आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, April 9, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आज़मगढ़: एमएलसी चुनाव- सकुशल सम्पन्न हुआ मतदान,कुल 98.42 प्रतिशत वोट पड़े

Posted: 09 Apr 2022 06:57 AM PDT


जानिए कहां कितने प्रतिशत पड़े वोट....

आजमगढ़ 09 अप्रैल-- जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद मे एमएलसी चुनाव-2022 (आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन 2022) सकुशल संपन्न हुआ । एमएलसी चुनाव मे कुल 98.42 प्रतिशत मत डाले गए l जिसमे जनपद आजमगढ़ के अंतर्गत पल्हनी मे 96.10 प्रतिशत, तहबरपुर मे 99.45 प्रतिशत, सरायमीर मे 99.04 प्रतिशत, रानी की सराय मे 96.30 प्रतिशत, मोहम्मदपुर मे 97.71 प्रतिशत, जहानागंज मे 100 प्रतिशत, साथियाँव मे 99.51 प्रतिशत, नगर पालिका आजमगढ़ मे 92.86 प्रतिशत, नगर पालिका मुबारकपुर मे 100 प्रतिशत, बिलरियागंज मे 98.46 प्रतिशत, महराजगंज मे 98.96 प्रतिशत, हरैया मे 97.35 प्रतिशत, अजमतगढ़ मे 97.47 प्रतिशत, कोयलसा मे 100 प्रतिशत, अतरौलिया मे 99.30 प्रतिशत, फूलपुर मे 96.36 प्रतिशत, पवई मे 98.54 प्रतिशत, मार्टिनगंज मे 99.42 प्रतिशत,अहरौला मे 98.99 प्रतिशत, ठेकमा मे 98.44 प्रतिशत, लालगंज मे 96.65 प्रतिशत, मेहनगर मे 97.92 प्रतिशत, तरवां मे 97.87 प्रतिशत, पल्हना मे 99.07 प्रतिशत, इसी प्रकार जनपद मऊ के बड़राव मे 100 प्रतिशत, दोहरीघाट मे 98.95 प्रतिशत, घोसी मे 97.11 प्रतिशत, फतेहपुर मंडाव मे 100 प्रतिशत, रतनपुरा मे 99.42 , कोपागंज मे 99.53 प्रतिशत, मोहम्मदाबाद गोहना मे 98.59 प्रतिशत, रानीपुर मे 99.53 प्रतिशत, मऊनाथ भंजन मे 95.35 प्रतिशत एवं परदहा मे 97.69 प्रतिशत मत, कुल 98.42 प्रतिशत मत पड़े l

आज़मगढ़: माहुल शराब कांड के आरोपितों की संपत्ति का प्रशासन ने जुटाया ब्योरा

Posted: 09 Apr 2022 06:41 AM PDT


जहरीली शराब कांड के आरोपियों पर बड़ी कार्यवाही की तैयारी

हाल में ही प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है

आजमगढ़ : अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल में हुए जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन ने अब उसके आरोपितों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। उनकी संपत्तियों को जब्त करने से पहले उसका ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की देर शाम भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंची राजस्व टीम ने क्षेत्र के रुपाईपुर गांव और माहुल कस्बे में स्थित आरोपितों की चल-अचल संपत्तियों व प्रतिष्ठानों आदि का अवलोकन कर ब्योरा इकट्ठा किया।
तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में लेखपाल प्रमोद कुमार सिंह व दिवाकर मिश्रा पुलिस बल के साथ आई राजस्व टीम सबसे पहले क्षेत्र के रुपाइपुर गांव पहुंची। वहां पहुंचकर टीम ने जेल में बंद नदीम अहमद, कलीम अहमद, नईम अहमद, सलीम अहमद, फहीम अहमद के मकानों व खेत आदि को चिह्नित किया। उसके बाद टीम ने माहुल कस्बे में पहुंचकर आरोपितों के मेडिकल एजेंसी, बिल्डिग मैटेरियल की दुकान, मकान, प्लाट का ब्योरा जुटाया। ज्ञात हो कि 20 फरवरी को माहुल कस्बे के ठेके की देसी शराब के सेवन से आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई थी, जबकि बहुत लोग बीमार हो गए थे। पुलिस ने विवेचना शुरू की, तो शराब व दवा की अवैध फैक्ट्री पुलिस ने पकड़ी थी। अभी हाल में ही प्रशासन ने इन आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा का कहना है कि आरोपितों की खुद और पैतृक संपत्तियों की जांच के साथ ही स्थित का अवलोकन किया गया है। इसकी सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी। इस मौके पर थानाध्यक्ष अहरौला राजेश सिंह, चौकी प्रभारी माहुल सूर्यकांत पांडेय आदि रहे।

आज़मगढ़: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत, हत्या का आरोप

Posted: 09 Apr 2022 05:51 AM PDT


दीदारगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव की घटना

आजमगढ़: दीदारगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे पिता ने दहेज की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल वालों का कहना है कि सास सुदामा व पति जयप्रकाश शाम को गेहूं की कटाई करने खेत में गए हुए थे। रात आठ बजे घर पहुंचे, तो बरामदे में चौकी के नीचे श्वेता उर्फ गुंजा राजभर (23) का शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी मृतका के मायके गदाईपुर भेजी गई। मौके पर पहुंचे पिता दयाशंकर राजभर ने बताया कि बीते वर्ष 18 जून को गुंजा की शादी राजापुर गांव के जयप्रकाश के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर बेटी की पिटाई की जाती थी। रात में भी उसको गला दबाकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका का पति जयप्रकाश व देवर उड़ीसा में रहकर फर्नीचर का काम करते हैं। पति डेढ़ माह पूर्व घर आया था, जबकि उसका छोटा भाई उड़ीसा में ही है। थानाध्यक्ष दीदारगंज मदन कुमार गुप्ता ने कहा कि संदिग्ध अवस्था मे विवाहिता का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आज़मगढ़: एमएलसी चुनाव- जिले के 24 बूथों पर मतदान जारी

Posted: 08 Apr 2022 09:37 PM PDT




सपा व भाजपा समेत 05 उम्‍मीदवारों का भविष्‍य बैलट बाक्‍स में कैद हो रहा है

आजमगढ़: आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के किए जिले के 24 बूथों पर सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है। जिले के 4238 मतदाता प्राथमिकता के आधार पर सभी को वोट कर रहे हैं। इस बार के चुनाव में भाजपा से फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक रमाकांत यादव के पुत्र व फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक अरुण कुमार यादव, सपा से राकेश कुमार यादव गुड्डू और भाजपा के एमएलसी रहे यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह रिशू निर्दल प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। इसके अलावा दो अन्य निर्दल प्रत्याशी अंब्रेश व सिकंदर प्रसाद कुशवाह भी भाग्य आजमा रहे हैं। इस तरह इस चुनाव में पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हो रहा है।
राकेश कुमार यादव गुड्डू पिछले चुनाव में इस सीट से एमएलसी रहे हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव में जिले के सभी 10 सीट पर कब्जा कर सपा का हौसला बुलन्द है। इस चुनाव में अरुण कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए भाजपा कितना करिश्मा कर पाएगी यह 12 अप्रैल को मतगणना के दिन दिखेगा। सपा भी इस सीट को पाने के लिए जी जान लगा रही है। इस बार का चुनाव दिलचस्प होना माना जा रहा है।
आजमगढ़ व मऊ जिले में 5950 मतदाता आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में 5050 मतदाता है। आजमगढ़ में 4238 और मऊ में 1712 मतदाता वोट कर रहे हैं।
ये कर रहे हैं वोटिंग : आजमगढ़-मऊ प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में आजमगढ़-मऊ जिला शामिल है। इन दोनों जिले के ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय अध्यक्ष, सभासद के अलावा सांसद, विधायक समेत प्राधिकरण में निर्वाचित अन्य सदस्य वोटिंग कर रहेहैं।
एफसीआइ बेइलसा मंडी में होगी वोटों की गिनती : नौ अप्रैल को आजमगढ़ व मऊ जिले के कुल 34 बूथों पर सुबह आठ बजे से चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद दोनों जिलों की सभी मतपेटिकाएं आजमगढ़ के एफसीआइ गोदाम बेलइसा के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुृरक्षा व्यवस्था की बीच रखीं जाएंगी। दोनों जिलोें की वोटों के गिनती 12 अप्रैल सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी, जिसके लिए कुल 14 टेबल बनाए जाएंगे।

आज़मगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से प्रदेश की राजधानी को दौड़ने लगीं रोडेवज बसें

Posted: 08 Apr 2022 08:53 AM PDT


इंतजार के बाद एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हुआ

आज़मगढ़ से लखनऊ 04 घंटे में पंहुच जाएंगे, जाने समय सारिणी..

आजमगढ़: लंबे इंतजार के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो गया। शुक्रवार की सुबह रोडवेज बस डिपो से लखनऊ के लिए बस रवाना हुई। इसके संचालन से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। वहीं करीब ढाई घंटे तक समय की बचत भी होगी। एक्सप्रेस-वे से रोडवेज बसों के संचालन को लेकर काफी दिनों से ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। इसको लेकर सर्वे का भी काम पूरा हो गया है। टोल को लेकर मामला अटका हुआ था। अभी टोल चालू होने में बिलंब को देखते हुए शासन ने यात्री सुविधाओं का ख्याल रखते हुए बस चलाने को हरी झंडी दे दी। विभाग ने इसे तत्काल अमली जमा पहना दिया।
चार घंटे में पहुंचेंगे लखनऊ
-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बसों के संचालन से यात्रियों को काफी सहूलियत होने वाली है। अब यात्री चार घंटे में आजमगढ़ से लखनऊ पहुंच जाएंगे। पहले 6.30 घंटा लगता था।
आने व जाने के समय का हुआ निर्धारण
रोडवेज की पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर साधारण बस सेवा प्रारंभ होने से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। आजमगढ़ डिपो से सुबह 5.30, 7.30, 9, 11.20, 2, 3, रात 10 बजे रवाना होगी। वहीं वापसी दोपहर 12, 2, 3, 6, रात 8, 9 बजे व भोर में 5 बजे होगी।
अभी पुराने किराए पर ही परिचालन
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर नाना स्टाप बसों को संचालन में अभी यात्रियों से पुराना किराया 360 रुपये ही वसूला जाएगा। नए किराया के निर्धारण की तैयारी भी चल रही है। टोल चालू होने के बाद नया किराया तय होगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। पुराने किराया पर ही अभी यात्रा कराया जा रहा है। यात्रियों के समय की काफी बचत होगी।
-एसडी राम, क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक, आजमगढ़ डिपो।

आज़मगढ़: टेट परीक्षा में गड़बड़ी के 22 आरोपितोें पर गैंगस्टर की कार्रवाई

Posted: 08 Apr 2022 08:37 AM PDT


गिरोह सरगना अरविंद सहित 08 दलाल रामपुर जिले के हैं निवासी

शेष 13 अभियुक्त स्कूलों के प्रबंधन से हैं, 01 डीआईओएस ऑफिस का बाबू है


आजमगढ़: जिला प्रशासन ने शिक्षक पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले सभी 22 आरोपियों के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इन सभी पर शिक्षक पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी करने का आरोप लगा था। इस मामले का खुलासा करते हुए जिले के एसपी अनुराग आर्य ने 24 जनवरी को 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों की रकम भी बरामद की थी।
डीएम अमृत त्रिपाठी ने आज सभी आरोपियों के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इन आरोपियों में 13 स्कूल के प्रबंधक हैं, जबकि एक डीआईओएस ऑफिस का बाबू और आठ दलाल शामिल हैं। इस पूरे गिरोह का सरगना रामपुर का अरविंद गुप्ता है। गुप्ता ही परीक्षा केंद्र बने स्कूल संचालकों से मिलीभगत करके अभ्यर्थियों का सीटिंग प्लान तय करता था। प्रबंधक एक दिन पहले उस कमरे में एक मोबाइल छिपा देते थे।
इन आरोपियों पर लगा गैंगेस्टर
जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले जिन प्रबंधकों को गिरफ्तार किया गया था उसके साथ सभी पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों में गैंग लीडर अरविन्द गुप्ता पुत्र जगअवतार गुप्ता निवासी कुतुबमिया का फाटक राजद्वारा थाना कोतवाली रामपुर जनपद रामपुर, सह अभियुक्त सदस्य जफर खान पुत्र आलम खान ग्राम साहबाद गेट थाना कोतवाली रामपुरख, वेद प्रकाश यादव पुत्र स्व. बलिराम यादव ग्राम भदुली थाना सिधारी, सूर्यप्रकाश यादव पुत्र हरिशचन्द यादव निवासी आजमपुर थाना कन्धरापुर, देवेन्द्र यादव पुत्र बृजभान यादव निवासी अराजी अजगरा मसरकी थाना रौनापार, सहर्ष राय उर्फ गोल्डी राय पुत्र सुनील राय निवासी कुकुड़ीपुर थाना मुबारकपुर, धर्मेन्द्र यादव पुत्र नन्दलाल यादव निवासी आजमपुर, हरेन्द्र यादव पुत्र रामअवध यादव निवासी धडसन थाना कन्धरापुर, धर्मेन्द्र कुमार राय उर्फ बब्लू राय पुत्र रामचेत राय निवासी देवड़ा दामोदरपुर, कमलेश कुमार पुत्र शंकर राम निवासी हरैया थाना जीयनपुर, तारा सिंह पटेल पुत्र खुरचुन्द पटेल निवासी दाउदपुर थाना रानी की सराय, प्रशान्त राय पुत्र स्व. संजय राय निवासी श्रीकान्तपुर थाना देवगांव, इन्द्रेश यादव पुत्र देवेन्द्र यादव निवासी आहोपट्टी, हरेन्द्र यादव पुत्र रामप्रसाद यादव निवासी सेठवल थाना रानी की सराय, अरविन्द कुमार यादव पुत्र सुबेदार यादव निवासी खलीलाबाद थाना रानी की सराय, नीरज कुमार सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सकसेना निवासी कृष्णा विहार गली जनपद रामपुर, रविन्द्र यादव पुत्र स्व. किशन लाल निवासी पनवड़िया थाना सिविल लाईन जिला रामपुर, सारिक जावेद पुत्र नासिम जावेद निवासी बिस्मिला कालोनी साहबादगेट थाना कोतवाली रामपुर, जितेन्द्र सिंह पुत्र बलिष्टर सिंह निवासी अहमदनगर थैगा पोस्ट पंजाबनगर थाना सिविल लाईन जनपद रामपुर, नाजिया पत्नी मुकर्रम अली निवासी बजरिया खान थाना कोतवाली रामपुर, अर्शी पत्नी सारिक जावेद निवासी बिस्मिला कालोनी साहबादगेट थाना कोतवाली रामपुर, एवं साजिदा पत्नी जफर खान निवासी साहबादगेट थाना कोतवाली रामपुर जनपद रामपुर के विरूद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

आज़मगढ़: पेशकार न्यायालय चकबंदी रिश्वत मांगने के मामले में निलम्बित हुए

Posted: 08 Apr 2022 08:15 AM PDT


निदेशालय स्तर से हुई जांच में धीरज सिंह पर लगे आरोप सत्य पाए गए

आजमगढ़: जिले में चकबंदी कार्यालय कार्यरत पेशकार न्यायालय चकबंदी नीरज सिंह पर घूस मांगने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले की शिकायत पीड़ित श्रीनाथ यादव पुत्र नेपाल यादव ने चकबंदी आयुक्त से छह अप्रैल को की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए निदेशालय स्तर से मामले की जांच जब कराई गई तो आरोपी धीरज सिंह पर आरोप सत्य पाए गए। धीरज सिंह पर चकबंदी न्यायालय में चल रहे मुकदमें में अपने पक्ष में आर्डर कराने का प्रलोभन देकर पीड़ित से भारी रकम की घूस मांगने का आरोप है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यालय स्तर पर की थी, और जांच में यह बातें सत्य पाई गई, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। मामले की शिकायत छह अप्रैल को होने के बाद सात अप्रैल को मामले की जांच कराई जाती है और आठ अप्रैल को निलंबित करने के साथ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। जिला चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी सुरेश जायसवाल ने बताया कि श्रीनाथ यादव ने मामले की शिकायत की थी। इस मामले की जांच में आरोपी पेशकार पर आरोप सत्य पाए गए। जो आडियो क्लिप थी उसमें भी पैसे की डिमांड की गई थी। मामले में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपी पेशकार को निलंबित करने के साथ मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है।

आजमगढ़: एमएलसी चुनाव के लिए कुल 05 उम्‍मीदवार मैदान में...

Posted: 08 Apr 2022 09:03 PM PDT


शनिवार को आज़मगढ़- मऊ के 5950 मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधि,12 अप्रैल को होगी गिनती

जिले में मतदान की तैयारियां पूरी,पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं

आजमगढ़: आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के किए नौ अप्रैल को मतदान हो रहा है। आजमगढ़ व मऊ जिले के कुल 34 बूथों पर मतदान के लिए सुबह नौ बजे से ही पोलिंग पार्टियां जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर से रवाना होने लगी हैं। सभी पार्टियां शाम तक बूथों का कमान संभाल लेंगी। इस चुनाव में भाजपा से फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक रमाकांत यादव के पुत्र व फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक अरुण कुमार यादव, सपा से राकेश कुमार यादव गुड्डू और भाजपा के एमएलसी रहे यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह रिशू निर्दल प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। इसके अलावा दो अन्य निर्दल प्रत्याशी अंब्रेष व सिकंदर प्रसाद कुशवाह भी भाग्य आजमा रहे हैं।इस तरह इस चुनाव में पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। राकेश कुमार यादव गुड्डू पिछले एमएलसी चुनाव में इस सीट से एमएलसी रहे हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव में जिले के सभी 10 सीट पर कब्जा कर सपा का हौसला बुलन्द है। इस चुनाव में अरुण कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए भाजपा कितना करिश्मा कर पाएगी यह 12 अप्रैल को मतगणना के दिन दिखेगा। सपा भी इस सीट को पाने के लिए जी जान लगाएगी। सब मिलाकर इस बार चुनाव दिलचस्प होना तय माना जा रहा है। आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में 5951 मतदाता है। आजमगढ़ में 4238 और मऊ में 1712 मतदाता वोट करेंगे। मतदान के लिए आजमगढ़ में 24 और मऊ में 10 सहित कुल 34 बूथ बनाए गए हैं। मतदान समाप्ति के बाद दोनों जिलों की सभी मतपेटिकाएं आजमगढ़ के एफसीआइ गोदाम बेलइसा के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुृरक्षा व्यवस्था की बीच रखीं जाएंगी। दोनों जिलोें की वोटों के गिनती 12 अप्रैल सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी, जिसके लिए कुल 14 टेबल बनाए जाएंगे।इस चुनाव में दोनो जिलों के ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, पार्षद के अलावा सांसद, विधायक समेत प्राधिकरण में निर्वाचित अन्य सदस्य वोटिंग करते हैं।

आजमगढ़: गेहूं के खेत में मिली युवक की लाश,फैली सनसनी

Posted: 08 Apr 2022 05:50 AM PDT


गुरूवार को रोजगार के लिए लखनऊ जाने को निकला था,पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़:जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर छितौनी स्थित सिवान में गेहूं के खेत में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार बलिराम पुत्र स्वर्गीय राम दरस उम्र लगभग 45 वर्ष निवासी महारमपुर, थाना राजेसुलतानपुर, अंबेडकर नगर निवासी अपनी ससुराल अतरौलिया थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में आया हुआ था। कल गुरुवार को रोजगार के सिलसिले में ससुराल से लखनऊ के लिए निकला। आज शुक्रवार की सुबह लगभग 10.00 बजे गांव के सिवान में गेहूं काटने गये ससुराल के लोगों ने खेत में उसकी लाश देखी। शव के मिलने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया गया। मृतक बलिराम की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व मोहम्मदपुर निवासी राम लवट यादव की बड़ी पुत्री मधुरा से हुई थी जिससे दो बेटियां सोनम, सोनी तथा 1 पुत्र शिवा है। शादी के कुछ वर्ष बाद ही पत्नी मधुरा का देहांत हो गया, बच्चों की परवरिश के लिए ससुराल वालों ने मधुरा से छोटी बहन पूजा से उसकी शादी करवा दी, जिससे एक लड़का आकाश तथा एक लड़की पायल भी है। मृतक बलिराम अक्सर ससुराल में ही रहता था। इस समय उसकी सास बीमार चल रही थी। गुरुवार को अपनी ससुराल से यह कह कर निकला कि लखनऊ कमाने जा रहे हैं। सुबह लगभग 10.00 के करीब ससुराल के लोग अपने गेहूं के खेत में गेहूं काटने गए तो देखा कि दामाद की लाश उसी गेहूं के खेत में पड़ी है। शव के बगल ही उसका बैग भी पड़ा था। परिजनों द्वारा इसकी सूचना ग्राम प्रधान तथा स्थानीय थाने को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रमेश कुमार, उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के ससुर राम लवट यादव ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। मौत का कारण साफ नहीं है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।

आज़मगढ़: पुण्यतिथि पर प्रख्यात शिक्षाविद दीनानाथ लाल 'बाबू जी' को दी गई श्रद्धांजलि

Posted: 08 Apr 2022 05:30 AM PDT




बाबू जी से सीखा है और उन्हीं की प्रेरणा से यहां तक पंहुचे है- दुर्गा प्रसाद यादव

सपा,भाजपा नेताओं समेत समाजसेवी संस्थाओं के लोगों ने बाबू जी को किया नमन

आज़मगढ़: " हजारों साल नरगिस अपने बेनूरी पर रोती है , बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा '
शुक्रवार को ए एन मेमोरियल चिल्ड्रन स्कूल अराजीबाग आजमगढ़ में पूर्वांचल के प्रख्यात शिक्षाविद, गांधी विचारधारा के पोषक ,सादगी के प्रति मूर्ति स्वर्गीय दीनानाथ लाल श्रीवास्तव पूर्व प्राचार्य गांधी शताब्दी महाविद्यालय कोइलसा आजमगढ़ की तीसरी पुण्यतिथि विद्यालय प्रांगण में मनाई गई । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में अतरौलिया के विधायक डा .संग्राम यादव , सपा जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय , सूरज प्रकाश श्रीवास्तव महामंत्री भाजपा लालगंज, अविनाश चौहान युवा समाजसेवी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रणीत श्रीवास्तव हनी, अराजीबाग सभासद पुनीत राय, डा० भक्तवत्सल सहाय ,मातबर मौर्य ,जनार्दन शाही,मुन्नू यादव , घनश्याम पटेल आदि लोग उपस्थित रहे ।कार्यक्रम की अध्यक्षता चिल्ड्रन कॉलेज के उपप्रबंधक एस.पी शुक्ला ने की। सर्वप्रथम छात्र छात्राओं ने सरस्वती बंदना किया । तत्पश्चात अतिथियों ने सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए बाबूजी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन का कार्य किया। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया। इसमें प्रमुख रूप से दिशा , तनु , सृष्टि , अंतिमा ,पलक ,शालिनी ,आराध्या राय आदि छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए अराजीबाग सभासद पति पुनीत राय ने कहा के बाबूजी के पद चिन्हों पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी । इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रणीत श्रीवास्तव हनी ने कहा के बाबू जी सादगी की प्रतिमूर्ति थे और उनके पद चिन्हों चल करके ही सफलता प्राप्त किया जा सकता है । सभा को संबोधित करते हुए हवलदार यादव ने बाबूजी के व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । सहजानंद राय ने उनके जीवन के बारे में विस्तृत जानकारी दिया और कहा कि उनके बताए रास्ते आज भी प्रासंगिक है । सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि बाबूजी को हर क्षेत्र में बराबर सम्मान मिलता रहता था वे तमाम कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल जगत के कार्यक्रमों की भी अध्यक्षता करते रहते थे । डा० भक्तवत्सल ने कहा कि बाबूजी को तमाम चीजों का पूर्वाभास हो जाता था। संग्राम यादव ने कहा कि बाबूजी सादगी के प्रतिमूर्ति थे । उनका जीवन लोगों के लिए अनुकरणीय है । आज भी हम अपने पुराने संस्कारों से बने रहने से ही उन्नति के पथ पर अग्रसर हो सकते हैं सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि हम लोगों ने बाबू जी से कुछ न कुछ सीखा है और उन्हीं के प्रेरणा से यहां तक पहुंचे हैं तथा विद्यालय के प्रति हम सदैव समर्पित रहेंगे। मातबर मौर्या ने कहा कि हम बाबूजी के प्रथम वर्ष के छात्र रहे और उनकी समय बद्धता और अनुशासन प्रियता लोगों के लिए अनुकरणीय है। यही गुण उनके जीवन को एक विशिष्ट बनाता है । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद चित्रांश ने कहा कि बाबू जी का सहयोग और मार्गदर्शन हर वक्त मिलता रहा ।अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी समागम इसका एक सीधा साधा उदाहरण है । संस्कार भारती के अध्यक्ष डी पी तिवारी ने कहा कि बाबूजी काफी समयबद्घ तरीके से काम करते थे और लोगों के प्रति प्यार ही उनको लोगों से अलग बनाता है । निरंकार प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का व्यक्तित्व सदैव जिंदा रहता है व्यक्ति के मरने से उसकी मौत नहीं होती । विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने लोगों का आभार व्यक्त किया । विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटिव हेड संध्या रानी गौड़ ने भी लोगों के प्रति आभार ज्ञापन किया ।कार्यक्रम का संचालन आलोक कुमार श्रीवास्तव ने किया । इस अवसर पर शहर के तमाम गणमान्य व्यक्ति सुधांशु श्रीवास्तव, अवधनारायण सिंह ,तीरथ यादव ,दिल शेर यादव, राम लखन चौरसिया ,मुन्नू यादव ,स्वामीनाथ पाठक ,जनार्दन साही,रमाकांत वर्मा, सीताराम पांडे, मुकेश विश्वकर्मा ,संतोष राय, सचिन प्रजापति ,अमन श्रीवास्तव , सालिल श्रीवास्तव ,हरिप्रसाद , अशोक अग्रवाल, मनीष अग्रवाल , जगदंबा आदि लोग मौजूद रहे।

आजमगढ़: ब्लैकमेलिंग से परेशान हो ट्रेन के आगे कूद छात्रा ने दी थी जान

Posted: 08 Apr 2022 04:53 AM PDT


नशीला पदार्थ खिला बनाया था अश्लील वीडियो,कर रहे थे ब्लैकमेल

सुसाइड नोट से हुआ खुलासा, 02 पर एफआईआर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान देने वाली बीएड छात्रा को उसके पड़ोस के रहने वाले ही दो युवकों ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया था। इस बात का खुलासा मृतका द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट के माध्यम से हुआ। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताते चलें कि पल्हनी गांव की रहने वाली बीएड की छात्रा ने गुरुवार की शाम घर से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित नीबी गांव के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची रानी की सराय थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसी तरह मृतका की शिनाख्त हो जाने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखने के बाद मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच मृतका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट परिवार वालों के हाथ लगा जिसे लेकर मृतका का भाई रानी की सराय थाना पहुंचा। मृत्यु से पूर्व सुसाइड नोट में मृतका द्वारा लिखी गई बातों को पुलिस ने संज्ञान में लिया। बताते हैं कि मृतका के पड़ोस के रहने वाले दो युवक करीब एक माह पूर्व उसके कालेज पहुंचे जहां पर वह बीएड का प्रशिक्षण ले रही थी। वहां दोनों ने छात्रा को इस बहाने से अपने साथ लिया कि बैंक से पैसा निकालने के लिए तुम्हारी मां ने बुलाया है। पड़ोसी होने के नाते वह उनकी बातों में आ गई और उनके साथ घर के लिए चल दी रास्ते में दोनों ने उसे नमकीन में मिला के नशीला पदार्थ खिला दिया जिसके चलते वह अपना होश खो बैठी। इसके बाद दोनों युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और मोबाइल फोन से उसकी अश्लील वीडियो बना लिया। इस घटना के बाद आरोपी युवक उसे ब्लैकमेल करने लगे। उनके कृत्य से परेशान होकर बीएड छात्रा ने आत्महत्या जैसा कड़ा निर्णय लेते हुए सुसाइड नोट लिखा जिसमें दोनों का नाम दर्ज करने के बाद गुरुवार की शाम वह ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर रानी की सराय थाने में आत्महत्या के लिए छात्रा को उत्प्रेरित करने वाले सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी ग्राम निवासी सूर्यभान यादव पुत्र स्वर्गीय केश यादव तथा विवेक गौड़ उर्फ खलिहर पुत्र सिंहासन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्यभान यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे आरोपी के गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

Post Bottom Ad

Pages