आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। … - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Tuesday, May 17, 2022

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …

आजमगढ़ लाइव - खबरें तमसा तट की। …


आजमगढ़: 09 साल बाद आए फैसले पर बोला पीड़ित परिवार

Posted: 17 May 2022 10:17 AM PDT


हैं संतुष्ट , फैसले का सम्मान करने के साथ संकट में साथ देने वालों को धन्यवाद- बंदना सिंह,पूर्व विधायक

आजमगढ़: नौ साल बाद सीपू सिंह हत्याकांड में फैसला आने पर उनकी पत्नी व पूर्व विधायक बंदना सिंह ने कहा कि अदालत के फैसले से संतुष्ट हूं। फैसले का सम्मान करने के साथ उन लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने संकट की घड़ी में भी मेरा साथ नहीं छोड़ा। उस दिन तो आगे का रास्ता नहीं दिख रहा था, लेकिन पति के बड़े भाई संतोष सिंह ने सारी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली और हत्यारों को सजा दिलाने के लिए काफी संघर्ष किया। घटना के बाद बड़े भाई संतोष सिंह ने मजबूती के साथ अपराधियों को सजा दिलाने की लड़ाई लड़ी। कुंटू सिंह और उसके साथियों के आतंक के चलते तमाम लोगों ने घुटने टेक दिए, लेकिन हमारे परिवार ने उसे सजा दिलाने का लगातार प्रयास किया,जिसके चलते अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा मिली।
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू के बड़े भाई संतोष सिंह टीपू ने फैसले पर कहा कि मुझे उम्मीद थी कि आरोपितों को फांसी की सजा मिलेगी, लेकिन अदालत के फैसले से संतुष्ट हूं, क्योंकि सभी आरोपितों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उन लोगों ने भी राहत की सांस ली होगी जो कुंटू के नाम से खौफ खाते थे। उसके ऊपर 75 मुकदमे हैं, लेकिन उसके खौफ के कारण 52 मामलों में लोग होस्टाइल हो गए। मैंने न्याय पाने के लिए उसके खिलाफ लड़ाई में अपना कदम कभी पीछे नहीं हटाया। इस दौरान उन्होंने उन लोगों के प्रति भी आभार व्यक्त जताया, जिन्होंने एक अपराधी के खिलाफ जंग में हौसला बढ़ाया।

आजमगढ़: हत्या के मामले में वांछित दो सगे भाई गिरफ्तार

Posted: 17 May 2022 07:41 AM PDT


पिछले वर्ष अहरौला थाना क्षेत्र के सारैन गांव में हुई थी हत्या

आजमगढ़: जिले के अहरौला थाने की पुलिस ने मंगलवार को हत्या के आरोप में वांछित दो सगे भाइयों को क्षेत्र के फुलवरिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अहरौला थाना क्षेत्र के सारैन ग्राम निवासी अर्जुन कुमार पुत्र स्व० सुदामा ने बीते 29 मार्च को घर से टहलने निकले अपने पिता की हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना बीते वर्ष 6 जुलाई को हुई बताई गई। पुलिस विवेचना में शाहपुर सारैन गांव के रामचंद्र व मूलचंद्र पुत्रगण स्व० दीपचंद का नाम प्रकाश में आया। इस बात की जानकारी होने पर दोनों भाई फरार चल रहे थे। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी दोनों भाई स्थानीय फुलवरिया तिराहे पर मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं। पुलिस तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और वहां मौजूद दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आजमगढ़: मातृ श्री मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर का हुआ उद्घाटन

Posted: 17 May 2022 07:07 AM PDT



महिलाओं से संबंधित सभी बीमारियों के इलाज व भर्ती की सुविधा उपलब्ध - डॉ रितु जायसवाल

आजमगढ़: शहर से सटे लक्षिरामपुर क्षेत्र में यूपी बड़ौदा बैंक के सामने स्थित मातृ श्री मदर एंड चाइल्ड केयर सेंटर का बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन हॉस्पिटल की चिकित्सका डॉ रितु जायसवाल की पुत्री शांभवी जायसवाल ने गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया। आपको बता दें कि स्त्री एवं बांझपन रोग विशेषज्ञ डॉ रितु जायसवाल ने इंदौर से एमबीबीएस और डी जी ओ किया है । उन्हें सेंट जॉर्ज अमेरिकन यूनिवर्सिटी ग्रेनेडा से भी अनुभव प्राप्त है। इस अवसर पर डॉ रितु जायसवाल ने बताया कि उनके यहां नॉर्मल डिलीवरी, सिजेरियन डिलीवरी, बच्चेदानी का ऑपरेशन, स्त्री एवं प्रसूति रोग ओपीडी के साथ ही महिलाओं से संबंधित सभी बीमारियों के इलाज के साथ ही भर्ती की भी सुविधा उपलब्ध है। उद्घाटन के अवसर पर डॉ ए के सिंह, डॉ चंद्रहास, डॉ निर्मल श्रीवास्तव, डॉ शिशिर जयसवाल, डॉ एसबी सिंह, डॉ विपिन यादव, डॉ राजाराम यादव डॉ डीपी सिंह, डॉ आरपी सिंह, डॉ यू बी चौहान, डॉ आरके कुशवाहा, डॉ स्वस्ति सिंह, डॉ अर्चना मैसी, डॉ भक्तवत्सल, डॉ अनुतोष वत्सल, डॉ देवेश दुबे, डॉ रणधीर सिंह, डॉ प्रमोद गुप्ता, डॉ चमन लाल,डॉ नीरज सिंह ,अशोक जयसवाल, अमित जयसवाल , अर्चना वत्सल आदि मौजूद रहे।

आजमगढ़: हाई कोर्ट के आदेश पर पोखरी से हटवाया गया अवैध कब्जा

Posted: 17 May 2022 06:49 AM PDT


नगर पालिका मुबारकपुर के मोहल्ला पूरा सोफी मे हुई कार्यवाही

पक्के निर्माण वाले 4 लोगों को नोटिस, अन्य का सर्वे जारी

आजमगढ़: जनपद के नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के मोहल्ला पूरा सोफी मे गाटा संख्या 953 रकबा के लगभग 1 हेक्टेयर से अधिक की पोखरी पर अवैध कब्जा को प्रशासन ने जेसीबी की मदद से खाली कराया। उच्च न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार सदर राजू कुमार व नायब तहसीलदार श्री राम तथा नगरपालिका अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में पोखरी पर अवैध कब्जा को जेसीबी से खुदवा कर कब्जे से मुक्त कराया। इस संदर्भ में तहसीलदार सदर ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर पोखरी पर अवैध कब्जा को लोगों से मुक्त करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि 4 लोगों को नोटिस दी गई है तथा अन्य को भी नोटिस दी जा रही है। धारा 67 के अंतर्गत लोगों पर जुर्माना की भी कार्रवाई की जाएगी। अवैध कब्जा हटवाने के लिए पुलिस प्रशासन से लेकर राजस्व प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहे। भारी फोर्स के साथ पोखरी को अवैध कब्जा से मुक्त कराया गया है। इस मौके पर एचएसओ मुबारकपुर योगेंद्र बहादुर सिंह, एसएसआई महेंद्र शुक्ला, चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अम्बरीष, लेखपाल अमित पांडे , लेखपाल शिव शंकर सिंह, लेखपाल खुशबू सिंह , लेखपाल ज्योति तिवारी, अमिता पांडे एवं नगर पालिका प्रशासन के लोग उपस्थित रहे।

आजमगढ़: बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से लगाई सुरक्षा की गुहार

Posted: 17 May 2022 06:35 AM PDT


कहा, संपत्ति के लालच में दूर के पट्टीदार से है जानमाल खतरा

सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली से जुड़ा मामला

आजमगढ़: पत्नी और एकमात्र पुत्र को खो चुके 74 वर्षीय बुजुर्ग ने संपत्ति के लालच में दूर के पट्टीदारों द्वारा अहित करने का अंदेशा जताते हुए मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार लगाया है। मामला सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली से जुड़ा बताया गया है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के इसरापार ग्राम निवासी 74 वर्षीय सुराजी लाल पुत्र स्वर्गीय बाबूनंदन का आरोप है कि उनकी पत्नी और इकलौते पुत्र की संदिग्ध मौत के बाद उनकी संपत्ति पर गांव में नेवासे पर रहने वाले दूर के पट्टीदारों की नजर गड़ी हुई है। उनके व्यवहार से दुखी होकर हमने अपने भतीजे अवन कुमार पुत्र स्व० उमाशंकर तिवारी के यहां शरण ली। इस परिवार के सेवा-भाव से खुश हो कर हमने अपनी कृषि योग्य भूमि भतीजे अमन की पत्नी मनीषा के नाम बीते 9 नवंबर 2021 को रजिस्ट्री कर दिया। साथ ही बैंक में जमा धन के लिए भतीजे अवन के पुत्र आशीष को उत्तराधिकारी बना दिया। इस बात से नाराज होकर हमारे गांव में नेवासे पर रहने वाले दूर के पट्टीदारों द्वारा हमें बराबर प्रताड़ित किया जा रहा है। बीते वर्ष नवंबर माह में विपक्षीगण मेरे घर की चहारदीवारी लांघकर अंदर आ गए और मुझे मारने की कोशिश किए। यह सारा कृत्य घर के बगल में लगे सीसी कैमरे में कैद है। विपक्षियों द्वारा हमें जान से मारने की धमकी देने तथा मेरे आवास में जबरन आवागमन करने का विरोध करने पर मिल रही धमकी से हम डरे-सहमे हुए हैं। इस बात की सूचना मेरे द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई लेकिन कोई सुनवाई न होने पर विपक्षियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। ऐसी दशा में वह किसी भी समय कुछ भी कर सकते हैं। पीड़ित ने मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड पत्र के माध्यम से अपनी पीड़ा को अवगत कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी सगड़ी को भी अपनी पीड़ा से अवगत कराया है।

आजमगढ़:ज्ञानवापी जैसे मुद्दे जानबूझकर उठा रही है भाजपा - अखिलेश यादव

Posted: 17 May 2022 05:39 AM PDT


वन नेशन वन उद्योगपति की नीति पर काम कर रही भाजपा - सपा सुप्रीमो

आजमगढ़: जिले के दौरे पर आए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व विधायक श्याम बहादुर की मां के निधन के बाद उनके घर पर पहुंचकर श्रद्धांजलि व शोक संवेदना के बाद दीदारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दोपुर पहुंचकर पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा की पत्नी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट किया। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादियों का मजबूत संबंध रहा है। जिले की जनता ने हमें भी चुनकर भेजा है। सपा का यहां से गहरा रिश्ता रहा है। आने वाले समय में यहां की जनता सपा के साथ रहेगी।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ज्ञानवापी मुद्दे पर कहा कि भाजपा जान बूझकर इस तरह के कार्यक्रम करती है। या तो भाजपा करती है या भाजपा के हिडन और अदृश्य मित्र करते हैं। भाजपा बुनियादी सवालों के जवाब नहीं देना चाहती। महंगाई लगातार बढ़ रही है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कि जिस समय हम लोग इस बहस को टीवी पर देख रहे थे पता नहीं कौन सी चीज बिक रही थी।
भाजपा नारा देती है की देश में एक ही राशन हो। कहीं ऐसा तो नही इन घटनाओं को आगे कर वन नेशन वन उद्योगपति की नीति पर काम कर रही हो। भाजपा एक देश एक व्यापारी व एक देश एक उद्योगपति की नीति पर काम कर रही है। भाजपा को याद करना चाहिए कि उन्हीं के प्रधानमंत्री आगरा गए थे कि वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनामी से केवल ताजमहल से हो सकती है। उन्हीं के कार्यकर्ता नफरत करते हैं। महंगाई बेरोजगारी का जवाब नहीं देना है। अखिलेश यादव का कहना है कि भाजपा के लोग हेट कैलेंडर पर बात करते हैँ।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश सरकार से 22 मंत्री हटाए गए इसलिए उनके द्वारा लखनऊ में खाना खाया गया। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपना विपक्ष बनाकर रखती है। भाजपा ने गुपचुप तरीके से कई विपक्ष बनाकर रखी है। ज्ञानवापी को जानबूझकर उठा रहे हैं, पुराने फैंसले सुप्रीम कोर्ट के हैं, जिन्हें देखकर कहा जा सकता है कि इस तरह के सर्वे नहीं होना चाहिए।
बुलडोजर चलाए जाने के सवाल पर कहा कि भारत में सबसे ज्यादा भाजपा के लोगों के अवैध घर बने हैं। नियमों का पालन कोई नहीं कर रहा है तो वह भाजपा है। यूपी में सबसे ज्यादा गलत तरीके से बनाए घर भाजपा के हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि कल मुख्यमंत्री ने जिस अस्पताल का उदघाटन किया, वह रेसिडेसिंयल इलाके में कैसे हो सकता है, उसका नक्शा सपा सरकार ने पास किया। इल्लीगल को लीगल किसने बनाया यह बताए सरकार।

आजमगढ़: पूर्व विधायक सीपू सिंह हत्याकांड में कुंटु सिंह समेत 07 को उम्रकैद

Posted: 17 May 2022 02:04 AM PDT

स्व० सर्वेश सिंह सीपू

सभी पर 50-50 हजार का जुर्माना लगा,02 और फरार आरोपियों की पत्रावली अलग की गई

आजमगढ़ : पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुकदमे में सुनवाई पूरी करते हुए अदालत ने 7 आरोपियों को सजा का ऐलान कर दिया। कुख्यात ध्रुव कुमार उर्फ कुंटू सिंह समेत 7 को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। सभी आरोपितों पर ₹50-50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगा। 10 मई को 9 लोगों को दोष सिद्ध किया गया था। लेकिन इनमें से दो रिजवान व विजय यादव के अभी तक फरार होने के चलते आज उनकी भी पत्रावली अलग कर दी गई। पहले से दो अन्य अभिषेक सिंह भोनू व अरविंद कश्यप भी फरार होने के चलते उनकी पत्रावली अलग थी। विशेष सत्र न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट रामानंद ने मंगलवार को फैसला सुनाया। ध्रुव सिंह उर्फ कुण्टू सिंह कासगंज जेल में, मृत्युंजय सिंह लखनऊ जेल में, दिनेश उर्फ दुलहीन बरेली जेल में वहीं से वीडियो कान्फ्रेंसिंग से मौजूद थे। जबकि विजय उर्फ सचिन यादव, अरविंद कश्यप, विजय यादव, अभिषेक सिंह भोनू फरार हैं। वहीं संग्राम सिंह, शिव प्रकाश उर्फ प्रकाश यादव, राजेंद्र यादव, दुर्गविजय सिंह कोर्ट में रहे। शिव प्रकाश के कट्टे से हत्या होने की बात सामने आने पर उसको अलग से 2 वर्ष तथा तथा ₹10000 का जुर्माना लगा। इन आरोपितों को पूर्व विधायक सर्वेश उर्फ सीपू सिंह की हत्या तथा हत्या का साजिश रचने का दोषी पाया था। अभियोजन कहानी के अनुसार 19 जुलाई 2013 को सुबह जीयनपुर बाजार में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू तथा भारत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद  हुए उपद्रव में तीनों और लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में जीयनपुर पुलिस ने जांच प्रारंभ की थी तथा ध्रुव सिंह समेत ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू समेत 11 आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित किया। इसी दौरान शासन के निर्देश पर सीबीआई ने भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सीबीआई ने पुलिस की जांच को आगे बढ़ाते हुए दो अन्य आरोपियों दुर्ग विजय तथा शिव प्रकाश का नाम जोड़ते हुए कुल 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की। इसमें पिछले वर्ष पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कन्हैया उर्फ गिरधारी के विरुद्ध भी चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की थी। एक अन्य आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसकी पत्रावली अलग कर के किशोर न्यायालय बोर्ड भेज दी गई। मुकदमे के अंतिम चरण में बयान मुलजिम के समय अरविंद कश्यप तथा अभिषेक सिंह भोनू फरार हो गए जबकि मोहम्मद रिजवान और विजय यादव एल बयान के बाद फरार हो गए।अभियोजन पक्ष की तरफ से संतोष सिंहः उर्फ टीपू, यशवंत सिंह उर्फ गप्पू सिंह तथा वंदना सिंह समेत  21 गवाहों को परीक्षित कराया गया। अदालत ने 10 मई को फैसला सुनाते हुए नौ आरोपी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू, मृत्युंजय सिंह ,दिनेश सिंह उर्फ रंपत ,शिव प्रकाश उर्फ प्रकाश, राजेंद्र यादव ,संग्राम सिंह,दुर्गविजय, मोहम्मद रिजवान तथा विजय यादव को हत्या व हत्या की साजिश का दोषी पाया था। अभियोजन पक्ष की तरफ से सीबीआई की विशेष लोक अभियोजक दीप नारायण प्रदेश सरकार के विशेष संयोजक वरिष्ठ अधिकता लाल बहादुर सिंह, स्वामीनाथ यादव ,वंश गोपाल सिंह, रवि राय संतोष सिंह ने पैरवी की थी।

आजमगढ़: मुंबई-गुजरात हाईवे पर सुपारी से भरा कंटेनर लूटने वाला गिरफ्तार

Posted: 16 May 2022 09:16 PM PDT


महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच और वाराणसी एसटीफ का आपरेशन, मामा के घर छिपे लुटेरे को पकड़ा


आजमगढ़ : मुंबई-गुजरात हाईवे पर सुपारी से भरे कंटेनर को लूटने के आरोपित जावेद उर्फ जौवाद को महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच एवं वाराणसी एसटीएफ ने संयुक्त आपेरशन में आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से ही आरोपित के पीछे लगी क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुटेरों के गिरोह का एक सदस्य आजमगढ़ में सिधारी थाना क्षेत्र के मोहल्ला शेखाना छतवारा में अपने मामा के यहां छिपकर रह रहा है। हत्थे चढ़े आराेपित ने पूछताछ में बताया कि पजेरो गाड़ी से सुपारी लदे कंटेनर को कब्जे में लेने के बाद उसके चालक व हेल्पर को हाथ-पैर बांध जंगल में फेंक दिए थे। आराेपित को मुंबई ले जाने के लिए पुलिस टीम विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
लूट की वारदात बीते 17 फरवरी की रात मुंबई के पेल्लार पुलिस स्टेशन अंतर्गत मुंबई-गुजरात हाईवे पर हुई थी। केस दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी तो जावेद उर्फ जौवाद के बारे में जानकारी हुई। पता चला कि आरोपित आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के धरहरा गांव का निवासी है। छानबीन में जानकारी हुई कि ड्राइवर व हेल्पर को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया गया है।
महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच टीम ने लुटेरे का सुराग लगने पर वाराणसी की एसटीएफ से सहयोग मांगी तो इंस्पेक्टर अरविंद सिंह के नेतृत्व में एक टीम व महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच टीम आपरेशन को निकली तो जावेद मोहल्ला शेखाना छतवारा, थाना सिधारी से हत्थे चढ़ गया। उसने पूछताछ में बताया कि आठ साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया था। स्वीकार किया कि सुपारी से भरे कन्टनेर को पजेरो गाड़ी से मार्ग अवरुद्ध रोका गया था। उसके बाद ड्राइवर व हेल्पर के हाथ-पांव बांध पजेरो गाड़ी में डाल करीब 35 किमी. दूर लाकर जंगल में फेंक दिया। उसके बाद कन्टेनर का माल (सुपारी) गोरेगांव में लाकर एक दूसरी गाड़ी में अपलोड कर उसे फिर से उसी स्थान पर ले जाकर खड़ा कर दिए, जहां से लूटे थे। पकड़े जाने के भय से मैं अपने मामा के यहां शरण लिया था, लेकिन पकड़ा गया। उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद हुआ।

Post Bottom Ad

Pages