिए वोट मांगेंगे। किसानों से वोट मांगेंगे। विकास का काम मेरे ऊपर छोड़ देंगे। आजमगढ़ में बहुत से अवसर आएंगे। प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने जा रही है। कलाकारों को मंचों के माध्यम से बढ़ावा दे रहा हूं।
आजमगढ़ को आतंकगढ़ मन बनने दीजिएगा।ईश्वर ने आपको अवसर दिया है। विकास और सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है भाजपा को जिताना आपकी है । भारतीय जनता पार्टी पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की पक्षधर है।

आजमगढ़: कलाकारों को नचनिया बोलने पर सांसद रविकिशन का जवाब...

Posted: 18 Jun 2022 09:04 AM PDT

वीडियो - मिट्टी के घर से यहां तक आएं हैं, मां सरस्वती की कृपा है - रवि किशन..



आजमगढ़: सपा शासन में जिले की पहचान आतंकियों,माफियाओं से होती थी

Posted: 18 Jun 2022 08:53 AM PDT



मेरे प्रधान सेवक, राज्य सेवक गरीबों की सेवा करते हैं - स्वतंत्र देव सिंह

अमेरिका,इसराइल में अग्निपथ जैसी योजना सफल रही है- प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

आजमगढ़ : भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह ने शनिवार को मेहनगर के रानीपुर रजमो में व गोपालपुर विधानसभा और शुक्रवार को सगडी विधानसभा में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रसपा के नेता व पूर्व विधायक रामदर्शन यादव जो लम्बे समय तक सपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं ने सैकड़ों समर्थकों संग मेहनगर की जनसभा में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि आजमगढ़ दत्तात्रेय, दुर्वासा और चन्द्रमा ऋषि की तपोस्थली रहा है। लेकिन सपा शासन में आजमगढ़ की पहचान आतंकियों गुण्डो, माफियाओं के नाम से होने तक लगी थी। आजमगढ़ की ऐसी पहचान बना दी गई थी कि जब आजमगढ़ के लोग दूसरे शहरों को जाते थे तो उनको होटलों में कमरे नहीं मिलते थे। आजमगढ़ के लोगों ने दो मुख्यमंत्री दिया, दो- दो मुख्यमंत्री को सांसद बनाया आजमगढ़ के लोगों की अपेक्षा थी कि आजमगढ़ के लोगों का विकास होगा उनकी सेवा होगी। लेकिन कोरोना जैसी भयंकर महामारी में भी अखिलेश यादव अपने संसदीय क्षेत्र में जनता का हाल जानने नहीं आए। आजमगढ़ के लोगों की सेवा मोदी योगी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बगैर किया। आजमगढ़ की जनता को कभी सपा को मांफ नहीं करना चाहिए। सपा का प्रत्याशी नामदार है। सपा ने हमेशा जातिवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार, अनाचार दुराचार की राजनीति किया है। मेरा प्रधान सेवक, राज्य सेवक गरीबों की सेवा करते हैं। उसी तरह हमारे प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ आपकी सेवा करना चाहते हैं। निरहुआ स्वभाव से नम्र है लेकिन गुन्डों के लिए तोप का काम करेंगे। बसपा के प्रत्याशी अपने पैसों और वोटबैंक की राजनीति करते हैं। हमारी सरकार ने राष्ट्रवीर महाराज सुहेलदेव के नाम से आजमगढ़ में विश्वविद्यालय देने का कार्य किया। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से लखनऊ की दूरी 2-3 घंटे में तय हो जा रही है। कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचार करने वालों को सम्मान देने का कार्य करते थे । आज देश में जातिवाद क्षेत्रवाद व वंशवाद की चर्चा नहीं होती मोदी जी के आने के बाद राष्ट्रवाद और विकास की चर्चा होती है। कांग्रेस के शासन में इतना भ्रष्टाचार था कि राजीव गांधी को कहना पड़ा था कि जब दिल्ली से एक रुपया चलता है तो 15 पैसा ही गरीब तक पहुंचता है। जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने तब उन्होंने कहा था ना खाऊंगा ना खाने दुंगा। आज जब किसी योजना का पैसा दिल्ली से चलता है तो सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचता है। अब युरिया के लिए किसानों को लाठी नहीं खाना पड़ता। देश बदल रहा है सोच बदल रही है। मैं आजमगढ़ के लोगों से अपील करता हूं आप वंशवाद की राजनीति को समाप्त करें। हमने सपा का शासन देखा है। डीजे पर प्रतिबंध, कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध, राम शोभायात्रा पर प्रतिबंध, राम के अस्तित्व को भी नकारते थे। आज उसी कांवड़ यात्रा पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा कोई करता है तो वह योगी और मोदी की सरकार करती है। आज प्रदेश में कानून का राज है माफिया, गुन्डे ,मवालियों के होश उड़े हुए हैं। जनसभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अग्नीपथ योजना युवाओं की बेहतरी के लिए है विपक्षी पार्टियां युवाओं को गुमराह कर रही हैं। कहा कि अमेरिका और इसराइल जैसे देशों में इस तरह की योजना सफल रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, नरेन्द्र सिंह, नीलम सोनकर, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आजमगढ़: 19 जून को जिले में आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Posted: 18 Jun 2022 07:24 AM PDT


बघैला बिलरियागंज और अकबेलपुर जहानागंज में चुनावी सभा करेंगे

जमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 19 जून को जनपद में आगमन हो रहा है। वह लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में दो स्थानों पर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। डीएम विशाल भारद्वाज व एसपी अनुराग आर्य ने प्रस्तावित जनसभा स्थल विधानसभा क्षेत्र सदर के अकबेलपुर जहानागंज एवं विधानसभा क्षेत्र सगड़ी के बघैला बिलरियागंज का निरीक्षण किया। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री 11 बजे बघैला बिलरियागंज और 12 बजे अकबेलपुर जहानागंज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

आजमगढ: मुझे बच्चों को डाक्टर-इंजीनियर बनाने की कोशिश की मिली सजा - आजम खान

Posted: 18 Jun 2022 07:08 AM PDT


जिले में जैसे विधानसभा चुनाव में एकजुट हुए वैसे ही लोकसभा उपचुनाव भी जिताएं -सपा नेता

आजमगढ़ : जिले के नसीरपुर और मुबारकपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने शनिवार को पहुंचे सपा के कद्दावर नेता आजम खां ने खुद पर कार्रवाई को जुल्म करार देते हुए कहा कि मैं बच्चों को डाक्टर और इंजीनियर बनाना चाहता था, जिसकी सजा मुझे दी गई। बीमार होने के बाद भी 27 महीने जेल में रखा गया। वजीर रहते हुए मैंने और मेरे परिवार ने चंदा मांगकर शिक्षा की इमारत खड़ी की, जिसे तोड़ा गया। ईडी ने सात-सात घंटे तक मुझसे पूछताछ की। जायदाद और विदेशों के बैंक अकाउंट के बारे में पूछा गया।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के जिस्म पर खंजर मारकर दो टुकड़े किए गए। इसके लिए मुसलमान कतई जिम्मेदार नहीं थे। मौलाना आजाद ने आखिरी समय तक कहा था कि मेरा जिस्म बंट सकता है, लेकिन हिंदुस्तान नहीं। फिर वह कौन लोग थे, जिन्होंने देश को बांटा और उसके बाद गांधी की हत्या की। बताया कि मुसलमान कभी जुल्म नहीं करता। जिस समय भगत सिंह को फांसी देने की बात आई उस समय जस्टिस हैदर ने यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया था कि भगत सिंह मासूम हैं, मैं जज हूं कसाई नहीं।
नसीरपुर की सभा में कहा कि जेल में सड़ी रोटी और दाल खाकर भी जिंदा हूं, जबकि चाहा गया था कि खुदकशी कर लूंगा। कहा की मैंने कभी भी हिंदू धर्म के देवी-देवताओं पर अपनी जुबान से आपत्तिजनक जुमले इस्तेमाल नहीं किए, लेकिन आए दिन कुरान और नबी की तौहीन की जा रही है। आज बिहार की लगी आग यूपी में दाखिल न हो जाए। आग में किसको निशाना बनाया जाएगा, इससे सावधान रहने की जरूरत है। देश में पहले लोग कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते थे, लेकिन नफरत का ऐसा माहौल बनाया जा रहा है कि लोग आपस के रिश्ते में धोखा खा जाएं।
जिस तरह से आप लोगों ने एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर सपा के प्रत्याशी को जिताया है। उसी प्रकार लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को विजयी बनाएं। यादव और मुसलमानों से कहा कि कागज-कलम ले लीजिए और अपने को आधा-आधा कर लीजिए, तो न आप जीतेंगे और न हम।

आजमगढ: शत प्रतिशत रहा एसकेडी इंटर कॉलेज का यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम

Posted: 18 Jun 2022 06:50 AM PDT



12वीं में 86.8% अंक प्राप्त कर उदिता सिंह ने जिले में नौवां स्थान प्राप्त किया

93 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 85 प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए

आजमगढ़ : जहानागंज क्षेत्र के धनहुआ स्थित एसकेडी इंटर कॉलेज का यूपी बोर्ड रिजल्ट शत प्रतिशत रहा । यहां से 12वीं कक्षा में 93 नामित विद्यार्थियों में से 85 प्रथम श्रेणी से पास हुए । उदिता सिंह 86.8% अंक हासिल करते हुए 12 वीं में प्रथम रही, जबकि 78.8% अंक के साथ आकांक्षा यादव द्वितीय स्थान हासिल कि, 78.4% के साथ श्रृष्टि पांडेय तीसरे स्थान पर रही।। कक्षा 10 के सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए दसवीं में 89.2 % अंक हासिल करते हुए अंकिता यादव प्रथम तथा 89 % प्रतिशत अंक के साथ अमृता यादव द्वितीय तथा 88.33% अंक के साथ आयुषी सिंह तीसरे स्थान पर रही।। विद्यालय के छात्र छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय में पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला व विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने बच्चों का मुंह मीठा करा छात्रों का उत्साहवर्धन किया।। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि जिला मुख्यालय से दूर ग्रामीण अंचल में विद्यालय गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है और आगे भी अभिभावकों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगा इस अवसर पर विद्यालय में श्रीकांत सिंह, अनंत सिंह, संतोष ,संजय, राजेश आदि ने बच्चों का मुंह मीठा कराते हुए छात्रों व अभिभावकों को बधाई दिया।

आजमगढ़: शत प्रतिशत रहा सर्वोदय पब्लिक इंटर कालेज का यूपी बोर्ड परिणाम

Posted: 18 Jun 2022 06:10 AM PDT



इण्टरमीडिएट व हाईस्कूल के सभी पंजीकृत विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में अंक प्राप्त किया

आजमगढ़: शनिवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद , प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ने कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं (हाईस्कूल एवं इण्टमीडिएट) का परीक्षा परिणाम घोषित किया । जिसमें सर्वोदय पब्लिक इण्टर कालेज, आजमगढ़ का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत है । विद्यालय में इण्टरमीडिएट में 69 पंजीकृत छात्र - छात्राओं में से सभी छात्र छात्राओं ने प्रथम श्रेेणी में अंक प्राप्त किया । हाईस्कूल में 42 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से सभी छात्र छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में अंक प्राप्त किया।
इण्टरमीडिएट में दृष्टि यादव ने 78.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान , मोनी यादव ने 78.4% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान , अमन कुमार यादव ने 78.2% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान, अर्नव सिंह ने 77.8% अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान और हरिशंकर यादव ने 76.8 %अंक प्राप्त कर पाँचवा स्थान प्राप्त किया है ।
हाईस्कूल परीक्षाफल में पूजा यादव ने 90.3% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान , दीपशिखा पाल ने 89% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान , कनकलता यादव ने 88.1% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान , रविशंकर यादव और आदित्य सिंह ने संयुक्त रूप से 85.8% अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान तथा श्वेता पाल ने 85.1% प्राप्त कर पाँचवां स्थान प्राप्त किया है ।
विद्यालय के बच्चों के उत्तम प्रदर्शन पर विद्यालय के संस्थापक/प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने सभी अभिभावकों एवं बच्चों को बधाई दी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बृजभान सिंह ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सभी शिक्षकों एवं बच्चों को उत्तम परिणाम के लिए बधाई दी।

आजमगढ़: प्रतिभा निकेतन स्कूल का शत प्रतिशत रहा यूपी बोर्ड परीक्षाफल

Posted: 18 Jun 2022 05:50 AM PDT



हाईस्कूल में पलक प्रजापति व इंटरमीडिएट में अरहन फारूकी ने लहराया परचम

आजमगढ़: शनिवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2022 का परीक्षाफल घोषित हुआ। जिसमें प्रतिभा निकेतन स्कूल का हाईस्कूल का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा । हाईस्कूल में कु० पलक प्रजापति रो0नं0 1221853738- 555/600, 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि प्रियांशु शर्मा रो0नं0 1221853699-548/600 91.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर रहे। रौनक सिंह रो0नं0 1221853702- 534/600 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं इंटरमीडिएट में मो0 अरहन फारूकी रो0नं0 2226543635-413/500 82.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम ,बन्दना सोनकर रो0नं0 2226543655-403/500 80.6प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं जान्हवी यादव रो0नं0 2226543658-392/500 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय का परीक्षाफल शतप्रतिशत रहा। विद्यालय के प्रबन्धक रमाकांत वर्मा ने इस अवसर पर समस्त छात्र/छात्राओं एवं अध्यापकों का अभार व्यक्त किया एवं कहा कि यह परीक्षाफल छात्रों के कठिन मेहनत से प्राप्त किया । विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ध्रुवचंद मौर्य ने बताया कि यह परिणाम सभी के प्रयास से प्राप्त किया गया इसमें कोई संदेह नही। विद्यालय के प्रबन्धक एवं प्रधानाचार्य ने बच्चों को मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साह वर्धन किया। और उनके उज्ज्चल भविष्य की कामना की।

आजमगढ़: बेटी से मिलने निकले पिता की हादसे में मौत, पुत्र घायल 

Posted: 18 Jun 2022 05:17 AM PDT


गदनपुर गांव के पास बाइक मिट्टी लदी डंपर से टकराई

आजमगढ़: गदनपुर गांव के समीप शनिवार को दिन के सवा ग्यारह बजे मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर समेत चालक फरार हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।महराजगंज निवासी राजदेव की बेटी गिरजा की शादी अंबेडकर नगर जिले के फत्तेपुर (जहांगीरगंज) में हुई है। दो दिन पहले बेटी ने फोन कर बताया कि कई दिनों से तबीयत खराब चल रही है, बहुत दिन हो गए भेंट भी नहीं हुई। आज जाते तो भेंट भी हो जाती। राजदेव ने शनिवार को जाने की योजना बनाई और सुबह अपने बेटे रघुवीर के साथ मोटरसाइकिल से बेटी से मुलाकात करने के लिए निकल गए। अभी बाइक गदनपुर के पास पहुंची थी कि पीछे से मिट्टी लदे डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अतरौलिया के सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने दोनों को रेफर कर दिया। उसके बाद पिता-पुत्र को जिला चिकित्सालय लाया जा रहा था कि रास्ते में ही राजदेव की मौत हो गई, जबकि रघुवीर को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। राजदेव राजमिस्त्री का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। महराजगंज से घर वाले और फत्तेपुर से बेटी के परिवार के लोग जिला चिकित्सालय पहुंच गए थे।

आजमगढ़: दंपती हत्याकांड का डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने लिया संज्ञान

Posted: 18 Jun 2022 05:05 AM PDT


एसपी से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए


आजमगढ़: पारा गांव के दंपती की अपहरण के बाद हत्या को लेकर शासन भी गंभीर है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात करके दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीटर हैंडल पर इस बाद की जानकारी दी है। उन्होंने हत्याकांड को लेकर पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
अहरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी इंद्रपाल मौर्य और उनकी पत्नी शकुंतला 14 जून को घर से जौनपुर जिले के शाहगंज में आंख का इलाज कराने और दुकान के लिए सामान की खरीदारी करने के लिए मोटरसाइकिल से गए थे। वहां से फोन कर भतीजे प्रदीप से तीन बजे तक लौटने की बात कही थी। उन्होंने कुछ सामान आटो से दुकान पर भेजवा भी दिया था। उसके बाद पांच बजे तक नहीं पहुंचे तो भतीजे प्रदीप कुमार मौर्या ने फोन पर संपर्क किया। उधर से केवल इतना बताया गया कि बहुत मुसीबत में हूं और उसके बाद फोन कट गया। उसके बाद कई बार प्रयास करने के बाद भी संपर्क नहीं हुआ, तो अपने स्तर से इधर-उधर पता किया। पता न चलने पर थाने को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने पहले दिन संज्ञान नहीं लिया, तो 15 जून की सुबह प्रदीप ने पुलिस अधीक्षक से संपर्क साधा। उसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश और भतीजे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
गुरुवार को प्रधान बृजेश मौर्य के नेतृत्व में ग्रामीण थाने पहुंचकर पुलिस से अब तक की कार्रवाई की जानकारी मांग रहे थे कि उसी बीच अंबारी में शव मिलने की जानकारी आई, तो ग्रामीण अंबारी के लिए रवाना हो गए। वहां दोनों का शव जनता इंटर कालेज के सामने झाड़ी में पड़ा था और मुख से खून और झाग निकल रहा था।

आजमगढ़: प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में भाजपा के हुए पूर्व विधायक रामदर्शन यादव

Posted: 18 Jun 2022 01:49 AM PDT



सपा-बसपा गठबंधन में मुबारकपुर से बने थे विधायक

भाजपा में शुरू की अपनी दूसरी पारी

आजमगढ़ : मुबारकपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं सपा संरक्षक मुलायम सिंह व शिवपाल सिंह के करीब रहे रामदर्शन यादव ने शनिवार को रानीपुर रजमों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। पूर्व विधायक रामदर्शन यादव की गिनती सपा के संस्थापक सदस्यों में होती रही है। सपा-बसपा गठबंधन के समय 1993 में विधायक चुने गए। उसके बाद के चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। 2012 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज होकर रामदर्शन यादव ने भाजपा के सिंबल से चुनाव लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस बीच 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने जब आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का फैसला लिया, तो रामदर्शन यादव अपने पुराने घर लौट आए। वर्ष 2017 व 2022 के विधानसभा चुनाव में भी टिकट न मिलने से नाराज रामदर्शन ने एक बार फिर भाजपा का दामन थामना उचित समझा। रामदर्शन यादव समाजवादी पार्टी के लगभग 18 वर्ष समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रहे। बाद में शिवपाल यादव के करीबी होने के चलते रामदर्शन उनकी पार्टी प्रसपा में चले गए थे। विधानसभा चुनाव में गठबंधन के टिकट की उम्मीद लगाई थी लेकिन शिवपाल यादव को केवल उनकी ही सीट मिली थी। कुछ दिनों पूर्व रामदर्शन ने शिवपाल यादव का भी साथ छोड़ दिया था।

Post Bottom Ad

Pages