आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Thursday, July 7, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पकड़ी गईं बिहार से राजस्थान जा रहीं दो बसें

Posted: 07 Jul 2022 08:19 AM PDT


आरटीओ प्रवर्तन ने बिना टैक्स व कागजातों के मिली दोनो बसों को सीज कराया

आजमगढ़: अवैध बसों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए गुरुवार को परिवहन विभाग की टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग की। इस दौरान बिहार से बलिया होते हुए राजस्थान जा रही दो डग्गामार बसों को पकड़ा और कंधरापुर थाने में सीज करा दिया।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डा. आरएन चौधरी के नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने दल के साथ चेकिंग की। राजस्थान के भिवाड़ी की दो बसों को रोककर जांच की। स्पष्ट हुआ कि बसों के उप्र में परिवहन के लिए निर्धारित टैक्स नहीं जमा किया गया है। इसके अतिरिक्त वाहन के फिटनेस, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस चालक व परिचालक प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों बसों में क्षमता से अधिक यात्री भी बैठाए गए थे। यात्रियों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि कुछ बांसडीह (बलिया) एवं कुछ यात्री आजमगढ़ से बस में बैठे थे। यात्रियों से खाली कराकर दोनों बसों को कंधरापुर थाने में सीज करा दिया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम से वार्ता कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) से दोनों बसों का तकनीकी निरीक्षण संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) से कराने को कहा है।

आजमगढ: मशीन और बैटरी में खराबी से जिले में बीएसएनएल की सेवा धड़ाम हुई

Posted: 07 Jul 2022 08:01 AM PDT


बारिश के चलते मशीन में आई खराबी और बैट्री जल जाने के कारण आई बाधा

आजमगढ़: भारत संचार निगम लिमिटेड की कमजोर सेवा को एक सप्ताह पहले हुई बारिश ने और भी प्रभावित कर दिया। बारिश के बाद से समस्या शुरू हुई, तो तीन दिन पहले व्यवस्था ध्वस्त हो गई।मशीन में आई खराबी और बैट्री जल जाने के कारण जिले में बीएसएनएल सेवा धड़ाम हो गई। लाखों उपभोक्ता परेशान हो गए। मशीन की तकनीकी खराबी दूर करने में विभाग जुटा हुआ था। जली बैट्री को बदलने के लिए गोरखपुर से बैट्री मंगाई गई है, जिसे सेट करने में अभी एक दिन का समय लग सकता है। नेटवर्क की समस्या उपभोक्ताओं के लिए पहले से ही मुसीबत बनी थी। तकनीकी गड़बड़ी के चलते परेशानी और भी बढ़ गई। आम दिनों में भी बिजली की आपूर्ति ठप होने के बाद बीटीएस काम करना बंद कर देते हैं। मोबाइल फोन से नेटवर्क गायब होने के साथ अचानक उपभोक्ताओं से बातचीत बंद हो जाती है। कभी-कभार सिग्नल आ भी जाता है, तो ठीक तरह से बात नहीं हो पाती। इसका नतीजा यह कि जरूरी काम से मोबाइल का इस्तेमाल करने वालों को दूसरी कंपनी का नया सिम लेना पड़ रहा है अथवा लोग उसी नंबर को दूसरी कंपनी से पोर्ट कराने काे विवश हो गए। आज भी अन्य कंपनियों से सस्ता होेने के कारण बीएसएनएल के सिम धारकों की संख्या ज्यादा है। खास बात यह कि अधिकारियों के सीयूजी नंबर भी इसी कंपनी के हैं। हाल ही में पुलिस के सीयूजी नंबर कई थानों में काम न करने के कारण उन्हें दूसरी कंपनी का सिम उपलब्ध कराना पड़ा था।
कमलेश यादव, एसडीओ, बीएसएनएल ने बताया कि बारिश के कारण कुछ समस्या आई थी। मशीन के कई कार्ड जल जाने और बैट्री खराब होने के कारण जिले के कई हिस्सों में नेटवर्क काम नहीं कर रहा था। जले कार्ड को लगभग ठीक करा लिया गया है और गोरखपुर से बैट्री भी मंगा ली गई है। एकाध दिन में समस्या दूर हो जाएगी।

आजमगढ: मेडिकल कालेज में एक और कोरोना संक्रमित भर्ती

Posted: 07 Jul 2022 07:48 AM PDT


कोरोना संक्रमित भर्ती मरीजों की संख्या फिर से छह हुई

20 जून से 15 भर्ती हुए जिसमें 02 की मौत हुई,07 स्वस्थ हुए

आजमगढ़ : राजकीय मेडिकल कालेज में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है । बुधवार की शाम कोविड वार्ड में एक संक्रमित वृद्ध को भर्ती कराया गया।
इस प्रकार कोरोना संक्रमित भर्ती मरीजों की संख्या फिर छह हो गई है, जिनमें चार महिलाएं तथा दो पुरुष शामिल हैं। चौथी लहर में भी संक्रमितों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डाक्टर निर्भय द्विवेदी ने बताया कि बुधवार की शाम कोरोना संक्रमित एक वृद्ध को कोविड वार्ड में भर्ती किया गया, तो वहीं दो लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें इलाज के लिए सामान्य वार्ड में भेज दिया गया।
चौथी लहर में बीते दो जून से संक्रमित मरीजों के भर्ती होने का सिलसिला शुरू हुआ था, लेकिन पहला मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो गया। फिर 20 जून से मरीजों के भर्ती होने का क्रम शुरू हुआ, जो निरंतर जारी है । कोविड वार्ड में अब तक कुल 15 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जिनमें दो की मौत हो चुकी है, जबकि सात स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। छह मरीजों का इलाज चल रहा है।

आजमगढ: ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत

Posted: 07 Jul 2022 07:37 AM PDT


फूलपुर थाना पुलिस शिनाख्त में जुटी

आजमगढ़: फूलपुर के कड़छा गांव के समीप गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत हो गई। शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चरवाहों ने इसकी सूचना गांव वालों को दी, तो बात सरायमीर थाने पहुंची। जिस स्थान पर शव मिला वह स्थान सरायमीर-फूलपुर का सीमावर्ती स्थान है, जिसके चलते दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। मवेशी चरा रहे लोगों ने बताया कि अनुमान है कि गोदान एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हुई है या फिर ट्रेन से गिर गया हो। युवक की उम्र 35 वर्ष आंकी गई है। सरायमीर प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि शिनाख्त के लिए आसपास गांव के चौकीदारों काे सूचित कर दिया गया है। फूलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आजमगढ: सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी कर्मी की गई जान

Posted: 07 Jul 2022 07:05 AM PDT


बेलइसा मंडी के समीप चार पहिया वाहन की चपेट में आने से हुई मौत

आजमगढ़ : बेलइसा मंडी के समीप चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बुधवार की शाम लोक निर्माण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे की जानकारी परिवार वालों को घंटे भर बाद मिली तो कोहराम मच गया।
बिहार के बक्सर जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती बड़का निवासी अशोक प्रसाद को लगभग डेढ़ दशक पहले विभाग में नौकरी मिली तो परिवार के साथ आजमगढ़ आ गए और मूसेपुर स्थित कालोनी में कमरा एलाट हुआ तो उसमें रहने लगे। कार्यालय बंद होने के बाद वह कमरे पर गए और रोज की तरह से घर के लिए सब्जी खरीदने बेलइसा सब्जी मंडी की ओर चले गए। काफी देर तक नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
बेलइसा पहुंचने पर भी उनका पता नहीं चला तो आसपास के लोगों से पूछताछ की। उसी दौरान किसी ने बताया कि सड़क पार करते समय एक व्यक्ति रानी की सराय की ओर से शहर की तरफ जा रही कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे एंबुलेंस से लेकर कुछ लोग जिला अस्पताल गए हैं। उसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो अनहोनी का पता चल सका। साथ गए लोगों ने बताया कि हादसे के बाद उनकी सांसें चल रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कर्मचारी की मौत की खबर पर गुरुवार को विभाग के लोग भी मर्चरी पहुंच गए थे। हादसे के बाद कार समेत चालक फरार हो गया। सिधारी पुलिस कार का पता लगाने में जुटी हुई थी। मृतक के छह पुत्र व चार पुत्रियां हैं। मौत के बाद पत्नी लक्षना देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।

आजमगढ: रास्ते के लिए कफन ओढ़ आंबेडकर पार्क में लेट गया दिव्यांग

Posted: 07 Jul 2022 06:59 AM PDT


कहा,घर जाने वाले रास्ते पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है

आजमगढ़: दबंगों की दबंगई से परेशान एक दिव्यांग गुरुवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष डा. आंबेडकर पार्क में स्वजन के साथ कफन ओढ़कर जमीन पर लेट गया। जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप मांग किया यदि न्याय नहीं मिला तो आमरण अनशन और भूख हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। दिव्यांग के समर्थन में दिव्यांग कल्याण समिति के पदाधिकारी भी आ गए हैं। शाहखजुरा रानी की सराय निवासी अरविंद राजभर पार्क में गांव के कुछ लोगों के साथ पहुंचा। दिव्यांग का आरोप है कि उसके घर जाने वाले रास्ते पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। बताया कि मामले में लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार ने रास्ते को खाली करवाने की रिपोर्ट भी दी है, लेकिन दबंगों रास्ते को अवरुद्ध किए जा रहा है।

आजमगढ: कलेक्ट्रेट परिसर में पौत्र-पौत्रियों के साथ दंपती ने की जान देने की कोशिश

Posted: 07 Jul 2022 06:52 AM PDT


जहर की डिब्बी निकलते ही गार्ड ने पकड़ा,पुलिस ले गई साथ

लगाया आरोप,पैमाईश के लिए लेखपाल मांग रहा है रिश्वत

आजमगढ़: कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को उस समय थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई जब एक दंपती ने पौत्र-पौत्रियों के साथ पहुंचकर जान देने की कोशिश की। संयोग से उसने जैसे ही जहर की डिब्बी जेब से निकाली तो वहां मौजूद गार्ड की नजर पड़ गई। गार्ड ने उन्हें रोकने के साथ कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस सभी को आटो रिक्शा में बैठाकर अपने साथ ले गई।
निजामाबाद तहसील के ग्राम खासबेगपुर के रहने वाले जनार्दन गिरी अपनी पतनी पद्मावती, एक पौत्र और दो पौत्रियों के साथ जान देने की नीयत से वहां पहुंचे थे। जनार्दन ने बताया कि विपक्षी से बंटवारे का विवाद चल रहा था। एसडीएम न्यायालय से पक्ष में फैसला आया तो विपक्ष ने कमिश्नर के यहां अपील कर दी। वहां से भी हमारे पक्ष में फैसला आया और जमीन की पैमाइश का आदेश दिया गया। एसडीएम ने भी पैमाइश कराने को कहा, लेकिन लेखपाल इसके लिए 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था। न देने पर अनावश्यक रिपोर्ट लगाकर भेज दिया। उसके बाद अधिकारियों के यहां न्याय के लिए चक्कर काटता रहा और हर बार पैमाइश का आदेश होता गया। अंत में हर मानकर हमने जान देने का फैसला लिया।
शहर कोतवाली डीके श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पर सभी को कोतवाली लाया गया है। समझा-बुझाकर घर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं एसडीएम, निजामाबाद रवि कुमार ने बताया कि प्रकरण में भूमि की पैमाइश करने आदेश दे दिया गया है। रहा सवाल लेखपाल द्वारा पैमाइश के बदले घूस मांगने का, तो इस बारे में लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Post Bottom Ad

Pages