आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, July 4, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर निरहुआ ने लिया विकास का संकल्प

Posted: 04 Jul 2022 05:40 AM PDT


अपने लोकसभा क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर समर्थकों को धन्यवाद दे रहे है सदर सांसद

जहानागंज (आजमगढ़) : सदर लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने अब क्षेत्र भ्रमण कर लोगों को भरोसा दिलाना शुरू कर दिया है कि जनता के भरोसे को टूटने नहीं देंगे। रविवार को क्षेत्र में पहुंचने पर उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। मवेशी खाना स्थित अमर शहीद कृष्ण कुमार सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने विकास का संकल्प दोहराया। कहा कि इलाके की बुनियादी सुविधाओं को तत्काल पूरा करने के लिए प्रयास करूंगा। शहीद पार्क के सुंदरीकरण का प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेजूंगा। इसके बाद रोशनपुर, सेमा, करउत, भुजही, दौलताबाद, जिगरसंडी, कादीपुर, चक्रपानपुर, कनैला आदि स्थानों पर पहुंचे सांसद का स्वागत किया गया। परदेसी मोड़ पर राकेश राय उर्फ बबलू, धीरज राय, ब्लाक मोड़ पर ब्लाक प्रमुख रमेश कनौजिया, भाजपा नेता हरेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, दिलीप आदि ने स्वागत किया।

आजमगढ़: डीआइओएस व भूमि संरक्षण अधिकारी का स्थानांतरण हुआ

Posted: 03 Jul 2022 08:07 AM PDT


प्रयागराज के डीआईओएस रहे रामायण विश्वकर्मा की हुई तैनाती

आजमगढ़: स्थानांतरण प्रक्रिया के बीच शासन स्तर से जिले के दो और अधिकारियों को तबादला हुआ है। जिले में भूमि संरक्षण अधिकारी पद पर तैनात रहे संगम सिंह मौर्य का स्थानांतरण वाराणसी में जिला कृषि अधिकारी पद पर हुआ है, जबकि इनके स्थान पर संतकबीर नगर से सत्येंद्र तिवारी की तैनाती की गई है। इनके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक डा. प्रवीण कुमार उपाध्याय का स्थानांतरण इसी पद पर हापुड़ हुआ है। इनके स्थान पर प्रयागराज के जिला विद्यालय निरीक्षक रामायण विश्वकर्मा की तैनाती की गई है।

आजमगढ़: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,भाई गंभीर

Posted: 03 Jul 2022 07:47 AM PDT


थाना प्रभारी ने पीछा कर चालक सहित पिकअप को पकड़ लिया

आजमगढ़: खरिहानी-मेहनाजपुर मार्ग पर रविवार को दोना नदी पुल के पास पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वास्थ्य केंद्र, तरवां से चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर घायल को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस पिकअप चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।
शिवम खरवार निवासी लालमऊ थाना मेंहनगर बाइक से चिरैयाकोट, मऊ गए थे। वहां फैजाबाद मौसी के यहां पहुंच अपने छोटे भाई सर्वेश खरवार को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे कि हादसा हो गया। दोनों भाई सड़क पर खून से लथपथ होकर गिरे पड़े। आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे दोनों की मां नूतन व पिता अभिलाष का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने पीछा कर चालक सहित पिकअप को पकड़ लिया।

आजमगढ़: मुख्तार अंसारी के सहयोगी हरिकेश यादव का 18.62 लाख का मकान कुर्क

Posted: 03 Jul 2022 07:39 AM PDT



तरवां पुलिस ने मकान को सील कर जिला मजिस्ट्रेट का ऑर्डर अंकित कराया

आजमगढ़: पुलिस ने माफिया एवं पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी गैंग के सहयोगी हरिकेश यादव के 18,62,881 रुपये लागत से बने मकान को कुर्क कर लिया। मोहासिल गांव स्थित मकान की कुर्की की कार्रवाई करते हुए तरवां पुलिस ने रविवार को मकान को सील कर दिया और मकान की दीवार पर जिला मजिस्ट्रेट का आदेश भी अंकित कराया।
तरवां पुलिस ने हरिकेश यादव निवासी मोहासिल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पहले ही की है। अपराध जगत से अर्जित धनराशि से अपने पिता फूलचंद यादव के नाम क्रय की गई भूमि पर बने मकान की कीमत का आकलन अधिशासी अभियंता निर्माण खंड व लोक निर्माण विभाग ने किया था। 27 मई को कीमत 18,62,881 रुपये का आकलन करने के बाद विभाग ने रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को प्रेषित किया था, जिस पर जिला मजिस्ट्रेट विशाल भारद्वाज ने 11 जून को कुर्क करने का आदेश दिया था।
तरवां थाना पुलिस ने दर्ज मुकदमा में आरोपित मुख्तार अंसारी समेत 11 के खिलाफ विवेचना की कार्रवाई पूर्ण कर पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर आरोप पत्र प्रेषित किया था। इसमें संगठित रूप से सड़क का ठेका छोड़ने के लिए दबाव बनाने के लिए सड़क पर काम कर रहे लेबर राम इकबाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई तथा पांचू को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
पुलिस की विवेचना के दौरान आरोपित की आर्थिक स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई तो पता चला कि सात-आठ वर्ष पूर्व हरिकेश यादव सामान्य आर्थिक क्षमता वाला व्यक्ति था, परंतु अल्पावधि में ही उसने काफी संपत्ति बनाई। संपत्ति को छिपाने के लिए ग्राम मोहासिल, थाना जहानगंज में आवासीय भवन अपने पिता के नाम क्रय किया। थानाध्यक्ष तरवां अनिल सिंह ने भवन को नियमानुसार कुर्क करते हुए सील कर दिया। बताया कि भवन को सील करते हुए जिला मजिस्ट्रेट के आदेश को अंकित कराया गया है।

आजमगढ़: पुलिस कस्टडी से फरार बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे

Posted: 03 Jul 2022 04:51 AM PDT


न्यायालय में रिमांड पर लाए जाने के दौरान हुआ था फरार

लापरवाही पर आरक्षी व होमगार्ड पर दर्ज हुआ था मामला

आजमगढ़: दीवानी न्यायालय में रिमांड पर लाया गया तमंचे के साथ पकड़ा गया अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने शनिवार देर रात भीरा चौक से गिरफ्तार कर लिया। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। देवगांव कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मसीरपुर निवासी रवि प्रकाश पुत्र स्व. राजबहादुर को तमंचा और कारतूस के साथ पकड़ा था। इसके बाद देवगांव कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर उसे आरक्षी अखिलेश और होमगार्ड रामकिशुन की अभिरक्षा में चालान के लिए दीवानी न्यायालय भेजा गया। दीवानी न्यायालय पहुंचने पर रवि प्रकाश पुलिस व होमगार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। रिमांड पर लाए गए युवक के फरार होने से न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मामले में एसपी अनुराग आर्य ने आरक्षी अखिलेश को जहां तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तो वहीं होमगार्ड राम किशुन के निलंबन के लिए कमांडेंट होमगार्ड को पत्र लिख दिया। इसके साथ ही शहर कोतवाली में फरार अभियुक्त रवि प्रकाश, आरक्षी अखिलेश व होमगार्ड रामकिशुन के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया। एसपी ने देवगांव कोतवाली पुलिस को फरार अभियुक्त की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया। शनिवार रात देवगांव कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार अभियुक्त रवि प्रकाश को भीरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।

Post Bottom Ad

Pages