आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, July 11, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: नशे में आरक्षी की पत्नी से की बदसलूकी, 03 सिपाही निलंबित

Posted: 11 Jul 2022 08:32 AM PDT


पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रात में टहलते समय हुई घटना

एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज, दो सिपाही हिरासत में

आजमगढ़: पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सोमवार को आरक्षी की पत्नी के साथ बदसलूकी के मामले में तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इसमें सिपाही विजेंद्र सिंह को बदसलूकी, जबकि सिपाही दिवाकर सिंह पर विजेंद्र सिंह का साथ देते हुए महिला के पति के साथ हाथापाई और मनीष मिश्रा को सबकुछ देखने के बाद भी खामोश रहने का आरोपित पाया गया है।
महिला के आरक्षी पति के मित्र अनुराग सिंह मौर्य की तहरीर पर सिपाही विजेंद्र सिंह व दिवाकर सिंह के खिलाफ कोतवाली में अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। आरोपितों के मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन के लक्षण भीं मिले है।
रविवार को देर रात डायल 112 में तैनात सिपाही की पत्नी पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में टहल रही थीं। आरोप है कि उसी समय सिपाही विजेंद्र सिंह नशे की हालत में महिला से बदसलूकी करने लगा। महिला ने तत्काल पड़ोसी व आरक्षी पति के मित्र आरक्षी अनुराग सिंह मौर्य को फोन कर बुलाया। वो जब मौके पर पंहुच विरोध किए ताे आरोपित मारपीट पर उतारू हो गए। बात पुलिस अधीक्षक तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। सिपाही अनुराग सिंह मौर्य की तहरीर पर सिपाही विजेन्द्र सिंह व दिवाकर सिंह के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि आराेपित सिपाहियों के मेडिकल में शराब सेवन की पुष्टि हुई है। एक को घटना में संलिप्त नहीं पाया गया है। शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर बाकी दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़: बरामदे में बैठी महिला को बदमाशों ने मारी गोली

Posted: 11 Jul 2022 07:36 AM PDT


देवगांव थाना क्षेत्र के सोठौली गोसाईंगंज की घटना

पुरानी रंजिश में पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं

आजमगढ़ : सोठौली गोसाईंगंज में सोमवार को चैनल गेट के अंदर बरामदे में बैठी महिला को पैदल पहुंचे बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली महिला के बाएं कान को भेदती हुई निकल गई। महिला का छोटा बेटा नितेश बड़ी मां के घर से ठंडा पानी लेकर भोजन करने के लिए घर में पहुंचा तो खून से लथपथ मां धारा देवी को देखकर चीखने चिल्लाने लगा। महिला को सीएचसी लालगंज पहुंचाया गया, जहां से डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। महिला के पति अशोक गिरी की हत्या आठ अक्टूबर 2014 को हो चुकी है। विरोधी रहे दिलीप गिरी की हत्या नौ दिसंबर 2020 को हुई थी, जिसमें घायल महिला के स्वजन को नामजद किया गया था। इसमें पुलिस ने उनके घर पर बुलडोजर भी चलाया था। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चार लोग घटना में शामिल हैं।

आजमगढ़: पशु तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने का किया प्रयास

Posted: 11 Jul 2022 07:21 AM PDT


पीछा करने पर पथराव किया, कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई


पिकअप पर दो पशुओं संग चालक गिरफ्तार ,अन्य फरार हुए

आजमगढ़: देवगांव क्षेत्र के शेखपुर बछौली बैरियर पर रविवार की देर रात पुलिस कर्मियों द्वारा पशु लदा पिकअप रोकने पर तस्कर हमलावर हो गए। वाहन से पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। पीछा करने पर पथराव किया, जिससे कई पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें भी आईं। पुलिस ने पिकअप पर लदे दो पशुओं संग पिकअप चालक को गिरफ्तार किया है।
उपनिरीक्षक उमेशचंद्र यादव ग्राम शेखपुर बछौली बैरियर पर रात्रि में चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मेहनाजपुर की ओर से आने वाले एक पिकअप को रुकने का इशारा किया। चालक गाड़ी को तेज करते हुए जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। जवान किसी तरह से इधर-उधर हटकर बच गए। चालक निहोरगंज की तरफ गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर पिकअप के ढाला पर खड़े तीन तस्कर ईंट-पत्थर चलाने लगे, जिससे कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई। कुछ दूरी पर तस्कर गाड़ी खड़ी कर भागने लगे। सिपाहियों ने चालक ओंकार चौहान निवासी जाफरपुर, थाना मेंहनगर को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप पर लदे दो पशुओं को बरामद कर लिया। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुट गई है।

आजमगढ़: पट्टे के विवाद में मारपीट कर व्यक्ति को पोखरी में फेंका, मौत

Posted: 11 Jul 2022 05:57 AM PDT


गंभीरपुर थाना क्षेत्र की घटना,पत्नी की तहरीर पर 03 नामजद व 03 अज्ञात पर एफआईआर

आजमगढ़: गंभीरपुर थाना क्षेत्र के असाउरटीकर गांव में रविवार की आधी रात में पोखरी के पट्टे के विवाद में लाठी-डंडे से हमला कर घायल करने के बाद एक व्यक्ति को पोखरी में फेंक दिया गया। आसपास के लोगों ने उसे निकालकर लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मर्चरी हाउस पहुंची पत्नी ने विपक्षी पर जान से मारने का आरोप लगाया। असाउरटीकर (गंभीरपुर) निवासी रामअवतार मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाते थे। मृतक की पत्नी अनरमा देवी ने बताया कि ग्राम सभा की पोखरी का पहले हमारे देवर विनोद ने मत्स्य पालन के लिए पट्टा करवाया था। वर्ष 2018 में पट्टा की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन उस समय वर्षा के कारण मछलियों को निकाला नहीं जा सका था।
इस बीच पता चला कि दूसरा कोई व्यक्ति पट्टा लेने का प्रयास कर रहा है, तो एसडीएम लालगंज को प्रार्थना पत्र दिया गया। एसडीएम ने ग्राम प्रधान अवधेश सरोज को निर्देशित किया कि जब तक पट्टा नहीं हो जाता तब तक उसकी देखरेख की जिम्मेदारी प्रधान खुद संभालेंगे। उसके बाद प्रधान ने हम दोनों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रतिदिन की तरह रविवार की रात पति-पत्नी पोखरी की निगरानी के लिए गए थे और वहीं सोए थे। उसी दौरान रात 12 बजे विपक्षी अपने कुछ साथियों के साथ आया और अपशब्द कहने लगा, जिसका विरोध किया तो सभी मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और घायल पति को पोखरी में फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर घर के लोग आए और पति को पोखरे से बाहर निकालकर लालगंज सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गंभीरपुर थानाध्यक्ष रामप्रसाद बिंद ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

आजमगढ़: मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी का पुनर्प्राप्त जन्म दिवस मनाएगा व्यापारी समाज

Posted: 11 Jul 2022 04:48 AM PDT


सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार समाज द्वारा 12 जुलाई को भव्य भंडारे का है आयोजन

नंदी जी वैश्य समाज व व्यापारी वर्ग को एक साथ ले कर चलते हैं - अभिषेक जायसवाल दीनू

आजमगढ़: समाजसेवी अभिषेक जायसवाल दीनू ने सोमवार को पुरानी कोतवाली स्थित अग्रवाल धर्मशाला में पत्र प्रतिनिधियों से कहाकि वैश्य समाज एवं व्यापारी वर्ग के शिरोमणि व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी के ऊपर 12 जुलाई 2010 में प्राण घातक हमला हुआ था। जिसमें ईश्वर की कृपा से उन्हे पुनः जीवन जीने और समाज सेवा करने का अवसर मिला। इसी दिन के अवसर पर सर्राफा एसोसिएशन, स्वर्णकार समाज द्वारा उनका पुनर्प्राप्त जन्म दिवस पुरानी कोतवाली स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में 12 जुलाई को मनाया जायेगा। सुबह श्रृंगार एवं शाम को भव्य भंडारे का आयोजन होगा।
श्री जायसवाल ने कहाकि कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने प्रदेश में वैश्य समाज, व्यापारी वर्ग के हित में कार्य किए और करते आ रहे है। 12 जुलाई की घटना काफी दुखद थी, लेकिन ईश्वर ने उन्हे बचा लिया। वैश्य समाज व व्यापारी वर्ग को जोड़ने व उनको एक साथ लेकर चलने का नंदी जी ने काम किया। श्री जायसवाल ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहाकि 12 जुलाई को सूर्य कुमार सिंह उद्यान में स्थापित शिव मंदिर में होने वाले श्रृंगार कार्यक्रम व भण्डारे में बढ़ चढ़कर भाग लें।
इस मौके पर अशोक अग्रवाल, सुनील विश्वकर्मा, संदीप सिंह स्वर्णकार, श्रीनाथ सेठ, शर्मानुज सेठ, राजू सेठ, सुशील सेठ, विकास सेठ, अरविन्द, विकास जायसवाल, अमित सेठ, प्रकाश मोदनवाल आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़: ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत, पति घायल

Posted: 11 Jul 2022 04:29 AM PDT


त्योहार पर पति के साथ माता-पिता से मिलने जा रही थी महिला

भाग रहे ट्रैक्टर चालक को लोगों ने पकड़कर पीटा,पुलिस को सौंपा

आजमगढ़: त्रिमूर्ति बाजार के समीप बवाली मोड़ पर सोमवार की दोपहर ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। उधर, घटना के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर जमकर धुनाई करने के बाद ट्रैक्टर सहित उसे पुलिस के हवाले कर दिया। कप्तानगंज के नेवादा गांव निवासी शमीमुल्लाह ने एक वर्ष पूर्व अपनी पुत्री गुलिस्ता की शादी अमिलो के मुस्तकीम से की थी। घर पर बकरीद को लेकर खुशियां छाई थीं। सोमवार को गुलिस्ता त्योहार की खुशियां बांटने के लिए अपने माता-पिता से मिलने के लिए पति के साथ बाइक से नेवादा जा रही थी कि त्रिमूर्ति बाजार के समीप बवाली मोड़ पर सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोग दोनों को जिला अस्पताल ले जाने की सोच रहे थे कि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, घायल पति को मुबारकपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मुबारकपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

आजमगढ़: मानदेय में कटौती पर भड़के चीनी मिल की असवानी इकाई के कर्मी

Posted: 11 Jul 2022 04:17 AM PDT


असवानी इकाई के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया

आजमगढ़: सठियांव चीनी मिल की असवानी इकाई के कर्मचारी सोमवार को मानदेय में कटौती को लेकर नाराज हो गए। मिल परिसर स्थित असवानी इकाई के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया और करार के अनुसार मानदेय भुगतान की मांग की। असवानी इकाई में सवा सौ कर्मचारियों को तैनात किया गया है। तैनाती के समय मानदेय को लेकर जो करार हुआ था उसका पालन नहीं किया गया। खाते में भुगतान आया, तो कर्मचारी दंग रह गए। उसके बाद असवानी इकाई के गेट पर जमकर बवाल काटा।
इस इकाई का संचालन करने के लिए सिसोदिया ग्रुप को जिम्मेदारी दी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि दो माह पहले उन्हें काम पर रखा गया, तो 12 घंटे का 12 हजार महीना के हिसाब से मानदेय देने की बात कही गई थी, लेकिन खाते में 56 सौ रुपये के हिसाब से मानदेय भेजा गया है। लगभग डेढ़ घंटे प्रर्दशन करने के बाद सिसोदिया ग्रुप के सुपरवाइजर सुनील सिंह व निशांत त्यागी ने पहुंचकर समस्याओं को सुना और समझा- बुझाकर धरना-प्रदर्शन समाप्त कराया। सिसोदिया ग्रुप के डिस्टलरी मैनेजर अतुल सिंह ने कहा कि पीएफ व ईएसआइ का पैसा रोका गया है। इन लोगों के मानदेय में कटौती नहीं की गई है। राधेश्याम गोंड, रामप्रवेश, अरुण साहनी, संदीप विश्वकर्मा, दुर्गेश चौरसिया, बब्लू आदि रहे।

आजमगढ़: पति ने सो रही पत्नी के सिर पर फावड़े से वार कर ली जान,हुआ फरार

Posted: 11 Jul 2022 03:59 AM PDT



कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खलीफतपुर गांव का मामला, पुत्र ने पिता के खिलाफ दी तहरीर

आजमगढ़ : जिले के खलीफतपुर गांव में पति ने बीती रात सो रही पत्नी के सिर पर फावड़े से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल महिला की मौत हो गई। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। पुत्र ने मां की हत्या में अपने पिता के खिलाफ ही नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फरार है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खलीफतपुर गांव निवासी मीला देवी (45) चार बच्चों की मां थी। वह रविवार रात अपने कमरे में सो रही थी। देर रात उसके पति रामविलास ने अचानक से फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। सोमवार सुबह अलसुबह बच्चों ने मां को लहुलुहान हालत में देखा तो किसी तरह इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।वाराणसी पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। बच्चे किसी तरह अपनी मां को एंबुलेंस से लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुए। अभी वे रास्ते में ही थे कि मीला की मौत हो गई। इसके बाद बच्चे मां के शव को लेकर वापस घर लौट आए और सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची कप्तानगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से हत्यारा पति फरार है। मृतका दो पुत्र और दो पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े पुत्र राकेश ने घटना के बाबत अपने पिता के खिलाफ ही थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वारदात को किस कारण से अंजाम दिया गया ये अभी साफ नहीं है।

आजमगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन का कंटीला तार बना काल, युवक की मौत

Posted: 11 Jul 2022 03:47 AM PDT


अनियंत्रित बाइक सर्विस लेन के किनारे लगे कंटीले तार में फंस गई थी

आजमगढ़: पवई क्षेत्र के खंडौरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस लेन के किनारे लगा कंटीला तार बाइक सवार युवक की जान पर भारी पड़ गया। अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर के ग्राम पेठिया निवासी विजय राजभर रविवार की शाम घर से किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। घर से लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करके जिले के खंडौरा (पवई ) गांव के पास पंहुचे कि बाइक अनियंत्रित होकर सर्विस लेन के किनारे लगाए गए कंटीले तार में फंस गई। आसपास से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी, तो पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी मित्तूपुर शिवकुमार कुशवाहा अपने सहयोगियों के साथ स्थानीय लोगों की मदद से किसी प्रकार से कंटीले तार में फंसी बाइक और युवक को बाहर निकालने के बाद स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत विजय को मृत घोषित कर दिया।

आजमगढ़ : जिले में हत्‍या कर भागा था सउदी अरब, दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Posted: 11 Jul 2022 02:55 AM PDT


इंटरपोल से रेडकार्नर नोटिस जारी थी, यूपी एसटीएफ ने पकड़ा

दो मोबाइल, छह हजार नकदी, सऊदी का 850 रियाल बरामद

आजमगढ़: जिले का एक शातिर अपराधी जौनपुर में फर्जी नाम और पते के सहारे पासपोर्ट बनवाकर विदेश फरार हो गया। इस मामले में पुलिस की सक्रियता की वजह से आरोपित के खिलाफ इंटरपोल से रेडकार्नर नोटिस तक जारी हो चुका था। आखिरकार पुलिस के हत्‍थे आरोपित नई दिल्‍ली में आइजीआइ एयरपोर्ट पर चढ़ गया। दरअसल वह काठमांडू से नई दिल्‍ली पहुंचा था कि यूपी एसटीएफ की टीम को जानकारी हुई और आनन फानन एयरपोर्ट पर ही आरोपित की गिरफ्तारी कर ली गई। इसके बाद टीम उसे पूछताछ के लिए लेकर रवाना हो गई।
यूपी एसटीएफ ने आजमगढ़ जिले में लूट और हत्या के मामले में वांछित आरोपित को रविवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ इंटरपोल से रेड कार्नर नाेटिस जारी किया गया था। वह आठ साल पहले वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फर्जी पासपोर्ट के सहारे फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया माजिद देवगांव कोतवाली के कटौली कला का निवासी है। पुलिस अब उससे पूछताछ करने के साथ ही पुरानी वारदात की फाइलों से भी धूल साफ कर रही है।
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एसटीएफ ने दो मोबाइल, छह हजार नकदी, सऊदी का 850 रियाल बरामद किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एएसपी राज कुमार मिश्रा, सीओ देवेंद्र कुमार की टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी। रविवार को सूचना प्राप्त हुई कि माजिद काठमांडू से इंदिरा गांधी एयरपाेर्ट पर आने वाला है। उसके बाद वहां पहुंचकर टीम ने उसे दबाेच लिया।
पूछताछ में माजिद ने बताया कि 20 अक्टूबर 2013 काे अपने साथी नदीम उर्फ गुडडू निवासी बैरीडीह के साथ मिलकर तारिक की गाेली मारकर हत्या करके उसकी माेटरसाइकिल लूट ली थी। फरारी के दौरान वर्ष 2016 में जाैनपुर से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर सऊदी चला गया था। बताया कि आज काठमांडू से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट आया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के स्तर से पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

आजमगढ़: सीट नहीं मिलने पर भी मैने कोई भी भेदभाव नहीं किया - योगी आदित्यनाथ

Posted: 10 Jul 2022 07:54 AM PDT


आजमगढ़ के संपूर्ण विकास के लिए मैं संकल्पित हूं - मुख्यमंत्री

उपचुनाव की जीत पर सीएम ने जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया

आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आवास पर बुलाकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजमगढ़ संगठन के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से आजमगढ़ में ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है मैं अपने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहाकि जब आजमगढ़ में सीट नहीं मिली थी लोग चर्चा करते थे आजमगढ़ में कोई सीट नहीं मिली क्या विकास करेंगे। लेकिन मैंने कभी भी किसी जनपद के साथ भेदभाव नहीं किया है और उसका जीता जागता उदाहरण मैंने आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय देकर के आजमगढ़ की जनता को सीधे उत्तर प्रदेश की सरकार के साथ जोड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक महीने के अंदर आजमगढ़ में आऊंगा और अपने सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठ कर के अधिकारियों के साथ बैठ कर पूरे आजमगढ़ के विकास की रचना तैयार करूंगा और विकास की घोषणाएं करूंगा।आजमगढ़ के संपूर्ण विकास के लिए मैं संकल्पित हूं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एक मंत्र दिया भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एकमत और एकजुट होकर के कंधे से कंधा मिलाकर के जो ऐतिहासिक विजय दिलाएं हैं इस ऐतिहासिक विजय को लंबे समय तक बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि अब आजमगढ़ में 25 साल तक भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय तक लोकसभा का दोनों चुनाव जीतेगी और आने वाले समय में विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी अधिक से अधिक सीट जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ हर संभव मदद कराने का आश्वासन दिया।उन्होंने ऐसा कोई बूथ नहीं है जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र की सरकार की योजना लाभार्थी के घर तक नहीं पहुंची हों। हमारे मुसलमानो तक भी सरकार की हर योजना का लाभ अच्छी तरह पहुंचा है। हमारे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता गांव गांव पर जाकर के लोगों से संपर्क करें और सरकार की योजना बताएं।जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी मुख्यमंत्री ने चुनाव जीतने के बाद अपने आवास पर कार्यकर्ताओं को बुलाकर उनको सम्मानित किया, आशीर्वाद दिया भोजन कराकर कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बढ़ाया। हम ऐसे यशस्वी शक्तिशाली मुख्यमंत्री का भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष होने के नाते सभी सम्मानित कार्यकर्ताओं की तरफ से आजमगढ़ के सभी लोगों की तरफ से हृदय से धन्यवाद करता हूं । इस अवसर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा धर्मेंद्र सिंह, नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, विधानसभा का चुनाव लड़े अखिलेश मिश्र गुड्डू, अरविंद जायसवाल मंजू सरोज सत्येंद्र राय, वंदना सिंह व पूर्व जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह, हरेंद्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, प्रेम नारायण पाण्डेय और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

आजमगढ़: सरायमीर में राइफलधारी को देख ठिठके एसपी के कदम

Posted: 10 Jul 2022 07:43 AM PDT


बकरीद की नमाज के दौरान निरीक्षण को निकले थे एसपी

छत पर राइफल के साथ खड़े व्यक्ति को देख रुक कर पूछा कारण

आजमगढ़: बकरीद की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले एसपी अनुराग आर्य के कदम उस समय ठिठक गए जब उनकी नजर छत पर खड़े राइफल धारी पर पड़ी। सरायमीर के खरेवा मोड़ स्थित मदरसा बैतुलउलूम के पास फोर्स के साथ एसपी आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान उनकी नजर राइफल लिए एक व्यक्ति पर पड़ी। राइफल देखते ही उन्होंने उससे पूछा कि लाइसेंस किसके नाम से है, तो उसने अपना परिचय पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबलू यादव निवासी भरौली के रूप में दिया। बबलू ने बताया कि जिस मकान की छत पर खड़ा था उस पर कुछ लोग विवाद करते हैं। पिता ने वर्ष 1984 में सात बिस्वा जमीन बैनामा कराया था। एक पक्ष के लोग मकान नहीं बनने दे रहे थे। बड़ी मशक्कत के बाद मकान बना। अब मकान खाली कराने के लिए कई बार हमें जान से मारने की जेल से धमकी दी गई। जमीन छोड़ दो वरना खत्म कर दिए जाओगे। इसका मुकदमा भी दर्ज है। एसपी ने फोन करने वाले का नाम जाना और कहा कि उस अपराधी से पूछताछ होनी चाहिए थी। इस पर बबलू ने बताया कि आपके यहां भी सुरक्षा की गुहार लगा चुका हूं। इस पर उन्होंने एसपी ने उसको भरोसा दिलाया कि अब इस तरह का फोन आता है तो हमें तत्काल अवगत कराएं। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़: नमाज के बाद दी गई कुर्बानी, फिर चला बधाइयों व दावतों का दौर

Posted: 10 Jul 2022 07:28 AM PDT




ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहे

नमाज स्थलों के बाहर लगा मेला, बच्चों ने की खरीदारी

आजमगढ़: कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा को लेकर पूरे जिले में सुबह से ही लोगों में उत्साह दिखा। नमाज के बाद लोगों ने अमन-चैन की दुआ मांगी। उसके बाद घरों में पशुओं को नहलाकर कुर्बानी की रस्म पूरी की। इसके बाद मिलने-जुलने और दावतों का सिलसिला शुरू हो गया। ईदगाहों व प्रमुख मस्जिदों के आसपास खिलौना-गुब्बारा बेचने वाले भी घूमते नजर आए। सुरक्षा के लिहाज से खुद पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने भी नगर के अलावा रानी की सराय, निजामाबाद, सरायमीर और मुबारकपुर क्षेत्र का भ्रमण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर खासा उत्साह देखा गया। एहतियात के तौर पर नमाज स्थलों के आसपास फोर्स तैनात रही और अधिकारी भ्रमण करते रहे। कुर्बानी के बाद लोगों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हुआ तो देर रात तक चलता रहा। शाकाहारी मित्रों के लिए तमाम लोगों ने अलग से व्यवस्था की थी। ऐसे लोगों को कहीं पनीर की सब्जी, तो कहीं सेवईं, मिष्ठान और फल परोसे गए। सरायमीर क्षेत्र में मुस्लिम बंधुओं ने दो साल बाद रविवार को ईदगाहों में बकरीद की नमाज पढ़ी। सुबह स्नान के बाद नए कपड़े पहने, इत्र लगाकर अल्लाह का शुक्र अदा करते हुए घरों से ईदगाह की ओर निकल पड़े। सरायमीर ईदगाह में मुफ्ती मोहम्मद अरशद फारूकी ने अपने बयान में कहा सभी लोग अपने बच्चों को बुनियादी दीनी तालिम पर तवज्जो दें। बच्चों के इस्लामी तालीम की फिक्र करें । देवगांव में मस्जिदों में नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरु हो गया। पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा। माहुल में पवई रोड स्थित ईदगाह में नमाज के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी लालता प्रसाद साहू, थानाध्यक्ष अहरौला राजेंद्र प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।बिलरियागंज के पुराना चौक स्थित ईदगाह में मोहियुद्दीन गाजी ने नमाज पढाई। इसके बाद मुस्लिम बंधुओं ने गले मिलकर बधाई दी। मेंहनगर में लखरांव पोखरे के पूर्वी छोर पर स्थित ईदगाह में मौलाना अरसद ने नमाज पढ़ाई। उसके बाद लोगों ने एक- दूसरे को बधाई दी।

आजमगढ़: बकरीद की नमाज के बाद हर्ष फायरिंग से अफरातफरी

Posted: 10 Jul 2022 07:16 AM PDT


गंभीरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाइसेंसी असलहा जब्त किया

आजमगढ़: जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चिवटही गांव में रविवार को ईद उल अजहा (बकरीद) की नमाज के बाद एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर दी। गोली की आवाज से मौके पर अफरातफरी मच गई। मस्जिद के बाहर तैनात पुलिसकर्मी दौड़ पड़े। पुलिस ने फायरिंग की सूचना उच्चाधिकारी को देते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चिवटही गांव स्थित मस्जिद में रविवार सुबह बकरीद की नमाज अदा की जा रही थी। नमाज के बाद लोग बाहर निकल रहे थे। इसी समय स्थानीय निवासी गालिब पुत्र लाल मोहम्मद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दिया। संयोग ठीक रहा कि किसी को गोली नहीं लगी। वहीं गोली चलने से मस्जिद के बाहर अफरातफरी मच गई। मस्जिद के बाहर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी तो वह भागकर मौके की दौड़ पड़े। चौकी इंचार्ज राम निहाल ने इसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। उच्चाधिकारी के निर्देश पर गालिब को तत्काल असलहा समेत हिरासत में ले लिया गया। सूचना मिलते ही सीओ सदर सौम्या सिंह, गंभीरपुर थाना प्रभारी राम प्रसाद बिंद भी घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्यवाही होगी।

Post Bottom Ad

Pages