सुल्तानपुर टाइम्स |
- अमृत महोत्सव के अन्तर्गत ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु स्वयं सहायता समूह के सदस्यों द्वारा निर्मित झण्डों का डीएम व एसपी द्वारा प्रतीकात्मक क्रय कर किया गया शुभारम्भ
- डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनी जन समस्याएं
- यूपी में नए बिजली टैरिफ की दरें घोषित
- यूपी बोर्ड के इन छात्र-छात्राओं को मिलेगी दस हजार रुपये की स्कॉलरशिप
- प्रयागराज में दरोगा ने प्रेमिका के साथ खाई नींद की गोलियां
- बार के बाहर नशे में धुत युवतियों ने किया हंगामा
- हाथरस में बेकाबू डंपर ने कांवड़ियों को रौंदा, 5 की मौत
- ट्रामा सेंटर का 12 दिन में 3 बार हुआ औचक निरीक्षण,डीएम के औचक निरीक्षण में चिकित्सक अनुपस्थित
- प्रेमिका से मिलने गए युवक की रस्सी से बांधकर पिटाई
- घटते व्यूवर्स के कारण यूट्यूबर ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग
- व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर बनाया बंधक
- ओम प्रकाश राजभर को मिली वाई श्रेणी सुरक्षा
- यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी
- गूंगी व बहरी युवती को हबस का शिकार बनाने के दोषी को 14 साल की जेल
| Posted: 23 Jul 2022 05:27 AM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने शनिवार को वि0ख0 कादीपुर के सभागार में व पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा की उपस्थिति में ''हर घर तिरंगा'' कार्यक्रम अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों सदस्यों द्वारा निर्मित झण्डों का प्रतीकात्मक विक्रय का शुभारम्भ किया गया। विकास खण्ड कादीपुर में झण्डा निर्माण का कार्य गौरी शंकर प्रेरणा महिला संकुल समिति से जुड़ी समूह सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में आज समूह सदस्य इन्दू देवी ग्राम मिठनेपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक को प्रथम झण्डे का विक्रय कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया। तत्पश्चात समूह सदस्य मुनीता देवी द्वारा पूर्व ब्लाक व खण्ड विकास अधिकारी को 1-1 झण्डा का विक्रय किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित ग्राम प्रधानों द्वारा समूह सदस्य प्रमिला देवी तथा सुनीता देवी से झण्डे का क्रय किया गया तथा आश्वस्त किया गया कि उनके द्वारा ग्राम पंचायत के प्रत्येक घर में लगने वाला झण्डा समूह सदस्यों से क्रय किया जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा सभी को ''हर घर तिरंगा'' कार्यक्रम हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग स्वतः रोजगार जीतेन्द्र कुमार मिश्र, जिला मिशन प्रबन्धक नीरज कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित रहे। |
| डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनी जन समस्याएं Posted: 23 Jul 2022 05:24 AM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने आज चतुर्थ शनिवार को थाना मोतिगरपुर व कादीपुर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर जन समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्रों के क्रम में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस के अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौका मुवायना कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने अवैध रूप से सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा द्वारा थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों को अविलम्ब सम्बन्धित रजिस्टर पर अंकित कर कृत कार्यवाही हेतु सम्बन्धित थानाध्यक्ष को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण क्षेत्र से आने वाली जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा उनसे अच्छा व्यवहार बरतें। इस अवसर पर राजस्व अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस कर्मी, राजस्व कर्मी सहित फरियादीगण उपस्थित रहे। |
| यूपी में नए बिजली टैरिफ की दरें घोषित Posted: 23 Jul 2022 05:11 AM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2022-23 के बिजली के नए टैरिफ दरों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष के लिए बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है साथ ही सात रुपये प्रति यूनिट का स्लैब समाप्त कर दिया गया है। अब 300 यूनिट से ज्यादा उपभोग होने पर 6.5 रुपये प्रति यूनिट की दर से ही बिल देना होगा।प्रदेश में अब शहरी विद्युत उपभोक्ताओं को जीरो से 100 यूनिट तक 5.50 रुपये प्रति यूनिट, 101 से 150 यूनिट तक के लिए प्रति यूनिट 5.50 रुपये प्रति यूनिट, 151 से 300 यूनिट तक प्रति यूनिट 6.00 रुपये और 300 यूनिट के ऊपर 6.50 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब बिल देना होगा। जबकि शहरों में घरेलू बीपीएल परिवारों को 100 यूनिट तक प्रति यूनिट 3.00 रुपये के हिसाब से बिजली दी जाएगी।इसी तरह, ग्रामीण घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को जीरो से 100 यूनिट तक 3.35 रुपये प्रति यूनिट, 101-150 यूनिट तक 3.85 रुपये प्रति यूनिट, 151 से 300 यूनिट तक 5.00 रुपये प्रति यूनिट और 300 से ऊपर यूनिट होने पर 5.50 रुपये प्रति यूनिट देना होगा। जबकि, ग्रामीण घरेलू बीपीएल परिवारों को 100 यूनिट तक तीन रुपये में बिजली दी जाएगी। |
| यूपी बोर्ड के इन छात्र-छात्राओं को मिलेगी दस हजार रुपये की स्कॉलरशिप Posted: 23 Jul 2022 05:10 AM PDT लखनऊ यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में पास होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। दरअसल यूपी बोर्ड के स्टूडेंट्स को केंद्र सरकार की तरफ से स्नातक स्तर पर हर साल दस हजार रुपये की छात्रवृति यानी स्कॉलरशिप मिलती है। यूपी बोर्ड का रिजल्ट शुक्रवार को ही जारी हुआ है और इंटरमीडिएट परीक्षा में पास हुए 11460 मेधावी स्टूडेंट्स को ये स्कॉलरशिप दी जाएगी। यूपी बोर्ड की तरफ से सांइस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों के लिए कट ऑफ जारी हुआ है। साइंस का कट ऑफ 347 नंबर, कॉमर्स का कट ऑफ 341 नंबर और आर्ट्स का कट ऑफ 321 नंबर है। केंद्र सरकार की स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले की पारिवारिक आय 8 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। जिन परिवारों की वार्षिक आय 8 लाख से ज्यादा और वो कट ऑफ क्लीयर कर चुके हैं फिर भी वो आवेदन नहीं कर सकते। शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई है। नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया 20 जुलाई से 31 अक्टूबर तक की जा सकती है। स्कॉलरशिप के लिए स्टूडेंट को अपना आधार नंबर अपने अकाउंट से लिंक करवाना होगा। जो स्टूडेंट आगे की पढ़ाई के लिए रेगुलर कोर्स में दाखिला लेना चाहते हैं वो इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। |
| प्रयागराज में दरोगा ने प्रेमिका के साथ खाई नींद की गोलियां Posted: 22 Jul 2022 10:17 PM PDT
प्रयागराज के शिवकुटी थाने में तैनात एक दरोगा और उसकी प्रेमिका ने जान देने की कोशिश की। दोनों ने भारी मात्रा में नींद की गोलियां निगल लीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। दोनों ने शादी की बात को लेकर आपस में हुए झगड़े के बाद यह कदम उठाया। मामले में शिवकुटी पुलिस कुछ बोलने से इंकार कर रही है।दरोगा मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला है और पूर्व में उसकी तैनाती बहराइच में थी। हाल ही में वह विभागीय परीक्षा पास कर सिपाही से दरोगा बना है। सूत्रों के मुताबिक, बहराइच में बतौर सिपाही तैनाती के दौरान ही उसकी एक महिला से नजदीकी संबंध हो गए। महिला के पति की मौत हो चुकी है और उसके 3 बच्चे भी हैं। दरोगा के पद पर नियुक्ति के बाद दरोगा प्रशिक्षण के लिए शहर चला आया और महिला से बातचीत कम कर दी। कुछ समय पहले महिला ने शादी करने की बात कही तो दरोगा ने इंकार कर दिया। 12 जुलाई को महिला दरोगा के शिवकुटी क्षेत्र स्थित किराये के कमरे में पहुंच गई। यहां शादी की ही बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और तैश में आकर पहले महिला ने नींद की गोलियां निगल लीं। जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह देख दरोगा ने भी नींद की गोलियां निगल लीं।इसकी सूचना थाने में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को हुई तो हड़कंप मच गया। आननफानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद उन्हें सुबह घर भेज दिया गया। शाम को महिला शिवकुटी थाने भी पहुंची और पुलिसकर्मियों से कहती रही कि वह उसकी दरोगा से शादी करा दें।हालांकि बाद में दोनों आपस में बात करके थाने से चले गए। |
| बार के बाहर नशे में धुत युवतियों ने किया हंगामा Posted: 22 Jul 2022 09:13 PM PDT लखनऊ के अनप्लग्ड कैफे के बाहर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कैफे के बाहर युवक-युवती के बीच मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो गुरुवार देर रात का है। सूत्र बताते हैं कि दोनों युवतियां नशे में धुत होकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि लड़की और लड़का कैफे में पार्टी करने पहुंचे थे। दोनों शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। इसी बीच किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। कैफे के बाहर रिकॉर्ड की गई वीडियो में दिख रहा है कि कैसे लड़की उस लड़के को पीट रही है।वहीं पास खड़ी एक लड़की उसे रोकने की कोशिश भी कर रही है। लेकिन गुस्साई लड़की रुक नहीं रही और वहीं सैंडल निकाल कर उस शख्स को पीट रही है। विभूतिखंड पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत नहीं मिली है। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामला गुरुवार देर रात का है।वीडियो वायरल होने के बाद संज्ञान लिया गया है। घटना के समय पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिली थी। बिल्डिंग के CCTV फुटेज व वायरल वीडियो के आधार पर युवक-युवतियों की तलाश की जा रही है। बार के बाउंसरों से पूछताछ की गई है। वीडियो में युवक व युवतियां नशे में दिखाई दे रहे हैं। |
| हाथरस में बेकाबू डंपर ने कांवड़ियों को रौंदा, 5 की मौत Posted: 22 Jul 2022 09:08 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश के हाथरस के पास एक बेकाबू डंपर ने कांवड़ियों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में 5 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई है। कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्वालियर जा रहे थे। घटना में 2 लोग गम्भीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए आगरा ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि ये कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जा रहे थे। हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र के हाथरस-आगरा मार्ग पर बढ़ार चौराहे के पास यह दुर्घटना हुई। शुक्रवार और शनिवार की रात करीब ढाई बजे एक बेकाबू तेज रफ्तार डंपर ने कांवड़ियों के जत्थे को रौंद दिया। इस हादसे में 5 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सबसे पहले नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद आगरा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार कांवड़ियों का ये जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जा रहा था। हादसे की सूचना पर हाथरस के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को बचाने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। मृतकों के परिवारीजनों को सूचना दी जा रही है। आगरा जोन के एडीजी राजीव कृष्ण ने कहा कि हाथरस के सादाबाद थाने में आज तड़के करीब सवा दो बजे सात कांवड़ श्रद्धालुओं को एक ट्रक ने रौंद दिया जिसमें 5 की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल है। वे अपने कांवड़ के साथ हरिद्वार से ग्वालियर जा रहे थे। यह हादसा इतना भयावह था कि आसपास में सनसनी फैल गई। आगरा एडीजी, डीआईजी समेत जनपद के सभी आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। कांवड़ियों को रौंदने के बाद डंपर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस डंपर डंपर ड्राइवर की तलाश में जुट गई है और लगातार दबिश दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में सड़क हादसे में हुई 6 कांवरियों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। |
| ट्रामा सेंटर का 12 दिन में 3 बार हुआ औचक निरीक्षण,डीएम के औचक निरीक्षण में चिकित्सक अनुपस्थित Posted: 22 Jul 2022 04:43 AM PDT लखनऊ जौनपुर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार की दोपहर ट्रामा सेंटर हौज का औचक निरीक्षण किया। डीएम के निरीक्षण के दौरान ट्रामा सेंटर में चिकित्सक अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी द्वारा अनुपस्थित चिकित्सक की जांच करा कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पिछले 12 दिनों में यह तीसरा मौका है जब हौज़ ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया है। इससे पूर्व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ लक्ष्मी ने भी ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया था।शुक्रवार को जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से हौज़ ट्रामा सेंटर में हड़कंप की स्थिति मच गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक अजय सिंह से ट्रामा सेंटर की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से पूछा कि दुर्घटना होने के बाद किस प्रकार के मरीजों का इलाज ट्रामा सेंटर में किया जाता है। सिटी स्कैन के मरीजों की संख्या के बारे में भी जिलाधिकारी द्वारा जानकारी ली गई। टेक्नीशियन द्वारा बताया गया कि ट्रामा सेंटर में प्रतिदिन 40 से 45 मरीजों का सिटी स्कैन किया जाता है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि ट्रामा सेंटर में बने ऑपरेशन थिएटर को भी सक्रिय किया जाए।डीएम ने सीएमएस को भी निर्देशित किया कि प्रतिदिन व्हाट्सएप पर जिला अस्पताल से रेफर होकर ट्रामा सेंटर में सिटी स्कैन कराने वाले लोगों की सूचना प्रदान करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को ट्रामा सेंटर में विद्युत आपूर्ति की समस्या के बारे में भी बताया गया। जिलाधिकारी द्वारा एक्सचेंज हाइडिल को मौके पर निरीक्षण कर ट्रामा सेंटर के फीडर को शहर के फीडर से जोड़ने के लिए आदेश दिया गया है। |
| प्रेमिका से मिलने गए युवक की रस्सी से बांधकर पिटाई Posted: 22 Jul 2022 04:40 AM PDT लखनऊ नगीना के एक गांव में रात 2:30 बजे अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को प्रेमिका के परिजनों ने घर में रस्सी से बांधकर जमकर पीटा। जिसके बाद युवक की पिटाई होने के बाद उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।दरअसल यह पूरा मामला नगीना तहसील के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव कुत्तोंनंगली उर्फ पेरूवाला का है। जहां बीती रात को प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए रात 2:30 बजे उसके घर कूदकर चला गया। युवती के परिजनों को जैसे ही आहट हुई तो परिजनों ने प्रेमी को पकड़कर घर में रस्सी से बांधकर उसके साथ जमकर मारपीट की। जिसके बाद उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।वहीं कोतवाली देहात के निवासी पीड़ित गुलबहार पुत्र मजीद गांव पेरूवाला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है। कहा कि गांव के रहने वाले मुस्तकीम, फारुक, शाहरुख, आफ़ताब और हसन ने किसी पुराने परिवारिक विवाद के चलते युवक को फोन कर अपने घर के सामने बुला लिया। फिर सभी उसको जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर के अंदर खींच लाए। जहां उसे बेरहमी से लात-घूंसों, बेल्टों व डंडों से और रस्सी से हाथ पैर बांधकर पीटा। जिससे युवक मौके पर ही बेहोश हो गया और उसके काफी चोटें भी आई हैं।तहरीर में यह भी बताया गया है कि शोर-शराबा सुनकर पड़ोस के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। जिसके बाद युवक की जान बचाई जा सकी। फिलहाल पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई कर न्याय की मांग की है।वहीं इस पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी कोतवाली देहात का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है। बीती रात 2:30 बजे प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए युवती के घर में कूद गया। जिसको परिजनों ने देख लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। |
| घटते व्यूवर्स के कारण यूट्यूबर ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग Posted: 22 Jul 2022 04:39 AM PDT
नई दिल्ली ऑनलाइन गेमिंग और ऑनलाइन व्यूवर्स का चस्का लोगों के दिल और दिमाग पर इतना घर कर गया है कि वे इसके लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। दिनभर गेमिंग की लत उन्हें मानसिक रूप से बीमार बना रही है, जो बुरे परिणामों के रूप में सामने आ रहा है। हैदराबाद से एक ऐसी ही घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक यूट्यूबर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वजह सिर्फ इतनी सी थी कि उसके ऑनलाइन गेमिंग यूट्यूब चैनल के दर्शकों की संख्या कम होने लगी थी। जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय मृतक आईआईआईटीएम ग्वालियर से पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने बताया, छात्र ने अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल स्थित अपने फ्लैट से कूदकर जान दे दी। अपार्टमेंट के चौकीदार ने गिरने की आवाज सुनी, जिसके बाद उसने पास जाकर देखा तो छात्र खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के मुताबिक, छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने छात्र के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इस सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि वह अपने यूट्यूब चैनल पर व्यूवर्स की घटती हुई संख्या से दुखी था। इसमें छात्र ने यह भी कहा कि वह अपने माता-पिता से करियर संबंधी सलाह न दिए जाने से भी निराश था। पुलिस इंस्पेक्टर एल रवि कुमार ने बताया कि छात्र के माता-पिता दोनों नौकरी पेशा हैं। छात्र ने सुसाइड नोट में कहा है कि वह अकेलापन महसूस करता था और अपने जीवन से निराश है। छात्र SELFLO नाम का यूट्यूब चैनल चलाता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। |
| व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर बनाया बंधक Posted: 21 Jul 2022 10:08 PM PDT
लखनऊ फरीदाबाद में अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने पशु व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने के बाद छह लाख की फिरौती मांगने के आरोप में दो महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों और उनके दो अन्य साथियों ने रेवाड़ी निवासी पशु व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर फरीदाबाद बुलाकर बंधक बना लिया था। व्यापारी को छोड़ने के एवज में आरोपियों ने उसके चचेरे भाई से 6 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। चचेरे भाई ने समझदारी दिखाते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 को मामले की जानकारी दी। क्राइम ब्रांच प्रभारी की टीम ने सेक्टर-16 के एक मकान से व्यापारी को सकुशल छुड़ा लिया।शाखा प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि नूंह निवासी अहसान इस गिरोह का सरगना है। वह रेवाड़ी से 2 बार पीड़ित व्यापारी से भैंस खरीदकर लाया था। इस दौरान उसने देखा कि व्यापारी के पास काफी पैसा है। जाल में फंसाने के लिए उसने व्यापारी का नंबर गांव बड़खल निवासी दानिश को दिया।दानिश ने राजवती नाम की महिला को व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाने के लिए कहा। राजवती ने व्यापारी से फोन पर बातें शुरू की और उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसे मिलने के लिए फरीदाबाद बुलाया। जैसे ही व्यापारी सेक्टर-16 स्थित मकान में पहुंचा तो वहां पहले से तैयार दानिश, राजवती, बड़खल निवासी वरीसा और सेक्टर-58 निवासी राजकुमारी ने उसे बंधक बना लिया। छोड़ने की एवज में 6 लाख की फिरौती मांगी। आरोपियों ने व्यापारी का मोबाइल चेक किया। वह जानते थे कि मोबाइल में अहसान का नंबर है। आरोपियों ने कहा कि अहसान को हम जानते हैं। इसे फोन करके बुला लो। व्यापारी ने फोन कर अहसान को बुलाया। अहसान ने बदमाशों के सामने नाटक करते हुए कहा कि व्यापारी मेरा जानकार है। इन्हें कम से कम में छोड़ दो। उसने व्यापारी से 30 हजार रुपये मंगाने को कहा। व्यापारी ने अपने चचेरे भाई को फोन पर सारी बात बताई और 30 हजार लाने को कहा। चचेरे भाई ने समय रहते पुलिस को सूचना दे दी। क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीम ने व्यापारी के चचेरे भाई के साथ जाल बिछाया और आरोपियों को रुपये लेने के लिए बुलाया। जैसे ही दानिश रुपये लेने आया टीम ने उसे दबोच लिया। काफी देर तक जब दानिश नहीं आया तो अहसान और राजवती को शक हुआ। दोनों मौके से फरार हो गए। क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-16 से व्यापारी को मुक्त करा लिया। मौके से दानिश की पत्नी वारिसा और राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले भी 3-4 लोगों को इस तरह से फंसाया था। शर्म के कारण लोगों ने पैसे देकर अपना पीछा छुड़वा लिया। |
| ओम प्रकाश राजभर को मिली वाई श्रेणी सुरक्षा Posted: 21 Jul 2022 10:06 PM PDT
लखनऊ जहूराबाद विधायक एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को शासन के निर्देश पर वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इसको लेकर राजनीतिक गलियारे में अटकलों का बाजार गर्म हो चुका है। आमजनों में भी चर्चा है कि सरकार द्वारा राजभर का ख्याल करना कहीं न कहीं आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर नया संकेत है। सुभासपा ने विधानसभा चुनाव में सपा से गठबंधन किया था। इस दौरान सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जहां जमकर हमला बोला था। वहीं चुनाव में जहूूराबाद सीट से भारी अंतरों से जीत दर्जकर विरोधियों को पटखनी दी थी और राजभर समाज के सफल नेतृत्वकर्ता के रूप में खुद को साबित किया था।आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा को मिली करारी हार के बाद से ही वह सपा के खिलाफ मुखर हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत देने के साथ ही राष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्ष के प्रत्याशी को समर्थन न देकर एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में खड़े रहे। इधर शासन के निर्देश पर गाजीपुर पुलिस ने उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है।ऐसे में आम जनों में चर्चा है कि सुरक्षा देने का मतलब धीरे-धीरे भाजपा से उनकी नजदीकी बढ़ती जा रही है, जो आने वाले लोकसभा में एक नया गुल खिलाने की ओर से इशारा कर रहा है। इस बारे में गाजीपुर पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि शासन के निर्देश पर तीन दिन पूर्व जहूराबाद विधायक ओमप्रकाश राजभर को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। |
| यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी Posted: 21 Jul 2022 10:05 PM PDT लखनऊ भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आज जारी एक अधिसूचना के अनुसार, अगले 2 घंटों में पश्चिम यूपी और आसपास के इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश होगी। तेज बारिश और तूफान को लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी किया। उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश होगी। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी भारत के ऊपर स्थित है, जो भारी बारिश और स्थानीय रूप से तेज तूफान और पानी ला रहा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिन के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। अलर्ट में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान का अनुमान है।पश्चिम यूपी और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश होगी।एनसीआर क्षेत्र में, लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में बारिश होगी। अन्य क्षेत्रों में चांदपुर, मोदीनगर, जट्टारी, खैर, इगलास, राया, हाथरस, मथुरा, टूंडला, फिरोजाबाद और शिकोहाबाद सहित उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश होगी।आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को मध्यम बारिश के साथ आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। |
| गूंगी व बहरी युवती को हबस का शिकार बनाने के दोषी को 14 साल की जेल Posted: 21 Jul 2022 08:46 PM PDT सुलतानपुर गूंगी-बहरी युवती को हबस का शिकार बनाने के मामले में आरोपी महेश को फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय की अदालत ने दोषी करार दिया है। फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट न्यायाधीश अभिषेक सिन्हा ने दोषी को 14 वर्ष के कारावास एवं 22 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। मालूम हो कि अमेठी जिले की रहने वाली गूंगी-बहरी युवती के भाई ने अमेठी थाने में इसी थाना क्षेत्र स्थित भेटुआ गांव के रहने वाले आरोपी महेश व उसकी माँ सुमित्रा के खिलाफ 11 फरवरी 2016 की घटना बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। आरोप के मुताबिक घटना के दिन उसकी गूंगी-बहरी बहन घास छीलने गई थी,तभी महेश ने सांप निकलने का बहाना बताकर उसे खुरपी देने का इशारा किया। खुरपी देने पीड़िता आई तो महेश ने उसे बहाने से कमरे में बुला लिया और उसे कमरे में बन्द कर दिया। महेश ने पीड़िता के हाथ-पैर बांधकर जबरन दुष्कर्म किया। आस-पास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी मिलने पर दरवाजा खुलवाने का बहुत प्रयास किया लेकिन महेश ने दरवाजा नही खोला, भीड़ ने किसी तरीके से दरवाजा खोला तो अंदर पीड़िता के हाथ-पैर बंधे मिले। आरोप के मुताबिक पकड़े जाने के बाद महेश व मौके पर पहुँची उसकी मां ने धमकी दी कि उनका कोई कुछ नहीं कर पायेगा। इस मामले में पीड़िता के भाई की तहरीर पर मां-बेटे के खिलाफ अमेठी कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ और दोनों के खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल हुआ। मामले का विचारण एफटीसी द्वितीय की अदालत में चला। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष के शासकीय अधिवक्ता संजय सिंह ने अपने साक्ष्यों व तर्को को प्रस्तुत कर आरोपियो को दोषी ठहराकर कड़ी सजा से दण्डित किये जाने की मांग की। वहीं बचाव पक्ष ने अपने तर्को को प्रस्तुत कर आरोपियों को निर्दोष साबित करने का भरसक प्रयास किया। एफटीसी जज अभिषेक सिन्हा की अदालत ने उभय पक्षो को सुनने के पश्चात मामले में आरोपी बनी महेश की मां को साक्ष्य के आभाव में बरी कर दिया है,वहीं आरोपी महेश को दोषी ठहराते हुए 14 वर्ष के कारावास एवं 22 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |















