आजमगढ़: जिले में रफ्तार का कहर तीन जिंदगियों पर भारी बीता। अलग-अलग जगहों पर बीते 24 घंटे में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, वहीं सभी घायलों को इलाज के लिए ग्रामीणों के सहयोग से मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया। जिसमे एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। अहरौला थाना क्षेत्र के पूराकोदई गांव निवासी 35 वर्षीय संजय कुमार पुत्र बबलू के घर पर भांजी की गोद भराई का कार्यक्रम का आयोजन था। कुछ जरूरी सामान लेने के लिए संजय कुमार गांव के ही 45 वर्षीय दिनेश कुमार को साथ लेकर बाइक से जा रहे थे। वह जैसे ही वह सजनी गांव के पास पहुंचे कि सामने से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी क्रम में जौनपुर जनपद के सराय खाजा थाना क्षेत्र के बवरखा गांव निवासी 21 वर्षीय अभिषेक यादव पुत्र मंती प्रसाद रविवार को आजमगढ़ जनपद के बरहद में पेपर देने के लिए आया था। वह पेपर पेपर देकर शाम करीब 4.45 बजे कालेज से बाहर निकला तभी चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कंधरापुर थाना क्षेत्र के जमीन साती गांव निवासी 19 वर्षीय छवि प्रजापति पुत्र करिया रविवार को डीजल लेने के लिए साइकिल से बाजार जा रहा था। वह कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर बाजार के पास पहुंचा ही था कि ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कहा, सड़क छाप भाषा वाले नॉन सीरियस व्यक्ति हैं अबु आसिम
बसपा के शाह आलम ने अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क किया आजमगढ़: सदर लोकसभा सीट के उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने मंगलवार के दिन अधिवक्ताओं के बीच जाकर जनसंपर्क किया और उनसे अपने पक्ष में वोट देने की अपील की गुड्डू जमाली ने कहा कि आज मैं सगड़ी विधानसभा में लगभग 25 गांव में जन संपर्क करूंगा जिसका परिणाम 26 जून को सामने आएगा । सपा नेता अबू आसिम आजमी ने 2 दिन पहले शाह आलम पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि शाह आलम थूक कर चाटने वाले व्यक्ति हैं इसलिए बसपा में फिर वापस गए समाजवादी पार्टी का चक्कर लगा रहे थे लेकिन सपा ने उनको नहीं लिया तो कहीं जगह नहीं बची इसलिए फिर बसपा में वापस चले गए । इसका जवाब देते हुए शाह आलम ने कहा कि अबू आसिम सड़क छाप भाषा का प्रयोग करने वाले नॉन सीरियस व्यक्ति हैं मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं और इसी तरीके की ओछी बातें करना उनकी आदत है उनकी हैसियत यही है कि वह अपने गांव में प्रधान भी नहीं जिता सकते हैं , अगर जिसके साथ खड़े हो गए उसकी हार निश्चित है। अबू आसिम की यह भाषा उनके घटिया संस्कार का परिचय देती है। गुड्डू जमाली ने कहा कि समय आने पर अबू आसिम आजमी को जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक की कैंपेनिंग में उम्मीद से ज्यादा जनसमर्थन मिल रहा है और उपचुनाव में बसपा की जीत सुनिश्चित है।
दोपहर के 12 बजते ही राष्ट्रगान के साथ 90.4 मेगाहर्ट्ज पर एफएम रेडियो सक्रिय हुआ
सरकार द्वारा प्रद्दत जनसुविधाओं को आमजन तक पंहुचना है ध्येय - डा० पीयूष सिंह यादव
आजमगढ़ : 'हाफ लेमन रेडियाे' गुरुवार की दोपहर 12 बजे राष्ट्रगान की धुन के साथ आन एयर हो गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने के कारण शहर में हजारों लोगों पहले राष्ट्रगान फिर गणेश वंदना सुन आनंदित हुए। अधिकांश लोग पहले से ही अपने सिस्टम को 90.4 मेगाहर्ट्ज को ट्यून किए थे। शहर से सटे गाँव हथिया में भारतेंदु ह्यूमन केयर एंड डेवलपमेंट सोसाइटी ने हाफ़ लेवल रेडियो की शुरुआत की है । जिसका उद्घाटन प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉक्टर अनूप कुमार सिंह यादव के पिता भरत लाल यादव ने पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा कांग्रेस नेता राम अवध यादव, डॉ अनूप सिंह यादव डॉक्टर पीयूष सिंह यादव रवि सिंह, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया। तरक़्क़ी की ओर बढ़े जनपद के इस बड़े क़दम का सभी ने तहेदिल से स्वागत किया है। शहर के प्रतिष्ठित लाइफ लाइन संस्था निदेशक एवं 'हाफ लेमन रेडियाे' के प्रबंधक डा. पीयूष सिंह यादव ने बताया कि हमारा रेडिया जनपद को नई पहचान देगा। इसके जरिए पूरे समय सभी जनउपयोगी सरकारी योजनाओं संग सामाजिक कार्यों,आपदा व राहत कार्यों से संबंधी ज्ञानवर्धक जानकारी दी जाएंगी। हमारा फोकस सरकारी योजनाओं और प्रशासन के निर्देशों को जनता तक पहुंचाना ही होगा। हमारी टीम योजनाओं का अध्ययन करेगी फिर जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डा० अनूप सिंह ने आशा व्यक्त किया की हर स्थिति में प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद सेतु बनेगा यह रेडियो स्टेशन । उद्घाटन के अवसर पर राष्ट्रगान का धुन आठ साल की मेधावी बिटिया प्रियाना ने बजाया। वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डा. अनूप सिंह यादव, पूर्व मंत्री रामआश्रय विश्वकर्मा, राधे मोहन गाेयल, डा. सुधीर सिंह, मनोज यादव समेत दर्जनों सभ्रांत लोग मौजूद रहे।
2019 में इतना नचाया की इस बार हिम्मत नही हुई,अब भाई को फंसा दिया - दिनेश लाल यादव
आजमगढ़: जिले की सदर लोकसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ का सपा पर पलटवार जारी है। सपा पर हमला करते हुए निरहुआ ने कहा कि हम जैसे हजारों कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन कर सपा को घर-घर तक पहुंचाया। मगर, यह लोग कलाकारों की इज्जत नहीं करते। कलाकारों को सिर्फ नाचने वाला ही समझते हैं। यही कारण है कि सपा के साथ कोई रहना नहीं चाहता है। भाजपा कलाकारों को सरस्वती पुत्र मानती है और कलाकारों को सम्मान देने का काम करती है। मीडिया से बातचीत करते हुए भोजपुरी स्टार दिनेश लाल निरहुआ ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरी सपा पार्टी को नचाया था। अब तो इस उपचुनाव में यह लोग नाचने लायक भी नहीं बचे हैं। पिछले चुनाव में ही इतना नचा दिया कि इनकी हिम्मत भी नहीं हुई। यदि अखिलेश यादव की हिम्मत होती, तो अपनी पत्नी को भेज देते। उन्हें पता है कि निरहुआ ऐसा नाचता है कि पसीना छुड़ा देता है और इस 46 डिग्री में हालत खराब हो जाएगी। न खुद आए न पत्नी को भेजा, अपने छोटे भाई को भेजा वह भी फंस गया। अबू आजमी, अखिलेश यादव और सपा के लिए कलाकार सिर्फ नाचने वाला है। कोई कलाकार न सम्मान पाता है, न उनके साथ रहना चाहता है।
चेन स्नेचर मार्निंग वाक पर निकली महिलाओं को निशाना बना रहे हैं
आजमगढ़: सावधान! अगर आप घर से निकल रही हैं, तो सोने की चेन पहनकर न निकलें, क्योंकि आपकी चेन कहां और कब छीन ली जाएगी, इसका ठिकाना नहीं है। शहर में 24 घंटे के दौरान तीन महिलाओं की चेन छीनी जा चुकी है और तीनों में पुलिस की भूमिका फिलहाल इसी तरह की नजर आई। चेन स्नेचर खासतौर से मार्निंग वाक पर निकलने वाली महिलाओं को आएदिन निशाना बना रहे हैं। मंगलवार की सुबह शहर के नरौली और ब्रह्मस्थान मोहल्ले में टहलने के लिए निकलीं दो महिलाओं के गले से बाइक सवार उच्चके ने सोने की चेन उड़ा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। नरौली मोहल्ला निवासी राधा सोनकर पत्नी दिलीप सोनकर मंगलवार की सुबह टहलने के लिए निकली थीं। सुबह करीब पौने छह बजे वह हरबंशपुर से नरौली की तरफ आ रही थीं कि एक हास्पिटल के समीप बाइक सवार उचक्के ने महिला के गले से सोने की चेन उड़ा दी। पीड़िता ने शोर मचाया तो मोहल्लेवासियों ने उचक्के को घेर लिया, लेकिन उचक्का यह कहते हुए निकल गया कि मेरी बाइक से एक्सीडेंट हो गया है, लोग मुझे मार डालेंगे इसलिए जाने दीजिए। घटना की सूचना के बाद सीओ सिटी सहित सिधारी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पीड़िता से घटना के बाबत जानकारी ली। दूसरी ओर शहर के पांडेय बाजार निवासी ज्योति गुप्ता मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे ब्रह्मस्थान की ओर टहलने गई थीं। जैसे ही एक क्लीनिक के पास पहुंचीं कि पीछे से आए बाइक सवार उच्चके ने गले से सोने की चेन छीन ली। महिला का शोर सुन जब तक लोग पहुंचते तब तक उच्चका फरार हो गया। हालांकि घटनास्थल से महज दो सौ मीटर की दूरी पर ब्रह्मस्थान पुलिस चौकी भी है। शहर कोतवाल धीरेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। वहीं सिधारी इंस्पेक्टर स्वतंत्र सिंह ने जांच की बात कही है। इससे पहले सोमवार की सुबह पुरानी कोतवाली पर एक महिला की चेन छीनी गई थी।
आम्रपाली को देखने को युवाओं और महिलाओं की उमड़ रही भीड़
आजमगढ़: सदर लोकसभा सीट के उपचुनाव में भोजपुरी फिल्मस्टार दिनेश लाल यादव जहां भाजपा से मैदान में हैं वहीं उनके समर्थन में रुपहले परदे पर नजर आने वाली उनकी सुपरहिट जोड़ीदार भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली ने भी आजमगढ़ में डेरा डाल रखा है। आम्रपाली जहां भी जनसंपर्क के लिए पंहुचती हैं वहां युवाओं और महिलाओं का रेला उमड़ पड़ता है। उनकी तस्वीर लेने को जबरदस्त होड़ मची रहती है। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने लोगों से निरहुआ को जिताने की अपील के साथ फैंस की फरमाइश पर उनकी निरहुआ के साथ हिट हुई फिल्मों के गीत भी सुना देती हैं।
अपराध के खिलाफ अभियान में 112 की हिस्ट्रीशीट खुली और 192 पर गैंगस्टर की कार्रवाई हुई
आजमगढ़: जिले की पुलिस ने तीन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। एसपी अनुराग आर्य ने अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत लगातार अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जिन तीन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली है उनमें रौनापार थाना क्षेत्र का रहने वाला अंगद राय पुत्र राम श्रृंगार राय (आबकारी), मोहम्मद आरिफ उर्फ मुन्ना पुत्र मजीद हुसैनाबाद थाना निजामाबाद (हत्या) और तरवां थाना क्षेत्र के रहने वाले संतोष कुमार यादव उर्फ पप्पू पुत्र कामता यादव (डकैती) और हत्या में शामिल की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इससे पूर्व भी जिले में 109 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी है। जिले में अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए जिले के एसपी अनुराग आर्य ने अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत लगातार संगठित अपराध करने वाली गैंग को रजिस्टर्ड किया जा रहा है, जिससे आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके। इसके तहत जिले में अब तब 13 गैंग रजिस्टर्ड की जा चुकी हैं। इनमें प्रमुख रूप से गुरूप्रसाद गैंग, मुस्तकीम गैंग, दिनेश कुमार गैंग, हमजा गैंग, दीपक यादव गैंग, निजामुद्दीन गैंग, अमित सिंह गैंग, राकेश मिश्रा गैंग, नौशाद गैंग, योगेन्द्र यादव गैंग, इम्तियाज गैंग, झिन्कू यादव गैंग और नबी सरवर गैंग हैं। इसके साथ ही 112 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई और गैंगेस्टर के तहत 192 अपराधियों पर कार्रवाई की गई। इस अभियान का मुख्य मकसद जिले में अपराध की घटनाओं को रोकना है। लोकसभा उपचुनाव को देखते हुए लगातार पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहकर पैसा कमाने वाले गिरोह की संपत्तियों को भी कुर्क किया जा रहा है।
महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के अधीन समस्त महाविद्यालयों के लिए अधिसूचना जारी
आजमगढ़: महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के अधीन आजमगढ़ व मऊ जिले के संबद्ध समस्त राजकीय, अनुदानित व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में प्रवेशित बीए, बीएससी, बी.काम द्वितीय सेमेस्टर के आनलाइन परीक्षा आवेदन फार्म भरने की तिथियों की अधिसूचना सोमवार को कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार शर्मा के अनुमति से कुलसचिव ने जारी कर दी। आनलाइन परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 24 जून है। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 14 जून से भरे जाएंगे। आनलाइन भरे गए फार्मों का सत्यापन व संशोधन महाविद्यालय अपने लागिन आइडी और पासवर्ड से 27 जून तक करेंगे। महाविद्यालय नेफ्ट या आरटीजीएस के माध्यम से भरे गए परीक्षा फार्मों के सापेक्ष परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय के संबंधित खाते में जमा करने की अंतिम 29 जून है। समस्त महाविद्यालय, विश्वविद्यालय में जमा कराए गए परीक्षा शुल्क की धनराशि के चालान का सत्यापन 30 जून से दो जुलाई के मध्य करा सकेंगे। स्नातक सेकेंड सेमेस्टर और पीजी प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 20 जुलाई से प्रस्तावित है, जिसकी समय-सारणी विश्वविद्यालय शीघ्र प्रकाशित करेगा।
केन्द्रीय अर्द्ध सुरक्षा बलों के साथ नगर क्षेत्र में रूट मार्च किया
आजमगढ़ 14 जून-- 69-आजमगढ़ लोक सभा उप निर्वाचन-2022 के निर्वाचन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य ने केन्द्रीय अर्द्ध सुरक्षा बलों के साथ नगर क्षेत्र में रूट मार्च किया। जिलाधिकारी ने बताया कि उप निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गयी है। उन्होने कहा कि उप निर्वाचन को सम्पन्न कराने के लिए हर बूथ पर हमारे सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। उन्होने बताया कि निर्वाचन में शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु जनपद के सभी सम्भ्रान्त एवं प्रबुद्ध लोगों से वार्ता की जा चुकी है, उप निर्वाचन में किसी भी तरह का कोई व्यवधान उत्पन्न नही होगा।
गंभीरपुर की घटना,युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की
आजमगढ़: प्रेम प्रसंग में जिले में युवक द्वारा फांसी लगाने की घटना सामने आई है। दरअसल प्रेमी का फोन मां ने पटक कर तोड़ दिया तो उसकी प्रेमिका से बात नहीं हो सकी। इस बात से व्यथित होने के बाद उसने अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटक कर जान देने की कोशिश की। इसकी जानकारी होने के बाद परिजनों ने उसे किसी तरह फंदे से उतार कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उभारपुर गांव में सोमवार की सुबह जब प्रेमी का मोबाइल टूटा तो वह अपनी प्रेमिका से बात नहीं कर सका। इस बात से वह अवसाद में चला गया और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। लेकिन, समय रहते स्वजन की नजर पड़ी तो आनन-फानन गंभीरपुर सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डाक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड के एक्ट्रा वार्ड बेड नंबर 10 पर भर्ती उभारपुर गांव निवासी विवेक की मां आशा देवी ने बताया कि इसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग था। आए दिन घंटे- दो घंटे बात किया करता था। परिवार के लोगों ने बहुत समझाया लेकिन समझ में नहीं आ सका। साेमवार की सुबह जब प्रेमिका से विवेक बात कर रहा था तभी मैंने और परिवार के अन्य सदस्यों ने देख लिया और मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। मां ने बताया कि उसके बाद हम सभी घर के कामकाज में जुट गए, तो उसके थोड़ी ही देर बाद कमरे में गया और रस्सी के सहारे चुल्ले से लटककर फांसी लगा ली। संयोग से उसकी छोटी बहन ने देखा और चीखने लगी, तो हम लोगों ने फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। आपातकालीन कक्ष में तैनात डाक्टर एके शाह ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
विश्व रक्तदाता दिवस पर डीएम एवं एसपी ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया
45 समाजसेवी संस्थानों को सम्मानित किया गया
आजमगढ़ 14 जून-- विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य द्वारा फीता काटकर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 45 समाजसेवी संस्थानों को सम्मानित किया गया। जिसमें महिला मंडल, नारी शक्ति संस्थान, अमर उजाला एवं भारत विकास परिषद, रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा रक्तदान शिविर में प्रतिभाग कर रक्तदान किया गया। इस अवसर पर लोगों ने रक्तदान किया और लोगों ने भावी रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराया एवं सदर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ''निरहू'' ने भी स्वयं रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में कुल 86 लोगां ने रक्तदान किया एवं 123 लोगों ने अपना पंजीकरण कराया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आईएन तिवारी, जिला अस्पताल के एसआईसी सहित समाज सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंदुरी हवाईअड्डे से जल्द ही हवाई जहाज की सेवा मिलने की संभावना बढ़ी
आजमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम 'उड़ान' के तहत विकसित मंदुरी हवाईअड्डे से जल्द ही हवाई जहाज की सेवा मिलने की संभावना बढ़ गई है। एयरपोर्ट अथारिटी वाराणसी को हैंडओवर करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मंदुरी हवाईअड्डे पर मौजूद सामान की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश नागरिक उड्डयन विभाग को भेज दी है। लखनऊ से हरी झंडी मिलते ही लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होगी, जिसके बाद एयरपोर्ट अथारिटी वाराणसी की देखरेख में हवाई जहाज की सेवा शुरू हो जाएगी। उत्तर प्रदेश नागरिक उड्डयन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट में मंदुरी हवाईअड्डे के भवन का इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रिकल व इलेक्ट्रानिक उपकरण, एक्सरे मशीन, ट्राली, कुर्सी आदि शामिल हैं। हैंडओवर किए जाने की प्रक्रिया में पिछले दिनों एयरपोर्ट अथारिटी वाराणसी के डायरेक्टर और डीएम विशाल भारद्वाज ने मंदुरी हवाईअड्डे का निरीक्षण किया था। डीएम ने एसडीएम सगड़ी राजीव रत्न सिंह को हवाईअड्डे पर मौजूद सामान की सूची तैयार कर उड्डयन विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिए थे। एसडीएम सगड़ी राजीव रत्न सिंह ने बताया कि हैंडओवर से पहले एयरपोर्ट अथारिटी वाराणसी की टीम ने मंदुरी हवाईड्डे पर उपलब्ध सामान के बारे में जो जानकारी मांगी थी जिसकी सूची तैयार कर भेज दी गई है। जल्द ही इसके हैंडओवर होने की संभावना है। हैंडओवर होने के बाद लाइसेंसिंग की प्रकिया शुरू होगी।
बड़े भाई ने अंतिम संस्कार से पहले मौत पर सवाल उठा दिया
आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र में ससुराल में परिवार के साथ रह रहे युवक ने भोजन के बाद सोमवार की रात फांसी लगा ली। इसकी जानकारी पर पहुंचे बड़े भाई ने अंतिम संस्कार से पहले मौत पर सवाल उठा दिया। मगरावां रायपुर (गंभीरपुर) निवासी सदन कुमार की पत्नी के भाई नहीं होने के कारण लगभग 16 वर्षों से परिवार के साथ ससुराल में ही रहते थे। सोमवार की रात भोजन के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह देर तक नहीं उठे, तो पत्नी ने जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब न आने पर घबरा गई। रोशनदान से देखा तो सदन दुपट्टे के सहारे पंखे की कुंडी से लटक रहे थे। पत्नी ने इसकी सूचना घर वालों को दी। ससुर रामलखन राम व अन्य लोगों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर सदन को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अंत्येष्टि की तैयारी हो चुकी थी कि उसी समय पहुंचे मृतक के बड़े भाई मदन कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा कि सबकुछ ठीक होने के बाद भाई का फांसी लगाना समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने देवगांव पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।