आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, March 12, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आज़मगढ़: 50 पार के अक्षम आरक्षियों की छंटनी, दो को अनिवार्य सेवानिवृत्ति

Posted: 12 Mar 2022 07:21 AM PST


पिछले साल ही मांगी गई थी सूची, जिले में 72 दायरे में थे,अब फिर होगी स्क्रीनिंग

पहले ही दो आरक्षियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा चुकी है- अनुराग आर्य,एसपी

आजमगढ़: पुलिस विभाग में 50 साल पार अक्षम आरक्षियों की छंटनी शासन की तरफ से की जा रही है। इसके लिए डीजीपी ने पिछले साल ही सूची मांगी थी। पिछले साल नवंबर में जिले से 50 साल के ऊपर के आरक्षी व मुख्य आरक्षियों की सूची शासन को भेजी गई थी। इसमें 72 आरक्षी व मुख्य आरक्षी शामिल थे। शासन ने इस सूची में अक्षम पाए गए आरक्षी शहजादे अहमद व परमात्मा प्रसाद को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है। चुनाव के कारण इस कार्रवाई पर विराम लगा हुआ था। इस सूची में बचे अन्य आरक्षियों की कार्यशौली की समीक्षा फिर शुरू हो गई है। इससे महकमे में खलबली मच गई है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि नवंबर में ही सूची भेज दी गई थी। इसमें दो आरक्षियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति शासन की तरफ से दी गई है। इस पर एसपी अनुराग आर्य ने बताया की काम के प्रति दक्षता बढ़ाने के प्रति गंभीर शासन ने अक्षम कर्मचारियों की 20 मार्च तक सूची मांगी है। फिर से आदेश भी मिला है, लेकिन मेरे यहां बीते नवंबर माह में ही दो आरक्षियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा चुकी है।

आज़मगढ़: एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराई बाइक, जीजा,साले की मौत

Posted: 12 Mar 2022 06:53 AM PST


एक्सप्रेस-वे पर पवई क्षेत्र के हमीरपुर के पास बाइक से गिरे,पीछे से आ रहे वाहन ने रौंदा

आजमगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पवई थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव के पास शुक्रवार की रात डिवाइडर से टकराने के बाद गिरे बाइक सवारों को पीछे से आ रहे वाहन ने रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों की जेब से मिले कागजात के आधार पर उनके घर सूचना भेजी। देर रात मनीष के परिवार के लोगों ने दोनों की शिनाख्त की।
हादसे के समय मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा निवासी मनीष विश्वकर्मा (26) पुत्र जगन्नाथ विश्वकर्मा और उनके साले जीयनपुर कोतवाली के अजमतगढ़ कस्बा निवासी राम आशीष विश्वकर्मा (20) पुत्र राम विनय लखनऊ से फ्लिप कार्ट कंपनी में साक्षात्कार देकर बाइक से घर लौट रहे थे। हमीरपुर गांव के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उसके बाद पीछे से आ रहे वाहन ने दोनों को रौंद दिया, जिससे मौके पर मनीष की मौत हो गई। पुलिस राम आशीष को बचा लेने की उम्मीद में एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रही थी कि रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे राम आशीष के पिता ने बताया कि दोनों गुरुवार की शाम बाइक से लखनऊ गए थे। वहां से दोनों लौट रहे थे। मनीष अपने साले राम आशीष को जीयनपुर कस्बा में छोड़कर मझवारा के लिए निकल जाते, लेकिन ऊपर वाले को कुछ और मंजूर था। मनीष माता-पिता के इकलौते संतान थे और तीन वर्ष पहले ही शादी हुई थी। मनीष के पिता ने बताया कि इंटरव्यू में पास होने की सूचना भी घर पर फोन से मनीष ने दी थी।

आज़मगढ़: सर्वोदय कालेज में जनपदीय रोवर्स रेन्जर्स समागम का हुआ शुभारम्भ

Posted: 12 Mar 2022 06:20 AM PST




महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति ने किया उद्घाटन

आज़मगढ़: शनिवार को दो दिवसीय 30वाँ जनपदीय रोवर्स रेंजर्स समागम सर्वोदय महिला डिग्री कालेज हरबंशपुर, आज़मगढ़ के प्रांगण में सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि प्रो0 प्रदीप कुमार शर्मा कुलपति , महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय , आजमगढ़ के द्वारा उद्घाटन की विधिवत घोषणा के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट विपरीत परिस्थियों में जीवन जीने की कला है और ये बात इस समागम में छात्रों ने अपने अनुशासन के माध्यम से साबित भी कर दिया और साथ ही साथ कार्यक्रम संयोजक व अयोजन सचिव व महाविद्यालय के प्रति अपना आभार व्यक्त किया । इस समागम में शामिल होने का आजमगढ़ विश्वविद्यालय का पहला कुलपति होने के नाते औपचारिक रूप से छात्रों के बीच यह मेरा पहला कार्यक्रम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ0 जगदेव , संयोजक रोवर्स/रेन्जर्स, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने की। कार्यक्रम का प्रारम्भ एवं अतिथियों का स्वागत हर्षनाद से कलर पार्टी द्वारा किया गया। तत्पश्चात सर्वोदय महिला डिग्री कालेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एंव स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। उसके बाद स्कउटिंग की परम्परा के अनुसार अतिथियों का स्वागत स्कार्फ , व वागेल , बैज अलंकरण , कैप अलंकरण द्वारा किया गया। स्वागत परिचय रोवर्स / रेंजर्स संयोजक , आजमगढ़ , डॉ0 शफीउज़्जमाँ ने प्रस्तुत किया उसके बाद गुब्बारा उड्डयन , कपोत उड्डयन , मार्च पास्ट द्वारा सलामी , अतिथियों के सम्मान में प्रस्तुत की गई। उसके बाद अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम द्वारा किया गया ।
जनपदीय समागम में कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया जिसमें 12 रेंजर्स , 08 रोवर्स ने प्रतिभाग किया । प्रतिभाग करने वाली टीमों में प्रमुख रूप से शिब्ली , डी0 ए0 वी0 , चण्डेश्वर , अतरौलिया , अहरौला , कोलघाट , रामदेव , मालटारी , चगंईपुर , मेजबान सर्वोदय महिला डिग्री कालेज महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया ।
आज की मुख्य प्रतियोगिताएँ पोस्टर , निबन्ध , क्विज , इकोरेस्टोरेशन , यूथफोरम , सैंड सटोरी , रोल प्ले , कैंप फायर प्रतियोगिताएँ आयोजित हुई । आये हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन कायक्रम के आयोजन सचिव राजेन्द्र प्रसाद यादव ने किया । कार्यक्रम में सम्मानित प्रबंधक/प्राचार्य , डॉ0 कृष्णा सिंह , डॉ0 मीता सरल , कंचन यादव , डॉ0 अमरजीत , मो0 असमर ज़फर , प्रदीप राय , मो0 सादिक , डॉ0 पंकज सिंह, डॉ0 सुजीत कुमार श्रीवास्तव , गुफरान अहमद, इमरान अहमद , मो0 अशरफ, अब्दुल्ला, सुभाहन अहमद , डॉ0 मो0 आरिफ , संतोष यादव, पीयूष कुमार श्रीवास्तव, अमरजीत तिवारी, डॉ0 नन्दनी शुक्ला, गोरखनाथ यादव ,सुनीता सिंह, सुनीता कुमारी आदि उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्र संयोजक डॉ0 शफीउज़्ज़्माँ एवं तकनीकि संचालन जिला संगठन कमिश्नर अवधेश यादव ने संयुक्त रूप से किया ।

Post Bottom Ad

Pages