सुल्तानपुर टाइम्स |
- डीएम व सीडीओ द्वारा मनरेगा एवं राज्य वित्त योजनान्तर्गत निर्माणाधीन निमियावा तालाब का किया गया आकस्मिक निरीक्षण
- फसलों में कीटों/रोगों से बचाव हेतु किसान अपनाएं निम्न सुझाव
- महिला ने बच्चा पैदा करने की जताई इच्छा, पति ने उतारा मौत के घाट
- DPRO ने टीम बनाकर कुड़वार ब्लाक के सभी सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन का निरीक्षण किया
- सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत भाजपा कार्यकर्ता गरीबों, वंचितों से करेंगे संपर्क
- जनता दर्शन में जन समस्याओं का निस्तारण करते हुए जिलाधिकारी
- यूपी में सभी प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां 4 मई तक रद्द
- योगी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज
- दुल्हन करती रही इंतजार,बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा
- गंगा सफाई के लिए काम करने वाले 75 लोगों को सम्मानित करेगी योगी सरकार
- ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आम लोगों को आर0टी0ओ0 कार्यालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर- दयाशंकर सिंह
- हाथ बांधकर ट्रेन के आगे कूदे प्रेमी-प्रेमिका
- 18 से 23 अप्रैल तक चलने वाले एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का विधायक ने किया शुभारम्भ
- 2 दिन बाद बारिश की संभावना
- लखनऊ, नोएडा समेत इन जिलों में मास्क पहनना जरूरी
- यूपी में 12 जिलों के नाम बदलने का मसौदा तैयार
- डीएम व एसपी ने सड़क सुरक्षा सप्ताह का किया शुभारंभ
- यूपी में अब युवाओं के उद्यमी बनने की राह होगी आसान
- बहन से प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे किशोर की सिर कलम कर हत्या
- बारातियों से भरी बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 लोग गंभीर
| Posted: 19 Apr 2022 06:26 AM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स द्वारा मंगलवार को भदैयॉ की ग्राम पंचायत बरूई में मनरेगा एवं राज्य वित्त योजनान्तर्गत निर्मित सामुदायिक शौंचालय एवं निमार्णाधीन निमियावां तालाब का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक शौंचालय सुचारू रूप से संचालित पाया गया। तालाब की खुदाई का कार्य प्रगति पर पाया गया, जिसकी मौके पर माप करायी गयी, जिसकी लम्बाई एवं चौड़ाई 60x50 मीटर पायी गयी, जो मानक के अनुरूप थी। निमियावा तालाब की कुल स्वीकृत लागत मु0 11.75 लाख रूपये हैं। अब तक कुल मु0 4.50 लाख रूपये व्यय हुआ पाया गया। निरीक्षण के दौरान 46 श्रमिकों का मास्टर रोल निर्गत था, जिसके सापेक्ष 27 श्रमिक कार्य करते पाये गये। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्माणाधीन मार्डन तालाब के कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया तथा सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य ससमय पूर्ण कर लिया जाय। तत्पश्चात जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मार्डन तालाब से अभियाकला बार्डर तक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया, जिसकी चौड़ाई 5.6 मीटर है प्राक्कलन के अनुसार कुल लागत मु0 1.99 लाख रूपये है, जिसके सापेक्ष 1.60 लाख रूपये व्यय हुआ पाया गया। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी भदैयॉ, सहायक विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी(मनरेगा), पचांयत सचिव बरूई एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। |
| फसलों में कीटों/रोगों से बचाव हेतु किसान अपनाएं निम्न सुझाव Posted: 19 Apr 2022 04:52 AM PDT सुलतानपुर जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के किसान फसलों में लगने वाले कीटों/रोगों से बचाव हेतु फसल की नियमित निगरानी करें तथा कीट/रोग के लक्षण परिलक्षित होने पर तत्काल निम्नवत् सुझाव एवं संस्तुतियों को अपनाकर फसल की सुरक्षा करें। उन्होंने बताया कि अपने विकास खण्ड के राजकीय कृषि रक्षा इकाई से सम्पर्क कर अपनी समस्या का निदान पायें। कीट/रोग की समस्या के निदान हेतु किसान भाई कृषि विभाग के विशेष मोबाइल नम्बर 9452247111 अथवा 9452257111 पर अपना पंजीकरण नम्बर अथवा नाम/पता लिखते हुए अपनी समस्या एसएमएस या व्हाट्एप पर भेज कर समाधान पायें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जायद की फसलों, गन्ना आदि में लगने वाले कीट/रोग के नियंत्रण हेतु राजकीय कृषि रक्षा इकाईयों एवं निजी क्षेत्र की दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में रसायन उपलब्ध है। वर्तमान फसलों में लगने वाले कीट/रोग हेतु सुझाव गन्ना की फसल को दीमक/अंकुरबोधक कीट से बचाव हेतु क्लोरोपाइरीफास 20 प्रतिशत या इमिडाक्वलोप्रिड 17.8 प्रतिशत अथवा बिबेरिया वैसियाना से मृदा उपचार करें। अर्ली सूटवोरर बचाव हेतु फिप्रोनिल 0.5 प्रतिशत का प्रयोग करें। टापसूटवोरर के नियंत्रण हेतु कावोफ्यूरान 3 प्रतिशत जी0 अथवा क्लोरन्ट्रानिलीप्रोल का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि जायद की फसल जैसे- सब्जियों में लगने वाले महीन कीट यथा-ग्रीनफलाइड, थ्रिप्स, एफिड्स आदि के लिये एलो स्टिकीस्ट्रिप को उपयोग में लायें। नीमआयल का साप्ताहिक प्रयोग संस्तुत मात्रा में करते रहे। फल मक्खी के नियंत्रण हेतु फरोमोन ट्रेप का उपयोग करें। उर्द/मंूग में पीला मौजैक रोग के रोकथाम के लिये वाहक कीट सफेद मक्खी के नियंत्रण हेतु डाईमेथोमोएट 30 प्रतिशत ई0सी0 रसायन का समय से छिड़काव करें। |
| महिला ने बच्चा पैदा करने की जताई इच्छा, पति ने उतारा मौत के घाट Posted: 19 Apr 2022 04:48 AM PDT
लखनऊ शाहजहांपुर जिले में बच्चा पैदा करने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की सिल बट्टे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने ही खुद पुलिस को पत्नी के मरने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पत्नी बच्चा पैदा करना चाहती थी, लेकिन पति बच्चा पैदा करने से इंकार कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद होता रहता था। वहीं महिला के मायके पक्ष ने भी आरोपी पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पंजाब के फरीदाबाद की रहने वाली 38 वर्षीय पिंकी ने वर्ष 2003 में थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव चौहानापुर निवासी हरिकांत त्रिपाठी से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के 19 साल बाद भी दोनो की कोई संतान नहीं हुई। हालांकि हरिकांत की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उससे हरिकांत के दो बच्चे हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि पिंकी अक्सर अपने पति से बच्चा पैदा करने की इच्छा जताती थी। लेकिन हर बार हरिकांत बच्चे से इंकार कर देता था। इसी बात को लेकर आये-दिन मारपीट भी होती थी। आरोप है कि हरिकांत को पहली पत्नी से हुए दो बच्चो के बीच दूसरी पत्नी से बच्चा पैदा कर मकान में तीसरा हिस्सा नहीं लाना चाहता था। यहीं कारण था कि 19 साल से दूसरी पत्नी के साथ बगैर संतान पैदा किये रह रहा था। करीब दो बजे दोनो के बीच फिर से विवाद हुआ। तभी घर के अंदर रखे सिल बट्टे से हरिकांत ने पत्नी पिंकी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर सूचना दी कि, पत्नी की मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटनास्थल पर पहुंची पुलिस पहले तो पति पर शक जाहिर नही कर पा रही थी। लेकिन जब पुलिस ने पिंकी के मायके पक्ष को सूचना दी तो पिंकी के भाई से थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह की बात हो गई। जिसमें भाई ने सीधे तौर पर आरोपी पति पर बहन की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पिंकी के माता-पिता मूल रूप से रामपुर के रहने वाले हैं, लेकिन कुछ समय से वह पंजाब के फरीदाबाद में रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पिंकी के घर के लिए चल दिया है।सेहरामऊ दक्षिणी थाना प्रभारी ने बताया कि पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के मायके पक्ष ने सीधे तौर पर आरोपी पति पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि महिला बच्चा चाहती थी और आरोपी पति बच्चा नहीं चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद होता था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। |
| DPRO ने टीम बनाकर कुड़वार ब्लाक के सभी सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन का निरीक्षण किया Posted: 19 Apr 2022 03:03 AM PDT सुलतानपुर लगातार सामुदायिक शौचालयों के बंद मिलने की शिकायत की हकीकत देखने के लिए एक घण्टे के भीतर जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) सहित 21 टीमो ने छापेमारी की।छापेमारी में नदारद रहे कर्मियों के खिलाफ डीपीआरओ ने बड़ी कार्यवाही के संकेत दिये। आज मंगलवार को जिला पंचायत राज अधिकारी आर के भारती ने 21 टीमें बनाकर एक साथ कुड़वार विकासखंड के सभी पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच टीम में सभी 14 ब्लॉकों के एसबीएम कोर्डिनेटर व एसबीएम के जिला कॉर्डिनेटर अभिषेक सिंह व नीरज दूबे रहे।एक टीम का नेतृत्व जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्वयं किया। जिला पंचायत राज अधिकारी के क्लस्टर में चार गांव गंजेहड़ी,परसीपुर,देवलपुर व चितईपुर रहे।डीपीआरओ के निरीक्षण में देवलपुर में केयरटेकर व पंचायत सहायक अनुपस्थित मिले वही गंजेहड़ी,चितईपुर में भी पंचायत सहायक अनुपस्थित थे। जिला पंचायत राज अधिकारी आर के भारती ने बताया कि आज कुड़वार विकासखंड के सभी सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवनों का टीम बनाकर औचक निरीक्षण किया गया। अनुपस्थित पंचायत कर्मियों केयरटेकर व पंचायत सहायको को नोटिस देकर उनकी सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। |
| सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत भाजपा कार्यकर्ता गरीबों, वंचितों से करेंगे संपर्क Posted: 18 Apr 2022 11:02 PM PDT सुलतानपुर भारतीय जनता पार्टी द्वारा मनाया जा रहे समाजिक न्याय पखवाड़े के अंतर्गत विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल कुमार बरनवाल के संयोजन में नगर पालिका परिषद के अंतर्गत परिजात वृक्ष परिसर एवं नगर पंचायत दोस्तपुर, कोइरीपुर व नगर पंचायत लंभुआ में मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.आर.ए. वर्मा की अगुवाई में विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाजपाइयों ने परिजात वृक्ष परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को लकदक किया।इस दौरान संगठन जिलाध्यक्ष डॉ.आर. ए.वर्मा ने कहा पारिजात वृक्ष जिले की एक धरोहर है।इसे देववृक्ष भी कहा जाता है। उन्होंने कहा ऐसी धार्मिक मान्यता है कि यह वृक्ष मनोवांछित कामनाओं को पूरा करने वाला है।उन्होंने आगे कहा सामाजिक न्याय पखवाड़े के तहत भाजपा कार्यकर्ता गरीबों, वंचितों, दलितों,शोषितों एवं पिछड़े समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्तियों तक पहुंचेंगे।पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से निरंतर सम्पर्क कायम रखा जाए।आजादी का अमृत काल होने के चलते भाजपा सामाजिक न्याय पखवाड़े को यादगार बनाने में जुटी है। सोमवार को सामाजिक न्याय पखवाड़े में भाजपा जिलाध्यक्ष डा.आर.ए.वर्मा के नेतृत्व में भाजपाइयों ने नगर पालिका परिषद के 15 सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।वही स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के संयोजन में नगर पंचायत दोस्तपुर , लंभुआ एवं कोइरीपुर में भी 10-10 सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल बरनवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों में आए हुए लोगों का आभार प्रकट किया।आज आयोजित कार्यक्रमों में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सीतासरण त्रिपाठी, जगजीत सिंह छंगू, नगर पालिका अध्यक्ष बबीता जयसवाल,जिला उपाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश जयसवाल,आलोक आर्या,गोविंद तिवारी टाड़ा,ब्लाक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह, भाजपा नेता व सभासद रमेश सिंह टिन्नू,आकाश जायसवाल,सुधीर साहू, डा. रामचरित पांडे, इन्द्रदेव मिश्रा,मधु अग्रहरि, डॉ के. पी.सिंह अरविंद तिवारी, सजनलाल कसौधन,राज कुमार अग्रहरी, अखिलेश प्रताप सिंह, संजय सरोज,दिनेश चौरसिया,आत्मजीत सिंह टीटू, संदीप गुप्ता, अरुण कुमार,अनिल सोनी, मधु अग्रहरि, राजीव सिंह, राजेंद्र कुमार रावत, दिनेश कसौधान, राजेश श्रीवास्तव, सुनील जायसवाल आदि मौजूद रहे। |
| जनता दर्शन में जन समस्याओं का निस्तारण करते हुए जिलाधिकारी Posted: 18 Apr 2022 10:58 PM PDT सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन में आये जन सामान्य की कोविड -19 की टेस्टिंग कराने के पश्चात सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए जन सामान्य की समस्याओं/शिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका समय से निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रो को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण हेतु प्रेषण करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) मनोज कुमार पाण्डेय सहित जनता दर्शन में आये आम जन उपस्थित रहे। |
| यूपी में सभी प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां 4 मई तक रद्द Posted: 18 Apr 2022 10:03 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश में मंडलायुक्त जिलाधिकारी तथा सभी प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां चार मई तक के लिए रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीफ सेक्रेटरी ने इस सम्बन्ध में आदेश जारी कर दिए हैं। जो अधिकारी पहले से अवकाश पर हैं उनसे भी 24 घंटे के अंदर तैनाती स्थल पर लौटने को कहा गया है। थानेदार से लेकर पुलिस अधीक्षक और सभी फील्ड अफसरों की छुट्टियां निरस्त की गई हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कार्यालयों में दोपहर के भोजन का समय (लंच टाइम) भी निश्चित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लंच के बाद अधिकारी-कर्मचारी तुरंत काम पर लौट आएं। छुट्टियां रद्द किए जाने के पीछे त्योहारों में कानून-व्यवस्था के इंतजामों को वजह बताया गया है। |
| योगी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज Posted: 18 Apr 2022 09:57 PM PDT
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दूसरे कार्यकाल की पहली कैबिनेट मीटिंग आज मंगलवार को सुबह 11 बजे बुलाई है। सरकार के सभी मंत्री और विभागीय प्रमुख सचिव इस बैठक में मौजूद रहेंगे। इसमें एक दर्जन से ज्यादा अहम प्रस्तावों को मंजूरी दिलाई जाएगी।जिसमें नई तबादला नीति भी शामिल है।जानकारी के मुताबिक मंगलवार को लोकभवन में आयोजित होने वाली योगी कैबिनेट की बैठक में संकल्प पत्र की घोषणाओं के कुछ बिंदुओं पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा इस बैठक में उद्योग, कृषि और स्वास्थ्य से जुड़े कई फैसलों पर भी चर्चा की जाएगी। खबर है कि आज योगी कैबिनेट की बैठक में किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, छुट्टा जानवरों के लिए अभ्यारण्य की स्थापना, नई तबादला नीति, 60 साल से ऊपर की महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा का ऐलान हो सकता है। |
| दुल्हन करती रही इंतजार,बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा Posted: 18 Apr 2022 09:55 PM PDT
लखनऊ प्रतापगढ़ जिले में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक दूल्हा दहेज के लिए बारात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन इंजतार करती रही। जब दुल्हन को वजह के बारे में पता चला तो वह बेहोश हो गई।दहेज में कार न मिलने से नाराज दूल्हा पक्ष के लोग बारात लेकर नहीं आए। दूल्हन पक्ष की तहरीर पर पुलिस आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इलाके के मादीपुर निवासी युवती की शादी कमालुद्दीनपुर सलोन जिला रायबरेली निवासी विजय कुमार के साथ तय हुई थी। कुछ दिन पहले वरीक्षा व तिलक का कार्यक्रम हो गया था। 17 अप्रैल को बारात आनी थी।आरोप है कि बारात के दिन ही दूल्हा पक्ष से फोन आया कि पहले कार घर भेजिए या फिर पन्द्रह लाख रुपये कैश दीजिए। इसके बाद ही बारात आएगी। यह सुनकर दुल्हन बेहोश हो गई। इससे परेशान दुल्हन के भाई ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कार देने के लिए बुक की गई थी। लेकिन शादी के दिन रविवार को दूल्हा पक्ष की मांग पूरा कर पाना संभव नही था। दूल्हा पक्ष की हरकत से परिवार शर्मशार हुआ। शादी से पहले वरीक्षा व तिलक कार्यक्रम में करीब आठ लाख रुपये दहेज दिए गए। इसके बाद भी इस तरह की हरकत की गई। दुल्हन के भाई ने विजय कुमार के साथ परिवार व रिश्तेदारों को इस षडयंत्र में शामिल करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दूल्हा समेत परिवार के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है |
| गंगा सफाई के लिए काम करने वाले 75 लोगों को सम्मानित करेगी योगी सरकार Posted: 18 Apr 2022 08:33 AM PDT लखनऊ गंगा सफाई और जल संरक्षण के क्षेत्र में विशेष योगदान करने वाली सामाजिक संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों को योगी सरकार सम्मानित करने जा रही है। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग प्रदेश भर से ऐसे लोगों का चयन कर उनकी सूची तैयार करेगा। मुख्यंमंत्री योगी आदित्यंनाथ अगले महीने इन समाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर सकते हैं। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने आज समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों को योजना की तैयारी के निर्देश दिए हैं। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि गंगा की सफाई और जल संरक्षण के लिए स्वप्रेरणा से बेहतरीन कार्य कर रहे सामाजिक संगठनों और उनसे जुड़े लोगों को सम्मान मिलना ही चाहिए। सरकार हर जिले से इस क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए एक व्यक्ति को सम्मानित करेगी। विभागीय अधिकारी काम के आधार पर हर जिले से एक व्याक्ति का नाम तय कर प्रदेश भर से 75 लोगों की सूची एक सप्ताह में तैयार करें ।श्री सिंह ने कहा कि जल शक्ति विभाग और खास तौर से नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के इंजीनियरों और कर्मचारियों को भी उनके बेहतर कार्य के लिए पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने पुरस्कार के लिए अधिकारियों की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तर पर इन पुरस्कारों का वितरण मुख्यमंत्री और जल शक्ति मंत्री के द्वारा किया जाएगा।जल शक्ति मंत्री ने 15 मई को संभावित तिथि मान कर सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जल निगम ग्रामीण के एमडी बलकार सिंह और अधिशासी निदेशक अखंड प्रताप सिंह समेत विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जल शक्ति मंत्री ने बुंदेलखंड, विंध्यन के अलावा प्रदेश के 66 जिलों में 100 दिन के भीतर जलापूर्ति शुरू करने की कार्य योजना देखी। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि इंजीनियर फील्ड में रहें। कार्यों की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि मैं खुद भी परियोजनाओं का स्थालीय निरीक्षण कर रहा हूं। किसी भी समय औचक पहुंच कर निरीक्षण करूंगा। |
| Posted: 18 Apr 2022 08:28 AM PDT लखनऊ यूपी के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने आज सोमवार को 1090 चौराहे से स्कूटी एवं बाइक सवारों को हरी झण्डी दिखाकर सड़क सुरक्षा सप्ताह-2022 का शुभारम्भ किया। सड़क सुरक्षा सप्ताह 18 अप्रैल से 24 अप्रैल, 2022 तक मनाया जायेगा। इस अवसर पर नाटक का मंचन भी किया गया और इसके माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष लगभग 22 हजार लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं के कारण होती है जिसमें से 38 प्रतिशत मृत्यु केवल दोपहिया वाहनों पर हेलमेट न पहनने, फोन पर वार्ता करने एवं नशे में गाड़ी चलने के कारणों से होती है। अब आज के बाद गाड़ी का रजिस्ट्रेशन तभी होगा जब डीलर साथ में ग्राहकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट देगा। उन्होंने कहा कि साथ ही स्कूलों, कॉलेजों में सड़क सुरक्षा विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी एवं पुरस्कारों का भी वितरण होगा। बचपन से ही यदि सिखाया जाय तो चीजें व्यक्ति के दिनचर्या में शामिल हो जाती है।श्री सिंह ने कहा कि लोगों को जागरूक किये जाने की जरूरत है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को 5000 रूपये की धनराशि परिवहन विभाग द्वारा दिया जाता है। अतः सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाएं एवं उनकों जीवनदान दें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह मात्र कार्यक्रम बनकर न रह जाय, इसके लिए आवश्यक है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो।परिवहन मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा आज से डी0एल0 बनाने की नई व्यवस्था फेसियल रिकागनिशन टेक्नीक लागू की जा रही है। इससे डी0एल0 (ड्राइविंग लाइसेंस) बनवाने के लिए आम लोगों को आर0टी0ओ0 कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं उनके द्वार तक मिलें। इस दिशा में परिवहन विभाग मजबूती से कदम आगे बढ़ा रहा है।प्रमुख सचिव परिवहन राजेश सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना से हाने वाली मौतों को गम्भीरतापूर्वक लेने की जरूरत है इसके लिए नई सड़क सुरक्षा नीति 4-ई का जिक्र किया जिसका अर्थ है एजुकेशन, इन्फोर्समेंट, इमरजेंसी केयर एवं इंजीनियरिंग। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत मौतें ओवर स्पीड एवं ड्रिकेन ड्राइविंग की वजह से होती है ऐसे में 4-ई कारगर होगा।परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा का सम्बंध प्रत्येक नागरिक से है। विभागीय प्रयासों के कारण 2021 में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में 6.5 प्रतिशत की गिरावट आयी है जबकि गाइडलाइन 3 प्रतिशत की गिरावट लाने की थी। उन्होंने कहा कि लोग आईएसआई मानक का ही हेलमेट प्रयोग करें।इस अवसर पर परिवहन मंत्री द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के 25 जरूरतमंद नागरिकों को आईएसआई मार्क वाला हेलमेट का वितरण किया गया। |
| हाथ बांधकर ट्रेन के आगे कूदे प्रेमी-प्रेमिका Posted: 18 Apr 2022 05:54 AM PDT
लखनऊ आगरा जनपद में प्रेमी युगल ने अपने हाथ बांधकर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। दोनों रिश्ते में एक-दूसरे के भाई-बहन लगते थे। ये घटना तेहरा चौकी के पास ग्राम लहचोरा मजरा के नगला गडुआ की है। चश्मदीद ने बताया कि दोनों के हाथ बंधे थे। आसपास उनकी डेडबॉडी पड़ी थी। पुलिस दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही है।नगला गडुवा गांव का रहने वाला एक युवक गांव की एक युवती से प्रेम करता था। दोनों एक ही समाज कुशवाहा से आते थे। दोनों ही एक-दूसरे से शादी करने के लिए परिवार पर दबाव डालते रहे। एक ही समाज और नजदीकी परिवार होने के नाते दोनों के बीच भाई-बहन का रिश्ता बन रहा था।इसलिए परिवार के लोगों ने शादी कराने से मना कर दिया। प्रेमी युगल सोमवार सुबह आगरा-ग्वालियर रेलवे लाइन पर पहुंचे। यहां दोनों ने एक-दूसरे के हाथ बांध लिए और ट्रेन आते ही उसके आगे कूद पड़े। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर पहुंचे तेहरा चौकी इंचार्ज ने पड़ताल की। उन्होंने बताया कि लोग उनकी शादी के खिलाफ थे। इस वजह से लड़का-लड़की ने ये कदम उठाया है। मामला प्रेम संबंध का है। यह घटना रेलवे ट्रैक पर आगरा-झांसी सेक्शन भगतुपुरा पर के पास की है। मामले में अभी और पूछताछ की जा रही है। |
| 18 से 23 अप्रैल तक चलने वाले एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का विधायक ने किया शुभारम्भ Posted: 18 Apr 2022 05:13 AM PDT सुलतानपुर आजादी का अमृत महोत्सव के अर्न्तगत भारत सरकार द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के क्रम में अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ0प्र0, शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुसार ब्लाक स्तर पर स्वास्थ्य मेला 18 अप्रैल से 23 अप्रैल, 2022 के मध्य आयोजित किये जाने के क्रम में आज 18 अप्रैल, 2022 (दिन सोमवार) को ब्लाक कादीपुर, दोस्तपुर व अखण्डनगर में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारम्भ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी की उपस्थिति में विधायक कादीपुर राजेश गौतम के कर कमलों द्वारा किया गया। मेले में जनमानस को शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया तथा क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गयी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दोस्तपुर में आयोजित मेले में 912 मरीजों का पंजीकरण किया गया। मेले में आये हुए लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण, औषधि वितरण, आयुष्मान गोल्डन कार्ड का वितरण, परिवार कल्याण सेवाएं, कोविड- 19 टीकाकरण, टेलीकंल्सलटेशन, होम्योपैथिक, यूनानी एवं आयुर्वेदिक विधा की चिकित्सा सेवा उपलब्ध करायी गयी। मेले में खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, युवा कार्यक्रम, खेल, विकलांग कल्याण सहित आदि विभागों द्वारा अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के डॉ0 स्वर्णिम सक्सेना (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ0 इशिता अग्रवाल, डॉ0 राम अनुज वर्मा(मानसिक रोग विशेषज्ञ), डॉ0 मो0 रिजवान (ई.एन.टी. सर्जन) सहित आदि चिकित्सको द्वारा स्वास्थ्य मेले में योगदान दिया। मेले में बाल विकास पुष्टाहार विभाग के स्टाल का अवलोकन भी किया गया। जिस पर पोषण अभियान, टेक होम राशन व कुपोषण आदि के सम्बन्ध में जानकारी देना तथा विभाग द्वारा गोदभराई गतिविधियों जैसे आयोजन किये गये। ब्लाक कादीपुर में स्टाल पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही गोदभराई हेतु गर्भवती महिला में ममता चौरसिया पत्नी राजेश व कान्ती पत्नी सुभाष की गोदभराई विधायक राजेश गौतम द्वारा की गई। अन्नप्राशन हेतु दो बच्चे कार्तिक पुत्र वीर बहादुर व अभय वर्मा पुत्र विनोद वर्मा का अन्न प्राशन किया गया। रंगोली का निर्माण आंगनबाडी कार्यकत्री पुष्पा सिंह, शैल सिंह व सुनीता द्वारा किया गया। रेसिपी हेतु कंचन सिह, संगीता वर्मा, रश्मि सिंह, नीलम मौर्या गायत्री देवी चन्द्रावती, विजय लक्ष्मी व प्रतिमा सिंह द्वारा स्टाल पर पोषाहार के अनेक प्रकार के व्यंजनों से स्टाल की शोभा को बढ़ाया। मेले में लाभार्थियों का वजन भी लिया गया। इस क्रम में 20 गर्भवती महिलाओं व 31 बच्चोें का वजन लिया गया, जिसमें 05 अतिकुपोषित बच्चे व 02 सैम बच्चे चिन्हित किये गये। इसी प्रकार अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाकर मेले में योगदान दिया गया। मेले में पूर्व प्रमुख श्रवण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी लक्षमन प्रसाद, जिला परिवार कल्याण विशेषज्ञ संतोष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी रवीश्वर कुमार राव, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, पुष्पावती व समस्त मुख्य सेविका व आगनबाडी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। |
| Posted: 18 Apr 2022 04:31 AM PDT
लखनऊ मौसम विभाग का ताजा अनुमान काफी राहत देने वाला है।अभी तक के अनुमान के मुताबिक दो दिनों बाद यानी 21 अप्रैल को प्रदेश में बारिश की संभावना है।बारिश का दायरा पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिमी यूपी तक रहेगा।हालांकि बारिश जोरदार नहीं बल्कि हल्की फुल्की ही होगी लेकिन इससे तपिश में राहत जरूर मिल जाएगी। 21 अप्रैल की बारिश के बाद 22 अप्रैल तक राहत बनी रहेगी। उसके बाद तापमान फिर से चढ़ना शुरू होगा।लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि गर्मी के सीजन की पहली बारिश 21 अप्रैल को संभव है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी में बारिश होगी। हालांकि प्रदेश के कुछ ही जिलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है।22 अप्रैल से मौसम साफ हो जाएगा लेकिन इस दिन भी राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में ये बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश में ज्यादातर शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे उपर ही दर्ज किया जा रहा है। रविवार को कानपुर और झांसी में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर, रायबरेली और आगरा में दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। |
| लखनऊ, नोएडा समेत इन जिलों में मास्क पहनना जरूरी Posted: 18 Apr 2022 04:28 AM PDT
लखनऊ UP की सीमा से लगे कुछ राज्यों में कोविड के केस में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने NCR के जिलों और लखनऊ में मास्क पहनना जरूरी करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि NCR के जनपदों (गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत) तथा लखनऊ जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाया जाना अनिवार्य किया जाए। इन जनपदों में टीकाकरण से छूटे लोगों को चिन्हित कर वैक्सीनेट किया जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जाए। लक्षणयुक्त लोगों की टेस्टिंग कराई जाए। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को टीम 9 के साथ प्रदेश के जिलों में कोरोना की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।विगत 24 घंटे में गौतमबुद्ध नगर में 65, गाजियाबाद में 20 और लखनऊ में 10 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इन क्षेत्रों में स्थिति पर सूक्ष्मता से नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि NCR में कोविड पॉजिटिव पाए गए मरीजों के सैम्पल की जीनोम सिक्वेंसिंग के दौरान कोविड के ओमीक्रोन वैरिएंट की ही पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार संभव है कि केस की संख्या में बढ़ोतरी हो लेकिन अस्पताल में भर्ती होने अथवा मरीज के अति गंभीर होने की स्थिति नहीं होगी। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन के लिए जागरूक किया जाए।प्रदेश में वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 695 है। विगत 24 घंटों में 83 हजार 864 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 115 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 29 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। हमें पूरी सावधानी और सतर्कता बरतनी होगी। |
| यूपी में 12 जिलों के नाम बदलने का मसौदा तैयार Posted: 18 Apr 2022 04:26 AM PDT लखनऊ यूपी के हालिया इतिहास को देखें तो बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं रहीं। योगी आदित्यनाथ ने अपने पहले कार्यकाल में भी कई जगहों के नाम बदल दिए थे।अब वह प्रदेश के 12 जिलों के नाम बदलने जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि इस बारे में प्रस्ताव का मसौदा भी तैयार हो चुका है।फर्रखाबाद, सुल्तानपुर, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, आगरा, मैनपुरी, गाजीपुर, देवबंद, रसूलाबाद और सिकंदरा. सूत्रों का कहना है कि इसके बाबत मसौदा तैयार हो चुका है। जल्द ही इसे योगी कैबिनट की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। वहां से मुहर लगने के बाद विधानसभा में पेश किया जा सकता है।नाम बदलने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद उसे राज्यपाल के पास भेजा जाता है।राज्यपाल की मोहर के बाद केन्द्रीय गृह मंत्रालय के पास जाता है और फिर राज्य सरकार अधिसूचना जारी करके नाम बदल देती है।.मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नए प्रस्तावित नाम ये हो सकते हैं अलीगढ़ से आर्यगढ़, सम्भल से पृथ्वीराज नगर, फर्रूखाबाद से पांचाल नगर, सुल्तानपुर से कुशभवनपुर, फिरोजाबाद से चंद्र नगर, आगरा से अग्रवन, मैनपुरी से मयानपुरी, गाजीपुर से गढ़ीपुरी, देवबंद से देववृंदपुर, रसूलाबाद से देवगढ़ और सिकंदरा से आदर्शनगर. योगी का मानना है कि पुरानी अस्मिता को फिर से स्थापित करने के लिए इस तरह के कदम उठाना आवश्यक है। योगी आदित्यनाथ ने अपने पिछले कार्यकाल में भी कुछ जगहों के नाम बदले थे। जैसे कुम्भ मेले से पहले इलाहाबाद को प्रयागराज कर दिया गया था। फैजाबाद को अयोध्या, मुगलसराय रेलवे स्टेशन को पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन, गोरखपुर के उर्दू बाजार को हिंदी बाजार, हुमायूंपुर को हनुमान नगर, मीना बाजार को माया बाजार और अलीनगर को आर्य नगर किया गया था। |
| डीएम व एसपी ने सड़क सुरक्षा सप्ताह का किया शुभारंभ Posted: 18 Apr 2022 03:54 AM PDT सुलतानपुर चतुर्थ "सड़क सुरक्षा सप्ताह" के दृष्टिगत यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हेतु 'सड़क सुरक्षा रैली' का आयोजन हुआ। 18-04-22 से 24-04-22 तक आयोजित होने वाले चतुर्थ "सड़क सुरक्षा सप्ताह" के दृष्टिगत आज सोमवार को कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ चाईल्ड एजुकेशन, में "सड़क सुरक्षा रैली" का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र एवं जिलाधिकारी रवीश गुप्ता को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नंद कुमार द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया । कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ चाईल्ड एजुकेशन विद्यालय में छात्र-छात्राओं को शामिल कर सड़क सुरक्षा सप्ताह जागरूकता के लिए पोस्टर, बैनर द्वारा प्रचार-प्रसार हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर उक्त रैली को रवाना किया तथा एक संगोष्ठी का आयोजन किया , जिसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों से अवगत कराते हुए उनसे यातायात नियमों का पालन करने हेतु बताया गया, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। रैली के माध्यम से आम जन मानस में यातायात नियमों का पालन संबंधी जागरूकता जैसे सीट बेल्ट/हेलमेट पहनना, ओवरस्पीडिंग न करना, रेड लाइट जम्पिंग न करना, वाहन चलाते हुए मोबाइल फोन /एयर फोन का प्रयोग नहीं करना, नशे की हालत में वाहन न चलाने आदि के संबंध में जागरूक किया तथा डीजी लॉकर एवं एम० परिवहन ऐप के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गयी। उक्त कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात राघवेन्द्र चतुर्वेदी, एआरटीओ नन्द कुमार, यातायात प्रभारी अनूप कुमार सिंह, समाज सेवी बलदेव सिंह व अन्य अधि0/कर्म0गण मौजूद रहे। प्रचार वाहन के माध्यम से सुलतानपुर शहर के आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें इनका पालन करने हेतु प्रेरित किया । |
| यूपी में अब युवाओं के उद्यमी बनने की राह होगी आसान Posted: 17 Apr 2022 10:39 PM PDT
लखनऊ उत्तर प्रदेश में योगी सरकार युवाओं के उद्यमी बनने की राह को और आसान बनाने जा रही है। अब प्रदेश के युवा उद्यमी बनकर दूसरे लोगों को रोजगार दे सकेंगे। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में परियोजना लागत को 25 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ करने की तैयारी है।इससे युवाओं को रोजगार के ज्यादा अवसर मिल सकेंगे। दरअसल योगी सरकार का लक्ष्य है कि अगले 5 साल में हर परिवार से एक व्यक्ति को रोजगार देने का है। साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में नंबर एक बने।मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत स्वरोजगार करने के इच्छुक युवाओं की सहायता का दायरा बड़ा किया जा रहा है। परियोजना लागत को बढ़ाकर 25 लाख से 1 करोड़ किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने इसे 100 दिन की कार्ययोजना में शामिल किया है। परियोजना लागत बढ़ने से युवाओं को स्वरोजगार करने में आसानी होगी और पैसे की कमी नहीं होगी। साथ ही ज्यादा संख्या में रोजगार का सृजन होगा। इस योजना का लाभ पाने वाले युवा खुद तो उद्यमी बनेंगे ही साथ ही दूसरों को भी रोजगार दे सकेंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोगार योजना की शुरुआत योगी सरकार ने 2018 में की थी।इस योजना के तहत जो युवा शिक्षित और पात्र हैं उनको स्वरोजगार के लिए सरकार सहायता करती है।इसके तहत पात्र युवा लोन ले सकते हैं. प्रदेश सरकार सब्सिडी प्रदान करती है। |
| बहन से प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे किशोर की सिर कलम कर हत्या Posted: 17 Apr 2022 09:51 PM PDT लखनऊ मेरठ जिले में शनिवार को एक 14 साल के किशोर की सिर कटी लाश मिलने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या का खुलासा कर दिया।पुलिस के मुताबिक बहन से प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे भाई को रस्ते से हटाने के लिए दोनों आरोपियों ने इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस किशोर के शव के साथ ही उसका कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया।बता दें कि शनिवार की सुबह जानी थाना क्षेत्र में एक किशोर की सिर कटी लाश मिली थी। जिसके बाद तफ्तीश में मृतक की पहचान सिवालखास निवासी अनस पुत्र अनीश के रूप में हुई।तफ्तीश में जुटी पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का खुलासा करते हुए नदीम और फैजल नाम के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर अनस का कटा हुआ सिर भी जंगल से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की बहन से अवैध संबंधों के चलते इस हत्याकांड की अंजाम दिया गया।एसपी ने बताया कि आरोपी नदीम और फैजल ने शुक्रवार की शाम को अनस बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इससे भी मन नहीं भरा तो उसका सिर कलम कर शव को फेंककर फरार हो गए। दोनों ने पूछताछ में बताया कि फैजल की अनस की बहन से दोस्ती थी।इसके बाद नदीम के भी संबंध उसकी बहन से हो गए।नदीम अक्सर अनस से कहता था कि वह उसकी बहन से शादी करके रहेगा। इसका विरोध अनस करता था। फिर अनस को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने हत्या की साजिश रची और फिर उसे अंजाम तक पहुंचाया। |
| बारातियों से भरी बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 लोग गंभीर Posted: 17 Apr 2022 09:43 PM PDT अमेठी जिले में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो में भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से सभी को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर किया गया है।घटना अमेठी के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज सगरा के नजदीक की है। बोलेरो लखनऊ से अमेठी आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में 10 लोग सवार थे। इनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई, एक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।अमेठी कोतवाली क्षेत्र के अनिल बोलेरो गाड़ी से अपने साथियों के साथ अपनी ससुराल से बारात जा रहे थे। मौनी महाराज के आश्रम के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा कल्लू, उसके बेटे और कृष्ण कुमार सिंह सहित 6 की मौत हो गई। लवकुश, मुकेश और अनुज समेत 4 घायल हुए हैं। मृतकों में से 4 लोग अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गुंगवाछ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और इस दुर्घटना के प्रभावित लोगों को हर संभव राहत और मदद प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |



























