आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Thursday, June 30, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: चोरी या गायब हुए 29 स्मार्टफोन सर्विलांस टीम ने बरामद कर लौटाया

Posted: 30 Jun 2022 07:58 AM PDT



गायब फोन विभिन्न लोगों से बरामद कर असली मालिकों को सौंपा

आजमगढ़: आए दिन चोरी होने वाले या गायब होने वाले स्मार्टफोन के मालिकों को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ता है। एक तो उनके मोबाइल में मौजूद सभी डाटा चले जाते हैं, कांटेक्ट नंबर चले जाते हैं, गलत इस्तेमाल का खतरा रहता है वहीं पुलिस से भी सहयोग नहीं मिलने की कई शिकायतें मिलती रहती हैं। लेकिन इस बार पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सर्विलांस विभाग की टीम के सदस्यों ने 29 मोबाइलों को अलग-अलग स्थानों से अलग-अलग लोगों से बरामद कर उनके असली मालिक तक पहुंचाने का काम किया है। पुलिस लाइन सभागार में स्मार्टफोन के मालिकों को बुलाकर उन्हें उनके मोबाइल को सौंपा गया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से अलग-अलग लोगों के स्मार्टफोन के चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था। सर्विलांस टीम लगी हुई थी और उसके बाद 29 मोबाइलों को बरामद किया गया वही उन्होंने यह भी कहा कि मोबाइल या स्मार्टफोन गायब होने पर सबसे पहले उसके सिम को ब्लॉक कराना चाहिए नया सिम लेना चाहिए और जो यूपी कॉप नाम से ऐप पुलिस विभाग का चल रहा है उस पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। शिकायत के लिए जनसेवा केंद्रों का सहारा लिया सकता है। उसकी प्रिंट आउट निकाल कर स्थानीय थाने पर जमा करा दें। जिससे विभाग को यह शिकायत पहुंचती है उसमें टेक्निकल असिस्टेंट से कार्रवाई की जाती है।

आजमगढ़: छात्रा का अपहरण कर रेप करने वाले को उम्र कैद

Posted: 30 Jun 2022 06:53 AM PDT


महज ढाई माह के भीतर आया फैसला,01 लाख जुर्माना भी लगा

आजमगढ़ : कक्षा नौ की छात्रा का उसके घर से अपहरण कर रेप करने वाले आरोपी को अदालत ने उम्र कैद और एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। गुरुवार को यह फैसला विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट के जज रवीश कुमार अत्री ने सुनाया। खास ये है कि महज ढाई माह के भीतर यह फैसला सुनाया गया।बरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में 3 अप्रैल 2022 को 14 वर्षीय पीड़ित छात्रा लघुशंका के लिए घर के बगल में गई थी। उसी समय किशन विश्वकर्मा उर्फ कृष्णा पुत्र शिव कुमार विश्वकर्मा पहुंचा और छात्रा का मुंह दबाकर उसे अपने मड़ई में उठा ले गया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता को खोजते हुए जब उसके परिजन आए तब आरोपी किशन भाग गया। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की तथा 6 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 7 अप्रैल को आरोपी के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की गई। न्यायालय ने भी त्वरित सुनवाई करते हुए 8 अप्रैल 2022 को मुकदमे का संज्ञान लिया तथा 12 अप्रैल 2022 को मामले में आरोपी के खिलाफ आरोप तय कर दिया। विशेष लोक अभियोजक अवधेश कुमार मिश्रा ने पीड़िता, उसकी माता तथा सीओ लालगंज मनोज कुमार रघुवंशी ,डॉक्टर श्वेता मिश्रा समेत छह गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत में आरोपी किशन विश्वकर्मा ऊर्फ कृष्णा को आजीवन कारावास तथा एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

आजमगढ़ : उदयपुर घटना के विरोध में बजरंग दल ने किया प्रदर्शन

Posted: 30 Jun 2022 06:35 AM PDT



पीएफआई पर प्रतिबंध समेत 5 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़: सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने पर इस्लामिक जिहादियों द्वारा दुकान में घुसकर उदयपुर में दिनदहाड़े युवक की हुई नृशंस हत्या व हत्या का वीडियो जारी करने के विरोध में गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पीएफआई पर प्रतिबंध समेत पांच मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि उदयपुर में जिस तरह से युवक की नृशंस हत्या हुई है वह काफी घृणित कार्य है। हमलावरों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी खुलेआम धमकी देकर देश की संप्रभुता को चुनौती देने की बात कही। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस घटना से संपूर्ण राष्ट्र का हिंदू समाज आहत हुआ है। मृत कन्हैया लाल को विगत 7 दिनों से जान से मारने की धमकियां जिहादियों द्वारा दी जा रही थी। उसे संबंधित थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। लेकिन मुस्लिम तुष्टीकरण के चलते पुलिस प्रशासन ने किसी प्रकार की सुरक्षा कन्हैया को उपलब्ध नहीं कराई। आतंकवादी संगठन सिमी का अवतार कट्टरवाद इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया की अत्यधिक सक्रियता और उनके वोटों की लालची राजस्थान की गहलोत सरकार भी न केवल उनके संवैधानिक दुश्मनों की अनदेखी कर रही है, बल्कि उनको समाज पर और अधिक अत्याचार करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। पिछले वर्षों से राजस्थान के हिंदू समाज को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस्लामिक आतंकियों को राज्य सरकार का खुला समर्थन प्राप्त है। बूंदी में एक मौलाना द्वारा पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में पुलिस प्रशासन व हिंदू समाज को खुलेआम जिला कलेक्ट्रेट पर धमकी दी गई। मौलाना समेत अन्य की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राजस्थान की गहलोत सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। कन्हैया लाल हत्याकांड की सीबीआई जांच करा कर हत्यारों को फांसी दी जाए। आतंकवादी संगठन पीएफआई को प्रतिबंधित किया जाए। राजस्थान के असमाजिक तत्वों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिजनों को 5 करोड़ का मुआवजा राशि देने का आदेश जारी करें।

आजमगढ़: सूरज श्रीवास्तव का भारतीय पेंचक सिलाट टीम में चयन,हर्ष

Posted: 30 Jun 2022 04:27 AM PDT


मलेशिया में होने वाली 9वीं विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भाग लेंगे

आज़मगढ़ : जिले के निवासी अंतरराष्ट्रीय पेंचक सिलाट(मार्शल आर्ट्स) खिलाड़ी सूरज प्रकाश श्रीवास्तव का पुनः भारतीय पेंचक सिलाट टीम में चयन हुआ है जो कि 26 जुलाई से 31 जुलाई को मेलाका, मलेशिया में आयोजित होने वाली 9वीं विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप-2022 में प्रतिभाग करेंगे। पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन ने पत्र भेजकर उन्हें अवगत कराया है की 2021 में राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में सूरज ने 85- 90 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक व राष्ट्रीय फेडरेशन कप 2021 में स्वर्ण पदक तथा इस वर्ष राष्ट्रीय पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2022 में कांस्य पदक व फेडरेशन कप में रजत पदक जीता था दोनों ही वर्ष के उपलब्धियों पर मेरिट के आधार पर सूरज का चयन इस वर्ष जुलाई में आयोजित होने वाली 19वीं विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप, मेलाका मलेशिया के लिए किया गया है। चैंपियनशिप से पूर्व भारतीय टीम के कैम्प में प्रशिक्षण के लिए 3 जुलाई को श्रीनगर, कश्मीर रवाना होंगे तत्पश्चात वहीं से विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए 24 जुलाई को मलेशिया रवाना होंगे । इस उपलब्धि पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा की गुरुजी श्री मोहम्मद इकबाल,डायरेक्टर जनरल इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन व गुरुजी श्री जसपाल सिंह कार्यकारी अध्यक्ष पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की प्रेरणा व मार्गदर्शन से तथा माता पिताजी के आशीर्वाद से पुनः मुझे भारतीय टीम से खेलने का अवसर प्राप्त हुआ है, इस विश्व चैम्पियनशिप में पूरे विश्व भर से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, इस बार और मेहनत करूंगा की देश के लिए पदक जीतकर लाऊ व देश-प्रदेश सहित अपने आजमगढ़ का नाम रोशन करूं। आजमगढ़ के खिलाड़ियों में अपार ऊर्जा है इन्हे प्रोत्साहित करने की आवश्कता है।
सूरज के चयन होने पर भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री व पेंचक सिलाट खेल संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष सहजानंद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय, परितोष राय,नितिन गौड़, संदीप सिंह सोनू, विद्याधर श्रीवास्तव, राजीव प्रताप सिंह गप्पू,प्रशिक्षक ज्ञानेंद्र चौहान, गणेश कुमार गोंड,दिनेश चौहान, शिवम तिवारी, शुभम तिवारी, विनय प्रजापति, संदीप भारद्वाज, अभिषेक यादव, गुलशन राजभर ने बधाई दिया व पदक जीतकर आने के लिए शुभकामनाएं दिया।

आजमगढ़: उदयपुर घटना के विरोध में किया अर्द्धनग्न हो प्रदर्शन

Posted: 30 Jun 2022 04:02 AM PDT


हिंदू जागरण मंच के अर्द्धनग्न कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

आजमगढ़: राजस्थान प्रांत के उदयपुर में हिंदू दर्जी की नृशंस हत्या करने और पीएम को धमकी देते हुए वीडियो वायरल करने को लेकर उपजा आक्रोश नही थम रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में गुरुवार को जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट चौराहे पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर और मुंह पर काली पट्टी बांध विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में विरोध स्वरूप पंक्तियां लिखी पट्टियों के साथ प्रदर्शन कारियों ने हत्यारों को फांसी की मांग से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी ने बताया कि जिस प्रकार से राजस्थान में यह जघन्य हत्या हुई है। समाज के लिए बहुत बड़ी घटना है। वहां की कांग्रेस की सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई तभी होगी, जब उनको बीच चौराहे पर गोली मार उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए। यदि राजस्थान सरकार यह नहीं कर पा रही है तो हिंदू जागरण मंच की टीम को बताए। जिले से निष्ठावान कार्यकर्ताओं की टीम वहां जाएगी और इस कार्रवाई को अंजाम देगी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं का मुंह बंद रखा जा रहा है। राजस्थान से लेकर बंगाल तक जहां भी कांग्रेस व अन्य दलों की सरकार है, वहां पर हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। इस बारे में कोई कुछ बोलने वाला नहीं है। इसी प्रकार रहा तो हिंदू समाज धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा। अगर यह घटना उत्तर प्रदेश में अंजाम दी गई होती तो अब तक हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचा दिया गया होता। विरोध प्रदर्शन करने वालों में विभागाध्यक्ष राधामोहन गोयल, जिलाध्यक्ष विपिन सिंह पालीवाल, आशीष उपाध्याय, सत्यम सिंह कौशिक, जगदीप जैसवार, सुनील कुमार, भोला यादव, विपिन यादव, अमित यादव, सन्नी पांडेय, प्रदीप यादव, नितेश सिंह, चंचल सिंह, आलोक यादव, नितेश गुप्ता आदि शामिल रहे।

आजमगढ़:कामर्शियल वाहनों के टैक्स न जमा करने पर लगा जुर्माना होगा माफ

Posted: 30 Jun 2022 02:59 AM PDT


संभागीय परिवहन विभाग ने योजना चलाई,1500 वाहन स्वामियों को मिलेगा लाभ


आजमगढ़: कामर्शियल वाहनों के बकाया टैक्स पर लगे जुर्माने के विवाद को सुलझाने के लिए संभागीय परिवहन विभाग ने योजना चलाई है। इसके तहत टैक्स पर लगे जुर्माने को पूरी तरह से माफ किया जाएगा। जिले के करीब 1,500 वाहन स्वामियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। 27 जून को प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू का पत्र आने के बाद विभाग वाहन स्वामियों को योजना का लाभ दिलाने में जुट गया है।
एआरटीओ प्रशासन सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि कामर्शियल वाहन के टैक्स पर जुर्माना की सूची में लगभग दो हजार है। इसमें छूट के दायरे में 1,500 वाहन आ रहे हैं। इसके लिए वाहन स्वामियों को कार्यालय में आकर आवेदन देना होगा। साथ ही इस छूट में एक लाख से कम बकाया वालों को एकमुश्त जमा करना होगा और इससे ऊपर वाहनों के लिए किस्त की व्यवस्था है। इसमें उनका जुर्माना पूरा माफ करते हुए पहली किस्त में 50 हजार रुपये और उसके बाद की धनराशि दो किस्त में जमा करनी होगी।
बताया कि सभी बकाया टैक्स वाले वाहन स्वामियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। कामर्शियल वाहनों के लिए टैक्स जमा करने की व्यवस्था अलग-अलग है। मसलन बसों का टैक्स हर महीने जमा होता है, चार पहिया टैक्सियों का तीन महीने में, तिपहिया वाहनों का वार्षिक कर जमा होता है। बार-बार टैक्स जमा होने के कारण इसमें नियमितता नहीं होती। इसके चलते कामर्शियल वाहनों पर टैक्स का बकाया ज्यादा हो जाता है। ऐसे में सभी मामलों में योजना का लाभ दिया जाएगा। वाहन स्वामी इस छूट का लाभ 27 सितंबर तक उठा सकेंगे। इसका लाभ एक अप्रैल 2020 तक के पंजीकृत वाहनों को ही मिलेगा।

 आजमगढ़: पुलिस ने ढाबों के किनारे खड़े भारी वाहनों के विरुद्ध चलाया अभियान

Posted: 30 Jun 2022 02:32 AM PDT


130 का चालान, 01 सीज व 09 वाहनों पर MV Act की कार्रवाई

शिथिल रहने पर रानी की सराय व गंभीरपुर थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब

आजमगढ़ : पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन पर जनपद में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चलाये जा रहे अभियान के क्रम में ढाबों के किनारे खड़े ट्रकों, भारी वाहनों से दुर्घटना होने की प्रबल संभावना रहती है। जिसके सम्बन्ध में ढ़ाबा मालिकों को नोटिस जारी किया गया।
ढाबे के किनारे खड़े वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था हेतु निर्देश जारी किए गए थे। जिसके क्रम में जनपद के समस्त थानाक्षेत्र के 113 ढाबों को चेक कर 104 ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किया गया, ढा़बे के किनारे के खड़े 130 वाहनों का E चालान, 1 वाहन को सीज किया गया तथा 09 के विरुद्ध MV Act की कार्यवाही की गई।
उपरोक्त अभियान में थाना प्रभारी रानी की सराय व थाना प्रभारी गम्भीरपुर द्वारा अपेक्षित कार्यवाही न किए जाने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

आजमगढ़: निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल कार दुर्घटना में घायल

Posted: 30 Jun 2022 02:01 AM PDT



फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे, निरहुआ ने की जल्द स्वास्थ्य लाभ होने की कामना

आजमगढ़: सदर से नवनिर्वाचित सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। विजय लाल यादव अपने साथियों के साथ लखनऊ से आजमगढ़ जा रहे थे। इस क्रम में बाराबंकी के पास उनकी फॉर्च्यूनर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। डिवाइडर भी टूट गया। पिछले दिनों हुए लोकसभा उप चुनाव में आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने में सफल हुए हैं। सांसद बनने के बाद उनके परिवार में यह गंभीर मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार काफी तेज गति में जा रही थी। इसी बीच ड्राइवर कार पर अपना संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार से जा रही कार डिवाइडर से टकराई और हवा में करीब 20 मीटर तक उपर उछल गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी के चारो चक्के ऊपर की तरफ हो गए थे। विजय लाल यादव की दुर्घटना की जानकारी के बाद उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके समर्थक ने फोन उठाया। उनके हॉस्पिटल में ले जाए जाने की जानकारी दी। विजय लाल यादव समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे समाजवादी पार्टी के सदस्य के रूप में इस बार आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव के दौरान प्रचार करते नजर आए थे। उन्होंने अपने भाई दिनेश लाल यादव निरहुआ की जगह सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव का समर्थन किया था। हालांकि, चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने धर्मेंद्र यादव को मात दे दी। आजमगढ़ से नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने ट्वीट कर बड़े भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी है। ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि बड़े भैया विजय लाल यादव की कार लखनऊ जाने के क्रम में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारे प्रतिनिधि ने भैया से बात कराया। उन्हें वेदांता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। प्रवेश लाल और कवि जी वहां पहुंच रहे हैं। हमलोग भी जल्द भैया के पास पहुंच जाएंगे। बाबा विश्वनाथ जल्द स्वास्थ्य लाभ दें।

आजमगढ़ : कंधरापुर में नहर की पुलिया के नीचे मिली सिरकटी लाश

Posted: 30 Jun 2022 01:49 AM PDT



मौके पर एसपी सहित कई थानों की फोर्स व फॉरेंसिक टीम पहुंची

मौके से बोरे में पुरुष व महिला के कपड़े सैंडल वगैरह बरामद

आजमगढ़: आज सुबह 8:30 बजे कंधरापुर थाना क्षेत्र के बस्ती उगर पट्टी गांव से बाहर नहर की पुलिया के नीचे एक सिर कटी लाश बरामद हुई। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी कंधरापुर, रानी की सराय, SOG टीम, फारेंसिक टीम व अपर पुलिस अधीक्षक नगर को भेजा गया। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा भी तत्काल मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। अज्ञात पुरुष का शव लगभग 20 से 30 वर्ष की उम्र के व्यक्ति का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर खून न होने का कारण यह प्रबल सम्भावना है कि घटना को कहीं और अंजाम दिया गया और शव को लाकर यहां पर फेंक से दिया गया। शव के पास एक बोरे में एक महिला के कुछ कपड़े व सैंडल व एक पुरुष के कपड़े मिले हैं। जिससे व्यक्तिगत सम्बन्धों की वजह से घटना होने की सम्भावना प्रतीत हो रही है, लेकिन पुलिस सभी एंगल्स पर विस्तृत जांच कर रही है। डेड बॉडी को शिनाख्त हेतु मोर्चरी में रखवाया गया है। शिनाख्त करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में 5 टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र शिनाख्त की कार्यवाही करते हुए घटना का अनावरण किया जाएगा।

पूर्वांचल: सप्‍ताह भर की देरी से पहुंचा मानसून, जम कर बरसे बादल

Posted: 29 Jun 2022 07:47 AM PDT


आसमानी बिजली की वजह से दर्जन भर से ज्यादा मौतें हुई हैं

पूर्वांचल: मानसूनी सक्रियता का दौर पूर्वांचल में दो दिनों से खूब झमाझम बरसात करा रहा है। मंगलवार की दोपहर बाद से सक्रिय हुए बादलों ने झूमकर बारिश कराई तो मंगलवार की रात से बुधवार शाम 05 बजे तक लगातार बूंदा बांदी होती रही। मानसूनी सक्रियता का दौर होने के बाद वातावरण में नमी का स्‍तर भी बढ़ा है। इस लिहाज से मानसूनी सक्रियता प्रदेश में बूंदाबांदी के साथ ही मौसमी बदलाव लेकर आया है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के साथ ही मानसूनी हालात सक्रिय हो गए हैं। इस समय पूर्वांचल में वाराणसी सहित सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, मीरजापुर, भदोही, जौनपुर और चंदौली में बादलों का कब्‍जा है।
मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार प्रतिवर्ष 20 जून को वाराणसी सहित पूर्वांचल में मानसूनी बादलों की सक्रियता शुरू हो जाती थी। मगर, इस बार मानसून करीब सात दिन की देरी से 28 जून को दोपहर बाद सोनभद्र से आगे वाराणसी तक पहुंचा और झमाझम बरसात समूचे पूर्वांचल में दर्ज की गई। हालात यह हो गए कि आसमानी बिजली की वजह से लगभग दर्जन भर लोगों की कई जिलों में मौत भी हो गई। अब मानसूनी सक्रियता शुरू होने के बाद मंगलवार की दोपहर के बाद से रह रहकर बरसात हो रही है। जबकि रात का तापमान भी गिर गया है।
बीते वर्ष 13 जून को ही मानसून समय से सात दिन पूर्व आ गया था। लखनऊ तक मानसून 13 जून तक आ गया था। लेकिन इस बार मानसून जौनपुर, अयोध्‍या, होते हुए उत्‍तराखंड और हिमाचल प्रदेश तक मानसून सक्रिय हो चुका है। अब समूचे पूर्वांचल में मानसूनी सक्रियता का दौर शुरू होने के बाद माना जा रहा है कि मानसून अब पूर्वांचल को राहत देगा। दूसरी ओर वातावरण में बादलों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्‍ताह बादलों की आवाजाही और बारिश की समूचे पूर्वांचल में आशंका जताई है।

आजमगढ़: बारिश में खुली व्यवस्थाओं की पोल, रोडवेज बसों से भींगते पहुंचे यात्री

Posted: 29 Jun 2022 07:40 AM PDT


वर्षा में यात्री टपक रही बसों में भींगकर सफर करने को विवश हैं


आजमगढ़ : रोडवेज बसों को 21 वीं सदी की सुविधाएं से जोड़ने के दावे किए जा रहे हैं, जबकि मानसून की वर्षा में यात्री टपक रही बसों में भींगकर सफर करने को विवश हैं। बुधवार को रोडवेज बस अड्डा पहुंचे कई यात्री बुझे मन से उतरते देखे गए। दरअसल, बहुतेरे यात्रियों के कपड़े गीले नजर आ रहे थे। बुधवार को बलिया से आजमगढ़ पहुंची एक बस के यात्री परेशान नजर आए। बलिया के रमेश सोनकर ने बताया कि रोडवेज बसों में जीपीएस लगाने की बात हो रही है। यहां पानी से टपकती बसें सड़कों पर दौड़ाई जा रही हैं। कहा कि बलिया से आजमगढ़ पहुंचने के दौरान कई बार झमाझम बारिश हुई। चालक की पीठ पर पानी टपकने से उसका ध्यान भटक रहा था। दिनेश राय ने कहा कि एक-दो नहीं छह स्थानों से पानी टपक रहा था। यात्रियों ने चालक से शिकायत की तो वह अपनी भीगी पीठ की ओर इशारा कर खामोश पड़ गया। परिचालक भी क्या करता चुप्पी साध गया, जिससे कोई विवाद न होने पाए। कमोबेश यही स्थिति मऊ, इलाहाबाद से आई कई रोडवेज बसों में नजर आई। सीट गीला होने से यात्री खड़े होकर यात्रा करना मुनासिब समझ रहे थे। अनुबंध वाली बसों की स्थिति तो और ज्यादा खराब है। चालक बताते हैं कि मालिक से शिकायत करने पर अनदेखी करते हैं। अधिकारियों को यात्रियों की फिक्र ही नहीं होती है। उनका काम रोडवेज बसों को रोकना, सरकार के खजाने को भरना होता है। टिकट चेक करने के साथ दुश्वारियां जान लेते तो कुछ भला होता, लेकिन वह केवल टिकट की जांच कर चले जाते हैं। एसडी राम, एआरएम, आजमगढ़ डिपो ने बताया कि बसों के ऊपरी हिस्से से पानी टपकने की शिकायतें मिल रही हैं। इसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

आजमगढ़: पेंचक सिलाट खेल के तकनीकी प्रशिक्षण शिविर शुरू

Posted: 29 Jun 2022 07:25 AM PDT



पूर्वांचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएं, यही लक्ष्य - सूरज प्रकाश


आजमगढ: पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ आज़मगढ़ द्वारा पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन टाइनी टाट्स स्कूल, रैदोपुर आजमगढ़ में लगाया गया है। जिसका शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय पेंचक सिलाट खिलाड़ी व पेंचक सिलाट खेल संघ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि इस 5 दिवसीय टेक्निकल ट्रेनिंग कैम्प के माध्यम से जनपद- आज़मगढ़, मऊ, जौनपुर, प्रतापगढ़,अम्बेडकर नगर ,आगरा, लखनऊ के खिलाड़ियों को आवासीय व्यवस्था देकर तकनीकी रूप से सभी मापदंडों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य है कि पूर्वांचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति ठीक ढंग से दर्ज कराएं और विजय हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करें ।प्रशिक्षक के रूप में उत्तर प्रदेश टीम के कोच ज्ञानेन्द्र चौहान मौजूद रहेंगे जो खेल की बारीकियों तथा विश्व चैंपियनशिप व एशियन गेम्स के नियमों के अनुसार प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। पेंचक सिलाट एशियन गेम्स,पुलिस गेम्स, विश्वविद्यालय खेलों, में भी शामिल हैं तथा केंद्र सरकार के सभी नौकरियों में इसके खिलाड़ी खेल कोटे से भर्ती हो रहें है, इस खेल में युवाओं को अपार संभावनाएं है।
प्रशिक्षण शिविर में दिनेश चौहान, शिवम तिवारी,गनेश कुमार गोंड, विनय कुमार प्रजापति, अभिषेक यादव सहित कई सर्टिफाइड कोच उपस्थित होकर विभिन्न जनपदों के लगभग 60 चयनीत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कराएगे।
इस अवसर पर पेंचक सिलाट खेल संघ आजमगढ़ के उपाध्यक्ष नितिन गौड़, परितोष राय, संदीप सिंह सोनू,विद्याधर श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव राजीव प्रताप सिंह गप्पू,बाल कल्याण समिति आजमगढ़ के अध्यक्ष रजनीश कुमार श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव,अभिषेक यादव, संदीप भारद्वाज, गुलशन भारद्वाज, श्रेया सिंह,सूरज यादव, विजय राय,अनुराग कुमार सहित दर्जनों खेल प्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित रहें।

Post Bottom Ad

Pages