आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, March 29, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आज़मगढ़: बीमा रीनिवल के नाम पर शिक्षक से 17 लाख की ठगी

Posted: 29 Mar 2022 08:23 AM PDT


कंधरापुर क्षेत्र के पांडेय चवर गांव निवासी शिक्षक को कई प्रलोभन दे ठगा गया,मुकदमा दर्ज

आजमगढ़: कंधरापुर थाना क्षेत्र के पांडेय चवर गांव के शिक्षक हरिश्चंद्र से बीमा रीनिवल के नाम पर जालसाजों ने 17 लाख रुपये की ठगी कर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्रवाई में जुट गई है। शिक्षक का एक निजी कंपनी में बीमा की पालिसी थी। तीन साल पूर्व बीमा पालिसी लेप्स हो गई थी। बीमा संचालित करने के लिए उनके मोबाइल पर फोन कर जालसाजों ने कुछ रुपये की मांग की। इसके बाद लगातार फोन कर ठग उनसे खाते में पैसा मंगाते रहे। इस दौरान उन्हें कूपन, एफडी व बीमा सहित कई तरह के उपहार देने का लालच देते रहे। इस तरह वह शिक्षक से 17 लाख रुपये ठगी कर लिए। इसके बाद ठग अपना मोबाइल बंद कर दिए। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। एसओ शिव मिलन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आज़मगढ़: डीएम ने तैयार किया रोडमैप, खुशहाली का माध्यम बनेंगे बेसहारा पशु

Posted: 29 Mar 2022 07:55 AM PDT


गोशालाओं के गोबर से महिलाओं का समूह आत्मनिर्भर बनेगा, पर्यावरण संरक्षण भी होगा

गोबर से कंपोस्ट खाद, गमले, दीये बनाएंगी समूह की महिलाएं 

आजमगढ़ : गोशालाओं में पल रहे बेसहारा पशु आजमगढ़ में खुशहाली और हरियाली का माध्यम बनेंगे। यहां से निकलने वाले करीब 6742 क्विंटल गोबर से यह संभव होगा। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाएं गोशालाओं के गोबर से कंपोस्ट खाद, गमले, दीये बनाएंगी। इन उत्पादों को राजकीय व निजी नर्सरियों को बेचा जाएगा। इस कारोबार से होने वाले लाभ में से आधी धनराशि गोशाला प्रबंधन और शेष धन महिला समूहों को ट्रांसफर किया जाएगा। इस तरह आधी आबादी आत्मनिर्भर होगी तो गोशाला खुशहाल होंगे। नर्सरियों के गमले में तैयार पौधे जनपद समेत पास-पड़ोस के जिलों में हरियाली बिखेरेंगे।
यूं पर्यावरण के वाहक बनेंगे गोबर के गमले :
जनपद में राजकीय एवं निजी पौधशालाओं की कुल संख्या 40 है। नर्सरियों में पौध तैयार करने के लिए अभी पालीथिन बैग इस्तेमाल किए जाते हैं। एक आंकड़े मुताबिक जनपद में करीब आठ लाख पालीथिन बैग का इस्तेमाल होता है। अब इनकी जगह गोबर के गमले लेंगे। इस तरह गोबर के गमलों में जहां नर्सरी तेज गति के साथ गुणवत्तायुक्त तैयार होगी तो वहीं पालीथिन से दूरी पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति दिलाने में सहायक साबित होगी।
महिलाओं का समूह नर्सरियों को देगा कंपोस्ट
बीते साल जनपद के राजकीय एवं निजी नर्सरियों में 13,435 घनफीट कंपोस्ट खाद का उपयोग हुआ था। नर्सरियों के संचालक अपनी जरूरतें बाजार से पूरी करते थे। अब यहां कंपोस्ट सिर्फ स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ही बेच सकेंगी। किसी तरह की कोई परेशानी न आए, इसके लिए गोशालाओं, नर्सरियों एवं समूहों के लिए उनका कार्यक्षेत्र निर्धारित कर दिया गया है।
कमाल की पहल
- जिले में गोशालाओं की संख्या : 58
- गोशालाओं में प्रतिदिन गोबर की उपलब्धता : 6742 कुंतल
- जनपद में नर्सरियों की संख्या : 40
- नर्सरियों में कंपोस्ट खाद की जरूरत : 13,435 घन फीट
- नर्सरियों में प्रयुक्त पालीथिन के बैग : आठ लाख
जनपद में हरियाली और खुशहाली लाने का रोडमैप तैयार 
हमने जनपद में हरियाली और खुशहाली लाने का रोडमैप तैयार किया है और इसका रास्ता गोशालाओं से होकर गुजरेगा। कोई अतिरिक्त पूंजी नहीं लगेगी। गोशालाओं के मुफ्त गोबर से महिलाओं का समूह न सिर्फ आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि गोशाला भी खुशहाल होंगे। गोबर निर्मित उत्पाद के लिए बाजार भी नहीं ढूंढऩा है। हमारी एजेंसियां सीधे खरीदारी करेंगी। लाभ में से आधी धनराशि गोशालाओं के बेहतर रखरखाव पर खर्च की जाएगी तो शेष से समूह की महिलाएं खुद को आत्मनिर्भर बनाएंगी।
-अमृत त्रिपाठी, जिलाधिकारी

आज़मगढ़: अवैध गतिविधियों में संलिप्त गैंग के 04 लोगों पर लगा गैंगेस्टर एक्ट

Posted: 29 Mar 2022 07:21 AM PDT

डीएम अमृत त्रिपाठी

अवैध रूप से अर्जित सम्पतियों को जब्त किया जाएगा- अमृत त्रिपाठी, डीएम

आजमगढ़ 29 मार्च-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने विभिन्न अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने पर गैंग लीडर अरूण कुमार यादव पुत्र राजाराम यादव निवासी ग्राम एकडंगी थाना कप्तानगंज आजमगढ़ एवं उनके गैंग के चार सदस्य मुलायम यादव पुत्र स्व0 सतिराम निवासी ग्राम एकडंगी थाना कप्तानगंज आजमगढ़, सत्यपाल निषाद पुत्र राजाराम निषाद निवासी पचरी थाना अतरौलिया आजमगढ़, संजय यादव पुत्र स्व0 विश्वनाथ यादव निवासी सिकहुला कंगलीपुर थाना अतरौलिया आजमगढ़ एवं शिवरतन यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी ग्राम जगदीशपुर थाना जहांगीरगंज जनपद अम्बेडकरनगर के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त अभियुक्तों के द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गयी बेनामी संपत्तियों एवं वाहनों को जब्त कर आवश्यक कार्यवाही किया गया है।

आज़मगढ़: जारी रहेगी मुफ्त राशन योजना,विभाग ने शुरू की कवायद

Posted: 29 Mar 2022 07:07 AM PDT


निशुल्क राशन के साथ तीन माह तक चना, रिफाइंड व नमक का वितरण होगा

आजमगढ़: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत चिह्ति अंन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड उपभोक्ताओं को निशुल्क राशन के साथ तीन माह तक चना, रिफाइंड व नमक का वितरण होता रहेगा। शासन के निर्देश के निर्देश पूर्ति विभाग कवायद शुरू कर दिया है।
जिले में अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी के करीब सात लाख 9222 राशन उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। इनमे अन्त्योदय कार्डधारक एक लाख5783 व पात्र गृहस्थी के छह लाख 87439 कार्डधारक है। कोविड काल से गरीबो को राशन की परेशानी से बचने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन व प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत माह में दो बार राशन वितरण किया जा रहा है। राष्टीय खाद्य सुरक्षा मिशन में अन्त्योदय कार्डधारक को 20 किलोग्राम गेहूं व 15 किलोग्राम चावल के साथ एक किलोग्राम चना व नमक तथा एक लीटर रिफाइंड निशुल्क मिल रहा है। इसी तरह पीएम गरीब अन्न कल्याण योजना में अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेहूं व दो किलोग्राम चावल दिया जा रहा है। इसकी मियाद 31 मार्च तक थी निशुल्क राशन के साथ चना, रिफाइंड व नमक का वितरण बंद हो रहा था। लेकिन योगी 2.0 सरकार बनने के बाद अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को तीन माह निशुल्क राशन के साथ चना,रिफाइंड व नमक की घोषणा के बाद पूर्ति विभाग इसकी कवायद शुरू कर दी है। वितरण रोस्टर में एक बार राशन के साथ चना,नमक व तेल तो दूसरी बार सिर्फ प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन वितरण किया जाता है। जिसमें तीन किलो गेहू व दो किलो चावल दिया जाता है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि सरकार की तरफ से निशुल्क राशन के साथ रिफाइंड तेल,चना व नमक देने का क्रम तीन माह के लिए आगे बढाया गया है।

आज़मगढ़: 66 स्थानों पर हुई वाहन चेकिंग, 440 का हुआ चालान

Posted: 29 Mar 2022 06:28 AM PDT


आजमगढ़: जिले की पुलिस ने सोमवार की देर शाम वाहन चेकिग अभियान चलाया। इस दौरान 440 वाहनों को चालान किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को पुख्ता बनाने और अवांछित गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए 66 स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई जिसमें 1,569 वाहनों को चेक किया गया। बिना नंबर प्लेट की गाड़ी चलाने, यातायात के नियमों का पालन न करने, बाइक पर तीन सवारी चलने तथा बिना हेलमेट के चलने वाले 440 वाहनों का चालान किया गया।

आज़मगढ़: अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 03 गिरफ्तार

Posted: 29 Mar 2022 05:36 AM PDT

जीयनपुर पुलिस ने दो कुंतल गांजा के साथ ही तमंचा व कारतूस भी बरामद किया


आजमगढ़: जिले की जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने रजादेपुर के पास से मंगलवार की सुबह चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन गांजा तस्कारों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने ट्रक से तस्करी कर ले जाए जा रहे 20 पैकेट में दो कुंतल गांजा के साथ ही तमंचा व कारतूस भी बरामद किया। गिरफ्तार दो अभियुक्त हरियाणा के तथा एक जनपद का निवासी है। जीयनपुर कोतवाली प्रभरी यादवेन्द्र पांडेय हमराहियों व सर्विलांस टीम के साथ राजादेपुर के पास मंगलवार की सुबह चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचाना मिली की दोहरीघाट की तरफ से आ रही एक ट्रक मे गांजा है। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। दोहरीघाट की तरफ से आ रही एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। चालक तेजी से ट्रक को भगाना चाहा कि एकाएक ट्रक का इंजन बन्द हो गया। पुलिस ने ट्रक के चालक व केबिन में बैठे व्यक्तियों की तलाशी ली। घटना की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि ट्रक के केबिन से 10-10 किलोग्राम के 20 पैकेट में कुल दो कुंतल गांजा, एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। ट्रक से अभियुक्त संजीत सिंह पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी बसारिकपुर थाना मेंहनगर, शहाबुद्दीन पुत्र लियाकत निवासी छानेसा थाना हथिन जिला पलवल प्रान्त हरियाणा व अयूब पुत्र असरू निवासी लहरवाड़ी पुनहना जिला नूह प्रान्त हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वो लोग गांजा इकठ्ठा कर के चोरी छिपे भांग की दुकानों पर बेच कर अच्छा पैसा बनाते थे।

आज़मगढ़: मांगे नहीं मानी जाने पर विद्युतकर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

Posted: 29 Mar 2022 05:18 AM PDT



इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल के विरोध में दूसरे दिन भी विद्युत कर्मियों का प्रदर्शन जारी रहा


आजमगढ़: इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल-2021 के विरोध में दूसरे दिन मंगलवार को भी विद्युत कर्मियों का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। विद्युत संघर्ष समिति के आह्वान पर मुख्य अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना दिया और कार्य बहिष्कार पर रहे। कहाकि यदि उत्तर प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और प्रबंधन मांगों को नहीं मानता है तो ध्यानाकर्षण आंदोलन के बाद हड़ताल की जाएगी। जनता की सुविधाओं को देखते हुए दो दिवसीय आंदोलन से विद्युत उत्पादन, पारेषण सिस्टम आपरेशन वितरण में पाली के कर्मचारियों को कार्य बहिष्कार से अलग रखा गया है। इलेक्ट्रिसिटी अमेंडमेंट बिल-2021 वापस लेने, निजीकरण के लिए जारी किए गए स्टैंडर्ड बिडिंग डाक्यूमेंट वापस लेने, ग्रेटर नोएडा विद्युत वितरण का निजीकरण एवं आगरा शहर का फ्रेंचाइजीकरण तुरंत निरस्त किए जाने, विद्युत कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने, नियमित पदों पर नियमित भर्ती करने, सभी संवर्गों के कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने सहित सात सूत्रीय मांगों पर चर्चा की। संयुक्त संघर्ष समिति के नेता राजनारायण सिंह ने कहा कि यदि सरकार व प्रबंधन मांगों को नहीं मानता है तो ध्यानाकर्षण आंदोलन के बाद हड़ताल किया जाएगा। अध्यक्षता मुनौव्वल अली व संचालन प्रभुनारायण पांडेय प्रेमी ने किया। धर्मू प्रसाद यादव, संदीप प्रजापति, बीरेंद्र सिंह, आशुतोष यादव, निखिल शेखर सिंह, जयप्रकाश, काशीनाथ गुप्ता, अखिलेश पांडेय, अशेष, रामनरेश, नितीश, सूर्य प्रकाश सिंह थे।

आज़मगढ़: दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे बैंक व अन्य संस्थानों के कर्मचारी

Posted: 29 Mar 2022 05:06 AM PDT


संगठनों के आह्वान पर दूसरे दिन भी बैंक समेत कई विभागों के कर्मी हड़ताल पर रहे, 60 करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा

आजमगढ़ : केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर दूसरे दिन मंगलवार को भी वित्तीय संस्थानों, आयकर, डाकघर, बीमा समेत कई विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान अपने-अपने कार्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया और कर्मचारी एकता जिदाबाद के नारे लगाए। यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश उप महामंत्री विष्णु गुप्ता ने बताया कि दूसरे दिन की हड़ताल से लगभग 60 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
बताया कि केंद्र सरकार की श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों एवं सैकड़ों स्वतंत्र ट्रेड यूनियनों ने दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। दावा किया कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बैंक, बीमा, बीएसएनएल, आयकर, पोस्ट आफिस, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आदि शामिल हैं। इसी क्रम में आयकर कर्मचारी महासंघ के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारियों पर वर्क लोड कम करने, अपने निवास स्थान के निकट स्थानांतरण जैसी मांग की। प्रिस कुमार, रंगीश, सर्वेश, प्रवीण तिवारी, पुष्पेंद्र, जमशेद आलम, रईश अंसारी और मौजूद थे।
अंत में सभी हड़ताली कर्मियों ने जुलूस के रूप में बीएसएनएल कार्यालय से कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए रिक्शा स्टैंड व प्रधान डाकघर कार्यालय पर सभा कर आंदोलन के समापन की घोषणा की।जुलूस में जनवादी लोकमंच के रविद्र राय, बीएसएनएल के आनंद सिंह, गुलाब राय, बैंक के विष्णु गुप्ता, रिजवान अहमद, राजकुमार, डाक विभाग के रतन यादव, अमरदीप, एलआइसी के शेषनाथ राय, संयुक्त किसान मोर्चा के दुखरन राम, अखिल भारतीय किसान महासभा के जयप्रकाश नारायण, अखिल भारतीय किसान सभा के वेदप्रकाश उपाध्याय, मजदूर अधिकार संघर्ष अभियान के कन्हैया लाल, भारतीय किसान यूनियन के राजनेत, खेत मजदूर किसान संग्राम समिति के नंदलाल आदि शामिल थे। आंदोलन का समापन आवाज दो हम एक हैं से हुआ।

आज़मगढ़: video- पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा सप्लायर घायल,पैर में लगी गोली

Posted: 28 Mar 2022 09:47 PM PDT




सारायमीर पुलिस से गाहुखोर श्मशान घाट के पास हुई मुठभेड़

जौनपुर निवासी अबु सहमा से पिस्टल, तमंचा,कारतूस व बिना नम्बर की बाइक बरामद

आजमगढ़: जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में जौनपुर निवासी एक असलहा सप्लायर पैर में गोली लगने से जख्मी हुआ है। घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य ने बताया कि सरायमीर पुलिस सूचना मिली की सरायमीर थाना क्षेत्र के गाहुखोर श्मशान घाट के पास एक असलहा सप्लायर पिस्टल व तमंचा सप्लाई करने जा रहा है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तब तक उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली से जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव निवासी अबु सहमा पुत्र मो० ईसा उम्र 28 वर्ष घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने जेल में बंद तुफैल कुरेशी से लेकर नए उम्र के लड़कों को अवैध असलहा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। बता दे की तुफैल कुरेशी 27 मार्च को थाना सरायमीर से जेल गया है जिसके पास से एक पिस्टल 32 बोर बरामद हुई थी। आज पकड़ा गया आरोपी अबुसहमा भी अपने साथ लेकर एक प्रतिबंधित बोर की पिस्टल अपनी गाड़ी की सीट के नीचे छिपाया था व कहीं सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 1अवैध पिस्टल 32 बोर, 1 अवैध तमंचा 303 प्रतिबंधित बोर, 32 बोर 5 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस 32 बोर, 1 बिना नम्बर की यामाहा मोटरसाइकल बरामद की है।

आज़मगढ़: सड़क हादसे में मामी की मौत, भांजा जख्मी

Posted: 28 Mar 2022 08:16 AM PDT


जहानागंज क्षेत्र के बबुरा के पास अचानक कुत्ता आने से पलटी बाइक

आजमगढ़: जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुंआ गांव निवासी सुशीला देवी (45) पत्नी कमलेश यादव रविवार की शाम अपने भांजे उमेश यादव के साथ बाइक से दवा लेने के लिए गई थीं। शाम लगभग सात बजे दोनों बाइक से घर आ रहे थे कि जहानागंज थाना क्षेत्र के बबुरा के पास सड़क पर अचानक कुत्ता आ गया, जिसे बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे मामी-भांजा दोनों घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाने की व्यवस्था कर रहे थे कि सुशीला की मौत हो गई। उमेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डाक्टर ने उमेश की हालत गंभीर बताई। मृतका के दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

आज़मगढ़: 01 अप्रैल से होगी गेहूं खरीद, क्रय केंद्र स्थापित हुए

Posted: 28 Mar 2022 08:07 AM PDT


कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया, जाने नम्बर...

आजमगढ़ : रबी विणन वर्ष 2022-23 की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए गेहूं क्रय केंद्र स्थापित कर दिए गए है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि किसान से सीधे गेहूं खरीद की जाएगी। इसके लिए तहसील सदर के अंदर खाद्य विभाग के चार, पीसीएफ छह, तहसील सगड़ी में खाद्य विभाग चार, पीसीएफ नौ एवं एफसीआई एक, तहसील बूढ़नपुर में खाद्य विभाग के दो, पीसीएफ पांच, तहसील निजामाबाद में खाद्य विभाग के तीन, पीसीएफ चार, तहसील फूलपुर में खाद्य विभाग के दो, पीसीएफ एक, तहसील मार्टीनगंज में खाद्य विभाग एक, तहसील लालगंज में खाद्य विभाग तीन, पीसीएफ के 11, तहसील मेंहनगर में खाद्य विभाग एक, पीसीएफ नौ एवं एफसीआई के एक केंद्र स्थापित किए गए हैं। बताया कि खाद्य विभाग के 20, पीसीएफ 45 तथा भारतीय खाद्य निगम के दो केंद्र है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने एजेंसियों के जिला प्रमारियों को औपचारिकताएं पूर्ण कर क्रय केंद्रों के क्रियाशील करने का निर्देश दिया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कृषकों की गेहूं क्रय से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या- 21 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान नंबर 05462-220220, 9454417172 पर अपनी समस्या बता सकते हैं। इसमें विपणन सहायक मुबारकपुर सुनील 9795959489 एवं राधेश्याम 9170330248 की तैनाती की गई है।

आज़मगढ़: यूपी बोर्ड परीक्षा-हाईस्कूल व इंटर के 20,627 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे

Posted: 28 Mar 2022 07:58 AM PDT

कड़ी सुरक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं को जमा कराते लोग

यूपी बोर्ड परीक्षा-2022 के चौथे दिन का हाल

आजमगढ़: यूपी बोर्ड परीक्षा-2022 के चौथे दिन सोमवार को दो पालियों में हुई परीक्षा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 20,697 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा समाप्ति के बाद देर शाम उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजकीय बालिका विद्यालय के कोठार में रखा गया। प्रथम पाली सुबह आठ बजे से 11.15 बजे तक हाईकूल की चित्रकला व रंजनकला की परीक्षा थी। जिसमें 78,191 पंजीकृत छात्रों में 62,336 उपस्थित और 15,855 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि इंटरमीडिएट प्रथम पाली में भूगोल की परीक्षा में पंजीकृत 17,082 परीक्षार्थियों में 13,961 उपस्थित और 3121 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली अपराह्न दो बजे से शाम 5.15 बजे तक हुई। हाईस्कूल कंप्यूटर की परीक्षा में पंजीकृत कुल 519 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 465 उपस्थित और 54 अनुपस्थित रहे। जबकि इंटरमीडिएट व्यवसायी अध्ययन व गृहविज्ञान की परीक्षा में 12,854 छात्र पंजीकृत थे, जिसमें 11,187 उपस्थित एवं 1667 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे।

आज़मगढ़: वित्तीय संस्थानों में हड़ताल से एक अरब का कारोबार प्रभावित

Posted: 28 Mar 2022 07:03 AM PDT



केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर जिले भर में बैंक,बीमा व डाक संस्थानों में रही हड़ताल


आजमगढ़ : केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर सोमवार को जिले भर में बैंक, बीमा व डाक समेत सभी वित्तीय संस्थानों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सुबह बैंकों, बीमा कार्यालयों, टेलीफोन, डाकघर परिसर आदि में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांग उठाई। यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश उप महामंत्री विष्णु गुप्ता ने बताया कि पहले दिन की हड़ताल से लगभग एक अरब का कारोबार प्रभावित हुआ। उधर, बड़ौदा यूपी बैंक अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद तिवारी कुंदन ने बताया कि हमने सभी 85 शाखाओं में काम करते हुए आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया है।
देश भर के 10 श्रमिक संगठनों ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण बैंक, बीमा, बीएसएनएल, आयकर, पोस्ट आफिस, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आदि अपना काम ठप रखेंगे।
हड़ताली संगठनों ने श्रम संहिताओं को समाप्त करने, रक्षा क्षेत्र में हड़ताल पर रोक लगाने वाले कानून को निरस्त करने, कृषि कानूनों के रद होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा से किए गए वादों को पूरा करने, किसी भी रूप में निजीकरण न करने, गैर आयकर दाता परिवारों को प्रतिमाह 7500 नकद एवं मुफ्त राशन देने, मनरेगा के लिए आवंटन में वृद्धि और शहरी क्षेत्रों में रोजगार गारंटी योजना का विस्तार करने आदि की मांग की है। इसके अलावा आंगनबाड़ी, आशा, मध्याह्न भोजन और अन्य योजना के वर्करों के लिए वैधानिक न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, संविदा कर्मियों, योजना कर्मियों का नियमितीकरण करके समान काम के लिए समान वेतन देने, नई पेंशन स्कीम को निरस्त कर पुरानी पेंशन बहाल करने आदि की मांग की गई है।
हड़ताली कर्मियों ने यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय से जुलूस निकाला, जो बीएसएनएल, प्रधान डाकघर, कलेक्ट्रेट चौराहा, रैदोपुर चौराहा, गांधी तिराहा होते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर समाप्त हुआ। अखिल भारतीय किसान महासभा के रविद्र राय, बीएसएनएल के आनंद सिंह, गुलाब राय, यूनियन बैंक के विष्णु गुप्ता, रिजवान अहमद, डाक विभाग के रतन यादव, अमरदीप, एलआइसी से शेषनाथ राय आदि ने विचार व्यक्त किए।
जुलूस में जनार्दन, रामप्रकाश, सदरे आलम, धीरज, शिशिर, सौरभ, गिरीश, अखिलेश, सभाजीत, मोती राम, वंशराज, विजय चौहान, पंचानन राय, हरदरश राय, वीरेंद्र आदि ने भाग लिया।

आज़मगढ़: ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से किशोरी की मौत, मां-बेटे घायल

Posted: 28 Mar 2022 06:50 AM PDT


मुबारकपुर क्षेत्र के गजहड़ा गांव के कारूपार मोड़ पर ट्रेक्टर की चपेट में आई बाइक

आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गजहड़ा गांव के कारूपार मोड़ पर सोमवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार बहन की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हाजीपुर गांव निवासी चंदन (18) पुत्र विनोद निषाद अपनी बहन संजना (17) के साथ मां पूनम (40) को मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गूजरपार स्थित दांत के डाक्टर के यहां बाइक से दवा दिलाने के लिए लेकर जा रहे थे। गजहड़ा गांव के समीप कारूपार मोड़ पर पहुंचे कि पीछे से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ जाने से तीनों घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे, लेकिन तब तक चालक ट्रैक्टर-ट्राली समेत मौके से फरार हो गया। आनन-फानन लोगों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने संजना को मृत घोषित कर दिया। चंदन और पूनम की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतका कक्षा नौ की छात्रा और तीन भाई व दो बहनों में तीसरे नंबर पर थी। मौत की खबर सुनते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

आज़मगढ़: डीएम ने शराब की 08 दुकानों के लाइसेंस निरस्त किया

Posted: 28 Mar 2022 06:40 AM PDT


देशी शराब की 06, विदेशी शराब व बीयर की 01-01 दुकान निरस्त हुईं

आजमगढ़ 28 मार्च-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने आज शराब की कुल 08 दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिये। उन्होने बताया कि निरस्त की गयी दुकानों में देशी शराब की 06 दुकान, विदेशी शराब की 01 एवं बीयर की 01 दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया है। उन्होने बताया कि रोडवेज सिविल लाइन में अनुज्ञापी प्रदीप कुमार सिंह, अजमतगढ़ में अनुज्ञापी राम किशुन यादव, पिपरी में अनुज्ञापी इन्द्रपाल चौरसिया, अम्बारी में अनुज्ञापी चन्द्रकेश यादव, माहुल में अनुज्ञापी रंगेश यादव एवं बिलार मऊ (ख) में अनुज्ञापी ज्ञान प्रकाश यादव की देशी शराब की दुकान, जीयनपुर में अनुज्ञापी विनोद कुमार सिंह की विदेशी शराब तथा गोसाईं की बाजार में अनुज्ञापी कुलदीप कुमार की बीयर की दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया है।

आजमगढ़: शादी का झांसा देकर नकदी व जेवर समेट भागने वाले 06 गिरफ्तार

Posted: 28 Mar 2022 06:30 AM PDT


शादी के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसा लूट लेता था गिरोह

फूलपुर कोतवाली पुलिस ने ठगे गए जेवर भी बरामद कर लिया

आजमगढ़: शादी का झांसा देकर हरियाणा प्रांत से बुलाए गए युवक का 60 हजार रुपए व जेवर समेट कर फरार हुए आधा दर्जन आरोपी सोमवार को फूलपुर कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने उनके कब्जे से जेवर नकदी व कई मोबाइल फोन बरामद किया है। हरियाणा प्रांत के हिसार जनपद अंतर्गत नारनौद थाना क्षेत्र के गुराना निवासी सतबीर प्रजापति पुत्र पाले राम ने रविवार को फूलपुर कोतवाली ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी कराने के नाम पर कुछ लोगों के बुलाने से वह और उसका भाई दोनों जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में आए थे। वधू पक्ष के लोगों ने धोखे से हम दोनों भाइयों के पास मौजूद 60 हजार रुपए व जेवर ले लिया और चकमा देकर फरार हो गए। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस को पीड़ित पक्ष की बातों में सत्यता नजर आई। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को सोमवार की दोपहर इस मामले में सफलता मिल गई। पुलिस ने अंबारी चौराहे पर मौजूद तीन महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। पकड़े गए लोगों के कब्जे से पुलिस ने पीड़ित भाईयों से ठगे गए जेवर आदि बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली कि यह गिरोह शादी के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसाकर लूटने का अपराध करता है। गिरफ्तार लोगों में अशोक कुमार पुत्र राममिलन निवासी रानीपुर ,शंकर पुत्र हरगुन निवासी उबारपुर गम्भीरपुर , गूलन भारती उर्फ गुंजन पुत्र अखिलेश निवासी रानीपुर, अराधना पत्नी भैरवनाथ निवासी मड़ियाहूँ थाना जलालपुर जनपद अम्बेडकरनगर हाल पता-  खालिसपुर खुर्द (पराऊगंज ) थाना जलालपुर जनपद आम्बेडकरनगर, रीना यादव पुत्री रघुनाथ निवासी मड़ियाहूँ थाना जलालपुर जनपद अम्बेडकरनगर वास्तविक नाम पता-जीनत पुत्री इम्तियाज साकिन दौना थाना देवगांवआजमगढ , पूजा कुमारी पुत्री रघुनाथ निवासी मड़ियाहूँ थाना जलालपुर जनपद अम्बेडकरनगर  हैं।

आज़मगढ़: बाडी बिल्डिग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा

Posted: 28 Mar 2022 06:13 AM PDT



मो. नाजिम मसल मैन आफ यूपी व माही यादव ने मिस यूपी  खिताब जीता

राहुल सेठ मिस्टर आजमगढ़ और सलमान मसल मैन आफ आजमगढ़ चुने गए

आजमगढ़ : बाडी बिल्डिग चैंपियनशिप में खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से निर्णायक टीम पशोपेश में डाले रहे। रविवार आधी रात बाद निर्णय आने शुरू हुए तो मसल मैन आफ यूपी मो. नाजिम तो माही यादव ने मिस यूपी का खिताब जीता, जबकि राहुल सेठ मिस्टर आजमगढ़ और मसल मैन आफ आ।जमगढ़ सलमान चुने गए। प्रतियोगिता में कशमकश होने के कारण दर्शक भी निष्कर्ष जानने को दीर्घा में निर्णय आने तक डटे रहे। मुख्य अतिथि रहे कमिश्नर विजय विश्वास पंत प्रतिभागियों का न सिर्फ उत्साहवर्धन किया, बल्कि अपने संबोधन में खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य की कामना की।
शहर से सटे लछिरामपुर में स्थित राहुल सांकृत्यान जन इंटर कालेज के प्रांगण रविवार को देर शाम उत्तर प्रदेश बाडी बिल्डिग एंड फिटनेस एसोसिएशन एवं आजमगढ़ बाडी बिल्डिग एंड फिटनेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में दो तरह के चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। पहला मिस्टर आजमगढ़ चैंपियनशिप और दूसरा राज्य स्तरीय मिस्टर एवं मिस चुने जाने का था। मिस्टर आजमगढ़ चैंपियनशिप में जनपद से 132 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि राज्य स्तरीय मिस्टर एवं मिस चैंपियनशिप में 127 खिलाड़ी यूपी के कई जिलों से प्रतिभाग करने पहुंचे थे। मुख्य अतिथि डा. आरबी त्रिपाठी ने खिलाड़ियों को विभिन्न भार वर्गों में प्रतियोगिता जीतने के लिए कुल 1.75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया। वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. मनीष त्रिपाठी एवं परमवीर यादव ने ट्राफी सौंपकर खिलाड़ियों को सम्मानित किया। डा. मनीष ने कहा कि आजमगढ़ में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल ऊपर उठता है। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महफूज आलम, राजेश गुप्ता, त्रिलोकी मोदनवाल, राजेश यादव, मो. सगीर, शिखर एवं जीत रहे। जावेद अहमद, चंद्र प्रकाश एवं महेंद्र यादव ने मंच का संचालन करते चैंपियनशिप में चार चांद लगाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। बेहतर प्रदर्शन कर रितिक सेठ ने बेस्ट पोजर का खिताब जीतकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में 40 से 80 किलो ग्राम तक के खिलाड़ी प्रतिभाग करने पहुंचे थे।

आजमगढ़: पीएम व सीएम पर अभद्र टिप्पणी का वीडियो बनाने में दो गिरफ्तार

Posted: 28 Mar 2022 05:58 AM PDT


पुलिस के ट्विटर हैंडल पर हुई शिकायत, जहानागंज पुलिस ने पकड़ा

आजमगढ़: जहानागंज थाने की पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बारे में अभद्र टिप्पणी कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बताते हैं कि पुलिस विभाग के ट्विटर हैंडल पर बीते रविवार को शिकायत दर्ज कराई गई कि जहानागंज क्षेत्र के खानपुर ग्राम निवासी राजू सिंह पुत्र केशव प्रसाद सिंह एवं अतुल सिंह पुत्र रविंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए बनाई गई वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इस प्रकरण को जहानागंज थाना प्रभारी के संज्ञान में लेते हुए आरोपियों के गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया। जिसके अनुपालन में पुलिस ने सोमवार की सुबह आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आज़मगढ़- राष्ट्रीय सेवा योजना का 07 दिवसीय विशेष शिविर सम्पन्न

Posted: 28 Mar 2022 05:45 AM PDT



सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खान-पान की व्यवस्था भी स्वयं सेविकाओं ने किया

आज़मगढ़: राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर सर्वोदय महिला डिग्री कालेज आजमगढ के तत्वाधान में सोमवार को प्राथमिक विद्यालय मुण्डा, पल्हनी, आजमगढ़ पर सकुशल सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरूवात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायरेक्टर श्रीमती कंचन यादव सर्वोदय ग्रुप ऑफ ऐजुकेशन, आजमगढ़ के आगमन पर हुआ। इनका स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ० पद्मावती सिंह द्वारा क्रमशः पुष्पगुच्छ तथा मायापण कर एवं स्वयं सेविकाओं द्वारा स्वागत गीत से किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप प्र०वि० मुण्डा प्रधानाध्यापिका श्रीमती विनीता सिंह, ग्राम प्रधान-मुण्डा, श्रीमती ऊषा देवी और कार्यक्रम संचालन कर रही डॉ० पदमावती सिंह, महावि० के प्राचार्य डॉ० एस० जाँ के साथ डॉ० नन्दिनी शुक्ला, डॉ0 दुर्गा प्रसाद शर्मा. श्री संतोष कन्नौजिया, श्री विजय कुमार यादव, एवं श्री अमरजीत तिवारी आदि अध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती वन्दना एवं लक्ष्यगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम में स्वयं सेविकाओं द्वारा गीत, नाटक, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खान-पान की व्यवस्था स्वयं सेविकाओं द्वारा की गयी। डायरेक्टर द्वारा समाज में महिलाओं की स्थिति एवं उनके सशक्तिकरण तथा महावि० के प्राचार्य द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना पर विशिष जानकारी दी गयी।

आज़मगढ़: डीएम की नजर पड़ी तो वर्षों की समस्या का हुआ पल भर में समाधान

Posted: 28 Mar 2022 03:59 AM PDT


लालगंज में अस्पताल के सामने चरागाह की भूमि पर बने कमरों पर चल गया बुलडोजर

आजमगढ़ : अफसर मन से चाह लें, तो क्या नहीं हो सकता। यह सच साबित हो गया लालगंज में, जब डीएम के पहुंचने के दूसरे ही दिन रविवार की देर शाम अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बहुत दिनों से जो बात लोगों को खटक रही थी उसे डीएम ने अपनी आंखों से देखा, तो समस्या का पल भर में समाधान हो गया। रात भर में पैमाइश हो गई और सौ शैय्या अस्पताल के सामने चरागाह की भूमि पर बने कमरों पर दूसरे ही दिन प्रशासन का बुलडोजर चल गया। पक्के निर्माण को गिरते देख अतिक्रमण करने वाले कलेजे पर हाथ धरे मौन थे, क्योंकि किसी विरोध से निपटने के लिए फोर्स लगाई गई थी। कार्रवाई को देख दूसरे उन लोगों की भी धड़कनें बढ़ गईं, जिन्होंने गलत तरीके से निर्माण कराया है। आसपास के लोगों ने कहा कि अब अस्पताल की भव्यता दूर से भी देखी जा सकेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन सौ शैय्या चिकित्सालय के मुख्य गेट पर चरागाह की जमीन पर लगभग तीन दर्जन दुकानों का निर्माण किया गया था। काफी पहले हुए निर्माण पर आज तक किसी की नजर नहीं पहुंची थी, लेकिन डीएम पहुंचे तो आसपास के लोगों ने उनके संज्ञान में मामले को लाया। शनिवार को ही डीएम ने जांच के बाद अतिक्रमण हटाने का आदेश दे दिया था।रात भर में जांच पूरी हुई तो पता चला कि निर्माण चरागाह की भूमि पर किया गया है। रविवार की शाम बुलडोजर चलते ही अतिक्रमणकर्ता अपनी दुकानों का सामान लेकर बाहर भागने लगे। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी मनोज रघुवंशी, तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी, नायब तहसीलदार पंकज शाही, कोतवाल शशिमौलि पांडेय मयफोर्स उपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी ने बताया कि चरागाह की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था।

आज़मगढ़: सरकार बनने को लेकर लगी थी 50 हजार की शर्त...

Posted: 27 Mar 2022 08:04 PM PDT


शर्त हारे सपा समर्थक ने भाजपा समर्थक को अदा किए 50 हजार रुपए,बंटी मिठाई

आजमगढ़: विधानसभा चुनाव में भाजपा और सपा के समर्थक आपस मे जीत व हार की बाजी लगाते रहे। 10 मार्च को आए चुनाव परिणाम से कोई खुश हुआ तो कोई दुखी हुआ। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नरहन खास गांव निवासी अतुल सिंह बीजेपी के समर्थक हैं। उन्होंने दाउदपुर गांव निवासी एवं सपा सुप्रीमो अखिलेश के समर्थक सोमेश यादव से 50 हजार की शर्त लगाई कि इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बनेंगे। परिणाम आने के बाद वह शर्त जीत गए। उन्होंने शर्त में जीती धनराशि से पूरे गांव में मिठाई बंटवाई। वहीं गोरखनाथ मंदिर में दान करने की बात कही। सगड़ी तहसील क्षेत्र के नरहन खास गांव निवासी अतुल सिंह ने दाऊदपुर गांव के ग्राम प्रधान राधादेवी के प्रतिनिधि सोमेश यादव से शर्त लगाई थी। उनका शर्त था कि यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बनेंगे तो आप हमे 50 हजार रुपये देंगे। यदि हम हारे तो आपको हम 50 हजार रुपये देंगे। परिणाम आने के बाद अतुल सिंह शर्त जीत गए। योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बने। सोमेश ने अतुल को शर्त के मुताबिक 50 हजार रुपये दे दिए। अतुल ने मिठाई बनवाकर पूरे गांव में मिठाई बांटी। अतुल ने बताया कि वह कुछ पैसों को जरूरतमंद गरीबों में बांट देंगे। वहीं गोरखनाथ मंदिर की दानपेटिका में भी शर्त के पैसे दान करेंगे। शर्त लगाने के दौरान श्रवण सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा, विजय चौहान, राजेंद्र सिंह व अरविंद सिंह आदि लोग मौजूद रहे। जिनकी उपस्थिति में दाउदपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोमेश यादव से शर्त लगाई गई थी। वहीं उन्होंने सबके सामने शर्त के पैसे अतुल सिंह को दिए।

आजमगढ़ : भाजपा कार्यकर्ता की हत्या में साजिश रचने का आरोपी गिरफ्तार

Posted: 27 Mar 2022 08:56 AM PDT


मेहनगर के गंजोर गांव में हुई थी चुनावी रंजिश में हत्या, 04 आरोपियों पर 25-25 हजार इनाम घोषित था

आजमगढ़: मेंहनगर थाने की पुलिस ने रविवार को हत्या के मामले में साजिश रचने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि बीते 17 मार्च की शाम बाजार से सब्जी बेचकर घर लौट रहे गंजोर ग्राम निवासी भाजपा कार्यकर्ता कमलेश वर्मा पुत्र स्व०दुखरन की चुनावी रंजिश के चलते विपक्षियों ने लाठी से प्रहार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान कमलेश की मौत हो गई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ मृतक के भतीजे धीरज वर्मा की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने फरार हुए चार आरोपियों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित कर दिया।
नतीजा रहा कि दो दिन पूर्व दो आरोपियों ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। अन्य आरोपियों की तलाशी में जुटी पुलिस को रविवार की दोपहर सूचना मिली की इस घटना की साजिश रचने वाला रामदुलार यादव उर्फ झोलई पुत्र घमड़ी निवासी ग्राम गंजोर क्षेत्र के करौती से गंजोर जाने वाले मार्ग पर स्थित मोड़ पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आज़मगढ़: नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे में 04 की मौत, 06 गंभीर

Posted: 27 Mar 2022 07:49 AM PDT




कप्तानगंज क्षेत्र के बालवरगंज बाजार के पास हुआ हादसा

तेज रफ्तार होंडा सिटी डिवाइडर से टकराकर हुई अनियंत्रित

आजमगढ़: जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बालवरगंज बाजार के पास NH-233 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या की तरफ से आ रही अनियंत्रित होंडा सिटी कार डिवाइडर पार करते हुए पलट गई। बताया जा रहा है की तेज रफ्तार कार का टायर फट गया था। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो राहगीर शामिल हैं, जो बाजार करने घर से निकले थे।पलटने से पहले यह बेकाबू कार सड़क के किनारे चंद्रजीत यादव के घर में भी घुस गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां 5 गंभीर रूप से घायलों को इलाज चल रहा है। अनियंत्रित कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से जिन चार लोगों की मौत हुई उनमें दो बुजुर्ग रामफेर (63), राम अवध (65) हैं। ये दोनों बाजार करने घर से निकले थे। दोनों कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लहरपार गांव के रहने वाले हैं। अन्य मरने वाले में संतराम (48) और शिवा (7) है। जबकि पांच लोग घायल हैं। घायलों में आबिद (28), वसीम (27), रहमान (26), रहीम (25) आमिर (30) हैं। सभी घायलों का इलाज जिले के मंडलीय अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा दिया है। गाड़ी के ड्राइवर और कार को कब्जे में ले लिया गया है। जिले के एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

आजमगढ़: फिर हाथी पर हुए सवार हुए पूर्व विधायक शाह आलम गुड्डू जमाली

Posted: 27 Mar 2022 02:51 AM PDT

फाइल चित्र: सोशल मीडिया

आजमगढ़ संसदीय उपचुनाव में बसपा से मैदान में उतरने की चर्चा गर्म

आजमगढ़: विधानसभा चुनाव में एआइएमआइएम से चुनाव लड़े शाह आलम गुड्डू जमाली फिर से हाथी पर सवार हो गए हैं। उन्होंने लखनऊ में फिर से बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। बीते 25 नवंबर को उन्हें पार्टी की मुखिया मायावती ने सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए संगठन से निष्काषित कर दिया था। उसी समय गुड्डू जमाली ने भी बसपा से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में उनकी पांच माह बाद फिर से वापसी को लोग आजमगढ़ संसदीय उपचुनाव में मजबूत दावेदारी के रूप में देख रहे हैं। शाह आलम गुड्डू जमाली आजमगढ़ शहर के बाजबहादुर मुहल्ला के निवासी हैं। बसपा से दो बार विधायक रहने के साथ उन्हें विधानमंडल दल का नेता भी बनाया गया था। बसपा से निष्कासन हुआ तो बीते विधानसभा चुनाव में उनके सपा का दामन थामने की चर्चाएं प्रबल रहीं। सपा प्रमुख से उनकी मुलाकात की खबरें भी सुर्खियां बनीं थीं। हालांकि, अंत में वह ओवैसी की पार्टी से मुबारकपुर विधानसभा से चुनाव लड़े तो चौथे स्थान पर जा पहुंचे । बसपा से निष्कासन के बाद भी उनका नपा-तुला बयान ही वापसी का वजह बना है। गुड्डू जमाली के निकट सूत्रों ने बसपा का दामन फिर से थामने की पुष्टि की है। सूत्रों का दावा भी है की गुड्डू जमाली को आज़मगढ़ सदर लोकसभा के उपचुनाव लड़ने की हरी झंडी भी संगठन की ओर से मिल गई है। बता दें कि गुड्डू जमाली वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सदर से बसपा के प्रत्याशी रहे, लेकिन सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के सामने उन्हें तीसरा स्थान मिला था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक चार दिन पहले ही उनकी मुलाकात बसपा मुखिया मायावती से हुई थी, जिसके बाद पार्टी मुख्यालय में उन्होंने फिर से बसपा की सदस्यता ग्रहण की।

Post Bottom Ad

Pages