सुल्तानपुर टाइम्स |
- जिले में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 2022 गरीब मरीजों को मिला चिकित्सा लाभ
- 3 जनवरी से 15 से 18 साल के उम्र वालों को लगेगी वैक्सीन
- आसमान में छाए बादल,बारिश व ओलावृष्टि की संभावना
- किशोरी से शादी करने पहुंचा था 30 साल का युवक,पुलिस के पहुंचने से काफूर हुईं खुशियां
- यूपी में आज से रात्रिकालीन कर्फ्यू
- लव जिहाद की शिकार नर्स के साथ शादी का झांसा देकर 1 साल लिव इन में रहा इंटेलिजेंस सिपाही
- सीएम योगी ने फ्री टैबलेट वितरण का किया शुभारंभ
- नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बीएएमएस छात्रा के साथ गैंगरेप
- एक लाख विद्यार्थियों को मिलेगा स्मार्टफोन और टैबलेट,सीएम योगी आज करेंगे पहले चरण की शुरुआत
- छेड़छाड़ का केस नहीं लिया वापस, आरोपी ने मां-पिता और बेटी को मारी गोली
- नवनिर्मित संघ भवन का केंद्रीय मंत्री ने किया निरीक्षण
| जिले में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 2022 गरीब मरीजों को मिला चिकित्सा लाभ Posted: 26 Dec 2021 05:06 AM PST सुलतानपुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० डी०के० त्रिपाठी ने अवगत कराया कि रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओ में इलाज, जांच, कोविड-19 जांच व संबंधित जानकारी तथा गोल्डन कार्ड बांटे जाने से यह मेला काफी लोकप्रिय रहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के समस्त सीएचसी/पीएचसी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 89 चिकित्सक, 396 पैरामेडिक ने योगदान दिया, जिससे 2022 लाभार्थी को लाभ प्राप्त हुआ, जिनमें 848 पुरुष, 985 महिला, 189 बच्चों को चिकित्सा व्यवस्था दी गई तथा 21 गोल्डन कार्ड, 682 कोविड स्क्रीनिंग तथा 197 आरटीपीसीआर किया गया। |
| 3 जनवरी से 15 से 18 साल के उम्र वालों को लगेगी वैक्सीन Posted: 25 Dec 2021 11:01 PM PST
नई दिल्ली देश में 3 जनवरी से 15 से 18 साल तक की उम्र वाले करीब 8 करोड़ बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके अलावा 10 जनवरी से हेल्थ वर्कर्स समेत करीब 3 करोड़ फ्रंट लाइन वर्कर्स को 'Precaution Dose' (कोरोना संक्रमित होने की सबसे ज्यादा संभावना वालों को दी जाने वाली बूस्टर डोज) दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 13 मिनट 46 सेकेंड के संबोधन में इस बात की घोषणा की।प्रधानमंत्री ने कहा कि 60+ उम्र वाले कॉ-मॉरबिडिटी (गंभीर बीमारी से पीड़ित) वाले नागरिकों को भी उनके डॉक्टर की सलाह पर वैक्सीन की 'Precaution Dose' का विकल्प दिया जाएगा। इसकी भी शुरुआत 10 जनवरी से ही की जाएगी। प्रधानमंत्री ने देर शाम 9 बजकर 46 मिनट पर अपना संबोधन शुरू किया और करीब 10 बजे खत्म किया।साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने ये भी कहा कि जल्द ही देश में नेजल वैक्सीन और दुनिया की पहली डीएनए वैक्सीन लगाना भी शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर देशवासियों से कोरोना महामारी से बचाव के सभी उपायों का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि महामारी को हराने के लिए मास्क पहनने जैसे उपायों को अपनाए रखना जरूरी है। |
| आसमान में छाए बादल,बारिश व ओलावृष्टि की संभावना Posted: 25 Dec 2021 11:00 PM PST
लखनऊ वेस्ट यूपी में ठंड का असर सबसे ज्यादा है। यहां लगातार ठिठुरन बनी हुई है। आसमान में बादल छाने से मौसम ने करवट बदल ली है।मौसम विभाग ने भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।पहाड़ों पर पश्चिम से नमी भरी हवाओं के पंहुचने से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ती जा रही है। बीते एक सप्ताह से मेरठ का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से ठंड और बढ़ और बढ़ गई है। रविवार सुबह से ही धुंध छाई हुई है। हल्की धूप जरूर निकली है लेकिन धुंध है।रविवार सुबह के समय हल्की धूप खिली। जिस कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। 26 दिसंबर की सुबह न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ का न्यूनतम तापमान इसी सप्ताह 2.8 तक पहुंच गया था। वेस्ट यूपी और एनसीआर में लगातार मौसम सर्द बना हुआ है।मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि 26 व 27 दिसंबर को को ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार वेस्ट यूपी में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद के अलावा अलीगढ़ क्षेत्र में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। दिसंबर माह में आखिरी दिनों तक मौसम सर्द रहेगा। वहीं नए साल की शुरूआत में भी तापमान कम ही रहने की संभावना जताई जा रही है। |
| किशोरी से शादी करने पहुंचा था 30 साल का युवक,पुलिस के पहुंचने से काफूर हुईं खुशियां Posted: 25 Dec 2021 10:59 PM PST लखनऊ मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के कोटवां गांव में 15 वर्षीया किशोरी से शादी रचाने मैनपुरी से 30 वर्षीय युवक परिजनों संग आया था। सूचना पर पहुंचे प्रोबेशन विभाग व देहात कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से हो रही शादी को रुकवाया। पुलिस ने मौके से लड़के पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच में जुट गई है।लड़के पक्ष की ओर से एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है। फिलहाल अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। मैनपुरी जिले का रहने वाला एक 30 वर्षीय युवक अपने परिजनों के साथ एक बोलेरो से देहात कोतवाली क्षेत्र के कोटवा गांव एक 15 वर्षीय किशोरी से शादी करने आया था। लड़के पक्ष के लोग गांव के किसी व्यक्ति के यहां दो दिन से रुके हुए थे। 15 वर्षीय किशोरी से शादी होने की सूचना पर देर शाम जिला प्रोबोशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी व देहात कोतवाल विजय कुमार चौरसिया अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम ने नाबालिग से हो रही शादी को तत्काल रुकवाया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले लड़के पक्ष वाले फरार हो गए थे। |
| यूपी में आज से रात्रिकालीन कर्फ्यू Posted: 25 Dec 2021 07:07 AM PST लखनऊ अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,97,506 सैम्पल की जांच की गयी, जिसमें कोरोना संक्रमण के 38 नये मामले आये हैं। विभिन्न जनपदों से 1,02,119 सैम्पल आरटीपीसीआर की जांच के लिए भेजे गये हैं। प्रदेश में अब तक कुल 9,18,25,372 सैम्पल की जांच की गयी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 20 तथा अब तक कुल 16,87,677 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल 282 एक्टिव मामले हैं तथा 205 लोग होम आइसोलेशन में हैं।श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड टेस्टिंग सवा लाख से डेढ़ लाख से बढ़ाकर 02 लाख तक की जा रही है। हाल में कोविड-19 के केस बढ़ने पर कोविड टेस्टिंग बढ़ायी गयी है। उन्होंने बताया कि कोविड के नये वेरिएंट ओमिक्रान के 03 मामले प्रदेश में आये थे। ओमिक्रान से संक्रमित तीनों व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ तथा संक्रमणमुक्त हैं। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के नये वेरिएंट ओमिक्रान से बचने के लिए सावधानी बरतें तथा अपना टीकाकरण करवायें। जिन लोगों में अपनी प्रथम डोज ले ली है वो समय आने पर दूसरी डोज भी अवश्य लें। प्रदेश में वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है तथा वैक्सीनेशन सेंटर अधिक मात्रा में खोले जा रहे हैं। कोविड टीकाकरण के बाद कोविड में जटिलता कम आती है। उन्होंने बताया कि आज से प्रदेश में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 11 बजे से सुबह 05 बजे तक लागू किया गया है इसमें आवश्यक सेवाएं चलती रहेंगी।श्री प्रसाद ने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में 13,26,126 डोज दी गयी। प्रदेश में कल तक पहली डोज 12,47,00,102 तथा दूसरी डोज 6,82,05,734 लगायी गयी हैं तथा अब तक कुल 19,29,05,836 डोज दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमण अभी पूरी तरह समाप्त नही हुआ है। इसलिए सभी लोग कोविड अनुरूप आचरण करे। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन 18001805145 पर सम्पर्क करे। |
| लव जिहाद की शिकार नर्स के साथ शादी का झांसा देकर 1 साल लिव इन में रहा इंटेलिजेंस सिपाही Posted: 25 Dec 2021 03:09 AM PST लखनऊ मुरादाबाद में लव जिहाद की शिकार नर्स के साथ रेप करने के आरोपी इंटेलिजेंस सिपाही के खिलाफ मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर ली गई है। सिपाही मुरादाबाद में क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई में तैनात है। उसके खिलाफ रेप के अलावा जान से मारने की धमकी देने और धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है।पीड़िता ने वर्ष 2019 में मुरादाबाद के डिलारी थाने में लव जिहाद का एक मामला दर्ज कराया था। आरोपी सिपाही राघवेंद्र सिंह इसी मामले में छानबीन करने के बहाने पीड़िता के घर पहुंचा था। सिपाही की नीयत खराब हुई तो वह आए दिन पूछताछ का बहाना बनाकर नर्स के घर जाने लगा। एक दिन रात को नर्स को अकेला पाकर सिपाही ने उसके साथ रेप किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।मुरादाबाद जिले में ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली युवती शहर के एक निजी नर्सिंग होम में नर्स है। 2019 में फैजान नाम के मुस्लिम युवक ने ईशान चौधरी बनकर उससे दोस्ती की थी। दोनों रिलेशनशिप में रहने लगे। तब युवती को पता चला कि ईशान चौधरी का असली नाम फैजान है। युवती ने फैजान के खिलाफ डिलारी थाने में लव जिहाद की एफ आई आर दर्ज कराई थी। फैजान काे पुलिस ने जेल भेज दिया था। इसी केस के सिलसिले में इंटेलिजेंस में तैनात सिपाही राघवेंद्र सिंह ने नर्स के घर आना - जाना शुरू किया था।नर्स का कहना है कि मुरादाबाद क्षेत्रीय अभिसूचना कार्यालय में तैनात सिपाही राघवेंद्र सिंह मूल रूप से बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में बग्गा कालोनी का रहने वाला है। 22 दिसंबर 2019 को वो रात को 10 बजे छानबीन करने के बहाने घर आया। अकेला पाकर पिस्टल तानकर उसने रेप किया। इसके बाद जब सिपाही को लगा कि नर्स पुलिस में शिकायत कर सकती है तो उसने उसे शादी कर लेने का झांसा दिया। खुद को अविवाहित बताकर वह सालभर तक नर्स के साथ लिव इन में रहा।पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर में उसने मिलिट्री कैंटीन से कुछ सामान खरीदने के लिए राघवेंद्र सिंह का आईकार्ड लिया था। ताकि कैंटीन से डिस्काउंट पर खरीदारी कर सके। आई कार्ड के पीछे पर्सनल इंफार्मेशन में ऋचा सिंह का नाम लिखा था। नर्स ने राघवेंद्र से पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। बाद में पता चला कि वो उसकी पत्नी है। नर्स ने बताया कि राघवेंद्र शादीशुदा है और उसके 5 साल का एक बेटा भी है। जबकि वह खुद को अविवाहित बताकर उसके साथ सालभर से पति के तौर पर रह रहा था।इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि सिपाही राघवेंद्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी |
| सीएम योगी ने फ्री टैबलेट वितरण का किया शुभारंभ Posted: 25 Dec 2021 02:58 AM PST लखनऊ प्रदेश के छात्र-छात्राओं को एक करोड़ मुफ्त टैबलेट, स्मार्टफोन वितरण अभियान का लखनऊ से शुभारंभ करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी कहते थे कि सिद्धांतविहीन राजनीति मौत का फंदा होती है। जो व्यक्ति मूल्यों व आदर्शों को लेकर समाज हित में आगे बढ़ता है, उसी का जीवन सार्थक व प्रेरणादायी होता है। अटल जी का पूरा जीवन लोक व राष्ट्र कल्याण के लिए था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को तकनीकी दृष्टि से दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए आज इस टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। 'सोच ईमानदार तो काम दमदार'।जब सरकार की नीयत साफ होती है तो काम भी दमदार दिखता है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने भारतीय राजनीति को 06 दशक तक जिस शुचिता व पारदर्शिता के साथ एक नई दिशा देने का कार्य किया था, वह भारतवासियों व प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए सदैव प्रेरणदायी बना रहेगा। उनकी प्रेरणा हम सभी को निरंतर नई दिशा देती रहती है।श्रद्धेय अटल जी ने एक बात बहुत मजबूती से कही थी कि 'जीवन में व्यक्ति को कुछ मूल्यों व सिद्धांतों के लिए जीना चाहिए। अपने लिए जीना, जीना नहीं होता है।जब व्यक्ति समाज के लिए जीता है, मूल्यों व आदर्शों को लेकर आगे बढ़ता है, तब उसका जीवन सार्थक होता है।श्रद्धेय अटल जी ने कहा था, 'छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता।युवा साथियों,सोच कभी छोटी नहीं होनी चाहिए। विराट सोच आपके व्यक्तित्व को भी एक नई विराटता प्रदान करेगी।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा उसकी जगह जेल होगी। |
| नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बीएएमएस छात्रा के साथ गैंगरेप Posted: 24 Dec 2021 11:49 PM PST लखनऊ बिजनौर में कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। जहां बीएएमएस की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि उसकी सहेली के भाई और उसके साथी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ गैंगरेप किया तथा उसका वीडियो बना लिया।पीड़िता का मेडिकल करा कर अदालत में बयान दर्ज कराया गया है।घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।बीएएमएस कर रही छात्रा को बर्थडे पार्टी में ले जाने की बात कह कर नगीना के एक होटल में ले गए।जहां उमेर और अब्दुल ने कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।शिकायत में कहा गया है कि दोनों लड़को ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई जिससे वह बेहोश हो गयी और होश आने पर उसे पता चला कि दोनों ने दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया। महिला ने बताया कि दोनों आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए मारपीट कर उससे रूपए भी छीन लिए और देर रात उसे सड़क पर छोड़ गये।पीड़ित छात्रा ने पुलिस में तहरीर दी।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि युवती बिजनौर के छात्रावास में रहकर बीएएमएस का कोर्स कर रही है। पीड़ित छात्रा का मेडिकल कराकर स्लाइड जांच के लिए भेजी गयी है और पीड़िता का अदालत में बयान दर्ज करा दिए गये हैं।पुलिस उपाधीक्षक के मुताबिक अभियुक्तों की गिरफ्तारी को कई स्थानों पर दबिश दी गयी है और शीघ्र उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा। |
| एक लाख विद्यार्थियों को मिलेगा स्मार्टफोन और टैबलेट,सीएम योगी आज करेंगे पहले चरण की शुरुआत Posted: 24 Dec 2021 09:27 PM PST
लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के मौके पर राज्य में स्नातक, स्नातकोत्तर, मेडिकल, इंजीनियरिंग और कौशल विकास प्रशिक्षण से जुड़े विद्यार्थियों को मुफ्त स्मार्टफोन और टैबलेट बांटने की योजना की शुरुआत करेगी।राजधानी लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर 12 बजे एक लाख विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित करेंगे। इस पहले चरण में एमए, बीए, बीएससी, आईटीआई, एमबीबीएस, एमडी, बीटेक, एमटेक, पीएचडी, एमएसएमई और स्किल डेवलपमेंट आदि के फाइनल ईयर के छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके लिए 10.5 लाख से अधिक स्मार्टफोन और 7.20 लाख टैबलेट का ऑर्डर दिया गया है।आईटी और इलेक्ट्रानिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि यह योजना विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से अपग्रेड करने की दिशा में बड़ा कदम है। स्मार्टफोन और टैबलेट में न सिर्फ पढ़ाई के लिए ऑनलाइन रीडिंग मैटेरियल मिलेगा बल्कि रोजगार से जुड़ी जानकारियां भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि सभी स्मार्टफोन और टैबलेट में डीजी शक्ति अध्ययन ऐप इंस्टाल किया गया है।जिसके जरिये संबंधित विश्वविद्यालय या विभाग विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पाठ्यसामग्री उपलब्ध कराएंगे। शासन की ओर से बूट लोगो और वाल पेपर के माध्यम से रोजगार परक योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।योजना की नोडल एजेंसी यूपीडेस्को के एमडी कुमार विनीत ने बताया कि शनिवार को आयोजित समारोह में हर जिले से दो-दो सौ विद्यार्थियों को भी टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद जिलों में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जाएंगे।रिपोर्ट के अनुसार इस योजना के लिए अब तक 38 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं जिन विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका है वे 25 दिसंबर के बाद डीजी शक्ति पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। |
| छेड़छाड़ का केस नहीं लिया वापस, आरोपी ने मां-पिता और बेटी को मारी गोली Posted: 24 Dec 2021 09:24 PM PST लखनऊ अलीगढ़ जिले के थाना सासनी गेट क्षेत्र की एडीए कालोनी में शुक्रवार देर रात छेड़छाड़ के मुकदमे में वादी परिवार द्वारा फैसला न करने पर पड़ोसी आरोपी ने घर में घुसकर फायरिंग कर दी। मां-पिता सहित बेटी को गोली लगी है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डाक्टरों ने तीनों को जेएन मेडिकल कालेज के लिए देर रात को ही रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों की हालत नाजुक है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। आरोपी के परिवार के तीन लोगों को हिरासत में लिया है।इधर, घायल नाबालिग की तहरीर के आधार पर आरोपी शाहिल और उसकी बहन मिनाक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एडीए कालोनी में बने ईडब्ल्यूएस क्वार्टर में एक नाबालिग अपने परिवार संग रहती है। वाकया 2019 का है। नाबालिग के पड़ोसी ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी थी। शाहिल भारद्वाज उर्फ कान्हा पर पीड़िता के पिता की ओर से थाना सासनी गेट में मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से आरोपी पीड़ित परिवार पर मुकदमा वापस लेकर समझौते के लिए दवाब बना रहा था। शुक्रवार की शाम को नाबालिग कोचिंग से लौट रही थी। तभी शाहिल ने उसे रास्ते में रोक लिया और समझौता करने क लिए कहा। नाबालिग द्वारा मना करने पर उसके साथ अभद्रता कर दी। वह जैसे-तैसे मौके से निकल घर पहुंची और परिवार को पूरा वाकया बताया। बेटी की बात सुन उसके माता और पिता सासनी गेट थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसकी भनक आरोपी की लग गई। उसने थाने से लौटते ही पीड़ित परिवार के घर में धावा बोल दिया। हाथ में तमंचा लेकर घर के भीतर घुसा और गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित परिवार ने विरोध किया। इसी दौरान उसने एक के बाद एक कई फायर झोंके, जो कि मां-बेटी और पिता को लग गए। तीनों मौके पर लहुलुहान हो गए। गोलियों की आवाज सुन पड़ोसी सन्नाटे में आ गए। इधर, आरोपी मौके से भाग निकला। पड़ोसियों की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों घायलों को पहले जिला अस्पताल और फिर वहां से रेफर किए जाने पर जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पुलिस ने देर रात को ही घायल नाबालिग से आरोपी के खिलाफ तहरीर लेकर आरोपी शाहिल और उसकी बहन मिनाक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। |
| नवनिर्मित संघ भवन का केंद्रीय मंत्री ने किया निरीक्षण Posted: 24 Dec 2021 08:50 PM PST सुलतानपुर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कल देर शाम सुल्तानपुर पहुंची। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित संघ कार्यालय का निरीक्षण किया, साथ ही विभाग प्रचारक अजीत जी,पूर्व मंत्री विनोद सिंह समेत तमाम संघ कार्यकर्ताओ से मुलाकात की। करीब 40 मिनट रहने के बाद स्मृति ईरानी अमेठी के लिये रवाना हो गई।दरअसल नगर के कमला नेहरू संस्थान के पास हाल में ही संघ कार्यालय बनकर तैयार हुआ है। इसी कार्यालय में आज कल शाम करीब पौने आठ बजे केंदीय मंत्री स्मृति ईरानी पहुंची। इस दौरान स्मृति इरानी ने संघ कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद कार्यालय में मौजूद विभाग प्रचारक अजीत जी,पूर्व मंत्री विनोद सिंह समेत तमाम संघ कार्यकर्ताओ और भाजपा नेताओं से उन्होंने मुलाकात की। कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद कार्यालय से बाहर निकली स्मृति ईरानी ने मीडिया से बात से इनकार कर दिया। करीब 40 मिनट तक संघ कार्यालय में रहने के बाद स्मृति ईरानी अमेठी के लिये रवाना हो गई। इस दौरान संघ कार्यालय पर भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, मीडिया विभाग के जिला संयोजक अरुण द्विवेदी, समाजसेवी राजेश पांडेय समेत तमाम भाजपा नेता वहां मौजूद रहे। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |