| आजमगढ़: उपचुनाव में शुरू हुई दिग्गजों की एंट्री , गर्म हो रहा सियासी माहौल Posted: 15 Jun 2022 07:57 AM PDT सपा से अबु आसिम और रामगोपाल यादव मैदान में डंटे
भाजपा से दो दिग्गज मंत्रियों ने संभाला है मोर्चा,बसपा के लिए डंपी के आने की चर्चाएं
आजमगढ़ : संसदीय उपचुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों के दिग्गजों की एंट्री से जनपद का सियासी माहौल गर्म होने लगा है। सपा के लिए महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबु आसिम आजमी तो पहले से ही जूते हुए हैं वहीं बुधवार को प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने आ कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी, तो उत्तर प्रदेश सरकार के दो दिग्गज मंत्रियों अनिल राजभर और गिरीश चंद्र यादव के पूरे दिन कमान संभाले रहने से कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा में नजर आए। कमोवेश भाजपा, सपा एवं बसपा के प्रत्याशियों में भी पूरी ऊर्जा नजर आई। सपा प्रत्याशी धर्मेद्र यादव ने मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क किया, सभाएं की वहीं दिनेश लाल यादव ने गोपालपुर में लोगों से आशीर्वाद मांगते भरोसा देते रहे कि एक बार मौका देकर देखिए... विश्वास पर खरा न ऊतरूं तो डेढ़ साल बाद बदल दीजिएगा ...। वहीं बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली के समर्थन में पूर्व सांसद फायर ब्रांड नेता अकबर अहमद डंपी के आने की चर्चाएं हैं। |
| आजमगढ़: भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ हुनर समर कैम्प का समापन Posted: 15 Jun 2022 07:39 AM PDT
मात्र 20 दिनों के प्रशिक्षण में बच्चों में छिपे हुनर निखर कर सामने आए
आजमगढ़: रंगमंच व ललित कलाओ के लिए समर्पित सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था " हुनर संस्थान आजमगढ " द्वारा आयोजित हुनर समर कैम्प का भव्य समापन देर रात सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रतिभा निकेतन स्कूल मे सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ कैम्प की सबसे छोटी प्रतिभागी अनिका, प्रतिभा निकेतन स्कूल के प्रबंधक रमाकांत वर्मा, ध्रुव मौर्य, सुभाष श्रीवास्तव, विजयलक्ष्मी मिश्रा, सपना बनर्जी ने दीप प्रज्वलन कर किया। आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत हेमंत श्रीवास्तव, गौरव मौर्य, डॉ शशि भूषण शर्मा,शशि सोनकर ने माला पहनाकर किया। सर्वप्रथम गणेश वंदना के साथ सीनियर कलाकारों ने " सिंदूर लाल चढ़ायो " नृत्य से भगवान गणेश का आवाहन किया। सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोक नृत्य ढेड़िया की मनोहारी प्रस्तुति हुई। फिर लिटिल मास्टर गुरुद्वारा कच्चा बादाम,नैन तेरे झुके झुके व बार्बी डॉल की प्रस्तुति हुई। ग्रुप नंबर बी के कलाकारों द्वारा बाहुबली, गोविंदा तथा सीनियर कलाकारों द्वारा वेस्टर्न डांस की प्रस्तुतियां हुई। स्वर कोकिला लता मंगेशकर को समर्पित ओल्ड इस गोल्ड गीत वह पंडित बिरजू महाराज को समर्पित उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और उन्हें यह सोचने पर विवश कर दिया अगर 20 दिनों के अंदर इतनी अच्छी तैयारी हो सकती है तो और आगे जाएंगे इनके अंदर छुपे हुए हुनर सबके सामने आ जाएंगे। देशभक्ति समूह नृत्य भारत की बेटियां, गुजराती लोक नृत्य डोलीदा को दर्शकों ने पसंद किया। समर कैंप के मुख्य प्रशिक्षक दीपांकर दास व नृत्य के प्रशिक्षक काजल सिंह, करिश्मा सिंह, कमलेश सोनकर, करण सोनकर, सावन प्रजापति, कशिश गुप्ता, खुशी खरवार, शिवांगी गौड़, अनुराधा राय, इंद्रजीत निषाद गोलू को पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने अंगवस्त्रम, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। सहित सभी बच्चे देख रहे। कैंप में प्रतिभाग किए हुए सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह प्रमाण पत्र गिफ्ट देकर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने पुरस्कृत किया। अपने संबोधन में कहा कि आजमगढ़ के बच्चों में अपार संभावनाएं हैं। इनके अंदर छुपे हुए हुनर को निखारने का काम हुनर संस्थान बखूबी कर रहा है। इसके लिए सभी संस्थान के सदस्य बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम का संचालन कैम्प के संयोजक व हुनर संस्थान के सचिव सुनील दत्त विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, अतरौलिया के विधायक डॉ संग्राम यादव, नीरज अग्रवाल, दिनेश विश्वकर्मा, मनीष रतन अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन के अम्पायर अजेंद्र राय, पराग डेयरी के जीएम रामरतन, केएम श्रीवास्तव महिला मंडल की पूनम सिंह, छाया अग्रवाल सभी अभिभावकों संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित थे। |
| आजमगढ़: उपचुनाव में सपा के आसपास कोई भी प्रत्याशी नहीं - रामगोपाल यादव Posted: 15 Jun 2022 07:06 AM PDT धर्मेंद्र यादव चुनाव तो जीतेंगे ही,जिले में सपा और सशक्त होगी - राष्ट्रीय महासचिव, सपा
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव बुधवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठजनों के साथ मीटिंग कर चुनाव की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। हालांकि उन्होंने मीडिया के सवाल पर दो टूक जवाब दिया कि रणनीति कोई स्पष्ट करता है, जो मैं करूं। इसे गोपनीय विषय बताते हुए सीधा जवाब देने से कन्नी काट गए। उपचुनाव केंद्रीय कार्यालय में उन्होंने बताया कि आजमगढ़ में हमारे आसपास भी कोई पार्टी नहीं है। यहां से धर्मेंद्र यादव सिर्फ चुनाव ही नहीं जीतेंगे, बल्कि आजमगढ़ में सपा और सशक्त होगी। उपचुनाव में मंत्रियों को लगाए जाने के सवाल पर चुटकीले अंदाज में बोले कि सरकार के सारे कार्यों में निर्णय मुख्यमंत्री का होता है। इनका काम तो सिर्फ हस्ताक्षर करने तक सीमित रहता है। ऐसे में इन्हें तो यहां-वहां भेजा ही जाएगा। प्रधानमंत्री के दस लाख नौकरी देने के सवाल पर कहा कि वर्ष 2024 में चुनाव होना है। बेरोजगारों के फार्म भरते-भरते ही चुनाव बीत जाएगा। दस लाख को नौकरी दे भी दी तो क्या? एक करोड़ वैकेंसी तो सिर्फ केंद्र सरकार के ही विभागाें में खाली है। उन्होंने ईडी के दुरुपयोग को गंभीर मामला बताया। कहा कि प्रक्रिया है कि इनकम टैक्स के अधिकारी ही मामले को ईडी के पास भेजते हैं, अब सिस्टम को बाईपास किया जा रहा है। |
| आजमगढ़: अखिलेश यादव ने इस्तीफा देकर जिले की जनता का विश्वास तोड़ा Posted: 15 Jun 2022 06:17 AM PDT मंत्री अनिल राजभर एवं गिरीश चंद्र यादव ने सपा सुप्रीमो और ओमप्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला
आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को संयुक्त बयान में अखिलेश यादव एवं ओमप्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला। कहा कि अखिलेश यादव ने इस्तीफा देकर आजमगढ़ की जनता का विश्वास तोड़ा है, तो ओमप्रकाश ने हमेशा ही अपने समाज को धोखा देने का काम किया है। इस उपचुनाव में जनता सबक सिखाने व सरकार के साथ चलने का मन बना लिया है। दिनेश लाल यादव को विकासवाद के नाम पर सांसद चुनकर दिल्ली भेजेगी।श्रम व सेवायोजन समन्वयक मंत्री अनिल राजभर व खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भाजपा के केंद्रीय कार्यालय पर मीडिया से मुखातिब थे। कहा कि जनता की मांग पर दिनेश को प्रत्याशी बनाया है। जनता का उन्हें भरपूर समर्थन भी मिल रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता घर-घर पहुंच भाजपा सरकार की योजनाओं को बता रहे हैं। जनता परिवारवाद को खत्म करने के मूड में है। पिछले चुनाव की गलतियों को सुधारा जा रहा है। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर सुबह कुछ और शाम को कुछ और बोलते हैं। कहा कि अखिलेश यादव ने लोकसभा में कभी आजमगढ़ के विकास को मुद्दा नहीं उठाया। |
| आजमगढ़: दुष्कर्म के बाद युवती का चेहरा जलाने की कोशिश Posted: 15 Jun 2022 05:23 AM PDT आरोपितों में भाई का दोस्त और एक अन्य व्यक्ति शामिल
आजमगढ़ : दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात घर से बुलाकर पोखरे के पास एक युवती के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया और उसके बाद उसका चेहरा जलाने की कोशिश की। चेहरे पर जख्म के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी के बाद पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, फूलपुर व लालगंज के सीओ के साथ थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। मौके से साक्ष्य संकलन व युवती के बयान के बाद उसके भाई की तहरीर पर एक नामजद व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपितों के बारे में सुराग लगाने के लिए तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह उस समय हुई जब गांव के कुछ लोग पोखरे की ओर गए थे। सूचना मिलते ही भारी भीड़ एकत्र हो गई। किसी ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची ने युवती के चेहरे पर पानी का छींटा मारा। होश में आने पर उसने आपबीती बताई। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित युवती के भाई का दोस्त है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी ग्रामीण सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण व सीओ लालगंज व फूलपुर के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई हैं। सर्विलांस टीम इन टीमों की मदद करेगी। चेहरे पर जख्म किस चीज के हैं, इसके लिए डाक्टर की रिपोर्ट का इंतजार है। पीड़िता को जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस के स्तर पर जाे भी जरूरत होगी उसके लिए पीड़िता और उसके परिवार की मदद की जाएगी। |
| आजमगढ़: माफिया कुंटू सिंह के तीन सहयोगियों पर लगा गुंडा एक्ट Posted: 15 Jun 2022 05:13 AM PDT कुंटू सिंह से वीडियो काल करा दिलाते थे जान माल की धमकी
आजमगढ़ : माफिया ध्रुव कुमार उर्फ कुंटू सिंह के तीन सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इसमें सूर्य प्रकाश उर्फ घल्लर निवासी आरिफपुर, जीयनपुर, फैसल खान निवासी अतरकच्छा, रवि प्रकाश तिवारी उर्फ पप्पू निवासी खर्रारस्तीपुर शामिल हैं। जीयनपुर क्षेत्र के आरिफपुर निवासी सूर्य प्रकाश उर्फ घल्लर आएदिन मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का अभ्यस्त है। इसके भय व आतंक से इसके द्वारा किए गए छोटे-मोटे अपराधों की सूचना जनता का कोई भी व्यक्ति थाने में देने का साहस नहीं करता है। खर्रारस्तीपुर में हरिनाथ तिवारी को तार हटाने के लिए तीन मई को सूर्य प्रकाश ने अपने साथियों के साथ जान से मारने की धमकी दी और अपने मोबाइल से कुंटू सिंह से वीडियो काल करके बात कराया। इसकी शिकायत हरिनाथ ने दूसरे दिन दर्ज कराई थी। कुंटू का दूसरा सहयोगी फैसल खान ने अपने साथियों के साथ मोहम्मद वसीम खान से मारपीट किया, जिसकी शिकायत दो जनवरी 2020 को की गई। यही नहीं 10 नवंबर 2020 को फैसल ने अपने सह अभियुक्त के साथ मनरेगा में काम लेने के लिए कुंटू सिंह से फोन कराया था। तीसरा रवि प्रकाश तिवारी उर्फ पप्पू ने तीन मई 2020 को अपने साथियों के एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देते हुए कुंटू से वीडियो काल करके बात कराई थी। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपित दुस्साहिक किस्म के हैं। इनके कृत्य पर प्रतिबंध लगाने के लिए गुंडा निवारण अधिनियम की कार्रवाई की गई है। |
| आजमगढ़: देश के संविधान व न्याय की आत्मा को तोड़-मरोड़ रही भाजपा - धर्मेंद्र यादव Posted: 15 Jun 2022 02:41 AM PDT कलाकारों के सम्मान का प्रमाण पत्र देने वाले बताएं 'यश भारती' क्यों बंद किया - सपा प्रत्याशी
आजमगढ़ : जिले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने निरहुआ के कलाकारों के अपमान के वार पर पलटवार किया है। सपा नेता धर्मेन्द्र यादव का कहना है कि कलाकारों के सम्मान के मामले में भाजपा के लोग हमें प्रमाण-पत्र न दें। यदि भाजपा के लोगों को कलाकारों के सम्मान की इतनी ही चिंता थी तो भाजपा के लोग बताएं कि सपा सरकार द्वारा शुरू किया गया यश भारती सम्मान क्यों बंद किया। सपा के पास कलाकारों के अपमान की लंबी लिस्ट है। आजमगढ़ से चुनाव लड़ने के सवाल पर धर्मेन्द्र यादव का कहना है कि सरकार के अत्याचार और अन्याय से बचाने के लिए अखिलेश यादव विधानसभा में बैठे हैं और यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। सपा नेता धर्मेन्द्र यादव ने इटावा और आजमगढ़ के विकास में जमीन और आसमान के अंतर के सवाल पर कहना है कि आजमगढ़ में भी योजनाएं उतनी ही चली, जितनी योजनाएं इटावा में चली। जिले में पीजीआई, कलेक्ट्रेट, कमिश्नरी, पीजीआई, एक्सप्रेस वे और सठियावं चीनी मिल देने का काम किया है। मैं समझता हूं कि यहां के लोग इस बात से सहमत हैं यही कारण है कि यहां के लोग सपा के साथ खड़े हैं। विपक्षी दलों ने आजमगढ़ के साथ सौतेला व्यवहार करने का काम किया है। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा उपद्रवियों पर की जा रही बुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर सपा नेता अबू आजमी द्वारा वकीलों के पैनल तैयार किए जाने के सवाल पर धर्मेन्द्र यादव का कहना है कि न्यायालय जाना अधिकार है। हमारे देश में न्याय की एक प्रक्रिया है पहले 82 फिर 83 के तहत नोटिस जारी की जाती है। भाजपा के लोग बुलडोजर जाकर घर गिरा रहे हैं यह कहां का कानून है। भाजपा के लोग देश के संविधान न्याय की आत्मा को तोड़-मरोड़ रहे हैं। भाजपा के लोगों को समझना चाहिए। न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। इसकी व्यवस्था है। देश के संविधान में ऐसा तो नहीं की भाजपा सरकार आने के पहले लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। |