सुल्तानपुर टाइम्स |
- डीएम की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक की लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई आयोजित
- सीएम योगी ने दिया निर्देश-100 दिन में 2 लाख 41 हजार इज्जतघर बनाए जाएं
- दूल्हे के डांस से भड़की दुल्हन, शादी करने से किया इनकार
- सुल्तानपुर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान
- हर्ष फायरिंग का कंपटीशन, 2 की मौत
| डीएम की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक की लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई आयोजित Posted: 04 May 2022 06:45 AM PDT सभी विभागों के अधिकारी डाटा फीडिंग का कार्य ध्यान पूर्वक व पारदर्शिता के साथ करें-जिलाधिकारी सुलतानपुर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा एवं 50 लाख से अधिक लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित अपने-अपने विभाग की योजनाओं/निर्माण कार्यों के लक्ष्यों को मानक के अनुरूप समय से पूर्ण किये जायें एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं/कार्यों तथा जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को पात्र व्यक्तियों तक प्रत्येक दशा में पहुंचाया जाये। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जल जीवन मिशन, सामाजिक वनीकरण, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, नई सड़कों का निर्माण, राज्यमार्गों का अनुरक्षण, महात्मा गाँधी राष्ट्रीय रोजगार गारण्टी योजना, विद्युत आपूर्ति ग्रामों का ऊर्जीकरण, सौभाग्य योजना, कृषि विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण/शहरी) सहित आदि विभागों की योजनाओं का गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने कौशल विकास मिशन के तहत किये जाने वाले आवेदन के बारे में उपायुक्त उद्योग को निर्देशित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण आवेदन करायें, जिससे बैंक से आसानी से ऋण स्वीकृत हो सके। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण आवेदन के बाद भी बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत न किये जायें, तो आवेदक से बैंक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायें। उन्होंने सामाजिक वनीकरण के तहत सभी ग्राम सभाओं में बनने वाले अमृत सरोवर के पास होने वाले पौध रोपण की कार्ययोजना यथाशीघ्र सभी विभाग प्रस्तुत करें। उन्होंने 50 लाख से अधिक की निर्माणाधीन परियोजनाएं यथा-किसान कल्याण केन्द्र का निर्माण, कृषि विज्ञान केन्द्र का निर्माण, कूरेभार में प्रस्तावित कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय, अग्निशमन केन्द्र जयसिंहपुर, बल्दीराय तहसील, प्राथमिक विद्यालय गोड़वा, महमूदपुर, कृषि विज्ञान केन्द्र सुलतानपुर की प्रगति समीक्षा की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजनाओं के अधिशाषी अभियन्ता व कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण व ससमय कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी अपनी रिपोर्ट जिस प्रारूप में भेजते हैं उसे डाटा फीड करते समय ध्यान पूर्वक चेक कर लें तथा कार्यालय के अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे न रहें। वर्तमान आंकड़े प्रस्तुत करने से पहले पूर्व में प्रस्तुत आंकड़ों से मिलान जरूर कर लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 डी0के0 त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे। |
| सीएम योगी ने दिया निर्देश-100 दिन में 2 लाख 41 हजार इज्जतघर बनाए जाएं Posted: 04 May 2022 05:16 AM PDT लखनऊ उत्तर प्रदेश में दूसरी बार सत्ता संभालने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर गांव-हर गरीब तक योजना का लाभ पहुंचाने की मुहिम को और तेज किया है। हर गांव में सामुदायिक शौचालय और इज्जत-घर के निर्माण का बड़ा लक्ष्य लिया गया है। इसको पूरा करने के लिए 100 दिनों में गांवों में 1 हजार 494 सामुदायिक शौचालय और 2 लाख 41 हजार इज्जत-घर बनाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी ने सभी विभागों के लिए 100 दिन का एजेंडा तय किया है। इसी के तहत पंचायती राज विभाग को गांवों को ओडीएफ करने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वच्छ भारत मिशन से अगले 100 दिनों में उत्तर प्रदेश में गांव-गांव में सामुदायिक शौचालय और इज्जत-घर बनाए जाएंगे।हर गांव और हर गरीब को सामुदायिक शौचालय और महिलाओं को इज्जत-घर की सुविधा दी जा रही है। योगी सरकार का दावा है कि पिछले 5 साल में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त कर दिया है। 2 करोड़ 18 लाख व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हर ग्राम पंचायत में कम से कम एक सामुदायिक शौचालय को बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है। योजना के तहत 58 हजार 189 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाना है। |
| दूल्हे के डांस से भड़की दुल्हन, शादी करने से किया इनकार Posted: 04 May 2022 05:15 AM PDT लखनऊ सोनभद्र जिले में मंगलवार रात आई बारात को दुल्हन ने वापस कर दिया। आर्केस्ट्रा में दूल्हे के डांस करने पर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। समझौते के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही वापस चला गया।म्योरपुर के किरबिल गांव से बारात डडीहरा गांव आई थी। द्वार पूजा के बाद जनवासे में आर्केेस्ट्रा शुरू हो गया। इस दौरान दूल्हा भी स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगा। जैसे ही इसकी खबर दुल्हन तक पहुंची, उसने शादी से इनकार कर दिया। देखते ही देखते वहां मारपीट भी शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। जब दोनों पक्षों से इस बारे में पूछताछ की गई तो लड़की पक्ष के द्वारा बताया गया की दूल्हे के डांस करने से लड़की ने शादी से इनकार कर दिया है। पुलिस और गांव वालों ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन, लड़की पक्ष वाले नहीं माने। |
| सुल्तानपुर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान Posted: 04 May 2022 04:47 AM PDT सुलतानपुर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान। पुलिस महानिदेशक के निर्देशन के क्रम में आज बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन कुमार मिश्र के निर्देशन में साइबर जागरुकता दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त थाना प्र0नि0/थानाध्यक्ष द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर आमजनमानस को साइबर अपराध व उससे बचाव के उपाय व सावधानियों के बारे में विस्तृत रुप से जानकारी दी गयी। आजकल हमारे समाज में साइबर अपराध की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। हमारा और आपका ये दायित्व है कि इन बढ़ते हुए अपराधो को रोकने के लिए कुछ महत्वपूर्ण जानकारी से वाकिफ रहे और अपने समाज में भी इससे जागरूक करे। 1.अपने मेहनत से अर्जित किए हुए धन को किसी भी लॉटरी सिस्टम/या ऐसे ऐप में न लगाए। 2.कभी भी किसी फर्जी वेबसाइट और ऐसे लोगो के विश्वास में न आए। 3.अगर आपके साथ कोई फ्रॉड या समस्या या कोई आपको किसी कारण से ब्लैकमेल करे तो घबराएं नहीं, पुलिस से संपर्क करे। 4.अगर आपके साथ कोई धोखे से धन ले लिया या कोई फ्रॉड हो गया तो जल्दी से जल्दी भारत सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री नम्बर 1930 एवं cybercrime.gov.in पर अपनी समस्या अंकित कराए। 5.अपने मोबाइल को लॉक रखे एवम ऐप को भी लॉक रखें जिससे आपके निजी जानकारी या चित्र या कोई डाटा चोरी न कर पाए। 6.मोबाइल गेम्स के चक्कर में बच्चे आपके खाते से पैसे जाने अंजाने में गायब कर सकते है तो इससे सतर्क रहे। 7. आधार कार्ड, पैन कार्ड या कोई भी निजी जानकारी व्हाट्स एप पर सांझा मत करे। |
| हर्ष फायरिंग का कंपटीशन, 2 की मौत Posted: 03 May 2022 11:37 PM PDT लखनऊ चित्रकूट जिले में हर्ष फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात आई बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान 4 लोगों को गोली लग गई जिसमें मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। मंगलवार रात रैपुरा थाना क्षेत्र के इटावा महुलिया गांव से राजापुर थाना क्षेत्र के छैबो गांव निवासी धइया यादव के घर बारात आई थी। धइया यादव के चौथे नंबर की बेटी बुधिया की शादी महुलिया निवासी शंकर यादव के साथ हो रही थी। देर रात जयमाला कार्यक्रम के समय बारात पक्ष के 2 व्यक्ति हर्ष फायरिंग करने लगे। देखते ही देखते दोनों में हर्ष फायरिंग का कंपटीशन होने लगा। दोनों ने एक-दूसरे पर भारी पड़ने के लिए इतनी फायरिंग की कि गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव सहम गया।जयमाला के समय मौजूद ग्रामीणों ने वहां का आंखों देखा हाल बताया। ग्रामीणों ने कहा देर रात जयमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ था। खुशी का माहौल होने के चलते लोग नाच-गा रहे थे। जयमाला कार्यक्रम में बारात पक्ष से राम लखन और रामकरण भी आए हुए थे। दोनों वहां बैठे हुए थे। इसी बीच 2 बारातियों ने हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी।लगभग 15 मिनट तक धुंआधार हर्ष फायरिंग होती रही। दोनों एक-दूसरे से कंपटीशन करने लगे। गोलियों की तड़तड़ाहट सुन गांव के अन्य लोग भी वहां आ गए। ग्रामीणों ने कहा, एकाएक पता नहीं क्या हुआ कि राम लखन, रामकरण और दो अन्य को गोली लग गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। घटना के बाद जयमाला में मौजूद लोग वहां से फरार हो गए। इसी बीच हर्ष फायरिंग करने वाले भी वहां से भाग निकले।ग्रामीणों ने कहा आनन-फानन में इसकी जानकारी राजापुर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दुल्हन के पिता ने बताया पूरी बारात यहां से गायब हो गई है। बरात का जनवासा गांव के कंपोजिट विद्यालय में था जहां बारातियों के जूते छूट गए हैं।थाना प्रभारी ने बताया हर्ष फायरिंग की घटना छैबो गांव की है। बंदूक में कारतूस लोड करते समय यह हादसा हुआ है जिसमें 2 की मौत हो गई जबकि 2 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना राजापुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। |
| You are subscribed to email updates from सुल्तानपुर टाइम्स - हिंदी समाचार, Hindi News, आज की ताजा खबर, Breaking News. To stop receiving these emails, you may unsubscribe now. | Email delivery powered by Google |
| Google, 1600 Amphitheatre Parkway, Mountain View, CA 94043, United States | |






