|
नमस्कार,
होर्मुज का खुलना भारत के लिए बेहद राहत भरी खबर है. भारत पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा था, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई थी. लेकिन अब इस खबर के बाद कच्चे तेल का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसल गया है. वहीं, ईरानी अधिकारी का कहना है कि अभी भी अमेरिका के साथ कई मुद्दों पर मतभेद हैं, जिनमें परमाणु मुद्दे भी हैं. इस पर गंभीर वार्ता की जरूरत है. लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा 131वां संविधान संशोधन विधेयक मतदान में 54 वोट से गिर गया है. इस बिल के गिर जाने के बाद सरकार ने इससे संबंधित दो अन्य बिल आगे नहीं बढ़ाए. ऐसे में अब नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए संविधान संशोधन बिल की हार के विरोध में बाद बीजेपी बड़े स्तर पर प्रदर्शन की तैयारी में है. इंडियन एयरफोर्स ने शुक्रवार देर रात बताया कि पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे एक विमान से जुड़ी घटना के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. अब बात अगर IPL की करें तो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने हुईं. इस मुकाबले में गुजरात ने पांच विकेट से बाजी मारी. |