आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Monday, May 30, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: कार डिवाइडर से टकराई, किशोर की मौत, छह घायल

Posted: 30 May 2022 09:44 AM PDT


सठियांव स्थित पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर अचानक आवारा पशु देख हुआ हादसा


आजमगढ़: सठियांव स्थित पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की भोर में लगभग चार बजे ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित हुई कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दंपती समेत छह लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गश्त पर निकले मुबारकपुर थाने के सिपाहियों ने घायलों को कार से निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
बिहार के अरवल जिले के कर्मी थाना के सरवाती गांव निवासी अमित उपाध्याय अमेठी में रहकर नौकरी करते हैं। कुछ दिन पूर्व छुट्टी में बिहार अपने घर गए थे। रविवार को अमेठी लौटते समय परिवार के अन्य लोगों ने भी अमेठी घूमने की इच्छा जाहिर की, तो कार से सभी को लेकर अमेठी जा रहे थे। कार में अमरावती पत्नी लल्लन उपाध्याय, रिजू पुत्री अमित उपाध्याय, मुकेश दुबे पुत्र लालमन, सौरभ दुबे पुत्र मुकेश, अर्चना पत्नी मुकेश, अंश तिवारी पुत्र पवन, अमित उपाध्याय पुत्र लालमन सवार थे। कार अमित चला रहे थे।
घायलों ने बताया कि हम लोग जल्दी पहुंचने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आजमगढ़ से लखनऊ होते हुए अमेठी के लिए जा रहे थे। सठियांव स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे थे कि सड़क के बीच बैठी गाय देख चालक ने ब्रेक लगाई और तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार डिवाइडर से टकरा गई और सभी घायल हो गए। पुलिस व आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने अंश को मृत घोषित कर दिया। आपातकालीन कक्ष में तैनात डा. एके शाह ने शेष सभी की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जिन्हें स्वजन ने शहर के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक दो भाइयों में छोटा और कक्षा नौ का छात्र था।

आजमगढ़: न्यायालय के आदेश पर बेदखल किए गए अवैध कब्जाधारक

Posted: 30 May 2022 06:06 AM PDT


35 वर्षों बाद बाबा द्वारा दाखिल वाद में पौत्र के पक्ष में फैसला आया

फोर्स की मौजूदगी में तीन बुलडोजरों ने भवनों को ढहाया

आजमगढ़: मेंहनगर कस्बे के खरिहानी मार्ग स्थित वार्ड नंबर तीन संत कबीर नगर में सोमवार को तहसील प्रशासन और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में न्यायालय के आदेश पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। उसके बाद भूमि स्वामी को कब्जा दिलाया गया। लगभग 35 साल बाद अपनी जमीन पाकर सुशील राय ने संतोष जाहिर किया है। कस्बे के वार्ड नंबर 10 हरिवंश नगर निवासी हरदेव राय ने 1987 में दीवानी न्यायालय में वाद दाखिल किया कि उनके दो एकड़ 328 कड़ी जमीन पर गज्जन राम और अन्य ने कब्जा करके मकान बना लिया। हरदेव राय के पक्ष में फैसला के बाद भी भू-खंड पर कब्जा दखल नहीं मिला। उसके बाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। 35 वर्षों बाद बाबा द्वारा दाखिल वाद में पौत्र सुशील राय के पक्ष में फैसला आया और न्यायालय ने भूमि पर कब्जा कराने का आदेश प्रशासन को दिया। इस पर भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में तीन बुलडोजर लगाकर 15 भवनों को ढहा दिया गया। क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर अमीन की मौजूदगी में अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार शैलेंद्र चंद्र सिंह, एसओ मेंहनगर, तरवां, रानी की सराय, गंभीरपुर और बरदह थाने की पुलिस मौजूद रही।

आजमगढ़: रोडवेज बस-ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर,एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

Posted: 30 May 2022 05:46 AM PDT


अतरौलिया क्षेत्र के सिकंदरपुर के पास हुई दुर्घटना, 07 भर्ती

आजमगढ़: अतरौलिया क्षेत्र के सिकंदरपुर के पास सोमवार को दिन में 11 बजे रोडवेज बस व ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों को अतरौलिया के सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां से नौ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया, जबकि दो की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद अलग हुई ट्राली छोड़कर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
डा. अंबेडकर डिपो की बस सवारी लेकर लखनऊ से आजमगढ़ आ रही थी। सिकंदरपुर गांव के सामने मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली के अचानक गलत साइड से सड़क पर आने से बस टकरा गई जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दोनों वाहनों के टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए।
बस चालक पवन निवासी खदेरू पट्टी, अतरौलिया, निशा निवासी जहानागंज, अवधेश कश्यप निवासी चिरैयाकोट, विपिन कुमार निवासी महाराजपुर, कंधरापुर व एक बालक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि शिवांश, सुनील निवासी सबहा पट्टी, रौनापार को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

आजमगढ़: मारवाड़ी युवा मंच 'मायरा' ने जिला अस्पताल में निशुल्क बांटी खाद्य सामग्री

Posted: 30 May 2022 05:36 AM PDT


महिला इकाई ने आमजनमानस को भीषण गर्मी से राहत दिलाने का किया प्रयास

शर्बत,बिस्कुट,फल,आम पना का निःशुल्क वितरण किया गया
आज दिनांक 30 मई 2022 को मारवाड़ी युवा मंच की महिला इकाई 'मायरा' के द्वारा आमजनमानस को भीषण गर्मी से राहत दिलाने हेतु जिला महिला अस्पताल परिसर में शर्बत,बिस्कुट,फल,आम पना का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में लगभग 2500 लोगों ने शर्बत का उपभोग करके गर्मी से राहत पाई,अस्पताल में आये हुए दूर दूरदराज के ग्रामीण व मरीजों ने भी इसका लाभ उठाकर मंच द्वारा किये जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मायरा की अध्यक्षा श्वेता शर्मा,कोषाध्यक्षा श्रेया सराफ,चंचल पोद्दार,सुलोचना शर्मा,चांदनी अग्रवाल,पूनम खंडेलिया,श्रीया अग्रवाल,प्रिया सोनी,बबिता जसरासरिया, सुषमा सराफ,नन्दिनी शर्मा,खुशबू सोनी आदि सदस्याएं उपस्थित रही।
शाखा सचिव शिवानी शर्मा ने सहयोग करने वाले प्रत्युष डालमिया,साकेत शर्मा,अजय जसरासरिया, संदीप सराफ का धन्यवाद ज्ञापित किया।

आlजमगढ़: अंडा खरीदने को लेकर मारपीट, पांच घायल

Posted: 30 May 2022 05:26 AM PDT


पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज करते हुए 06 को गिरफ्तार किया

आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव में रविवार की देर शाम पोल्ट्री फार्म से अंडा खरीदने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। लाठी-डंडे से हुए हमले में दोनों तरफ के पांच लोग घायल हो गए। अहरौला पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। माहुल निवासी आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लमीन के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लियाकत अली का रसूलपुर अहमद अली गांव में पोल्ट्री फार्म है। केवट बस्ती की सुशीला अपने भतीजे गोले उर्फ हरेंद्र के साथ अंडा लेने गई हुई थीं। कर्मचारी भीम शंकर और सरफराज ने फुटकर में अंडा देने से मना कर दिया। इसको लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि केवट बस्ती में सूचना जाते ही सैकड़ों की संख्या में लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। कर्मचारी सरफराज, कलाम व भीम शंकर की पिटाई कर दी। दूसरे पक्ष के लियाकत अली के समर्थक भी रसूलपुर अहमद अली गांव में लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी चली। पुलिस पहुंचने के बाद लोग भाग गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। सुशीला पत्नी अच्छेलाल बिद की तहरीर पर पुलिस ने लियाकत अली व उनके भाई अकरम सहित आठ नामजद व 10-15 अज्ञात व दूसरे पक्ष के सरफराज ने ग्रामप्रधान पति श्रीचंद बिद सहित 10 नामजद व 20-25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

आजमगढ़: चुनावी ड्यूटी न लगाने को लेकर महाविद्यालय शिक्षकों ने सौपा ज्ञापन

Posted: 30 May 2022 03:31 AM PDT


कहा,चुनाव में ड्यूटी लगने से शिक्षण कार्य, सत्रात्मक परीक्षा, मूल्यांकन कार्य प्रभावित होंगे

आजमगढ़:शिक्षण व शिक्षेणत्तर कार्य के बीच चुनाव में ड्यूटी लगाए जाने से नाराज जनपद के समस्त महाविद्यालय के प्रोफेसर, सहायक प्रोफसेरों ने अपनी कडी नाराजगी व्यक्त की हैं। इसी को लेकर सोमवार को जिले के समस्त प्रोफेसरों का एक प्रतिनिधिमंडल एसजेड अली जिम्मी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और चुनाव में ड्यूटी जाने से शिक्षण कार्य, सत्रात्मक परीक्षा, मूल्यांकन कार्य प्रभावित होने की बात कहीं और अविलंब इस आदेश को वापस लिए जाने की मांग किया।
शिनेका प्रोफेसर एसजेड अली जिम्मी ने कहाकि महाविद्यालय आजमगढ के सभी प्राध्यापक वर्तमान में परीक्षा मूल्यांकन एवं नई शिक्षा नीति के तहत पठन-पाठन में अपना योगदान दे रहे हे। मनायोग से कार्य किए जाने के बीच केंद्र-प्रदेश सरकार द्वारा जारी नई शिक्षा नीति के क्रम में पठन-पाठन सम्पादित कराया जा रहा है, ऐसे में प्रधानाध्यापकों की चुनाव ड्यूटी न लगाया जाना समीचीन होगा।
महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा प्रवेश सिंह ने कहाकि प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसरों की मांग जायज है, हमारी समस्याओं का निदान प्रशासन तत्काल किया जाए। वर्तमान में नई शिक्षा नीति के तहत हो रहे पठन-पाठन, परीक्षा, मूल्यांकन की व्यवस्तता को देखते हुए तथा पुनः सत्र नियमित करने हेतु एवं आगामी 20 जुलाई 2022 से पुनः द्वितीय सत्र की परीक्षा के मद्देनजर जनपद के सभी प्राध्यापकों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा जाए ताकि बच्चों के भविष्य के प्रति कोई लापरवाही न हो सकें। अगर हम प्रोफेसरों/सहायक शिक्षकों की समस्याओं का निदान नहीं किया तो हम मुखर होने को बाध्य होंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर डा अलीउद्दीन, डा मो खालिद, डा इन्द्रजीत, डा ईश्वरचन्द्र, डा राकेश यादव, डा मनोज द्विवेदी, डा युवराज सिंह, डा प्रशांत राय, डा राजेश्वर पांडेय, डा अजीत राय, डा अतुल यादव, डा अर्पित मिश्रा, डा प्रवेश सिंह सहित आदि प्रोफसेर/सहायक प्रोफेसर मौजूद रहे।

आजमगढ़: पर्दाफाश! पिता ने की थी बेटी की हत्या,हुआ गिरफ्तार

Posted: 30 May 2022 03:04 AM PDT


आत्महत्या बता पुलिस को गुमराह कर रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

आजमगढ़: जिले में अपनी बेटी की हत्या कर पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मृतका के पिता महेन्द्र यादव ने 16 मई को पुलिस को सूचना दी की बेटी रंजना ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इस संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी। मृतका का जब पोस्टमार्टम कराया गया तो मृतका की मौत में गला दबाना कारण पाया गया। जिसके बाद शक की सुई मृतका के पिता की तरफ घूमी। मामले की विवेचना कर रहे फूलपुर इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने आरोपी पिता महेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटना का खुलासा करते हुए जिले के एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि मृतका का विवाह तीन माह पहले बलिराम यादव के साथ हुआ था। मृतका का मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण कुछ दिन बाद ससुराल के लोगों ने वापस मायके भेज दिया। इसके बाद पिता ने मृतका रंजना को अपने मामा के घर भेज दिया। इस बीच मृतका की छोटी बहन अंजना से बलिराम का विवाह करा दिया गया। यह बात जब रंजना को पता चली तो वह परेशान रहने लगी और आए दिन अपने पिता से झगड़ने लगी। इसी बात को लेकर 16 मई को पिता से बहस के दौरान पिता ने धक्का देकर गिरा दिया और गला दबाकर हत्या कर दी और सभी लोगों को बेटी के फांसी लगा कर जान देने की सूचना दे दिया। पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पिता के सारे अरमानों पर पानी डाल दिया। आरोपी ने इस बात को भी स्वीकार किया कि इस बारे में पुलिस को जानकारी नहीं देना चाहता था दाह संस्कार चुपचाप कराना चाहता था पर गांव के लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया। आरोपी पिता महेन्द्र यादव को न्यायालय पेश किया जा रहा है, जहां से जेल रवाना किया जाएगा।

आजमगढ़: घर में घुसकर गर्भवती महिला की गोली मारकर हत्या

Posted: 30 May 2022 02:24 AM PDT


महराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी अमानी गांव की घटना,पति ने 05 पर दर्ज कराया मुकदमा

आजमगढ़़: जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी अमानी गांव में हमलावरों ने एक घर में घुसकर गलियारे में सो रही गर्भवती महिला की गोली मारकर हत्या कर दी और जब तक परिवार के लोग कुछ कर पाते सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आधी रात के बाद गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और जिसने सुना वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल कर विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई गई है। इससे पहले भी मृतका के ससुर रामजी यादव को 21 मई की रात गोली मारी गई थी, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। मार्चरी हाउस पहुंचे मृतका के पति संतविजय यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान के परिवार और उनके समर्थकों से कुछ दिनों से रंजिश चल रही है।इसके पहले भी दो बार उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी रंजिश के कारण रविवार की रात पौने दो बजे चार लोग घर में घुस गए और चारपाई पर सो रही पत्नी अंतिमा को गोली मार दी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में पत्नी को बचा लेने की उम्मीद में एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। संतविजय ने यह भी बताया कि हमलावर मुझे मारने के इरादे से आए थे, लेकिन गलतफहमी में पत्नी को निशाना बना दिया। गोली की आवाज सुनकर नींद खुली तो चारों आरोपित भाग निकले। बताया कि हत्या की साजिश में गांव की एक महिला का भी हाथ है और वहीं हमलावरों को घर की स्थिति की जानकारी दे रही थी। संत विजय ने महराजगंज थाने में गांव के तहसीलदार यादव, चंद्रशेखर यादव, उपेंद्र यादव, मोहम्मद ताहा और शीला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

आजमगढ़: पहले दिन बसपा के गुड्डू जमाली सहित चार प्रत्याशियों ने लिया पर्चा

Posted: 30 May 2022 02:03 AM PDT


सपा,भाजपा व कांग्रेस से अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया

आजमगढ़: लोकसभा उपचुनाव को लेकर सपा, भाजपा और कांग्रेस से अभी तक नाम की घोषणा नहीं की है। वहीं दूसरी ओर नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट भवन के 200 मीटर परिधि में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। दूसरी ओर छह जून तक पर्चा दाखिल करने की अंतिम तारीख तय की गई है। वहीं सात जून को इस मामले में जांच होगी। इसके बाद नौ जून तक नाम वापसी, 26 जून को 2176 बूथों पर वोट डाला जाएगा।
आजमगढ़ सदर संसदीय सीट के लिए 23 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 12.45 बजे तक बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के प्रतिनिधि सहित कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया है। इसी के साथ वीवीआइपी सीट पर चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। जमाली मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं। उन्हें रविवार को बसपा मुखिया मायावती ने पार्टी से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पहले दिन इनके अलावा मौलिक अधिकार पार्टी से रविंद्रनाथ, राजीव तलवार व रमाकांत यादव एडवोकेट ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लिया।
उधर, अन्य प्रमुख राजनीतिक पार्टियों की तरफ से अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अटकलें ही लगाई जा रही हैं। नामांकन स्थल के आसपास 200 मीटर परिधि में बैरिकेंडिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया है। अनुमन्य व्यक्तियों को ही जाने दिया जा रहा था। मुख्य गेट पर चेकिंग की जा रही थी। डीएम न्यायालय कक्ष सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
कलेक्ट्रेट भवन स्थित जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक पर्चा दाखिल किया जाएगा।नामांकन की अंतिम तिथि छह जून है। सात जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नौ जून तक पर्चा वापसी की तिथि है।आजमगढ़ सदर संसदीय सीट के पांच विधानसभा क्षेत्रों के 2176 बूथों पर 23 जून को मतदान और 26 जून को मतगणना होगी।

आजमगढ़: मतांतरण की कोशिश करने वाला गिरफ्तार

Posted: 29 May 2022 08:22 AM PDT



कंधरापुर पुलिस ने कुआं गांव के एक मकान में छापा मारा

आजमगढ़ : जिले की कंधरापुर पुलिस ने कुआं गांव के एक मकान में रविवार की सुबह छापा मारकर वहां मतांतरण की कोशिश करने वाले गांव के ही मोहर्रिल नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां काफी दिनों से प्रत्येक रविवार को प्रार्थना सभा के बहाने लोगों को एकत्र किया जाता है।
थाना प्रभारी ज्ञानचंद शुक्ला ने बताया कि छापे के दौरान मौके पर काफी लोग एकत्र थे। एक व्यक्ति धर्म विशेष के बारे में लोगों को बताकर मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहा था। मकान से काफी संख्या में एक धर्म से जुड़ी पुस्तकें बरामद की गई हैं।

आजमगढ़: भड़काऊ भाषण देने वाला छात्रनेता गिरफ्तार

Posted: 29 May 2022 07:43 AM PDT


वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने की कार्रवाई

शिब्ली नेशनल पीजी कालेज के सामने दिया था भाषण

आजमगढ़: जिले की प्रतिष्ठित शिब्ली नेशनल पीजी कालेज गेट के सामने धर्म विशेष के लोगों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देना एक युवक पर भारी पड़ गया। शनिवार की रात कई लोगाें के बीच भाषण का वीडियो वायरल हुआ तो वह पुलिस तक भी पहुंच गया। उसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।पकड़ा गया अब्दुल रहमान शहर के चकला पहाड़पुर का निवासी और शिब्ली का छात्र नेता बताया गया है। वायरल वीडियो में वह कहते सुना जा रहा है कि मैं 80 करोड़ लोगों को पैरों की नोंक पर रखता हूं।इस मामले की शिकायत हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से की थी और भाषण से संबंधित वीडियो भी सौंपा था। मामले की जांच में पुलिस को आरोप में सत्यता प्रतीत हुई और भाषण देने वाले की पहचान में जुट गई। उसकी पहचान होने के बाद रविवार की सुबह उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।

आजमगढ़: सिपाही ने घर में घुसकर महिला से की छेड़छाड़

Posted: 29 May 2022 07:13 AM PDT


ग्रामीणों ने पीट कर पुलिस को सौंपा,मुकदमा दर्ज,विभागीय कार्रवाई भी होगी

आजमगढ़ : रौनापार क्षेत्र के एक गांव के घर में रात मे घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाले एक सिपाही को परिवार वालों ने घेरकर पकड़ लिया। उसकी धुनाई के बाद रौनापार पुलिस के हवाले कर दिया।इस मामले में महिला के ससुर ने पुलिस को तहरीर दी । पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित सिपाही का चालान कर दिया।
मऊ जनपद के दोहरीघाट थाने में तैनात सिपाही धर्मेंद्र प्रताप सिंह का रौनापार क्षेत्र के एक गांव में आना-जाना परिवार वालों को नागवार तो लग रहा था, लेकिन वह मौके की तलाश में थे। शनिवार की रात दो बजे जब सिपाही फिर घर में घुसा तो पारिवार वालों को भनक लग गई और उन्हें सबक सिखाने का मौका मिल गया।
उसके बाद घर वाले धीरेे से बाहर निकल गए और दरवाजे को घेरकर उसे पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। शोर गुल सुनकर गांव के अन्य लोग भी जुट गए। ग्रामीणों ने रौनापार थाने को सूचना दी। उसके बाद पहुंची पुलिस सिपाही को हिरासत में लेकर थाने चली गई।घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा। वहीं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर उक्त आरक्षी को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही के साथ ही विभागीय कार्यवाही के लिए मऊ पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि महिला के ससुर की तरफ से तहरीर दी गई कि आरोपित सिपाही शनिवार की रात में उसके घर में घुस गया और बहू से जबरदस्ती छेड़छाड़ करने लगा। बहू ने शोर मचाया को हम लोगों ने सिपाही को पकड़ लिया। पकड़े जाने पर वह हम लोगों को जान मारने की धमकी दे रहा था। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित सिपाही का चालान कर दिया गया।

आजमगढ़: सुधीर अग्रवाल प्रबंधक एवं विवेक अग्रवाल सहायक प्रबंधक चुने गए

Posted: 29 May 2022 06:40 AM PDT


श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट की साधारण सभा की बैठक में अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रबंधक को बदला गया

आजमगढ़: रविवार को श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट आजमगढ़ के साधारण सभा की बैठक श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय आजमगढ़ के प्रांगण में संपन्न हुई! बैठक के प्रारंभ में सर्वप्रथम ईश वंदना पढ़ी गई तत्पश्चात महाराजा अग्रसेन जी का माल्यार्पण कर कार्यवाही प्रारंभ हुई । बैठक में ट्रस्ट के उप मंत्री सीताराम अग्रवाल ने पिछली कार्रवाई पढ़ी जिसकी पुष्टि साधारण सभा के सदस्यों ने सर्वसम्मति से की । ट्रस्ट एवं ट्रस्ट के द्वारा संचालित सभी संस्थाओं के प्रबंधकों द्वारा अपने-अपने संस्थाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा परंतु अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक की मौजूदगी ना होने के कारण इंटर कॉलेज की प्रगति आख्या प्रस्तुत नहीं हो सकी जिस पर साधारण सभा के सदस्यों ने आक्रोश जताया। श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष की अनुमति से मंत्री श्री शशि भूषण अग्रवाल मुकुल ने कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 25 मई 2022 एवं 28 मई 2022 के विषयों को आज दिनांक 29 मई 2022 के साधारण सभा की बैठक के विषयों के साथ जोड़ा । मंत्री द्वारा कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 25 मई 2022 एवं 28 मई 2022 में लिए गए निर्णय से साधारण सभा को अवगत कराया । आज की बैठक में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुमित अग्रवाल द्वारा किए जा रहे मनमाने ढंग से कार्य एवं भर्तीपुर दौसेपुर में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के नाम जमीन की मिट्टी नाजायज एवं और असंवैधानिक तरीके से तथा मनमाने ढंग से बेचने को लेकर साधारण सभा की बैठक में काफी गहमागहमी थी। साधारण सभा के सदस्यों ने इंटर कॉलेज के प्रबंधक को पद का दुरुपयोग करने के संबंध में पद से हटाने एवं साधारण सभा की सदस्यता समाप्त करने की मांग की। जिस पर साधारण सभा में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधिवत चर्चा की तत्पश्चात साधारण सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इंटर कॉलेज के प्रबंधक को प्रबंधक पद से मुक्त किया जाए तथा साधारण सभा की सदस्यता समाप्त की जाए। इसके साथ यह भी निर्णय लिया गया कि श्री संत प्रसाद अग्रवाल को संस्था के हित के विरुद्ध कार्य करने के लिए ट्रस्ट की साधारण सभा की सदस्यता से निष्कासित किया जाता है जिसका उपस्थित सभी सदस्यों ने समर्थन किया । इस निर्णय से प्रांगण में उपस्थित लोगों की तालियों गूंज उठी साधारण सभा के इस निर्णय के फल स्वरुप श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक का पद रिक्त होने के पश्चात दोनों पदों पर पदाधिकारियों के चयन पर साधारण सभा में विधिवत चर्चा की गई जिस पर उपस्थित लोगों मेश्री मनीष रत्न अग्रवाल जी द्वारा प्रबंधक पद हेतु सुधीर अग्रवाल का नाम प्रस्तावित किया एवं विद्यालय के सहायक प्रबंधक पद हेतु श्री विवेक अग्रवाल का नाम ओम प्रकाश अग्रवाल लड्डू जी ने प्रस्तावित किया जिस पर साधारण सभा में उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि एवं सर्वसम्मति से सहमति जताते हुए स्वागत किया जिसके पश्चात उक्त दोनों पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला लंबे देर तक चलता रहा तत्पश्चात ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सुदर्शन दास अग्रवाल ने उपस्थित साधारण सभा के सदस्यों का आभार प्रकट किया एवं धन्यवाद दिया ।उपस्थित लोगों में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष श्री अशोक अग्रवाल बॉम्बे डाइंग एवं ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी सदस्यगण तथा अग्रसेन महिला महाविद्यालय उपाध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, अतुल अग्रवाल,अजय अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, पवन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अमृत अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, डेविड अग्रवाल एवं भारी संख्या में साधारण सभा के सदस्यगण मौजूद थे।

आजमगढ़: गड्ढे में डूबने से बालक की मौत, दो बच्चे बचे

Posted: 29 May 2022 06:24 AM PDT


एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी का खनन बालक की जान पर भारी पड़ गया

कंधरापुर थाना क्षेत्र के बरईपुर जोलहापुर गांव की घटना

आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी का खनन बालक की जान पर भारी पड़ गया। पानी भरे गड्ढे में डूबने से उसकी मौत हो गई, जबकि दो बच्चों ने किसी तरह निकलकर अपनी जान बचाई।
बरईपुर जोलहापुर गांव के सूर्यांश, शिवांस पुत्रगण योगेश गोंड ननिहाल में आए अपने फुफेरे भाई राजन पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम भदीड़, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ के साथ शनिवार की शाम घर से खेलने के लिए निकले थे।खेलते-खेलते घर से पांच सौ मीटर दूर पानी भरे गड्ढे की ओर चले गए। खेलने के बाद तीनों उसी में नहाने लगे। सूर्यांश गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगा। पहले तो साथ गए बच्चों ने अपने स्तर से बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली तो शोर मचाते हुए घर पहुंचे। घटना की जानकारी के बाद परिवार वालों के साथ गांव के अन्य लोग भी दौड़ पड़े, लेकिन तब तक सूर्यांश डूब चुका था।ग्रामीणों ने जाल की व्यवस्था कर तलाशने का प्रयास किया।घंटों मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया, तो अन्य ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक सके।
इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।कंधरापुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूर्यांश गांव के ही स्कूल में कक्षा दो का छात्र और दो भाइयों में बड़ा था। उधर मार्चरी हाउस पहुंचे स्वजन ने बताया कि काफी दिन पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए मिट्टी निकाली जा रही थी।गड्ढा गहरा होने के साथ जब जमीन से पानी निकलने लगा तो ठेकेदार ने खोदाई बंद करा दिया था।आज वही गड्ढा बच्चे के जीवन के लिए काल बन गया।

आजमगढ़: मुबारकपुर अरबी यूनिवर्सिटी के लकड़ी गोदाम में लगी आग,लाखों का नुकसान

Posted: 28 May 2022 10:44 PM PDT



फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया

आजमगढ़: जिले के मुबारकपुर स्थित अरबी यूनिवर्सिटी जामियातुल अशरफ‍िया में खाना बनाने के लिए रखी लकड़ी के गोदाम में तड़के अचानक किसी वजह से आग लग गई। धुआं देखकर छात्रों का हुजूम आग बुझाने के लिए पंहुच गया। वहीं समय से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगीं रहीं। इस दौरान लाखों का नुकसान हो गया और वहां पर काफी देर तक अफरा -तफरी मची रही। आग पर किसी तरह आग पर काबू पाया गया। अरबी यूनिवर्सिटी जामियातुल अशरफिया मुबारकपुर में खाना बनाने के लिए रखी गई लकड़ी के गोदाम में रविवार सुबह लगभग पांच बजे आग लग गई। यूनिवर्सिटी के हजारों छात्र बाल्टी लेकर आग बुझाने में जुट गए। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचता तब तक लाखों की लकड़ी जलकर राख हो गई थी। अरबी यूनिवर्सिटी जामियातुल अशरफिया मुबारकपुर के डाइनिंग हॉल के बगल में लकड़ी रखी हुई है। लॉकडाउन के दो साल के दौरान इकट्ठा की हुई काफी मात्रा में लकड़ी पड़ी हुई थी। लॉकडाउन के दौरान यूनिवर्सिटी बंद होने से उसका प्रयोग नहीं हो पाया था। बीती रात भोजन बनने के बाद कोई चिंगारी जो उस लकड़ी गोदाम में चली गई। वह चिंगारी धीरे-धीरे बढ़ती गई और आग ने विकराल रूप ले ली।वहीं सुबह करीब पांच बजे जब यूनिवर्सिटी के छात्रों ने आग को देखा तो बाल्टी वगैरह लेकर आग को बुझाने में लग गए। आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के बहुत से पेड़ पौधे धू-धू कर जल गए। यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र आग बुझाने में लगे रहे तो कुछ छात्र जो बची हुई लकड़ियां थी उन्हें बाहर निकालकर बचाने का प्रयास करते रहे। बाद में पहुंचे फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड में लाखों की कीमत की लकड़ियां जलकर राख हो गई। मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां व हजारों लोग मौजूद रहे।

Post Bottom Ad

Pages