सुल्तानपुर टाइम्स - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, June 21, 2022

सुल्तानपुर टाइम्स

सुल्तानपुर टाइम्स


नौकरानी रखने वाले ध्यान दें-बच्चा रोए न इसलिए खिला देती थी भांग

Posted: 21 Jun 2022 05:23 AM PDT

 


लखनऊ झांसी में एक शिक्षिका ने ढाई साल के मासूम की देखरेख के लिए नौकरानी रखी। रोजाना उसी के भरोसे बच्चे को छोड़कर शिक्षिका स्कूल पढ़ाने चली जाती थी। घर पर बच्चा रोता तो नौकरानी को कामकाज में दिक्कत होती। फिर नौकरानी ने मासूम को भांग खिलानी शुरू कर दी। इसको खाने के बाद बच्चा दिनभर सोता रहता था। जब इसका खुलासा हुआ तब शिक्षिका ने नौकरानी को काम से हटा दिया।शहर क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका के यहां लंबे समय से नौकरानी घर का काम करती थी। पति-पत्नी रोजाना बच्चे को नौकरानी के भरोसे छोड़कर अपने-अपने ऑफिस चले जाते। दोपहर में शिक्षिका जब लौटकर आती तो उसे बच्चा सोता हुआ मिलता। स्कूल की छुट्टियां हुईं तो शिक्षिका के सामने दिनभर बच्चा चिड़चिड़ाता रहता था। फिर शिक्षिका ने नौकरानी से पूछा कि जब वह स्कूल से आती थीं, तब रोज बच्चा सोता मिलता था, अब क्यों रोता रहता है।नौकरानी ने कहा कि बच्चे के पेट में दर्द होता है। इसलिए वह दूध में मिलाकर दवा दे देती थी, इससे उसे आराम मिल जाता था। इस पर शिक्षिका के होश उड़ गए। उसने दवा के बारे में पूछा। नौकरानी ने उन्हें भांग की गोली दी। शिक्षिका ने पास के डॉक्टर के पास जाकर वो दवा दिखाई। तब पता चला कि नौकरानी उनके बच्चे को भांग की गोली खिला रही थी। फिर शिक्षिका ने नौकरानी को काम से हटा दिया।मामले का खुलासा होने के बाद शिक्षिका नौकरानी को मनोरोगी समझकर जिला अस्पताल की मनोचिकित्सक के पास लेकर पहुंची। डॉक्टर को नौकरानी ने बताया कि पेट में दर्द होने पर वह रोती थी तो उसकी मां भांग की गोली खिला देती थी। इससे उसे आराम मिल जाता था। इसलिए जब शिक्षिका का बच्चा रोता था तो उसे लगता था कि पेट में दर्द हो रहा होगा। इसलिए वह गोली खिला देती थी।

राष्ट्रपति पद-विपक्ष इस दिन दाखिल करेगा यशवंत सिन्हा का नामांकन

Posted: 21 Jun 2022 05:22 AM PDT


 नई दिल्ली विपक्ष के लिए इस बार यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने विपक्षी नेताओं की बैठक के बाद इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने चर्चा के बाद यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। बैठक में शामिल राकांपा नेता शरद पवार ने कहा कि विपक्ष 27 जून सुबह 11.30 बजे नामांकन दायर करेगा। रमेश ने विपक्ष के इस चुनाव की वजहें बताते हुए कहा कि यशवंत सिन्हा एक विशेष रूप से योग्य प्रत्याशी होंगे। वे भारत के धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक ताने-बाने को मानने वाले व्यक्ति हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमें दुख है कि मोदी सरकार अब तक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर एकराय बनाने के लिए गंभीर नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि सिन्हा का नाम पवार, गोपालकृष्ण गांधी और फारूक अब्दुल्ला के राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ से बाहर होने के बाद सामने आया।विपक्षी पार्टियों की बैठक में कांग्रेस, राकांपा, तृणमूल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), समाजवादी पार्टी, नेशनल कॉन्फ्रेंस, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और असम यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में शामिल होने वालों में कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, द्रमुक के तिरुचि शिवा, माकपा के सीताराम येचुरी और भाकपा के डी राजा शामिल थे।पांच क्षेत्रीय दल - तेलगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), बीजु जनता दल (बीजेडी), आम आदमी पार्टी (आप), शिरोमण अकाली दल (शिअद) और युवाजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) इस बैठक से दूर रहे। इन पार्टियों को किसी भी धड़े में नहीं माना जाता। ये पार्टियां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई 15 जून की बैठक से भी दूर रही थीं।


जनपद मुख्यालय, तहसील मुख्यालय व ब्लाक मुख्यालय पर योग दिवस का भव्य आयोजन कर योग प्रशिक्षकों द्वारा कराया गया योगाभ्यास

Posted: 21 Jun 2022 04:32 AM PDT


सुलतानपुर अष्टम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर  प्रधानमंत्री, भारत सरकार का देशवासियों को सम्बोधित लाइव प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व योग दिवस के अवसर पर समस्त देश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज योग साधना योग केन्द्रों तक सीमित न रहकर आम जनमानस तक फैल चुकी है और सभी को इसका लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योग दिवस पर लोगों का उत्साह इसके जीवंत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि योग साधना किसी व्यक्ति विशेष के लिये नहीं बल्कि ये सम्पूर्ण मानवता के लिये प्रकृति का उपहार है।

प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन में 8वें विश्व योग दिवस की थीम ''मानवता के लिये योग'' की सरल एवं सरस व्याख्या तथा इसके प्रायोगिक पहलु पर देश वासियों का ध्यान केन्द्रित करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करने हेतु प्रेरित किया। जनपद में अष्टम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस ''मानवता के लिये योग'' 21 जून को जनपद मुख्यालय एवं तहसील व ब्लाक स्तर पर सामूहिक रूप से योगाभ्यास विभिन्न योग प्रशिक्षकों द्वारा कराया गया, जिसमें जनपद मुख्यालय पर योग प्रशिक्षक सुनील दत्त तिवारी एवं योग प्रशिक्षक संदीप तिवारी, योग प्रशिक्षक  पूनम सिंह के द्वारा स्थानीय पर्यावरण पार्क, सीताकुण्ड पर मुख्य अतिथि  राज्यमंत्री, ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उ0प्र0  विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद सुलतानपुर मेनका संजय गाँधी, जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 अनीता गुप्ता के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर माँ सरस्वती जी, पंतजलि और धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर योग दिवस का शुभारम्भ किया गया,

जिसमें लगभग 3000 से 3500 की संख्या में सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिये।जनपद स्तर पर आयोजित योग दिवस शिविर की मुख्य अतिथि  राज्यमंत्री, ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उ0प्र0 द्वारा योगाभ्यास के पश्चात अपने सम्बोधन में कहा कि जब से हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  ने कार्यभार संभाला है तब से भारत में योग को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री, उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ देश व प्रदेश वासियों के स्वास्थ्य के प्रति बेहद गम्भीर रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिये प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनाएं। उन्होंने कहा स्वस्थ मन से ही किया हुआ कार्य हमेशा अच्छा और बेहतर होता है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने योग के माध्यम से सबको एक करने का काम किया है। योग में किसी भी तरह का कोई भेदभाव नहीं करता है। ग्राम विकास राज्यमंत्री ने कहा कि अब नगर व ग्रामीण स्तर पर योग प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किये जाने की आवश्यकता है, जिसके लिये कई स्वयं सेवी संस्थानों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया है।   इसी प्रकार योग दिवस तहसील कादीपुर परिसर में योग प्रशिक्षक अशोक सिंह के द्वारा लगभग 560 की संख्या में योगाभ्यास कराया गया। तहसील लम्भुआ द्वारा सर्वोदय इण्टर कालेज लम्भुआ में विधायक सीताराम वर्मा एवं उप जिलाधिकारी लम्भुआ व खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रशिक्षक अजय मिश्र की देख-रेख में लगभग 4000, तहसील जयसिंहपुर परिसर में उप जिलाधिकारी जयसिंहपुर अरविन्द कुमार व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ योग प्रशिक्षक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा लगभग 809, तहसील बल्दीराय में विकास खण्ड में ब्लाक प्रमुख शिव कुमार सिंह, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रशिक्षक राकेश कुमार वर्मा एवं प्रिन्सी वर्मा द्वारा उपस्थित कर्मचारीगण द्वारा लगभग 1132 लोगों को सामूहिक योगाभ्यास/शासन द्वारा प्राप्त आदेश/निर्देश के तहत कराया गया एवं समस्त ब्लाकों पर अधिकारी एवं कर्मचारी व जनमानस की उपस्थिति में नोडल अधिकारी/खण्ड विकास अधिकारी के देख-रेख में योग प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास कराया गया।  जनपद स्तर पर आयोजित योग शिविर में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, डिप्टी कलेक्टर सदर कहकशॉ अंजुम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी, डीएफओ आनन्देश्वर प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल, जिला पंचायतराज अधिकारी आर.के. भारती, जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह सहित पूर्व विधायक लम्भुआ देवमणि द्विवेदी एवं समस्त जनपदीय अधिकारी/कर्मचारीगण व जन सामान्य आदि उपस्थित रहे।

यूपी में एंट्री लेते ही कमजोर हुआ मानसून

Posted: 20 Jun 2022 09:24 PM PDT

 


लखनऊ मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही कमजोर पड़़ गया है। इससे लगभग एक सप्ताह तक मानसूनी बारिश की संभावना कम हो गयी है। मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता का कहना है कि पहले चरण का मानसून पश्चिम बंगाल से सक्रिय होकर गुजरात‚ झारखंड़ और बिहार होते हुए दक्षिण–पूर्वी यूपी में प्रवेश किया था लेकिन चुर्क में ही यह मानसून कमजोर होने के कारण थम गया है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से दूसरी बार मानसून सक्रिय होगा। इसके बाद ही राजधानी में बरसात होने की संभावना है।जेपी गुप्ता ने बताया कि, इस बार 18 जून से मानसून सक्रिय होने का अनुमान जारी किया गया था। लेकिन 18 जून बीतने के बाद भी आंचलिक मौसम केन्द्र कह रहा है कि राजधानी में हाल–फिलहाल मानसून आने की संभावना नहीं है। अनुमान के आधार पर कहा जा सकता है कि जून के अंतिम दिनों में ही मानसूनी बारिश की संभावना है। तब तक गर्मी का यह प्रकोप झेलना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक बहुत तेज गर्मी तो नहीं होगी।मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार दिन में हल्के बादलों और हवा के कारण तापमान 37 से 3 डिग्री तक रहेगा। मौसम के बारे में मौसम विभाग का अनुमान बार–बार फेल हो रहा है। एक सप्ताह पहले मौसम विभाग ने अनुमान जारी किया था कि 16 से 19 जून तक लखनऊ में प्री मानसूनी बारिश होगी। चार दिन से लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हुई। बारिश होना तो दूर इसके लक्षण भी नहीं दिखे। उम्मीदों के विपरीत दिन में तेज धूप निकल रही है। हल्की बदली के कारण उमस वाली गर्मी बरकरार है। सोमवार को हवा और हल्की बदली के कारण राजधानी के लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली है। दिन का तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तो रात का तापमान 27.2 डिग्री रिकार्ड़ गया है।

प्रधानमंत्री ने 15000 लोगों के साथ योगाभ्यास किया

Posted: 20 Jun 2022 09:23 PM PDT

 


नई दिल्ली भारत समेत दुनियाभर में आज 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के मैसुरु पैलेस ग्राउंड में योग दिवस मनाने पहुंचे थे। उन्होंने करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया। प्रधानमंत्री मोदी ने योग की शुरुआत ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन जैसे आसनों से की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग अब वैश्विक पर्व बन गया है। यह पार्ट ऑफ लाइफ नहीं, वे ऑफ लाइफ बन गया है।इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा- 'आज योग मानव मात्र को निरोगी जीवन का विश्वास दे रहा है। हम आज सुबह से देख रहे हैं कि योग की तस्वीरें जो कुछ वर्ष पहले आध्यात्मिक केंद्रों पर दिखती थीं, वो आज विश्व के कोने-कोने में दिख रही हैं। ये साझी मानवता की तस्वीरें हैं। यह एक वैश्विक पर्व बन गया है। यह किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं संपूर्ण मानवता के लिए है।

इसलिए इस बार की थीम है योगा फॉर ह्यूमैनिटी।'उन्होंने कहा- 'मैं योग को दुनिया में पहुंचाने के लिए यूनाइटेड नेशंस का धन्यवाद करता हूं। साथियों योग के लिए हमारे महर्षियों, ऋषियों और आचार्यों ने कहा है- योग हमारे लिए शांति लाता है। यह हमारे देश और विश्व के लिए शांति लाता है। यह पूरा विश्व हमारे शरीर में है। यह हर चीज को सजीव बनाता है। योग हमें सजग, प्रतिस्पर्धी बनाता है। यह लोगों और देशों को जोड़ता है। यह हम सभी के लिए समस्या का समाधान बन सकता है।प्रधानमंत्री ने आगे कहा- 'देश आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। ऐसे में देश के 75 ऐतिहासिक केंद्रों पर एक-साथ योग किया जा रहा है। यह भारत के अतीत को भारत की विविधिता को एक सूत्र में पिरोने जैसा है। दुनिया के अलग-अलग देशों में सूर्योदय के साथ लोग योग कर रहे हैं। जैसे-जैसे सूर्य आगे बढ़ रहा है उसकी प्रथम किरण के साथ लोग अलग-अलग देशों में लोग साथ जुड़ते जा रहे हैं। यही गार्डियन रिंग ऑफ योगा है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 121 सिविल जजों का किया तबादला

Posted: 20 Jun 2022 08:45 PM PDT

 


लखनऊ इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सीनियर डिवीजन के 121 सिविल जजों का ट्रांसफर किया है। इसमें वाराणसी ज्ञानवापी परिसर का सर्वे कराने और वजू खाने को सील किए जाने का आदेश देने वाले जज रवि कुमार दिवाकर का भी नाम शामिल है। उनको वाराणसी से बरेली भेजा गया है. वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल आशीष गर्ग ने तबादले की लिस्ट जारी की है।जबकि ट्रांसफर किए गए सभी जजों को 4 जुलाई की दोपहर तक अपना कार्यभार ग्रहण करना होगा।इलाहाबाद हाईकोर्ट की सालाना तबादला लिस्ट में रवि कुमार दिवाकर का नाम सौवें नंबर पर है।उनको वाराणसी से बरेली ट्रांसफर किया गया है। दरअसल वाराणसी में तैनात सीनियर डिवीजन के सिविल जज रवि कुमार दिवाकर ज्ञानवापी मस्जिद विवाद की सुनवाई कर रहे थे।हालांकि सर्वे के बाद जब यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो केस वाराणसी के जिला जज को ट्रांसफर किया गया।इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रैंक के 285 और सिविल जज जूनियर डिवीजन रैंक के 213 जजों का भी ट्रांसफर किया है।

मुख्यमंत्री योगी ने राजभवन में किया योगाभ्यास

Posted: 20 Jun 2022 08:43 PM PDT


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2 सालों के बाद पूरे विश्व मे योग दिवस मनाया जा रहा है। जिसकी प्रतिरोधक क्षमता अच्छी है तो वह अपने आप स्वास्थ्य है।अगर आपका शरीर निरोगी है तो आप धर्म में सफलता पा सकेंगे।

योग का पहला नियम अनुशासन से जुड़ा है। हम सौभाग्यशाली है जो आजादी के अमृत महोत्सव को मना रहे है। हमने आजादी तो नहीं देखी लेकिन 75वें अमृत महोत्सव के साक्षी है।प्रधानमंत्री के आह्वान पर 25 करोड़ लोग योगा करेंगे। यूपी मे 75 हज़ार से अधिक जगहों पर योगा का कार्यक्रम हो रहा है।5 करोड़ से अधिक लोग यूपी मे योगा कर रहे हैं।

जितना अच्छा कोविड का प्रबंधन भारत मे रहा वो दुनिया में कहीं नहीं दिखा।8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन में योगाभ्यास किया। इस मौके पर उनके साथ राज्यपाल आंनदीबेन पटेल, अन्य मंत्री और शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद रहे।राजभवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सब प्रधानमंत्री के ऋणी हैं, जिन्होंने भारत की ऋषि परम्परा को न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में पहुंचाया।

आज 200 देशों मे योग मनाया जा रहा है। भारत को अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। इस बार योग मानवता के लिए मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के माध्यम से भारत ने अपनी ऋषि परंपरा के उपहार से जो कुछ भी अर्जित किया है वह कोरोना जैसी महामारी को मात देने में भी सफल रहा है। जितना अच्छा कोविड प्रबंधन भारत का रहा, वैसा दुनिया में कहीं कोई अन्य उदाहरण नहीं है। उन्होंने कहा कि 'न तस्य रोगो न जरा न मृत्युः प्राप्तस्य योगाग्रिमयं शरीरम्' अर्थात् योगाभ्यास से तपा हुआ शरीर रोग, जरा एवं मृत्यु से मुक्त हो जाता है। हम सभी को योग के इस अभियान के साथ जुड़ना चाहिए।यही मानवता के कल्याण का एकमात्र साधन हो सकता है।

अग्निपथ योजना के खिलाफ बंद का यूपी में कोई असर नहीं

Posted: 20 Jun 2022 05:57 AM PDT

 


लखनऊ एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को भड़काने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की तरफ से युवाओं को इस योजना के बारे में समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को असामाजिक तत्वों व कुछ राजनीतिक लोगों ने उकसाया जिससे कि हिंसा हुई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।सोमवार को अग्निपथ योजना के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया गया था। एडीजी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल पुलिस के अलावा 141 कंपनी पीएसी और 10 कंपनी सीएपीएफ तैनात की गई है। अभी तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। भारत बंद का असर यूपी में नहीं दिख रहा है।बता दें कि सोशल मीडिया पर भारत बंद का आह्वान किया गया था। एडीजी ने बताया कि किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। हिंसा करने वालों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमें दर्ज किए गए हैं और बड़े स्तर पर गिरफ्तारी की जा रही है। जिन लोगों के द्वारा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली की जाएगी।यूपी में अग्निपथ के विरोध में हुई हिंसक घटनाओं के मामले में अब तक कुल 475 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि कुल 39 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

सेना से रिटायर होने वाले अग्निवीरों को यूपी पुलिस में मिलेगी प्राथमिकता

Posted: 20 Jun 2022 05:56 AM PDT

 


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को युवाओं से अपील की कि वे अग्निपथ योजना के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रचार से गुमराह न हों। सीएम ने जोर देकर कहा कि सेवानिवृत्त अग्निवीरों को यूपी पुलिस में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना की पूरी दुनिया में सहायना की गई है। इस योजना से ना सिर्फ 10 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि वहां मिली ट्रेनिंग उन्हें अनुशासन और प्रशिक्षण के साथ चुनौतियों से अधिक प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम बनाएगी। सीएम ने ये भी कहा कि अग्निवीर जवानों को आसानी से पुलिस बल में नौकरी लेने में मदद मिलेगी।आजमगढ़ सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के लिए वोट मांगने के लिए आजमगढ़ में दो रैलियों को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने ये बात कही। सीएम योगी ने कहा- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम और उत्तराखंड की सरकारें पहले ही घोषणा कर चुकी हैं कि अग्निवीर सैनिकों को नौकरी में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का इरादा है कि चार साल की सेवा के बाद रिटायर होने वाले अग्निवीरों को पुलिस बल में शामिल किया जाए।योजना के अनुसार, 25% अग्निवीर सेना में बने रहेंगे, जबकि बाकी को पुलिस बल में उपयुक्त रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा- हमारी सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी। 

संदिग्ध परिस्थितयों में युवक की मौत

Posted: 19 Jun 2022 10:09 PM PDT


सुल्तानपुर जिले में युवक की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत से हड़कंप मच गया है। घर के अंदर साड़ी के फंदे से उसका शव लटकता पाया गया।परिवारीजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के नरवारी गांव की है। गांव निवासी महेंद्र वर्मा के घर पर बीती रात रोज की तरह सभी खाना खाकर  लेट गए। इस बीच रात के किसी पहर महेंद्र के पुत्र अमित वर्मा (26) ने कमरे के अंदर साड़ी से फंदा बनाया और उस पर झूल गया। परिवार में किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब काफी समय तक अमित का कमरा नहीं खुला तो परिवार के सदस्य उसे उठाने पहुंचे तब कही जाकर उन्हें घटना की खबर हुई।बस फिर क्या था परिवार में कोहराम मच गया। किसी सूरत उसका शव फंदे से उतारा गया। तब तक गांव वालों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो चुकी थी। इस बीच अमित के पिता महेंद्र ने फोन पर अखंड नगर पुलिस को घटना की सूचना दिया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम में भेजा। थानाध्यक्ष अखंडनगर कृष्ण मोहन ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अयोध्या-प्रयागराज हाइवे पर मिला वृद्ध का शव

Posted: 19 Jun 2022 10:05 PM PDT


सुल्तानपुर जिले में सोमवार सुबह अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगो की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आधे घंटे की जांच पड़ताल के बाद मृतक की शिनाख्त हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के प्यारे पट्टी बाइपास सुबह करीब 8:45 पर सड़क किनारे वृद्ध का शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। उसके मुंह पर चोट के निशान थे। तत्काल लोगो ने पुलिस स्टेशन पर घटना की सूचना दिया। इस पर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने पड़ताल शुरू किया। घटना स्थल से 10 कदम की दूरी पर खाई में वृद्ध का अंगौछा भी पुलिस को मिला।इसके बाद मौके से मिले मोबाइल से पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करना शुरू किया। करीब आधे घंटे पड़ताल के बाद पता चला कि मृतक वृद्ध मोतिगरपुर थाना क्षेत्र निवासी मोहन मिस्त्री (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। इसी में वो हादसे का शिकार हो गया है।

अब स्वास्थ्य मंत्री के पास होगी मरीजों की हिस्ट्री

Posted: 19 Jun 2022 09:41 PM PDT

 


लखनऊ अब सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज का विवरण स्वास्थ्य मंत्री के पास होगा। इसके लिए शासन स्तर से सभी सरकारी अस्पतालों को शासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि वह अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज का विवरण प्रतिदिन उपमुख्यमंत्री व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को भेजा जाय। महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने सीएमओ समेत सभी सरकारी अस्पतालों के अधीक्षकों को इसके लिए पत्र भेजा है। कहा गया है इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।यूपी में इस तरह की व्यवस्था पहली हो रही है कि स्वास्थ्य मंत्री के पास प्रदेश भर के एक एक मरीजों का विवरण होगा। इससे वह कभी भी किसी भी मरीज को सीधे कॉल करके अस्पताल में इलाज व सुविधाओें के बारे में पूछ सकते हैं। इससे लापरवाही व मनमानी करने वाले अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारियों व डाक्टरों के बारे में भी मरीज के जरिए पता लगाया जा सकेगा।अस्पताल में पंजीकरण कराने वाले मरीज, भर्ती होने वाले मरीज, डिस्चार्ज और रेफर किए जाने वाले मरीजों की भी सूची प्रतिदिन देनी होगी। इतना ही नहीं अस्पताल में इलाज के दौरान मरने वाले मरीजों को भी ब्यौरा अस्पताल के अधीक्षक को देना होगा। इससे स्वास्थ्य मंत्री यह जानने का प्रयास करेंगे कि जिस मरीज की मौत हुई है, क्या उसे सही इलाज मिला या लापरवाही की गई है। बता दें कि इन दिनों स्वास्थ्य मंत्री लगातार सरकारी अस्पतालों का दाैरा कर रहे हैं और हकीकत देख रहे हैं।

बहू से गुस्साए ससुर ने पुलिस पर किए फायर, बचाने आए दरोगा, दो सिपाही जख्मी

Posted: 19 Jun 2022 09:41 PM PDT


लखनऊ कानपुर में बहू से विवाद के बाद गुस्साए ससुर ने 3 घंटे तक उपद्रव किया। 300 रुपए को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग ने पत्नी, बेटे-बहू को कमरे में बंद कर दिया। उनको आग लगाकर फूंकने की धमकी दी। घबराई बहू ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घरेलू विवाद समझकर एक दरोगा और कुछ सिपाही जीप से बुजुर्ग के घर पहुंच गए।पुलिस को देखकर बुजुर्ग और बौखला गया। उसने छत पर चढ़कर अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब तीन घंटे तक 40 से 45 राउंड फायरिंग की। छर्रे लगने से दरोगा और दो सिपाही जख्मी हो गए। 3 घंटे बाद DCP ईस्ट प्रमोद कुमार, ACP कैंट मृगांक शेखर पाठक, ADCP राहुल मिठास और छह थाने की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।श्यामनगर के सी-ब्लॉक के रहने वाले आरके दुबे (60) शेयर मार्केट का काम करते हैं। वह घर में अपनी पत्नी किरन दुबे, बड़े बेटे सिद्धार्थ, बहू भावना और दिव्यांग बेटी चांदनी के साथ रहते हैं। उनका छोटा बेटा राहुल और बहू जयश्री अलग रहती हैं।आरके दुबे का रविवार दोपहर करीब 12 बजे बहू भावना से बिजली बिल के 300 रुपए देने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद बुजुर्ग आपा खो बैठे। उन्होंने बहू समेत बीच-बचाव करने आई पत्नी और बेटे को एक कमरे में बंद कर दिया। चिल्लाते हुए कहा कि आग लगाकर पूरा घर फूंक दूंगा।कमरे में बंद बहू भवना ने तुरंत पुलिस को कॉल किया। कहा- बचा लीजिए, नहीं तो ससुर मार डालेंगे। चकेरी पुलिस बुजुर्ग के घर पहुंची तो उनका गुस्सा और बढ़ गया। चिल्लाते हुए कहा, "मैं खुद प्रताड़ित हूं और तुम लोग मेरे घर मुझे ही पकड़ने आए हो।"इसके बाद बुजुर्ग अंदर गए और अपनी डबल बैरल बंदूक उठा लाए। उन्होंने गेट पर खड़े पुलिस वालों पर फायर कर दिया। छर्रे लगने से दरोगा विनीत त्यागी और दो सिपाही घायल हो गए। इसके बाद पुलिस वाले वहां से दूर भाग गए।चकेरी पुलिस ने तुरंत सीनियर अफसरों को पुलिस पर फायरिंग की सूचना दी। DCP ईस्ट प्रमोद कुमार, ACP मृगांक शेखर पाठक और ADCP राहुल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद भी बुजुर्ग आरके दुबे नहीं थमे और जो पुलिस वाला सामने दिखा उस पर सीधे फायर करते रहे।दुबे ने पुलिस पर करीब 3 घंटे में 40 से 45 राउंड फायरिंग की। DCP ईस्ट ने लाउडस्पीकर की मदद से बात करके बुजुर्ग को समझाने की कोशिश की। बुजुर्ग ने DCP से कहा, "दरोगा मेरे घर कैसे आ गया। जब तक इसे सस्पेंड नहीं किया जाएगा, फायरिंग चालू रहेगी।" इसके बाद DCP ने बुजुर्ग को दिखाने के लिए टाइप किया हुआ सस्पेंशन लेटर मंगवाया। बुजुर्ग के नंबर पर व्हाट्सएप पर भेजा। तब जाकर बुजुर्ग ने फायरिंग बंद की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।पुलिस ने आरके दुबे को हिरासत में लेने के बाद उसकी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक को कब्जे में लिया। जांच की तो छत पर करीब 45 खोखे मिले और 60 से ज्यादा जिंदा कारतूस मिले। बेटे और बहू ने बताया कि आरके दुबे के पास एक रिवॉल्वर भी है। पुलिस ने पूरा घर खंगाल डाला, लेकिन रिवॉल्वर नहीं मिली। पुलिस अब रिवॉल्वर भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।आरोपी आरके दुबे ने पुलिस को बताया, "बड़े बेटे सिद्धार्थ की पत्नी भावना उसे परेशान करती है। बार-बार रुपए की डिमांड करती है। बहू के मायके वाले भी परेशान करते हैं। तीन महीने पहले भी उसने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

फेसबुक पर तोड़ी दोस्ती तो सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू से किया हमला

Posted: 19 Jun 2022 09:40 PM PDT


  लखनऊ मथुरा में बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां थाना हाईवे क्षेत्र में स्थित नगला बोहरा इलाके में एक सिरफिरे युवक ने एक घर में घुसकर वहां रह रहीं मां-बेटी पर चाकू से हमला कर दिया।इस हमले में बेटी की मौत हो गई वहीं मां घायल है। वारदात के बाद युवक ने खुद के पेट में भी चाकू घोंप लिया, जिससे वह भी घायल हो गया।मां और सिरफिरे युवक का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह युवक अपनी शादी का कार्ड देने के बहाने उनके घर में घुसा था। घर में घुसते ही युवक ने सबसे पहले युवती पर हमला किया और उसके बाद मां पर. दोनों पर हमले के बाद युवक ने खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। इस हमले में युवती की मौत हो गई।रविवार देर शाम नगला बोहरा के रहने वाले रिटायर्ड फौजी तेजवीर के घर पर उनकी पत्नी सुनीता और 17 वर्षीय बेटी सोनम अकेली बैठी हुई थीं। इस दौरान मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र के ककुड़ा निवासी शिवम उर्फ अभी कश्यप ने उनके दरवाजे़ पर दस्तक दी। उसके लिए दरवाजा खोलने आई सोनम पर उसने वहीं पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद बेटी को बचाने मां सुनीता आई तो उस पर भी चाकू से वार कर दिए। मां-बेटी को घायल कर युवक ने अपने पेट में भी चाकू घोंप लिया और वहीं गिर गया।उन लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने पुलिस को खबर दी।इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गांववालों की मदद से घायल सुनीता व युवक शिवम को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है इस मामले को लेकर एसपी सिटी  ने बताया युवक और महिला दोनों की हालत गंभीर है।इसलिए पूछताछ नहीं की जा सकी है।युवक की पहचान भी आधार कार्ड से हुई है।घटना के पीछे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुए हैं।वहीं पुलिस को प्रारंभिक जांच में लगता है कि फेसबुक के माध्यम से मृतका और युवक के बीच कोई बातचीत हुई है। आशंका है इसके चलते ही युवक ने किशोरी की हत्या कर खुदकुशी किए जाने के इरादे से अपने पेट में चाकू घोंप लिया। इसी बीच वहां पर मृतका की मां आ गई, इसलिए उसको भी घायल कर दिया।थाना प्रभारी  ने बताया कि मृतका की छोटी बहन ने बताया है कि फेसबुक के माध्यम से दोनों के बीच दोस्ती हुई थी, लेकिन लड़की ने बात करने से इनकार कर दिया, इसी से क्षुब्ध होकर आरोपित ने ये कदम उठाया है।

शादी के बाद पता चला पति है किन्नर,मामला दर्ज

Posted: 19 Jun 2022 05:43 AM PDT

 


 लखनऊ पुवायां के एक गांव निवासी एक युवती ने आरोप लगाया है कि पांच जून को शाहजहांपुर में उसकी शादी हुई थी, लेकिन बाद में पता चला कि उसका पति किन्नर है। पीड़िता के अनुसार, उसने इसकी शिकायत ससुरालीजनों से की तो उन्होंने मानसिक व शारारिक उत्पीड़न किया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस को पीड़िता ने बताया कि पांच जून को उसकी शादी शाहजहांपुर शहर क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई थी। पिता ने शादी में 10 लाख रुपये की रकम भी खर्च की। शादी में विदा होकर वह ससुराल पहुंची तो पता चला कि उसका पति किन्नर है। उसने बताया कि पति, ससुर, देवर, बाबा ससुर, ददिया सास, चचिया ससुर, चचिया सास, ननद ने उसके साथ जानबूझ कर धोखाधड़ी की है।उसने बताया कि ससुराल के लोगों की धोखाधड़ी से उसकी मान प्रतिष्ठा को धक्का लगा है और काफी आघात लगा है। उसने बताया कि उसने ससुराल के लोगों से शिकायत की तो विदा वाली रात में ही मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। ससुर ने उसे काफी धमकाया और पुत्र के किन्नर होने की बात कहीं कहने पर जान से मारने की धमकी दी। ननद बाल पकड़कर घसीटती हुई कमरे में ले गई और देवर ने तमंचा तान कर धमकी दी।

तीनों सेनाओं में भर्ती प्रक्रिया के लिए तारीखों का एलान

Posted: 19 Jun 2022 05:42 AM PDT

 


नई दिल्ली अग्निपथ योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच सेना ने साझा प्रेस वार्ता कर इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। सैन्य मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने कहा कि यह योजना काफी विचार-विमर्श करके लाई गई है। दो साल से इस योजना पर चर्चा चल रही थी। इस योजना का उद्देश्य युवाओं के जोश-होश के बीच तालमेल बनाना है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के लिए फायदेमंद है। सभी अग्निवीरों को आम जवानों की तरह फायदे मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आज की तुलना में अग्निवीरों को ज्यादा अलाउंस और सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा सेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी युवा के खिलाफ FIR होती है तो उसे सेना में भर्ती होने का मौका नहीं दिया जाएगा।वहीं सेना ने तीनों सेनाओं में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए तारीखों का एलान भी कर दिया है। थलसेना ने कहा है कि उसकी भर्ती प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू हो जाएगी। वहीं वायुसेना की भर्ती प्रक्रिया 24 जून से शुरू होगी जबकि नौसेना की भर्ती प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी। एयर मार्शल एसके झा ने कहा कि भारतीय वायुसेना में 24 जून से अग्निवीरों के पहले बैच को लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह एक ऑनलाइन सिस्टम है। उसी के तहत उसपर रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। एक महीने बाद 24 जुलाई से फैज-1 ऑनलाइन परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। एयर मार्शल एसके झा ने कहा कि दिसंबर के अंत तक अग्निवीर के पहले बैच को वायुसेना में शामिल कर लेंगे। 30 दिसंबर से पहले बैच की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। नौसेना के वाइस एडमिरल डी.के. त्रिपाठी ने कहा कि हमने अपनी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 25 जून तक हमारी एडवरटाइजमेंट सूचना और प्रसारण मंत्रालय में पहुंच जाएगा। एक महीने के अंदर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 21 नवंबर को हमारे पहले अग्निवीर हमारे ट्रेनिंग संस्थान में रिपोर्ट करेंगे। थलसेना एक जुलाई को नोटिफिकेशन जारी करेगी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।सेना ने देशभर में हो रहे प्रदर्शन को लेकर नाराजगी भी व्यक्त की है। सेना ने कहा कि कुछ संस्थान जिन्होंने छात्रों से तैयारी के पैसे ले लिए हैं वे उन्हें उकसा रहे हैं। सेना एक बात साफ कर देना चाहती है कि अगर किसी भी युवा के खिलाफ FIR होती है तो उसे सेना में भर्ती होने का मौका नहीं दिया जाएगा।सेनानिवृति के सवाल पर अनिल पुरी ने कहा कि हर साल लगभग 17,600 लोग तीनों सेवाओं में समय से पहले सेवानिवृत्ति ले रहे हैं। किसी ने कभी उनसे यह पूछने की कोशिश नहीं की कि वे सेवानिवृत्ति के बाद क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य के लिए सोच-समझकर उठाया गया कदम है।अनिल पुरी ने कहा कि देश की सेवा में बलिदान देने वाले अग्निवीरों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा। 'अग्निवर' को सियाचिन और अन्य क्षेत्रों जैसे क्षेत्रों में वही भत्ता और सुविधाएं मिलेंगी जो वर्तमान में नियमित सैनिकों पर लागू होती है। सेवा शर्तों में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।इस भर्ती में 17.5 वर्ष से 21 वर्ष तक के उम्मीदवार शामिल हो सकेंगे। यह भर्ती चार सालों के लिए होगी। इसके बाद परफॉर्मेंस के आधार पर 25 फीसदी कर्मियों को वापस से रेगुलर कैडर के लिए नामांकित किया जाएगा। बता दें कि उम्मीदवारों को सशस्त्र बलों में आगे नामांकन के लिए चुने जाने का कोई अधिकार नहीं होगा। चयन सरकार का अनन्य क्षेत्राधिकार होगा। मेडिकल ट्रेडमैन को छोड़कर भारतीय वायु सेना के नियमित कैडर में एयरमैन के रूप में नामांकन केवल उन्हीं कर्मियों को दिया जाएगा, जिन्होंने अग्निवीर के रूप में अपनी सेवा की अवधि पूरी कर ली है।

मानसून में एक सप्ताह की देरी

Posted: 18 Jun 2022 11:19 PM PDT


लखनऊ उत्तर प्रदेश में मानसून इस साल एक हफ्ते की देरी से आएगा। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि इस बार मानसून 16, 17 जून तक दस्तक दे देगा। मगर, मौसम विभाग का ये अनुमान फेल हो गया और अब मानसून 21 से 22 जून तक आने की आशंका जताई जा रही है।ऐसे में लोगों को चिलचिलाती धूप का समाना अभी 2 दिन और करना पड़ सकता है। हालांकि इस बीच बादलों की आवाजाही लगी रहेगी।मौसम विज्ञान विभाग की माने तो आज से लेकर 20 जून तक वाराणसी में बारिश की उम्मीद है। बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के संग ठीक-ठाक पानी गिर सकता है। हवा का रुख काफी सकारात्मक है। हवा के बहाव के साथ वाराणसी में नमी प्रवेश कर रही है। आज सुबह वाराणसी की हवा में नमी 82% तक पहुंच गई है। इसलिए बारिश की संभावना से इन्कार भी नहीं किया जा सकता। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर का कहना है कि यह बारिश पश्चिमी हवा की वजह से हो रही है। यह दो दिन तक हमें तपिश से राहत देगी और उसके बाद खत्म हो जाएगी। मुख्य बारिश मानसून आने में अभी देरी है।लखनऊ के लोग शनिवार को बारिश का इंतजार करते रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। बारिश होना तो दूर इसके लक्षण भी नहीं दिखे। उम्मीदों के विपरीत रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। कुछ इलाकों में हल्की बदली के कारण भयंकर उमस वाली गर्मी पड़ी। तापमान 40 डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पूरे दिन राजधानी के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से झूझना पड़ेगा।मौसम वैज्ञानिक जेपी गुप्ता के अनुसार, 21, 22 जून तक उत्तर प्रदेश में मानसून दाखिल हो सकता है। इस साल मानसून में पश्चिमी उत्तर प्रदेश यानी मेरठ, सहारनपुर, गाजियाबाद में मानसून में सामान्य 92-108% बारिश होगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश यानी वाराणसी, सोनभद्र, जौनपुर में 106% बारिश होने की आशंका है।

वायुसेना ने जारी की अग्निवीरों की भर्ती की डिटेल,अग्निपथ योजना के तहत चयन प्रक्रिया 24 जून से शुरू

Posted: 18 Jun 2022 10:29 PM PDT

 


नई दिल्ली केंद्र सरकार की ओर से सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए लाई गई नई योजना 'अग्निपथ' को लेकर जारी विरोध के बीच भारतीय वायुसेना ने इस स्कीम से जुड़ी जानकारियां साझा कर दी हैं।अग्निपथ योजना के तहत इंडियन एयरफोर्स में 4 साल के लिए भर्ती होने वाले अग्निवीरों को वर्ष में 30 दिन की छुट्टी मिलेगी। इसके अलावा कैंटीन की सुविधा भी रहेगी। एयरफोर्स की ओर से उन्हें यूनिफॉर्म के ​अलावा इंश्योरेंस कवर भी मुहैया कराया जाएगा।युवा इस योजना का विरोध कर रहे हैं। केंद्र सरकार और तीनों सेनाएं लगातार उनको 'अग्निपथ योजना' के प्रति जागरूक करने का काम कर रही हैं। इस योजना के बारे में सही जानकारी युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश में लगी हुई हैं। इसी क्रम में भारतीय वायुसेना ने अपनी वेबसाइट पर अग्निपथ योजना से जुड़ी तमाम जानकारियां साझा की हैं। भारतीय वायुसेना के मुताबिक अग्निवीरों को वही सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी जो नियमित सेवा वाले सैनिकों को मिलती हैं।भारतीय वायुसेना की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अग्निवीरों को मासिक वेतन के साथ हार्डशिप अलाउंस, यूनिफॉर्म अलाउंस, कैंटीन और मेडिकल सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जैसा कि एयरफोर्स के एक नियमित सैनिक को मिलती है। अग्निवीरों को ट्रैवल अलाउंस भी मिलेगा। साल में 30 दिन छुट्टी मिलेगी, साथ में मेडिकल लीव अलग से मिलेगा।हालांकि यह मेडिकल चेकअप पर निर्भर करेगा। भारतीय वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती होने की उम्र 17.5 से 21 वर्ष होगी.सर्विस (चार साल) के दौरान अगर अग्निवीर की मृत्यु होती है तो बीमा कवर मिलेगा, जिसके तहत उसके परिवार को करीब 1 करोड़ की आर्थिक सहायता ​दी जाएगी। ड्यूटी के दौरान विकलांग होने पर एक्स-ग्रेशिया 44 लाख रुपये मिलेंगे। साथ ही जितनी नौकरी बची है, उसकी पूरी सैलरी मिलेगी और सेवा निधि पैकेज भी मिलेगा। अग्निवीरों का कुल 48 लाख का इंश्योरेंस होगा. ड्यूटी में रहते वीरगति को प्राप्त होते हैं, तो एकमुश्त सरकार की तरफ से 44 लाख दिए जाएंगे और सेवा निधि पैकेज अलग रहेगा।

इसके अलावा जितनी नौकरी बची है उसकी पूरी सैलरी मिलेगी
।आपको बता दें कि भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर चौधरी पहले ही कह चुके हैं कि अग्निपथ योजना के तहत चयन प्रक्रिया 24 जून से शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा है कि 2022 के लिए अग्निपथ योजना के तहत इंडियन एयरफोर्स में भर्ती किए जाने वालों की उम्र सीमा बढ़ा कर 23 वर्ष कर दी गई है, जिससे कोरोना महामारी काल में भर्ती नहीं निकलने के कारण उम्र गंवाने वाले युवाओं के एक बड़े हिस्से को इसमें शामिल किया जा सकेगा। नई योजना के तहत 4 साल के सेवाकाल के दौरान करीब 2.5 महीने से 6 महीने तक के प्रशिक्षण की अवधि होगी।

स्कूटी समेत नाले में गिरे दंपती, वायरल हो रहा वीडियो

Posted: 18 Jun 2022 10:30 PM PDT

 


लखनऊ अलीगढ़ जिले में मानसून की पहली ही बारिश ने शनिवार को नगर निगम की स्मार्ट सिटी की मुहिम और नाला-नाली एवं सफाई अभियान की कलई खोलकर रख दी। मात्र 45 मिनट की बारिश से शहर भर में रिहायशी इलाके, सड़क और नाले बारिश के पानी से लबालब हो गए।कई इलाकों में जलभराव के साथ सड़क पर कीचड़ व गंदगी उफन आने से राहगीरों और वाहन चालकों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे वे नगर निगम की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। वहीं, रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहे के पास स्कूटी सवार सिपाही दंपती नाले में जा गिरे। सुबह मौसम बदलने के बाद हल्की बारिश शुरू हुई। कुछ देर बाद ही करीब 45 मिनट तक झमाझम बारिश हुई ।बारिश के दौरान रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहा स्थित बाबा मार्केट के सामने गंभीर हादसा होने से टल गया। यहां थाना बन्नादेवी में तैनात सिपाही दयानंद सिंह पत्नी को स्कूटी से डॉक्टर को दिखाने आए थे। बारिश के चलते रोड पर पानी भर जाने से सड़क किनारे नाला दिखाई नहीं पड़ा। जिसकी वजह से स्कूटी नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि लोगों ने तत्काल दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस हादसे के कुछ देर बाद ही एक महिला और एक युवक भी नाले में जा गिरे। 

अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन के दृष्टिगत डीएम व एसपी ने नगर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था का लिया जायजा

Posted: 18 Jun 2022 04:26 AM PDT


सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अग्निपथ योजना के विरोध प्रदर्शन को मद्दे नजर रखते हुए शनिवार को अधिकारियों/संगठनों के साथ बैठक की। तत्पश्चात रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, कोचिंग काम्पलेक्स उत्तर रेलवे सुलतानपुर एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था का जायजा लिया  तथा सुरक्षा के सम्बन्ध में सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम व एसपी के निर्देशन में जनपद में चाक चौबन्द सुरक्षा/कानून व्यवस्था, भारी मात्रा में फोर्स की तैनाती, कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत आमजन का पुलिस/प्रशासन के साथ सहयोग, अफवाहों से दूरी रखनें एवं सेना भर्ती में नई योजना अग्निपथ के विरोध प्रदर्शन के सम्बन्ध में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्र0नि0/थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर बसों को चेक करते हुए यात्रियों को सम्बोधित करते हुए बतायें कि किसी भी प्रकार के धरना प्रदर्शन इत्यादि पर रोक है, सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी कर लोगो को चिन्हित किया जा रहा है। किसी भी भ्रामक खबर को प्रसारित न करें। आप सभी जिम्मेदार नागरिक है, देशभक्त कभी भी देश की सम्पत्ति का नुकसान नहीं करेंगा। कहीं भी भीड का हिस्सा न बनें शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस प्रशासन का सहयोग करे। 

Post Bottom Ad

Pages