आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, April 27, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: अवैध शराब माफिया की बहुमूल्य संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में जुटा प्रशासन

Posted: 27 Apr 2022 08:28 AM PDT

मुख्य आरोपी का आलीशान बंगला

फाइल चित्र : बंगले में बरामद अवैध शराब, कफ शीरप देखते एसपी

74 लाख, 48 हजार रुपये हुआ संपत्ति का मूल्यांकन

फरवरी में अहरौला क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में होगी कार्रवाई

आजमगढ़: जिले के अहरौला क्षेत्र में बीते फरवरी माह में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में जिला प्रशासन बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में जुट गया है। आबकारी व पुलिस विभाग की आख्या रिपोर्ट पर इस मामले में आरोपित एक ही परिवार के लोगों द्वारा नकली शराब के काले कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति में अहरौला थाना क्षेत्र के रूपाईपुर में बने आलीशान मकान व अन्य अचल संपत्ति को गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम के तहत कुर्क किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। बताते चलें कि अहरौला क्षेत्र के रूपईपुर गांव में शराब की अवैध फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली शराब और कफ सिरप की बरामदगी के साथ फैक्ट्री संचालक मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार मोहम्मद फहीम और माहुल बाजार स्थित सरकारी देशी मदिरा की दुकान के मालिक रंगेश यादव की निशानदेही पर अवैध शराब, उपकरण, नकली बार कोड व कफ सीरप भी बरामद की गई थी। लोकनिर्माण विभाग द्वारा फहीम और उसके भाइयों की रूपाईपुर में बने मकान की कीमत 35 लाख, 75 हजार, 434 रूपए आंकी गई है। इसी मकान में जहरीली शराब बनती थी, जिसका सेवन कर लोग असमय काल के गाल में समा गए जबकि तमाम लोग दृष्टिहीनता के शिकार गए थे। इस मामले में दर्जन भर से ज्यादा लोग जेएलएल की सलाखों के पीछे हैं। अब उ.प्र. गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम-1986 के द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिलाधिकारी ने अवैध कमाई से बनाए गए मकान का मूल्यांकन कराया। डीएम ने तहसीलदार फूलपुर को इसका रिसीवर बनाया है और एक सप्ताह में संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया है। इस मामले के गुनाहगार लोगों में मो० फहीम के साथ ही मो०कलीम की पत्नी अर्शिया, मो० नईम, मो० नदीम पुत्रगण मोहम्मद सईद की कुल 74 लाख, 48 हजार, 435 रूपए की संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया गया है। फरवरी माह के पहले सप्ताह में जहरीली शराब से हुई मौतों ने जिले में कुटीर उद्योग का रूप धारण कर चुके इस अवैध कारोबार के खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई की जद में आए उप आबकारी आयुक्त एलबी मिश्रा को हटाकर उन्हें प्रयागराज मंडल से संबद्ध किया गया था। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार ठहराए गए आबकारी विभाग के तीन कर्मचारियों में आबकारी निरीक्षक नीरज सिंह, आरक्षी सुमन कुमार पांडेय व राजेंद्र प्रताप सिंह के साथ ही अहरौला थाना प्रभारी संजय सिंह के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही की गई थी।

आजमगढ़: डीएम ने अधीनस्थ न्यायालयों का कार्य समय परिवर्तित किया

Posted: 27 Apr 2022 08:05 AM PDT


01 मई से 30 जून तक सुबह 6.30 बजे से अपराह्न 12.30 बजे तक होंगे कार्य

आजमगढ़: जिलाधिकारी मजिस्ट्रेट विशाल भारद्वाज ने गर्मी को देखते हुए न्यायालयों का कार्य सुबह करने का निर्णय लिया है। उन्होंने समय सारणी जारी करते हुए बताया कि एक मई से 30 जून तक जिला मजिस्ट्रेट के अधीनस्थ राजस्व, कार्यकारी मजिस्ट्रेटों के न्यायालय, चकबंदी तथा राजस्व, फौजदारी अभिलेखागार, कलेक्ट्रेट का कार्य सुबह 6.30 बजे से अपराह्न 12.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। पूर्वाह्न 9.30 से 10 बजे तक मध्यावकाश का समय निर्धारित किया गया है। बताया कि समस्त कार्यालय तथा कोषागार का कार्य समय सुबह 10 से सायं पांच बजे तक रहेगा।

आजमगढ़: एसपी ने किया फूलपुर थाने का निरीक्षण,साफ- सफाई पर जताई नाराजगी

Posted: 27 Apr 2022 07:37 AM PDT



टॉप टेन के फरार चार आरोपियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई का निर्देश

शस्त्र परीक्षा में तीन सिपाही हुए पास, दिया नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र

आजमगढ़: एसपी अनुराग आर्य ने जिले के फूलपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में थाने की साफ-सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। इसके लिए एसपी अनुराग आर्य ने साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही थाना परिसर में बड़ी संख्या में बेतरतीब वाहन खड़े थे। इसके लिए इंस्पेक्टर को निर्देश देते हुए सही से खड़ा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही थाने में आने वाले घरेलू विवाद के प्रकरणों में वसूली वारंट तामील कर शत-प्रतिशत करने का निर्देश दिया। एसपी अनुराग आर्य ने थाने के इंस्पेक्टर व मालखाना मोहर्रिर को चेतावनी भी दी है। निरीक्षण के दौरान एसपी ने फूलपुर थाने में तैनात सिपाहियों का शस्त्र ट्रायल लिया। इस ट्रायल में छह सिपाही शामिल हुए। कप्तान की परीक्षा में तीन सिपाही फेल हुए जबकि तीन सिपाही पास हुए। पास हुए तीन सिपाहियों द्वारा 35 सेंकेड में शस्त्र खोलकर जोड़ने के लिए प्रत्येक को एक हजार व प्रशस्ति-पत्र देकर पुरस्कृत किया। इन सिपाहियों में सत्येद्र कुमार, सोनू यादव व दयाशंकर यादव हैं, जिन्हें पुरस्कृत एसपी अनुराग आर्य ने टॉप टेन के फरार चार अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके साथ ही वांछित अभियुक्तों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही व गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर NBW/82/83 की कार्यवाही की जाय। अवैध शराब की बिक्री, भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई, समय-समय पर स्थान बदलकर चेकिंग, गोकशी में तीन मामलों में गैंगेस्टर की कार्रवाई के निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही मालखाना मोहर्रिर व थाना प्रभारी फूलपुर को चेतावनी दी गई है। इस निरीक्षण में एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल व सीओ फूलपुर गोपाल स्वरूप बाजपेई उपस्थित रहे।

आजमगढ़: कड़ी निगहबानी में शुरू हुई सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा

Posted: 27 Apr 2022 07:20 AM PDT


जनपद में 16 परीक्षा केंद्र हैं, 7216 परीक्षार्थी पंजीकृत है

आजमगढ़: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार को शुरू हो गई। 26 अप्रैल से शुरू हुई परीक्षा के पहले दिन आज़मगढ़ में कोई भी परीक्षार्थी नहीं था। लिहाजा परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को दसवीं अंग्रेजी की परीक्षा से ही सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई। जनपद में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं । दसवीं में पूरे जनपद में 7216 परीक्षार्थी पंजीकृत है । जांच के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के गेट पर कोविड प्रोटोकॉल के पालन के साथ परीक्षार्थियों की पूरी तलाशी ली गई । परीक्षा का निर्धारित समय सुबह 10:30 से 12:30 बजे का है निर्धारित समय से आधा घंटे पूर्व परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

आजमगढ़: श्री अग्रसेन पीजी कालेज में 179 छात्राओं में वितरित हुआ स्मार्टफोन

Posted: 27 Apr 2022 06:48 AM PDT


डिजी शक्ति योजना से तकनीकी सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा - सुधीर अग्रवाल, प्रबंधक

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित डिजी शक्ति योजना के तहत नगर के श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय आजमगढ़ के सभागार में बुधवार को स्नातक की 179 छात्राओं में स्मार्ट फोन वितरित किया गया। स्मार्ट फोन मिलते ही छात्राएं चहक उठी। स्मार्ट फोन वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार अग्रवाल, प्रबंधक सुधीर अग्रवाल व कोषाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष पुष्पाजंलि व दीप प्रज्जवलित कर किया गया। छात्राओं में स्मार्ट फोन वितरित करते हुए मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान डिजीटल युग में स्वअध्ययन एवं पूरी दुनिया से जुड़ने के लिए स्मार्ट फोन एक उपयोगी साधन है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए प्रबंधक सुधीर अग्रवाल ने कहाकि डिजी शक्ति योजना के माध्यम से छात्राओं को सशक्त बनाए जाने का प्रयास सराहनीय हैं। इसके माध्यम से तकनीकि सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। इसका जितना अधिक सकारात्मक उपयोग होगा उतना ही व्यापक छात्राओं का शैक्षिक विकास होगा। कोविड-काल में ई-शिक्षा को बढ़ावा मिला है, डिजी शक्ति योजना से आच्छादित छात्राओं के उन्नति में यह मील का पत्थर साबित होगा। कोषाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल ने कोरोना काल में अध्ययन में आई कठिनाईयों का जिक्र करते हुए डिजी शक्ति योजना को कारगर बताते हुए सरकार के पहल की तारिफ की। उन्होंने कहाकि अब छात्राएं आनलाइन कक्षाएं करके अपने पाठ्यक्रम का अध्ययन समय से कर सकेंगी। अंत में आगंतुकों के प्रति आभार जताते हुए अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या डॉ निशा कुमारी ने सभी छात्राओं को आनलाइन अध्ययन हेतु स्मार्ट फोन के महत्व को विस्तार से समझाया। प्राचार्या ने बताया कि बीए तृतीय वर्ष में 127, बीकाम में 22, बीएड तृतीय समेस्टर के 30 छात्राओं में स्मार्ट फोन वितरित किए गए। संचालन मनोविज्ञान विभाग की शिक्षिका डा अनुभा श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर शिक्षिका डॉ ऊषा कुमारी, श्रीमती गरिमा अग्रवाल, श्रीमती रागिनी गौतम, श्रीमती सुषमा मौर्या, श्रीमती स्मिता त्रिपाठी, डा सविता यादव व अखिलेश यादव सहित छात्राएं व शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहा।

आजमगढ़: विधि विधान से हनुमान मूर्ति की हुई प्राण-प्रतिष्ठा

Posted: 27 Apr 2022 06:35 AM PDT


कमिश्नरी कंपाउंड स्थिति मंडलीय विकास भवन के पीछे हुई स्थापना


आयुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई प्राण प्रतिष्ठा 

आजमगढ़: शहर के कमिश्नरी कंपाउंड स्थिति मंडलीय विकास भवन के पीछे बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हनुमान जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसमें अयोध्या, चित्रकूट, बलिया व बस्ती के विद्वान ब्राह्मण व संतों ने भाग लिया। विधि विधान पूर्वक प्राण प्रतिष्ठा के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया। इसमें अयोध्या के जगतगुरू रंगनाथाचार्य, राकेश तिवारी, सत्येंद्राचार्य, ध्रुव महाराज, देवेंद्र प्रसादचार्य, लक्ष्मण दास, बाल व्यास भरतजी, महंत पवन कुमार, सूरज दास आदि संतों ने भाग लिया। भंडारों में सैंकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा, कनिष्ठ सहायक संगीता श्रीवास्तव, रमापति यादव, आर्यन श्रीवास्तव, राजेंद्र त्रिपाठी, अनिल कुमार राय आदि मौजूद थे।

आजमगढ़: एनडीआरएफ ने भूकंप पर किया मेगा मॉक ड्रिल

Posted: 27 Apr 2022 06:19 AM PDT




अचानक कलेक्ट्रेट परिसर की आपातकालीन घंटी बजी और लोगो को भूकंप की सूचना मिली

ऊपरी मंजिल में फंसे लोगों को एनडीआरएफ की रोप रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला

आजमगढ़ 27 अप्रैल-- 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडेंट श्री मनोज कुमार शर्मा के निर्देशानुसार आज कलेक्ट्रेट ऑफिस आजमगढ़ में मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री आजाद भगत सिंह की अध्यक्षता में भूकंप आपदा पर आधारित संयुक्त अभ्यास, एनडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व अन्य हित धारकों के साथ किया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में मॉक ड्रिल की शुरूआत 09.30 मिनट पर हुई। पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत अचानक कलेक्ट्रेट परिसर की आपातकालीन घंटी बजी और कार्मिकों को भूकंप आने की सूचना दी गई। भूकंप थमने के बाद सभी कार्मिक खुले स्थान पर इकट्ठा हुए, जहां उनका काउंट किया गया। एनडीआरएफ के 30 बचाव कर्मी इंस्पेक्टर डीपी चंद्रा के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंच कर तुरंत ही बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया। कुछ लोगों के बिल्डिंग के ऊपरी मंजिल में फंसे होने की जानकारी पर एनडीआरएफ की रोप रेस्क्यू टीम के बचावकर्ता रोप तकनीकों का इस्तेमाल कर बिल्डिंग के ऊपरी मंजिल से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। एनडीआरएफ टीम के डिप्टी कमांडेंट पीएल शर्मा ने बताया कि इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया। भविष्य में ऐसी किसी भी आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की शुरुआत स्वयं से शुरू करनी होगी तथा जन-जन को आपदा प्रबंधन के बारे में जागरूक करना होगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, एसडीएम सदर जेआर चौधरी, प्रेम चंद्र मौर्या उपजिलाधिकारी मेहनगर, एसएन त्रिपाठी उपजिलाधिकारी लालगंज, नवीन प्रसाद उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर, अतुल कुमार सिंह बीएसए, डॉ0 वीरेंद्र सिंह, सौम्या सिंह सीओ सदर, रानी गरिमा यादव तहसीलदार एवं अन्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

आजमगढ़: गैस एजेंसी की गाड़ी से लूट में रेकी करने वाला गिरफ्तार

Posted: 27 Apr 2022 06:07 AM PDT


अहरौला पुलिस ने एक दिन पहले ही मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में पकड़ा था

आजमगढ़: अहरौला पुलिस ने बुधवार की सुबह सकतपुर बाजार से गैस डिलेवरी वाहन से हुई लूट की घटना में रेकी करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल फरार चल रहे एक अन्य आरोपित की तलाश में पुलिस संभावित ठिकाने पर छापेमारी तेज कर दी है। वहीं मुख्य आरोपित को मंगलवार की सुबह पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। उसके बाएं पैर में गोली लगी थी।
पांच अप्रैल को गैस के डिलेवरी वाहन से भैंसासुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने 28840 रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस की विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि विशाल सिंह ने रेकी कर मुख्य अभियुक्त को सूचना उपलब्ध कराई थी। थाना प्रभारी अहरौला राजेश कुमार सिंह सुबह फुलवरिया तिराहे पर सहयोगियों के साथ शांति व्यवस्था को लेकर गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि विशाल सिंह निवासी हमीरपुर, थाना पवई सकतपुर बाजार में मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को पुलिस ने छितौना तिराहे पर के पास मुठभेड़ में इंडेन गैस एजेंसी के डिलेवरी वाहन को लूटने के मुख्य आरोपित राम कृपाल सिंह निवासी अगराघाट, आंबेडकरनगर को गिरफ्तार किया था। उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। एचएचओ ने बताया गिरोह में शामिल एक अन्य की तलाश की जा रही है।

आजमगढ़: दो दिनों बाधित रहेगी अतरौलिया के पूर्वी फीडर की बिजली

Posted: 26 Apr 2022 08:11 AM PDT


गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे निर्माण के चलते होगा लाइन का डाइवर्जन

आजमगढ़ : मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट गोरखपुर लिक एक्सप्रेस-वे निर्माण के कारण बलिया- लखनऊ पारेषण लाइन का डायवर्जन करने के कारण अतरौलिया सब स्टेशन के 11/ 33 केवी फीडर की विद्युत सप्लाई 27 व 28 अप्रैल तक सुबह सात से दोपहर एक बजे तक बाधित रहेगी। इस समयावधि में यूपीडा द्वारा पारेषण लाइन को पुराने टावर से उतारने का कार्य किया जाएगा। अतरौलिया के अधिशासी अभियंता अवधेश पाल ने बताया कि उक्त तिथियों में तीन-तीन घंटे की कटौती की जाएगी। यह सूचना पावर ग्रिड कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड के आजमगढ़ प्रबंधक संजय कुमार मल्ल ने दी।

आजमगढ़: अलग - अलग सड़क हादसों में 03 की मौत, छात्रा घायल

Posted: 26 Apr 2022 07:56 AM PDT


जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के दोहरीघाट-आजमगढ पर हुई दो दुर्घटना

सिधारी के तिवारीपुर के पास अज्ञात वाहन से घायल दूध विक्रेता की भी मौत

आजमगढ़ : जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग पर मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्नातक छात्रा घायल हो गई। हादसे की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम नरहन खास निवासी राम विजय मौर्य (52) दवा लेने के लिए घर से अपनी बाइक से आजमगढ़ के लिए निकले थे। दोपहर में बाइक से घर लौट रहे थे। बखालिस पेट्रोल पंप स्थित सैय्यद बाबा स्थान के पास पहुंचे थे कि आजमगढ़ की तरफ से तेज गति से जा रहे ट्रक की चपेट में आ गए और उसके पिछले पहिए के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। मर्चरी हाउस पहुंचीं पत्नी गिरजा ने बताया कि वह सऊदी में रहकर परिवार की जीविका चलाते थे। छह दिन पूर्व ही घर आए थे।
दूसरी दुर्घटना इसी मार्ग पर सगड़ी तहसील से पूरब स्थित कोयला ढाबे के पास दिन में मंगलवार को दिन में लगभग एक बजे हुई। मुन्ना दीक्षित (48) पुत्र गिरधारी दीक्षित निवासी बरहज, थाना बरहज, जिला देवरिया अपनी पुत्री नेहा को लेकर सुबह स्नातक की परीक्षा दिलाने के लिए आजमगढ़ गए थे। परीक्षा दिलाकर अपनी बाइक से पुत्री को लेकर लौट रहे थे कि कोयला ढाबा के पास दोहरीघाट की तरफ से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही मुन्ना दीक्षित की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उनकी पुत्री नेहा गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायल नेहा को इलाज और मृतक को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। सड़क हादसे में हुई मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर मोड़ पर सोमवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल साइकिल सवार दूध विक्रेता की शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सम्मोपुर गांव निवासी कीर्तन यादव (56) प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात साइकिल से बाजार से दूध बेचकर घर लौट रहे थे कि तिवारीपुर मोड़ पर पीछे से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी जिसमें गिरकर घायल हो गए।

आजमगढ़: गोवंश का वध करते समय दो गिरफ्तार,11 फरार हुए

Posted: 26 Apr 2022 07:44 AM PDT


देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव के बगीचे में कर रहे थे गोकशी

आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव के बगीचे में गोकशी करते समय दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि 11 आरोपित पुलिस की घेराबंदी तोड़ फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सवा सात क्विटल गोवंश मांस, चापड़, चाकू, ठीहा, पगहा (रस्सी) बरामद किया है। लालगंज-लहुवां मार्ग पर बैरीडीह तिराहे के समीप मंगलवार की सुबह कोतवाल देवगांव फोर्स के साथ वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। उसी समय मुखबिर से सूचना मिली कि बैरीडीह गांव के आम के बाग में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। पुलिस पहुंची तो देखा कि 13 व्यक्ति मिलकर चापड़ से गोवंश का वध करने के बाद छोटा-छोटा काटकर प्लास्टिक की बोरी में भर रहे हैं। पुलिस ने दबिश देकर पकड़ना चाहा तो आरोपितों ने पुलिस पर प्रहार कर भागने की कोशिश की, लेकिन दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए कामरान व इश्तियाक निवासी बैरीडीह को बगीचे में ले गई। वहां गोवंश के कटे अंग, तीन चापड़, तीन चाकू, तीन लकड़ी का ठीहा, सात रस्सी (पगहा), एक इलेक्ट्रानिक तराजू आदि बरामद किया।गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल शशिमौलि पांडेय, उपनिरीक्षक अनुपम जायसवाल, उपनिरीक्षक रामाश्रय उपाध्याय, कांस्टेबल सुरेश राजभर, भानु यादव, दिनेश सोनकर, संदीप सोनकर, अरुण सरोज, शिवम तिवारी, वेदप्रकाश राय, अक्षय कुमार, अर्जुन कुशवाहा, कमलेश सरोज, नंदलाल, मेराज अली आदि शामिल रहे।

आजमगढ़: फंदे पर लटकता मिला युवक का शव

Posted: 26 Apr 2022 07:27 AM PDT


निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरहाबाद की घटना

आजमगढ़: निजामाबाद थाना के फरहाबाद निवासी 28 वर्षीय मोहित पाठक पुत्र रमेश पाठक सोमवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह 10 बजे तक नहीं उठा तो घर वाले उसे जगाने पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था। परिवार के लोगों ने आवाज लगाई और दरवाजा पीटा कोई प्रतिक्रिया न आने पर घबरा गए। आस-पास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। छत के मोहित पाठक का शव गमछा व शर्ट के सहारे लटक रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मोहित चार भाई में तीसरे स्थान पर था। 11 माह पूर्व उसकी शादी हुई थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार के लोग रो रो कर बेहाल है। निजामाबाद थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

आजमगढ़: अवैध बंदूक लेकर छत पर टहल रहा युवक गिरफ्तार

Posted: 26 Apr 2022 07:20 AM PDT


मेंहनगर पुलिस ने 12 बोर की फैक्ट्री मेड बंदूक तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद किया

आजमगढ़: जिले के मेंहनगर थाना प्रभारी ने मंगलवार की शाम मिली सूचना के आधार पर क्षेत्र के पलिया सोफीगंज गांव में अपने मकान की छत पर फैक्ट्री मेड बंदूक लेकर टहल रहे युवक को गिरफ्तार किया है। थानाप्रभारी मेंहनगर बसंतलाल को सूचना मिली कि पलिया सोफीगंज ग्राम निवासी रवि प्रकाश चौबे पुत्र शंभूनाथ चौबे अपने मकान की छत पर बंदूक लेकर टहल रहा है। उक्त असलहाधारी युवक के द्वारा संज्ञेय अपराध कार्य करने की प्रबल संभावना है। सूचना पाकर थानाध्यक्ष मयफोर्स मौके पर पहुंचे और 12 बोर फैक्ट्री मेड बंदूक तथा 10 जिंदा कारतूस लेकर टहल रहे रविप्रकाश चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने असलहा भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आजमगढ़: जेल से रिहा हुए बलिया के पत्रकारों का जिले के पत्रकारों ने किया अभिनंदन

Posted: 26 Apr 2022 07:11 AM PDT



बलिया के डीएम व एसपी को हटवाने तक पत्रकारों की जारी रहेगी लड़ाई - दिग्विजय सिंह

आजमगढ़: एक माह पूर्व बलिया जनपद के जिला प्रशासन द्वारा पेपर लीक मामले में फंसाकर जेल भेजे गये तीनों पत्रकारों के रिहा होने पर जनपद के पत्रकारों द्वारा उनका जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया । मंगलवार को सिधारी स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में बलिया के तीनों पत्रकार दिग्विजय सिंह, अजीत ओझा एवं मनोज गुप्ता का जेल से रिहा होने पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने कहाकि जिला प्रशासन चाहे जितना भी जुल्म ढा ले, वह झुकने वाले नहीं हैं । जनता व समाज के हित के लिए उनकी कलम हमेशा चलती रहेगी । अन्नाय और जुल्म का विरोध न करना भी जुल्म के साथ खड़ा होने के बराबर है । पत्रकारिता समाज का दर्पण है। जिला प्रशासन ने जिस तरह से अपनी खामियों को छिपाने के लिए पत्रकारों को प्रताड़ित कर गिरफ्तार करवाया, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है । उन्होंने कहाकि जब तक बलिया के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का निलंबन और स्थानांतरण नहीं हो जाता है तब तक पत्रकारों की लड़ाई जारी रहेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रकार अजीत ओझा व मनोज गुप्ता ने कहाकि पत्रकारिता को जीवंत रखने के लिए उन्हें एक नहीं कई बार जेल जाना पड़े तो पीछे नहीं हटेंगे । आज डर का माहौल बनाकर निष्पक्ष पत्रकारिता का गला घोंटने का काम हो रहा है । कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अशोक वर्मा व संचालन विजय कुमार देवव्रत ने किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार संदीप उपाध्याय, सुभाषचंद्र सिंह, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, मनोज जायसवाल, रत्न प्रकाश त्रिपाठी, सचिन श्रीवास्तव, रामसिंह गुड्डू, विवेक गुप्ता, खुर्रम आलम नोमानी, राम सिंह यादव, देवव्रत श्रीवास्तव, अरविंद सिंह, विभाष सिन्हा, उदयराज शर्मा, राजू प्रजापति, राजीव कुमार, रवि सिंह, ओम अग्रवाल, हेमेंद्र सिंह हीरु, विकास विश्वकर्मा, रामशकल यादव, शीतला प्रसाद, सूरज जायसवाल, धीरज वर्मा आदि पत्रकार उपस्थित रहे ।

आजमगढ़ः मुबारकपुर में प्रशासन ने मंदिर-मस्जिदों से उतरवाए अतिरिक्त लाउडस्पीकर

Posted: 26 Apr 2022 06:00 AM PDT



धर्म स्थलों मे आवश्यकता से अधिक लाउडस्पीकर हटवाए गए

मुबारकपुर/आजमगढ़। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के क्रम मे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनपदों के अपने मातहतों के आदेश के क्रम मे स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को लगभग 80 मस्जिदों व मंदिरों मे आवश्यकताओं से अधिक लाउडस्पीकर लगाने को संज्ञान मे लेकर अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह व चौकी प्रभारी कस्बा राजीव कुमार सिंह मय फोर्स द्वारा कस्बा मुबारकपुर,ग्रामीणों में स्थित मंदिर व मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों को हटवाने का आदेश दिया था।मंगलवार को स्वयं खड़ा होकर उतरवाने की कार्यवाई प्रशासन ने किया। दरअसल, मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले न्यायालय के आदेश को संज्ञान में लेते हुए उक्त कार्यवाई का आदेश दिया है । अधिशाषी अधिकारी प्रतिभा सिंह, थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि लाउडस्पीकर की आवाज 55 डिसिबल दिन मे तो 40 डिसिबल रात्रि मे होना है और प्रत्येक मस्जिदों, मंदिरों में एक लाउडस्पीकर होना चाहिए प्रशासन कि उक्त कार्यवाई कि चर्चा जोरों पर है और सभी वर्ग के लोगों ने कहा की न्यायालय के आदेशों का पालन होगा। इस कार्यवाई मे अंबरीश राजस्व निरीक्षक, अवधेश कुशवाहा, सद्दाम, सुधीर कुमार, आदि लोग उपस्थित रहे।

आजमगढ़: डीएम से मिले सपा नेता, कहा बुलडोजर ले कर हो रहा है अन्याय

Posted: 26 Apr 2022 05:30 AM PDT



पार्टी किसी भी गैर कानूनी कृत्य का विरोध करेगी, बैठक में बनेगी रणनीति - हवलदार यादव

आजमगढ़: मंगलवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला अधिकारी से मिलकर प्रशासन द्वारा संविधान की मर्यादा के अनुकूल कार्य करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक आलम बदी , विधायक नफीस अहमद शामिल रहे । डीएम से मिलने के बाद सपा नेताओं ने कहा की पार्टी किसी भी गैर कानूनी कृत्य का विरोध करेगी और इसके लिए दिनांक 1 मई 2022 को होने वाली मासिक बैठक में अग्रिम लड़ाई के लिए रणनीति बनाएगी। कहा की जिला प्रशासन प्रदेश की योगी सरकार की दमनकारी, अहंकारी, अत्याचारी नीतियों के क्रियान्वित करने में सक्रिय हो गया है। मुबारकपुर में कई वर्षों से स्थापित दारुल -उलूम अहले- सुन्नत मदरसा गजहड़ा तथा सिधारी थाने के अंतर्गत एक होटल को जबरदस्ती बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। जबकि माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के फैसलों के आधार पर किसी का मकान ,विद्यालय गिराने से पहले उसको सूचना देना वह उसे सुनना अनिवार्य होता है, लेकिन जिला प्रशासन बगैर सूचना और सुनवाई किए न्यायालयों के निर्णयों की अवहेलना कर रहा है। यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकारों का लोकतंत्र और संविधान विश्वास नहीं है ,उनके बनाए गए नियमों को ताक पर रखकर गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यक के ऊपर अन्याय- पूर्ण कार्रवाई की जा रही है। जिसका सपा पुरजोर विरोध करेगी। बाद में सपा नेता सिधारी स्थित ध्वस्त किए गए एक होटल पर भी गए।

आजमगढ़: लूटकांड का आरोपित पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Posted: 26 Apr 2022 04:43 AM PDT


पैर में गोली लगने के बाद अस्‍पताल में भर्ती, तमंचा, कारतूस,बाइक व नगदी बरामद

आजमगढ़: जिले में लंबे समय से वांछित अपराधी की पुलिस के साथ छतवाना गांव के पास आमना -सामना हो गया। पुलिस के साथ आमना सामना होने के बाद मुठभेड़ शुरू होने के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। आरोपित के पास से तमंचा, कारतूस, आठ हजार नगदी और बाइक बरामद की गई है। अहरौला थाना पुलिस ने बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे आसेपुर छतवना के पास मुठभेड़ में इंडेन गैस एजेंसी डिलेवरी वाहन से लूटकांड के आरोपित राम कृपाल सिंह निवासी अगराघाट, अंबेडकर नगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के पास तमंचा, कारतूस, बाइक व लूट के आठ हजार रुपये बरामद हुआ है।एसएचओ राजेश कुमार सिंह दोपहर में गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर बदमाश आसेपुर छतवना की तरफ स किसी घटना को अंजाम देने के लिए आ रहा है। वह अपने सहयोगियों के साथ पहुंच कर वाहन चेकिंग करने लगे। इसी बीच बाइक से बदमाश के आता हुआ दिखाई दिया। वह पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने के प्रयास में उसकी बाइक फिसल गई , जिससे वह गिर गया। इसके बाद वह उठकर खेतों की तरफ भागते समय पुलिस पर फायरिंग कर दिया। पुलिस के जवानों ने अपने को बचाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके बाएं पैर में जा लगी। इससे वह लड़खड़ाकर गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से तमंचा, कारतूस, आठ हजार नगदी व बाइक बरामद हुई। इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पांच अप्रैल को इंडेग गैस के डिलीवरी वाहन से अपने साथी के साथ लूट किया था। उसमें यह आरोपित चल रहा था। इसके खिलाफ जनपद के कई थानों में गंभीर आरोप में एक दर्जन मुकदमे दर्ज है।

Post Bottom Ad

Pages