|
नमस्कार,
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी के बीच अमेरिकी नेवी ने ईरानी झंडे वाले कार्गो (मालवाहक जहाज) को अपने कब्जे में लिया है. इस कार्गो ने होर्मुज के पास अमेरिकी नौसैनिक की नाकेबंदी को पार करने की कोशिश की थी. वहीं, अमेरिकी डेलिगेशन सोमवार को दूसरे दौर की शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद जाने की तैयारी कर रहा है, इस बीच ईरान ने अपना डेलिगेशन भेजने से इनकार कर दिया है. इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर पर सहमति बनने के बाद फिलहाल जंग थम गई है. इस बीच इजरायली सेना ने पहली बार एक मैप जारी किया है, जिसमें दिखाया गया है कि लेबनान के कौन से इलाके उसके कब्जे में हैं. भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में रविवार को चुनावी रैली के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क किनारे एक दुकान पर झालगुड़ी खाने पहुंचे. उनका यहां कुछ देर रुकना, एक नए सियासी विवाद का कारण बन गया है. अजित पवार विमान हादसे की जांच में नया मोड़ आया है. महाराष्ट्र सीआईडी अब रोहित पवार द्वारा बेंगलुरु में दर्ज जीरो FIR को भी जांच में शामिल करेगी. यह FIR पहले बारामती पुलिस के जरिए सीआईडी तक पहुंची. आईपीएल 2026 का 29वां मुकाबला रविवार को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जॉयंट्स के बीच खेला गया. इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 54 रनों से शानदार जीत हासिल की. |