आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, July 23, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: माफिया कुंटु सिंह के सहयोगी समेत 12 की खोली गई हिस्ट्री शीट

Posted: 22 Jul 2022 09:45 PM PDT


संगीन अपराधों में शामिल इन लोगों की निगरानी करेगी पुलिस

आजमगढ़: जिले की पुलिस ने माफिया कुंटू सिंह के सहयोगी सहित 12 बदमाशो की हिस्ट्रीशीट खोली है। लूट, हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, बलात्कार, गोवध व चोरी आदि मामले में बदमाश शामिल रहे हैं। पुलिस इनकी निगरानी करेगी। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि थाना जहानागंज, तरवां, गम्भीरपुर, जीयनपुर, दीदारगंज, सरायमीर, पवई व थाना देवगांव में बदमाशे की की हिस्ट्रीशीट खोली गयी, जिनकी निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने रोहित यादव पुत्र रामचेत उर्फ सीएसएफ भाई निवासी भिखमपुर जहानागंज, सुनिल यादव पुत्र शिव प्रसाद यादव निवासी सरायभादी तरवा, अभिषेक राय उर्फ बच्चा राय पुत्र कृपाशंकर राय निवासी अमौड़ा गम्भीरपुर, सुरेन्द्र यादव पुत्र ईशा उर्फ ईश्वर यादव निवासी धुसवा तेज पालपुर जीयनपुर (माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुन्टू सिंह गिरोह का सदस्य, रंगदारी के मामले में अभियुक्त), फैसल पुत्र अनवर निवासी अतरकच्छा जीयनपुर (माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुन्टू सिंह गिरोह का सदस्य, बलात्कार का आरोपी ), चन्द्रजीत चौहान पुत्र लालधारी चौहान निवासी गुवाई दीदारगंज, मु. हारिस उर्फ सद्दाम पुत्र इरसाद निवासी बखरा सरायमीर, मु. जकी पुत्र इन्तसार अहमद निवासी छित्तेपुर सरायमीर, संदीप गिरी पुत्र उपेन्द्र गिरी निवासी बखरिया पवई, सलमान पुत्र गुलशाद, सुफियान उर्फ सुफ्फन पुत्र मुमताज व रिजवान पुत्र मुमताज उर्फ सुफ्फन निवासीगण बैरीडीह देवगांव की हिस्ट्रीशीट खोली है।

आजमगढ़: पंचायत उपचुनाव-प्रधान के 03 व बीडीसी के 06 प्रत्याशियों का पर्चा वापस

Posted: 22 Jul 2022 07:16 AM PDT


ग्राम प्रधान के 02 और बीडीसी सदस्य पद के 07 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए

आजमगढ़: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए ग्राम प्रधान के रिक्त चार, बीडीसी सदस्य(सदस्य क्षेत्र पंचायत) के नौ और सदस्य ग्राम पंचायत लिए 168 पदों के लिए चार अगस्त को मतदान होगा। नामांकन प्रकिया के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रधान पद के तीन व बीडीसी सदस्य पद के दो सहित कुल छह प्रत्याशियों ने पर्चा वापस लिया है। इस प्रकार ग्राम प्रधान के दो और बीडीसी सदस्य पद के सात प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। उधर, चुनाव चिह्न आवंटन के साथ प्रत्याशियों ने चुनाव में ताकत झोंक दी है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ब्लाक अहरौला की ग्राम पंचायत सहुवहिया से प्रधान पद (महिला) सीट पर चार प्रत्याशी रेहाना, सिद्दीका बानो, सादिका बानो व अली बानो चुनाव मैदान में हैं। जबकि ब्लाक तरवां की ग्राम पंचायत डंडवल से (अनुसूचित जाति) निशा निर्विरोध चुनी गईं। उधर, ब्लाक फूलपुर की ग्राम पंचायत फूलपुर देहात से प्रधान पद के चार प्रत्याशियों में संदीप, शेर बहादुर व अनिल ने पर्चा वापस ले लिया, जिससे सुरेंद्र बहादुर निर्विरोध चुने गए। जबकि ब्लाक फूलपुर की ग्राम पंचायत कतरानूरपुर से प्रधान पद (अन्य पिछड़ा वर्ग) के लिए छह प्रत्याशी हैं। जिसमें राधिका, नंदलाल, हरिंद्र, अफसर, नाजिया बानो व अजरुन्निशा हैं। जबकि बीडीसी सदस्य पद के लिए ब्लाक अहरौला की ग्राम पंचायत कोतवालीपुर तीन, जहानागंज के आजमबांध से सत्यभावना निर्विरोध, जहानागंज के करउत में दो प्रत्याशी और तहबरपुर बेगपुर खालसा से अनीता मौर्य, पल्हनी के मुंडा से गुंजा मौर्य, फूलपुर के नौहरा से रेशमा यादव, महराजगंज के देवारा जदीद से रामशंकर, लालगंज के उबारपुर लखमीपुर से ऊषा व ब्लाक सठियांव के बम्हौर से अशरफी निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुनीं गईं।

आजमगढ़: शत प्रतिशत रहा एसकेडी विद्या मंदिर का सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम

Posted: 22 Jul 2022 06:30 AM PDT


95.4% अंक प्राप्त कर आर्यवीर प्रताप सिंह ने किया विद्यालय टॉप

आजमगढ़ : जहानागंज क्षेत्र के धनहुआ स्थित एसकेडी विद्या मंदिर का सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। यहां 10वीं कक्षा मे आर्यवीर प्रताप सिंह 95.4% अंक हासिल करते हुए प्रथम रहे, जबकि 90.4% अंक के साथ राज यादव एवं नीतेश मौर्या द्वितीय स्थान हासिल किए, 88.8% के साथ अभिषेक चौहान तथा सौरभ यादव तीसरे स्थान पर रहे। विद्यालय के छात्र छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय के प्रबन्धक विजय बहादुर सिंह एवं व्यवस्थापक श्रीकांत सिंह ने बच्चों का मुंह मीठा करा उत्तीर्ण सभी छात्र छात्राओ को बधाई दिया और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राम जी चौहान ने कहा कि जिला मुख्यालय से दूर ग्रामीण अंचल में विद्यालय गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है और आगे भी अभिभावकों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगा । इस अवसर पर विद्यालय में संतोष यादव, राकेश पाण्डेय, दीपक, अमित, रंजना आदि ने बच्चों का मुंह मीठा कराते हुए छात्रों व अभिभावकों को बधाई दिया ।

आजमगढ़: शारदा तिराहे के समीप धंसी सड़क दुर्घटना को दे रही दावत

Posted: 22 Jul 2022 06:22 AM PDT


पिछले बारिश के मौसम में भी यहीं धंसी थी सड़क

आजमगढ़: शहर के शारदा तिराहे के उत्तरी छोर पर एटीएम के समीप बारिश के चलते एक बार फिर सड़क धंस की गई है। टूटी सड़क दुघर्टना को दावत दे रही है। आने जाने वाले राहगीर काफी परेशान दिख रहे है। शारदा तिराहे के समीप रैदोपुर जाने वाले के मार्ग पर सीवर बिछी है। पिछले बरसात में घनघोर बारिश के चलते पूरा शहर पानी पानी हो गया था। इसी बीच उक्त सड़क अचानक धंस गई थी। जिससे रास्ता अवरूद्व गया था। सड़क को विभाग द्वारा आनन फानन में ठीक कराया था। बुधवार से हो रही बारिश के चलते अचानक दूसरे दिन उक्त जगह पर एक बार फिर सड़क धंस गई है। सड़क बीचोबीच धंसने से दो पहिया, चार पहिया वाहन लेकर आने जाने वाले राहगीर काफी भयभीत रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल धंसी सड़क को ठीक कराने की मांग की है।

आजमगढ़: बीएसए व एबीएसए की जांच में 52 शिक्षक अनुपस्थित मिले, रोका वेतन

Posted: 22 Jul 2022 06:10 AM PDT


दो दिनों की जांच में 75 स्कूलों का निरीक्षण किया गया

शिक्षक व छात्रों की अनुपस्थिति ने बढ़ाई विभाग की परेशानी

आजमगढ़: परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति से विभाग की परेशानी बढ़ गई है। विद्यार्थियों की उपस्थिति शतप्रतिशत करने को लेकर चल रहे साप्ताहिक निरीक्षण अभियान में विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। स्कूलों में लापरवाही व कमियां लगातार मिल रही है।
दो दिनों के निरीक्षण में 52 शिक्षक अनुपस्थित मिले हैं। बीएसए के निरीक्षण में तब हद हो गई जब चार स्कूल आठ बजे तक बंद मिले, जिस पर बीएसए ने इन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया। बीएसए, खंड शिक्षाधिकारी व समन्यवकों की टीम प्रतिदिन स्कूलों पर शिक्षक व छात्र की उपस्थिति के साथ ही व्यवस्था की जांच कर रही हैं। अब तक 75 स्कूलों का निरीक्षण किया जा चुका है। इसमें 52 शिक्षक अनुपस्थित मिले हैं। अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
जिले में 2703 परिषदीय स्कूल हैं। जिसमें 11,114 शिक्षक, 2,975 शिक्षामित्र व 825 अनुदेशक बच्चों को पढ़ाते है। इसके बाद भी शिक्षकों की अनुपस्थिति चिंता का विषय बना हुआ है । स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी कम मिल रही है।
बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि स्कूलों के निरीक्षण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी व समन्वयक की टीम बनाई गई है। विद्यालयों में शिक्षक व बच्चों की उपस्थिति, मिड डे मील, स्कूलों की रंगाई पुताई, साफ सफाई आदि को परखा जा रहा है। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

आकाशीय बिजली से युवती समेत तीन की मौत, छह झुलसे

Posted: 22 Jul 2022 05:58 AM PDT


मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लाख का नुकसान

आजमगढ़ : आसमान से अमृत वर्षा के दौरान तीन किसान परिवारों पर शुक्रवार को मुश्किलों की बिजली गिर गई। किसानी में जुटी युवती समेत तीन की झुलसने से मौत हो गई, जबकि युवती की बहन सहित छह लोग झुलस गए।
देवगांव/लालगंज: सराय खुरसू गांव में तेकसू राजभर की पुत्री प्रियंका अपनी बहन प्रिया के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। वर्षा के बीच ही तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी तो जो जहां था, वहीं दुबक गया। दूसरे ही पल खेतों की ओर से आई चीख-पुकार की आवाज सुन लोग दौड़े। प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि प्रिया झुलसने के कारण गंभीर हालत में खेत में पड़ी कराह रही थी। खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे लालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उधर, तरवां अंतर्गत हैबतपुर डुभाव गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आकाश कुमार की मौत हो गई। वे अपने खेत में चल रही रोपाई के लिए धान की नर्सरी पहुंचाने जा रहे थे। तेज आवाज के साथ बिजली गिरी तो उनकी चीख सुन अनहोनी की आशंका में लोग उनकी ओर दौड़े, जहां अचेत पड़े थे। अगल-बगल के खेतों में काम कर रहे लोग आकाश को लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
पल्हना: सराय खुरसू गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अनीता, मनीषा, सोनू व रेनू आंशिक रूप से झुलस गईं। गांव के एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
बूढ़नपुर: आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती झुलस गई। अनुज कुमार दोपहर में धान की रोपाई कर रहे थे कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई। वह दो भाइयों में छोटे थे और सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। बूढ़नपुर में ही किरन भी धान की रोपाई कर रही थीं कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टर ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जीयनपुर कोतवाली के हरैया गांव निवासी वीरेंद्र त्यागी के मकान पर गुरुवार की देर रात अकाशीय बिजली गिरने से लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ। मकान में कुछ देर के लिए कंपन के कारण परिवार के सभी लोग उठकर एक कमरे में दुबक गए। छत की दोनो तरफ की रेलिंग टूटकर जमीन पर गिर गई। संयोगवश बिजली गिरने से परिवार का कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। गुरुवार की रात तेज वर्षा के साथ अचानक बिजली चमकी और गड़गड़ाहट के साथ वीरेंद्र त्यागी के मकान पर गिरी। बिजली गिरने से दर्जन भर पंखे, जेनरेटर, इनवर्टर आदि बिजली के उपकरण जल गए। पूरी वायरिंग ब्रस्ट हो गई। वीरेंद्र के अनुसार लगभग दो लाख का नुकसान हुआ। परिवार के लोग घर में ही थे।

आजमगढ़: मुख्यमंत्री ने इंजीनियर कुलभूषण को किया सम्मानित

Posted: 22 Jul 2022 05:46 AM PDT


जल संरक्षण के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए मिला सम्मान

आजमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन के सभागार में आयोजित भूजल सप्ताह के राज्य स्तरीय समापन समारोह में भूजल संचयन एवं संवर्धन के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले जिले राजकीय पालिटेक्निक हर्रा की चुंगी के शिक्षक एवं जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहाकि आने वाले दिनों में जलसंरक्षण की दिशा में और काम करने की जरूरत है इसलिए इस कार्य में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और जलसंचयन के लिए जागरूक करें। जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने भी अलग से सम्मान पत्र दिया और बधाई दी। इंजीनियर कुलभूषण सिंह जल संचयन के क्षेत्र में सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं में 2010 से कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र सहित अन्य विशिष्टगण थे।

Post Bottom Ad

Pages