आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Sunday, May 1, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: बिजली चोरी करते 13 लोग पकड़े गए, एफआइआर

Posted: 01 May 2022 07:36 AM PDT


शहर से सटे कोलबाजबहादुर गांव में विद्युत विभाग की मार्निंग रेड पड़ी

आजमगढ़: राजस्व वसूली और चोरी से बिजली का उपभोग कर रहे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर विभाग का अभियान जारी है। शहर से सटे कोलबाजबहादुर गांव में मार्निंग रेड पड़ी। इस दौरान चोरी से बिजली का उपभोग करते हुए 13 लोग पकड़े गए जिनके विरुद्ध सिधारी स्थित विभागीय थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई।अवर अभियंता अकबर अली के नेतृत्व में चले अभियान में 50 घरों व प्रतिष्ठानों की चेकिंग की गई। जिसमें 13 लोग चोरी से बिजली का उपभोग करते पाए गए। जिन पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। नौ उपभोक्ताओं का भार बढ़ाया गया। 10 उपभोक्ताओं का मीटर लगाया गया। बकाया राजस्व में 11 उपभोक्ताओं का कनेक्शन विच्छेदित किया गया। जिनसे एक लाख, 20 हजार रुपये की वसूली की गई। कार्रवाई में भंवरनाथ व बदरका फीडर के लाइनमैन व मीटर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी थे।

आजमगढ़:  अंतर्जनपदीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जिले के बच्चों ने लहराया परचम

Posted: 01 May 2022 07:19 AM PDT



8 स्वर्ण, 7 रजत व 6 कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया

स्टेडियम में मंडलायुक्त के हाथों पदक व प्रमाण पत्र पा कर खिले बच्चों के चेहरे

आजमगढ़: 2 व 3 अप्रैल को वाराणसी के सेंट अतुलानंद कान्वेंट स्कूल में अंतर्जनपदीय स्केटिंग चैंपियनशिप 2022 का सफल आयोजन किया गया , जिसमें आजमगढ़ रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन स्केटिंग के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा एवं कला का लोहा मनवाते हुए अलग-अलग आयु वर्ग में 8 स्वर्ण 7 रजत व 6 कांस्य पदक अपने नाम करते हुए आजमगढ़ जिले का नाम रोशन किया । रविवार को उन सभी बच्चों के सम्मान में आजमगढ़ रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन स्केटिंग के माध्यम से पुरस्कार वितरण सम्मान समारोह रखा गया, जिसमें मुख्य अतिथि आजमगढ़ मंडलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत, क्षेत्रीय खेल अधिकारी श्री ए के पांडेय तथा संयुक्त रूप से विशिष्ट अतिथि डॉ पीयूष सिंह (प्रशासनिक अधिकारी लाइफ लाइन हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर आजमगढ़ ) व डॉक्टर डी पी राय उपस्थित रहे, जिसमें 5 वर्ष से कम आयु वर्ग में श्रीयाना सिंह ने ज्योति निकेतन स्कूल की तरफ से प्रतिनिधित्व करते हुए 500 मीटर व 1000 मीटर रिंग रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया । 7 से 9 वर्ष आयु वर्ग में प्रियांशु यादव ने चिल्ड्रेन कॉलेज आजमगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए 500 मीटर रिंग रेस में स्वर्ण पदक व 1000 मीटर रिंग रेस में रजत पदक प्राप्त किया, 9 से 11 आयु वर्ग में हृद्यगिनी प्रजापति ने एन एस आई सी स्कूल की तरफ से प्रतिनिधित्व करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किया, 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग में श्रेता प्रजापति ने दो स्वर्ण पदक शौर्य कुमार यादव ने कांस्य पदक व गौरव साहनी ने रजत पदक निष्ठा यादव ने स्वर्ण व रजत पदक आदित्य यादव व दृष्टि यादव तथा रितेश ने कांस्य पदक अपने नाम किया । 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में यश कुमार आनंद रजत व स्वर्ण पदक विवेक सोनकर ने स्वर्ण व रजत पदक अपने नाम किया।
आजमगढ़ मंडलायुक्त से पदक व प्रमाण पत्र प्राप्त कर बच्चों ने अपनी खुशियों का इजहार किया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों के अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की प्रतिभा का सम्मान होते हुए देखकर बहुत अधिक आनंदित व प्रफुल्लित लगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आजमगढ़ मंडलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत ने बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हुए उन्हे निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। उसके उपरांत एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवम यादव व कोच मुन्नर प्रसाद ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का अभिवादन करते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की l क्षेत्रीय खेल अधिकारी श्री ए के पांडेय ने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि आप सभी अपने जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारण करें और सही समय पर सही दिशा में सही प्रयास कर मेहनत और लगन के साथ लगे रहे एक न एक दिन अवश्य ऐसा आएगा की सफलता आपके कदम चूम लेगी।

आजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में जिलाबदर पशु तस्कर के पैर में लगी गोली

Posted: 30 Apr 2022 11:46 PM PDT



दो अन्य साथियों संग गिरफ्तार, प्रतिबंधित पशु मांस,असलहा व बाइक बरामद

आजमगढ़: फूलपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन पशु-तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक जिला बदर पशु-तस्कर के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के पास अवैध असलहा व प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया है। थानाध्यक्ष फूलपुर विवेक कुमार पाण्डेय को आज भोर में सूत्रों के जरिये सूचना मिली कि सरायमीर की तरफ से कुछ लोग अवैध असलहा से लैस होकर प्रतिबंधित पशु काटकर, मांस को दो मोटर साईकिलों पर लेकर ग्राम अहिरीपुर की तरफ आने वाले है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष फूलपुर अपने हमराहियों के साथ ग्राम अहिरीपुर शिवान पुलिया के पास पहुचकर दो टीम बनाते हुए घेराबंद की। कुछ समय बाद अहिरीपुर तिराहे की तरफ से दो मोटर साईकिल आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा टार्च की रोशनी से मोटरसाईकिल को रुकने का इशारा किया गया जिसपर बदमाशों ने पुलिस पर फायर करना शुरू कर दिया। पर्याप्त चेतावनी के बावजूद अभियुक्तों द्वारा फायर करने की स्थिति में थानाध्यक्ष फूलपुर द्वारा आत्मरक्षार्थ दो राउण्ड फायर किया गया, जिसमें एक बदमाश को गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। फिर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक तस्कर की पहचान जोरार अहमद पुत्र फिरोज अहमद साकिन पुरा नाजिर थाना फूलपुर के रूप में हुयी। जिसकी तलाशी में 1 तमन्चा 315 बोर व 1 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ तथा तमंचे के चेम्बर से 1 मिस कारतूस बरामद व 1 मोटरसाइकिल (यूपी 50 एबी 2734) हीरो डीलक्स मोटरसाईकिल की सीट पर पीछे बंधा हुआ लगभग 50 किग्रा0 प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
दूसरे की पहचान नूर आलम पुत्र स्व. कैश निवासी पुरा भिखारी (बरईपुर) थाना फूलपुर के रूप में हुई। उसके पास मोटरसाइकिल नम्बर (यूपी 50 ए0के0 9575) सुपर स्पलेण्डर बरामद हुई। जबकि तीसरे तस्कर की पहचान अबुजर उर्फ पप्पू पुत्र हसनैन साकिन पुरा नाजिर थाना फूलपुर रूप में हुई, जिसके बायें पैर के घुटने के नीचे गोली लगी है। उसके पास से 1 तमन्चा 315 बोर तथा 2 खोखा कारतूस 315 बोर 1 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। घायल बदमाश के बगल में एक प्लास्टिक की बोरी में लगभग 50 किग्रा मांस बरामद हुआ। इस आरोपित के ऊपर पूर्व में पशु वध व गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज हैं एवं वर्तमान में जिला बदर अपराधी है। पूछताछ पर बताया कि हम लोग कस्बा सरायमीर कसाई मोहल्ला से प्रतिबंधित पशु काट कर उसी मांस को लेकर हम तीनो लोग बेचने के लिए ले जा रहे थे। अभियुक्तों को करीब 1.15 बजे अहिरीपुर शिवान पुलिया से हिरासत पुलिस में लिया गया।

आजमगढ़: मंत्री पंहुचे तो बंद मिला कंपोजिट विद्यालय,दो शिक्षिकाएं निलंबित

Posted: 30 Apr 2022 07:10 AM PDT


दिन में 12 तक बजे तक गेट पर बंद था ताला, खंड शिक्षा अधिकारियों को भी नोटिस

आजमगढ़: मंडल के प्रभारी मंत्री डा. संजय निषाद शनिवार को आला अधिकारियों के साथ शहर के मड़या स्थित कंपोजिट विद्यालय का दिन में 12 बजे औचक निरीक्षण करने पहुंचे। बच्चे बाहर खड़े थे लेकिन विद्यालय गेट का ताला बंद था। यह देख वह चौंक गए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह को शिक्षिकाओं को निलंबित करने के निर्देश दिए। आदेश के अनुपालन में तत्काल प्रभाव से शिक्षिका ममता राय व शकीला खातून को निलंबित कर दिया गया। पर्यवेक्षणीय दायित्व के प्रति लापरवाही में खंड शिक्षा अधिकारी(बीईओ) सविता राव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मंत्री की इस निर्देश से बेसिक शिक्षा विभाग में हडकंप मचा हुआ है। प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिले की शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए हैं, जिससे इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। एक दिन पूर्व भी प्रभारी मंत्री ने रजादेपुर का निरीक्षण किया था, जहां प्राथमिक विद्यालय में चहारदीवारी को लेकर सवाल किया था। यहां पर सात में से तीन शिक्षक छुट्‌टी पर थे। मंत्री के निरीक्षण के समय मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी अनुराग आर्य, एसडीएम सदर जेआर चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी थे।

आजमगढ़: अस्पताल में घुसकर मारपीट, दो कर्मचारी घायल

Posted: 30 Apr 2022 07:02 AM PDT


सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेवा मोड़ स्थित हास्पिटल में हुई मारपीट,रिपोर्ट दर्ज

आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेवा मोड़ स्थित एक हास्पिटल में शुक्रवार की रात आधा दर्जन लोगों ने घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें दो कर्मचारी घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने तोड़फोड़ भी की। घायलों में अबू हमजा पुत्र शहाबुद्दीन निवासी मंजीरपट्टी व मोहम्मद मुशर्रफ पुत्र वसीम निवासी नोनारी शामिल हैं।अस्पताल कर्मचारी अबू हमजा ने थाने में तहरीर देकर एक नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि अस्पताल में मरीजों का नंबर लगा रहा था। सरायमीर निवासी एक सभासद के भतीजे अब्दुर रहमान मरीज लेकर आए और मुझसे नंबर लगवाकर बाहर गाड़ी में बैठ गए। इस बीच उनके न रहने पर उनकी जगह दूसरे लोग चले गए। इसी बात को लेकर हमें देख लेने की धमकी देते हुए बाहर निकल गए। दोबारा पांच लोगों के साथ आए और मारपीट कर घायल कर दिया और अस्पताल में तोड़फोड़ की। तहरीर व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सरायमीर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि कुछ मनबढ़ों ने अस्पताल में घुसकर मारपीट की है। आरोपितों की तलाश जारी है।

आजमगढ़: भोजन के बाद जवाहर नवोदय विद्यालय की नौ छात्राएं बीमार हुईं

Posted: 30 Apr 2022 06:41 AM PDT


प्राथमिक उपचार के बाद आठ को छोड़ा गया, एक का चल रहा था इलाज

आजमगढ़: जवाहर नवोदय विद्यालय जीयनपुर की नौ छात्राओं की तबीयत शुक्रवार की रात भोजन के बाद एकाएक बिगड़ने लगी। एक के बाद एक छात्रा को उल्टी-दस्त होने लगी। हास्टल की नर्स के छुट्टी पर होने के कारण बीमार छात्राओं को सामान्य दवा दी गई। शनिवार की सुबह बीमार छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आठ को छोड़ दिया गया, जबकि प्रियंका को भर्ती कर इलाज चल रहा था। जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं को रात के भोजन में काबुली चने की सब्जी, रोटी और खीर दी गई थी। भोजन के बाद कइयों को अचानक उल्टी-दस्त शुरू हो गई, कइयों ने सिर और पैर में दर्द होने की शिकायत की। विद्यालय की कक्षा 12 की छात्रा प्रिया एवं संजू, कक्षा नौ की अनामिका, नेहा, अदिति, कक्षा सात की रंजना, कक्षा 10 की मोनिका और प्रियंका समेत नौ लोगों को शनिवार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां आठ लोगों को दवा देकर छोड़ दिया गया, जबकि कक्षा 10 की छात्रा प्रियंका को ज्यादा उल्टी-दस्त होने के कारण भर्ती कर इलाज चल रहा था। फूड प्वाइजनिग की खबर के चलते विद्यालय प्रशासन के लोग और भी परेशान हो गए। विद्यालय की वार्डन शिखा श्रीवास्तव ने बताया कि रात में कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिनका शनिवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया गया। प्रधानाचार्य शशिकांत राय ने बताया कि हमारे यहां 500 बच्चे हैं। इसमें से कुछ बच्चों की तबीयत सामान्य रूप से खराब हो जाती है। शुक्रवार को रात में काफी गर्मी थी, जिसके चलते कुछ छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। फूड प्वाइजनिग जैसी कोई बात नहीं है।

आजमगढ़: नवनिर्वाचित एमएलसी विक्रांत सिंह रिशू का हुआ भव्य स्वागत

Posted: 30 Apr 2022 05:01 AM PDT


क्षेत्र की समस्याओं का निस्तारण करना ही प्राथमिकता- विक्रांत सिंह रिशु

आजमगढ: आजमगढ-मऊ क्षेत्र से निर्वाचित एमएलसी विक्रांत सिंह रिशू का आज नगर के बड़ादेव स्थित एक शापिंग माल पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान एमएलसी विक्रांत सिंह ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र की जो भी समस्याएं होगी उसका निराकरण किया जायेगा। भाजपा में जाने के सवाल पर उन्होने कहा कि अभी व जनता की समस्याओं को सुन रहे है, साथ ही उन्होने कहा कि उनकी आस्था सीएम योगी आदित्यानाथ में है।
नगर के बड़ादेव स्थित एक शापिंग माल में एमएलसी विक्रांत सिंह रिशू का आशुतोष रूगंटा, आलोक कुमार सिंह, शिरीष रूंगटा, अभिषेक सिंह, समेत अन्य लोगों फूल-माला पहनाकर जमकर स्वागत किया। इस दौरान एमएलसी विक्रांत सिंह रिशू ने कहा कि चुनाव के दौरान उनके शुभचिंतक उनके साथ लगे रहे। वे सभी लोग उनका स्वागत कर रहे है। उन्होने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र की जो भी समस्याएं आयेगी उनका निस्तारण करना ही उनकी प्राथमिकता। अगर उनके कार्यक्षेत्र के बाहर की समस्याएं होगी तो उसे शासन स्तर से निस्तारण किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी में जाने के सवाल पर उन्होने कहा कि अभी वह जनता सेवा कर रहे है। उनकी समस्याओं को सुन रहे है और उसका निस्तारण कर रहे है। उन्होने कहा कि भाजपा में जाने का सवाल बाद में है लेकिन उनकी आस्था प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ में है।

आजमगढ़: प्रभारी मंत्री ने मंडल के विकास कार्यों की बैठक में दिए निर्देश

Posted: 30 Apr 2022 04:41 AM PDT


पात्र लोगों को शत प्रतिशत योजना का लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें- डा० संजय निषाद

राज्य मंत्री सहकारिता जे0पी0एस0 राठौर, राज्यमंत्री ऊर्जा व वैकल्पिक ऊर्जा डॉ0 सोमेंद्र तोमर भी उपस्थित रहे

आजमगढ़ : मंत्री, मत्स्य विभाग उ0प्र0 शासन एवं आजमगढ़ मण्डल के प्रभारी मंत्री डॉ0 संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आजमगढ़ मंडल के विकास कार्यां एवं पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग, उ0प्र0 शासन श्री जे0पी0एस0 राठौर, राज्यमंत्री ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग उ0प्र0 शासन डॉ0 सोमेंद्र तोमर, मंडलायुक्त आजमगढ़ श्री विजय विश्वास पंत, डीआईजी श्री अखिलेश कुमार, जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी श्री आनंद कुमार शुक्ला तथा मंडलीय अधिकारियों के साथ जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने विभागीय कार्यां/योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला कल्याण योजना के पात्रों की जांच एक कमेटी बनाकर कराया जाए। उन्होने कहा कि पात्र व्यक्तियों को शत प्रतिशत योजना का लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि पात्र लाभार्थियों के चयन में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी रखें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गलत पात्रों के चयन पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ से बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि 20 मई से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि समर्पित/कर्मण टीम तैयार कर छोटी-छोटी समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित कराएं। उन्होंने कहा कि बांधों के रेन कट एवं गड्ढों को मिट्टी डालकर भर दिया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय बोल्डर तार से बधे पत्थर से कटान बहाव (पानी) को रोका जाए। उन्होंने कहा कि बंधों पर बसे हुए व्यक्तियों को हटाने से पहले उनको ग्राम समाज की जमीन आवंटित कर सरकारी आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। डॉ0 निषाद ने कहा कि बांध पर दोनों तरफ से गाड़ियों के आने जाने के लिए बांध को मजबूत एवं समतलीकरण कराना सुनिश्चित करें।
मंत्री ने भीषण गर्मी को देखते हुए जानवरों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए तालाबों को नहरों से भरे जाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी पोखरे एवं तालाबों का सुंदरीकरण अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मनरेगा ग्राम सभाओं मे जहां तालाब अथवा पोखरे नहीं हैं, वहां पर नये पाखरे खोदवाकर पानी भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में जनपद के सभी पोखरी/जलाशयों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
प्रभारी मंत्री ने पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद के सभी निराश्रित गोवंश को गौ आश्रय स्थल पर रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थल पर भूसा, हरा चारा एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। पशुओं को धूप से बचाने के लिए आवश्यकतानुसार टीन शेड का निर्माण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों की निगरानी के लिए जूम मीटिंग के माध्यम से पशु चिकित्सकों एवं उसकी देखरेख करने वाले कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराई जाए। मंत्री ने कहा कि पशु चिकित्सालयों का भी भौतिक सत्यापन किया जाना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में शुद्ध पेयजल एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को सभी दवाएं अस्पताल से ही दिया जाना सुनिश्चित करें तथा एंबुलेंस के कॉल आने पर 10 मिनट के अंदर पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोविड-19 के टीकाकरण में तेजी लाएं तथा आगामी कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए ऑक्सीजन के सारे प्लांटों की जांच कर क्रियाशील कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार जनपद के जिला स्तरीय अस्पताल को मॉडल के रूप में विकसित करें, जहां पर चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य हो तथा सारी सुविधाएं उपलब्ध हो। प्रभारी मंत्री जी ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल का प्रॉपर संचालन सुनिश्चित करें। कंट्रोल रूम में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती कराना सुनिश्चित करें तथा पर्याप्त संख्या में टेलीफोन लाइन भी उपलब्ध हो। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद के सभी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति एवं दवाओं की उपलब्धता शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का निर्देश है कि सभी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराई जाए।
प्रभारी मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत स्कूलों की चहारदीवारी, पानी, फर्नीचर तथा टाइल्स आदि लगाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्राथमिक/जूनियर स्कूलों को आदर्श विद्यालय बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्कूल आने जाने की निगरानी करें, यदि कोई बच्चा 2 दिन स्कूल नहीं आता है तो उसके घर नोटिस भेजें, बच्चों के अभिभावकों को जिम्मेदारी का अहसास कराएं। उन्होंने कहा कि एक साथ अध्यापकों को छुट्टी न दे। उन्होंने कहा कि उनकी उपस्थिति क्लास रूम में खड़े होकर जूम ऐप के माध्यम से कराना सुनिश्चित करें।
प्रभारी मंत्री ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कहा कि सर्वे कराकर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खाद्य निरीक्षक अपने क्षेत्रों में जाकर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर राशन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। जनपद के सभी दिव्यांगों को अंत्योदय कार्ड से आच्छादित कर राशन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे तथा ऐसे व्यक्ति जो पात्र न होते हुए भी योजना का लाभ ले रहे है,ं उनका नाम सूची से काट दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री अंत्योदय कार्ड धारकों को अंतरविभागीय समन्वय स्थापित कर आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्रों को दौड़ना न पड़े, घर-घर जाकर कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
डॉ0संजय कुमार निषाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण/शहरी की समीक्षा करते हुए कहा कि बन चुके आवासों का शत प्रतिशत टेक्निकल परीक्षण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवासों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को ही आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रभारी मंत्री ने गेहूं क्रय केंद्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों पर जाकर स्वयं निरीक्षण करें। किसानों के समस्याओं के बयान दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से अनुरोध करें कि कम से कम उपज का 50 प्रतिशत गेहूं क्रय केंद्र पर बेचना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि गेहूं देने वाले किसानों को अगले सीजन में समय से उनके धान/गेहूं का क्रय करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी क्रय केंद्रों पर बोरे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि नैनो यूरिया के नए उत्पाद का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों में किसानों को नैनो यूरिया के प्रयोग करने के बारे में एवं उसके लाभ/हानि के संबंध में जागरूक किया जाए।
डॉ0 निषाद ने मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीबों व छोटे किसानों को मछली पालन से जोड़े। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों के पास जाकर योजनाओं की जानकारी से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि ब्लाकों व तहसीलों में मत्स्य पालन योजना की होर्डिंग लगवाएं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक व तहसील लेवल पर मेले लगाकर जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। डॉ0 निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि उत्तर प्रदेश को मत्स्य पालन में नंबर एक बनाया जाए। इसलिए अधिक से अधिक हैचरी को चिन्हित कर अच्छे उन्नत किस्म के बीज को मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में जितने भी मत्स्य पालक हैं, उनका शत प्रतिशत क्रेडिट कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। मंत्री ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्मित सामुदायिक शौचालयों की गुणवत्ता की जांच कराएं। उन्होंने कहा कि टेक्निकल जांच के लिए दूसरे विभाग के अधिकारियों को लगाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन का लगातार निरीक्षण करते रहें तथा पंचायत भवन के अंदर सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी प्रिन्ट करायी जाए तथा आवश्यक हेल्पलाइन नंबर भी दर्ज कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने चकबंदी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि चकबंदी से संबंधित लंबे समय से लंबित विवादों को चिन्हित कर निस्तारित कराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का निर्देश है कि घरौनी को प्राथमिकता से दर्ज कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वरासत खतौनी, वरासत के मामलों को एक निश्चित समय सीमा के अंदर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सहकारिता विभाग उ0प्र0, श्री जे0पी0एस0 राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने तैनाती स्थल पर रहें, जनता के बीच में जाएं तथा उनसे अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि भ्रष्टाचार एवं माफिया राज को खत्म कर जनता को भयमुक्त वातावरण प्रदान किया जाए। श्री राठौर ने कहा कि सड़कों के किनारे आगामी बारिश में लगाए जाने वाले पौधों के लिए जमीन का चिन्हीकरण कर लें। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो पौधे लगाए गए हैं, उनका सत्यापन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधों की देखरेख एवं अनुरक्षण के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करें।
समीक्षा बैठक में टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण, विद्युत आपूर्ति, पुष्टाहार वितरण, भूमि संरक्षण, जल निगम, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मिशन शक्ति, महिला संबंधित अपराध, पास्को एक्ट, अनुसूचित जाति/जनजाति में पंजीकृत अभियोग, गैंगस्टर एक्ट, कुर्क का आदेश तथा विकास कार्यों से संबंधित अन्य योजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई।

आजमगढ़: ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध हाल में मौत

Posted: 30 Apr 2022 04:19 AM PDT


पत्नी ने जहर खाना बताया, शरीर पर चोट के निशान देख मामला उलझा, पुलिस ने पीएम के लिए शव भेजा

आजमगढ़: शहर के सिधारी कस्बे में स्थित ससुराल में रह रहे 26 वर्षीय युवक की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने जहां पति द्वारा जहर खा लेने की बात कही है, वहीं मृतक के शरीर पर चोट के निशान देख परिजन गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव बाजार निवासी अमित गुप्ता (26) पुत्र कन्हैया गुप्ता काफी दिनों से सिधारी कस्बा स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वह मजदूरी का कार्य करता था। शुक्रवार की दोपहर अमित की पत्नी ने ससुराल वालों को फोन पर पति के जहर खा लेने की जानकारी देते हुए उन्हें अस्पताल बुलाया। सूचना पाकर अमित के परिजन भागकर अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया है। परिजन शव लेकर अपने घर पहुंचे और मृतक के शरीर पर चोट के निशान देख इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को देते हुए अमित की मौत को संदिग्ध बताया। परिजनों द्वारा आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की एक पुत्री बताई गई है। घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

आजमगढ़: ससुराल में फंदे से लटका मिला महिला का शव

Posted: 30 Apr 2022 04:06 AM PDT


तरवां थाना क्षेत्र के हैबतपुर डुभांव गांव में हुई घटना,पति,सास व ससुर गिरफ्तार

आजमगढ़: तरवां थाना क्षेत्र के हैबतपुर डुभांव गांव में शुक्रवार को फंदे से लटकता महिला का शव मिला। मृतका के भाई की सूचना पर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपित पति, ससुर व सास को गिरफ्तार कर लिया है।
गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के खजूर गांव निवासी कल्पनाथ ठाकुर की पुत्री सोनी (26) की शादी 2018 में सोलू शर्मा पुत्र मंगरू शर्मा निवासी हैबतपुर डुभांव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। दो माह पहले वह मायके से ससुराल आई हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। इस बीच मकान के द्वितीय तल पर कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटकता उसका शव मिला। ससुराल वाले मायके वालों को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। आसपास के लोगों की सूचना पर मृतका के भाई सुशील कुमार ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि मेरी बहन का गला कसकर ससुराल वालों ने हत्या की है। पुलिस ने पति सोलू शर्मा, ससुर मंगरू शर्मा व सास प्रेमा देवी को गिरफ्तार कर लिया। एसओ रत्नेश कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ : अचानक कांशीराम कालोनी पहुंचे प्रभारी मंत्री डा. संजय निषाद

Posted: 30 Apr 2022 03:54 AM PDT


गो आश्रय स्थल और कांशीराम कॉलोनी का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुने

आजमगढ़: आजमगढ़ मंडल का प्रभारी बनने के बाद कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद रात्रि प्रवास के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर निरीक्षण को निकल गए। इस दौरान उन्होंने नगर के पुरानी जेल के पास स्थित गो आश्रय स्थल और कांशीराम कॉलोनी का निरीक्षण किया और लोगों की समस्या को सुना।दरअसल, प्रभारी मंत्री संजय निषाद जब शनिवार की सुबह अचानक कांशीराम कॉलोनी पहुंचते ही लोगों ने उन्हें घेर लिया। हर किसी ने कॉलोनी में व्याप्त समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया। उनकी समस्याओं को सुनने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह रविवार को कॉलोनी में कैंप का आयोजन करें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोगों की समस्याएं सुने और उनका निस्तारण हर हाल में हो जाना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद वह कुष्ठ बस्ती और दलाल घाट का निरीक्षण करने के लिए निकल गए। इस मौके पर मंडलायुक्त वी वी पंत, डीआईजी अखिलेश कुमार, डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी अनुराग आर्य, सीडीओ आनंद शुक्ला समेत दर्जनों भाजपा व निषाद पार्टी के कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़: अक़ीदत के साथ अदा की गई अलविदा जुमे की नमाज

Posted: 29 Apr 2022 07:13 AM PDT


सुरक्षा के रहे इंतजाम,मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन चैन की मांगी दुआएं

आजमगढ़: जिले भर में मस्जिदों में अक़ीदत के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। आजमगढ़ शहर के जामा मस्जिद परिसर में हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ नमाज पढ़ी। वहीं लोगों ने देश में अमन शांति व खुशहाली के लिए दुआएं भी मांगी। पिछले दो साल से ईद व अलविदा जुमा पर कोरोना का साया होने के चलते लोगों को घर के अंदर ही त्योहार मनाना पड़ा था लेकिन इस बार सब बंदिशें न होने के चलते लोगों को मस्जिदों में एक साथ नमाज पढ़ने का सुकून मिला। इसलिए इस साल भारी संख्या में मुसलमानों ने घर से बाहर निकल कर अलविदा जुमे की नमाज पढ़ी। इसके अलावा लोगों में ईद के भी आने की खुशी भी चेहरे पर झलक रही थी। भीषण गर्मी में एक महीने का कठिन रोजा रखने के बाद अब छोटे से लेकर बड़े तक ईद की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं अलविदा जुमा पर एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जनपद के सभी मस्जिदों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
वही शहर के जामा मस्जिद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात थे।

आजमगढ़: प्रभारी मंत्री संजय निषाद ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

Posted: 29 Apr 2022 05:29 AM PDT



अस्पताल में सभी वार्डों,शौचालयों,लैब, ट्रॉमा सेंटर की जांच की

सरकार की बड़ी प्राथमिकता स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने की है - संजय निषाद

आजमगढ़ 29 अप्रैल -- कैबिनेट मंत्री, मत्स्य पालन व निषाद पार्टी के अध्यक्ष/प्रभारी मंत्री आजमगढ, संजय निषाद ने आज मंडलीय जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड में जाकर उन्होंने मरीजों से बात की। उन्होंने डॉक्टरों के आने-जाने के समय के बारे में पूछा। नर्सिंग स्टाफ की सेवा के बारे में जानकारी ली। इसके उन्होने पेयजल की व्यवस्था के लिए लगाए गए आरओ प्लांट की जांच की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में सुविधाओं के बारे में जिला अस्पताल एसआईसी से कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसी के साथ ही प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में सभी वार्डों, शौचालयों, लैब, ट्रॉमा सेंटर की भी जांच की। प्रभारी मंत्री के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचने पर डॉक्टर चंद्रहास नेत्र रोग विशेषज्ञ ने उनका स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा की वर्तमान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा साफ सफाई का बेहतर व्यवस्था की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि हर व्यवस्था दुरुस्त हो और उसमें सबसे ज्यादा प्राथमिकता स्वास्थ्य पर है। इसी के साथ ही प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने का भी निर्देश दिया।

आजमगढ़: राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करें- प्रो. ऐ.के.सिंह

Posted: 29 Apr 2022 05:07 AM PDT


शिवालिक आयुर्वेदिक कालेज में गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति का हुआ आगमन

आजमगढ़: शुक्रवार को शहर के निकट बिजरवा बनकट स्थित शिवालिक आयुर्वेदिक कालेज मे महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय उत्‍तर प्रदेश के कुलपति प्रो. (डा).ऐ.के.सिंह का आगमन हुआ । उन्होंने (NCISM) राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग के दिशानिर्देश पर चर्चा कर कालेज के शिक्षक,छात्रों को उसका इमानदारी से पालन का निर्देश दिया साथ ही चेयरमैन डा.अशोक सिंह को कालेज को सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्र/ छात्रों को श्रेष्ठ चिकित्सक बनने और उनके उज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम मे मुख्य रूप प्राचार्य
वाचस्पति नाथ त्रिपाठी , सचिव डा० रामजी सिंह ,श्री दिनेश चौबे, प्रो.अनिल कुमार सिंह, डा० वेद प्रकाश सिंह,डा० योगिता जैन, डा० विशालाक्क्षी मित्रा,डा० एमन अखलाख अन्सारी, डा० विनोद कश्यप, डा० सन्तोष कमार मौर्य, डा० चन्दन गुप्ता, डा० चन्द्र मौली,डा० विभूति मिश्रा,डा० अजमल अन्सारी,डा० आन्नद सिंह,डा० रूद्रमणि दीपक, डा.ऐ.के.राय, डा एच.के.राय,आदि कालेज कर्मचारी उपस्थित थे।

आजमगढ़: कार्य बहिष्कार कर काली पट्टी बांध विरोध प्रदर्शन

Posted: 29 Apr 2022 04:38 AM PDT


वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर ग्रामीण आजीविका मिशन के समस्त स्टाफ का आंदोलन जारी

आजमगढ़: वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला इकाई के समस्त जिला मिशन प्रबंधक, ब्लाक मिशन प्रबंधक एवं कंप्यूटर आपरेटरों का आंदोलन शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार के साथ ही विकास भवन के समक्ष काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष शशि शेखर सिंह ने बताया कि समस्त विकास खंडों में तैनात मिशन स्टाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश महामंत्री शांतिशरण सिंह ने मिशन स्टाप की मांगों का समर्थन किया। कहाकि 2015 से कर्मचारियों को सात फीसद वेतन वृद्धि देने का प्रावधान है लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। 2015 के बाद से अब तक मंहगाई बहुत बढ़ गई है। प्रदेश सरकार ने भी बच्चों की फीस में लगभग 10 फीसद की वृद्धि की है। कर्मचारियों के वेतन वृद्धि के साथ-साथ एरियर का भी लाभ मिलना चाहिए। समस्त कर्मचारियों के दो बच्चों के लिए शिक्षा भत्ता, लैपटाप भत्ता, बीमा योजना व एचआर पालिसी व इपीएफ का लाभ मिले। बार-बार होने वाले स्थानांतरण को रोकने और विभाग में आउटसोर्सिंग व्यवस्था बंद होनी चाहिए। सच्चिदानंद सिंह, योगेश पांडेय, प्रवीण राय, विवेकानंद गौतम, शिवलाल यादव, रामफूल यादव, विजय सिंह, ममता कुमारी, महिमा भारती, सरोज देवी, प्रशांत सिंह, विजय प्रकाश, निर्मल श्रीवास्तव, श्यामबिहारी प्रजापति, सलीम अब्बास थे।

आजमगढ़ः जहरीली शराब कांड के आरोपी भाइयों की 74 लाख की संपत्ति कुर्क हुई

Posted: 29 Apr 2022 02:50 AM PDT


जेल में बन्द नदीम और उसके भाइयों के तीन आलीशान मकानों पर जब्ती नोटिस चस्पा हुई

आजमगढ़: जहरीली शराब कांड में लिप्त जेल में बंद खान बंधुओं की संपत्तियों को प्रशासन ने गुरुवार को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 74 लाख रुपये बताई गई है। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार को माहुल जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल खान बंधुओं के रुपईपुर गांव स्थित तीन आलीशान मकानों को कुर्क करने का आदेश दिया था। जिसके तहत गुरुवार देर शाम को तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में रुपईपुर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने नदीम खान और उनके भाइयों की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की। 20 फरवरी को माहुल के देशी शराब के ठेके से शराब खरीदकर पीने से कई लोगों की जान चली गई थी और कई लोग के आंखों की रोशनी चली गई थी।
घटना के दो दिन बाद पुलिस ने अहरौला थाना क्षेत्र के रुपईपुर गांव में नदीम अहमद पुत्र सईद व उनके भाइयों के घर छापेमारी कर जहरीली शराब फैक्ट्री और नकली कफ सीरप और दवाइयों आदि को बरामद किया था। इस मामले में नदीम, फहीम, कलीम, नईम पुत्रगण सईद सहित कुल 13 अभियुक्त पकड़े गए थे। कुछ दिनों पूर्व प्रशासन ने इस मामले में लिप्त सभी अभियुक्तों पर गैगेस्टर एक्ट की कार्यवाही किया था। उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवम समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम के तहत जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व टीम रुपाइपुर गांव पहुंची।
वहा पहुंच कर डुगडुगी बजा कर नदीम और नईम पुत्रगण सईद के घर व संपत्ति को प्रशासन ने कुर्क कर जब्त करने की नोटिस चस्पा कर दिया। यहां से दोनों भाइयों के मकान को कुर्क करने के बाद टीम माहुल कस्बे के वार्ड संख्या नौ स्थित आशिया पत्नी कलीम और वार्ड संख्या तीन में स्थित फहीम के मकान को कुर्क कर लिया। प्रशासन ने अपराध से अर्जित इन संपत्तियों की कीमत 74 लाख से अधिक बताया है। इस मौके पर थानाध्यक्ष अहरौला राजेश सिंह, थानाध्यक्ष अतरौलिया रमेश कुमार चौकी प्रभारी माहुल धीरेंद्र बहादुर सिंह,लेखपाल प्रमोद सिंह,दिवाकर मिश्र और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।

आजमगढ़: मेंहनगर में तमंचे के बल पर बदमाशों ने डेढ़ लाख लूटे

Posted: 28 Apr 2022 05:27 AM PDT


मेंहनगर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर मार्ग स्थित पुलिया पर जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट

आजमगढ़ : पुलिस की सारी चौकसी को धता बताते हुए बदमाश तमंचे के बल पर जनसेवा केंद्र संचालक से डेढ़ लाख नकदी, लैपटाप व अन्य सामान लूट ले गए। घटना के बाद आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते तब तक बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना मेंहनगर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर मार्ग स्थित पुलिया पर गुरुवार दिन के साढ़े ग्यारह बजे हुई। दामा गांव निवासी जितेश सिंह धन्नीपुर चट्टी पर जनसेवा केंद्र का संचालन करते हैं। सुबह गोसाईं की बाजार स्थित स्टेट बैंक की शाखा में चेक से 63 हजार रुपये निकालने पहुंच गए। वहां से रुपये निकालने के बाद एटीएम से 20 हजार रुपये निकाला और उसके बाद घर चले गए। वहां भोजन करने और घर में पड़े 67 हजार रुपये लेने के बाद जनसेवा केंद्र के लिए बाइक से रवाना हो गए। घर से बमुश्किल एक किलोमीटर आगे धन्नीपुर की पुलिया के पास पहुंचे थे कि बबूल के पेड़ की आड़ में घात लगाए बदमाशों ने उन्हें लक्ष्य कर फायर कर दिया। संयोग से उनकी नजर बदमाशों पर पड़ी तो उन्हें अपना सिर नीचे कर लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली बाइक के अगले पहिए में लगने के कारण वह असहाय हो गए। तब तक पेड़ की आड़ में छिपे बदमाशों ने उनके करीब पहुंचकर कनपटी पर तमंचा सटा दिया। बदमाशों के रूप में सामने मौत देख वह विरोध नहीं कर सके और लैपटाप व रुपये से भरा बैग लेकर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। डायल 112 और थाने को सूचना दी गई, तो एसएचओ बसंत लाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लूट की सूचना पर क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी और एएसपी नगर शैलेंद्र लाल भी पहुंच गए। पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी । एसपी सिटी ने बताया की पीड़ित ने एक बाइक का नंबर बताया था जिसके चलते एक व्यक्ति को हिरासत में ले कर बाइक बरामद की गई है। जल्दी ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।

आजमगढ़: गो-आश्रय में संरक्षित गोवंश की मदद को आगे आए अफसर

Posted: 28 Apr 2022 05:12 AM PDT


अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने एक दिन का वेतन दिया

संरक्षित पशुओं की बेहतर व्यवस्था को लेकर डीएम ने की पहल

आजमगढ़: जिले के गो-आश्रय स्थलों को सुचारु रूप से संचालित करने और उसमें संरक्षित बेसहारा पशुओं की बेहतर व्यवस्था को लेकर डीएम विशाल भारद्वाज ने अच्छी पहल की है। सरकारी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने एक दिन के वेतन को गो-आश्रय स्थल समिति को देने का निर्णय लिया है। पहले दिन गुरुवार को सबसे अधिक सहयोग आबकारी विभाग से शुरू हुआ। जिला आबकारी अधिकारी अनूप कुमार शर्मा ने विभाग की तरफ से 52,312 रुपये का चेक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा.वीके सिंह को दिया। इसके अलावा जिला पंचायत विभाग की तरफ से 33,000 रुपये और पशुपालन विभाग की तरफ से 30,000 रुपये का चेक दिया गया। एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने अपना एक दिन की वेतन 5,000 रुपये व जिला पंचायत राज अधिकारी लाल जी दुबे ने 6,000 रुपये का चेक अपनी तरफ से सीवीओ को दिया। इस तरह पहले दिन लगभग 1,53,000 रुपये का चेक अलग-अलग विभागों से मिल चुका था। डीएम ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य गो-आश्रय स्थलों के प्रति जनसहभागिता बढ़ाना है। गो-आश्रय स्थल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूह को जोड़ा गया है, जिससे समूह को भी आमदनी हो और गो-आश्रय स्थल को भी मदद मिल सके। पशुओं के चारे के लिए सभी को चरागाह से टैग किया जा रहा है जिससे यहां पर चारे की व्यवस्था की जा सके।

Post Bottom Ad

Pages