प्राइमरी का मास्टर ● इन - 🌐

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Saturday, May 28, 2022

प्राइमरी का मास्टर ● इन

प्राइमरी का मास्टर ● इन


CUET UG : 31 मई तक आवेदन पत्र भरने का अवसर, आवेदन पत्र भरने की विंडो दोबारा खुली

Posted: 27 May 2022 06:59 PM PDT

CUET UG : 31 मई तक आवेदन पत्र भरने का अवसर, आवेदन पत्र भरने की विंडो दोबारा खुली 

रात नौ बजे तक एनटीए वेबसाइट पर होंगे आवेदन

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने लिया फैसला


नई दिल्ली। विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी यूजी)- 2022 की ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की विंडो दोबारा खोल दी गई है। छात्रों की मांग पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने ऑनलाइन आवेदन पत्र विंडो दोबारा खोलने का फैसला लिया है। अब छात्र 31 मई रात नौ बजे तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। जिन छात्रों ने अभी तक ऑनलाइन आवेदन पत्र नहीं भरा है, उनके पास भी विकल्प है।


विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार ने बताया कि छात्रों की मांग पर यह फैसला लिया गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय, डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के अलावा कई स्टेट यूनिवर्सिटी ने भी स्नातक प्रोग्राम में इसी सीयूईटी यूजी 2022 की मेरिट स्कोर से दाखिला सीट देने का फैसला लिया है। अभी तक 11 लाख से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन पत्र भरे हैं। छात्र सीयूईटी यूजी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011 40759000 पर फोन कर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा cuet-ug@nta.ac.in पर ईमेल करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

2005 से पहले चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन पर विचार करेगी सरकार

Posted: 27 May 2022 06:47 PM PDT

2005 से पहले चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन पर विचार करेगी सरकार

निर्दल समूह के सवाल पर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सदन में दिया आश्वासन


लखनऊ। प्रदेश सरकार 31 मार्च 2005 से पहले चयनित माध्यमिक शिक्षकों को पुरानी पेंशन देने के मामले पर विचार करेगी । विधान परिषद में प्रश्न प्रहर में निर्दल समूह के राज बहादुर सिंह चंदेल के सवाल के जवाब में यह आश्वासन माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने दिया।


चंदेल ने कहा कि 31 मार्च 2005 से पूर्व नियुक्त किए गए माध्यमिक शिक्षकों को प्रबंधतंत्र की शिथिलता, प्रशासनिक कमी और जटिल समायोजन प्रक्रिया के कारण 31 मार्च 2005 के बाद कार्यभार ग्रहण कराया गया। इन्हें केंद्र सरकार के समान ही पुरानी पेंशन योजना में शामिल किया जाए। जवाब में गुलाब देवी ने कहा कि 31 मार्च 2005 के बाद कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की अधिसूचना के तहत पुरानी पेंशन का विकल्प नहीं दिया गया है। विधान परिषद सदस्यों ने कहा कि जब लापरवाही प्रबंधन की है, तो इसका दंड शिक्षक क्यों भुगतें। इस पर गुलाब देवी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण प्रश्न है। हम इस पर विचार करके उचित निर्णय लेंगे।


शिक्षामित्रों को स्थायी करने की मांग पर सपा का विधान परिषद से बहिर्गमन

Posted: 27 May 2022 06:41 PM PDT

शिक्षामित्रों को स्थायी करने की मांग पर सपा का विधान परिषद से बहिर्गमन



लखनऊ। विधान परिषद में शुक्रवार को शिक्षामित्रों की समस्याओं पर सपा सदस्य कार्यस्थगन प्रस्ताव लाए। उन्होंने सरकार पर शिक्षामित्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। नेता सदन स्वतंत्रदेव सिंह के जवाब से असंतुष्ट सपा के सदस्यों ने वॉकआउट किया। इसके अलावा उन्होंने कार्यस्थगन प्रस्तावों का उनका कोटा दो से एक किए जाने पर भी नाराजगी जताई और सदन से बाहर चले गए।


सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले शिक्षामित्रों को स्थायी करने का वादा किया था लेकिन अब उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये मानदेय और 11 माह का वेतन देकर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। 


आशुतोष सिन्हा ने कहा कि शिक्षामित्रों को टीईटी से छूट देकर उन्हें स्थायी शिक्षक बनाया जाना चाहिए, जैसा कि सपा सरकार में किया गया था। 


नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि इस बारे में सरकार संसद से प्रस्ताव पास कराए ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से इतर जाकर शिक्षामित्रों के हित में निर्णय हो सके।


 नेता सदन ने कहा कि सरकार शिक्षामित्रों की समस्याओं का जरूर समाधान करेगी।

बहराइच : रिक्त ARP पदों पर चयन हेतु विज्ञप्ति जारी

Posted: 27 May 2022 06:34 PM PDT

बहराइच : रिक्त ARP पदों पर चयन हेतु विज्ञप्ति जारी


पदों के सत्यापन को अब 30 तक खुलेगा पोर्टल

Posted: 27 May 2022 06:31 PM PDT

पदों के सत्यापन को अब 30 तक खुलेगा पोर्टल
 

प्रयागराज :  प्रदेश के 4500 से अधिक सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी), प्रवक्ता (पीजीटी) और प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों का सत्यापन निर्धारित समयसीमा 25 मई तक पूरा नहीं हो सका।


उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के सचिव नवल किशोर ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि टास्क फोर्स के माध्यम से ऑनलाइन अधियाचित पदों का सत्यापन कराते हुए हर हाल में 30 मई तक सत्यापन करा दिया जाए। उसके बाद पोर्टल नहीं खुलेगा।


 19 मई को शासन स्तर पर हुई बैठक में रिक्त पदों का दोबारा सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए 23 से 25 मई तक अधियाचन पोर्टल खोला गया, लेकिन समयसीमा में सत्यापन न होने पर कुछ डीआईओएस ने और समय देने का अनुरोध किया था। स्कूलों में छात्रसंख्या, विषयवार स्वीकृत पदों और आरक्षण श्रेणी के मद्देनजर दोबारा रिक्त पदों की स्थिति देखी जानी है, ताकि चयन के बाद अभ्यर्थियों को भटकना न पड़े। 


जिलों से सहायक अध्यापक के 4500, प्रवक्ता के 850 और प्रधानाचार्यों के 1918 रिक्त पदों की सूचना मिली थी। इन पदों के सत्यापन के लिए 16 से 25 अप्रैल तक पहली बार अधियाचन पोर्टल खोला गया था।


अधियाचित पदों के सत्यापन को चयन बोर्ड ने बढ़ाई तिथि

बोर्ड ने आधी रात तक कार्य कर पूरा किया भर्तियों का बैकलाग

कल खत्म हो जाएगा बोर्ड के सभी पांच सदस्यों का कार्यकाल


प्रयागराज : एडेड माध्यमिक विद्यालयों में स्वीकृत एवं रिक्त पदों को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को भेजे आनलाइन अधियाचन का सत्यापन किया जाना है। इसके लिए चयन बोर्ड ने 23 से 25 मई के लिए अधियाचन पोर्टल खोला, लेकिन सत्यापन न होने पर तिथि बढ़ाकर 30 मई कर दी जाएगा। शासन के निर्देश के अनुसार आनलाइन अधियाचन का सत्यापन इस अवधि में करने के निर्देश चयन बोर्ड सचिव नवल किशोर ने प्रदेश भर के सभी डीआइओएस को दिए हैं।


चयन बोर्ड सचिव के मुताबिक पांच अप्रैल 2022 तक 2022- 2023 के लिए आनलाइन प्राप्त अधियाचन के सत्यापन के लिए 16 से 25 अप्रैल 2022 तक अधियाचन पोर्टल खोला गया था। चयन बोर्ड अध्यक्ष वीरेश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में विषयवार स्वीकृत पढ़ें, आरक्षण श्रेणी तथा छात्र संख्या के दृष्टिगत औचित्य का परीक्षण के बाद सत्यापन करने का निर्देश दिया था ताकि वेतन भुगतान या नियुक्ति को लेकर कोई विवाद न हो। अब शासन ने जनपद स्तर पर गठित टास्क फोर्स के माध्यम से छात्र संख्या के आधार पर सत्यापन कार्य किए जाने का निर्देश दिया है। इसके लिए टास्क फोर्स के माध्यम से तीन दिन में सत्यापन के लिए अधियाचन पोर्टल खोला गया। इस अवधि में सत्यापन नहीं किए जाने पर सत्यापन की तिथि बढ़ाकर 30 मई कर दी गई है। इस अवधि में सत्यापन कार्य पूरा किया जाना है।

संस्कृत विश्वविद्यालय में भी शुरू होंगे प्रोफेशनल कोर्स

Posted: 27 May 2022 06:03 PM PDT

संस्कृत विश्वविद्यालय में भी शुरू होंगे प्रोफेशनल कोर्स


राजधानी में वेद, पुराण, उपनिषद के साथ पारंपरिक कोर्स पढ़ाने वाले संस्कृत विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के तहत कई प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने जा रहे हैं। इसको लेकर प्रारूप तैयार किया जा रहा है।


नई दिल्ली : राजधानी स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और श्रीलाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में पैरामेडिकल, वास्तु के अलावा आयुर्वेद मेडिसिन और सिविल सर्विस से संबंधित चैप्टर की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। श्री लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुरली मनोहर पाठक ने बताया कि हमारे यहां कई प्रोफेशनल कोर्स शुरू होने वाले हैं। इसको लेकर अभी प्रारूप तैयार किया जा रहा है।


संस्कृत के अलावा, योग, संगीत, आयुष आदि के तहत पढ़ाई का प्रावधान करने की तैयारी है। प्रोफेशनल कोर्स में ज्योतिष और वास्तु का कर रहे हैं। इसके अलावा जुलाई से योग और नेचुरोपैथी में पीजी डिप्लोमा शुरू करने की योजना है। इसकी सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इसमें इस विषय की सैद्धांतिक पढ़ाई हम कराएंगे और प्रयोगात्मक पढ़ाई के लिए विद्यार्थी राजधानी स्थित प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में जाएंगे।


विदेशी विश्वविद्यालयों से अनुबंध करेंगे : प्रो. पाठक ने कहा कि भविष्य में विदेशी विश्वविद्याल के साथ हम अनुबंध करेंगे तो इसमें अन्य प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने की संभावना बढ़ जाएगी। सिविल सर्विस के कंटेट भी किसी न किसी माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। हमारे यहां योग में बीए और एमए शुरू किया गया है।


अगले वर्ष से प्राकृत भाषा में एमए खोलने की तैयारी : प्रो. पाठक ने बताया कि नई शिक्षा नीति में प्राकृत भाषा को काफी महत्व दिया गया है और हमारी कोशिश है कि अगले वर्ष से विश्वविद्यालय प्राकृत भाषा में एमए कोर्स शुरू करें।


आयुर्वेद संकाय के लिए मांगी 200 एकड़ जमीन : प्रो. पाठक ने बताया कि आयुर्वेद संकाय खोलने के लिए हमने दिल्ली एनसीआर में 200 एकड़ जमीन की मांग सरकार से की है। यहां पर बीएएमएस और आयुर्वेदाचार्य की कंबाइंड डिग्री देंगे। इसके लिए शिक्षा मंत्रालय से मांग की है।

Post Bottom Ad

Pages