आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, July 4, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: गन्ना बकाए का भुगतान कराना पहली प्राथमिकता: अनिल चतुर्वेदी

Posted: 04 Jul 2022 08:29 AM PDT


सठियांव चीनी मिल के नवागत जीएम ने कार्यभार ग्रहण कर गिनाई प्राथमिकता

आजमगढ़ : सठियांव चीनी मिल के नवागत जीएम अनिल चतुर्वेदी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को अपनी प्राथमिकता गिनाई। मार्टीनगंज में एसडीएम के रूप में तैनात रह चुके अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान कराना पहली प्राथमिकता होगी। खेती का रकबा बढ़ाने के लिए गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करेंगे, ताकि किसान और मिल दोनों का फायदा हो सके। बताया कि चीनी मिल की व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। अच्छी प्रजाति के गन्ना बोआई करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि चीनी मिल और किसान दोनों फायदे में रहें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश भर में यह चीनी मिल सबसे अच्छी मिल है। यह समझ में नहीं आ रहा है कि गन्ना किसानों का गन्ने की खेती से क्यों मोह भंग हो रहा है। इस पर मंथन कर आगे किसानों की रुचि बढ़ाने के लिए कारगर कदम उठाया जाएगा। शासन को पत्र लिखकर यहां की स्थिति से अवगत कराऊंगा।

आजमगढ़: सास-बहू का झगड़ा निपटाने गई पुलिस पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

Posted: 04 Jul 2022 08:20 AM PDT


सरायमीर के पारा में घरेलू झगड़े को सुलझाने गई थी डायल-112 पुलिस

आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र के पारा गांव में सास व बहू के बीच हुए विवाद को सुलझाने गयी डायल-112 पुलिस पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। हमले में आरक्षी घायल हो गया। घायल आरक्षी की तहरीर पर हमला करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। सरायमीर थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी फरीदा पत्नी अब्दुल अशहद ने रविवार की शाम डायल-112 पर फोन कर सूचना दिया कि उसकी साररूखसाना उससे विवाद कर रही है और गालियां दे रही है। इसके बाद डायल-112 टीम हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल प्रिंस कुमार सिंह और चालक राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही मो. नदीम पुत्र मुजम्मिल कांस्टेबल प्रिंस कुमार से उलझ गया और गालियां देते हुए हमला कर दिया। जिससे सिपाही प्रिंस घायल हो गया। इसके बाद चालक और हेड कांस्टेबल ने नदीम को पकड़ लिया और थाने लेकर चले आए। जहां सिपाही प्रिंस की तहरीर पर नदीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया गया।

आजमगढ़: कोटेदार संघ ने एसडीएम को सौंपा नौ सूत्रीय ज्ञापन

Posted: 04 Jul 2022 08:06 AM PDT


मुफ्त राशन वितरण में पश्चिम बंगाल माडल लागू करने की मांग की

आजमगढ़ : जिलें के मार्टीनगंज ब्लाक के कोटेदारों ने सोमवार को नौ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। कोटेदारों का कहना था कि आल इंडिया फेयर प्राइस शाप डीलर्स फेडरेशन के आह्वान पर पूरे देश के कोटेदार आंदोलित हैं।
ज्ञापन के माध्यम से राशन डीलरों को न्यूनतम मार्जिन 440 प्रति क्विंटल एवं न्यूनतम मासिक आय की गारंटी 50 हजार सुनिश्चित करने की मांग की गई। चावल, गेहूं, चीनी की हैंडलिंग हानि एक किलो प्रति क्विंटल करने, खाद्य तेल, दाल की आपूर्ति राशन डीलरों की दुकानों से की जानी चाहिए। कहा कि जूट के बोरों में राशन न मिला, तो स्टाक का उठान बंद कर देंगे।
कहा कि सभी नागरिकों को मुफ्त राशन वितरण के लिए पश्चिम बंगाल माडल लागू किया जाए। कोरोना पीड़ित डीलरों को मुआवजा दिया जाए। इस अवसर पर ब्लाक कोटेदार संघ के अध्यक्ष रामबचन यादव, उपाध्यक्ष प्रेमचंद, आशीष राय, अनिल कुमार, हीरालाल गुप्ता, गजराज यादव, दिलीप, जगराम, दिलीप राजभर आदि उपस्थित थे।

आजमगढ़: पति ने नहीं कराई सोनोग्राफी तो पत्नी ने लगा ली आग,हालत गंभीर

Posted: 04 Jul 2022 07:53 AM PDT


आजमगढ़: लाटघाट गांव में रविवार को पति ने पत्नी की सोनोग्राफी नहीं कराई तो पत्नी ने स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। पति व आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। बरेली जिला के बरेली थाना के बहरी गांव निवासी प्रसाद अपनी पत्नी सजमा के साथ लगभग छह माह से आजमगढ़ के लाटघाट स्थित गांव में किराए का मकान लेकर रहते थे और ठेकेदार के साथ बन रही सड़क में दोनों मजदूरी करते थे। आपातकालीन कक्ष में पहुंचे पति ने बताया कि पत्नी को कई दिनो से पेट में दर्द था। मुझे कई बार सोनोग्राफी कराने के लिए कहा, लेकिन समय नहीं मिल पाने के कारण नहीं करा सका। दिन में ही मुझसे कहा था कि आज सोनोग्राफी नहीं हुई तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। शाम को जब मैं मजदूरी करके घर पहुंचा तो इसी बात को लेकर हम दोनों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच घर में गैलन में रखा पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया और जब तक कुछ समझ पाता तब तक आग लगा ली। जिला अस्पताल ले आए तो हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उसके बाद शहर के ग्लोबल हास्पिटल में भर्ती कराया। वहां भी हालत में सुधार न देख बरेली ले जा रहा हूं।

आजमगढ़: माफिया कुंटू सिंह के सहयोगी प्रदीप कबूतरा की 1.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Posted: 04 Jul 2022 06:58 AM PDT



तरवां पुलिस टीम ने मकान व महाविद्यालय सील कर दिया

आजमगढ़: पुलिस ने सोमवार को प्रदेश स्तर पर चिह्नित माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह के सहयोगी प्रदीप सिंह की अपराध जगत से अर्जित 1,20,15,003 रुपये की संपत्ति कुर्क कर लिया। पुलिस टीम ने मकान व महाविद्यालय को सील कर दिया। प्रदीप के खिलाफ लखनऊ के गोमती नगर समेत जिले के विभिन्न थानों में 19 अपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने प्रभारी थानाध्यक्ष तरवां अनिल सिंह की आख्या पर प्रदीप सिंह निवासी कबूतरा के अपराध से अर्जित धन से क्रय किए गए मकान व महाविद्यालय के जब्तीकरण की कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की थी। आरोप था कि प्रदीप सिंह अपराध से अर्जित संपत्ति से पक्का मकान एवं विश्वनाथ सिंह स्मारक महाविद्यालय बना लिया है। इस महाविद्यालय का संचालन भाई विनोद सिंह करते हैं। वह इंटर कालेज के अध्यापक से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इतने बड़े महाविद्यालय के निर्माण के लिए अध्यापक की आय का स्रोत पर्याप्त नहीं है। प्रदीप सिंह द्वारा अपराध जगत से अर्जित संपत्ति को छिपाने के लिए महाविद्यालय का निर्माण कर अपने भाई के नाम से महाविद्यालय की मान्यता लेकर संचालन कराया जा रहा है। इसमें कबूतरा गांव में आबादी की भूमि में निर्मित पक्का मकान की कीमत 15,33,551 एवं विश्वनाथ सिंह स्मारक महाविद्यालय का मूल्य 1,04,81,452 रुपये है। पुलिस का कहना है कि प्रदीप सिंह आपराधिक मानसिकता का व्यक्ति है। प्रदेश स्तर पर चिह्नित माफिया ध्रुव सिंह कुंटू का सहयोगी तथा थाना तरवां का हिस्ट्रीशीटर है। वर्ष 2005 से 2021 तक कुल 19 अपराध जनपद के विभिन्न थानों व लखनऊ के गोमतीनगर में पंजीकृत हैं। 17 जून को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने तहसीलदार मेंहनगर एवं थानाध्यक्ष तरवां को संपत्ति कुर्क करने आदेश दिया था।

आजमगढ़: 120 माइक्रॉन तक मोटे प्लास्टिक बैग सिंगल यूज प्लास्टिक माना जायेगा

Posted: 04 Jul 2022 06:37 AM PDT


ग्राम पंचायतों को सिंगल यूज पॉलिथीन से मुक्त कराना है - डीपीआरओ

आजमगढ़ 04 जुलाई-- जिला पंचायत राज अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2022 से सिंगल युज प्लास्टिक की वस्तु की खरीद, बिक्री, मैनूफैक्चरिंग रोक का आदेश निर्गत किया गया है। साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा यह भी आदेश निर्गत किया गया है कि यदि प्लास्टिक बैग की मोटाई 120 माइक्रॉन तक है तो यह सिंगल यूज प्लास्टिक के रूप में माना जायेगा। इसके अर्न्तगत प्लास्टिक स्टिक, गुब्बारे के लिए, प्लास्टिक सजावट के लिए polystanine tharmacole झण्डे व कैंडी की प्लास्टिक की स्टीक, चम्मच, ग्लास व कैरी बैग व अन्य सामग्री आते है। नाली, तालाबों, नदियों व समुन्द्रों में प्लास्टिक से बढ़ती मात्रा से जल प्रदूषण के साथ-साथ जलीय जीवो को नुकसान हो रहा है।
उन्होने कहा कि प्लास्टिक बैन में ग्रा0पं0 की भूमिका महत्वपूर्ण है, जनता के सहयोग के बिना प्लास्टिक बैन सफल नही हो पायेगी। साथ ही प्लास्टिक की वस्तु जिसको डिस्पोजल या रिसाइकिल से एक काम के लिए एक ही बार युज किया जाना है, ये सिंगलयूज वाली प्लास्टिक वस्तु को कचरे/डिस्पोजल के लिए ग्रा0 पंचायत को व्यवस्था बनानी होगी। उन्होने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये हैं कि अनुच्छेद 243 थ के अनुसार 50 माइक्रोन से कम घनत्व के प्लास्टिक कैरी बैगों, जिनके विनिर्माता का नाम और रजिस्ट्रीकर संख्या न हो, के उपयोग, विनिर्माण, विक्रय, वितरण, भण्डारण, परिवहन, आयात या निर्यात को इस अधिसूचना के गजट में प्रकाशित किये जाने के दिनांक से प्रतिषिद्ध करते है। अनुच्छेद 243 थ के अनसार क्षेत्रों में प्लास्टिक या थर्मोकोल से निर्मित एक बार उपयोग के पश्चात् निस्तारण योग्य कपों, गिलासों, प्लेटों, चम्मचों, टंबलरों के उपयोग, विनिर्माण, विक्रय, वितरण, भण्डारण, परिवहन, आयात निर्यात को दिनांक 15 अगस्त 2018 के प्रतिषिद्ध किया गया। क्षेत्रों में समस्त प्रकार के निस्तारण योग्य प्लास्टिक कैरी बैगों के उपयोग विनिर्माण, विक्रय, वितरण, भण्डारण, परिवहन, आयात या निर्यात को दिनांक 02 अक्टूबर 2018 से प्रतिषिद्ध किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने समस्त सहायक विकास अधिकारी (पं0) को निर्देश दिये कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज -2 के अर्न्तगत ग्राम पंचायत/सामुदायिक परिसर को स्वच्छ बनाने हेतु प्लास्टिक बिक्री दुकानदारों से संवाद कर सिंगलयूज प्लास्टिक को एकत्रित करना है। आम जनता को जागरूकता रैली के माध्यम से कपडे़/ जूट/कागज की थैली के लिए प्रोत्साहित करना है। ग्रामीण बाजारों मे व ग्राम पंचायतो में अन्य तत्व विखरे हुए सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्रित करना है। प्लास्टिक/पॉलिथिन के पैकेट से आने वाले वस्तु के प्रयोग उपरान्त पॉलिथिन को एक निर्धारित स्थल (पॉलिथिन बैंक) में जमा करना है। ग्राम पंचायत में बैठक कर पॉलिथिन मुक्ति के लिए प्रस्ताव पारित कर आम जनता को मुनादी कर सूचित करें।
उपरोक्त गतिविधियों को संचालित करने के लिए ग्रा0पं0 बाजारों में सफाई कर्मियों की टोली लगाकर पॉलिथिन को एकत्रित कर बोरे मे भरना व ग्राम पंचायत स्तर/न्याय पंचायत स्तर के किसी अप्रयुक्त शासकीय भवन के परिसर में इकट्ठा करना है। दो बजे अपराह्न के बाद सम्बन्धित ग्राम पंचायत के प्रधान के नेतृत्व में सचिव, न्याय पंचायत के सभी सफाईकर्मी, पंचायत सहायक व स्थानीय जन प्रतिनिधि, छात्रों व पर्यावरण प्रेमी के साथ रैली निकालना तत्पश्चात् गोष्ठी करें। प्रत्येक मजरे में न्यूनतम एक प्लास्टिक बैंक सड़क के किनारे स्थापित करें। पॉलिथीन प्रतिबद्ध व सिंगल प्लास्टिक यूज के सम्बन्ध में दिवार लेखन करायें। प्रति दिवस सफाई कर्मी द्वारा एकत्रित किये गये पॉलिथीन की मात्रा कि0ग्रा0 में विकास खण्ड पर सूचित करेंगें व विकास खण्ड द्वारा जनपद पर सूचित किया जायेगा। जागरूकता रैली व संवाद का फोटो ग्राफी ग्राम पंचायत स्तर पर एलबम में सुरक्षित रखा जायें। इस कार्य का व्यय ग्राम पंचायत से उपलब्ध टाइड फण्ड से किया जायेगा।
उपरोक्त निर्देशों का पालन करते हुए ग्राम पंचायत सिंगल यूज पॉलिथीन से मुक्त करना सुनिश्चित करें।

आजमगढ़: बाइक सवार दंपती को मारपीट कर सरेराह छिनैती

Posted: 04 Jul 2022 06:24 AM PDT


तमंचे की मुठिया से सिर पर किया वार,लाखों के गहने और मोबाइल ले भागे बदमाश

आजमगढ़: जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बाइक सवार पति-पत्नी से सरेराह छिनैती की घटना सामने आई है। बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर लाखों के गहने और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। विरोध करने पर युवक को कट्टे की मुठिया से मारपीट कर घायल भी कर दिया। मेंहनगर थाना क्षेत्र के भड़सारी-कटात चक कटात गांव स्थित माइनर के पास घटी घटना से हड़कंप मच गया। मौके पर पंहुचा पुलिस छानबीन में जुट गई है। शेखुदासपुर गांव निवासी संतोष यादव (30) की पत्नी बरदह थाना क्षेत्र के मुड़हर गांव स्थित मायके में थी। सोमवार सुबह संतोष अपनी पत्नी को मायके से बाइक पर बैठा कर घर लौट रहा था। दोनों मेंहनगर वाया गोसाई की बाजार मार्ग पर स्थित भड़सारी-कटात चक कटात गांव के बीच स्थित माइनर पर पहुंचे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने दंपती को तमंचा सटा दिया और महिला के गले से चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी उतरवाने लगे। संतोष ने विरोध किया तो तमंचे की मुठिया से सिर पर प्रहार कर उसे घायल भी कर दिया। इसके बाद जेवरात के अलावा मोबाइल छीन कर बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद संतोष ने किसी राहगीर को रोक कर उसके मोबाइल से यूपी 112 और मेंहनगर पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े छिनैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।

आजमगढ़: रेस्टोरेन्ट मालिक होटल के सामने दो बड़े डस्टबिन अवश्य रखें- डीएम

Posted: 04 Jul 2022 06:08 AM PDT


सूखे एवं गीले कूड़े के लिए अलग-अलग डस्टबिन न रखने पर नोटिस के बाद होगा चालान

आजमगढ़ 04 जुलाई-- जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज ने कहा कि सभी होटल/रेस्टोरेन्ट मालिक अपने होटल के सामने दो बड़े डस्टबिन अवश्य रखें। उन्होने कहा कि सूखा कूड़ा एवं गीला कूड़ा के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से कहा कि सभी दुकानदारों से बात कर यह सुनिश्चित किया जाय कि सबके दुकान के सामने डस्टबिन रखी जाये। उन्होने कहा कि सभी दुकानदार दुकानों से निकलने वाले कूड़े को प्रत्येक दशा में डस्टबिन में ही डालना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने ये निर्देश नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को देते हुए कहा कि सभी स्ट्रीट वेंडर भी अपने ठेले/दुकानों के सामने डस्टबिन रखना सुनिश्चित करें। उन्होने ईओ नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि नोटिस देने का प्रारूप पिं्रण्ट करा लें। उन्होने कहा कि दुकानों के आगे डस्टबिन न पाये जाने पर लिखित में नोटिस जारी करें तथा चालान भरवायें। उन्होने कहा कि यदि एक बार नोटिस देने पर भी डस्टबिन न रखें तो चालान/जुर्माना करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैटरी तथा इलेक्ट्रानिक्स सामानों के वेस्टेज को बाहर न फेंके। उन्होने कहा कि खराब सामानों को डस्टबिन में ही डालना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि अस्पताल एवं मेडिकल स्टोर वाले भी मेडिकल वेस्ट को बाहर न फेकें। उन्होने ईओ नगर पालिका को निर्देश दिये कि बाहर मेडिकल वेस्ट पाये जाने पर जुर्माना काटें तथा नोटिस जारी करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह, ईओ नगर पालिका आजमगढ़ सहित व्यापार मण्डल, होटल/रेस्टोरेन्ट मालिक तथा अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

आजमगढ़: माहुल में चोरी से बिजली उपभोग में 17 लोग पकड़े गए

Posted: 04 Jul 2022 05:53 AM PDT


एफआईआर दर्ज, लगभग 2.10 लाख रुपये की वसूली की गई

आजमगढ़ : बकाया राजस्व वसूली और चोरी से बिजली का उपभोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सोमवार को नगर पंचायत माहुल में अभियान चला। विद्युत विभाग व पुलिस प्रवर्तन दल की चेकिंग में 17 लोगों को विद्युत चोरी करते पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध विभागीय थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई। छह कनेक्शन का भार बढ़ाया गया। कुल 86 कनेक्शनों की चेकिंग की गई, जिसमें 34 उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाए पर काए गए। लगभग 2.10 लाख रुपये की वसूली की गई। विद्युत वितरण खंड-चतुर्थ (फूलपुर) एक्सईएन रामपाल सिंह यादव, एसडीओ सरायमीर राधेश्याम यादव, एसडीओ सत्य कुमार व निखिल शेखर सिंह आदि थे।

Post Bottom Ad

Pages